Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह पर मंत्री शिव कुमार डहरिया ने करारा हमला किया है. उन्होंने कहा कि हाथरस में इतनी बड़ी घटना हो गई, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. उसके लिए इन लोगों का मुंह नहीं खुलता. एक महिला के साथ बलात्कार और उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन ये लोग सिर्फ छत्तीसगढ़ की सरकार की आलोचना करने में लगे हुए हैं।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गांधी जयंती पर बस्तर संभाग में नक्सलियों द्वारा ग्रामीणों की हत्या करने पर राज्यपाल अनुसुईया उइके को पत्र लिखा था. उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के निष्क्रिय रहने की बात कहते हुए राज्यपाल से नक्सलियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के लिए राज्य सरकार को निर्देशित करने का आग्रह किया था. इस मामले पर सवाल पूछने पर मंत्री शिव कुमार डहरिया ने डॉ रमन सिंह पर पलटवार किया।
मंत्री डहरिया ने कहा कि रमन सिंह की सरकार में बड़ी-बड़ी घटनाएं हुई, हमारे कांग्रेस का पूरा नेतृत्व उन्होंने समाप्त कर दिया. नक्सली घटना उनके राज में बढ़ी थी, हमारे राज में नक्सली घटनाएं कम हुई है।
नक्सलियों के द्वारा कुछ साजिश हो रही है, जिसे हमारी सरकार द्वारा पता लगाया जा रहा है. नक्सलवाद को पूरी तरीके से खत्म करने के लिए सरकार काम कर रही है. रमन सिंह और भारतीय जनता पार्टी के लोगों का मुंह सरकार की आलोचना करने के लिए खुलते हैं।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। केन्द्रीय कृषि बिल के विरोध में पीसीसी के निर्देश पर राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉकों में कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान जीतेगा और हर हाल में मोदी सरकार का काला कानून हारेगा। कांग्रेस ने सभी जिला एवं ब्लाक पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को किसान-मजदूर बचाओ दिवस के रूप में मनाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मोदी के काले कानूनों के खिलाफ, कांग्रेस के कार्यकताओं ने हर घर जाकर अभियान चलाने का संकल्प लिया है। 
कार्यकर्ताओं का मुकाबला भाजपा के सांसदों से होगा। कार्यकर्ता जीतेगा, कांग्रेस जीतेगी, किसान जीतेगा। मोदी हारेंगे, मोदी के सांसद हारेंगे,मोदी का काला कानून हारेगा ये स्पष्ट है। राजधानी के सभी 12 ब्लाकों में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में बैठने से पहले कहा था कि हम किसानों की आय दुगनी करेंगे, स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करेंगे। लेकिन 6 साल हो चुके हैं इन्होंने स्वामी नाथन आयोग कि रिपोर्ट को कचरे में डाल दिया है। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा यह कानून किसानों के हित में नही है। प्रवक्ता बंशी कन्नौजे ने बताया कि रायपुर के सभी ब्लाकों में सुनिता शर्मा, सारिक रईस खान, प्रशांत ठेंगडी, पंकज मिश्रा, देव कुमार साहु, शिव सिंह ठाकुर, अशोक ठाकुर, जसबीर ढिल्लन, नवीन चंद्राकर, श्रीकुमार मेनन, कामरान अंसारी, सतनाम सिंह पनाग, माधव साहु,मिलिंद गौतम, सहदेव व्यवहार, पप्पु बंजारे, सुमित दास, रियाज अहमद के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। वहीं गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रम में कन्हैया अग्रवाल, संजय पाठक, विकास तिवारी, विशाल शर्मा, धनंजय ठाकुर, आकाश शर्मा, आशा चौहान, जीश्रीनिवास, शब्बीर खान, सुन्दर जोगी, मणीराम साहु, शीत श्रीवास, पार्षद उत्तम साहु, रितेश त्रिपाठी आदि उपस्थित थे। 
सभा- धरना, तहसीलदार को ज्ञापन: कृषि कानून के विरोध में प्रदेश के 25 किसान संगठनों ने छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में आंदोलन प्रारंभ कर दिया। शुक्रवार को राजधानी में आजाद चौक पर गांधी प्रतिमा के नीचे किसानों ने सत्याग्रह की शुरुआत की। शनिवार को राजनांदगांव में चक्का जाम करेंगे। सभा के पश्चात तहसीलदार को राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर किसान नेता ठाकुर रामगुलाम सिंह नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण संघर्ष समिति के अध्यक्ष रूपन चंद्राकर ने कहा कि मोदी सरकार इसे किसानों के बीच भ्रम फैलाने वाला विपक्ष की राजनीति कहकर अपना पल्ला झाड़ रही है। अब राज्य में 3 अक्टूबर से गांवों में किसान मजदूर बइठका,राजनांदगांव में चक्काजाम किया जाएगा। 14 को रायपुर सांसद सुनील सोनी का घेराव करेंगे।कार्यक्रम का संचालन तेजराम विद्रोही राजिम ने तथा आभार कृषि वैज्ञानिक डॉ संकेत ठाकुर ने व्यक्त किया।
 

