Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। मरवाही उप चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी का नामांकन रद्द हो गया है। नामांकन निरस्त होने के बाद अमित जोगी ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट लिखा है जिसमें उन्होंने नामांकन रद्द होने के पीछे सरकार का हाथ बताया है।
अमित जोगी की पोस्ट
कल रातों रात उच्च स्तरीय जाति छानबीन समिति ने मेरा जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया।इसकी खबर मुझे छोड़ बाक़ी सबको थी! निर्वाचन अधिकारी से मैंने उसे पढ़ने और अपना पक्ष रखने के लिए समय माँगा, वो भी नहीं दिया! मुख्यमंत्री के आदेशानुसार उन्होंने मेरा नामांकन पत्र रद्द कर दिया। उसके बाद, आज २:३० बजे मेरे घर में छानबीन समिति का आदेश तामील किया गया।
कातिल ही मुनसिफ है,
क्या मेरे हक में फैसला देगा।।
सबसे बड़ी जनता की अदालत है। मुझे न्याय वही मिलेगा। देश, विधि और संविधान से चलता है, बदलापुर और जोगेरिया से नहीं। वो सोचते हैं कि कुश्ती अकेले लड़ेंगे और खुद ही जीतेंगे। जनता को इतना बेबस और बेवकूफ नहीं समझना चाहिए।
चलो सरकार ने माना तो कि “जोगी को हराना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है”। मुख्यमंत्री के इशारे पर मेरा नामांकन खारिज कराना स्वर्गीय अजीत जोगी और मरवाही की जनता का अपमान है। अपनी पूरी ताक़त झोंक देने के बाद बस यही वो हथकंडा था जिससे मुख्यमंत्री चुनाव में दिख रही अपनी निश्चित पराजय को टाल सकते थे।
सरकार भय में है। स्व. श्री अजीत जोगी जी के जीते जी लगातार उनका अपमान किया, उसके बाद उनके परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश चल रही है। लेकिन जिसके सिर के ऊपर ग़रीबों का हाथ होता है, वो कभी अनाथ नहीं हो सकता।
हमारा मरवाही की जनता से आत्मिक और परिवारिक रिश्ता था, है और रहेगा। जोगी मरवाही और मरवाही जोगी के दिल में बसता है। दोनों को एक दूसरे से अलग करना असम्भव है। जिंदगी की आखिरी सांस तक जोगी परिवार मरवाही की जनता की सेवा करते रहेंगे।
हम कानून की लड़ाई लड़ेंगे और अपना सम्मान व अधिकार प्राप्त करेंगे। मुझे न्यायपालिका और जनता की अदालत पर पूरा भरोसा है कि हमेशा की तरह जोगी परिवार के साथ न्याय होगा।


पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। सूबे के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने प्रदेश में कानून व्यवस्था प्रेस कॉंफ्रेंस किया है. भाजपा के आरोपों को सिरे से नकारते हुए गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है और पुलिस बहुत बढ़िया कार्य कर रही है. कोंडागांव प्रकरण के विषय में उन्होंने कहा कि प्रकरण में 7 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और प्रकरण में तत्काल विधि सम्मत कार्यवाही नहीं करने पर तत्कालीक थाना प्रभारी को निलंबित कर जांच के आदेश दिये गये है ।
गृहमंत्री ने कहा कि नक्सल क्षेत्र में हमारा तीन लक्ष्य है नक्सलवाद का ख़ात्मा, आदिवासियों की सुरक्षा औऱ नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास. हमारे प्रयास का असर है कि आज बेगुनह आदिवासियों की हत्या कम हो गई. नक्सली मूलधारा से जुड़ रहे हैं. मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर विभाग की ली गई बैठक और मेरे द्वारा 23 सितंबर की समीक्षा बैठक में महिला विरूद्व अपराधों में तत्काल कड़ी कार्यवाही करने के लिए सभी रेंज, महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है ।
