Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना इलाके में साल 2018 में हुए हत्या के मामले में कोर्ट ने 6 आरोपियों को बरी कर दिया है. लेकिन कोर्ट ने विवेचक अधिकारी लक्ष्मण कुमेटी की विवेचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में आरोपियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निम्नतम स्तर की विवेचना की गई. फिर थाना प्रभारी अश्वनी राठौर ने भी अंतिम प्रतिवेदन पेश करते समय प्रकरण के सभी साक्ष्यों का सही तरीके से अवलोकन नहीं किया और कार्य के प्रति लापरवाही बरती गई. मामले की सुनवाई सुरेश जून की अदालत में हुई ।
इसके साथ ही कोर्ट ने छत्तीसगढ़ शासन के गृह सचिव को इस गंभीर लापरवाही पर पुलिस के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की अनुशंसा की है. उन्होंने कहा है कि इस प्रकरण के विवेचक लक्ष्मण कुमेटी और थाना प्रभारी अश्वनी राठौर के खिलाफ विभागीय जांच की जाए और जांच के निष्कर्ष से इस न्यायलय को अवगत कराया जाए ।
आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ए.के. सेन ने बताया कि मृतक परमानंद का उसी गांव के निवासी फुलबतिया और भगवती के बीच संपत्ति विवाद था, लेकिन पुलिस ने यह स्टोरी बनाई कि इसकी हत्या डेढ़ लाख रुपए सुपारी देकर कराई गई है. आरोपियों ने रिश्तेदार उमाशंकर को हायर किया, फिर उमाशंकर ने अपने तीन दोस्तों को हायर किया. पुलिस ने इस आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया था. चार्जशीट फाइल होने के बाद गवाही ली गई. इस दौरान विवेचना अधिकारी लक्ष्मण कुमेटी और थाना प्रभारी अश्वनी राठौर ने साक्ष्य नहीं जुटाते हुए जांच में लापरवाही बरती. अब कोर्ट ने सबूत के आभाव में सभी आरोपियों को बरी कर दिया है ।
बता दें कि 27 अक्टूबर 2018 में विधानसभा थाना क्षेत्र के डबरा खदान के पास पप्पू उर्फ परमानंद चतुर्वेदी की हत्या कर दी गई थी. मामले में अभियुक्त फुलबतिया चतुर्वेदी, भगवती चतुर्वेदी, उमाशंकर धृतलहरे, कैलाश कुमार धृतलहरे, धर्मेन्द्र कुमार जांगड़े और हरिश कुमार पटेल को धारा 302, 120 बी, 201 के तहत गिरफ्तार किया गया था ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मंत्री माधव सिंह ध्रुव के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है. मुख्यमंत्री बघेल ने माधव सिंह ध्रुव के परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
बता दें कि अविभाजित मध्यप्रदेश-छतीसगढ़ के पूर्व केबिनेट मंत्री और सिहावा से विधायक रहे कांग्रेस नेता माधव सिंह ध्रुव का आज निधन हो गया है. माधव सिंह ध्रुव को फूड पोइजिनिंग और लो बीपी की शिकायत थी. जिसकी वजह से उनकी तबीयत ज्यादा ही बिगड़ गई थी।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनसे मिलने के लिए कांग्रेस के बड़े नेताओं का आना जाना लगा हुआ था. डॉक्टरों ने भी उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की है, लेकिन बचा नहीं सके और आज सुबह माधव सिंह का निधन हो गया।
 

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। देश भर में प्याज की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही है. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी प्याज की कीमत रुलाने लगी है. अभी बाजारों में प्याज 80 रुपए किलो बिक रही है. जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. त्योहार (दिवाली) के नजदीक आते-आते कीमतें और बढ़ सकती है. हालांकि प्याज की सप्लाई बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने आयात के नियमों में ढील दी है ।
रायपुर सब्जी मंडी के अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि आमतौर पर ठंड में सब्जियों के रेट कम हो जाते है, इस बार परिस्थितियां विपरीत है. बारिश की वजह से यूपी, बिहार में फसलें प्रभावित हुई है. वहां के व्यापारी छत्तीसगढ़ से सब्जियों को खरीद कर ले जा रहे हैं. जिन सब्जियों को रायपुर आना था वह बिहार और यूपी जा रही है. जिस कारण यहां सब्जियां महंगी आ रही है. अब स्थितियां ऐसी है कि दीपावली के बाद ही सब्जियों के रेट में गिरावट आएगी. इससे पहले सब्जियों के रेट में गिरावट होने की संभावना बिल्कुल भी नहीं है. इस बार प्याज की फसल भी काफी कम हुई और नई फसल प्रभावित हुई है. आने वाले समय से और भी सब्जियों के दामों में वृध्दि होगी ।
अभी क्या है सब्जियों के दाम ?
