Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में गिरावट देखने को मिल रहा है. रविवार को 1894 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं, जबकि इलाज के दौरान 10 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई है. मरने वालों में रायपुर से 6, दुर्ग से 1 और बिलासपुर से 3 मरीज शामिल है ।
राहत की बात यह है कि अस्पताल से 305 समेत 2 हजार 77 कोरोना मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए हैं. प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 26 हजार 750 है. स्वास्थ्य विभाग ने आज 15 हजार 268 लोगों का कोरोना टेस्ट किया है ।
देखिए जिलेवार आंकड़े

 पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। दूधाधारी मठ से दशहरा के अवसर पर बालाजी की पालकी निकाली जाएगी. लेकिन इस बार कोरोना के चलते पालकी में ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे. केवल पंडितों के द्वारा ही रस्म निभाई जाएगी. कोरोना के चलते मेला भी आयोजित नहीं किया जाएगा. रामलीला का भी आयोजन नहीं किया जाएगा. बता दें कि दूधाधारी मठ में पालकी निकालने की 200 साल पुरानी परंपरा है. जो इस साल भी कायम रहेगी ।
दशहरा पर्व को लेकर महंत रामसुंदर दास ने बताया कि जब से दूधाधारी मठ की स्थापना हुई है, तभी से प्रत्येक वर्ष भव्य विजयदशमी का त्योहार मनाया जाता रहा है. रायपुर में पहले दशहरा मैदान के रूप में रावणभांठा को ही जाना जाता था. पूर्व में आचार्यों ने बहुत विशालकाय रावण का पुतला बनाया हुआ है, यहां से बालाजी का विजय शोभायात्रा निकाली जाती थी. इस साल वैश्विक महामारी की वजह से सादगी पूर्ण ढंग से दशहरा का कार्यक्रम किया जाएगा. भगवान बालाजी के साथ ही भगवान श्री राम का विशेष स्वर्ण श्रृंगार का कराया जाएगा और विधिवत पूजा-अर्चना होगी ।
प्राचीन काल से ये परंपरा चली आ रही है इस दिन अस्त्रों की पूजा भी की जाती है दोपहर 3 बजे भगवान बालाजी विजय यात्रा पर निकलेंगे, और रावणभांठा में जो पहले से रावण बना हुआ है उसका प्रतीकात्मक वध किया जाएगा और पुनः भगवान दूधाधारी मठ में आएंगे. इस समय हम लोग सांकेतिक और बहुत ही साधारण रूप से इस उत्सव को मनाएंगे, क्योंकि वैश्विक महामारी है स्वयं और लोगों को भी बचाना है ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। राजधानी के तमाम थानों में पिछले 5 वर्षों में चाकूबाजी और आर्म्स एक्ट के गिरफ्तार 552 आरोपियों की सूची तैयार कर चेकिंग की जा रही है. इस दौरान जिनके पास से चाकू बरामद किया जा रहा है, उनके विरुद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है ।
रायपुर पुलिस एक्शन मोड में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार यादव ने शांति एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले को चाकूबाजों व आर्म्स एक्ट के प्रकरणों के पुराने आरोपियों की चेकिंग कर वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिये है. इस तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर के नेतृत्व में कोतवाली, सिविल लाईन, पुरानी बस्ती, आजाद चैक एवं उरला थाना क्षेत्र में चेकिंग की जा रही है ।
इस दौरान जो आरोपी अपने निवास स्थान पर नहीं है या शहर से बाहर है ऐसे लोगों की पृथक से सूची तैयार कर उन पर विशेष निगाह रखी जा रही है. और उनके परिजनों को हिदायत दिया जा रहा है कि उनके उपस्थित होने पर तत्काल उन्हें थाना हाजिर करें. वहीं ऐसे चाकूबाज व आर्म्स एक्ट के आरोपी जो बार – बार अपराध में संलिप्त पाये जाते हैं, और उनके विरूद्ध थानों में कई अपराध पंजीबद्ध है, ऐसे आरोपियों को निगरानी सूची में लाया जाएगा ।
 

मोदी सरकार ने 2500 रु क्विंटल में धान खरीदी पर अड़ंगा लगाया, तब 20 लाख किसानों ने पत्र लिखकर विरोध किया था
 