नशे के कारोबार में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के विषय में उन्होंने कहा कि नशे के सेवन से युवा पीढ़ी बर्बाद होती है. इसकों दृष्टिगत रखते हुए समय-समय पर इस विषय की समीक्षा करते हुए सख्त कार्यवाही के लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है ।
बीते डेढ़ वर्षो में पूरे प्रदेश में गांजा और अन्य नशीले पदार्थो के सामग्री व्यापक पैमाने पर जब्त करते हुए आरोपियों की धर-पकड़ की कार्यवाही की जा रही है. इस क्रम में रायपुर पुलिस द्वारा विशेष कार्यवाही की जा रही है. भाजपा शासन में नशे का कारोबार खूब फला फुला, कांग्रेस की सरकार आने से जो कड़ाई अभी बरती जा रही है, वो 15 वर्षो के लंबे कार्यकाल में यदि कार्यवाही की जाती है, तो आज राज्य में नशे के कारोबार पनप ही नहीं पाता है ।
प्रदेश में नक्सल समस्या पर उन्होंने कहा कि नक्सली इलाकों के लिए ’’विश्वास विकास सुरक्षा’’ को मुख्यमंत्री ने सूत्र वाक्य के रूप में अपनाया है. इसी अनुरूप शासन के पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सली लगातार समर्मण कर रहे है, दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा माओवादियों को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए विशेष योजना ’’लोन वरार्टू’’ चालाया जा रहा है. जिसका बहुत अच्छा परिणाम आ रहा है. प्रदेश सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माओवादी समाज मुख्यधारा में शामिल हो रहे है. दशकों बाद शहरी नक्सल नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण बड़ी सफलता मिली है. नक्सल प्रभावित जिलों में विकास के लिए स्कूल, सड़क,बिजली, आदि मूलतभूत कार्य कराया जा रहा है नक्सल घटनाओं में 47 प्रतिशत की कमी आई है ।
साथ ही पूर्व की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा 15 साल सत्ता पर रहे पर उन्होंने नक्सल उन्मूलन के लिए कुछ विशेष नहीं किया इसलिए उन्हें इस विषय में बोलने का कोई अधिकार नहीं है, अगर वो चाहते तो पूरे प्रदेश में आज शांति होती ।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंजीयन कार्यालय में दलाल सक्रिय है. ये दलाल कार्यालय में इतना हावी हो गए हैं कि आम जनता से लेकर अधिवक्ता तक परेशान हैं. क्योंकि दलाल पहले से ही जमीन खरीदी-बिक्री के लिए रजिस्ट्री का ऑनलाइन अपॉइंटमेंट करा लेते हैं. जिससे आम लोग ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ नहीं उठा पाते. यही वजह है कि रायपुर अधिवक्ता संघ ने उप पंजीयक मंजूषा मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर पंजीयन कार्यालय में दस्तावेज पंजीयन के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरु करने और दलाली प्रथा को बंद करने की मांग की है ।
अधिवक्ता के मुताबिक दलालों द्वारा पूरे महीने का ऑनलाइन बुकिंग कर लिया जाता है. अभी 31 अक्टूबर तक दलालों ने बुक कर लिया है. जिस कारण वकील और जमीन खरीदी-बिक्री करने वाले परेशान है, क्योंकि ऑनलाईन बुकिंग मात्र 5 से 7 मिनट खुला रहता है. जिसमें दलाल लोग अपना बुकिंग करते हैं, बाकी सब लोग रात 12 बजे से 2 बजे तक परेशान रहते हैं, फिर पता चलता है कि हमारा पंजीयन के लिए ऑनलाइन बुकिंग नहीं हुआ. साइट पर सुधार के बावजूद बिना ऑनलाइन दिखाए बुक हो जाता है ।
