Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
पैडलर्स पर शिकंजे से ड्रग्स एडिक्ट युवक-युवतियां बेचैन

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी में अपराध व अपराधी बेखौफ हो गए है। जिसके चलते पुलिस भी ऐसे आरोपियों से परेशान हो गए है। रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस लगातार नकेल कसने के लिए उनके ठिकानों पर दबिश देकर ड्रग पैडलरों की नाकेबंदी कर दी है। ड्रग्स पैडलरों की गिरफ़्तारी की वजह से बड़े घरानों में ड्रग के शौकीनों की हालत पस्त हो गई है। ड्रग एडिक्टेड युवक-युवतियों के लिए भोजन नहीं मिलेगा तो चलेगा, लेकिन ड्रग नहीं मिलने से उनकी बेचैनी बढ़ जाती है। पुलिस की कार्रवाई से ड्रग पैड़लरों में हडक़ंप मचा हुआ है। वहीं राजधानी से लगे बिरगांव में भी शहरों जैसे शौकिए पैदा हो गए है।
छुटभैया नेताओं ने नशेडिय़ो को नशे का सामान पहुंचाने का मोर्च संभाला हुआ है। जल्द से जल्द करोड़पति बनने के चाह में नेता गिरी के साथ नशे के तस्करों को शरण देकर भरपूर कमाई कर रहे है छुटभैया नेताओं की दोनों हाथ में लड्डू है। तस्करों से ऐौने-पौने दाम पर नशे का सामान खरीद कर नशेडिय़ों को मुंहमांगी दाम पर बेच कर मालामाल हो रहे है। छुटभैया नेताओं को कानून कायदे की कोई परवाह नहीं है। बेखौफ खुलेआम नशा परोस रहे है। नशे के मामले का खुलासा कुछ इस तरह हुआ कि पुलिस ने इस मामले में जाँच की तो पता चला कि नशे के इस धंधे में युवतियों की संलिप्तता का मामला भी आरोपियों के मोबाइल की जांच से ही फूटा। पुलिस इस बिंदु पर काफी काम कर चुकी है। अफसरों का कहना है कि ड्रग के आदी एक युवक ने पुलिस को बताया कि पैडलर कई लोगों को ड्रग्स की आदत डालने के लिए पहला पैकेट फ्री देते थे। एक पैडलर की उससे दोस्ती भी इसी तरह हुई। इसके बाद वह उसे हाईप्रोफाइल पार्टियों में ले जाने लगा और एक-दो बार ड्रग टेस्ट करवाई।
आदत पड़ गई तो वह सौदेबाजी करने लगा और मोटी रकम वसूली। ऐसा युवतियों के साथ ज्यादा किया गया है। मगर पैडलरों ने सोशल मीडिया का भी काफी फायदा उठाया और लोगों को व्हाट्सअप के जरिए ड्रग की फोटो भेजने लगे। सायबर सेल ने गिरफ़्तार 16 आरोपियों के सोशल अकाउंट जब खंगाले तो पता चला कि युवतियां भी ड्रग्स का रैकेट चलाती है। और शहर में अब भी ये युवतियां खुलेआम घूम रही है जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
नशे का कारोबारी महंगे होटलों, रेस्टोरेंटों और बार जैसी जगहों पर पार्टियों के नाम पर नशे का सामान परोस रहे है। रायपुर को नशे के कारोबारियों ने पूरी तरह से अपने शिकंजे में कस लिया है। पुलिस और नसे के कारोबारियों में पकड़ो-छोड़ों का खेल चल रहा है, पुलिस की लगातार कार्रवाई के नशे के सौदागरों में हडक़ंप मचा हुआ है। नशे के कारोबारियों के ठिकानों पर पुलिस ने मुखबिर लगा दिए है। राजधानी नशे के सौदागरों के लिए सेफ जोन बनती जा रही है। यहां नीचे तबके से लेकर हाई प्रोफाइल लोगों के लिए अलग-अलग किस्म की नशे की सामग्री उपलब्ध हैं। 10 रुपए में बिकने वाले गांजे से लेकर 5-10 हजार रुपए प्रति ग्राम तक की कोकीन भी डिमांड पर उपलब्ध है। नशे के सौदागरों द्वारा डिमांड के आधार पर इसे मुंबई से मंगाया जा रहा है। इस महंगे नशे के ग्राहक बड़ी-बड़ी गाडिय़ों में घूमने वाले रईस हैं। जिनमें युवक-युवतियों से लेकर महिलाएं भी शामिल हैं।
चोरों पर नजर रखने थाना व चौकी स्तर पर निगरानी टीम