 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। मोदी सरकार के किसान विरोधी काले कानूनों के खिलाफ पूरे देश में किसानों मजदूरों और आम लोगों में गुस्सा उमड़ रहा है. प्रदेश कांग्रेस के संचार प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने जानकारी दी है कि केवल महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ही 40,000 किसान मोदी सरकार के काले कानूनों के विरोध में हैं. महासमुंद क्षेत्र पहले भी किसान आंदोलनों के लिए जाना जाता रहा है और किसान हित में आवाज उठाने में महासमुंद के लोग कभी पीछे नहीं रहे ।
प्रदेश कांग्रेस के संचार प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने जानकारी दी है कि कांग्रेस के द्वारा तीनों किसान विरोधी आम आदमी विरोधी काले कानूनों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभाओं में चलाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ में 20 लाख किसानों के हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है. मोदी सरकार के किसान विरोधी आम आदमी विरोधी तीनों काले कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर ने प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन में किसानों के हस्ताक्षरित ज्ञापनों को जमा किया ।
प्रदेश कांग्रेस के संचार प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि किसानों के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए भाजपा के नेता शराब दुकान लूटने वालों के लिए आमरण अनशन कर रहे हैं. किसानों, आदिवासियों, मजदूरों, गरीबों के हितों के लिए आज तक आंदोलन नहीं करने वाली भाजपा शराब लूटने वाले लोगों को बचाने के लिए आंदोलन कर रही है जो छत्तीसगढ़ राज्य की जनता का अपमान है. ऐसे जनविरोधी आंदोलन से सब दुखी है. गिरफ्तार लोगों में एक व्यक्ति पहले भी अवैध रूप से शराब रखने के आरोप में जेल जा चुका है ।
ऐसे लोगों का भाजपा और सांसद द्वारा समर्थन करना उचित नहीं है. छत्तीसगढ़ में भाजपा ने आम आदमी के लिए कभी आंदोलन नहीं किया. किसान, मजदूर, बेरोजगारों के हितों के लिए आंदोलन नहीं किया. बीएसपी कर्मियों और टीए-टीओटी के आंदोलन के समर्थन में आज तक आंदोलन नहीं किया. यह गंभीर चिंता का विषय है कि राज्य का प्रमुख विपक्षी दल भाजपा और एक सांसद शराब लूटने वालों का समर्थन कर रहा है. इस समय प्रदेश और देश कोरोना के अभूतपूर्व संकट से जूझ रहा है. पिछले 6 साल से बढ़ रही बेरोजगारी अब चरम पर पहुंच गई है. लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है. सांसद अगर केंद्र सरकार से अगर लोगों को रोजगार दिलाने की मांग करते हुए अनशन करते तो बेहतर होता ।
कोरोना संकट के बाद छत्तीसगढ़ राज्य को केंद्र सरकार से हजारों करोड़ रुपए जीएसटी की राशि नहीं मिली है. पीएम आवास योजना सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं की राशि भी छत्तीसगढ़ को नहीं दी जा रही है. केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य में गरीब जनकल्याण रोजगार योजना लागू नहीं की. केंद्र सरकार से राज्य के हित के लिए सांसद अगर फंड की मांग करते हुए आमरण अनशन करते तो उनकी गरिमा बढ़ती. सांसद शराब लूटने वालों का समर्थन कैसे कर रहे हैं ।
सांसद विजय बघेल ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित 20 लाख करोड़ के पैकेज से छत्तीसगढ़ की जनता के हित में फंड जारी करने या प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए लंबित राशि की मांग क्यों नहीं की ? दुर्ग बेमेतरा रेल लाइन का काम चालू कराने, बीएसपी कर्मचारियों के हितों के लिए और टीए-टीओटी प्रशिक्षुओं को नौकरी देने के लिए आंदोलन करते तो बेहतर होता ।