उनका कहना है कि उप-पंजीयक कार्यालय रायपुर में पंजीयन की कार्यवाही की प्रकिया में निरंतर असुविधा अनियमितता और त्रुटियां हो रही है, जिससे अधिवक्ता और पक्षकार बहुत परेशान हो रहे है. कोरोना वायरस के कारण उपजी परिस्थितियों में सामान्य कामकाज प्रभावित है. हमें इस बात की जानकारी है, लेकिन पंजीयन कार्यालय जैसे सार्वजनिक महत्व के कार्यालय में हो रही विसंगितयां और प्रक्रियागत त्रुटियां कुछ कर्मचारियों और दलाल जैसे लोगों के बीच सांठ-गांठ के कारण संभव हो रहा है. पंजीयन के लिए एडवांस में समय बुक कराने की प्रकिया में हो रही धांधली को समाचार पत्रों में प्रमुखता से उजागर किया गया है. फिर भी इस प्रकार की अनियमितता और लापरवाही निरंतर जारी है ।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। आज से नवरात्रि की शुरूआत हो गई है. इस अवसर पर राजधानी रायपुर के सभी देवी के मंदिरों में कोरोना काल के बाद भी श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. लेकिन महामाया मंदिर में, जहां माता विराजमान है वहां भक्तों को अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा, बल्कि हाईटेक तरीके से डिजिटल माध्यम के जरिए और सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराते हुए माता के दर्शन कराए जा रहे हैं. सुबह से ही भक्तगण माता के दर्शन के लिए मंदिर के द्वार पर लंबी लाइन लगाकर खड़े नजर आए. सोशल डिस्टेंनसिंग को लेकर मंदिर प्रंगण में गोले बनाए गए है. जिनमें एक बार में 20 भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा है. शेष भक्त बाहर लाइन लगाए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे है।
इस मामले में महामाया मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज शुक्ला ने बताया कि नवरात्रि की वजह से भक्तों की हर बार यहां लंबी लाइन लगती है. इस बार भी भक्त ज्यादा संख्या में मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे है, लेकिन इस बार भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. प्रशासन द्वारा सख्त गाइडलाइन जारी की गई है. जिसकी वजह से भक्त दूर से माता के दर्शन कर रहे है. ना ही भक्तों से किसी तरह का चढ़ावा लिया जा रहा है और न ही उन्हें प्रसाद दिया जा रहा है. साथ ही इस बार हाइटेक तरीके से माता के दर्शन कराए जाएंगे. गाइनलाइन के मुताबिक इस बार भक्त मनोकामना ज्योति के दर्शन नहीं कर पाएंगे।
वहीं मंदिर में मौजूद भक्तों का कहना है कि मंदिर में कोरोना की गाइडलाइन का पालन करवाया जा रहा है. हम यहां सुबह से ही लाइन में खड़े थे. हम माता रानी से प्रार्थना कर रहे है कि प्रदेश व पूरा देश जल्द ही कोरोना से मुक्त हो।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग राज्य के 6 पर्यटन प्रेमी 18 हजार किलोमीटर के भ्रमण में निकले हैं. भ्रमण करते हुए शुक्रवार को राजधानी रायपुर पहुंचे, जहां प्रदेश के पर्यटन से जुड़े लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया. देश भ्रमण के यात्रा में निकले पर्यटकों ने बताया कि हमारा उद्देश्य लोगों में पर्यटन के प्रति रूझान पैदा करना है. साथ ही लोगों को बताना है कि हम पिछले एक माह से देश के कई राज्य का भ्रमण कर रहे हैं और सुरक्षित है. सावधानी बरती जाए तो कोई खतरा नहीं है. इसी संदेश के साथ हम अब तक 24 राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं. टोटल 18 हजार किलोमीटर का भ्रमण करना है. सौरभ व्यास ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर इस अभियान से लोगों पर लोकल फॉर वोकल का छाप पड़ेगा ।
पर्यटन प्रेमियों का कहना है कि घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 6 ट्रैवल एजेंटों ने 36 दिनों के लिए पूरे भारत में अभियान चलाया है. इस कोरोना संकट में जब अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन को अलग रखा गया है. 6 प्रतिभागियों (मुंबई से मुंबई 1 के बीच) को स्थानीय पर्यटन और घरेलू पर्यटन के प्रचार के संदेश के साथ 18 सितंबर को सूरत से सड़क यात्रा शुरू की है. यह यात्रा 18 हजार किलोमीटर के कवर के 36 दिनों के लिए होगी ।
