Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
दंतेवाड़ा की समूह की महिलाओं से खरीदे गए 15 हजार दीये

पब्लिकयूवाच 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बनाए जा रहे गोबर के दीयों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। दन्तेवाड़ा के राष्ट्रीय आजीविका मिशन की महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा पहली बार 35 हजार आकर्षक दीये तैयार किये हैं। अब ये दीये देश के बड़े शहरों जैसे नागपुर, मुंबई और पुणें में अपना प्रकाश बिखेरेंगे। इन समूूहों द्वारा तैयार लगभग 60 हजार रूपये के 15 हजार दीये नागपुर शहर के ‘‘अवसर फाउंडेशन’’ द्वारा क्रय किया गया है। ये दीये आकर्षक होने के साथ ही पर्यावरण के अनुकूल हैं। उपयोग के बाद इन्हें खाद के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। गोबर निर्मित सामानों की मांग बढ़ने सेे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के साधन के साथ मजबूत आधार मिल रहा है।
राज्य सरकार द्वारा गोधन के समुचित उपयोग को बढ़ावा देने से रोजगार के नये रास्ते खुले हैं। महिलाओं को उनके घरों पर ही आर्थिक आय बढ़ाने के साधन उपलब्ध हो रहे हैं। पूजा-पाठ के लिए गोबर का उपयोग पवित्र और शुद्ध माना गया है इसे देखते हुए महिलाओं ने दीयों के अलावा मूर्तियां, शुभ-लाभ, हवन कुण्ड जैसे कई सामान तैयार किये हैं। तैयार सामानों के विक्रय के लिए भी प्रशासन महिलाओं को सहयोग कर रहा हैं जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ रहा है। महिलाओं द्वारा तैयार गोबर के दीयों और अन्य सामान को दीपावली के अवसर पर अन्य क्षेत्रों में भी विक्रय हेतु कलेक्टर दीपक सोनी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्विनी देवांगन ने वाहन रवाना किया है।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। चैंबर चुनाव के लिए व्यापारी एकता पैनल ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. एकता पैनल के पंच समिति ने योगेश अग्रवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है. यह जानकारी पैनल के प्रवक्ता ललित जैसिंघ ने दी है।
गौरतलब है कि योगेश बीते कई सालों से व्यापारी एकता पैनल के समर्पित सदस्य है. साथ ही कारोबारियों के बीच इनकी पैठ भी अन्य दावेदारों से ज़्यादा मज़बूत देखी गई है. इसके अलावा योगेश ने चैम्बर में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी ज़िम्मेदारियां भी निभाई है. पिछले डेढ़ दशक से भी ज़्यादा योगेश राईस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे है।
बता दें कि दिसंबर से पहले चैंबर ऑफ कामर्स का चुनाव होना है. चैंबर में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्य़क्ष समेत महामंत्रियों का चुनाव होना है. जिसके लिए तैयारियां तेज हो गई।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दुर्ग जिले की पाटन तहसील के ग्राम सेलूद पहंुचकर वहां ग्रामीणों से मुलाकात की और उनके आग्रह पर क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कार्यो की मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने पाटन में चार इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रारंभ करने, ग्राम पंचायतों में लगभग 9 करोड़ 88 लाख रूपए लागत के विकास कार्यो, सेलूद में 8 करोड़ रूपए की लागत से मिनी स्टेडियम के निर्माण, सेलूद में इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रारंभ करने और पाटन क्षेत्र के गौठानों में 5 करोड़ रूपए की लागत से शेड निर्माण की घोषणा की ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज प्रदेश के तीन शहरों में पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का डिजिटल शुभारंभ किया। इनमें रायगढ़ के दो, जगदलपुर के दो तथा भाटापारा का एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है। उन्होंने सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बलौदाबाजार शहर में छह नए स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों का भी शुभारंभ किया। स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों भनपुरी, राजातालाब और भाठागांव के ‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन के बाद आज वहां नई सुविधाओं की शुरूआत भी की। उन्होंने रायपुर के काशीराम नगर और मठपुरैना तथा राजनांदगांव के लखोली में तीन नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया। इनके निर्माण के लिए शासन द्वारा 75-75 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं।
