Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र-रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी के बड़े भाई प्रोफेसर सत्य रंजन जोगी का कोरोना से निधन हो गया है. उन्होंने बिलासपुर में अंतिम सांस ली. इस दुखद घटना की जानकारी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने ट्वीट कर दी. अमित ने ट्वीट में लिखा कि ‘मेरे पिता जी स्वर्गीय श्री @ajitjogi_cg जी के बड़े भाई और मेरे बड़े पापा प्रोफ़ेसर सत्य रंजन जोगी का कल देर रात बिलासपुर में निधन हो गया. परम पिता परमेश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें. दोनों भाइयों का अलौकिक साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेंगी ।

पंचायत तंत्र – रायपुर। रायगढ़ कलेक्टर भीम सिंह की फेसबुक आईडी का क्लोन ठगों ने बना लिया है. ठगों ने उनकी ओरिजनल आईडी से तस्वीरें चुराकर उनके नाम से फेक प्रोफाइल तैयार कर ली है. अब लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के साथ ही पैसों की मांग को लेकर मैसेज भेज रहा है. फेसबुक की फेक आईडी होने की जानकारी कलेक्टर ने खुद ही सोशल मीडिया में साझा की है ।
सोशल मीडिया में साझा की जानकारी
कलेक्टर भीम सिंह ने फेसबुक में पोस्ट कर लिखा है कि दोस्तों मेरे फेसबुक का फर्जी प्रोफाइल बन गया है और वो लोगों से कुछ पैसे मांग रहे हैं. मैंने इसकी सूचना थाने में देकर एफआईआर भी दर्ज कराई है. इसलिए कृपया किसी पर विश्वास ना करें. चाहे वह पैसे किसी के लिए भी मांग रहा हो ।

पंचायत तंत्र- रायपुर। स्कूलों को खोले जाने के लगाए जा रहे कयास पर स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने विराम लगा दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी स्कूल नहीं खुलेंगे. इसके लिए तैयारी चल रही है, लेकिन अंतिम फैसला स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा. इस संबंध में केंद्र के गाइड लाइन को आधार मानकर बच्चों को दांव पर नहीं लगाएंगे ।
कोरोना काल में स्कूल खोलने के लिए केंद्र सरकार की गाइड लाइंस के अनुसार अब कई राज्य सरकारें 9 वीं से 12वीं तक के बच्चों के लिए चरणबद्ध तरीके से स्कूल खोलने के लिए नियम-कायदे बनाने में जुट गई हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में अभी कोरोना पीक के करीब है. कोरोना संक्रमितों की संख्या 77 हजार तक पहुंच गई है. ऐसे में प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग स्वास्थ्य एवं अन्य विभाग से रायसुमारी कर रहा है ।
स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि प्रदेश में स्कूल खोले जाने के हालात नहीं है. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़ में कोरोना के ज्यादा मरीज हैं, वहीं अन्य जिलों में भी हालात ऐसा नहीं है कि स्कूल खोले सके. उन्होंने कहा कि बच्चों को दांव पर नहीं लगाया जा सकता, लेकिनइसका मतलब ये नहीं है कि हम हाथ में हाथ धरे बैठे हैं. भविष्य के तैयारी जारी है, कोरोना जंग अहम भूमिका में रहने वाले विभाग जैसे हेल्थ, पंचायत, नगरीय निकाय, सभी से रायसुमारी के बाद ही आगे कुछ फैसला लिए जाएगा. फिलहाल स्कूल नहीं खोले जाएंगे ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार बहुत से सावधानी, पाबंदी, कंटेमेंट जोन, संक्रमित क्षेत्र का आंकलन करना है. साथ पहले बच्चों के पालकों से अनुमति लेना, स्कूल में बच्चों एंव शिक्षकों का प्रतिशत तय करना है. वर्तमान प्रदेश में ऑनलाईन पढ़ाई, पढ़ाई तुहर दुवार, स्पीकर से पढ़ाई, बुलटू से पढ़ाई आदि की व्यवस्था की गई है. इसलके अलावा बच्चों तक पुस्तक पहुंचा दिया गया है, स्कूल में भले ही पढ़ाई नहीं हो रही है, लेकिन ऑनलाईन पढ़ाई जारी है ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया से आज यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के नव नियुक्त अध्यक्ष श्री शफी अहमद खान ने सौजन्य मुलाकात की। छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री शफी अहमद ने मंत्री डॉक्टर डहरिया को राज्य शासन द्वारा संचालित योजनाओ के क्रिन्याव्यंयन के संबंध में चर्चा की। मंत्री डॉक्टर डहरिया ने श्री शफी अहमद को नये जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