सूरत से राजीव शाह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से कोई भी क्षेत्र बाधित नहीं हुआ है और पर्यटन उद्योग को बुरी तरह क्षति पहुँची है. अब जब हम चरणों का अनुसरण कर रहे हैं और सभी मामले फिर से सामने आ रहे हैं, तो यात्रा उद्योग को भी तेजी से आगे बढ़ने की जरूरत है. वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय यात्रा संभव नहीं है. स्थानीय लोगों द्वारा देश में यात्रा करने में भारतीयों को प्रेरित करने के लिए संदेश का समर्थन करने की कोशिश की जा रही है ।
इस टीम में शाह के साथ अन्य प्रतिभागी रितेश पटेल, नितिन पटेल, नितिन गुप्ता सूरत, अहमदाबाद से पवन ड्यूबे सभी सूरत से है. वे भारत के चार कोनों (कोटेश्वर पश्चिम में, लेह में उत्तर में, तज़ू में पूर्व में और दक्षिण में कन्याकुमारी) और 34 राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों की राजधानियों में जा रहे हैं. इसके अलावा वे लोगों को घरेलू यात्रा शुरू करने के लिए भी प्रेरित करेंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सभी होटल और गंतव्य कोविड कैसे तैयार हैं और उनकी प्रतीक्षा कर रहे है ।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी सोशल मीडिया के इस भ्रम की एक बानगी देखिए. एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल की गई. इस तस्वीर को वायरल कर यह बताया गया कि इसमें नजर आ रहे शख्स मुख्य सचिव आर पी मंडल और मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ उप सचिव सौम्या चौरसिया हैं. पहली नजर में ऐसा लगता भी है. पहली मर्तबा कोई इस तस्वीर को देखकर यह धारणा बना सकता है कि तस्वीर सच कह रही है. इस तस्वीर में मुख्य सचिव अपनी जूनियर अधिकारी को बारिश से बचा रहे है. टिप्पणी करने वाले दो वर्ग खड़े हो गए. एक ने इस तस्वीर की निगेटिव इमेज बनाकर उसे प्रचारित की, तो वही एक वर्ग ने इस तस्वीर में मुख्य सचिव के नारी सम्मान की भावना को बयां करते उनकी तारीफ की।
लेकिन हकीकत क्या है? हकीकत हम बताते हैं. यह तस्वीर झूठी साबित हुई है. जी हां तस्वीर में न तो मुख्य सचिव आर पी मंडल हैं और न ही मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया।
दरअसल ये तस्वीर बलौदाबाजार जिले की एडिशनल एसपी निवेदिता पॉल की है, जो विधायक चंद्र देव राय के पिता की तेरहवीं के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुँची थी. तेज बारिश होने की स्थिति में उनके अधीनस्थ डीएसपी संजय तिवारी छाता लेकर अपनी अधिकारी को बारिश से बचा रहे हैं. लेकिन वायरल तस्वीर को यह कहकर प्रचारित कर दिया गया कि यह आर पी मंडल और सौम्या चौरसिया हैं।
यह अपील करता है कि सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट की एक बार पड़ताल जरूर कर लें. जरूरी नहीं है कि हम जो देख और पढ़ रहे हैं, वह सही हो. इस तस्वीर में एक स्त्री के सम्मान को ताक पर रखने की भरपूर कोशिशें की गई. एक संवेदनशील अधिकारी की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाया गया. यदि यह तस्वीर वास्तविकता में सही भी होती तो क्या इस पर सवाल उठाना जायज है? दरअसल इस तस्वीर पर सवाल उठाने वाला तबका पितृसत्तात्मक सोच की परंपरा का वाहक है, जो एक स्त्री के आगे बढ़ने पर अवरोध खड़ा करते हैं।
तय आप करेंगे इस बार दिवाली और दशहरा में पटाखे फोड़ने है या नहीं