पंचायत तंत्र- रायपुर। मंत्री शिव डहरिया ने आज राजधानी रायपुर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया. मंत्री ने शहीद स्मारक स्कूल, जयस्तंभ और जवाहर बाजार में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. सिटी कोतवाली के पास बनाए जा रहे पुलिस कार्यालय, तालाब सौंदर्यीकरण, नवीन बस स्टैंड मोतीबाग और मल्टी लेवल पार्किंग का भी निरीक्षण किया. मंत्री डहरिया के साथ महापौर एजाज ढेबर व नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे ।
मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा विकास के काम किए जा रहे हैं, जिस तरह से प्राइवेट स्कूल है उससे ज्यादा बेहतर हम सरकारी स्कूलों को बनाएंगे. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश है कि अच्छी शिक्षा देने के लिए प्राइवेट स्कूल व कॉलेज है, उसी तरह की व्यवस्था सरकारी स्कूलों में भी हो. नगर निगम में और भी ऐसे काम है, जिसका आज निरीक्षण किया, हमारा प्रयास हैं कि राज्योत्सव के अवसर पर इस स्कूल का उद्घाटन मुख्यमंत्री के द्वारा हो, सारे काम अच्छे चल रहे हैं. यहां के ठेकेदारों व अधिकारियों से बात किया है. वे कह रहे है कि इस महीने की 30 अक्टूबर तक यह काम पूरा हो जाएगा. जल्दी काम होने से पैसे और समय की बचत होती है ।
डॉ रमन सिंह के राज्यपाल को खत लिखने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि रमन सिंह की सरकार में बड़ी-बड़ी घटनाएं हुई, हमारे कांग्रेस का पूरा नेतृत्व उन्होंने समाप्त कर दिया. नक्सली घटना उनके राज में बढ़ी थी, हमारे राज में नक्सली घटनाएं कम हुई है. नक्सलियों के द्वारा कुछ साजिश हो रही है, जिसे हमारी सरकार द्वारा पता लगाया जा रहा है. नक्सलवाद को पूरी तरीके से खत्म करने के लिए सरकार काम कर रही है. रमन सिंह और भारतीय जनता पार्टी के लोगों का मुंह सरकार की आलोचना करने के लिए खुलते हैं. हाथरस में इतनी बड़ी घटना हो गई, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. उसके लिए इन लोगों का मुंह नहीं खुलता. एक महिला के साथ बलात्कार और उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन ये लोग सिर्फ छत्तीसगढ़ की सरकार की आलोचना करने में लगे हुए है ।
 
 

पंचायत तंत्र- रायपुर। छत्तीसगढ़ के वर्ष 2000 में राज्य बनने के बाद पहली बार यहां प्रोफेसरों के भर्ती होने जा रही है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग से 595 प्रोफेसरों की सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन पदों के लिए पूरे देश से आवेदन आने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रथम और द्वितीय श्रेणी के करीब 400 पदों पर अधिकारियों की भर्ती भी होनी है। इसके लिए सीजीपीएससी के पास कई विभागों से प्रस्ताव आ चुके हैं।
प्रोफेसरों के पद रिक्त होने की वजह से विश्वविद्यालयों और कालेजों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से अनुदान भी नहीं मिल पा रहा है। साथ ही नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) की ग्रेडिंग कराने में भी दिक्कत हो रही है। छत्तीसगढ़ में आठ सरकारी और आठ ही निजी विश्वविद्यालय हैं।
इनमें से अभी तक छह विश्वविद्यालयों की ग्रेडिंग हो चुकी है। इसी तरह 574 कालेजों में से 126 कालेजों की ही नैक ग्रेडिंग हुई है। पिछले 20 साल से छत्तीसगढ़ में प्रोफेसर के स्वीकृत पदों पर भर्ती नहीं हो पाई है। प्रोफेसरों की भर्ती के लिए अिधकतम उम्र 45 साल, पीएचडी और 10 साल का शिक्षण अनुभव अनिवार्य है।

