Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिया के पति पूर्व आईजी रविंद्र भेडिया के निधन पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट में कहा कि हमारी सहयोगी मंत्री बहन अनिला भेंडिया के पति और पूर्व आईजी ‌रविंद्र भेंडिया के निधन का ‌दुखद‌ समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे एवं दुख की इस घड़ी में परिवार को‌ संबल प्रदान करें।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया के बिगड़े बोल के खिलाफ भाजयुमो ने मोर्चा खोल दिया है. रायपुर के तेलीबांधी में भाजयुमो ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की. इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ता मंत्री को गेट वेल सुन कार्ड देने उनके निवास के लिए निकले, जिसे पुलिस ने बंगले से पहले ही सड़क पर रोक दिया. पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ता नाराजगी जताते हुए सड़क पर ही बैठ गए हैं ।
श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया के बयान के विरोध में प्रदर्शन भाजयुमो के बैनर तले किया गया. मंत्री ने पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में जो घटना घटी उसे बहुत छोटी घटना कहा था. 14 साल की बच्ची के साथ नशा देकर सामूहिक बलात्कार करना ये छोटी घटना नहीं है मंत्री को इस बात पर शर्म नहीं आई कि वे छत्तीसगढ़ की बेटी के बारे में इस तरह की बात बोल रहे हैं ।
वे मानसिक रोगी है, हम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से ये मांग करते हैं कि उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए, उन्हें मंत्रिमंडल में रहने का अधिकार नहीं है. हम राहुल और प्रियंका गांधी से भी मांग करते हैं कि जिस प्रकार वह हाथरस गए, उसी तरह से उन्हें छत्तीसगढ़ आना चाहिए और देखना चाहिए कि किस तरह से बलरामपुर में भूपेश सरकार के राज में बेटियों के साथ बलात्कार हो रहा है. हमारे स्थानीय नेता व कार्यकर्ता परिवार के लोगों से लगातार मिल रहे हैं. कोरोना महामारी है, हम कोरोना को फैलाना नहीं चाहते, इसी वजह से हम सीमित संख्या में प्रदर्शन भी कर रहे हैं ।
बता दें कि शनिवार को मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान विवादित बयान दिया था. मंत्री ने गैंगरेप की घटना पर कहा था कि छत्तीसगढ़ की घटना छोटी है, उत्तर प्रदेश की बड़ी घटना है. बयान पर हंगामा होने के बाद उन्होंने सफाई दी थी. बता दें कि छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में किशोरी को नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म किया था ।
 

पंचायत तंत्र-रायपुर। क्यों भारतीय जनता पार्टी अपने ऊपर दाग़ लगते ही दूसरों के दाग गिनाने लगती है? उत्तर प्रदेश में हाथरस की दुखद, दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना का जवाब देने की बजाय वह कभी राजस्थान का नाम लेती है तो कभी छत्तीसगढ़ का. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि पहले भाजपा को हाथरस की लीपापोती का जवाब देना होगा, फिर बलरामपुर और भदोही का भी जवाब देना होगा.उन्होंने कहा है कि बलात्कार की घटनाएं अमानवीय ही होती हैं और इसकी पीड़ा को किसी भी सूरत में कम नहीं किया जा सकता. बलात्कार की घटनाएं कहीं भी हो किसी के भी साथ हो बेहद गंभीर हैं और मानवता के विरुद्ध अपराध हैं लेकिन बलात्कार की घटनाओं के बाद उत्तर प्रदेश की अजय सिंह बिष्ट सरकार ने जिस तरह से इस पर लीपापोती करने की कोशिश की, पीड़िता के शव को जलाया और परिवार को प्रलोभन दिया, वह बेहद गंभीर और अफ़सोसनाक है ।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि आज रमन सिंह, उनके पिछलग्गू नेता और रमनसिंह की बी टीम बलात्कार की घटना पर व्यथित होने का झूठा दिखावा कर रहे हैं लेकिन आंकड़ों में दर्ज है कि छत्तीसगढ़ में रमनसिंह के 15 साल के कार्यकाल में क्या हुआ. एक समय था जब एनसीआरबी के आंकड़ों में छत्तीसगढ़ का दुर्ग बलात्कार की राजधानी बन गया था और उस समय भी मुख्यमंत्री रमन सिंह ही थे.मीना खल्खो और मड़कम हिड़में के साथ क्या हुआ था यह तो रमनसिंह आज तक बोल नहीं पाते. छत्तीसगढ़ के लोग इस बात को कभी भूल नहीं सकते की नसबंदी कांड गर्भाशय कांड और झलिया मारी कांड जैसे बड़े-बड़े महिलाओं के खिलाफ अपराध रमन सिंह के कार्यकाल में ही हुए ।
