Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र – रायपुर। शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसला कर बिहार ले जाकर दुष्कर्म करने वाले दस हजार रुपए के ईनामी आरोपी को पुलिस ने चार साल बाद पकड़ने में सफलता हासिल की है. आरोपी पीड़िता को पांच महीने बिहार में अपने साथ रखने के बाद वापस रायपुर छोड़कर फरार हो गया था. मामले में आरोपी को पकड़ने की अनेक बार कोशिश की, लेकिन हर बार वह चकमा देकर फरार हो जाता था ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अगस्त 2016 में मंदिर हसौद निवासी 14 वर्षीय लड़की के बिना बताए कहीं चले जाने पर परिजनों की रिपोर्ट पर गुम इंसान कायम कर धारा 363 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था. पीड़िता की तलाश के दौरान दिसम्बर 2016 में बिहार निवासी आरोपी बेचूराम ट्रेन से वापस रायपुर लाकर उसे छोड़कर वापस बिहार भाग गया था ।
पीड़िता को बरामद होने पर उसने अपने कथन मेंबेचूराम द्वारा शादी का प्रलोभन देकर बहला फुसलाकर भगाकर बिहार ले जाकर बलात्कार करना बताया, जिस पर धारा 366, 376 एवं 8 पॉक्सो एक्ट जोड़ कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. उसकी तलाश में थाना मंदिर हसौद से टीम बनाकर बिहार एवं अन्य जगहों पर भेजी गई थी, लेकिन आरोपी अन्य जगह फरार होकर पुलिस को निरंतर चकमा देते रहा. जिसका लगातार पतासाजी करने के बाद भी पता नहीं चल पाया था. रायपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद फरार आरोपी पर 10000 रुपए ईनाम की घोषणा करने के साथ आरोपी की तलाश के लिए बिहार पुलिस से तालमेल करते हुए सीतामढी जिला पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर मुखबिर लगाया ।
आरोपी की जानकारी मिलने पर थाना मंदिर हसौद से सउनि द्वारिका प्रसाद ध्रुव, आरक्षक पुरोहित कोसले, साईबर सेल के प्रधान आरक्षक मोहम्मद कयूम व पुलिस लाइन से आरक्षक टीके मणी को आरोपी के निवास स्थान ग्राम हरिबेला, थाना बथनाहा, बिहार भेजा गया था, जहां से आरोपी बेचूराम पिता जिमीदार राम (27 वर्ष) को  गिरफ्तार कर सीजेएम न्यायालय सीतामढी से ट्रांजिस्ट रिमाण्ड लेकर रायपुर लाया गया. आरोपी को रायपुर न्यायालय में पेश कर रिमाण्ड लिया गया, जहां से आरोपी को जेल दाखिल किया गया है ।
छेड़खानी का आरोपी सालभर बाद पकड़ा गया
इसी प्रकार पीड़िता को घर घुसकर बेइज्जती करने की नियत से हाथ पकड़ने वाले एक साल से फरार आरोपी को पुलिस झारखंड से पकड़ कर लाई. आरोपी महेश गुप्ता पिता छत्रु गुप्ता (29 साल) निवासी हजारी, थाना ईजाक, जिला हजारीबाग, झारखण्ड के खिलाफ थाना मुजगहन में अप. क. 399,/19 धारा 456, 354 ताहि. के मामले में करीबन एक साल पहले मामला दर्ज किया गया था. नगर पुलिस अधीक्षक अटल नगर विश्व दीपक त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन में आरोपी के निवास स्थान हजारी से थाना मुजगहन की टीम सउनि जेएस राजपूत, आरक्षक देवकरण यादव, रामकमार वर्मा ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर रायपुर न्यायालय में पेश किया ।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। अनुसूचित जनजाति के प्रकरण में फंसी डॉ. ऋचा जोगी ने अपना जवाब मुंगेली जिला छानबीन समिति को भेज दिया है. इस जवाब में उन्होंने समिति की ओर से मांगी गई जानकारी के लिए 7 दिनों का समय देने को कहा. इसके लिए पीछे उन्होंने संबंधित विभाग के के बंद होने की बात कही है ।
