Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे द्वारा केंद्र सरकार पर धान खरीदी प्रभावित करने का आरोप लगाए जाने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कृषि मंत्री चौबे सरासर झूठ बोल रहे हैं. दरअसल कांग्रेस सरकार की नीयत में ही खोट है. भाजपा ने सवाल उठाया है कि कांग्रेस शासित पंजाब में बारदाने की कोई शिकायत नहीं है. वहां रिकार्ड खरीदी हो रही है. छत्तीसगढ़ में भी धान खरीदी के लिए केंद्र सरकार की ओर से सभी सहूलियत और सहयोग दिया जा रहा है. इसके बावजूद राज्य के कृषि मंत्री द्वारा केंद्र पर मिथ्या आरोप लगाया जाना छल कपट की राजनीति का प्रकटीकरण है ।
कृषि मंत्री चौबे द्वारा यह कहे जाने पर कि केंद्र सरकार का सहयोग नहीं मिल रहा है इससे धान खरीदी के काम में देरी हो सकती है. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार किसानों का धान खरीदने में खुद आनाकानी कर रही है. बारदाने की कमी के लिए वह खुद जिम्मेदार है. इसका सबूत यह है कि राज्य की राशन दुकानों से अब तक सवा दो करोड़ बारदाने वापस नहीं बुलाए गए हैं. राज्य सरकार खुद इसके लिए जिम्मेदार है और वह नहीं चाहती कि किसानों का पूरा धान खरीदा जाए. इसीलिए तरह-तरह के बहाने बना रही है ।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा है कि चालू खरीफ सीजन में देश में 1 माह के भीतर ही धान की सरकारी खरीद दो करोड़ टन के पास पहुंच गई है. केंद्रीय खाद्य मंत्री पीयूष गोयल के हवाले से भाजपा ने कहा है कि इस बार रिकॉर्ड 7.42 करोड़ टन धान की खरीद होने का अनुमान है. भाजपा की केंद्र सरकार किसानों की उपज का अधिक से अधिक हिस्सा खरीदना चाहती है. इसलिए सभी उपाय किए गए हैं. पंजाब में अब तक 1.30 पॉइंट करोड़ टन धान की खरीद हो चुकी है. जबकि किसान हित में भाजपा की मांग को अनदेखा करते हुए यहां एक माह बाद धान खरीदने की तैयारी की जा रही है. वह भी तमाम तरह की चालबाजियों के साथ ।
जाहिर है कि जब कांग्रेस शासित पंजाब में अब तक इतनी बड़ी मात्रा में धान खरीदी की जा चुकी है तब छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार बारदाने की कमी का रोना रो रही है. स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार किसानों के नाम पर केवल छलावा कर रही है और वह किसानों का अधिकाधिक धान खरीदने से बचना चाहती है. इसके लिए केंद्र सरकार पर बेबुनियाद आरोप मढ़े जा रहे हैं ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि इंदिरा गांधी ने आजीवन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किया और देश की एकता और अखण्डता की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया. दूरदृष्टि और पक्के इरादे के साथ देश को नई दिशा प्रदान की ।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करते हुए अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत को प्रतिष्ठापूर्ण स्थान दिलाया. उनके हरित क्रांति कार्यक्रम की सफलता ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया. इंदिरा गांधी बचपन से ही देश के स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहीं. उन्होंने बाल चरखा संघ की स्थापना की और असहयोग आंदोलन के दौरान बच्चों की वानर सेना बनायी ।
प्रधानमंत्री के रुप में उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, राजाओं के प्रिवीपर्स की समाप्ति जैसे कठोर निर्णय लिए. बांग्लादेश का उदय, भारत का परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनना उनकी प्रमुख उपलब्धियां थी. उनके कार्यकाल में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की स्थापना हुई और प्रथम उपग्रह आर्यभट्ट अंतरिक्ष में छोड़ा गया ।