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। देश में कोरोना वायरस के चलते एक लाख से अधिक लोगों ने जान गंवाई है. जबकि 73 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं. ये आंकड़ा और बढ़ सकता है, यदि दिवाली और दशहरा में पटाखे जलाए गए तो. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि पटाखे जलाने से प्रदूषण का स्तर बढ़ेगा और प्रदूषण का स्तर बढ़ा, तो फेफड़े में संक्रमण फैलेगा. इसके चलते दुगने रफ्तार से कोरोना का संक्रमण भी फैल सकता है. स्वास्थ्य मंत्री ने खुद इस बात को स्वीकार करते हुए पटाखा दुकानों को अनुमति नहीं देने की बात कही है, जबकि डॉक्टर्स भी प्रदूषण से कोरोना मरीजों में इजाफा होने और बीमारियों को न्योता देने की बात कही है. इसलिए तय आपको करना है कि इस बार दिवाली और दशहरा में पटाखे फोड़ने है या नहीं ।
पटाखा दुकान खोलने की न दें अनुमति
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि फटाखा बिकेगा, तो जनता खरीदेगा ही. इसलिए इस साल पटाखा दुकान खोलने की अनुमति नहीं देना चाहिए. जनता को अपनी जिम्मेदारी समझना होगा. हर साल जैसे त्योहार के बाद प्रदूषण स्तर बढ़ता, अगर इस साल ऐसा हुआ तो संक्रमण को हवा मिलेगा ही. प्रदूषण भी फेफड़े पर पहले हमला करता है और कोरोना भी. इसलिए लोगों से अपील है इस साल पटाखा ना फोडे़, कई शोध में वैज्ञानिकों ने कहा है कि प्रदूषण बढ़ा तो ना केवल कोरोना संक्रमण फैलेगा, बल्कि मृत्यु दर में भी इजाफा होगा।
बीमार मरीज होंगे ज्यादा प्रभावित
एम्स पूर्व अधीक्षक डॉ करण पीपरे का कहना है कि बड़ी मुसीबत से बचना है, तो पहले से शतर्क रहने की जरूरत है. पूर्व में हुए गलतियों को दोहराने की बजाए उससे सीख लेना चाहिए. इस साल पहले जैसा हालात नहीं है. कोरोना से पूरा देश चपेट में है. इसलिए त्योहार में इस बार पटाखा हम सब को नहीं फोड़ना है और सरकार को प्रतिबंध लगाना चाहिए. क्योंकि पटाखों से निकलने वाले केमिकल का कहर हम सब ने झेला है. ये भी अच्छे से जानते हैं कि इसका प्रभाव कितना खतरनाक होता है. यह प्रदूषण दमा, टीवी, ह्दय रोग, कैंसर जैसे रोगों के मरीजों को प्रभावित करेगा. इन मरीजों को कोरोना होने की संभावना अधिक होती है, इसलिए पटाखे ना फोड़े, बल्कि सरकार इस पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।
फेफड़ा खराब करता है प्रदूषण
आईएमए के सदस्य और कांग्रेस जिला प्रकोष्ट के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश गुप्ता का कहना है कि अगर प्रदूषण का स्तर बढ़ा, तो कोरोना के संक्रमण का प्रकोप झेलना पड़ सकता है. प्रदूषण फेफड़े को खराब करता है. ठीक ऐसे ही कोरोना का अटैक पहले फेफड़े में ही होता है. इसलिए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. इस साल खास कर दिवाली, दशहरा में पटाखा न जलाएं और अन्य प्रदूषण फैलाने वाले सामग्री से दूर रहे।
ना पटाखा फोड़े ना दुकान लगाए
सीएमएचओ डॉ. मीरा बघेल का कहना है कि प्रदूषण का स्तर बढ़ते ही कोरोना का कहर बढ़ जाएगा. इसलिए हमें न केवल समझना होगा, बल्कि जिम्मेदारी समझ कर इस साल उन उत्पादों से दूर रहना होगा, जो प्रदूषण फैलते हैं. जैसे हर साल देखते है कि दशहरा और दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है. इस साल ये दोहरा गया, तो खतरनाक हो सकता है. हम अपने परिवार कई सदस्यों को खो सकते हैं. हमेशा जीवन भर का पछतावा होगा कि एक साल अगर अपनी जिम्मेदारी समझ लेते, तो अपनों को नहीं खोया होता. इसलिए लोगों से अपील है कि ना पटाखा फोड़े ना पटाखों की दुकान लगाए.
क्या कहता है शोध ?