सर्दी और त्योहारी सीजन आते ही चोरों का भी सीजन शुरू हो जाता है। चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन भी गंभीर है। रोकथाम के लिए थाना व चौकी स्तर पर टीमें निगरानी करेंगी। रात में संदिग्धों की तलाशी के साथ चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा राजधानी पुलिस कालोनियों में जाकर रहवासियों को चोरी से बचने के तरीके बता रहे हैं। त्योहारी सीजन और सर्दी में चोरी की वारदात ज्यादा होती है। इसको ध्यान में रखते हुए एसएसपी अजय यादव ने सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। रायपुर के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आगामी त्योहार को देखते हुए असामाजिक तत्वों, उठाईगीर, चोर, लुटेरों के साथ ही फेरीवालों, घूमने वालों की तस्दीक कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले के नेतृत्व में थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित कालोनियों में जाकर लोगों की बैठक लेकर जागरूक कर रहे हैं। रहवासियों को कालोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने, फेरी वालों का कालोनियों में प्रवेश के दौरान पहचान पत्र, परिचय पत्र चेक करने के साथ उनके चेहरे से मास्क हटवाकर फोटो खींचने संबंधी निर्देश दिए गए। कालोनियों के सुरक्षा गार्ड को हमेशा सतर्क रखने के साथ ही कालोनियों में निर्माण कार्य, पोताई कार्य करने वाले श्रमिकों के संबंध में पूरी जानकारी लेकर सूची तैयार करने, पहचान पत्र की छायाप्रति रखने को कहा गया। त्योहार को देखते हुए थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। आपराधिक तत्वों और बाहरी व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। बेबाक बोल के लिए पहचाने जाने वाले सूबे के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ननकी राम कंवर ने अपनी पार्टी की पूर्व सरकार के कामकाज पर सवाल उठा दिये। ननकी ने कहा कि जब भाजपा ने 15 साल में इतने अच्छे काम किये तो फिर हार क्यों हुई ? ननकी के सवाल से मौके पर मौजूद तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता भौंचक्के रह गए, स्थिति को संभालते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने जवाब देते हुए कहा कि आप वरिष्ठ है, इसलिए बेहतर जानते होंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सत्र इस विषय के लिए नहीं है।दरअसल भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र चल रहा है, इसमें भाजपा के तमाम पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश भर से कार्यकर्ता भी पहुंचे हैं। जिन्हें इस शिविर में 2023 विधानसभा चुनाव के लिहाज से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिस दौरान ननकी ने प्रदेश में 15 साल तक सत्ता में रही अपनी ही पार्टी की सरकार पर सवाल खड़े किये, उस दौरान पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर सत्र को संबोधित कर रहे थे और कार्यकर्ताओं को 15 साल की सरकार की उपलब्धियां बता रहे थे। उन उपलब्धियों को सुनकर ही ननकी ने सवाल कर दिया।
कर्ज के दलदल में राज्य को धंसा रहे- अजय चंद्राकर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सूबे की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर हमला बोला। चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पूंछ दिखाकर घोड़ा बेचना चाह रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा लिए जा रहे कर्ज को लेकर कहा कि सरकार राज्य को कर्ज के दलदल में धंसा रही है और केन्द्र सरकार से जो राशि मिल रही है उससे अपनी वाहवाही बंटोरने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी फ्लेगशिप सहित कई योजनाओं के लिए बजट ही नहीं रखा है।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के साथ ही यहां की उद्योग नीति में क्रांतिकारी बदलाव लाए गए हैं. राज्य की अर्थव्यवस्था को समावेशी लक्ष्य की ओर ले जाने में ये बदलाव काफी महत्वपूर्ण होंगे. उद्योगों को आकर्षित करने के साथ ही राज्य के हितों का भी ध्यान रखा गया है. इन बदलावों का एक और मुख्य उद्देश्य है राज्य की अर्थ व्यवस्था को परिपक्व स्वरूप प्रदान करना ।