पंचायत तंत्र- रायपुर । जिस तरह गीत के साथ संगीत का, सुर के साथ ताल का, ध्वनि के साथ तरंग का तालमेल होता है और इनकी जुगलबंदी सबकों मंत्र-मुग्ध कर देती है, ठीक उसी तरह ही छत्तीसगढ़ का व्यंजन है ,जो बनाने वाले के अदभुत पारम्परिक पाककला के साथ उनकी मीठी और भोली बोली के चाशनी में डूबकर आपकों गढ़ कलेवा में कुछ इस तरह मिलेगी कि आप इसे खाते ही कहेंगे…वाह मजा आ गया….। निश्चित ही स्वाद के साथ मिठास भी आपको मिलेगा और एक बार खाने के बाद बार-बार खाने के लिए आपका मन ललचाएगा। गढ़ कलेवा में छत्तीसगढ़ी व्यंजन का हर वो जायका होगा जो आपको चीला, भजिया, फरा और लाल मिर्च या टमाटर की चटनी में खाते-खाते आंखों का पानी तो बाहर निकाल ही देंगे लेकिन आप इससे दूर नहीं होना चाहेंगे। यहाँ बनी अइरसा, खुरमी की मिठास आपकी मुंह की कडुवाहट को मिटाकर मुंह के जीभ को भीतर और बाहर घुमाने के लिए भी मजबूर कर देगी। मूंग बड़ा, दाल बड़ा, ठेठरी, गुलगुल भजिया, अंगाकर रोटी, भोभरा और विविध व्यंजन खाते ही आपको पंसद आने लगेंगे। जी, हां, यह सही भी हैं, क्योंकि यह सभी पकवान छत्तीसगढ़ की शान है तथा स्वाद और मिठास हर व्यंजन की पहचान है।
अब तक जो छत्तीसगढ़ी व्यंजन विशेष तीज-तिहार में या फरमाइश पर ही घर में बना करता था वह अब हर दिन आपके आसपास मिलने लगा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में गढ़कलेवा खुलकर तैयार है। उन्होंने सभी जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार, गौरवपथ, राज्यमार्गों राष्ट्रीय राजमार्गों के समीप गढ़ कलेवा शुरू करने का निर्णय लिया और राज्य बजट में भी जिला मुख्यालयों में गढ़कलेवा केन्द्र खोलने के लिये स्व-सहायता समूहों को जरूरी सुविधायें, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराने का प्रावधान किया। गढ़कलेवा में चीला, फरा, बफोरी, चौसेला, धूसका, उड़द बड़ा, मूंग बड़ा, हथखोड़वा, माडापीठा, भजिया, पान रोठी, गुलगुला भजियां, ठेठरी-खुरमी, करी लड्डू, बाबरा, पीडिया, मालपुआ, खाजा एवं तिखुर, टमाटर चटनी सहित अन्य व्यंजनों की बिक्री की जा रही है। राजधानी रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में गढ़कलेवा का संचालन करने वाली जागृति महिला स्व सहायता समूह की विनीता पाठक ने बताया कि सरकारी दफ्तर के पास गढ़कलेवा खुलने से न सिर्फ विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों को बल्कि यहां अपने किसी काम से शासकीय कार्यालय आने वाले आम लोगों को भी छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद मिल रहा है। जशपुर जिले में गढ़कलेवा के साथ जंगल बाजार का संचालन किया जा रहा है। यहा स्थानीय शिल्पियों द्वारा निर्मित कलाकृतियों के साथ वन औषधि का विक्रय भी शुरू किया गया है। कांकेर जिला में को-आपरेटिव्ह समूह द्वारा बस स्टैण्ड परिसर में गढ़कलेवा का संचालन किया जा रहा है। 30 सदस्यों वाली इस समूह द्वारा मुर्गीपालन, कोसा, लाख सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं। समूह की अध्यक्ष श्रीमती कलावती कश्यप ने बताया कि अधिकांश महिलाएं गांव से है। गढ़कलेवा प्रारंभ होने से पहले बेरोजगार थी। अब उन्हें एक तरह का रोजगार गढ़कलेवा के माध्यम से मिल गया है। कलावती ने बताया कि यहां बहुत कम कीमत पर छत्तीसगढ़ का पारम्परिक व्यंजन उपलब्ध है। लोग इन व्यंजनों को बहुत पसंद भी कर रहे हैं। मुंगेली में श्री गणेश स्व-सहायता समूह, सूरजपूर में लक्ष्मी स्व-सहायता समूह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में शांभवी स्व-सहायता समूह सहित अन्य जिलों में भी गढ़कलेवा का संचालन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों को विश्वास है कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की लोकप्रियता खाने वालों के बीच लगातार बढ़ती ही जाएगी। गढ़कलेवा के संचालन को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री, संस्कृति मंत्री जितने गंभीर है