लंबे वक्त तक वायु प्रदूषण में रहने के असर पर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की एक स्टडी में पता चला है कि महामारी के पहले के सालों में प्रदूषण के स्तर में मामूली बढ़ोतरी से कोविड-19 की मृत्यु दर में करीब 15 फ़ीसदी का इजाफ़ा हो सकता है।
वायु प्रदूषण से मौतें
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन का अनुमान है कि विश्व में वायु प्रदूषण के चलते हर साल क़रीब 70 लाख मौतें होती हैं. वर्ल्ड बैंक की वायु प्रदूषण के वैश्विक वितरण पर पिछले साल जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक वायु प्रदूषण से प्रभावित देशों में से कई दक्षिण एशिया, भारत के उत्तरी राज्य दिल्ली-हरियाणा-झारखंड, मिडल ईस्ट, सब-सहारा अफ्रीका और उत्तरी अफ्रीका के देश हैं।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। लेमरू प्रोजेक्ट को लेकर विस्थापितों के साथ मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ खड़े होने पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि दिखावे के लिए विरोध करने का कोई मतलब नहीं है. अगर विरोध ही करना है तो पूरी तरह से कैबिनेट की बैठक लें और सरकार के निर्णय के बारे में बात करें. यह बात पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया से चर्चा में कही ।
लेमरू प्रोजेक्ट को विस्तार देने से प्रभावित हो रहे सरगुजा अंचल के 39 गांव के रहवासियों के विरोध में मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ खड़े होने पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि प्रोजेक्ट को स्वीकृति सरकार ने दी है, कैबिनेट में आप सरकार के निर्णय का समर्थन करते हो, और जब सरगुजा जाते हो प्रोजेक्ट से विस्थापित होने वालों से बात करते हो तो उनके पक्ष में बोलते हो. प्रोजेक्ट में स्पष्ट है कि एलीफेंट कॉरीडोर में 39 गांवों को आंशिक और पूर्ण रूप से विस्थापित करने की जरूरत पड़ेगी. तो फिर इसको मंजूरी देने का कोई औचित्य देने का कोई अर्थ नहीं था. आज जब रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी गई है, तब इस तरह के विरोध का क्या अर्थ है ।
वहीं डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई-ढाई साल कार्यकाल को लेकर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन जरूर सुनने में आता है कि दोनों के बीच में वरिष्ठ नेताओं के बीच में ढाई-ढाई साल का कार्यकाल तय किया गया था. यदि वह विषय है तो समय नजदीक आता जा रहा है तो जाहिर है बेचैनी बढ़ेगी ही. आने वाले समय में इसको लेकर बैचेनी और हलचल और दिखनी चाहिए ।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के खिलाड़ियों का सपना अब साकार होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को खेल के मैदानों में उतारते हुए राज्य में खेलों के विकास का नया अध्याय जोड़ा है। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार रायपुर में ’आवासीय हॉकी अकादमी’ प्रारंभ होने जा रहा है। इसके साथ ही साथ बहतराई बिलासपुर में ’एक्सिलेंस सेन्टर’ प्रारंभ होने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा खेलो इंडिया योजना के तहत रायपुर में आवासीय हॉकी अकादमी और बिलासपुर में एथलेटिक, कुश्ती एवं तैराकी के लिए ’एक्सिलेंस सेन्टर’ का प्रस्ताव भारतीय खेल प्राधिकरण को प्रेषित किया गया था, जिसकी स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
राज्य के युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उपयुक्त प्रशिक्षण की व्यवस्था के लिए ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘ को खेल के क्षेत्र में साकार करने के प्रयास अब मूर्तरूप लेते जा रहे हैं। इसके पूर्व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा तीरंदाजी के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसकी स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है। वर्तमान में रायपुर में तीरंदाजी का प्रशिक्षण खिलाड़ियों को दिया जा रहा है। ’वन स्टेट वन गेम’ के तहत रायपुर में तीरंदाजी खेल के विकास की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