पूरे देश में भाजपा के जनप्रतिनिधि विधायक नेता या तो  शामिल रहे या संरक्षण दिया हो, हाथरस बलरामपुर और उसके पहले उन्नाव और जम्मू कठुआ की ऐसी घटनाओं से देश में गहरी नाराजगी है ।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि हाथरस की घटना पर मुंह में दही जमा कर बैठे सांप्रदायिक नेताओं और उनके पिछलग्गुओं और बी टीम के द्वारा इसके बाद की गई बयान बाजी बेशर्मी की पराकाष्ठा है. अनुसूचित जाति वर्ग के प्रति भाजपा और आरएसएस की सोच को प्रदर्शित करने वाली यह बयान बाजी बेहद दुखद और अमानवीय है. उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटना में जिस तरह से पीड़िता को सही इलाज तक मिलने से रोका गया पीड़िता की जीभ काट ली गई पीड़िता के ऊपर प्राणघातक हमले किए गए और आरोपियों को सरकारी संरक्षण दिया गया ।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सच को झूठलाते हुए कहती है कि पीड़िता के साथ बलात्कार हुआ ही नहीं और उसकी जीभ भी नहीं काटी गई जबकि 15 दिन से पीड़िता का इलाज इन्हीं कारणों से चल रहा है और पोस्टमार्टम की इस तरह की संदिग्ध रिपोर्ट देने के बाद पीड़िता का शव रात को 2:30 बजे उसके परिवार वालों की अनुपस्थिति में संदिग्ध परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जला दिया जाता है ।
 
 
 

पंचायत तंत्र- रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में वन आधारित उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को हर संभव मदद देगी। उन्होंने राज्य के उद्यमियों से इसके लिए आगे आने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने निवास कार्यालय में उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों से राज्य में वन आधारित औद्योगिक इकाईयों की स्थापना को लेकर आयोजित बैठक में चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने राज्य में भरपूर वन संपदा के समुचित दोहन एवं इसके जरिए स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य में वन आधारित औद्योगिक इकाईयों की स्थापना पर राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का 44 प्रतिशत भू-भाग वन आच्छादित है। यहां प्रचुर मात्रा में वनौषधि एवं लघु वनोपज की उपलब्धता के साथ ही उद्यानिकी उत्पादन की असीम संभावनाएं विद्यमान है। उन्होंने कहा कि वनोत्पाद एवं उद्यानिकी उत्पाद से संबंधित औद्योगिक इकाईयों की स्थापना से राज्य के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और वनांचल के लोगों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वनांचल के लोगों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने तथा उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार प्रयासरत है। इस दिशा में वनांचल क्षेत्रों में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र स्थानीय समुदाय को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में राज्य सरकार द्वारा राज्य के 1300 वनांचल के गांव के लोगों को 5 लाख हेक्टेयर से अधिक वन भूमि के उपभोग का अधिकार सौंपा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि हमने वन क्षेत्रों में वृक्षारोपण की वर्षाें पुरानी नीति को तब्दील करते हुए इमारती पौधों के बजाए फलदार पौधों के रोपण को बढ़ावा दिया है। वन क्षेत्रों में इस साल 86 लाख से अधिक वनौषधि एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया है, ताकि इससे स्थानीय लोगों को फायदा हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों की सहभागिता से जंगलों की सुरक्षा और वनांचल के लोगों को जीविकोपार्जन की गतिविधियों से जोड़ना इसका उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार, वनांचल क्षेत्रों में उद्यमियों के प्रस्ताव के अनुरूप वनौषधि एवं फलदार पौधों के रोपण को बढ़ावा देगी, ताकि वहां स्थापित होने वाले उद्योग को सहजता से कच्चा माल उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य की जलवायु विविधता तथा क्षेत्रवार अलग-अलग वनोत्पाद एवं उद्यानिकी उत्पाद के बारे में उद्योगपतियों को जानकारी दी और कहा कि उद्यमियों के प्रस्ताव के अनुरूप सरकार इसको बढ़ावा देने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यह भी कहा कि वन आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि की उपलब्धता की