राजधानी में अभी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं. टमाटर 40 से 50, धनिया 140 से 150, हरी मिर्च चिल्हर 80 से 100, कुंदरू 40 से 50, लौकी 30 से 40, भाटा 40 से 50, बरबट्टी चिल्हर 40 से 50, सेमी 80, खेक्सी 140 से 160, भिंडी 60 से 80, आलू 40, प्याज 70 से 80, गोभी 90 से 100, शिमला 80 से 100, गाजर 40 से 50, चुकन्दर 30 से 40, लहसुन 120 से 140, मूली 60, लाल, पालक भाजी थोक 60 से 80, मुनगा चिल्हर 80, खीरा 40 से 50 रुपए बाजार में बिक रही है ।
क्यों बढ़े प्याज के दाम ?
अभी रबी फसल की भंडार की हुई प्याज बाजार में बिक रही है. पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हुई. ये तीनों राज्य प्याज के मुख्य उत्पादक है. बारिश की वजह से खड़ी खरीफ की फसल के साथ-साथ गोदामों में रखे प्याज को भी काफी नुकसान हुआ है. जिस वजह से प्याज की सप्लाई घटने की आशंका पैदा हो गई और कीमतों में अचानक उछाल देखने को मिला ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज से तीन दिन के लिए तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. गुरुवार दोपहर एक बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, वहां पार्टी आलाकमान के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे. इसके बाद शुक्रवार को मध्य प्रदेश और शनिवार को बिहार का दौरा करेंगे. बता दें कि बिहार विधानसभा और मध्य प्रदेश में चल रहे उप चुनावों में बघेल कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।
भूपेश बघेल मध्यप्रदेश में माधवराव सिंधिया के गढ़ ग्वालियर के धामनी विधानसभा क्षेत्र के सिहोनिया जाएंगे. वहां कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के बाद दतिया होते हुए पंडोखर (भांडेर विधानसभा) पहुंचेंगे. शाम पांच बजे ग्वालियर लौटेंगे. ग्वालियर और ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में दो कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे ।
मुख्यमंत्री बघेल शनिवार को बिहार में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. सीएम सुबह 11 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेगे. वहां नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में 11.20 बजे उनकी पहली चुनावी आम सभा होगी. दूसरी आमसभा खगड़िया जिले की बेलदौर विधानसभा क्षेत्र में दोपहर एक बजे होगी. सीएम वहां से भागलपुर के कहलगांव में तीसरी चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद पटना लौट जाएंगे ।
 

मुख्यमंत्री ने कहा: शहीद महेन्द्र कर्मा की इच्छानुरूप होगा बस्तर का विकास
 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर । सरपंच संघ की मांग पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बस्तर अंचल के विकास और समृद्धि के लिए 4 से 5 बड़े स्टील प्लांट को खोलने की सहमति प्रदान की है ताकि यहां के स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सके। दंतेवाड़ा जिले से आए सरपंच संघ के प्रतिनिधि मंडल ने आज राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद महेन्द्रकर्मा जी की भी इच्छा थी कि दंतेवाड़ा सहित बस्तर अंचल में बड़े उद्योग लगे। उनकी इच्छानुरूप ही बस्तर का विकास किया जाएगा। सरपंच संघ की मांग पर राज्य सरकार द्वारा इस अंचल में 4 से 5 बडे़ स्टील प्लांट खोलने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
 प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री से गीदम विकासखण्ड के घोटपाल-हीरानार में उपलब्ध लगभग 500 एकड़ जमीन में उद्योग लगाने के संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इसके लिए किसानों से जमीन लेने की आवश्यक्ता भी नहीं होगी।