सिंहदेव ने लोकार्पण कार्यक्रम में जगदलपुर, रायगढ़, बलौदाबाजार, राजनांदगांव तथा रायपुर के भनपुरी व भाठागांव से वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज शुरू हो रहे इन नए स्वास्थ्य केंद्रों से स्थानीय स्तर पर करीब सात लाख की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इन स्वास्थ्य केंद्रों की कमियों एवं खामियों से विभाग को अवगत कराते रहें जिससे उनमें सुधार कर लोगों को बेहतर सेवाएं मुहैया कराई जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारियों से वहां कार्यरत मेडिकल स्टॉफ और दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने अपने संबोधन के दौरान सर्दी के मौसम और लगातार त्योहारों को देखते हुए लोगों से कोविड अनुकूल व्यवहारों को अपनाने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके लिए नागरिकों को प्रेरित करने कहा। संसदीय सचिव रेखचंद जैन, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप, सांसद दीपक बैज, विधायक सत्यनारायण शर्मा, जगदलपुर की महापौर सकीरा साहू तथा संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस से लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव के साथ डिजिटल उद्घाटन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणु जी. पिल्लै, आयुक्त डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला और संचालक, चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर.के. सिंह सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन के बाद नई सुविधाएं
रायपुर के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों भाठागांव, राजातालाब और भनपुरी के ‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन के बाद आज से नई सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। इन केंद्रों में सवेरे आठ बजे से रात आठ बजे तक ओपीडी संचालित होंगी। यहां 42 तरह की जांच की सुविधा एवं 154 प्रकार की दवाईयों के साथ एक्स-रे और दंत चिकित्सा सेवा भी प्रदान की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि लोगों को ज्यादा और बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने गुढ़ियारी स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का ‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन इसी वर्ष मार्च में किया गया है।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। टाटीबंध चौक में लगातार हो रहे सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है. इस बार हादसे में ट्रक ने अपनी चपेट में एक पुलिस कर्मी को लिया है ।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पुलिस कर्मी रामचंद्र साहू की इस हादसे में मौत हो गई. हादसे के बाद घायल को एम्स ले जाया गया. जहां वहां उसकी मौत की पुष्टि डॉक्टरों ने की ।
वहीं घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया है. अब पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है ।
आमानाका थाना प्रभारी भरत बरेठ के मुताबिक बाइक में सवार कॉन्स्टेबल रामचंद साहू दुर्ग की तरफ से आ रहे थे. ट्रक भी उसी तरफ से आ रहा था. इसी दौरान ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. जिससे रामचंद साहू को गंभीर चोटें आई थी और तत्काल उन्हें एम्स ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई. मृतक रामचंद साहू के जेब से आई कार्ड मिला है जिसके मुताबिक वो दुर्ग जिले में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । धान खरीदी में हो रही देरी पर बीजेपी के उठाए जा रहे सवालों को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तल्ख अंदाज में कहा है कि इस पर ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए. पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि रमन सिंह किसानी के बारे में मुझसे ज्यादा नहीं जानते. बघेल ने कहा कि मैं मानता हूं कि खरीदी पहले शुरू हो जानी चाहिए थी. बारदाना की कमी से खरीदी प्रभावित हुई है. कोरोना भी एक बड़ी रूकावट बन गया, इसमें किसी का बस नहीं है ।
भूपेश बघेल ने कहा कि भारत सरकार से हमने साढ़े तीन लाख बारदाने की मांग की थी, लेकिन हमे एक लाख 43 हजार बारदाना दिए जाने का आश्वासन दिया गया. हमे 48 हजार बारदाने मिल गए हैं. एक साथ बारदाने आ जाएंगे, तो खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. पंजाब जैसे राज्य में बारदाना ही नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार भी क्या करेगी, जब जूट मिल ही बंद हैं. सप्लाई कहां से होगी ।