राज्य की नवीन औद्योगिक नीति 2019-24 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में नई सरकार ने 21 महत्वपूर्ण संशोधन अधिसूचित किए हैं. इसमें प्रमुख रूप से लघु उद्योगों को कैपिटल सबसिडी में नगद या जी.एस.टी की पूर्ति का विकल्प होगा. अभी तक यह नगद अनुदान की सूक्ष्म उद्योगों के लिए पात्रता थी. शासन ने विभिन्न औद्योगिक संगठनों की मांगों को स्वीकार करते हुए लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योगों को नगद या जी.एस.टी में अनुदान देने का निर्णय लिया है. अनूसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के उद्यमियों के लिए विशेष औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की गयी है. इसके तहत पिछली औद्योगिक नीतियों से अधिक लाभ दिया जाएगा. पुराने उद्योगों के विस्तार पर भी नए उद्योगों की तरह सरकार प्रोत्साहन देगी. उद्योगों को अब राज्य से अन्य देशों से निर्यात करने के लिए परिवहन में पैसा लगता था. उसमें सरकार परिवहन लागत में अनुदान देगी. इसके तहत प्रतिवर्ष 20 लाख रूपए का अनुदान सरकार देगी ।
राज्य सरकार द्वारा नई औद्योगिक नीति में एमएसएमई को पृथक रूप से परिभाषित किया गया है तथा वृहद सेवा उद्यम की परिभाषा भी जारी की गई. निवेशकों की मांग अनुसार स्थायी पूंजी निवेश अनुदान को सूक्ष्म उद्योगों तक सीमित न कर लघु व मध्यम श्रेणी के उद्योगों के लिए भी प्रावधानित किया गया. विद्यमान उद्योगों के विस्तार करने पर स्थायी पूंजी निवेश की गणना अवधि को भी बढ़ा दिया गया है. राज्य के उद्योगों की रीढ़ इस्पात क्षेत्र को बढ़ावा देने मेगा, अल्ट्रामेगा उद्योगों के लिए Be Spoke Policy के तहत विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की गई है. ये वो इकाईयां होगी, जो राज्य शासन के साथ एम.ओ.यू. निष्पादित करेंगे ।
उद्योगों में नवीन विचारधारा को समहित करने तथा नव रोजगार सृजित करने छत्तीसगढ़ राज्य स्टार्ट-अप पैकेज को नीति में स्थान दिया गया है. इन स्टार्ट-अप्स को अन्य उद्योगों से अधिक सुविधाएं कम औपचारिकता के साथ प्रदान की जाएंगी. समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों के लिए विशेष औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज जारी किया गया है. इसके तहत अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों को पूर्व की सुविधाओं से अधिक लाभ प्राप्त होगा ।
कोर सेक्टर के माध्यम, वृहद, मेगा, अल्ट्रामेगा उद्योगों को अब किसी भी श्रेणी के स्थान में उद्योग स्थापित करने पर विद्युत शुल्क में पूर्ण छूट प्रदान की जाएगी. अब परिवहन अनुदान हेतु इकाई का शत-प्रतिशत निर्यातक होना आवश्यक नहीं रह गया है. सामान्य वर्ग के उद्यमियों द्वारा स्थापित किए जाने वाले पात्र सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को उद्योग विभाग, सीएसआईडीसी के औद्योगिक क्षेत्रों में भू-आबंटन पर भू-प्रीमियन प्रदान किया जाएगा. उद्यमियों द्वारा बहुप्रतीक्षित भूमि हस्तांतरण शुल्क में कमी कर दी गयी है. साथ ही उत्पादन प्रारंभ करने की अधिकतम सीमा में भी वृद्धि की गई है।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर/रायगढ़ । ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ को ‘ द बेस्ट प्राइवेट यूनिवर्सिटी ऑफ़ छत्तीसगढ़ ‘ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। 7 नवम्बर 2020 को रायपुर के सयाजी होटल में आयोजित ‘द प्रोग्रेस ग्लोबल अवार्ड्स 2020’ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री भूपेश बघेल जी की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आर. डी. पाटीदार ने विश्वविद्यालय की ओर से यह अवार्ड प्राप्त किया। ओपीजेयू को राज्य में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा सेवा प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय की श्रेणी में यह पुरस्कार प्राप्त हुआ। ओपीजेयू को कोविड -19 लॉकडाउन के दौरान किए गए ऑनलाइन शिक्षा के अपने विशेष प्रयासों और प्रावधानों के लिए भी सराहना मिली।इस अवसर पर डॉ. पाटीदार ने सम्मान समारोह के आयोजकों को ‘द प्रोग्रेस ग्लोबल अवार्ड्स 2020’ ओपीजेयू का चयन करने और प्रतिष्ठित ‘ द बेस्ट प्राइवेट यूनिवर्सिटी ऑफ़ छत्तीसगढ़ ‘ अवार्ड को प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. पाटीदार ने कहा की ‘बेस्ट प्राइवेट यूनिवर्सिटी ऑफ़ छत्तीसगढ़ ‘ अवार्ड प्राप्त कर ओपी जिंदल विश्वविद्यालय एवं इसके सभी सदस्य स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। ओपीजेयू को यह सम्मान प्राप्त होना एक गौरव का विषय है। अपनी स्थापना से ही विश्वविद्यालय छात्र हित में छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए कार्य कर रहा है। अवार्ड प्राप्त करने पर डॉ पाटीदार ने विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्रों को बधाई देते हुए कहा की यह सम्मान सभी के प्रयासों का परिणाम है।
