Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र- कसडोल । कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटगी में पिछले दिनों नदी किनारे 10 वर्षीय किशोरी की लाश मिली थी. इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. मासूम की हत्या उसके पड़ोसी ने ही किया है. वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था. आरोपी ने गले में पहने लॉकेट लूटने के नीयत से पत्थर मारकर हत्या कर दी ।
पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर दोपहर लगभग 12.30 बजे मानसी पिता मेला राम शाहजीत (11) निवासी पचरीपारा कटगी सहेली के पास जा रही हूं कहकर घर से निकली थी, जो शाम 4 बजे तक वापस नहीं आई तो घर वाले गांव, मोहल्ले एवं नदी के आसपास तलाश किए, लेकिन कोई पता नहीं चला. दूसरे दिन 19 सितंबर को सुबह लगभग 6 बजे गांव के शनि मंदिर एवं जोंक नदी के बीच डबरी में मृत हालत में मिली. जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया ।
जांच के दौरान अज्ञात आरोपी द्वारा मृतका के गले में पहने सोने के लाकेट को लूट करने के उद्देश्य से हत्या किये जाने की आशंका हुई. जिस पर गांव एवं मृतका के मोहल्ले के भक्कू उर्फ प्रेम देवांगन को 19 सितंबर को सुबह 6 बजे के लगभग गांव से फरार होने की जानकारी मिली. उसका आपराधिक रिकार्ड भी है. उसे घटना के दिन पंप घाट जोंक नदी में मानसी के साथ देखे जाने की बात गवाह संतोष देवांगन ने दी. इसके बाद फरार प्रेम देवांगन के बारे में उसके घर एवं रिश्तेदारों से पता किया गया. 20 सितंबर को दोपहर में संदेही भक्कू देवांगन अपनी दीदी के घर सडडू रायपुर में मिला. जिसे थाना कसडोल लाकर पूछताछ किया गया ।
पूछताछ में प्रेम देवांगन ने हत्या की बात कबूल कर ली. पुलिस को बताया कि मानसी के गले में पहने सोने के लाकेट को लूटने का प्रयास करते समय विरोध करने पर पत्थर से सिर में मारकर हत्या कर दिया. फिर घर आकर कुछ देर बाद सोने के लाकेट को बालाजी ज्वेलर्स कटगी में 1400 रूपए में बेच दिया. जिसकी निशानदेही पर बालाजी ज्वेलर्स कटगी के पास से मृतका के सोने की लाकेट को जब्त किया गया है. मामले में आरोपी प्रेम देवांगन उर्फ भक्कू पिता स्व्. नारायण देवांगन (30 ) साकिन पचरीपारा कटगी थाना कसडोल गिरफ्तार किया गया ।
 
 
 
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए सम्पूर्ण रायपुर जिले को कंटेनमेंट जोन घोषित कर 21 सितम्बर की रात्रि 9 बजे से 28 सितम्बर की रात्रि 12 बजे तक की अवधि के लिए पूर्ण लॉकडाउन किए जाने के संबंध में कलेक्टर रायपुर के आदेश के मद्देनजर छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंत्रालय एवं विभागाध्यक्ष कार्यालयों के संचालन के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।  जारी आदेश के तहत मंत्रालय एवं विभागाध्यक्ष कार्यालयों का संचालन 22 से 28 सितम्बर तक की अवधि में नही किया जाएगा। यह निर्देश नवा रायपुर अटल नगर स्थित विभागाध्यक्ष कार्यालयों एवं रायपुर में स्थित विभागाध्यक्ष कार्यालयों पर भी लागू होगा। समस्त विभागीय सचिव एवं विभागाध्यक्ष वर्क फ्राम होम की पद्धति से शासकीय कार्य सम्पादित करेंगे।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आज प्रशासनिक स्तर के बड़े अधिकारियो का ट्रांसफर किया है. जिसमे डिप्टी कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर समेत कई विभाग के 13 अधिकारियो का नाम शामिल है. जिसमे ओपी सिंह को अपर कलेक्टर कबीरधाम से अपर कलेक्टर बीजापुर बनाया गया है। वहीं अजय कुमार अग्रवाल को खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त संचालक को अपर प्रबंध संचालक मार्कफेड का एडिश्नल चार्ज दिया गयाहै। देखे पूरी सूची
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। अगर आप मॉल या बड़े नाम वाले स्टोर से घरेलू राशन खरीदते होंगे तो खरीदारी करते वक्त जरा सावधान रहियेगा। कहीं आप भी बड़े नाम के चक्कर में धोखा ना खा जाएं। हम बात कर रहे हैं ऐसे ही एक नामी गिरामी स्टोर रिलायंस स्मार्ट की।
दरअसल राजधानी के करेंसी टावर स्थित रिलायंस स्मार्ट के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एक लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष परवेज खान हैं। परवेज खान का कहना है कि रविवार को वे रिलायंस स्मार्ट में खरीदारी करने गए थे। जहां उन्होंने राशन खरीदा जिसमें एक पैकेट अगरबत्ती और अजवाइन पैकेट भी शामिल था। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने कहा कि बिल में दो पैकेट अगरबत्ती का पैसा जोड़ा गया है लेकिन उन्होंने एक पैकेट अगरबत्ती ही खरीदी है।