राजेंद्र ने कहा कि रमन सिंह, राजेश मूणत, रामविचार नेताम् जैसे नेता शराब लूटने वाले लोगों का समर्थन करने आ रहे हैं। समर्थन करने आ रहे ये सभी भाजपा नेता बड़े-बड़े घोटालों और गड़बड़ियों के लिए दोषी हैं. नान घोटाला, धान घोटाला, चिटफंड घोटाला, नकली खाद घोटाला, रतनजोत बीज घोटाला, मोबाइल वितरण घोटाला जैसे दर्जनों घोटाले कर छत्तीसगढ़ को 15 साल लूटने वाले आज शराब लूटने वाले आरोपियों को बचाने के लिये किये जा रहे आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं. पाटन सहित छत्तीसगढ़ की जनता यह सब देख रही है. 2018 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब दे चुकी जनता आगे भी भाजपा को इसका करारा जवाब देगी ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका होगा, जब मरवाही में चुनाव तो होगा, लेकिन चुनाव में जोगी परिवार की भूमिका नहीं होगी. दरअसल यह तस्वीर अमित जोगी और ऋचा जोगी के जाति प्रमाण पत्र को निरस्त किए जाने के बाद सामने आई. उच्च स्तरीय जांच समिति ने अमित जोगी के जाति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया, जबकि जिला स्तरीय छानबीन समिति ने ऋचा जोगी को आदिवासी नहीं मानते हुए उनके जाति प्रमाण पत्र को मान्यता नहीं दी. अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट होने की वजह से रिटर्निंग अधिकारी ने दोनों का नामांकन निरस्त कर दिया है. अमित के चुनाव लड़ने को लेकर पहले ही संशय की स्थिति बन गई थी, ऐसे में ऋचा जोगी परिवार में एक विकल्प के तौर पर उभरी, लेकिन जाति प्रमाण पत्र की गड़बड़ी उजागर होने के सारे अरमां औंधे मुंह गिर गए.
ऋचा जोगी के जाति मामले को लेकर संतकुमार नेताम ने 28 सितंबर 2020 को जिला स्तरीय छानबीन समिति के समक्ष अपनी शिकायत दी थी. इस शिकायत के साथ नेताम ने तमाम साक्ष्य प्रस्तुत किए थे, जिसके आधार पर यह दावा किया गया था कि ऋचा जोगी को गोड़ आदिवासी बताने वाला प्रमाण पत्र गलत है. संतराम नेताम ने समिति से जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन की मांग की थी. इस शिकायत के आधार पर ही छानबीन समिति ने नए सिरे से जांच की. जांच में सामने तथ्यों के आधार पर समिति ने ऋचा जोगी को जारी जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया.
पैतृक जमीन  बेचते वक्त खुद को गैर आदिवासी किया था घोषित
छानबीन समिति का आदेश कहता है कि 18 जून 2010 को ऋचा की मां रश्मिकांता साधु और भाई ऋषभ सुशील साधु ने पैतृक जमीन बेची थी. जमीन बेचे जाने के दौरान तीनों ने अपने आप को गैर आदिवासी घोषित किया था. विक्रय विलेखों में यह घोषणा भी की गई थी कि भू राजस्व संहिता 1959 की धारा 165/6, 7 का उल्लंघन नहीं है. छानबीन समिति ने जांच में यह पाया है कि पैतृक जमीन बेचे जाने के बाद ऋचा रूपाली साधु, मां रश्मिकांता और भाई ऋषभ सुशील ने अपने अपनी जाति ईसाई बताई है.
समिति ने अपने आदेश में यह भी बताया है कि 12 अक्टूबर 2020 को ऋचा जोगी की ओर से समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए प्रपत्र के काॅलम 10 में उन्होंने बताया कि उनके पिता 44 साल से छत्तीसगढ़ में रह रहे थे. वन विभाग में पदस्थापना से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जाति-गोत्र का काॅलम पूरी तरह खाली पाया गया है. समिति को प्रस्तुत किए गए जवाब में यह बताया गया था कि उनकी बोली गोंड़ी हैं, जबकि यह बस्तर के गोंड़ी आदिवासियों की बोली है. बिलासपुर, मुंगेली क्षेत्र में गोंड आदिवासी यह बोली नहीं बोलते. समिति को दिए जवाब में यह ऋचा जोगी के मामा, मौसा, फूफा तीनों गैर आदिवासी दर्शाएं गए हैं. वहीं पति की जाति कंवर बताई गई है, जबकि पति के पिता का जाति प्रमाण पत्र पहले ही रद्द किया जा चुका है.
सामान्य वर्ग से लड़ी थी अकलतरा से चुनाव!
जिला स्तरीय छानबीन समिति ने पूरी जांच पड़ताल के बाद जारी किए गए अपने आदेश में लिखा है कि, ऋचा जोगी साल 2018 में अकलतरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं. चुनाव के वक्त दाखिल किए गए नामांकन पत्र में दिए गए संपत्ति विवरण में उन्होंने जिस भूमि का जिक्र किया है, उसके दस्तावेजों में जाति का काॅलम खाली पाया गया है. कहीं भी गोंड़ दर्ज नहीं है. नामांकन दाखिल करने के दौरान ऋचा जोगी ने दस हजार रूपए की जमानत राशि जमा की थी, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए जमानत राशि पांच हजार रूपए लगती है. इस संबंध में ऋचा जोगी की तरफ से किसी तरह का स्पष्टीकरण नहीं दिया गया.

