Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी की 12 वीं कड़ी का प्रसारण 8 नवंबर, रविवार को होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लोकवाणी में इस बार ‘बालक-बालिकाओं की पढ़ाई, खेलकूद, भविष्य’ विषय पर प्रदेशवासियों से बात करेंगे। लोकवाणी का प्रसारण छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्रों, एफ.एम. रेडियो और क्षेत्रीय समाचार चैनलों से सुबह 10.30 से 11 बजे तक होगा।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में विधवा महिला का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने पुलिस में कारोबारी गिरीश पांडेय के खिलाफ अपराध दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि गिरीश ने शादी का झांसा देकर अश्लील वीडिया बना लिया और वायरल करने की धमकी देकर रुपए की मांग करने लगा. पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है. अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है ।
पुलिस के मुताबिक, गुढ़ियारी इलाके में रहने वाली 40 वर्षीय महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है. साल 2019 में एक सामाजिक कार्यक्रम मे गिरीश पांडेय नाम के व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई थी. आरोपी बिलासपुर का रहने वाला है. मुलाकात के बाद दोनों के बीच फोन के माध्यम से बातचीत होने लगी. फिर गिरीश ने पीड़ित महिला से शादी की बात कही. महिला भी शादी के लिए तैयार हो गई. गिरीश की पत्नी की भी मौत हो चुकी है. आरोपी इसके बाद लगातार शारिरिक संबंध बनाने के लिए महिला को अश्लील मैसेज करने लगा. कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़िता से ज़बरदस्ती की और वीडियो बना लिया. फिर उसने महिला को ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर दिया ।
वह वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से पैसों की भी मांग करने लगा और शादी से भी इंकार कर दिया. महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 509, 354, 385 और 506 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में एक स्टील कारोबारी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया है। पेटीएम केवायसी अपडेट करने के नाम पर व्यापारी से 6 लाख 72 हजार रूपए की धोखाधड़ी की गई है। मामले में डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
ठगी का शिकार हुआ व्यापारी का नाम तन्मय मोहंती है। जिसका केयूझर उड़ीसा में स्टील का कारोबार है।व्यापारी की बेटी सुंदर नगर इलाके में किराए पर मकान लेकर रह रही है। बताया जा रहा है कि व्यापारी साल में एक दो बार यहां अपनी बेटी के पास रहने आता है।
31 अक्टूबर की सुबह 11 बजे प्रार्थी जब सुन्दर नगर के घर में था तब उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाला व्यक्ति अपने आप को पेटीएम केवायसी डिपार्टमेंट से होना बताकर प्रार्थी से पूछा कि पेटीएम रिनुअल के लिए आवेदन किये हो, तब तन्मय मोहंती ने आवेदन किये जाने की बात कही।
इसके बाद अज्ञात मोबाइल धारक ने कहा कि आपको आफिस आने की आवश्यकता नहीं है। आपके बैंक में रजिस्टर मोबाईल नबंर से काम हो जायेगा। तभी बातचीत के दौरान अचानक पीड़ित का मोबाइल हैंग हो गया। कुछ समय बाद प्रार्थी के केयुझर ओडिसा के बैंक खाते से पांच लाख रुपये पार हो गया। इस तरह अज्ञात ठग ने उनके बैंक खाते से कुल 6 लाख 72 हजार 774 रुपये पार कर दिया।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री सुरक्षा के एसपी रहे सुशील डेविड के सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य शासन के गृह विभाग ने संविदा नियुक्ति दी है। डेविड मुख्यमंत्री सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप कार्यरत रहेंगे। उनकी संविदा नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी। इसे लेकर गृह विभाग ने आदेश जारी किया है।
पिछले अक्टूबर की तुलना में इस अक्टूबर में 26 फीसदी ज्यादा जीएसटी संग्रहण