इसके साथ ही उन्होंने शिकायत में कहा है कि रिलायंस स्मार्ट से खरीदी गई अजवाइन में कीड़े लगे हुए हैं। उन्होंने बकायदा उसका वीडियो भी उपलब्ध कराया। जिसमें अजवायन पैकेट में कीड़े नजर आ रहे हैं। परवेज ने रिलायंस स्मार्ट के मैनेजर से भी इसकी शिकायत की और बकायदा खरीदी का सारा सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाया। उन्होंने बिल की कॉपी के साथ सभी वीडियो भी उपलब्ध कराया है।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के देशव्यापी अभियान के तहत प्रदेश माकपा द्वारा कल 22 सितम्बर को पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन आयोजित किये जायेंगे और कोरोना संकट से निपटने के लिए आम जनता को मुफ्त खाद्यान्न और नगद धनराशि से मदद करने, गांवों में मनरेगा का दायरा बढ़ाने और शहरी रोजगार गारंटी योजना लागू करने, बेरोजगारों को भत्ता देने और आम जनता के मौलिक अधिकारों की गारंटी करने की मांग की जाएगी ।
माकपा राज्य सचिव संजय पराते ने कहा है कि स्वास्थ्य क्षेत्र के बड़े पैमाने पर निजीकरण के चलते मोदी सरकार कोरोना महामारी पर काबू पाने में विफल रही है. इसके ऊपर से देश पर जो अनियोजित और अविचारपूर्ण लॉक डाउन थोपा गया, उसके कारण करोड़ों लोगों की आजीविका नष्ट हो गई है और देश एक बड़ी मंदी के दलदल में फंस गया है. उन्होंने कहा कि इस संकट से निपटने का एक ही रास्ता है कि हमारे देश के जरूरतमंद लोगों को हर माह 10 किलो अनाज मुफ्त दिया जाये, आयकर दायरे के बाहर के सभी परिवारों को हर माह 7500 रुपयों की नगद मदद दी जाए और मनरेगा का विस्तार कर सभी ग्रामीण परिवारों के लिए 200 दिन काम और 600 रुपये मजदूरी सुनिश्चित किया जाए ।
माकपा नेता ने कहा कि उपरोक्त कदम आम जनता की क्रय शक्ति बढ़ाएंगे, जिससे बाजार में मांग बढ़ेगी और औद्यौगिक उत्पादन को गति मिलेगी. यही रास्ता देश को मंदी से बाहर निकाल सकता है. लेकिन इसके बजाय, मोदी सरकार देश की संपत्ति को ही कॉरपोरेटों को बेच रही है और इसके खिलाफ उठ रही हर आवाज का दमन कर रही है. वह संविधान के बुनियादी मूल्यों और नागरिकों के मौलिक अधिकारों के हनन पर तुली हुई है और लोगों में फूट डालने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की तिकड़मबाजी में जुटी है और देशभक्त नागरिकों, राजनेताओं, बुद्धिजीवियों के खिलाफ यूएपीए जैसे दमनकारी कानूनों का उपयोग कर रही है ।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि संघ नियंत्रित भाजपा सरकार को संसदीय जनतंत्र की कोई परवाह नहीं है. यही कारण है कि राज्यसभा में बहुमत न होने और विपक्ष द्वारा कृषि विधेयकों पर वोटिंग की मांग के बावजूद इन्हें ध्वनि मत से पारित होने की घोषणा कर दी गई है. कृषि क्षेत्र में अब इन कॉर्पोरेटपरस्त कानूनों के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ी जाएगी, क्योंकि ये कानून देश के किसानों को बंधुआ गुलामी की ओर ले जाते है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इन कानूनों के जरिये किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने तथा नागरिकों को राशन प्रणाली के पजरिये सस्ता अनाज देने की जिम्मेदारी से छुटकारा पाना चाहती है ।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आम जनता में व्यापक असंतोष और गुस्सा है और इसको अभिव्यक्ति देने के लिए 22 सितम्बर को पूरे छत्तीसगढ़ में फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए विरोध प्रदर्शन आयोजित किये जायेंगे ।
 

 पंचायत तंत्र-रायपुर। छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड अब एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन गया है. दशकों से राशनकार्ड का उपयोग सस्ते राशन के लिये होता आया है. इसे परिचय पत्र के रूप में भी इस्तेमाल में लाया गया. छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए इसका प्रयोग उपचार के लिये शुरू किया. आज हुए कैबिनेट की वर्चुअल बैठक में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि अब राशन कार्ड का प्रयोग आरक्षण के लिये हितग्राहियों की गिनती के लिए भी किया जाएगा. खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि पहले सबके लिए सस्ता राशन फिर बीमार व्यक्ति के इलाज के लिए और अब खाद्य विभाग का डेटा सभी के आरक्षण (अजा/अजजा/ओबीसी/सामान्य) का आधार बन गया है ।