आत्महत्या की दूसरी वजह भी हो सकती है
किसान आत्महत्या के मामले में विपक्ष के निशाने पर आने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आत्महत्या की दूसरी वजह भी हो सकती हैं, जिसकी जांच की जा रही है. इस साल बारिश अच्छी हुई है, ऋण माफी से किसान कर्ज से भी ऊबर गया है. हर आत्महत्या को किसान की आत्महत्या बता देना उचित नहीं है ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । जल जीवन मिशन के टेंडर में कथित गड़बड़ी की शिकायत के बाद भूपेश सरकार अब नए सिरे से टेंडर जारी करेगी, लेकिन इस बार टेंडर सेंट्रलाइज्ड नहीं होकर डिस्ट्रिक्ट लेवल पर किए जाएंगे. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि जल्द ही इसे लेकर हम केंद्र सरकार को पत्र लिखने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई राज्यों में टेंडर इसी तरह जारी किए गए हैं. पूर्व में जारी टेंडर में भारी गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने कहा कि जब किसी को एक पैसा भी नहीं गया, तो गड़बड़ी कैसे हो गई? टेंडर में ऐसी गड़बड़ी रमन सिंह के वक्त होती थी, जब कवर्धा में एक टेंडर निरस्त होने के बाद गड़बड़ी करने वालों को ही टेंडर दे दिया गया था. गड़बड़ी इसे कहते हैं ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि टेंडर हमने इसलिए निरस्त किया था क्योंकि बलरामपुर के ठेकेदार को सुकमा, तो दंतेवाड़ा के ठेकेदार को सूरजपुर में काम दे दिया गया, जबकि छोटे-छोटे काम स्थानीय स्तर पर दिए जाने चाहिए. कई मंत्रियों,विधायकों और ठेकेदारों ने इसे लेकर शिकायत की थी. सेंट्रलाइज्ड टेंडर की बजाए जब डिस्ट्रिक्ट लेवल पर टेंडर निकाले जाएंगे, तो इसका फायदा ज्यादा होगा. पाइपलाइन का ट्रांसपोर्टेशन, स्कील्ड लेबर दूरदराज के इलाकों में लेकर जाने से भार ज्यादा पड़ेगा ।
बता दें कि करीब सात हजार करोड़ रूपए के विवादास्पद ठेके को भूपेश कैबिनेट में रद्द कर दिया गया था. चूंकि शिकायत भारी गड़बड़ी की थी, लिहाजा मुख्य सचिव की अध्य़क्षता में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया था. इस बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव वाली कमेटी के साथ एक बैठक की थी, जिसमें केंद्र की गाइडलाइन से लेकर टेंडर की तकनीकी मसलों पर विस्तार से चर्चा की गई. इस बैठक में ही यह निष्कर्ष निकला कि टेंडर सेंट्रलाइज्ड की बजाए डिस्ट्रिक्ट लेवल पर जारी किया जाए. आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि केंद्र की मूल योजना के मुताबिक हर जिले में ग्रामीणों की मांग के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन को मंजूरी दी जानी है. इसके लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में टेंडर कमेटियां बनाई जाएंगी ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम अपने निवास कार्यालय में भारत के शास्त्रीय नृत्य परंपरा के नैतिक मूल्यों पर आधारित ‘‘नृत्य शास्त्र पौराणिक उत्पत्ति‘‘ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। यह कॉफी टेबल बुक संचालनालय संस्कृति एवं पुरातत्व रायपुर द्वारा प्रकाशित की गई है। कॉफी टेबल बुक की लेखिका अंतर्राष्ट्रीय नृत्यांगना पुर्णश्री राउत, सहायक संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व रायपुर है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि शास्त्रीय नृत्य हमारी संस्कृति और गौरवशाली परंपरा के अंग रहे हैं। छठवीं-सातवीं शताब्दी में शिव तथा विष्णु मंदिरों में इन नृत्यों का प्रचलन था। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की प्राचीन वास्तुकला एवं समृद्ध संस्कृति तथा राज्य के प्राचीन मंदिरों की दीवारों पर नृत्य की प्रतिमाओं के पीछे दार्शनिक संकल्पना को संगीत एवं नृत्य प्रेमियों, पर्यटकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रकाशित इस कॉफी टेबल बुक को उपयोगी बताया और इसके लिए उन्होंने लेखिका पुर्णश्री राउत और संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग को बधाई और शुभकामनाएं दी।