ओपीजेयू को 2020 के दौरान प्रवेश के लिए माता-पिता और छात्रों से सराहनीय प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं । यह विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों को कॉर्पोरेट अनुदानित छूट भी प्रदान करता है। 2020 में 85% से अधिक प्लेसमेंट के साथ, ओपीजेयू ने 32 लाख रुपये प्रतिवर्ष का शीर्ष पैकेज भी देखा, जो अमेजन से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र सुजीत सोनी को प्राप्त हुई। विकासशील भारत को विकसित भारत में बदलने के लिए छात्रों के पास कुछ कौशल और मुख्य दक्षताओं जैसे तकनिकी एवं प्रबंधन ज्ञान, डिजिटल साक्षरता, महत्वपूर्ण सोच, और समस्या को सुलझाने के दृष्टिकोण का एक सेट होना चाहिए; और ओपी जिंदल विश्वविद्यालय छात्रों के अंदर यह स्किल सेट एवं मूल्य-आधारित समग्र विकास के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी का परिणाम है यह विश्वविद्यालय प्रति वर्ष शिक्षा एवं प्लेसमेंट में नए मानक स्थापित करते हुए नए प्रतिमान गढ़ रहा है ।
यह सर्वविदित है कि रायगढ़ के पुंजिपथरा स्थित ओपी जिंदल विश्वविद्यालय की स्थापना 2014 में (राज्य बिल अधिनियम 13) देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह – जिंदल ग्रुप द्वारा देश और विदेश के छात्रों को विश्व स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। विश्वविद्यालय विश्व स्तर के पाठ्यक्रम, विश्व स्तरीय शिक्षक, आधुनिक शिक्षण विधियाँ, अत्याधुनिक बुनियादी ढाँचे और शिक्षार्थियों को एक जीवंत परिसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है; और विश्वविद्यालय को इस्पात प्रौद्योगिकी और प्रबंधन का सबसे विशिष्ट और विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। बीजेपी की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री और संसद सदस्य (राज्यसभा) डॉ. सरोज पांडेय ने कहा है कि आत्मनिर्भर भारत की पुनः शुरुआत भाजपा ने की है. भाजपा और जनसंघ प्रारम्भ से ही स्वदेशी के पक्षधर रही हैं. 1954 में जनसंघ ने इस विषय को उठाया परंतु उस समय की सरकार को स्वदेशी का महत्व समझ नहीं आया. आतंकवादी गतिविधियों का समर्थक पाकिस्तान है और पाकिस्तान का समर्थन चीन करता है. बालाकोट से लेकर हर मोर्चे पर पाकिस्तान ने मुँह की खाई है. चीन ने भी दुःसाहस किया और उसे भी मुँह की खानी पड़ी. यह बातें सरोज पांडे ने भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कही है ।
सरोज पांडेय ने कहा कि आज इन सभी विपरीत परिस्थितियों में भारत की आज़ादी के बाद सुरक्षा के एक से एक उपकरणों, जो विदेशों से आते थे, पर रोक लगा कर भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व को संदेश दिया कि भारत आत्मनिर्भर बनने जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने मजबूती के साथ कदम रखते हुए पुराने नियमों में अनेक परिवर्तन किया. आत्मनिर्भर का अर्थ यह बिल्कुल नहीं कि हम अन्य देशों के विरोधी हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता के साथ सामंजस्यपूर्वक कार्य करना है. मोदी ने आत्मनिर्भरता के लिए मजबूती से आगे बढ़ने का काम किया है और वोकल फ़ॉर लोकल का नारा दिया ।