8 अक्टूबर को समिति द्वारा उन्हें 29 सितम्बर 2020 को जारी किये गए कारण बताओ नोटिस और उनके विरुद्ध की गयी शिकायत की प्रति उपलब्ध करवाई गयी जिसके लिए वे समिति सदस्यों की आभारी हैं.  उनसे आवेदन की मूल प्रति मांगी गयी थी. उन्होंने आवेदन चॉइस सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन किया था. चॉइस सेंटर के कर्मचारी द्वारा मांगे गए सभी दस्तावेज दिखाने के बाद कर्मचारी द्वारा यह फॉर्म ऑनलाइन भरा गया था. उनके भाई ने 08 अक्टूबर को समिति का पत्र मिलने के तुरंत बाद मुंगेली कलेक्टर के समक्ष ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेजों की कॉपी उपलब्ध करवाने का आवेदन दिया  था. उनके भाई ने स्वयं के जाति प्रमाण पत्र के लिए भी चॉइस सेंटर से आवेदन किया था. कलेक्टर मुंगेली को दिए गए आवेदन में भाई ने स्वयं के आवेदन से सम्बंधित दस्तावेज भी मांगे हैं. लेकिन आज तक उन्हें मुंगेली कलेक्टर कार्यालय से उक्त दस्तावेज नहीं मिले हैं ।
समिति द्वारा भेजे गए पत्र में उनसे 1950 से पहले का राजस्व दस्तावेज (मिसल) और 02 जून 1940 के बिक्रीनामे की मूलप्रति मांगी गयी थी. उक्त सभी रिकॉर्ड की सत्यापित प्रति समिति के समक्ष प्रस्तुत कर दी थी. सभी मूल दस्तावेज बिलासपुर जिला रजिस्ट्रार के पास जमा हैं, जिन्हे लेने उनके भाई गए थे. लेकिन बिलासपुर जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव होने के कारण कार्यालय 07 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2020 तक बंद है, जिस वजह से उन्हें यह दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पाए हैं. डॉ. जोगी ने मांग की है कि उन्हें ये सभी दस्तावेज उपलब्ध करवाने के लिए 7 दिनों का और समय दिया जाए ।
आगे जवाब में उन्होंने यह भी लिखा है कि समिति द्वारा उन्हें शिकायत की जानकारी 08 अक्टूबर 2020 को ही दी गयी और सिर्फ 4 दिन उपरांत 12 अक्टूबर 2020 को अगली सुनवाई रख दी. जिसमें भी बीच में 2 दिन शनिवार – इतवार गैर कार्यदिवस थे. इसलिए उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए जरुरी दस्तावेज अभी तक नहीं मिल पाए हैं.  प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को देखते हुए उन्हें खुद का पक्ष रखने के लिए न्यायोचित समय दिया जाना चाहिए. इसलिए समिति को आज की मीटिंग स्थगित करके उन्हें कम से कम 10 दिनों का समय देना चाहिए. नियमों के तहत समिति को उन्हें व्यक्तिगत सुनवाई और वीडियोग्राफी में गवाहों के प्रतिपरीक्षण का अवसर भी देना चाहिए ।
उन्होंने यह भी लिखा है कि, चूँकि वे 2 माह के बच्चे की माँ हैं जिसे लगातार ब्रेस्टफीड और मातृत्व केयर की जरुरत है तथा कोरोना महामारी को देखते हुए वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन और आईसीएमआर की गाइडलाइन्स के अनुसार 10 दिनों बाद समिति द्वारा चिकित्सकीय निगरानी में कोरोना फ्री माहौल में उन्हें सुनवाई का अवसर दिया जाए। मानवता के नाते समिति उनका आवेदन स्वीकार करेगी ऐसी उन्हें अपेक्षा है
 

 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने युद्धवीर सिंह जूदेव की चिट्ठी को लेकर बयान दिया है. साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में टिकट देने का एक सिस्टम है, प्रदेश में चुनाव समिति है, केंद्र में केंद्रीय चुनाव समिति है. प्रदेश चुनाव समिति की मीटिंग 3 तारीख को हुई है, जिसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक से लेकर सभी चुनाव समिति के सदस्य थे, उसमें नामों पर विचार हुआ. विचार विमर्श के बाद 4 नाम का पैनल चुनाव समिति को हमने भेजे हैं. चुनाव समिति ने डॉक्टर गंभीर सिंह का नाम फाइनल किया. हम लोगों का जशपुर राज परिवार से पुराना रिश्ता है. दिलीप सिंह जूदेव हमारे राजनीति के हैं. हम समझते हैं कि आज हम जिस मुकाम पर है वहां तक हमें पहुंचाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है. शुभचिंतक होने के नाते उन्होंने चिट्ठी लिखी है।