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में अक्टूबर-2019 की तुलना में अक्टूबर-2020 में जीएसटी संग्रहण में 26 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। देश के बड़े राज्यों में जीएसटी संग्रहण में वृद्धि के मामले में छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश संयुक्त रूप से पहले स्थान पर है। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रदेश में पिछले वर्ष अक्टूबर में 1570 करोड़ रूपए का जीएसटी संग्रहण हुआ था। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल अक्टूबर में 404 करोड़ रूपए ज्यादा जीएसटी प्राप्त हुआ है। चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 के अक्टूबर महीने में राज्य में 1974 करोड़ रूपए की जीएसटी संग्रहित हुई है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कोरोना संकट काल में भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाए रखने लिए गए दूरदर्शितापूर्ण निर्णय के सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश में पूरे लॉक-डाउन के दौरान ग्रामीण और वन क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां लगातार चलती रहीं। किसान न्याय योजना के माध्यम से प्रदेश के 19 लाख किसानों को नियमित अंतराल में धान बिक्री की राशि मिलती रही है। राज्योत्सव के मौके पर इसकी तीसरी किस्त के रूप में 1500 करोड़ रूपए किसानों के खाते में डाले गए हैं। पूर्व में भी 1500-1500 करोड़ रूपए की दो किस्तें किसानों के खातों में अंतरित की गई हैं। गोधन न्याय योजना के जरिए भी किसानों और पशुपालकों से गौठानों में गोबर की खरीदी कर करीब 40 करोड़ रूपए दिए गए हैं।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जी.एस.टी. मंत्री टी.एस. सिंहदेव की पहल पर कोरोना काल में गांवों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने मनरेगा का क्रियान्वयन प्रभावी तरीके से किया गया। इसके फलस्वरूप गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रही। लोगों की जेब में पैसा आने से इसका लाभ उद्योग और व्यापार जगत को भी मिला। संकट-काल में ग्रामीण क्षेत्रों में जो आर्थिक तरलता बनी रही, उसका लाभ उद्योगों को भी मिला। वनांचलों में भी इस दौरान स्वसहायता समूहों के द्वारा वनोपज की खरीदी जारी रही। कोरोना संकट के दौरान रियल इस्टेट सेक्टर को सक्रिय बनाए रखने के लिए जमीनों की खरीदी-बिक्री की शासकीय गाइडलाइन दरों में 30 प्रतिशत की छूट दी गई। ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी बेहतर कारोबार हुआ। लॉक-डाउन के दौरान भी प्रदेश की कोयला खदानों और इस्पात उद्योगों में उत्पादन जारी रहा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा- छत्तीसगढ़ का मान कांग्रेस सरकार ने बढ़ाया

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों व्यक्ति व संस्था को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया गया. इस असवर पर विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 20 साल में 2 साल 2 महीने हमारे हिस्से में आया है. इस समय में हमने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और गौरव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है. राहुल गांधी भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के संस्कृति का उदाहरण देते हैं. हमारी सरकार ने जो किया है वो पिछली सरकार ने नहीं किया. छत्तीसगढ़ का अगर किसी ने मान बढ़ाया है तो वो यह सरकार है. हमारी रहन सहन संस्कृति समाप्त हो रही थी. अच्छे समय में यह सरकार आयी है जो परंपरा को आगे बढ़ा रही है ।
न्याय योजना की तीसरी किस्त देकर किसानों से किया वादा निभाया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी में संबोधन दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने राजीव गांधी न्याय योजना की तीसरी किस्त की 1500 करोड़ की राशि किसानों के खाते में पहुंचा दी है. आत्मानन्द जी के नाम पर अंग्रेज़ी मीडियम स्कूल की शुरुआत की, जो गरीब परिवार हैं, उनके बच्चे भी बिना खर्च अंग्रेज़ी माध्यम से पढ़ सकेंगे. रायपुर से लेकर बलरामपुर,बीजापुर तक भी वैसी ही पढ़ाई होनी चाहिए. यही हमारी कोशिश है. ताकि हमारे बच्चों को अवसर मिल सके. मुख्यमंत्री ने बताया कि इंग्लिश मीडियम 53 स्कूलों में 10 हजार से अधिक छात्र छात्राओं ने दाखिला लिया है. अगले साल हर ब्लाक स्तर पर इंग्लिश मीडियम स्कूल की शुरुआत होगी. बघेल ने
मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजना के तहत 30 बसों का लोकार्पण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 वें साल में प्रवेश पर मैं हमारे पुरखों को याद करता हूं, प्रणाम करता हूं. अटल बिहारी वाजपेयी को भी स्मरण करता हूं. जो उस समय प्रधानमंत्री थे ।
कौशिक के बयान पर ली चुटकी
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के सम्बोधन पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री बोले कि मरवाही में उपचुनाव है और आपका भाषण चुनाव प्रचार जैसा ही था, लेकिन मैं यही कहूंगा कि आप उंगली उठाते जाइए, हम काम करते जाएंगे. 15 साल तक किसानों को केवल बीजेपी के शासन काल में केवल ठगी ही हुई. हमने जो किसानों से वादा किया था वो पूरा कर रहे हैं, हमने गोबर खरीद रहे है, और गोबर खरीदी का वादा हमने नहीं किया था. लेकिन हम व्यवस्था कर रहे है. डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में महुआ फेंकने के लिए आदिवासी मजबूर थे. लेकिन हमने आदिवासियों से महुआ खरीद रहे है ।
नीति आयोग हमारी तारीफ कर रहा है. सफाई में छत्तीसगढ़ पहले नंबर पर आया है. कोरोना काल में मजदूरों के लिए सबसे अच्छी व्यवस्था अगर कही हुई है तो वो छत्तीसगढ़ में हुई है. 7 लाख प्रवासी मजदूरो की रहने की व्यवस्था हमने की. हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अव्वल आ रहा है. वनाधिकार पट्टा देने में सबसे आगे है. कानून व्यवस्था बेहतर हुई है. हमारी कोशिश है हम हर क्षेत्र में अच्छा काम करे. ड्रग्स मामले में पिछले सरकार में कोई कार्रवाई नहीं हुई. हमारी सरकार में तो हमारे पुलिसकर्मी नाइजीरिया के पैडलर को गिरफ्तार करके लाए है ।
पिछली सरकार ने मंदिर निर्माण में एक ईंट नहीं रखी
वनवास के दौरान सबसे ज्यादा समय तक राम जी छत्तीसगढ़ में रहे. 15 साल तक पिछली सरकार ने एक ईंट भी नही रखी. हम वन गमन पथ का निर्माण कर रहे हैं. राम को हम दिल से मानते हैं. हम इनसे कोई राजनीति नहीं करना चाहते. मनरेगा को लेकर बहुत गालियां देते थे, अब उसी में सबसे ज्यादा लोग काम कर रहे हैं ।
सबले बढ़िया छत्तीसगढ़िया का नारा हुआ चरितार्थ- राज्यपाल अनुसुइया उइके
कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़ी राज्यपाल अनुसुइया उइके ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण किया. राज्यपाल ने कहा कि कम समय में छत्तीसगढ़ के लोगों ने मुझे आत्मसात कर लिया है. यहां के लोगों ने मुझसे बहुत प्यार किया. इतना प्यार पाकर अभिभूत हूं. सबले बढ़िया छत्तीसगढ़िया का नारा चरितार्थ हो रहा है. कोरोना का छत्तीसगढ़ के लोगों ने मजबूती से सामना किया. मुझे कहते यह खुशी हो रही है कि छत्तीसगढ़ को जो वरदान मिला है, उसे संवारने में यहां के लोग सफल हुए है. आगे चलकर छत्तीसगढ़ पूरे विश्व मे अपना परचम लहराएगा ।
राज्योत्सव कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे. इस कार्यक्रम में कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ छोटा बहुत ही सुंदर प्रदेश है. छत्तीसगढ़ 20 साल का हो गया. प्रदेश युवा हो गया है. 20 साल में से 15 साल तक बीजेपी की सरकार रही. डॉ रमन सिंह ने चावल की योजना देने की योजना शुरु की थी ।
प्रदेश को नक्सल मुुक्त करने रणनीति बनाकर काम करने की जरूरत- कौशिक
किसानों को शून्य प्रतिशत किसानों को कर्जा दिया गया था. धान खरीदी की व्यवस्था का लाभ मिल रहा है. किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी बढ़ाने की जरुरत है. छत्तीसगढ़ में किसान आत्महत्या करता है यह गंभीर मामला है. हमें ऐसी योजना बनाने की जरुरत है कि किसान आत्महत्या ना करें. नक्सल समस्या से प्रदेश को कैसे मुक्त करना है. इस पर रणनीति बनाकर काम करने की जरुरत है. नक्सलवाद का उन्मूलन करने की बहुत ही आवश्यकता है. इसी बयान पर ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुटकी ली ।