उतना ही जिला प्रशासन भी इसमें अपनी भागीदारी निभा रहा है। महिला स्व-सहायता समूहों को गढ़कलेवा संचालन के लिए निश्चित स्थान उपलब्ध कराने और महिलाओं को प्रोत्साहित करने में भी जुटे हुए हैं। कोरबा जिला में कलेक्टोरेट परिसर में गढ़कलेवा का संचालन तो किया ही जा रहा है। यहा आने वाले दिनों में गढ़कलेवा को विशेष पहचान दिलाने के साथ ही पारम्परिक व्यंजनों का स्वाद अधिक से अधिक लोगों तक पहुचाने महत्वपूर्ण व्यावसायिक स्थल घण्टाघर चौक के चौपाटी के पास भी संचालित करने की योजना है। सूरजपुर जिले में गढ़कलेवा को विशेष पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ग्राम तिलसिवां में एक एकड़ भूमि भी चिन्हांकित की गई है। जगदलपुर में आमचो बस्तर कैंटीन के जरिए नक्सल प्रभावित महिलाओं द्वारा छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्वाद उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता से जोड़कर उन्हें स्व-रोजगार की दिशा में जोड़ने वाली लक्ष्मी सहारे का कहना है कि गढ़कलेवा का राज्य भर में संचालन होने से महिलाओं को लाभ हुआ है। बेरोजगार महिलाओं को समूह में जोड़कर, बैंक से लिंक करना, उनकी बैठक करना, प्रशिक्षण देना और गढ़कलेवा के माध्यम से नई संभावनाओं की ओर ले जाना आसान हो गया है। निश्चित ही आने वाले दिनों में गढ़कलेवा से छत्तीसगढ़ के पारम्परिक व्यंजनों की पहचान बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ की महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ अपनी सफलता और राज्य के विकास का इतिहास गढ़ेगी।
मुख्यमंत्री 18 सितम्बर को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए 208 विकास कार्यो का करेंगे लोकार्पण एवं शिलान्यास

पंचायत तंत्र – रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल 18 सितम्बर को नवगठित जिले गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को 332 करोड़ 64 लाख रूपए के 208 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 84 करोड़ 10 लाख रूपए के 29 कार्यों का लोकार्पण और 248 करोड़ 78 लाख रूपए के 179 कार्यो का भूमिपूजन शामिल हैं। मुख्यमंत्री रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से प्रातः 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत करेंगे। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के साधू हॉल गौरेला में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में नव गठित जिले के प्रभारी मंत्री एवं राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत और जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष श्री अरूण चौहान भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल नवगठित जिले गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 84 करोड़ रुपए से अधिक के 29 कार्यो का लोकार्पण करेंगे। जिसमें 76 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से निर्मित रेलवे ओवरब्रिज, कंचनडीह-बारीउमरांव मार्ग पर सोननदी में 2 करोड़ 12 लाख रुपए की लागत से निर्मित उच्च स्तरीय पुल, ग्राम बगरा, बेलगहना गोरखपुर, पूटा, पटेल पारा, पंडरीपानी, जोरा डोंगरी में 45 लाख 15 हजार रुपए की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन, ग्राम तेंदूमुड़ा, अंधियारखोह, पण्डरीपानी,नवाटोला, करसींवा, नगवाही, लटाकेनीखुर्द, सिलपहरी आदि में 60 लाख रुपए से अधिक के बने पुलिया तथा पहुच मार्ग का, ग्राम नगवाही, लटकोनीखुर्द, कोरकोटटोला, सिलपहरी, में 19 लाख 35 हजार रुपए की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन, ग्राम मेढुका में 6 लाख रुपए का धान चबुतरा , मरवाही में 5 लाख रुपए का मुक्तिधाम, लालपुर में शासकीय उद्यानिकी में 86.68 लाख रुपए का अहाता, गौरेला में 2 करोड़ रुपए के जैव विविधता संसाधन पार्क, धरमपानी में 73 लाख रुपए के वन चेतना केंद्र का पुनर्नवीनीकरण, जिला चिकित्सालय और मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 17 लाख 66 हजार रुपए की लागत से एक्स-रे मशीन की स्थापना सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