डॉ. पांडेय ने कहा कि नक्सलवाद एक बड़ी चिंता का विषय रहा है. नक्सलवाद वह वाद रहा, जिसकी शुरुआत शोषण रोकने के नाम पर हुई परंतु यह कब रेड कॉरिडोर में बदल गया, पता ही नहीं चला. नक्सलवाद के साथ मज़बूती से लड़ने का काम यदि किसी ने किया तो हमारी पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में किया. झीरम घाटी की घटना घटी, वह बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण है. परंतु, उस समय बड़े बड़े आरोप लगाने वाले कांग्रेस के नेता कहते थे, हमारी सरकार आने दीजिए, हमारी जेब में सबूत हैं; तो अब क्या हो गया? अब कांग्रेस के नेता सबूत क्यों नहीं निकालते? पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नक्सलियों के सामने घुटने टेक दिए हैं. नक्सलवाद पर इस सरकार ने राजनीति की है, जिसके दुष्परिणाम हम सभी को आने वाले समय मे भोगने पड़ेंगे ।
भाजपा को यहां तक पहुंचाने में नेताओं का संघर्ष
भाजपा के प्रदेश महामंत्री, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व विधायक नारायण चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि हज़ार टुकड़े हुए कांग्रेस के कोई इधर गिरा कोई उधर गिरा. भाजपा एक परिवार है और हमारे परिवार के इतिहास, विचारधारा की सम्पूर्ण जानकारी हमें होगी, तभी व्यक्तित्व विकास होगा. व्यक्तिगत तौर पर हमारे परिवार में भी हमारे बुजुर्गों से प्रेरणा मिलती हैं. हमारे माता-पिता ने कितना संघर्ष किया, हमें मालूम होना चाहिए. ठीक उसी प्रकार राजनीतिक जीवन में भी हमारे दल के नेताओं के संघर्ष और संकल्प का इतिहास है और आज भाजपा जिस स्थान पर पहुंची हैं, वह हमारे नेताओं के संघर्ष, बलिदान और समर्पण का परिणाम है ।
प्रदेश सरकार की योजनाओं के लिए बज़ट नहीं
वर्ग में अपने संबोधन में प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि राम वन गमन पथ के लिए या अन्य किसी योजना के लिए बजट का प्रावधान ही इस सरकार ने नहीं किया. प्रदेश के मुख्यमंत्री बघेल ने अपनी फ्लैगशिप योजना नरवा-गरुवा-घुरवा-बारी के लिए बजट नहीं रखा है और केंद्र के पैसे का उपयोग कर रहे हैं. इसी प्रकार प्रदेश में नए विधानसभा भवन के लिए शिलान्यास हो चुका है, लेकिन उसके लिए प्रशासकीय स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है. प्रदेश को कर्ज़ के दलदल में धँसाकर प्रदेश सरकार केंद्र सरकार से मिली राशि का उपयोग कर झूठी वाहवाही बटोरने में लगी है. प्रदेश सरकार पूँछ दिखाकर घोड़ा बेचने की हास्यास्पद कोशिश कर रही है ।
पूर्व मंत्री व विधायक चंद्राकर ने वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि अटलजी के स्वप्न के राज्य छत्तीसगढ़ में कांग्रेसियों ने प्रथम तीन वर्षों में विधायक खरीदे, नेता प्रतिपक्ष के पैर तोड़े, भाजपा नेताओं पर हत्या के प्रयास के मुकदमे तक दर्ज किये. अलगाववाद, बर्बरता, प्रताड़ना, अधिनायकवाद का बीज बोने का प्रयास किया. लेकिन उसके बाद के 15 वर्षो के भाजपा शासन में क्षेत्रीय असंतुलन कम हुआ. प्रत्येक कोने में शिक्षा के प्रसार के लिए विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा के केंद्रों का विकास किया गया. आज विश्वस्तरीय सारे शिक्षण संस्थानों हमारे छत्तीसगढ़ में है, जहाँ सभी वर्गों के छात्र अध्ययन कर सामाजिक विकास कर रहे हैं. चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश को नई दिशा देने वाला राज्य बना, कौशल उन्नयन, लोक गारंटी कानून और सबसे बड़ी बात भूख पर विजय प्राप्त करते हुए 1 रु. किलो में चावल हमारी सरकार ने दिया. हमारी सरकार के पीडीएस के मॉडल को देश ने अपनाया. चंद्राकर ने भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि असंभव को संभव बनाना भाजपा कार्यकर्ता जानता है. विधानसभा चुनाव में भाजपा 9.8 % वोट से पीछे थी और मात्र 4 महीने बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा 10% वोट से आगे हो गई. यह कार्यकर्ताओं की ताकत है ।