पंचायत तंत्र 24.com,,रायपुर। राजधानी रायपुर में आज से स्वर्गीय हरविंदर सिंह होरा मेमोरियल इंटर टेनिस टूर्नामेंट की शुरुआत हो गई है। यूनियन क्लब में आयोजित इस टूर्नामेंट की मेजबानी छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस एसोसिएशन कर रहा है। तीन दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मैच 45, 55 और 65 साल के सिंगल और डबल्स वर्ग में खेला जाएगा। जिसमें प्रदेश भर के टेनिस खिलाड़ी शिरकत करेंगे। टूर्नामेंट का शुभारंभ आज पहले दिन क्लब में बने अत्याधुनिक टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट के उद्घाटन के साथ किया गया। जिसमें क्लब के तमाम पदाधिकारियों के साथ ही रायपुर उत्तर के विधायक कुलदीप जुनेजा रायपुर शहर के महापौर एजाज ढेबर, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा पहुंचे थे।
इस अवसर पर महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि रायपुर में तमाम ऐसी प्रतिभाएं हैं, जिनमें निखार आ जाए तो वे विश्व स्तर के तमाम टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक लाएंगे। सरकार और रायपुर नगर निगम का यही प्रयास है कि इन प्रतिभाओं को खोजा जाए और उन्हें तराशा जाए। बातचीत के दौरान एजाज ढेबर ने लॉकडाउन के दौरान तमाम संस्थाओं को उनके द्वारा किए गए मदद के लिए भी धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के महासचिव गुरु चरण सिंह होरा ने कहा कि कोविड संक्रमण के कारण से कई सारे आयोजन रुक गए थे। लेकिन अब जैसे-जैसे संक्रमण समाप्त हो रहा है, वैसे-वैसे टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। क्लब ने अगले 6 महीने तक के आयोजनों की सूची तैयार कर ली है। उन्होंने क्लब के टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और महापौर एजाज ढेबर को धन्यवाद दिया।
वहीं विधायक कुलदीप जुनेजा ने बताया कि टेनिस और बैडमिंटन ग्राउंड का आज उद्घाटन किया गया है। यह क्लब खेल के नाम से पूरे प्रदेश में जाना जाता है इसके लिए गुरु चरण सिंह होरा और सारे पदाधिकारियों को बधाई। बहुत सारे ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी प्रतिभा को निखारने का काम यूनियन क्लब से हुआ है और कई खिलाड़ी आज नेशनल तक पहुंच गए।
हमारी जनकल्याण की योजनाएं और उपलब्धियां राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित हुई: मुख्यमंत्री

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर लोकसभा सांसद राहुल गांधी की वर्चुअल उपस्थिति में आज राज्य के 19 लाख किसानों के खाते में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त 1500 करोड़ रूपए अंतरित किए गए। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत एवं मंत्रीगणों की विशेष मौजूदगी में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना और मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत राज्य के 30 नगरीय स्लम एरिया में मोबाइल हॉस्पिटल-सह-लैबोरेटरी का शुभारंभ भी हुआ। समारोह में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद पी.एल. पुनिया एवं विधायक मोहन मरकाम सहित अन्य विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं जिलों से अन्य लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ के लोगों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसान और मजदूर देश की नींव है। इनके कमजोर होने से देश कमजोर होगा। सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश वर्तमान समय में कोविड-19 के कारण मुश्किल दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में जो कमजोर हैं, उन्हें ज्यादा कठिनाई होती है। उन्होंने कहा कि देश में किसानों की हालत किसी से छुपी नही है। किसानों के आत्महत्या की खबरें लगातार आ रही हैं। हमें किसानों और मजदूरों की रक्षा करनी चाहिए, उनके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की नींव गांव है और गांव की नींव किसान और मजदूर है। यदि किसान और मजदूर कमजोर होंगेे, तो पूरा देश कमजोर हो जाएगा। किसानों और मजदूरों की रक्षा का मतलब देश की रक्षा के साथ-साथ देश की नींव को मजबूत करना और भविष्य को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि इसी तरह देश के भविष्य की नींव बच्चे और युवा हैं। युवाओं को यदि बेहतर अवसर और भविष्य नहीं मिलेगा तो इससे देश कमजोर होगा।
सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों, मजदूरों और गरीबों की भलाई के लिए शुरू की गई राजीव गांधी किसान न्याय योजना तथा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल एवं मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की ये तीनों योजनाएं नींव को मजबूत बनाने और उसकी रक्षा करने वाली है। इससे पूरे देश को मजबूती मिलेगी। राहुल गांधी ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ ने पूरे देश को रास्ता दिखाया है। चाहे वो किसानों की मदद और जमीन की रक्षा का मामला हो, उद्योग धंधों को बढ़ावा देने एवं ग्रामीण और युवाओं को स्वावलंबी बनाने का काम हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में मंत्रि-मंडल एवं सहयोगियों की टीम पूरे विजन के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में छत्तीसगढ़ एक नया मॉडल राज्य बन रहा है। किसानों, आदिवासियों के हितों की रक्षा और बेहतर शिक्षा की व्यवस्था करके युवाओं के भविष्य को गढ़ने का काम छत्तीसगढ़ राज्य में हो रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू करके आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों एवं युवाओं को भी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा सुलभ कराई है।
सांसद राहुल गांधी ने देश में किसानों की वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज किसान परेशान है, उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। केन्द्र सरकार द्वारा कृषि के क्षेत्र में पारित तीन नये कृषि कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि उपज मंडियों और न्यूनतम समर्थन मूल्य का महत्वपूर्ण रोल है। इससे किसानों के हितों की रक्षा होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी सिस्टम में कमियां हो सकती है। इसका ये मतलब नही है कि उसको खत्म कर दिया जाए। सिस्टम में सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में 2006 में मंडियों को खत्म करने के बाद से लगातार किसानों की स्थिति कमजोर हुई है। केन्द्र सरकार के इन तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ हम लड़ाई लड़ रहे हैं। पंजाब और छत्तीसगढ़ में इसका विरोध हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री से इन तीनों कृषि कानूनों पर फिर से विचार करने और मंडी सिस्टम को मजबूत बनाने का आग्रह किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री इस पर पुर्नविचार जरूर करेंगे।
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक यूनिक स्टेट है। यहां जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक सम्पदा भरपूर है। छत्तीसगढ़ गरीब नही है, जनता गरीब है। मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार ने इन विसंगतियों को दूर करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की राशि यहां के लोगों की बेहतरी और छत्तीसगढ़ को नये विजन के साथ आगे ले जाने के लिए खर्च की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की दिशा में सरकार और उसकी पूरी टीम एक साथ मिलकर काम कर रही है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य के 21 वें स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। बघेल ने कहा कि हमें खुशी हैं कि पिछड़ेपन और असंतुलित विकास को दूर कर छत्तीसगढ़ के आम लोगों की भावना के अनुरूप विकास करने के छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माताओं की सोच के अनुरूप काम करने में हम सफल हुए हैं । हमने पिछले 22 महीनों में ऐसी योजनाओं का क्रियान्वयन किया हैं जिसके मूल में छत्तीसगढ़ के गरीब, किसान, वनाश्रित, अनुसूचित जाति और पिछड़े लोगों का उत्थान है। इन योजनाओं के सफल परिणाम सभी क्षेत्रों में अब साफ तौर पर दिखने भी लगे हैं। रोजगार उपलब्धता, कृषि उत्पादन, भू-जल स्तर में वृद्धि, स्वच्छता, व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र, जीएसटी के आंकड़े, बिजली उत्पादन आदि में हमारी सफलता राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित हो रही हैं। आदिवासी क्षेत्रों में संचालित पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की योजनाओं की सफलता की प्रशंसा नीति आयोग और अन्य नीति निर्माता संस्थाओं ने की है।