लेखिका पुर्णश्री राउत ने कहा कि सभी शास्त्रीय नृत्यों की उत्पत्ति पौराणिक कथा से है। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला स्थित भोरमदेव मंदिर और जांजगीर स्थित विष्णु मंदिर की दीवारों में उकेरी गई नृत्य प्रतिमाएं भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा की संवाहक है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य को प्राचीन काल में देवदासी नृत्य के नाम से जाना जाता है, क्योंकि यह नृत्य मंदिरों के गर्भ गृह में किया जाता था। उन्होंने कहा कि नृत्य शास्त्र पौराणिक उत्पत्ति कॉफी टेबल बुक अंग्रेजी में प्रकाशित की गई है, ताकि भारत आने वाले विदेशी पर्यटक इस कॉफी टेबल बुक ने प्रकाशित सामग्री का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ के मंदिरों के अवलोकन भ्रमण के लिए आए, ताकि छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। इस कॉफी टेबल बुक में छत्तीसगढ़ के भोरमदेव मंदिर और विष्णु मंदिर की तस्वीरों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में मौजूद कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, संसदीय सचिव शिशुपाल सौरी एवं चन्द्रदेव राय ने भी नृत्य शास्त्र का प्रकाशित कॉफी टेबल बुक की सराहना की और इसे संगीत एवं नृत्य शास्त्र के शोधार्थियों के लिए उपयोगी बताया। इस अवसर पर मुख्य सूचना आयुक्त श्री एम. के. राउत, प्रमुख सचिव वन श्री मनोज पिंगुआ, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के सचिव श्री अन्बलगन पी., मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आयुक्त जनसम्पर्क श्री तारन प्रकाश सिन्हा, संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व श्री अमृत विकास तोपनो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय से नवा रायपुर स्थित नंदनवन जंगलसफारी एवं जू में वन्य प्राणियों के लिए नवनिर्मित 7 बाड़ों का ई-लोकार्पण किया। नंदनवन जंगल सफारी के नवनिर्मित सात बाड़ों में लोमड़ी, सियार, चौसिंगा, काला हिरण, कोटरी, नीलगाय तथा लकड़बग्गा का बाड़ा शामिल है। इसे मिलाकर वर्तमान में वहां जंगल सफारी में कुल बाड़ों की संख्या 18 हो गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, कृषि एवं जल संसाधन मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, संसदीय सचिव श्री शिशुपाल सोरी, संसदीय सचिव श्री चन्द्रदेव राय उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने नवीन बाड़ों का लोकार्पण करते हुए नंदनवन जंगल सफारी जू नवा रायपुर को पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और प्रकृति के सम्मान के साथ विकास हमारी प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ राज्य की विलक्षण जैव-विविधता हमारी पहचान है। इस पहचान को आगे बढ़ाने के लिए वन्य प्राणियों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि जंगल सफारी में वन्य प्राणियों को उनकी पसंद के अनुरूप वातावरण में रखने के लिए 37 बाड़ों के निर्माण का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि जंगल सफारी नवा रायपुर में वन्य प्राणियों के लिए लगातार बाड़ों का निर्माण किया जा रहा है। वन विभाग द्वारा जंगल सफारी में निर्मित विभिन्न बाड़ों से जैव विविधता के संरक्षण तथा संवर्धन में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वन मंत्री श्री अकबर ने कहा कि जंगल सफारी और जू का निर्माण वन्य प्राणियों के व्यवस्थित प्रबंधन तथा प्राकृतिक परिवेश को बनाए रखने के लिए किया गया है। इसी कड़ी में नंदनवन जंगल सफारी एवं जू नवा रायपुर के निर्माण में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इससे विलुप्त प्राय वन्य प्राणी की प्रजातियों के संवर्धन तथा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आम आदमी तथा सैलानियों को विभिन्न वन्य प्राणियों को नजदीक से देखने का बेहतर मौका उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा गत वर्ष 2019 में 5 अक्टूबर को जंगल सफारी नवा रायपुर में 11 बाड़ों का लोकार्पण किया गया था। इनमें रायल टायगर, लायन, लेपड़, सफेद बाघ, कछुआ, दरियाई घोड़ा, घड़ियाल, ऊद बिलाव, बंगाल मॉनीटर लिजॉर्ड-गोह, क्रोको डायल तथा वन भैंसा आदि बाड़ा शामिल है। नंदनवन जंगल सफारी एवं जू, नवा रायपुर में उपलब्ध नैसर्गिक वन के साथ-साथ लगभग 200 हेक्टेयर क्षेत्र में 1978-80 के मध्य रोपित किए गए विभिन्न प्रजातियों के वृक्षारोपण आज प्राकृतिक वन के रूप में विकसित हो चुके हैं। जंगल सफारी के इस अलौकिक क्षेत्र में एक सर्वेक्षण के मुताबिक लगभग 70 प्रजातियों के पेड़-पौधे, 12 विभिन्न प्रजातियों के वन्य प्राणी, 18 सर्व वर्ग के प्राणियों के साथ-साथ लगभग 76 विभिन्न प्रजातियों के प्रवासी पक्षी जैव विविधता में अपना विशिष्ठ स्थान रखते हैं, जो वन्य प्राणियों के लिए आदर्श रहवास स्थल के रूप में उपयोग में आ रहा है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन श्री मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री राकेश चतुर्वेदी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) श्री पी.