बता दें कि इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं. आज ही के दिन 31 अक्टूबर 1984 को उनकी हत्या कर दी गई थी. इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं. इसके बाद 1980 में दोबारा वे इस पद पर पहुंचीं. वे वर्ष 1959 से 1960 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष भी रहीं ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। आज छत्तीसगढ़ के पहले ई-मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन सभी जिले में किया गया है. जहां ई-प्लेटफार्म के जरिए राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ चयनित हितग्राहियों को दिया जा रहा है. ई-मेगा कैंम्प के तहत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आम जनता को राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराया. आम नागरिक जिन्हें इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करना है, वह राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के न्याय एप की शिकायत पेटी में आवेदन डाल सकते हैं. इस कैम्प के तहत विभिन्न विभागों द्वारा कैम्प लगाकर राज्य सरकार की योजनाओं के बारें में आमजनता को अवगत कराया जा रहा है. साथ ही लोगों को योजनाओं से वंचित लोगों को सामान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर सचिव उमेश उपाध्याय ने बताया कि जब से कोरोना का संक्रमण देश और दुनिया में शुरू हुआ है, तब से बहुत सारे लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. इसको ध्यान में रखते हुए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर यह लोक अदालत का आयोजन किया गया था. लोक अदालत में बहुत सारे मामलों का निराकरण किया गया. उसके बाद विचार किया गया कि शासन की योजनाओं का लाभ एक प्लेटफार्म पर दिया जाए, ताकि लोगों को बिना ज्यादा परेशानी के शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके. इसी बात को ध्यान में रखते हुए ई मेगा कैंप का आयोजन किया गया है, इसमें जिला प्रशासन रायपुर के सहयोग से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को सीधा दिया गया है. लगभग 10 हजार से ज्यादा लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग से पर्यवेक्षक अधिकारी अमित परिहार ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के द्वारा ई-मेगा कैंप में स्टॉल लगाकर जरूरतमंद लोगों को उनके आवश्यकता अनुसार सामान वितरित किया जा रहा है. ये आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया है. ये कार्यक्रम गरीबी उन्मूलन को ध्यान में रखते हुए किया गया है. जिला प्रशासन इस क्षेत्र में पहले से ही काम कर रहा है, लेकिन पहली बार ऐसा होगा जब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपने प्लेटफार्म में एक नई चीज लेकर आई है. हमारे विभाग मुख्यत: समाज के वंचित लोगों के लिए काम करता है. वृद्ध, विधवा, या दिव्यांग हो चाहे वह तृतिय लिंग समुदाय का व्यक्ति क्यों न हो हम उन्हें समाज के मुख्यधारा में जोड़ने के लिए काम करते हैं।
ई-मेगा कैम्प के तहत महिला बाल विकास विभाग द्वारा लोगों को पोषण के लिए जागरूक किया जा रहा है. इस मामले में महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक पांडे ने बताया कि ई-मेगा कैंप के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए कैंप लगाया गया है. महिला बाल विकास सर्वाधिक कुपोषण मुक्ति के लिए कार्य करता है और प्रदर्शनी के माध्यम से कुपोषण मुक्ति के लिए जो पोषण आहार के व्यंजनों से आम जनता को अवगत कराया जा रहा है. विभिन्न प्रकार के पोस्टिक पोषण है उसकी प्रदर्शनी यहां पर लगाई गई हैं. इसके साथ ही लोगों को संदेश भी दे रहे हैं कि अपने बच्चों व गर्भवती माताओं को भोजन में यह सारी सब्जियां और इस तरह के पोषण आहार का इस्तेमाल करें. तो उन्हें अस्पतालों में ज्यादा भटकने की आवश्यकता नहीं है. हम आसानी से बच्चों के कुपोषण को और महिलाओं के एनिमिया को दूर कर सकते हैं।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। बूढ़ातालाब में गुरुवार रात बोरे में मिली युवक की लाश के मामले में तफ्तीश में जुटी पुलिस ने मृतक के सौतेले बेटे और उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ।