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मरवाही उपचुनाव के लिए जेसीसीजे के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी पत्नी ऋचा जोगी का नामांकन खारिज हो गया है. जिला निर्वाचन अधिकारी के इस फैसले पर अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकुमार साय ने स्वागत किया है।
साय ने कहा कि अजीत जोगी जिस तरह नकली जाति प्रमाण बनाकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे थे, उसके खिलाफ वे कोर्ट में लंबी लड़ाई लड़ चुके हैं. उन्होंने कहा कि जब ये फैसला आया, उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई है।
बता दें कि मरवाही उपचुनाव के लिए 19 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए थे, जिसमें आम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया से पुष्पा कोर्चे, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री कृष्ण कुमार ध्रुव,गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से रितू पंद्राम, निर्दलीय सोनमती सलाम, भारतीय जनता पार्टी से डॉ. गंभीर सिंह, निर्दलीय प्रताप सिंह भानू, निर्दलीय अर्पण सिंह पैंकरा, राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से उर्मिला मार्को, भारतीय ट्रायबल पार्टी से वीरसिंह नागेश, भारतीय टॉयबल पार्टी से शिवप्रसाद भानू, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से अमित ऐश्वर्य जोगी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से ऋचा जोगी, भारतीय सर्वजन हितेय समाज पार्टी से लक्ष्मण पोर्ते, निर्दलीय कल्याण सिंह करसायल, स्वाभिमान पार्टी से ओमकरण पोर्ते, राष्ट्रवादी कांग्रेस प्राटी से गुलाब सिंह शामिल थे. इनमें से 6 प्रत्याशियों के नामांकन स्क्रूटनी के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरस्त कर दिए।
राज्य गठन के बाद से जोगी परिवार का रहा कब्जा
राज्य गठन के बाद से ही मरवाही में जोगी परिवार का कब्जा रहा है. इस सीट से अजीत जोगी चुनाव लड़ते रहे हैं. उनके अलावा अमित जोगी या फिर जोगी परिवार का ही कोई सदस्य यहां से विधायक चुनकर आता था. ऐसा पहली बार होगा जब यहां से जोगी परिवार से कोई भी चुनाव मैदान में नहीं होगा. जोगी कांग्रेस ने दो अन्य प्रत्यशियों ने भी यहां से नामांकन पत्र भरा था, लेकिन उनका भी नामांकन निरस्त हो गया है, इसके साथ ही अब आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गयी है. छ्तीसगढ़ गठन के बाद ऐसा पहली बार होगा जब यहां से जोगी परिवार के अलावा कोई विधायक चुनकर आएगा।
 