 प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री से कहा कि बस्तर अंचल से लौह अयस्क बाहर भेजा जाता है। इस अंचल के दंतेवाड़ा, कांकेर, कोण्डागांव सहित अन्य स्थानों में बड़े लगने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा वहीं इन उद्योगों के लगने से अन्य सहायक उद्योग धंधे भी प्रारंभ होंगे जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि उद्योग लगने से यहां होटल और परिवहन व्यवसाय में भी बढ़ोतरी होगी। इसका फायदा भी स्थानीय लोगों को मिलेगा।    
 मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सरपचों ने राज्य सरकार द्वारा आदिवासी समाज की आस्था के अनुरूप वनांचल क्षेत्रों में देवगुड़ी के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की और सरपंच संघ की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। सरपंचों ने बताया कि कोरोना संकट के समय गोबर विक्रय से मिली राशि ग्रामीणों के काम आयी। गोबर से पैसा मिलने से ग्रामीण खुश हैं। गोठानों में गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाने का काम भी किया जा रहा है। गांवों में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत सूखा राशन वितरण की जानकारी उन्होंने दी।
 सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री अनिल कर्मा ने बताया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में गोठान निर्माण का कार्य चल रहा है साथ ही गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर खरीदी एवँ वर्मी कम्पोस्ट बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है । उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर पुराने भवनों का जीर्णोद्धार कर स्थानीय युवाओं को कपड़ा दुकान, नाई की दुकान, पंचर रिपेयरिंग जैसे छोटे-छोटे रोजगार उपलब्ध कराने का भी कार्य किया जा रहा है । इस अवसर पर मोपलनार, बड़े सुरोखी, नांगुल और गोठपाल ग्राम पंचायत के सरपंच भी उपस्थित थे ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। सात साल पहले एक टीवी डिबेट के दौरान हंगामा और तोडफ़ोड़ के मामले के आरोपी पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और उनके 7 समर्थक 5-5 हजार रुपए के व्यक्तिगत मुचलके में छूटे. सबके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
मामले में वकील बृजेश पांडे ने बताया कि वर्ष 2013 में विधानसभा चुनाव के दौरान एक न्यूज़ चैनल का लाइव टेलीकास्ट हो रहा था, जिसमें बृजमोहन अग्रवाल और किरणमयी नायक मौजूद थे, वहां पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हंगामा और तोड़फोड़ की घटना हुई थी. मामले में  किरणमयी नायक ने शिकायत की थी, वहीं भाजपा की ओर से संजू नारायण सिंह ठाकुर ने भी शिकायत की थी, दोनों पक्षों के बीच में काउंटर केस था।
इस मामले में न्यायालय से सम्मन जारी होने पर बृजमोहन अग्रवाल और उनके 7 साथी उपस्थित हुए थे. केस अब शुरू होगा. आरोपी जब उपस्थित हो जाते है, उसके बाद प्रकरण स्टार्ट होता है. जनप्रतिनिधि अधिनियम लागू हो गया, जिसमें सांसद और विधायक के केसेस का शीघ्र निराकरण करना है. बृजमोहन अग्रवाल वर्तमान में विधायक है इसलिए ये नियम लागू होता है. इस केस का न्यायालय के द्वारा 1 साल के अंदर निराकरण किया जाना है. उपस्थित हुए आरोपियों पर धारा 147, 294, 323 का आरोप है।
 

जमाखोरों के ठिकानों में छापेमारी करने कलेक्टर को निर्देश
 
 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा कि केन्द्र सरकार महंगाई को काबू कर पाने पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। रायपुर में पिछले 2 दिनों से सेब से महंगा बिक रहा है प्याज और पूरी जनता त्रस्त है। विकास ने केन्द्र सरकार से पूछा है मोदी सरकार छत्तीसगढ़ और देश के दूसरे हिस्सों में प्याज की बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए अभी तक क्या कदम उठाए हैं, स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा, केन्द्र की इन्हीं विफलताओं को छुपाये रखने छत्तीसगढ़ की पूरी भाजपा तांडव नृत्य कर जनता के मजबूरी का मजा ले रही है।