भाजपा का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रेम सिंग सिदार अपने विचार परिवार पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा एक विचार, एक दृष्टि के लिए कार्य करती है, क्योंकि उसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है. राष्ट्र निर्माण का कार्य करते-करते हम लोगों के दिलों में हम बस गए हैं. देश हमारे लिए जागृत पुरुष है और इसका एक-एक इंच हिस्सा भी हमारे लिए पूजनीय है. पराधीनता की मानसिकता से ग्रसित मन पर विजय प्राप्त कर देश को 2020 तक विश्वगुरु बनना है. अपने राष्ट्र अपने पूर्वज, अपने इतिहास, अपनी संस्कृति से प्यार करना ही हमारा विचार परिवार का उद्देश्य है ।
समापन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष का आह्वान
समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा कि इन तीन दिनों में 10 विषयों के विशेषज्ञ मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं को वैभवशाली राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे. इस कार्य के लिए मीठी बोली, शांत विचार, लगातार प्रवास और राष्ट्र के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता तैयार करेंगे जो हमारा लक्ष्य 2023 प्राप्त करेंगे और इस सरकार की वादाख़िलाफ़ी को जनता के सम्मुख लाकर उन्हें जागृत करना है. शिविर में प्रदेशभर से आये 300 कार्यकर्ता मास्टर ट्रेनर बनकर मण्डल स्तर के निचले कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे ।
मृतक किसान नहीं था मानसिक रोगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने किसान की खुदकुशी मामले में बीजेपी की जांच रिपोर्ट पर कहा कि हमारी जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि मृतक किसान मानसिक रोगी नहीं था. वो रेघा में खेती कर रहा था, दो-तीन बार कीटनाशक का छिड़काव किया, पर कोई फायदा नहीं हुआ. फसल के नुकसान की आशंका में उसने खुदकुशी कर ली. सरकार मृतक किसान को मानसिक रोगी कहकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती है ।
पाटन में 101 आंगनबाड़ी केन्द्रों का हुआ रेनोवेशन

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र के आर-जामगांव में आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर निरीक्षण किया. उन्होंने इस दौरान वहां बच्चों से रू-ब-रू होते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र के ब्लैक बोर्ड पर ‘बच्चे सबसे अच्छे‘ लिखकर उनका हौसला बढ़ाया. यह अवसर था वेदांता समूह के सहयोग से दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र में 101 आंगनबाड़ी केंद्रों के रेनोवेशन के बाद लोकार्पण का ।
मुख्यमंत्री बघेल ने निरीक्षण के दौरान इस आंगन बाड़ी केन्द्र की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि ऑडियो विजुअल की सुविधा वाले इस केंद्र में बच्चों को कल्पनाशीलता विकसित करने सहित खेल-खेल में सीखने में काफी मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बच्चों से प्रश्न भी पूछे. आंगनबाड़ी की दीवारें पशु-पक्षियों के सुंदर तस्वीरों से सजी थी. मुख्यमंत्री एक-एक कर इनके बारे में पूछते रहे और बच्चे उत्साह से जवाब देते रहे ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी वह पहली जगह होती है, जहां घर से परे बच्चे पहली बार देर तक रुकते हैं और विभिन्न क्रियाकलापों तथा गतिविधियों से भली-भांति ढंग से परिचित होते है. यह केन्द्र सुंदर हो, सुविधापूर्ण हो, मनोरंजक हो तो बच्चों को बहुत अच्छा लगता है. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बच्चों को गिफ्ट भी दिए ।
गौरतलब है कि लोकार्पित होने वाले केन्द्रों में ऑडियो विजुअल क्लास के लिए टीवी सेट आदि की व्यवस्था की गई है. हाइजिनिक किचन बनाया गया है. वाटर फिल्टर की सुविधा है. एक मॉडल आंगनबाड़ी के अनुकूल यहां बड़ा सुंदर माहौल बनाया गया है ।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन जैन ने बताया कि यहां की कार्यकर्ता मोहिनी म्हस्के और सहायिका देवेंद्री श्रीवास ने सुपोषण को लेकर बहुत अच्छा काम किया है तथा अपने केंद्र को कुपोषण से मुक्त किया है. इस पर मुख्यमंत्री ने दोनों का सम्मान भी किया. इस मौके पर संभागायुक्त टीसी महावर, आईजी विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसपी प्रशांत ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी के आमानाका स्थित पुराना रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक की पहचान 60 वर्षीय सुबेर सिंह निवासी हीरापुर के रूप में हुई है. घटना सरस्वती नगर थाने इलाके का है ।