बता दें कि बूढ़ा तालाब में गुरुवार देर शाम मिली लाश की चंद घंटों में शेख आशिक कादर के तौर पर परिजनों ने पहचान की थी. मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे. हत्या कर साक्ष्य छिपाने बोरे में भरकर लाश फेंकी गई थी. पुलिस ने मामले में परिजनों और नजदीकियों से पूछताछ करते हुए मृतक के सौतेले पुत्र शाहरुख और उसके एक साथी अमजद को हिरासत में लिया है ।
मृतक शेख आशिक कादर की दो पत्नियां है, पहली पत्नी का नाम जोया उर्फ निशु है, और दूसरी पत्नी का नाम रानी है. शाहरुख रानी का बेटा है. पुलिस शाम तक मामले का खुलासा कर सकती है ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है. उससे पहले ही चुनाव प्रचार की तैयारियां जोरों पर है. इसी बीच आज चेंबर के संरक्षक व व्यापारी एकता पैनल के अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने मनेन्द्रगढ़ पहुंचकर कोरिया चैम्बर चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार की शुरुआत की. बता दें कि 20 से 25 दिसंबर के बीच चेंबर चुनाव हो सकता है ।
व्यापारी एकता पैनल के प्रवक्ता ललित जैसिंघ, राजेश वासवानी ने बताया आगामी चेंबर चुनाव के परिपेक्ष में कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ में व्यापारी एकता पैनल के पक्ष में आज समर्थन जुटाने मनेंद्रगढ़ पहुंचे. कोरिया चेंबर द्वारा एक बड़ी बैठक आयोजित कर सभी ने खुले मन से व्यापारी एकता पैनल को समर्थन देने की बात कही है. एकता पैनल के अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने सभी कोरिया के व्यापारियों के प्रति आभार प्रकट किया ।
इस दौरान प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, प्रदेश मंत्री राकेश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष पंकज जैन, उद्योग मंत्री मनसूर मेमन, संजीव ताम्रकार, मनीष अग्रवाल, संजय सिधवानी, अब्दुल हक, कौशल अरोड़ा, केशव पोद्दार, सुंदरलाल दुग्गल, गौतम सोनावत शामिल रहे ।
गौरतलब है कि चेम्बर में कुल 52 पदों में चुनाव होना है. अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष सहित रायपुर में 8 मंत्री और 8 उपाध्यक्ष का चुनाव होना है. इसके अलावा हर जिले में एक मंत्री और एक उपाध्यक्ष का चुनाव होना है. चेंबर चुनाव 500 से अधिक मतदाता वाले जिले में ही कराया जाएगा ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कांग्रेस ने भाजपा और अमित जोगी पर बेहद ही गम्भीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि भाजपा और जोगी परिवार के बीच 10 करोड़ की डील हुई है. अंतागढ की तरह मरवाही चुनाव को लेकर भी दोनों ने सांठगांठ की है. वहीं अमित जोगी ने इन आरोपों पर कहा कि जो आरोप लगा रहे हैं वो कौन हैं मैं तो जानता ही नहीं. काश, ऐसी डील कोई होती तो मैं बताता कि. हम तो यहां चुनाव भी नहीं लड़ रहे हैं ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। प्रदेश में 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू नहीं होने और 2 नवम्बर को मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक को लेकर मंत्री रविंद्र चौबे ने बड़ा बयान दिया है. मंत्री ने कहा कि किसानों का धान हम पूरा खरीदेंगे और 2500 रुपये समर्थन मूल्य भी देंगे. केंद्र सरकार अंतर्विरोध की स्थिति पैदा कर हमारी धान खरीदी प्रभावित करना चाह रही है. बोनस देने से रोक रही है, इसलिए हमें अपनी योजना को विस्तारित करना पड़ रहा है. जुट बारदाने को केंद्र सरकार ने अनिवार्य कर दिया है. केंद्र बारदाना उपलब्ध कराएगी तभी हम खरीदी कर पाएंगे।
मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि बारदाने की व्यवस्था नहीं हुई तो धान खरीदी में देरी भी होगी और किसानों को परेशानी भी होगी. हम बैठक में इन तमाम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