बता दें कि पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव की प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को मरवाही उपचुनाव के उम्मीदवारी को लेकर एक चिट्ठी लिखी थी, इस चिट्ठी में जूदेव ने साय को खुद चुनावी मैदान में बतौर उम्मीदवार उतरने का आग्रह किया था. उन्होंने कहा था है कि ‘ताकत दिखाने का यह सबसे सही समय है।
प्रदेश में धान खरीदी को लेकर प्रदेश अध्यक्ष से सरकार से की मांग कहा कि इस साल इंद्रदेव की कृपा से बहुत अच्छी बारिश हुई है. पूरे छत्तीसगढ़ में धान का बंपर पैदावार हुई है.सरकार करीब 19 लाख किसानों से 84 लाख मैट्रिक टन धान खरीदी करती है. इस साल ज्यादा पैदावार है. इस साल भारत सरकार 80 लाख मैट्रिक टन चावल सेंटर पुल में ले रही है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से हमारी मांगे है कि इस बार 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी करें।
जाति विवाद पर साय बोले कि जोगी की जाति की जानकारी जब पूरे छत्तीसगढ़ को है, उन्हें सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा लेकिन आज तक उनका जाति का मामला क्लियर नहीं हुआ है. भाजपा के लोग भी उनके खिलाफ में गए थे, लेकिन यह समझ नहीं आता है कि जब जोगी जी जब कांग्रेस से लड़े थे तो उनके जाति के संबंध में कोई दिक्कत नहीं थी. आज कांग्रेस से बाहर होकर लड़ रहे तो उन्हें उनकी जाति पर दिक्कत हो रही है।
मरवाही प्रत्याशी पर प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि गंभीर सिंह का भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है, गंभीर सिंह एमबीबीएस डॉक्टर है और वहां उनका स्वयं का अस्पताल भी है और कई वर्षों से वे मरवाही क्षेत्र में उनका पैतृक गांव है, उनकी खेती है अपना घर है, तो वहां की जनता को अपना समझ कर नि:शुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप लगाते रहते हैं. पूरे विधानसभा क्षेत्र में उनकी पहचान है, इसका लाभ उनको मिलेगा।
 
 

पंचायत तंत्र- रायपुर । कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम.गीता ने कांकेर जिले के प्रवास के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में स्थापित किए जा रहे लघुधान्य इकाई, पोषण बाड़ी विकास योजना, गौठानों में कुक्कुट पालन की स्थापना और गौठानों के स्व-सहायता समूहों के स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने दुर्गकोंदल विकासखण्ड के महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों से भी चर्चा की। समूह की सदस्यों ने बताया कि उनके द्वारा कोदो, कुटकी, रागी इत्यादि की जैविक खेती की जा रही है। कृषि उत्पादन आयुक्त ने कोदो चावल का अवलोकन भी किया।
    कृषि उत्पादन आयुक्त ने समीक्षा के दौरान सुराजी योजना के तहत नरवा, गरवा घुरवा, बाड़ी के क्रियान्वयन की समीक्षा की। डॉ. एम. गीता ने कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर के विभिन्न प्रदर्शन इकाईयों-मशरूम स्पॉन उत्पादन, बटेर पालन, कड़कनाथ कुक्कुट पालन एवं प्रजनन इकाई, पोषण वाटिका का अवलोकन भी किया एवं विस्तार से जानकारी ली। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ बीरबल साहू ने जिले में कृषकों द्वारा क्रियान्वित किये जा रहे कड़कनाथ कुक्कुट पालन, पोषण बाड़ी की अद्यतन स्थिति एवं जिला खनिज न्यास निधि से स्थापित किये गये कुक्कुट पालन इकाई एवं मशरूम स्पान उत्पादन के संबंध में प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान संचालक कृषि श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, संचालक उद्यानिकी एवं पशुधन विकास विभाग पी. माथेश्वरन सहित कलेक्टर कांकेर श्री के.एल. चौहान सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र- रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा ने आज बालोद तहसील के ग्राम पीपरछेड़ी पहुचकर सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी स्वर्गीय श्री रविन्द्र भेंडिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय श्री रविन्द्र भेंडिया की पत्नी व प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया तथा उनके शोकसंतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण आदि मौजूद थे।