कमी आडे़ नहीं आएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की सुराजी गांव योजना के तहत नरवा (नाला) उपचार के जरिए राज्य में सतही जल के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में 1300 से अधिक नालों को उपचार का किया जा रहा है, जिसमें से अधिकांश नाले वन क्षेत्रों में स्थित है। इसकी वजह से वनांचल क्षेत्रों में लगने वाले उद्योगों के लिए पानी की उपलब्धता भी सहजता से सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में स्थापित होने वाले उद्योगों के लिए मानव संसाधन भी सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से राज्य के विभिन्न अंचलों में वन आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए प्रस्ताव देने के साथ ही आवश्यक तैयारियां शुरू करने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के वन आधारित उद्योग लगाने के प्रस्ताव को राज्य के उद्योगपतियों ने सराहा और कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का यह प्रस्ताव अपने आप में अनूठा और असीम संभावनाओं वाला है। उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने के लिए नवीन औद्योगिक नीति 2019 से 2024 के प्रावधानों सहित कोरोना काल में राज्य सरकार द्वारा उद्योगों के संचालन में दी गई रियायत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने 2019 सितम्बर माह की तुलना में छत्तीसगढ़ राज्य में इस वर्ष सितम्बर माह में कोरोना संकट के बावजूद भी जीएसटी में 24 प्रतिशत की वृद्धि को राज्य सरकार की नीतियों और प्रयासों का प्रतिफल बताया। इस मौके पर उद्योगपतियों ने विभिन्न सेक्टरों के उद्योगों को बढ़ावा देने के संबंध में मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया और अपनी मांग रखी। उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री को नए उद्योगों की स्थापना के संबंध में अपने प्रस्ताव भी दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुवा, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र-रायपुर। राजधानी में पकड़ाए ड्रग्स पैडलर मामले के तार धीरे-धीरे कई चर्चित चेहरे, बड़े उद्योगपति और बिल्डर्स के साथ जुड़ने लगे हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके मोबाइल में छिपे कई राज बाहर निकल कर सामने आए हैं। जिनमें कई चौंकाने वाले नाम भी शामिल है। माना जा रहा है कि इऩ नामों के बाहर आने से हड़कंप मच सकता है। मामले में सभी के खिलाफ पुलिस को कुछ और पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं। जल्दी ही पुलिस इन सबको गिरफ्तार कर सकती है।
जो जानकारी निकल कर सामने आ रही है उसके मुताबिक दोनों ड्रग पैडलर का कनेक्शन प्रदेश के कई जिलों से है। जिनमें राजधानी के अलावा न्यायधानी और दुर्ग भी शामिल है। दोनों आरोपी बड़े-बड़े होटलों और पार्टियों में भी ड्रग्स की सप्लाई किये जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं पुलिस को दोनों के वाट्सअप और मैसेज बॉक्स से कई मैसेज भी प्राप्त हुए हैं। जिनमें कोड वर्ड में भी बात किये जाने की जानकारी आ रही है। पुलिस द्वारा इन कोड्स को डीकोड किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक बड़ा एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। अब उसी एक्शन प्लान के तहत एक टीम को मुंबई भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं कुछ टीमें स्थानीय स्तर पर चर्चित नामों की घेराबंदी करने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब दो दिन पहले पुलिस ने इस मामले में एक बड़े होटल मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया था।
आपको बता दें हाल ही में पुलिस ने 17 ग्राम कोकीन के साथ ही दो युवकों को गिरफ्तार किया था। दोनों युवक इस जहरीले नशे की डिलेवरी के लिए आए थे लेकिन इससे पहले की वो इसे उन हाथों में पहुंचा पाते पुलिस के हत्थे चल गए। कोकिन मिलने से पुलिस के कान खड़े हो गए।
 

पंचायत तंत्र-रायपुर। राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा और फूलो देवी नेताम ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा को पत्र लिखकर हाथरस जाते समय प्रियंका गांधी के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार पर मामला दर्ज कर कठोर कार्यवाही की मांग की है. पत्र में कहा कि आपको यह शिकायत भेजते हुए मन बहुत व्यथित है और सिर शर्म से झुका जा रहा है. ऐसा लग रहा है मानों उत्तर प्रदेश में पुलिस महिलाओं के साथ अपमान और दुर्व्यवहार करने पर उतारू है ।