मीटिंग के दौरान स्वास्थ्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि कैबिनेट में सबसे पहले उन्होंने राशन कार्ड बनवाया. इस पर खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने चुटकी लेते हुए कहा “आपने कहा था आप खुद पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को राशन कार्ड दे कर आएंगे वो काम अभी बचा हुआ है ।
उनकी इस चुटीली टिप्पणी से मीटिंग में मौजूद मंत्री अपनी हंसी नहीं रोक सके और ठहाके लगा कर हंसने लगे. कैबिनेट की इस वर्चुअल बैठक के दौरान खाद्य विभाग के द्वारा उपलब्ध कराए गए डेटा की मख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों व अधिकारियों के तारीफ की. इस दौरान खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने सभी को साधुवाद ज्ञापित किया. साथ ही राशनकार्ड को एक प्रमाणित दस्तावेज के रूप में मान्य करने हेतु मख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूरे मंत्रिमंडल को धन्यवाद दिया ।
गौरतलब है कि इस वर्ष कोरोना संकट के कारण अन्य राज्यों से लौटे उन श्रमिकों का राशनकार्ड तत्काल बनाया गया जिनके पास राशनकार्ड नहीं थे. कोरोना संकटकाल और लॉक डाउन के समय खाद्यमंत्री अमरजीत भगत विशेष रूप से बेहद सक्रिय रहे. जिनके नाम राशन कार्ड में नहीं थे तत्काल जुडवाए गये. 70 हज़ार से ज्यादा बीपीएल व सामान्य राशनकार्ड बनाये गये. खाद्यमंत्री अमरजीत भगत ने निरंतर समीक्षा बैठक द्वारा यह सुनिश्चित किया कि हर हितग्राही व ज़रूरतमंदों को राशन मिले. आज की मीटिंग में लिये गये निर्णय ने राशन कार्ड के इस्तेमाल के दायरे को और भी व्यापक बना दिया है ।
 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, राज्य की ओर से मांगी गई हर मदद केंद्र ने भेजी, सांसदों से आंकड़ें साझा कर दी जानकारी
 
पंचायत तंत्र- रायपुर ।कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ के बीजेपी सांसदों ने आज दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से मुलाकात कर राज्य में केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग की है. सांसदों ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार कोरोनो को काबू कर पाने में पूरी तरह विफल हो गई है. सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में सुनील सोनी, विजय बघेल, मोहन मंडावी, अरूण साव और गोमती साय शामिल थीं. सांसदों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से छत्तीसगढ़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराए जाने की मांग की है. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कोरोना से निपटने जैसी मदद मांगी गई, उसे उपलब्ध कराई गई है. केंद्र सरकार राज्यों की मांगों के मुताबिक मदद भेज रही है ।
केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में आंकडे़ं देते हुए बताया कि आज की तारीख तक राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल 84 हजार 234 केस आ चुके हैं, जिनमें से 46 हजार 81 मरीज ठीक हो चुके हैं, वहीं 37 हजार 489 एक्टिव केस हैं. अब तक 664 मरीजों की मौत हुई है. केंद्र सरकार ने अपने आंकड़ों में यह जानकारी दी है कि बीते सात दिनों में केसेज के बढ़ने की दर 15.6 फीसदी रही है, जबकि मृत्यु दर 0.79 फीसदी रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से राज्य को भेजी गई मदद में 4.62 लाख एन 95 मास्क, 1.87 लाख पीपीई कीट, हाइड्रो क्लोरोक्विन की 21.2 लाख टेबलेट और 230 वेंटिलेटर शामिल हैं ।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में 32 सरकारी लैब इस वक्त काम कर रही है, जिनमें से पांच प्राइवेट लैब है. छत्तीसगढ़ में अब तक 7 लाख 90 हजार 381 सैम्पलों की जांच की जा चुकी है. सैम्पल जांच की दर प्रति एक लाख 2 हजार 685 है ।
 
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संतोष पांडेय के पिताजी शिव प्रसाद पांडेय का आज 20 सितंबर रविवार सुबह निधन हो गया है. समाज एवं लोगों के बीच उनकी एक अलग पहचान थी. मिलनसार व्यक्तित्व के धनी शिव प्रसाद पाण्डेय भरा पूरा परिवार छोड़कर ब्रम्हलीन हुए हैं. उनका अंतिम संस्कार आज गृह निवास कवर्धा के मुक्तिधाम में विधि विधान के साथ परिवार जनों की उपस्थिति में की जाएगी।