विकास उपाध्याय पिछले दो दिनों से प्याज के बेतहासा बढ़ोतरी को लेकर केन्द्र सरकार के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है और कहा है मोदी सरकार जिस महंगाई को कम करने की बात कर सत्ता में आई वही महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले 2 दिनों से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में प्याज के दाम सेब की कीमत से भी ज्यादा में बिक रहे हैं। उन्होंने कहा महाराष्ट्र , राजस्थान, गुजरात और कर्नाटक में फसल को भारी नुकसान हुआ है। इसीलिए व्यापारियों ने जमाखोरी शुरू कर दी है, पर केन्द्र सरकार जमाखोरी रोक नहीं पा रही है।विकास उपाध्याय ने आशंका जाहिर की है कि नयी फसल फरवरी में आएगी, तब तक प्याज की कीमत कम होगी लग नहीं रहा है। इसलिए कि मोदी सरकार जमाखोरों को खुली छूट दे रखी है।
विकास उपाध्याय ने आगे कहा, कोरोना काल के लॉकडाउन का समय गुजर जाने के बाद अब मार्केट पूरी तरह खुल चुके हैं और होटल, ढाबे भी अब शुरू हो चुके है। इस वजह से भी प्याज की डिमांड बढ़ी है, जिसका फायदा जमाखोर पूरी तरह से उठा रहे हैं। विकास उपाध्याय ने रायपुर कलेक्टर से भी कहा है राजधानी रायपुर के ऐसे संभावित ठिकानों में छापामार की कार्यवाही कर उन जमाखोरों को बेनकाब किया जाए जो परिस्थितियों का नाजायज फायदा उठा कर आम जनता को महंगाई के मुँह में ढकेलने लिप्त हैं।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) महिलाओं को मजबूत करने के लिए अनेक आयामों पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त व स्वावलंबी बनाने स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही उनके उत्पादों को घर-घर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की जा रही है. स्वसहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मल्टी-यूटिलिटी सेंटर और गौठानों में जगह व संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं. बिहान की विभिन्न गतिविधियों से प्रदेश की महिलाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिल रहा है. आमदनी बढ़ने से परिवार की माली स्थिति अच्छी होने के साथ बच्चों की बेहतर परवरिश और पढ़ाई-लिखाई भी हो रही है ।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा टिकाऊ (Sustainable) कृषि को बढ़ावा देने के लिए संचालित समुदाय आधारित संवहनीय कृषि परियोजना से बड़ी संख्या में महिलाओं को जोड़ा गया है. इसके माध्यम से तीन लाख 76 हजार महिलाएं खेती और पशुपालन कर रही हैं. इन कार्यों में सहायता और मार्गदर्शन के लिए 4110 कृषि सखी एवं 4052 पशु सखी को प्रशिक्षित किया गया है. महिला किसानों के उत्पादों के मूल्य संवर्धन एव विपणन के लिए पांच कृषक उत्पादक संगठन भी बनाए गए हैं. इनमें दस हजार 394 उत्पादकों को जोड़ा गया है. चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में इन संगठनों द्वारा अब तक कुल एक करोड़ 62 लाख रूपए का व्यवसाय किया जा चुका है ।
बिहान द्वारा संचालित स्टार्ट-अप विलेज उद्यमिता कार्यक्रम SVEP से 7901 महिला उद्यमी स्वरोजगार कर रही हैं। इसके माध्यम से ईंट बनाने के काम में लगीं महिलाओं द्वारा अब तक पांच करोड़ 65 लाख ईंटों का निर्माण किया गया है। इन ईंटो का उपयोग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों और विभिन्न शासकीय भवनों में किया जा रहा है। मकान बना रहे ग्रामीण एवं निजी ठेकेदार भी इनसे ईंटों की खरीदी कर रहे हैं। प्रदेश भर में स्वसहायता समूहों की महिलाएं गौठानों में भी व्यापक स्तर पर रोजगारपरक गतिविधियों में लगी हुई हैं। बड़े पैमाने