3 अक्टूबर को दिल्ली से उत्तर प्रदेश के हाथरस जाते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी तथा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश पुलिस ने रास्ते में रोका. वे उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित बच्ची के साथ हुए बलात्कार, हिंसा तथा पुलिस की लीपापोती के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे. इस दौरान जो कुछ घटा उसने मुझे यह शिकायत करने को बाध्य किया है ।
भारत के संविधान में महिलाओं के लिए विशेष कानून हैं, उसमें यह प्रावधान किया गया है कि किसी महिला को रोकने और पकड़ने का कार्य केवल महिला पुलिसकर्मी ही कर सकती है, कोई पुरूष पुलिसकर्मी नहीं. लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस ने सभी हदें पार कर दी हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस के एक पुरुष अधिकारी ने न केवल प्रियंका गांधी को रोका बल्कि बेहद अशोभनीय ढंग से उनके कपड़े भी पकड़कर खींचे. यह तस्वीर टीवी चैनलों, अख़बारों और सोशल मीडिया पर भी प्रमुखता से प्रकाशित-प्रसारित हुई है ।
उत्तर प्रदेश पुलिस के इस दुर्व्यवहार से पूरे देश में महिलाओं में जबरदस्त आक्रोश है. हर राज्य में, जिले में, कस्बे में, गांव में विरोध प्रदर्शन हो रहा है. महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर देश का हर पिता,  माता,  भाई चिंतित है ।
आपसे अनुरोध है कि प्रकरण को संज्ञान में लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस के इस अधिकारी और उनके सभी आला अधिकारियों के ख़िलाफ़ महिला आयोग मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए जिससे भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो 
सके ।
 

पंचायत तंत्र- रायपुर। राजधानी रायपुर अनलॉक होने पर संडे व्यापरियों को बड़ी राहत मिली है. क्योंकि आज काफी दिनों बाद इन लोगों ने शहर में संडे बाजार लगाया. इस दौरान उनके चेहरे पर थोड़ी मायूसी थी, लेकिन बाजार खुलने से उनका दर्द कम हो गया था. वहीं लॉकडाउन में व्यापार के बारे में पूछा तो उनका दर्द छलक गया. बताया कि बीते 7 महीने से कोई आमदनी नहीं हुई है. हमारे कमाई का जरिया सिर्फ यहीं है. घर चलाने में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. बता दें कि कोरोना संक्रमण के कारण रविवार को शहर में पूर्ण लॉकडाउन रहता था. इस वजह  से कपड़े नहीं बेच पाते थे।
व्यापारी रूपा ने बताया कि 8 महीने से खाली बैठे हैं, हम कर्जा लेकर घर चला रहे हैं. हमारी कमाई का एकमात्र जरिया यही है हमें कही पर भी दुकान लगाने नहीं दिया जाता है. दुकान के सामने बैठते हैं तो दुकानदार भगा देते हैं हमारे घर पर छोटे बच्चे है, उन्हें बड़ी मुश्किल से हम घर पर छोड़ कर यहां व्यापार करने आते हैं।
व्यापारी बुधिया साहू का कहना है कि हम काफी दिन से परेशान थे. हमारी कमाई सिर्फ संडे को होती है और एक ही दिन की कमाई से ही हम पूरे एक हफ्ते गुजारा करते हैं, लेकिन काफी दिनों से हमें दुकानें लगाने नहीं दी जा रही हैं. हम पुराने कपड़े बेचते है, जिससे गरीब वर्ग के लोग भारी संख्या में खरीदने आते हैं लेकिन हमें दुकान लगाने नहीं दिया जा रहा, जहां हम दुकान लगाते थे, जिससे ग्राहकों में कमी भी देखी जा रही है।
वहीं व्यापारी सोयल शेख बताते हैं कि आज संडे के दिन हमे मार्केट खोलने दिया गया, उसके लिए बहुत धन्यवाद. हम काफी समय से बेरोजगार थे और संडे मार्केट बंद रहने से हमारा धंधा चौपट था, अब उम्मीद की एक किरण नजर आई है अब देखना होगा कि आगे क्या होता है।
 

पंचायत तंत्र- रायपुर। राज्य शासन की रीति नीति प्रदेश के सभी श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं को सस्ते दाम पर बिजली के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवा सुविधा देने की है. इस दिशा में आगे बढ़ते हुए न्यू टेक्नोलॉजी का उपयोग करके छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने मोर बिजली एप को निर्मित किया है, जिसके नए फीचर्स का लोकार्पण 5 अक्टूबर 2020 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कर कमलों से होगा.
छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार शुरु की गई यह सुविधा बिजली उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित सभी काम के लिये बिजली दफ्तर के चक्कर लगाने से लगभग सोलह आना बचा सकती है. इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर कोई भी उपभोक्ता निशुल्क डाउनलोड कर सकता है और बिजली संबंधित 16 प्रकार से अधिक कार्यो का निपटारा घर बैठे किसी भी समय कर सकता है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का यही संदेश रहा है कि उपभोक्ता हमारे परिवार का एक अभिन्न सदस्य है उसकी सेवा में संपूर्ण त्याग और निष्ठा का परिचय देकर ही संस्था को आगे बढ़ाया जा सकता है, इसके अनुपालन में माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 5 अक्टूबर 2020 की शाम 6:00 बजे अपने निवास कार्यालय से मोर बिजली एप में शामिल नए फीचर्स का शुभारंभ करेंगे.
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के चेयरमैन सुब्रत साहू, प्रबंध निदेशक श्रीहर्ष गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित होंगे. मोर बिजली एप को एक बार मोबाइल पर डाउनलोड करने के बाद उपभोक्ता गण कभी भी किसी समय बिजली संबंधित 16 किस्म के कार्यो का निपटारा चुटकी बजाते कर सकते हैं.यह सुविधा पूरी तरह से निशुल्क है. पावर कंपनी प्रबंधन द्वारा अपील की गई है कि निशुल्क जनहितकारी मोर बिजली एप को अपनाएं साथ ही अधिकाधिक लोगों को अपनाने के लिए प्रेरित करें.

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। यूपी और छत्तीसगढ़ में हुई गैंगरेप की घटना के बाद से सूबे की राजनीति गरमा गई है। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया के बयान पर भाजपा ने निशाना साधा है।  नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मंत्री के साथ ही पूरी पार्टी को आड़े हाथों लिया है। प्रदेशाध्यक्ष ने तो यह तक कह दिया है कि वे राहुल गांधी और प्रियंका को छत्तीसगढ़ आने के लिए प्लेन की टिकट तक भेजने का प्रस्ताव दे दिया है।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि  जिस प्रकार से लगातार रेप की घटना हो रही है, राज्य में आपराधिक घटना बढ़ी है। मंत्री का यह बयान कि छत्तीसगढ़ में हुई रेप की घटना छोटी है, यह अशोभनीय है। प्रदेश के बाहर की घटना इन्हें बड़ी लगती है, राज्य की घटना छोटी। मैं इसकी निंदा करता हूँ। यह सरकार प्रदेश को किस ओर लेकर जाएगी।
वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि पहाड़ी कोरवा महिला से रेप के बाद हत्या कर दी गई। इस सरकार का ये कौन सा मापदंड है कि राज्य में रेप की घटना छोटी घटना है। हम मांग करते हैं कि राहुल गांधी- प्रियंका गांधी भी यहां आकर दौरा करें।
मंत्री के बयान पर भाजपा ने ट्वीट कर डहरिया को प्रदेश का मुलायम सिंह यादव तक कह दिया है। भाजपा ने ट्वीट कर कहा, “छत्तीसगढ़ में हुआ दुष्कर्म छोटी घटना है! कैबिनेट मंत्री शिव डहरिया जी को जानते ही हैं आप। प्रदेश का अपना ‘मुलायम सिंह यादव।’ बच्चों से ग़लतियां हो जाती टाइप।” इस ट्वीट के साथ ही भाजपा ने मंत्री के बयान से दुखी होने का इमोजी भी लगाया है।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। लाखों के जेवर व नकदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 लाख के जेवरात और नकदी बरामद किया है. पिछले दिनों कुशालपुर इलाके में राजेंद्र ओझा के सूने मकान में चोर ने धावा बोला था. जहां से जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए थे. रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी को खौली गांव में दबोचा है. ये पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना पुलिस की है. कुछ ही देर में पुलिस मामले का खुलासा करेगी ।
पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी विजय शर्मा 26 सितंम्बर की रात की कुशालपुर स्थित रिटायर्ड बिजली अधिकारी राजेंद्र ओझा के सूने मकान से 15 लाख के जेवर और नकदी चोरी कर की थी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस की 4 सदस्यीय टीम ने आरोपी को मंदिरहसौद के खौली गांव से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से चोरी की हुई पूरी रकम बरामद कर ली गई है ।