दुःख की घड़ी और विश्व्यापी कोरोना महामारी संकट को देखते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने एक मार्मिक अपील करते हुए कहा है कि ईश्वर के विधि-विधान के आगे हम सभी नतमस्तक है. इस भावूक पल में सभी जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों, आम नागरिकों और रिश्तेदारों से विनम्र आग्रह है कि वे इस विषम परिस्तिथि का ध्यान रखते अपने अपने घरों में रहते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर संवेदना प्रकट करें।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर। कोरोना काल में फीस को लेकर बढ़ते दबाव और बिगड़ती आर्थिक स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में बच्चों के स्कूल छोड़ने पर सरकार ने संज्ञान लेते हुए जरूरी कदम उठाए हैं. इसमें ऐसे बच्चों की जानकारी हासिल करने के साथ उनके पालकों से संपर्क कर पास के सरकारी स्कूल में प्रवेश दिलाने के अलावा बिना टीसी अथवा मार्कशीट के पहली से लेकर दसवीं कक्षा तक आयु के अनुसार प्रवेश देने की बात शामिल है।
इस संबंध में त्वरित संज्ञान लेते हुए संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय जितेंद्र शुक्ला ने रविवार को तमाम कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्कूल छोड़ चुके बच्चों की वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए है. इसमें प्रत्येक निजी स्कूल से ऐसे विद्यार्थियों की सूची प्राप्त करने को कहा, जो पिछले साल तो पढ़ रहे थे, लेकिन इस वर्ष उस निजी स्कूल में प्रवेश नहीं लिया है, या फिर प्रवेश लेने के बाद उस निजी स्कूल को छोड़ दिया है।
इसके साथ ऐसे बच्चों के साथ उनके पालकों के नाम, पते और संभव हो तो मोबाइल नम्बर भी प्राप्त कर पालकों से संपर्क कर बच्चों को पास के सरकारी स्कूल मे प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करने कहा गया है. निर्देश में सबसे बड़ी बात यह है कि बच्चों को कक्षा 1ली से 10वीं तक प्रवेश देते समय टीसी अथवा पूर्व कक्षा की अंक सूची की मांग न की जाए बल्कि उन्हें आयु के अनुरूप कक्षा में प्रवेश दिया जाए।
वहीं कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिये बच्चों से रोल नम्बर लेकर कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उन्हें प्राप्त अंकों का सत्यापन संबंधित बोर्ड की वेबसाइट से कर लिया जाए. कक्षा 12वीं में प्रवेश देने के लिये भी बच्चों से बोर्ड परीक्षा का रोल नम्बर लेकर कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उन्हें प्राप्त अंकों का सत्यापन संबंधित बोर्ड की वेबसाइट से कर लिया जाये, और यह देख लिया जाये कि उन्होंने एक वर्ष पूर्व कक्षा 10वीं बोर्ड की परीक्षा पास की हो. कक्षा 11वीं एवं 12 वीं में प्रवेश के लिए भी टीसी की मांग नहीं करने का निर्देश दिया गया है. इस सब कार्रवाई को 15 दिनों में पूर्ण कर अवगत कराने के लिए कहा गया है।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। राजधानी में लॉकडाउन से पहले पेट्रोल पंप में लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है. लोगों को काफी इंतजार करने के बाद ही पेट्रोल मिल रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी परिवार के साथ चल रहे दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है ।
पेट्रोल पंप पर पेट्रोल के लिए लाइन लगाए देवेंद्र नगर निवासी सुरजीत सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान पेट्रोल नहीं मिलने की आशंका है, इस वजह से पेट्रोल लेने के लिए पहुंचे है. वहीं शंकर नगर निवासी विपिन गुप्ता ने बताया कि लंबी लाइन होने की वजह से काफी देर से खड़े हैं. डर है कि कही पेट्रोल खत्म न हो जाए. लोग एक-दो लीटर की बजाए चार-पांच लीटर डलवा रहे हैं ।
वहीं कुछ लोग लॉकडाउन के दौरान परिजनों के साथ गांव जाना बेहतर समझ रहे हैं. ऐसे में परिजनों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे थे, जिनके लाइन में लगे रहने के दौरान परिजन इंतजार में बैठे हुए थे. अमलेश्वर निवासी कीर्तन साहू ने बताया कि लॉकडाउन में घर जाना ही बेहतर है, क्योंकि यहां राशन-दाल के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. इसी तरह आसन्न लॉकड़ाउन को देखते हुए बहुत से लोग पेट्रोल पंप में अपनी गाड़ियों को लेकर पहुंचे थे ।