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के समापन अवसर पर आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से गांधी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मंत्रालय महानदी भवन परिसर में संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत सिंह भगत एवं प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पदम्श्री से सम्मानित भजन गायक श्री मदन चौहान ने बापू के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में भजन गायक पदम्श्री श्री मदन चौहान का सम्मानित किया गया। इस मौके पर श्री योगेन्द्र घृतलहरे द्वारा गांधी जी के जीवन आदर्श पर रचित छत्तीसगढ़ी गीतों की संकलन पुस्तिका का विमोचन किया गया।
 इस अवसर पर मंत्री श्री अमरजीत सिंह भगत ने कहा कि मंत्रालय परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता की प्रतिमा यहां कार्य कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रेरणा देती रहेगी। मंत्रालय में राज्य शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं बनायी जाती है और उनका संचालन किया जाता है। इन योजनाओं के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग के, प्रत्येक नागरिक के हितों का ध्यान रखा जाता है। महात्मा गांधी ने जिस प्रकार सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह की मदद से आमजन मानस को जोड़ते हुए देश की स्वतंत्रता में अभूतपूर्व योगदान दिया। उसी प्रकार राज्य की तरक्की और आमजन को सुविधाएं और लाभ पहुंचाने के लिए कार्य किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी विचारों के क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण कार्य पंचायती राज के रूप में सत्ता का विकेन्द्रीकरण करके किया गया है। महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप कार्य करने पर समाज की तरक्की हो सकती है। 
 मुख्य सचिव श्री आर.पी.मण्डल ने मंत्रालयीन कर्मियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के स्थापना की शुभकामनाएं दी और उनके आदर्शो के अनुरूप कार्य करने की बात कही। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य एवं नया रायपुर क्षेत्र में गांधी जी के विचारों के अनुरूप कराए जा रहे कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय परिसर के इंद्रावती भवन में 60 महिला सदस्यों के स्वसहायता समूह द्वारा केंटिन का संचालन किया जा रहा है। जिससे समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर बनी है। स्वसहायता समूह की 100 महिला सदस्य महिलाएं, जो पहले शहरी क्षेत्र में कचरा बिनने का काम करती थी, उन्हें नया रायपुर क्षेत्र में साफ-सफाई का काम सौंपा गया है। जिससे उनकी आजिविका में सुधार हुआ है। नया रायपुर क्षेत्र में स्थापित बाग-बगीचों की साफ-सफाई और सौन्दर्यीकरण का कार्य भी महिला समूह के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की पारम्परिक व्यंजनों का स्वाद यहां आने वाले आम नागरिकों को मिल सके, इसके लिए मंत्रालय परिसर में ’गढ़कलेवा केंटिन’ की स्थापना की गई है, जिसे शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। इसका संचालन भी महिला समूहों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में 40 आजिविका केन्द्र बनाए गए है। जिनके माध्यम से लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बापू के ’परहित सहिस धर्म नही कोई’ की भावना को ध्यान में रखते हुए आमजन को राहत पहुंचाने हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मंत्रालय परिसर को स्वच्छ रखने की शपथ लेने और सफाई कर्मचारियों का सम्मान करने की बात भी कही।
इस अवसर पर सचिव सामान्य प्रशासन डॉ. कमलप्रीत सिंह, श्री डी.डी. सिंह, सचिव संस्कृति श्री अन्बलगन पी., सचिव उच्च शिक्षा श्री धनंजय देवांगन, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री अंकित आनंद सहित मंत्रालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
 

सांकरा-पाटन में 55 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित होगा विश्वविद्यालय भवन
 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज 02 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दुर्ग जिले के सांकरा-पाटन में 55 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ ही पाटन-सांकरा, दुर्ग और भिलाई में 253 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत वाले 39 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना सेे राज्य में उद्यानिकी और वानिकी की शिक्षा, अनुसंधान एवं इससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। रोजगार एवं स्वालंबन के नए द्वार खुलेंगे। 
 मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का पाटन क्षेत्र स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का गढ़ रहा है। यहां गांव-गांव मंे बापू की प्रतिमा स्थापित है। सांकरा-पाटन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना कर महात्मा गांधी और अपने पुरखों को हम नमन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भिलाई में ऑक्सीजोन और लाइब्रेरी की स्थापना के लिए ढ़ाई करोड़ रूपए की स्वीकृति दी। उन्होंने दुर्ग के स्टेडियम और कलेक्टोरेट भवन एवं परिसर का उन्नयन कराए जाने की घोषणा की। उन्होंने महात्मा गांधी की 151वीं वर्षगाठ के अवसर राज्य में ग्रामोद्योग सामग्रियों पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दिए जाने का एलान किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय कृषक उपज उपार्जन प्रसंस्करण एवं फुटकर सहकारी संघ मर्यादित (नेकॉफ) के सहयोग से खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के 09 विकय केन्द्र राज्य के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अम्बिकापुर, जगदलपुर, बैकुण्ठपुर (कोरिया), कोरबा, राजनांदगांव, सक्ती (जांजगीर-चांपा) और दंतेवाड़ा में प्रारंभ करने की घोषणा की।  
  मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमें आजादी दिलाने के साथ-साथ लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। चाहे ग्राम स्वराज, आत्मनिर्भरता या स्वावलंबन की बात हो, चाहे अछूतोद्धार, नारी उत्थान या बुनयादी शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य की बात हो। उन्होंने सभी क्षेत्रों में काम किया। उनका जीवन ही उनका संदेश है। श्री बघेल ने कहा कि बापू ने मानवता का जो संदेश दिया, वो पूरे विश्व के लिए अनुकरणीय है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री लालबहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उन्होंने चुनौतिपूर्ण समय में देश को कुशल नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने जय जवान-जय किसान का नारा दिया। छत्तीसगढ़ सरकार इन्हीं महान विभूतियों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। सुराजी गांव योजना के तहत नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी के माध्यम से पशुधन संरक्षण एवं ग्रामीण स्वावलंबन, किसानों की ऋण माफी के साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने तथा गोधन न्याय योजना के माध्यम से स्वच्छता और लोगों की आय बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला स्व-सहायता समूहों को जमीन उपलब्ध कराकर उन्हें सब्जी, फल उत्पादन एवं अन्य आय मूलक गतिविधियों से जोड़ रही है। ये सभी कार्य छत्तीसगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। उन्होंने कहा कि जशपुर से बस्तर तक बाड़ी विकास योजना सफल रही है। स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और कुपोषण के खिलाफ मजबूती से कदम उठाए गए हैं। सुपोषण अभियान के चलते एक वर्ष में साढ़े 13 प्रतिशत बच्चे कुपोषण से मुक्त हुए हैं। पांच लाख कुपोषित बच्चों में से 68 हजार बच्चे कुपोषण से बाहर आए हैं। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में जहां जीएसटी में 24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, वहीं छत्तीसगढ़ में सितम्बर माह में जीएसटी में 24 प्रतिशत की ग्रोथ हुई है। 
 बघेल ने आगे कहा कि कोरोना काल की विपरीत परिस्थितियों में छत्तीसगढ़ में गांधी जी के स्वावलंबन का मार्ग अपनाते हुए लघु वनोपज संग्रहण, किसानों को अतिरिक्त राशि देकर, गोधन न्याय योजना में लोगों को राशि देकर उन्हें आय का जरिया उपलब्ध कराया, जिसके परिणाम स्वरूप छत्तीसगढ़ में जीएसटी में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि जंगलों में इस वर्ष फलदार वृक्ष लगाने की शुरूआत की गई है। इससे वन क्षेत्रों के लोगों की आय मंे बढ़ोतरी होगी। छत्तीसगढ़ में लगभग 44 प्रतिशत भूभाग में वन है। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के अधीन राज्य में वानिकी महाविद्यालय भी खोले जाएंगे। इससे हमारे जंगल बचेंगे और लोगों की आय भी बढ़ेगी।  