बघेल ने कहा कि बीते एक साल में मुख्यमंत्री सुपोषण योजना की बदौलत 67 हजार कुपोषित बच्चे कुपोषण के चक्र से बाहर आ गये हैं । राज्य में कुपोषित बच्चों की संख्या में 13.79 प्रतिशत की गिरावट आयी है । उन्होंने कहा श्रीमती सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने जो विजन दिया था, उस विजन को हम जमीन पर मूर्तरूप देने में कामयाब हो रहे हैं। राहुल गांधी के न्याय के विजन को हमने जिस तरह से कृषि क्षेत्र में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से मूर्तरूप दिया है। इससे छत्तीसगढ़ के सम्पूर्ण कृषि क्षेत्र के साथ साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में क्रान्तिकारी बदलाव आये है । हमारी अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कहा कि सही सोच और नीयत के साथ शुरू की गई कोई योजना लोगों के जीवन में किस तरह सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है, राजीव गांधी किसान न्याय योजना इसका विलक्षण उदाहरण हैं ।
गोधन न्याय योजना का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि हमने गोबर संग्राहकों से गोबर खरीद कर उन्हें अभी तक 39 करोड़ रूपये का भुगतान किया है । इससे छत्तीसगढ़ के गांवो में ग्रामीणों को रोजगार और आय का अतिरिक्त जरिया मिला हैं। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना गरीब गोपालकों के जीवन स्तर को उंचा उठाने, उन्हें रोजगार और आय के नये साधन उपलब्ध कराने के लिए बनायी गयी हैं। मुझे यह बताने में आज गर्व महसूस हो रहा हैं कि हम अपने उददेश्य में सफल हुए हैं। मैं यह भी कहना चाहूंगा कि अगर आपकी नीयत साफ हो और आपके मन में वास्तव में गरीबों का उत्थान करने की इच्छा हो, तो इस तरह की अनूठी योजना बनती है और सफल भी होती है ।
बघेल ने कहा कि हमने केन्द्र सरकार के किसान विरोधी कानून से अपने राज्य के किसानों के साथ होने वाले अन्याय को रोकने का पुख्ता उपाय कर दिया हैं। मंडी एक्ट में संशोधन किया है अब हमारे राज्य के किसानों को कोई हानि नहीं होगी। राज्य के अधोसंरचना और औद्योगिक विकास की दिशा में भी हमने महत्वपूर्ण कदम उठाये है। हमने उद्योगों की स्थापना के लिए 25 एम.ओ.यू. किये है और 22 नवीन एम.ओ.यू. प्रस्तावित हैं। इससे राज्य में लगभग 20 हजार करोड़ का पूंजी निवेश होगा और लगभग 36 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। हमारे अथक प्रयासांे के बाद केन्द्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को धान से इथेनाल बनाने की योजना को अनुमति प्रदान की है। इससे हमारे किसानों की आय में अतिरिक्त इजाफा होगा। राज्य में इथेनाल बनाने के उद्योग लगने पर लगभग 10 हजार करोड़ का निवेश आने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अधोसरंचना को सुदृढ़ करने का काम भी तेज गति से जारी हैं। धरसा विकास योजना के तहत गांव के कच्चे रास्तों को पक्का करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा हैं । इससे ग्रामीणों और मवेशियों को बरसात सहित सभी मौसम में सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी । उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 13 हजार 230 करोड़ रूपये की लागत से सड़क और पुल-पुलिया के निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम कर रहे हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए हमने ई-श्रेणी में पंजीयन आरंभ किया हैं। उच्च गुणवत्ता की विद्युत उत्पादन में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल है। हम आज आदिवासी बहुल बस्तर के बीजापुर जिले में 132/33 के.व्ही. के उपकेन्द्र एवं 87.5 कि.मी. 132 के.व्ही. बारसूर बीजापुर लाईन का भी उदघाटन कर रहे है ।