पर वर्मी कंपोस्ट के निर्माण के साथ वे बकरीपालन, मुर्गीपालन, मछलीपालन, सब्जियों की खेती जैसे कृषि से संबद्ध व्यवसाय के साथ ही रोजमर्रा के जीवन में उपयोग होने वाले उत्पादों जैसे साबुन, अगरबत्ती, दोना-पत्तल, गमला, दीया, गुलाल जैसी सामग्रियां बना रही हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वसहायता समूहों की महिलाएं ईंट, सीमेंट पोल, पेवर-ब्लॉक और चैनल-लिंक फेंसिंग बनाने के साथ ही कैंटीन संचालन, सेनेटरी नैपकिन निर्माण, हस्त शिल्प, रेडी-टू-ईट निर्माण, हाट-बाजारों के संचालन, मछली पालन और सिलाई जैसे कार्यों में भी लगी हुई हैं। रायपुर जिले के सुरभि क्लस्टर की 50 महिलाओं ने नवा रायपुर की सड़कों की साफ-सफाई का काम लिया हुआ है। वे यहां की 75 किलोमीटर सड़कों की सफाई करती हैं। स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए राज्य एवं जिले के मुख्य बाजारों में 125 बिहान बाजारों की स्थापना की जा रही है। इनका संचालन समूह की महिलाएं खुद करेंगी।
बिहान से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार के लिए सर्वसुविधायुक्त मल्टी-यूटिलिटी सेंटर (एकीकृत सुविधा केंद्र) स्थापित किए गए हैं। विभिन्न जिलों में अब तक स्थापित ऐसे 13 केंद्रों में महिलाएं 90 तरह की आजीविकामूलक गतिविधियां संचालित कर रही हैं। इन केंद्रों में 145 समूहों की 1014 महिलाओं को रोजगार मिला हुआ है। चप्पल, एल.ई.डी. बल्ब, मास्क, जूट बैग, गारमेंट सिलाई, मोमबत्ती, अगरबत्ती, धूपबत्ती, पेंसिल, साबुन, वाशिंग पावडर, दोना-पत्तल, ट्री-गार्ड, बेकरी आइटम, मशरूम उत्पादन, मोती की खेती, लाख ज्वेलरी, चूड़ी-कंगन, फेस-शील्ड, मछलीपालन, नर्सरी, गमला, पेवर-ब्लॉक, फ्लाई-एश ब्रिक्स, चैन लिंक फेंसिंग, आरसीसी फेंसिंग, सीमेंट पोल, फिनाइल, बांस के समान, कोसा धागाकरण, हथकरघा, सब्जी उत्पादन, मसाला, गुलाल, हैंडवाश, सेनेटरी नैपकिन, पेपर फाइल, लिफाफा, बैग, राखी जैसे विविध उत्पाद वहां तैयार किए जा रहे हैं।
स्वसहायता समूहों की महिलाएं बैंक सखी के रूप में कार्य कर बैंकिंग सेवा की कमी वाले इलाकों में लोगों को नगद राशि उपलब्ध कराने का काम भी कर रही हैं। वे गांव-गांव में पहुंचकर मनरेगा मजदूरी, पेंशन और छात्रवृत्ति की राशि हितग्राहियों के हाथों तक पहुंचा रही हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगों को उनके घर तक जाकर बैंक सखी रकम दे रही हैं। मनरेगा कार्यस्थलों पर जाकर भी वे मजदूरों को उनके खाते में आई मजदूरी का भुगतान करती हैं। प्रदेश भर में अभी 2069 बैंक सखी काम कर रही हैं। 1500 नई बैंक सखियों का चयन और प्रशिक्षण प्रक्रियाधीन है। कोरोना महामारी के दौरान 1 अप्रैल से 15 अगस्त 2020 तक बैंक सखियों द्वारा 13 लाख 57 हजार ट्रांजैक्शन्स कर 232 करोड़ 19 लाख रूपए का लेन-देन किया गया है। प्रदेश की 285 महिला समूह भी बैंक सखी की सेवाओं का उपयोग कर बैंकों से डिजिटल लेन-देन कर रही हैं।
स्वसहायता समूहों की महिलाएं प्रदेश में कोरोना प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना काल में विभिन्न समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित 47 लाख 14 हजार मास्क की बिक्री हुई है जिससे उन्हें पांच करोड़ 70 लाख रूपए मिले हैं। वहीं 19 हजार 615 लीटर सेनिटाइजर के विक्रय से महिला समूहों को 68 लाख 64 हजार रूपए प्राप्त हुए हैं। मास्क बनाने के काम में प्रदेश भर की 2274 समूहों की 8526 महिलाएं लगी हुई हैं। अलग-अलग जिलों की 68 महिला समूहों की 474 महिलाएं सेनिटाइजर बना रही हैं।