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा “पढ़ई तुंहर दुआर” अंतर्गत आज रविवार को ‘लॉकडाउन में पढ़ाई कैसे करें‘ विषय पर ऑनलाइन विशेष कक्षा का आयोजन किया गया। विशेष ऑनलाइन कक्षा में हजारों बच्चे, शिक्षक और पालक शामिल हुए। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के सहायक संचालक और राज्य स्तरीय प्रशिक्षक श्री प्रशांत कुमार पाण्डेय ने बच्चों और शिक्षकों से कहा कि कोरोना संकट में मिले इस कीमती समय को अवसर में बदलें। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से जहाँ पूरी दुनिया एक तरफ जूझ रही है, वहीं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई कैसे हो यह चिंतनीय है।
    लॉकडाउन की अवधि में खाना, पीना, सोना सब कुछ अनिश्चित सा हो गया है। क्या तो हम ऐसे समय में सीखना बंद कर दें, हम कुछ नया करने की सोचें। ऐसे कीमती समय को अवसर में बदलने शिक्षकों और पालकों को जहां रचनात्मक कार्य करना चाहिए वहीं बच्चों को सुव्यवस्थित प्लानिंग कर पढ़ाई करनी चाहिए।
    सबसे पहले हमें अपने को स्वस्थ्य रखने, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से यथासंभव काढ़ा आदि का सेवन करना चाहिए। यदि पढ़ाई में मन नहीं लगता तो आसपास के उन सफल व्यक्तियों को देखें, जिन्होंने लगन और मेहनत से पढ़ाई कर सफलता का मुकाम हासिल किया है। बच्चें अपनी पढ़ाई-लिखाई के लिए समय-सारणी बनाएं। ब्रम्ह मुहूर्त में कम से कम दो घण्टे अवश्य पढ़ाई करें। बीच-बीच में मनोरंजन भी करें, जिससे आप चार्ज होते रहेंगे। लगातार पढ़ाई न करें, पढ़ाई के बाद अन्य कार्य करें और फिर पढ़ाई करें। पढ़ाई के लिए घर में एक स्थान का चयन करें। पढ़ाई में ध्यान केन्द्रित हो इसलिए उस कमरे से अनावश्यक सामान को हटा दंे। परिवार के सदस्यों के साथ चाय, नास्ता, भोजन इत्यादि करें। चाय, कॉफी का अधिक सेवन न करें तथा सुपाच्य भोजन करें।
    श्री पाण्डेय ने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें। रटने के बजाय स्पष्ट समझ के साथ पढ़ाई करें। यदि आवश्यक हो तो नोट्स बनाए। दिनभर किए गए पढ़ाई का स्व-मूल्यांकन करें, जहाँ कमियाँ है, उसे सुधारे और आगे बढ़े। भले ही घर में रहकर ऑनलाइन या ऑफलाइन पढ़ाई कर रहे हो, फिर भी स्कूल जैसे ही अनुशासन का पालन करें। पढ़ाई के अलावा रूचि अनुसार गाना, पेंटिंग, डांसिंग के अलावा अन्य रचनात्मक गतिविधियाँ भी कर सकते हैं। श्री पाण्डेय ने पालकों से बच्चों की पढ़ाई के लिए सकारात्मक वातावरण निर्माण करने में सहयोग प्रदान करने की अपील की। शिक्षा सलाहकार श्री सत्यराज अय्यर ने बताया कि आज की यह विशेष कक्षा यू-ट्यूब में पीटीडी छत्तीसगढ़ में हमेशा उपलब्ध रहेगा।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। कोरोना महामारी के इस दौर में सभी वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से तगड़ा झटका लगा है. इसकी मार सबसे अधिक गरीब तबके के लोगों को झेलने पड़ी है. जो अभी तक इससे उभरे नहीं है. नवरात्री और दीपावली का त्योहार नजदीक है, फिर भी कुम्हारों के चेहरे पर उदासी छाई हुई है. क्योंकि कुम्हारों ने कर्ज लेकर कलश और दीये बनाए हैं, लेकिन बिक्री नहीं होने से इन्हें मजदूरी का काम करना पड़ रहा है. अब कर्ज में डूबने के बाद कुम्हारों का गुजारा बसर नहीं हो पा रहा है. मुफलिसी की जिंदगी जीने को मजबूर है ।