 
 
 
 
 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज पटना रवाना हो गए. बिहार रवाना होने से पहले स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि बिहार चुनाव के लिए पार्टी ने प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है. उसके साथ ही मध्य प्रदेश में भी जिम्मा मिला है. आज बिहार में पत्रकारों से चर्चा करनी है. वहीं गैर भाजपा शासित राज्यों में राज्यभवन के हस्तक्षेप पर कहा कि यह सवाल बीजेपी के नेताओं से ही पूछना चाहिए. आखिर राजभवन का राजनीतिकरण क्यों किया जा रहा है. इसका जवाब केंद्र में बैठे बीजेपी के नेता दें ।
 भाजपा वोट कटवा पार्टी
बीजेपी को वोट कटवा पार्टी कहा जा चुका है. आज ये पार्टियां साथ में है और साथ में नहीं भी है. बीजेपी ही इस प्रकार की राजनीति करती है बिहार की जनता जागरूक है. देश की राजनीतिक दिशा और दशा तय करने वाली राज्यों में से एक बिहार है .आगामी चुनाव में बिहार की जनता ही जवाब देगी ।
विजय बघेल बताए कि वो आमरण अनशन क्यों कर रहे
विजय बघेल के आमरण अनशन और भाजपा द्वारा राज्यपाल तक शिकायत करने के विषय पर बोले कि जब हम विपक्ष में थे तो परिजनों के साथ मुझ पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी. उस दौरान शिकायतकर्ता स्वयं विजय बघेल ही थे. आज रमन सिंह भी वहां जा रहे हैं, जिनका स्वागत करते है. प्रशासन ने कोई एकपक्षीय कार्यवाही नहीं की. जिन्होंने नुकसान पहुंचाया उन पर ही एफआईआर की गई है. यह जो धरना प्रदर्शन है वह प्रशासन के खिलाफ है या न्यायालय के खिलाफ यह स्पष्ट करना होगा. सवाल इस बात का है कि आप रिलीफ कहां से चाह रहे हैं, यदि न्यायालय में केस लंबित है तो राज्य सरकार वहां सहयोग नहीं कर सकते. बीजेपी के लोगों गुमराह कर रहे हैं ।
जीएसटी घाटा की प्रतिपूर्ति केंद्र सरकार करें
जीएसटी के नए कांसेप्ट पर सीएम बघेल बोले कि केंद्र सरकार ने कहा था जो उत्पादक राज्य है उन्हें जो घाटा होगा उसकी प्रतिपूर्ति केंद्र सरकार ही करेगी. जिस पर शेष लगाया गया. पहले राशि इसकी मिलती रही लेकिन 6 माह से एक ढेला भी केंद्र सरकार ने नहीं दिया है. अब तक हमें 4000 करोड़ मिलना था जो कि अब तक नहीं मिला है. केंद्र सरकार को यदि लोन लेना है तो ले पर उसका भुगतान भी उन्हें ही करना होगा, राज्य सरकार इसका भुगतान नहीं करेगा ।
 
 
 
 
 

    
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। राजधानी के मोमिन पारा की तंग गलियों के बीच गुल गोटी के जरिए जुआ खिलाया जा रहा था. पुलिस की दबिश में दो दर्जन जुआरी पकड़ाए जिनके पास से 10 लाख रुपए से ज्यादा की रकम जब्त की गई. आरोपियों के विरूद्ध थाना आज़ाद चौक में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध किया गया है ।
पुलिस को शनिवार को देर रात सूचना मिली कि थाना थाना आज़ाद चौक क्षेत्रान्तर्गत मोमिन पारा में कुछ लोगों जुआ खेल रहे हैं. इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर छापामार कार्रवाई की गई. इसमें 24 जुआरियों को गुल गोटी से जुआ खेलते रंगे हाथ गिफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी 10,10,280 रुपए, 23 मोबाइल फ़ोन और गुल गोटी को जब्त किया गया ।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोषी नगर,टिकरा पारा निवासी अजील खान, आरडीए कालोनी निवासी जीतू ऊर्फ जितेन्द्र कृपलानी, सुपेला, दुर्ग निवासी धर्मेंद्र पंडित, थोइलामी थाना तेंदुकोना जिला महासमुंद निवासी मनोज बंसल, पिरदा, रायपुर निवासी सुनील कुमार टंडन, बागबहरा, महासमुंद निवासी प्रवीण सोनी, गुढ़ियारी निवासी रवि मूनजर, आरडीए कॉलोनी निवासी गंजु अंगारे,  डब्ल्यूआरएस कॉलोनी खमतराई निवासी दिनेश महानंद,जनता कॉलोनी न्यू राजेन्द्र नगर निवासी मुकेश नारवानी, आज़ाद चौक निवासी विमल जैन, झंडा चौक टिकरापारा निवासी मोइन खान, महावीर गायत्री विहार, न्यू राजेन्द्र नगर निवासी संजय कुमार शामिल हैं ।
इसके अलावा शिवानंद नगर गुढ़ियारी निवासी पंकज मूनजर, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी निवासी भुवन महानंद, बागबहरा, महासमुंद निवासी अमित दुआ, बैरन बाजार निवासी सतीश कुमार, सदर बाजार निवासी राजीव तिवारी, जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी निवासी गजानंद पटेल, अग्रसेन चौक, आज़ाद चौक निवासी हैदर अली, बागबाहरा, महासमुंद निवासी विवेक अग्रवाल, हांडी पारा, आज़ाद चौक निवासी अन्नू हसन, महामाया मंदिर के सामने पुरानी बस्ती निवासी निर्मल जैन और चंगोराभाठा डीडी नगर निवासी प्रमोद यादव जुला में लिप्त मिले ।
आरोपियों के विरूद्ध थाना आज़ाद चौक में धारा 13 जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया. इसके अलावा सभी आरोपियों के विरूद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् भी कार्यवाही की जाएगी. रायपुर पुलिस ने जुआ, सट्टा एवं क्रिकेट सट्टा खेलने/खिलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है ।
 