14 लाख गठान बारदाने की जरूरत है, बावजूद इसके केंद्र सकारात्मक रुख नहीं अपना रही है. मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक के बाद ही धान खरीदी की तारीख को लेकर फैसला होगा।
अंतागढ़ से जेसीसीजे का उदय, मरवाही से होगा खत्म
जेसीसीजे के 2 विधायकों की पार्टी छोड़ने की अटकलों पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि सीएम पहले कह चुके हैं, हम दल बदल के पक्ष में नहीं है, लेकिन अगर विधानसभा अध्यक्ष के पास विधायकों के विभाजन की सूचना जाएगी तो विधानसभा अध्यक्ष उसे मंजूरी दे सकते हैं. ऐसा संभव है कि अंतागढ़ उप चुनाव के बाद जेसीसीजे पार्टी का उदय हुआ और मरवाही उप चुनाव के बाद खत्म हो जाए।

पंचायत तंत्र 24.comरायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को मरवाही चुनाव के मद्देनजर एक के बाद तीन सभाओं को संबोधित किया। गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री बघेल ने मरवाही के डोंगरिया, पेण्ड्रा के कोडगार और गौरेला के जोगीसार में सभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने तीनों सभाओं में जनता से पूछा कि 15 साल तक आपके क्षेत्र का विकास डॉ.रमन सरकार ने क्यों नहीं किया? मुख्यमंत्री ने मरवाही की जनता की तरफ से पूछा है कि डॉ. साहब 15 साल कहा थे। गौरेला पेण्ड्रा मरवाही को जिला बनाने की मांग वर्षों से चल रही थी। भाजपा ने छत्तीसगढ में अपने कार्यकाल में अनेकों जिले बनाएं लेकिन गौरेला पेण्ड्रा मरवाही की याद क्यों नहीं आई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले का निर्माण कर मैंने अपना वादा पूरा किया। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में ये वादा किया था। भूपेश बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के शासन में यही अंतर है कि भाजपा की रमन सरकार उद्योगपतियों, पूंजीपतियों और अपने कमीशन एजेंटो के लिए काम कर रही थी और 2 साल की कांग्रेस सरकार किसानों, मजदूरों, वनवासियों, युवाओं, बेरोजगारों गरीबों की सरकार है।
किसानों का कर्जा माफ, 2500 रुपए क्विंटल में समर्थन मूल्य में धान खरीदी, वनोपज की खरीदी समर्थन मुल्य में शिक्षकों की भर्ती, पुलिस की भर्ती,प्राचार्या और प्राध्यपकों की भर्ती, तेंदूपत्ता बोनस सहित गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के लिए नियोजित विकास की घोषण हुई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के दृष्टिकोण से गौरेला पेण्ड्रा मरवाही का विकास किया जाएगा। मरवाही विधानसभा हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि 3 नवंबर को मरवाही के मतदाता कांग्रेस के प्रत्याशी को रिकार्ड मतों से विजय बनाकर भेजेगें। छत्तीसगढ की सरकार छत्तीसगढ के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने तक कटिब्द्ध है। मुख्यमंत्री के साथ सभा में प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री मो.अकबर,ताम्रध्वज साहू ,जयसिंह अग्रवाल, कवासी लखमा, अमरजीत भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, अटल श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी, विनोद वर्मा, विधायक शैलेश पाण्डेय, विधायक मोहित केरकेट्टा, महांमंत्री उत्तम वासुदेव ,ब्लॉक अध्यक्ष बेचु, अहिरेश ,प्रशांत श्रीवास, राजेन्द्र ताम्रकार, पंकज तिवारी, ज्ञानेन्द्र उपाध्याय, अरूण सिंह चौहान, शुभम पेन्द्रो, गुलाब सिंहराज, अजीत सिंह श्याम आदि उपस्थित थे।सांसद ज्योत्सना महंत, मंत्री ताम्रध्वज साहू,मो.अकबर,अमरजीत भगत सहित प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी सभा को संबोधित किया।