व्ही. नरसिंगा राव, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरूण पाण्डेय तथा मुख्य वन संरक्षक श्री जे.आर. नायक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। नगर निगम रायपुर की सामान्य सभा की बैठक में आज 30 में से 29 प्रस्ताव पारित किये गए. वहीं 11 प्रस्ताव बगैर विपक्ष के मंजूर हो गए. सभा में नेता प्रतिपक्ष नहीं होने पर महापौर एजाज ढेबर ने भाजपा पर तल्ख टिप्पणी कर दी. महापौर ढेबर ने कहा कि विपक्ष बगैर दूल्हे का बाराती है. दूल्हा ही गायब है और बराती पहुंच गए हैं. सब खाना पानी सजा हुआ है. महापौर के इस बयान पर विपक्ष भड़क गए. विपक्ष ने इस टिप्पणी को अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि सदन की गरिमा के अनुरूप सत्ता पक्ष का व्यवहार नहीं है. जन प्रतिनिधियों को बराती कहना अशोभनीय है. ये जन प्रतिनिधियों का अपमान है ।
मंत्रियों के प्रस्ताव के आधार पर किया गया नामकरण
महापौर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पहले तो ये बग़ैर दूल्हा के बराती है. सब व्यवस्था सजा हुआ है. खाना पानी है, फिर भी इनके द्वारा बाहर जाकर अनुशासनहीनता बरती गई. बिलकुल ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि कोई बाहर जा रहा है. कोई ज़मीन पर बैठ रहा है तो कोई अंदर बैठने को कह रहा है. मतलब विपक्ष में एक राय नहीं है ।
वहीं प्रस्ताव को पास करने को लेकर कहा कि पूर्व में गिरे प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर पास किया जा सकता है. प्रस्ताव पेश करने के लिए नगर निगम कमिश्नर प्रस्तावित कर उसे सदन में लाया जाता है. साथ ही अधिकार क्षेत्र के बाहर नामकरण करने को लेकर कहा कि मंत्रियों के पत्र के आधार पर यह प्रस्ताव सदन में लाया गया और वह पास भी हो गया ।
बीजेपी पार्षद सूर्यकांत राठौर ने महापौर के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को बराती कहना उनके गरिमा को ठेस पहुंचाना है और ये जनता का अपमान है. ऐसा कोई क़ानून नहीं है कि बग़ैर नेता प्रतिपक्ष के विपक्ष सामान्य सभा में शामिल न हो सके ।
महात्मा गांधी के नाम पर निगम कार्यालय- सभापति प्रमोद दुबे
सभापति प्रमोद दुबे ने बताया कि आज नगर निगम कार्यालय का नाम बदला गया है. अब निगम कार्यालय महात्मा गांधी भवन के नाम से जाना जाएगा. सभा में ये प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया. निगम कार्यालय के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा लगाई जाएगी ।
सोशल डिस्टेंसिंग का किया गया पालन
नगर निगम रायपुर की सामान्य सभा की बैठक में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया. कोरोना वायरस के मद्देनजर सभा हाल की बैठक व्यवस्था में बदलाव किया गया. हर पार्षद के बीच ग्लास शीट लगाई गई. विधानसभा की तर्ज पर व्यवस्था की गई. सामान्य सभा हॉल में जाने से पहले स्क्रीनिंग की गई. बता दें कि नगर निगम चुनाव के बाद पहली सामान्य सभा आज आयोजित की गई. वहीं बीजेपी अभी नेता प्रतिपक्ष तक तय नहीं कर पाई है ।
भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
सामान्य सभा के प्रश्नकाल में बीजेपी पार्षद मीनल चौबे ने अमृत मिशन योजना और पाइपलाइन बिछाने की प्राथमिकता पर सवाल उठाए. भाजपा पार्षद ने पूछा कि निगम क्षेत्र में कोरोना महामारी को लेकर अब तक कितनी राशि खर्च की गई. इस सवाल के जवाब में एमआईसी सदस्य शमीम अख्तर ने बताया कि छह करोड़ 49 लाख 40 हजार रुपए खर्च किए गए हैं. इसके साथ ही ग्लब्स, मास्क और सेनेटाइजर बांटे गए. रासायनिक घोल का छिड़काव किया गया ।
एमआईसी सदस्य के इस जवाब से मीनल चौबे संतुष्ट नहीं हुई. उन्होंने तमाम विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए.पार्षद के आरोप के बाद सत्ता पक्ष के नेता भड़क गए. विपक्ष के पार्षद पर अनर्गल आरोप लगाने की बात कही. बता दें कि सामान्य सभा की बैठक में वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक कुलदीप जुनेजा व विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद रहे ।