रायपुर की कुम्हार श्याम बाई चक्रधारी ने बताती है कि इस बार 1 हजार कलश तैयार किया है, लेकिन अब तक सिर्फ 2 या 4 कलश की ही बिक्री हो सकी है. 2 मंदिर के आर्डर आया है, बाकी मंदिरों से अभी कोई फोन नहीं आया है. लीला बाई चक्रधारी कहती है कि अब तक कोई बिक्री नहीं हुई है. कोरोना की वजह से लोग खरीददारी करने नहीं आ रहे हैं. चैत्र नवरात्रि का भी कलश हमारे पास रखा हुआ है ।
कुम्हार घीवर चक्रधारी ने बताया कि कोरोना नहीं था, तो हमारे पास से 15 से 20 हजार रूपए तक के कलश की बिक्री हो जाती थी. लेकिन चैत्र नवरात्रि में कोरोना की वजह से लॉकडाउन था. इस बार भी कलश बनकर रखे हुए हैं. हम कर्ज में डूबे हुए हैं. हम गुजारा करने के लिए मजदूरी भी करते हैं. माता रानी से यही दुआ है कि हमारे कलश दीये बिक जाए ।
 

पंचायत तंत्र-रायपुर। प्रदेश के जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर केआर झारिया ने वीआरएस के लिए आवेदन दे दिया है। हालांकि जीएसटी मंत्री टीएस सिंहदेव ने विभाग से वीआरएस मंजूर न करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। झारिया ने वीआरएस का फैसला गुरुवार को जीएसटी कमिश्नर रानू साहू से हुए विवाद के बाद लिया था। उसके बाद शुक्रवार शाम साहू के दफ्तर में जमा करवा दिया है। दोनों के बीच विभाग के प्रवर्तन विंग की कार्यवाहियों को लेकर विवाद हुआ था। अखबारों में छपी खबर के अनुसार गुरुवार को जीएसटी कमिश्नर रानू साहू और एडिशनल कमिश्नर केआर झारिया के बीच जीएसटी कार्रवाइयों को लेकर चर्चा चल रही थी। साहू इस बात से नाराज थीं कि झारिया, अपने द्वारा की गई कार्यवाहियों के बाद सूचना के रूप में नस्तियां प्रस्तुत कर रहे थे और कारोबारियों को नोटिस दिए बिना कार्यवाही कर रहे थे। ये मामले विभाग के प्रवर्तन विंग के थे, जो झारिया के जिम्मे नहीं है। रानू साहू का कहना था कि झारिया को न कार्यवाही का अधिकार था न कर चोरी का उल्लेख । इस बात को लेकर व्यापारियों ने उनकी शिकायत भी की थी।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। नए किसान कानून के विरोध में प्रदेश कांग्रेस रायपुर में धरना दे रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री से मैं एक बात कहना चाहता हूं- वो यह तय करें कि मंडी के भीतर और बाहर किसानों से उनकी उपज एमएसपी में ही खरीदी जाएगी। यह घोषणा वो कर दें मैं पूरे देश के किसानों की तरफ से कहता हूं कोई आंदोलन नहीं होगा। मोदीजी एक राष्ट्र एक बाजार की बात करते हैं। मैं इसमें सिर्फ एक चीज जोडऩा चाहता हूं एक दर। अगर एक राष्ट्र, एक बाजार और एक दर होगा तो कोई भी समर्थन मूल्य से कम में किसानों से खरीदी नहीं करेगा। यह घोषणा करके दिखाएं मोदीजी।
पुलिस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगे कहा कि ये कानून सिर्फ व्यापारियों के फायदे के लिए है। मोदीजी झूठ बोल रहे कि इस कानून से किसानों का फायदा होगा। मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था, मगर अब समर्थन खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार जो बोनस दे रही थी किसानों को, उसे केंद्र सरकार रोक दिया। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल बताएं कि ऐसा करके सरकार ने सही किया या गलत। मैं नागपुर गया था वहां अडानी ग्रुप का गोदाम तैयार है, वो किसानों से अनाज लेकर इसका रेट तय करेंगे।
हिम्मत है तो एक राष्ट्र-एक बाजार के साथ एक दर भी घोषित करें : केंद्रीय कृषि बिल के विरोध में कांग्रेस ने वर्चुअल किसान सम्मेलन का आयोजन किया। राजीव भवन में आयोजित इस सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश के सभी जिले और ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान जुड़े। इस दौरान सीएम भूपेश ने कहा कि इस बिल से किसानों पर व्यापक प्रभाव पडऩे वाला है। लेकिन हम विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर नया कानून बनाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को तैयारी करने के लिए कहा गया है। भूपेश ने पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो एक राष्ट्र एक बाजार के साथ एक दर भी घोषित कर दें तो किसानों के साथ-साथ कांग्रेस भी अपना आंदोलन वापस ले लेगी। 