मंत्रियों ने सरकार की योजनाओं, केन्द्र सरकार की कृषि नीति के विरोध में अपनी बातें रखी और कांग्रेस प्रत्याशी को जीताने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भूपेश सरकार बनने के बाद जिस तरह बस्तर सरगुजा का सर्वांगिण विकास हो रहा है। प्रदेश के सभी आदिवासी विधायकों को सम्मान प्राप्त हो रहा है। मरवाही के कांग्रेस का विधायक जीतने के बाद गौरेला पेण्ड्रा मरवाही विकास भी तेज गति से होगा। मुख्यमंत्री की डोंगरिया कोडगार और जोगीसार की सभाओं में विशाल भीड़ मौजूद थी। सभाओं के पूर्व मुख्यमंत्री हैलीपेड पर स्थानीय नेताओं, सेक्टर प्रभारियों, विधायकों ,स्थानीय सरपंच, बूथ जोन और सेक्टर अध्यक्षों से मुलाकात की। प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी सभी सभाओं को संबोधित किया
डॉ. विधायक बनेगा तो स्वास्थ्य विभाग और मजबूत होगा मरवाही चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव ने तीन सभाओं को संबोधित किया। मंत्री सिंहदेव ने लालपुर, सिंवनी और कोटमी में सभाओं में शामिल हुए। उन्होंने अपील की कि मरवाही से कांग्रेस का विधायक बनाकर मुख्य धारा से जुड़े। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव नहीं रहेगा। डॉ.विधायक बनेगा तो स्वास्थ्य विभाग और मजबूत होगा। पंचायत के माध्यमों से पंचायतों तक विकास कार्य तेजी से पहुंचेंगे। नल जल योजना घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। दक्षिण मरवाही के सिवनी ग्राम में मंत्री टीएस सिंहदेव की सभा हुई। सभा में बड़ी संख्या में सिवनीवासियों ने हिस्सा लिया। मंत्री सिंहदेव ने जनता से अपील की कि मरवाही की जवाबदारी कांग्रेस को दीजिए साथ मिलकर कार्य करेंगे।
सभा में शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम,सांसद फूलोदेवी नेताम, विधायक शैलेश पाण्डेय, अम्बिका सिंहदेव, पूर्व सांसद इंग्रिड,अध्यक्ष मनोज गुप्ता,जयश्री शुक्ला,सुशील शर्मा, अजरा,विनय शुक्ला,अमित तिवारी,नारायण शर्मा,संजय गुप्ता,सुरेंद्र, बेचूराम, अहिरेश,शंकर कवर,अर्चना पोर्ते, ओमवती पेन्द्रों और कांग्रेस के सिवनी के सभी सेक्टर बूथ के अध्यक्ष और सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सिवनी की जनता, किसान और सभी विशिष्टजन उपस्थित थे। जोगी कांग्रेस के विधायक आना चाहते हैं लेकिन हम दलबदल नहीं चाहते जोगी कांग्रेस के विधायकों को लेकर पिछले दो दिनों से चल रही सियासत के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज साफ कर दिया कि जोगी कांग्रेस के विधायक कांग्रेस में आना चाहते हैं लेकिन वे दलबदल नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त विधायक हैं इसलिए हम जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं करना चाहते। वे आना चाहते हैं लेकिन इस पर हाईकमान को ही फैसला करना है। क्या स्थिति बनेगी क्या नहीं यह बाद में पता चलेगा। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने भी कहा कि विधायकों के प्रवेश के संबंध में गुण दोष के आधार पर पार्टी नेतृत्व फैसला करेगा। दूसरी तरफ, देवव्रत सिंह ने दो टूक शब्दों में स्वीकार किया कि उनको कांग्रेस में ही अपना भविष्य दिखता है और वे उचित समय आने पर इस पर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में दो ही पार्टी कांग्रेस और भाजपा का भविष्य है। कांग्रेस हमारे खून में है। कांग्रेस से ही तीन बार विधायक और एक बार सांसद बना। भावनात्मक रूप से कांग्रेसी हैं लेकिन संवैधानिक रूप से जोगी कांग्रेस के विधायक हैं इसलिए अभी हम पार्टी में बने रहेंगे। यदि चार में से तीन विधायक कांग्रेस में शामिल होने पर सहमत होते हैं और कांग्रेस इस पर सहमति देती है तो हम कांग्रेस पार्टी में जाएंगे। देवव्रत ने कहा कि जोगी कांग्रेस के कांग्रेस में विलय की बात पिछले डेढ़ साल से चल रही है। स्व. अजीत जोगी जब कोमा में थे तब जोगी परिवार ने दस जनपथ में ये प्रस्ताव भेजा था कि जोगी की अंतिम इच्छा को देखते हुए जोगी कांग्रेस का कांग्रेस में विलय कर दिया जाए। रेणु जोगी खुद अहमद पटेल और वीएल राजू मिल कर आई थीं। इस संबंध में धर्मजीत सिंह ने कहा कि देवव्रत और प्रमोद कांग्रेस में जाना चाहते हैं। वे दोनों कांग्रेस में शामिल होने के प्रस्ताव के साथ मुझसे चर्चा करने आए थे लेकिन मैंने उनके प्रस्ताव को नकार दिया है। मैंने उनसे कहा कि दलबदल कानून से बचने के लिए पार्टी के तीन विधायकों को पार्टी छोडऩा हो। आप रेणु जोगी से चर्चा कर लो। यदि वे जाना चाहें तो फिर आप तीनों कांग्रेस में जा सकते हैं। मैं किसी भी हाल में कांग्रेस में शामिल नहीं होउंगा।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। प्रदेश में आज कोरोना के 2005 संक्रमितों की पहचान की गई। वहीं 275 अस्पताल से तथा 1597 को होम आईसोलेशन से डिस्चार्ज किया गया। जबकि आज 03 की मौत भी हुई।
इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बढ़कर 1,83, 588 हो गया है। जिसमें 1,59,268 डिस्चार्ज किये गए। वहीं एक्टिव केस की संख्या 22331 हो गई है। आज हुई 3 मरीजों की मौत के साथ ही प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1989 हो गया है।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को शरद पूर्णिमा या आश्विन पूर्णिमा कहते हैं. इस पूर्णिमा को कोजागरी पूर्णिमा भी कहते हैं. इस पूर्णिमा में भगवान श्रीविष्णु के साथ मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है. इस बार यह पूर्णिमा 30 अक्टूबर 2020 को है. ऐसा भी कहा जाता है कि इस दिन मां लक्ष्मी रात में धरती पर विचरण करती हैं. इसलिए इसे कोजागरी पूर्णिमा का नाम दिया गया है. इस दिन खासतौर पर चावल की खीर बनाकर चंद्रमा के नीचे रखी जाती है. ऐसा कहा जाता है कि इस दिन अमृतवर्षा होती है. इसलिए चंद्रमा के नीचे रखी खीर खाने से कई प्रकार की परेशानियां खत्म होती हैं. बंगाली समुदाय में कोजागरी लोक्खी पूजा के दिन दुर्गापूजा वाले स्थान पर मां लक्ष्मी की विशेष रूप से प्रतिमा स्थापित की जाती है और उनकी पूजा की जाती है ।
शरद पूर्णिमा तिथि
शरद पूर्णिमा तिथि प्रारंभ- 30 अक्टूबर को शाम 05 बजकर 45 मिनट से
शरद पूर्णिमा तिथि समाप्त- 31 अक्टूबर को रात 08 बजकर 18 मिनट पर
आश्विन मास की यह पूर्णिमा धार्मिक दृष्टि से खास महत्व वाली है. मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात ऐरावत पर बैठ कर देवराज इन्द्र महालक्ष्मी के साथ धरती पर आते हैं और देखते हैं कि कौन जाग रहा है. जो जाग रहा होता है और उनका स्मरण कर रहा होता है, उसे ही लक्ष्मी और इन्द्र की कृपा प्राप्त होती है. श्रीकृष्ण-राधा के साथ समस्त प्राणियों को शरद पूर्णिमा का बेसब्री से इंतजार होता है. क्या देवता, क्या मनुष्य, क्या पशु-पक्षी, इस मौके पर सभी साथ नृत्य कर रहे होते हैं, मधुर संगीत बज रहा होता है. चंद्र देव पूरी 16 कलाओं के साथ इस रात सभी लोकों को तृप्त करते हैं. आकाश में एकक्षत्र राज होता है. 27 नक्षत्र उनकी पत्नियां हैं- रोहिणी, कृतिका रातभर उनकी मुस्कराहट संगीतमय नृत्य करती हैं. जड़-चेतन, सब के सब मंत्रमुग्ध होते हैं ।
रात होने पर चंद्र देव अपना जादू चलाते हैं और उधर से बांसुरी की मनमोहक तान मन को छू लेती है. इस महारास का श्रीमद्भागवत में मनमोहक वर्णन भी है. इस दिन को रास पूर्णिमा और कौमुदी महोत्सव भी कहते हैं. महारास के अलावा इस पूर्णिमा का अन्य धार्मिक महत्व भी है, जैसे शरद पूर्णिमा में रात को गाय के दूध से बनी खीर या केवल दूध छत पर रखने का प्रचलन है. ऐसी मान्यता है कि चंद्र देव के द्वारा बरसायी जा रही अमृत की बूंदें खीर या दूध को अमृत से भर देती है. इस खीर में गाय का घी भी मिलाया जाता है ।
इस रात मध्य आकाश में स्थित चंद्रमा की पूजा करने का विधान भी है, जिसमें उन्हें पूजा के अन्त में अर्ध्य भी दिया जाता है. भोग भी भगवान को इसी मध्य रात्रि में लगाया जाता है. इसे परिवार के बीच में बांटकर खाया जाता है. सुबह स्नान-ध्यान-पूजा पाठ करने के बाद इसे प्रसाद के रूप में बांटा जाता है. लक्ष्मी जी के भाई चंद्रमा इस रात पूजा-पाठ करने वालों को शीघ्रता से फल देते हैं. अगर शरीर साथ दे, तो अपने इष्टदेवता का उपवास जरूर करें. इस दिन की पूजा में कुलदेवी या कुलदेवता के साथ श्रीगणेश और चंद्रदेव की पूजा बहुत जरूरी मानी जाती है ।
संजय चौधरी
श्री फलित ज्योतिष रायपुर