 
 
 

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। चैंबर कार्यकारिणी की बैठक आज वीडियो कांन्फ्रेसिंग के जरिए आयोजित की गई. इस बैठक में 14 जनवरी से पहले चैंबर के चुनाव कराए जाने का फैसला लिया गया. साथ ही शिवराज भंसाली को चुनाव अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया. वीडियो काफ्रेंसिंग के जरिए पूरे प्रदेश से पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
चैम्बर के कार्यकारी अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने दावा किया है कि चैम्बर में व्यापारी एकता पैनल के अलावा कोई दूसरा पैनल नहीं आ सकता. ललित जैसिंघ ने कहा कि श्रीचंद सुन्दरानी, पूरनलाल अग्रवाल, रमेश मोदी, जितेन्द्र बरलोटा जब तक चैम्बर में है. कोई भी दूसरा संगठन का व्यक्ति चैम्बर में कब्जा नहीं कर सकता और जब तक व्यापारी एकता पैनल है कोई दूसरा पैनल नहीं आ सकता।
जैसिंघ ने बताया कि चैंबर कार्यकारिणी की वेब मीटिंग आज सम्पन्न हुई है. 14 जनवरी से पहले चुनाव कराए जाने पर फैसला लिया गया है. शिवराज भंसाली चुनाव अधिकारी होंगे. जो सराफा के पुराने व्यवसायी है, साथ ही पूर्व में भी चुनाव अधिकारी के रूप में अपनी सेवा दे चुके है. आय-व्यय का लेखा जोखा भी रखा गया है।
बता दें कि चैम्बर में कुल 52 पदों में चुनाव होना है. अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष सहित रायपुर में 8 मंत्री और 8 उपाध्यक्ष का चुनाव होना है. इसके अलावा हर जिले में एक मंत्री और एक उपाध्यक्ष का चुनाव होना है. साथ ही 500 से अधिक मतदाता वाले जिले में ही चुनाव कराया जाएगा।
वीडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जितेंद्र बरलोटा, ललित जैसिंघ, लालचंद गुलवानी, योगेश अग्रवाल, राधाकिशन सुन्दरानी, राजेन्द्र जग्गी, प्रकाश अग्रवाल, रमेश गांधी, अरविंद जैन, दिलीप सिंह होरा, आशीष जैन, लोकेश जैन, चंदर विधानी भी जुड़े रहे.
 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर । पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव रेडियो पर छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नरवा, गरवा, घुरवा और बारी योजना की जानकारी देंगे। वे 18 अक्टूबर को शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे तक आकाशवाणी रायपुर से प्रसारित विशेष कार्यक्रम ‘हमर ग्रामसभा’ में योजना के अंतर्गत हो रहे कार्यों के बारे में बताएंगे। वे इस दौरान योजना के संबंध में श्रोताओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी देंगे। इस कार्यक्रम को मीडियम वेब 981 किलोहर्ट्ज पर सुना जा सकता है। प्रदेश में स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र एक साथ इस कार्यक्रम को रिले करेंगे।
आकाशवाणी के अंबिकापुर केंद्र से छत्तीसगढ़ी और सरगुजिहा में, रायगढ़ केंद्र से छत्तीसगढ़ी और कुड़ुख में तथा जगदलपुर केंद्र से छत्तीसगढ़ी और हलबी बोली में कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। शेष केंद्रों से छत्तीसगढ़ी में इसका प्रसारण होगा। उल्लेखनीय है कि विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और इनका लाभ उठाने लोगों को प्रेरित करने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा द्वारा तैयार साप्ताहिक रेडियो कार्यक्रम ‘हमर ग्रामसभा’ का आकाशवाणी रायपुर द्वारा हर रविवार शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे तक प्रसारण किया जाता है।