 मुख्यमंत्री ने पाटन ब्लॉक मुख्यालय में 5 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत निर्मित 44 शासकीय आवास भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने इसके साथ ही खारुन नदी में 8 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से उफरा से रवेली मार्ग में उच्चस्तरीय पुल तथा खम्हरिया नाला में अभनपुर-तर्रीघाट पाटन मार्ग में खम्हरिया नाला में 8 करोड़ 17 लाख रूपए से बनने वाले उच्चस्तरीय पुल, लगभग 37 लाख लागत से बनने वाले सहकारी बैंक की झीट शाखा के नये भवन का भूमिपूजन भी किया। पाटन विकासखण्ड के ग्राम सेलूद में मुख्यमंत्री श्री बघेल सोलर चरखा प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ भी किया। 
 मुख्यमंत्री श्री बघेल ने दुर्ग शहर में 138 करोड़ 35 लाख रुपए के कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने ठगड़ा बांध सौदर्यीकरण हेतु कराए जाने वाले 13 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। 68 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से नेहरू चौक से मिनी माता चौक तक 8 किलोमीटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य और 56 करोड़ 39 लाख रूपए की लागत से पुलगांव नाका से अंजोरा तक साढ़े 06 किमी फोरलेन निर्माण का भूमिपूजन किया। 
 मुख्यमंत्री ने दुर्ग शहर के इंदिरा मार्केट सब्जी मंडी में 66.50 लाख रूपए की लागत से शेड निर्माण कार्य, पोटिया में 29.63 लाख रूपए की लागत से और वाय शेप ओव्हर ब्रिज के नीचे स्थित फिल्टर प्लांट के सामने 16.54 लाख रूपए की लागत से उद्यान निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने इसके अलावा मछली पालन विभाग के नवनिर्मित प्रशिक्षण हॉल सह-भण्डार कक्ष का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल इस मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही नगर पालिक निगम क्षेत्र भिलाई में लगभग 37 करोड़ रूपए के 28 कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके अलावा खुर्सीपार भिलाई में 4 करोड़ 65 लाख रूपए की लागत से बनने वाले नवीन महाविद्यालय भवन आधारशिला रखी।
 समारोह को गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस.सिंहदेव, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने भी सम्बोधित किया। वीडियो कॉन्फ्रंेसिंग के जरिए जुड़े खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री गुरूरूद्र कुमार, विधायक श्री अरूण वोरा, विधायक और भिलाई के महापौर श्री देवेन्द्र यादव, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र तिवारी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार सर्वश्री विनोद वर्मा, रूचिर गर्ग एवं राजेश तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम.गीता, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी उपस्थित थे।  
 मुख्यमंत्री ने सांकरा ग्राम में उपस्थित बिहान महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं और प्रगतिशील कृषक श्री जगनूराम ठाकुर से चर्चा कर उद्यानिकी फसलों की खेती और उनसे हुए लाभ की जानकारी ली। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने भिलाई के कलाकारों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन ’वैष्णव जन तो तेने कहिए’ पर तैयार वीडियो का लोकार्पण किया। यह वीडियो भिलाई के श्री प्रभंजय चतुर्वेदी और उनकी टीम द्वारा तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने दुर्ग में उपस्थित कोरोना वारियर्स को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मानित किया।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज प्रदेशभर के ब्लॉक मुख्यालय में धरना दिया. रायपुर में भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर कृषि कानून को किसान विरोधी बताया. सभा में कहा कि इससे किसान अपने खेतों पर ही मजदूर बन जाएंगे. मंडियों के मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे. इस कानून से कृषि व्यवस्था चौपट हो जाएगी।