बघेल ने कहा कि आज सांसद राहुल गांधी अपनी वर्चुअल मौजूदगी में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राज्य के करीब 19 लाख से अधिक किसानों को 1500 करोड़ रूपये की राशि उनके खाते में अंतरित कर रहे हैं। इसके पहले हम 21 मई और 20 अगस्त को 1500-1500 करोड़ रूपए की दो किस्त किसानों दी थी। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना अंतर्गत हम 52 अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शुरू कर रहे हैं। यहां शिक्षा निशुल्क होगी। इन स्कूलों में अभी तक 27 हजार 741 बच्चे प्रवेश ले चुके हैं। बघेल ने कहा कि स्लम में रहने वाले नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना की भी शुरूआत कर रहे है। इससे स्लम क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और श्रमिकों को स्वस्थ्य रखने के लिए सुबह-शाम चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करायेंगे।
राज्योत्सव के वर्चुअल कार्यक्रम का संचालन कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे एवं अंत में आभार प्रदर्शन, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, केबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर, डॉ. प्रेमसाय सिंह, डॉ. शिव कुमार डहरिया, अमरजीत भगत, कवासी लखमा, अनिला भेंड़िया, गुरू रूद्र कुमार, उमेश पटेल, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रूचिर गर्ग, मुख्यसचिव आर.पी. मंडल, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। धान खरीदी की व्यवस्था और किसानों को पिछली खरीदी की राशि का पूरा भुगतान नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी प्रवक्ता तथा पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा है कि मंत्री टीएस सिंहदेव ने दावा किया था कि अगली धान खरीदी के पहले किसान का पूरा भुगतान नहीं होता है तो वे मंत्री पद छोड़ देंगे. अब समय आ गया है कि सिंहदेव या तो किसानों की पूरी रकम दिलवाएं या फिर वनवास पर जाने के लिए तैयार रहें ।
राजेश मूणत ने कहा कि किसान सीजन की धान खरीदी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. और उसका पिछला भुगतान ही अधर में लटका हुआ है. कृषि मंत्री कह रहे हैं कि 2 नवम्बर को मंत्रिमण्डलीय उपसमिति की बैठक में किसानों के बकाया की चौथी किश्त पर विचार किया जाएगा, यह किसानों के साथ धोखेबाजी है. किसानों को वादे के मुताबिक, एकमुश्त भुगतान किया जाना चाहिए था ।
उन्होंने कहा कि सरकार ने वादा खिलाफी करते हुए उसे अंतर की राशि किश्तों किश्तों में देने की ऐसी योजना बनाई कि अन्नदाता को अपनी उपज के दाम के लिए याचक की भूमिका में खड़ा कर दिया. किसान पर एहसान थोपने के लिए तथाकथित न्याय योजना का ढिंढोरा पीटा गया. इस योजना के नाम पर किसान के साथ अन्याय और अपमान किया जा रहा है. किसान से किया गया वादा निभाने की अगर कांग्रेस सरकार की नीयत होती तो अंतर की राशि का एक साथ भुगतान कर दिया गया होता ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर यानी आज के दिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने किसान अधिकार दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया. जिसके तहत छत्तीसगढ़ में भी प्रदर्शन किया गया. सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कृषि कानून के विरोध में सत्याग्रह का आयोजन किया गया था. यह प्रदर्शन घड़ी चौक स्थित भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप किया गया और केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की गई ।
इसके साथ ही कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान भी जारी है. हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन को जल्द से जल्द प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 14 नवंबर को दो करोड़ किसान व खेत-मजदूरों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा ।
प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की शहादत दिवस के दिन आज कांग्रेस ने पूरे देशभर के सभी जिला मुख्यालयों में किसान अधिकार दिवस के रुप में मनाया. आज के दिन सभी जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन आयोजित कर केंद्र सरकार के लाए गए तीनों कालों कानूनों का विरोध किया. तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग की गई. छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की और केंद्र सरकार से मांग की है कि देश की खेती को बर्बाद करने वाले काले कानूनों को तत्काल वापस ले ।