रायपुर में आवासीय हॉकी अकादमी तथा बिलासपुर में एथलेटिक, कुश्ती एवं तैराकी के लिए ’एक्सिलेंस सेन्टर’ की मान्यता मिलने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खेल मंत्री उमेश पटेल ने युवा खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और राज्य के खेल और युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य में उपलब्ध खेल अधोसंरचनाओं के रख रखाव और आवासीय खेल अकादमियों के संचालन हेतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया है। प्राधिकरण के माध्यम से राज्य भर में खेलों का विकास किया जा रहा है। रायपुर में प्रारंभ होने वाले आवासीय हॉकी अकादमी के लिए चयन कार्यक्रम की योजना खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा तैयार की जा रही है। आवासीय अकादमी हेतु चयनित प्रशिक्षणार्थी खिलाड़ियों को छात्रावास, विद्यालय, किट, भोजन एवं आवासीय अकादमी से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बहतराई बिलासपुर में प्रारंभ होने वाले एक्सिलेंस सेन्टर के लिए प्रारंभिक रुप से तीन खेलों एथलेटिक, तैराकी तथा कुश्ती का चयन किया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश भर में प्रशिक्षकों के नए पदों के सृजन की कार्यवाही की जा रही है। एक्सिलेंस सेन्टर के माध्यम से राज्य में उपलब्ध खेल प्रतिभाओं तराशने का कार्य किया जाएगा। भारत सरकार की मान्यता मिलने से खेलों के विकास के लिए छत्तीसगढ़ के इन दोनों प्रमुख केन्द्रों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा भी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। छत्तीसगढ़ हॉकी अकादमी रायपुर के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण और राज्य सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग के मध्य जल्द ही एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर के बहतराई स्थित एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम का 17 जून 2019 को लोकार्पण करते हुए इसका नामकरण पूर्व मंत्री स्वर्गीय बी. आर. यादव के नाम पर करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने इस स्टेडियम में 9वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया था। जिसमें 22 राज्यों के टीमों ने हिस्सा लिया था। बिलासपुर में सर्वसुविधायुक्त स्पोटर््स कॉम्पलेक्स बनकर तैयार है। छत्तीसगढ़ हॉकी अकादमी रायपुर और राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बिलासपुर को ‘खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ इक्सलेंस‘ को मान्यता मिलने से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अपने खेल कौशल विकसित करने का अच्छा मौका मिलेगा। खिलाड़ियों को बेहतर खेल अधोसंरचना के साथ बेहतर सुविधाएं और अच्छे प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण मिलेगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष युवा महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर युवाओं को ‘खेलबो-जीतबो-गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘ का नया नारा देकर उन्हें खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया था।
उल्लेखनीय है कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ में खेल अकादमी की स्थापना नहीं हो पाई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी अकादमी की स्थापना की गई, जिसमें बालक और बालिका हॉकी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार द्वारा इस अकादमी की भारत सरकार से मान्यता के लगातार प्रयास किए जा रहे थे। रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के दो सर्वसुविधायुक्त हॉकी स्टेडियम पहले ही निर्मित किए जा चुके हैं। इस सिलसिले में भारतीय खेल प्राधिकरण और खेलो इंडिया के खेल विशेषज्ञों के दल ने रायपुर हॉकी अकादमी का भ्रमण कर वहां उपलब्ध खेल अधोसंरचना और सुविधाओं की जानकारी ली थी।

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले जोगी कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है. आज जेसीसी-जे के बड़े नेता, 6 ग्राम पंचायत के 17 बूथ प्रभारी प्रशांत गुप्ता ने प्रभारी मंत्री गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के विकास कार्यो से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी में प्रवेश कर लिया ।
इससे पहले गुरुवार को बीजेपी की पूर्व विधायक प्रत्याशी अर्चना पोर्ते और ध्यान सिंह पोर्ते ने कांग्रेस प्रवेश कर लिया था. भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी अर्चना पोर्ते 2018 में मरवाही से उम्मीदवार रहीं हैं, जबकि भाजपा पूर्व विधायक प्रत्याशी ध्यान सिंह पोर्ते भी 2008 में मरवाही विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं ।
इस दौरान शंकर कंवर, अर्चना पोर्ते, आर पी सिंह प्रवक्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी, बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी उपस्थित थे. सभी ने 3 नम्बर को होने वाले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही विधानसभा उपचुनाव में प्रचण्ड बहुमत से जीत हासिल करने का संकल्प लिया ।