आज के विरोध प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शामिल हुए. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मरकाम ने कहा कि किसानों के लिए यह काला कानून है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान विरोधी सरकार है. उन्होंने बताया कि यह आंदोलन 31 अक्टूबर तक चरणबद्ध तरीके से प्रदेश भर में चलेगा. इस आंदोलन को गांवों तक ले जाएंगे।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151 वीं जयंती पर उन्हें नमन किया. उन्होंने कहा कि बापू नेता नहीं बल्कि एक निष्काम कर्मयोगी और सच्चे अर्थों में युग पुरुष थे ।
स्वतंत्रता संग्राम में बापू के योगदान को याद करते हुए वे बोले कि बापू की अगुवाई में अगुवाई चंपारण सत्याग्रह, खेड़ा सत्याग्रह, असहयोग, नमक सत्याग्रह, सविनय अवज्ञा और भारत छोड़ो जैसे महत्वपूर्ण आंदोलनों की शुरुआत हुई जिससे ब्रिटिश हुकूमत की जड़े हिल गई ।
महात्मा गांधी अहिंसा के पुजारी थे. अहिंसा और सत्य के रास्ते पर चलकर उन्होंने देश को आज़ादी दिलाई ।
बापू ने अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया. गरीबों, शोषितों की उन्नति और प्रगति के लिए बापू ने अनेक सामाजिक कार्य किये और देश को एकजुट किया. वो सदा लोक-हित में फैसले लिया करते थे. उनका जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणा पुंज है ।
बापू के विचार आज भी हमारा मार्ग दर्शन कर रहे हैं और कल भी करेंगे. बापू सदैव शांति, अहिंसा और सच्चाई के प्रतिमूर्ति के रूप में याद किए जाएंगे ।
 

पंचायत तंत्र- रायपुर। ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार के मार्गदर्शन में ग्रामोद्योग ग्रामीणों के जीवन यापन का जरिया बना है. वहीं बुनकर अपने हाथों के हुनर से जिंदगी के ताने-बाने बुन रहे हैं. इसी कड़ी में बस्तर जिले के आठ बुनकर सहकारी समितियों में से एक महात्मा गांधी बुनकर सहकारी, समिति मर्यादित, बस्तर में ग्राम कावड़गांव और गांरेगा के कुल 76 बुनकर परिवार जुड़कर वस्त्र उत्पादन कर रहे हैं ।
समिति के द्वारा वर्ष 2019-20 में लगभग 25 लाख रूपए तक वस्त्र तैयार किया गया है. समिति के बुनकर सदस्य शासकीय गणवेश, चादर, रूमाल, गमछा, परंपरागत साड़ी, टॉवेल आदि की बुनाई में कुशल हैं. अधिकांश बुनकर परिवार अपने घरों में हाथकरघा स्थापित कर कृषि कार्य के साथ-साथ वस्त्र बुनाई कर आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे हैं ।
इसी प्रकार लॉकडाउन काल में भी जिले के सभी बुनकर लगभग 26 लाख रूपए का वस्त्र उत्पादन कर बुनाई में सक्रिय हैं. विभाग से मिली जानकारी अनुसार कुल 08 बुनकर समितियों के 224 बुनकर परिवार सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार में जुड़े हुए है. इन परिवारों के महिला सदस्य बिहान योजना से जुड़े हुए हैं ।
जिला हाथकरघा कार्यालय जगदलपुर द्वारा संबंधित बुनकरों को समितियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं-कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, उन्नत उपकरणें, बुनकर आवास, रिवाल्विंग फण्ड सहायता का लाभ दिया जा रहा है. इनकी मजदूरी का भुगतान शीर्ष बुनकर संघ, राजेन्द्र नगर रायपुर के द्वारा किया जाता है ।
छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन संघ, रायपुर के द्वारा नियमित धागा आपूर्ति और बुनाई मजदूरी का भुगतान होने से बुनकर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बन रहे हैं साथ ही विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होने से बुनकरों के आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही है ।

पंचायत तंत्र- रायपुर। क्वींस क्लब गोलीकांड मामले में पुलिस ने आज एक और आरोपी को कांग्रेस नेत्री अभिजीत कौर निरंकारी को गिरफ्तार किया है। अभिजीत कौर निरंकारी की गिरफ्तारी के साथ ही अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं इस मामले में 5 और लोगों का नाम शामिल करने से आरोपियों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
अभिजीत कौर निरंकारी
उधर क्वींस क्लब के संचालकों को आबकारी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा नोटिस जारी किया है। आबकारी द्वारा जारी की गई नोटिस में लॉक डाउन का जिक्र करते हुए दिये गए लायसेंस का उल्लंघन बताया गया है। आबकारी द्वारा इसे अनियमितता बताते हुए 7 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।