पुलिस के मुताबिक घटना दोपहर करीब 2 बजे के आसपास की है. रेलवे से सूचना मिली कि रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन से टकराने की वजह से एक बुजुर्ग व्यक्ति गिरा पड़ा है. घटना की सूचना के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा, तो उसकी मौत हो चुकी थी. उसके सिर में गंभीर चोट के निशान मिले है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।

पंचायत तंत्र 24.comरायपुर। कोरोना की वजह से इस सत्र में अभी तक स्कूलों को खोला नहीं जा सका है। स्कूल खुलने को लेकर आज मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि कोरोना की स्थिति को देखकर ही इसके संबंध में निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह बातें आज लोकवाणी के दौरान एक छात्रा से हुई बातचीत के बाद कहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा की भूमिका बिटिया ने बताया कि पढ़ाई तुंहर दुआर, पढ़ाई तुंहर पारा योजनाओं का लाभ आदिवासी अंचलों में भी पहुंचा है। जहां तक स्कूल खुलने और खेलकूद आदि आयोजनों का सवाल है, तो बेटा, कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए फिजिकल डिस्टेंसिंग जरूरी है। कक्षाओं में या खेल के मैदान में जब बच्चे मिलकर खेलते हैं तो सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित कर पाना मुश्किल होता है। इसलिए जब तक कोरोना पर अंकुश नहीं लगता तब तक सावधानी जरूरी है और स्कूल खोलने का निर्णय कोरोना की स्थिति को देखकर ही लिया जाएगा।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कोई अपना सा फाउंडेशन, स्पेस फाउंडेशन और टीम एक्वालाइफ की ओर से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में 31 लोगों ने रक्तदान किया।
राजधानी के स्थानीय शंकर नगर स्तिथ एक्वालाइफ ऑफिस परिसर में आयोजित शिविर में बतौर अतिथि उपस्थित कांग्रेस नेता और पीआईएसएफ चेयरमैन नितिन भंसाली ने अपने 65 बार किये गए रक्तदान के अनुभव शेयर करते हुए रक्तदाताओं का उत्साह वर्धन किया. शिविर में नितिन भंसाली और आयोजन समिति के सदस्यों ने तमाम रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. शिविर को सफल बनाने कोई अपना सा हो फाउंडेशन की फाउंडर काजल सचदेव और सुरेश सचदेव ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी में फिर से एक जघन्य हत्या की वारदात सामने आई है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक महिला की सर कुचली लाश मिली है। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात आऱोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
घटना आज सुबह की है। आमानाका ओवरब्रिज के पास से गुजरने वाले लोगों ने ब्रिज के नीचे एक महिला की लाश देखी गई। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। मृतक महिला की शिनाख्त काली बाई नायक उम्र 42 वर्ष के रुप में हुई है। जो कि मोतीलाल नगर कोटा की रहने वाली है।
जिस तरह से महिला की हत्या की गई है। उससे माना जा रहा है कि महिला की पहचान छिपाने ही उसकी सिर कुचल कर नृशंस हत्या की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और फटे हुए थे। महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।
सरस्वती नगर पुलिस के अनुसार आज सुबह 6:30 बजे के आसपास आमानाका ओवरब्रिज के नीचे एक महिला की लाश मिलने की सूचना मिली थी। महिला के सर पर पत्थर मारकर किसी ने उसकी हत्या कर दी है। महिला की पहचान कालीबाई नायक मोतीलाल नगर कोटा के रूप में हुई है। मृतिका अक्सर घर से बाहर रहकर पॉलीथिन बीनने का काम करती थी। हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गयी है।