पत्रिका का विमोचन यह गांव-गांव पहुंचेगी : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पत्रिका का विमोचन किया। दावा किया गया कि इसमें उन सभी सवालों के जवाब है जो किसानों, मजदूरों और आम जनता में उठ रहे हैं। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत मंत्री मंडल के सभी सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने इसका विमोचन किया। संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया कि इस पुस्तिका में इस कानून से कृषि उपज मंडियां खत्म हो जाएंगी? मंडी और समिति खत्म होने से क्या नुकसान है? क्या किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा? जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है। इसमें नरेंद्र मोदी के कार्टून हैं। अब इस पुस्तिका की लाखों प्रतियां प्रदेश भर में बंटवाई जाएंगी।
 

 पंचायत तंत्र- रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश में महिलाओं के साथ लगातार घट रहीं अत्याचार और दुष्कर्म की वारदातों के खिलाफ धरना दिया गया। बाद में अजजा व महिला मोर्चा ने राज्यपाल अुसुइया उईके को ज्ञापन सौंपकर पीडि़त परिवार के एक सदस्य को नौकरी , उचित मुआवजे की मांग व इन मामलों की निष्पक्ष जाँच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
 इस मौके पर धरना स्थल पर अपने संबोधन में पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश-सरकार जब से प्रदेश की सत्ता में आई है, छत्तीसगढ़ को किसी की नजऱ लग गयी है। बलात्कारों का सिलसिला चल पड़ा है। महिला सशक्तिकरण, महिला स्वाभिमान और अस्मत की सुरक्षा के तमाम सरकारी दावे दम तोड़ चुके हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि जब शासक कमजोर होता है तो व्यवस्थाएं अनियंत्रित हो जाती है। पुलिस की इतनी ताकत हो जाती है कि एफआईआर के लिए घूस मांगते है। इन अन्याय के खि़लाफ़ भाजपा की बहनों, भाइयों को अब कोई पुलिस, जेल का भय नहीं रोक सकता। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने भूपेश-सरकार को चूड़ी और चुन्नी की ग़ुनहगार सरकार बताया और कहा कि ‘ला, दे, और ले जाÓ मतलब पैसा ला के दे, और पद लेकर जा ही इस सरकार की परिभाषा रह गई है। ऐसी सरकार से जनता को जगाना है और दुराचार की व्यवस्था का अंत करना है। भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि ये सरकार छत्तीसगढ़ के आदिवासी वर्ग के सम्मान की कीमत वसूलती है।
 एक थानेदार पीडि़त परिवार से 15 हज़ार रुपए मांगता है! इस सरकार को बताना पड़ेगा कि इसमें किस-किसकी कितनी हिस्सेदारी है? पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यहाँ के आदिवासी भोले हैं परंतु अगर उनके सम्मान से खिलवाड़ नहीं रुका तो वे भाला बनकर सरकार के खिलाफ चुभ सकते है। कार्यक्रम को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में रायपुर शहर जि़ला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने आभार माना। इस दौरान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मोती साहू, पूर्व विधायक नंदे साहू, सच्चिदानंद उपासने, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव, महिला मोर्चा की मीनल चौबे, लक्ष्मी वर्मा, सुभाषिनी अवस्थी, शशि अग्रवाल, पद्मा चंद्राकर,सुभाष शर्मा, शैलेन्द्री परगनिया, राजेश पांडेय, अजय शुक्ल, प्रफुल्ल विश्वकर्म, रमेश ठाकुर, रितेश सहारे, बसंत गोंड़, चन्द्रशेखर दीवान, वेद ध्रुव, रजयंत ध्रुव, दिग्विजय सिंह ठाकुर काफी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।