कोरोना काल में आंगनबाड़ी के बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक पोषण आहार पहुंचाने में भी बिहान की महिलाओं ने सक्रिय सहयोग दिया है। ये महिलाएं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बस्तर जिले में 90 हजार 042 बच्चों तक नियमित रेडी-टू-ईट पहुंचा रही हैं। कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, बस्तर, कांकेर, दंतेवाड़ा और धमतरी जिलों में बिहान मार्ट के माध्यम से समूह की महिलाएं मास्क, राशन, हरी सब्जियां, दवाईयां इत्यादि की घर पहुंच सेवा उपलब्ध करा रही हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं गांवों में कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में जन-जागरूकता फैलाने में भी जुटी हुई हैं। वे हाथ धुलाई के सही तरीके का प्रदर्शन कर, दीवार लेखन, रंगोली, व्हाट्स-अप इत्यादि के माध्यम से ग्रामीणों को लगातार जागरूक और शिक्षित कर रही हैं।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी के आमानाका थाना इलाके के टांटीबंध स्थित सत्या ट्रकिंग शोरूम में ट्रांसपोटर्स ने जमकर उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ की है. इतना ही नहीं ट्रांसपोटर्स ने शोरूम के संचालक आशीष खेड़िया और कर्मचारियों पर कांट से हमला कर मारपीट भी किया है. इस हमले में संचालक समेत 5 कर्मचारी घायल हो गए हैं. शोरूम में यह घटना ट्रक सर्विसिंग के दौरान उपजे विवाद के बाद घटी है. घटना के बाद ट्रांसपोटर्स धरने पर बैठ गए हैं ।
आमानाका थाना प्रभारी भरत बरेठ ने बताया कि ट्रांसपोटर्स अपनी ट्रक की सर्विसिंग कराने लाए थे. इसी दौरान गाड़ी सर्विसिंग को लेकर शोरूम के सेल्स मैनेजर और ट्रांसपोटर्स के बीच बहस हो गई. ये विवाद इतना बढ़ गया की दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में इकठ्ठा होकर ट्रांसपोटरों ने शोरूम में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया ।
उन्होंने आगे बताया कि ट्रांसपोटरों ने शोरूम में पथराव करते हुए संचालक पर कांच से हमला किया है. इस हमले में संचालक समेत शोरूम के 5 कर्मचारी घायल हुए है. सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंची आमानाका पुलिस की टीम ने मामले को शांत कराया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बयान के आधार पर आगे की जांच कर कार्रवाई कर रही है ।
ट्रांसपोर्टर ज्ञानी सिंह ने बताया कि ट्रक को सर्विसिंग के लिए शोरूम लाया हुआ था. शोरूम के कर्मचारियों ने कहा कि गाड़ी अंदर कैसे लाए बाहर रखिये, बाहर पुलिस चलान काट देती है. इसीलिए नहीं रखना चाहता था, फिर शोरूम के अंदर सेल्स मैनेजर के कैबिन में आशीष केडिया बैठा हुआ था. मैंने उनसे बात करनी चाही, तो उन्होंने कहा अंदर किस्से पूछकर घुसे हो, बाहर निकलो. इतना कहते हुए गाली बकने लगा और कहा बुजुर्ग है, इसीलिए भगा रहा हूं. फिर शोरूम के कर्मचारियों ने बाहर की ओर धक्का दिया. जिस कारण मेरी पगड़ी निकल गई. इसके बाद मुझे और मेरे साथियों को डंडे से मारा गया है ।
 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कौन बनेगा करोड़पति में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को लेकर अमिताभ बच्चन ने सवाल किया. इस सवाल ने देशभर का ध्यान न केवल अजीत जोगी बल्कि छत्तीसगढ़ की ओर भी खिंचा. केबीसी में अपने पिता को याद किए जाने पर अमित जोगी ने बिग बी का आभार व्यक्त किया है ।
कौन बनेगा करोड़पति शो पिछले 20 सालों से दर्शकों के दिल में घर बनाए हुए है. केबीसी का 12वां सीजन भी दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर हो रहा है. शो के होस्ट अमिताभ बच्चन का तो हर कोई दीवाना है. ऐसे में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का जिक्र देशभर का ध्यान खिंचता है ।
केबीसी में हॉटशीट पर बैठी अंकिता से अमिताभ बच्चन ने अजीत जोगी की तस्वीर दिखाते हुए सवाल किया कि राजनेता बनने से ठी पहले यह नेता किस सेवा में कार्यरत थे, अंकिता ने आईएएस, आईएफएस, आईएएफ और आईआरएस में से आईएएस चुनकर सही जवाब देते हुए अगले पड़ाव पर पहुंचने पर सफल रहीं ।