248 करोड़ 78 लाख रुपए के 179 कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री बघेल गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 248 करोड़ 78 लाख रूपए के 179 कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। जिन नए स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास होगा उनमें मुख्य रूप से राजाडीह जलाशय निर्माण के लिए 12 करोड 22 लाख रूपए, घघरा उपर खुज्जी, गंगांपुर जलाशय और चौरसिया जलाशय की नहरों में में सीमेेंट कांक्रीट लायनिंग का कार्य के लिए 18 करोड रुपए, सोन नदी पर तीन पुल निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपए, संयुक्त जिला कार्यालय भवन के लिए 24.94 करोड़ रुपए, सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के 09 कार्यों के लिए 143 करोड़ 78 लाख रुपए, सड़क डामरीकरण के 12 कार्यांे के लिए 8 करोड़ 40 लाख रूपए, मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के तहत 20 कार्यों के लिए एक करोड़ 52 लाख, 04 नवीन विद्युत उपकेन्द्र बस्ती, आमाडांड, अधियाखोह के लिए 10 करोड़ 62 लाख रुपए, मरवाही, लालपुर, केवंची और खोड़री में कन्या छात्रावास के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए, ग्राम डोंगरिया में एकलव्य विद्यालय में आवश्यक कार्यों के लिए 75 लाख रुपए, ग्राम निमधा, सकोला, कोडगार, सेमरदर्री, अण्डी, पेण्ड्रा, मुरमुर, बरौर, खोडरी, कोरजा, कोटमीकला, नेवसा, पेण्ड्रा, गौरेला, बचरवार, धनौली, बंशीताल, केंवची, पकरिया के विद्यालयों में दो करोड़ 78 लाख 51 हजार रुपए के विभिन्न कार्य, जनपद पंचायत गौरेला, मरवाही अंतर्गत सारबहरा, कुम्हारी में बैगा अध्ययन केन्द्र, करंमरा-धनौली, करहनिया कछार और महोरा में प्राथमिक शाला भवन, खैरझिटी पड़खुरी में माध्यमिक शाला भवन, सहित अन्य कार्य हेतु 88 लाख रुपए, जनपद पंचायत पेण्ड्रा, गौरेला अंतर्गत बम्हनी, झाबर, कुडकई, घाटबहरा, भाड़ी, पकरिया, खोडरी, बगरा, दौंजरा, डाहीबहरा, लालपुर में गौठान में चैन लिंक एवं फेंसिग कार्य 93 लाख रुपए, जनपद गौरेला, पेण्ड्रा और मरवाही के अंतर्गत बम्हनी, झाबर, घटबहरा, कुडकुई में बोरवेल निर्माण, कछार, मड़वाही, डोंगरिया, पिपरिया, खुरपा, नगवाही, पीपरडोल, नाका, रुमगा, उषाढ़, खुरपा में बोर खनन हेतु कुल 14 लाख 40 हजार रुपए, आमाडोब, आमगांव, अंधियारखेह, बगरा, बनझोरका, बेलपत, डाहीबहरा, दौंजरा, डुगरा, जोगीसार,, करगीखुर्द, खेडरी, कोटमीखुर्द, लमना, पकरिया, पूटा, सधवानी, टीकरखुर्द, उमरखोही, पीपरखुटी, कोरजा, ठेंगाडांड, गिरवर, हर्राटोला, पतराकोनी, पड़वनिया, धनौली, गांगपुर, देवरगांव में बोर खनन हेतु 29.58 लाख रुपए के में गोठान तथा जनपद पंचायत पेण्ड्रा अंतर्गत 50 लाख रुपए से अधिक का आरसीसी नाली निर्माण कार्य एवं ग्राम सधवानी में 5 लाख का उद्यान निर्माण कार्य शामिल है।
नशीले पदार्थ के सौदागरों के लिए जमानती धाराएं सुरक्षा कवच, राजधानी में नशे के टशन में लूट, चोरी, छिनताई और चाकूबाजी

पंचायत तंत्र- रायपुर। राजधानी में बढ़ रहे आपराधिक वारदातों रोकने के लिए पुलिस जितना भी जतन करती है अपराधी चकमा देकर वारदात को अंजाम दे ही देती है। अपराधियों और पुलिस में तू डाल-डाल, मैं पात-पात वाला लुकाछिपी का खेल चल रहा है। इसके चलते अपराध और अपराधियों की संख्या दिन ब दिन राजधानी बढ़ते जा रही हैं। जिससे पुलिस भी खासा परेशान नजर आ रही हैं। इस अपराध के पीछे नशे से जुड़े गिरोह काम कर रहा ऐसा पुलिस के बड़े अधिकारी और महकमा मानती है।
नौनिहाल और स्कूल-कालेज पढऩे वाले युवा पीढ़ी अपराधियों के संगत में रहकर अपराध और नशे के दलदल में फंस कर अपने जीवन को बर्बाद कर रही है। सारे अपराध की जड़ नशा है जो बच्चों और युवाओं को सस्ते में नशीला पदार्थ उपलब्द कर उनके जीवन के साथ खिलवाड़ कर रही है। महंगे शौक, स्टेटर्स सिंबाल बाइक, मोबाइल की चाह में युवा पढ़ाई लिखाई छोड़कर अपराधियों के साथ मिलकर नशेडिय़ों को घर पहुंच नशा की सामग्री उपलब्ध करा रही है। राजधानी के चारों कोनों में ब्राउन शुगर, गांजा, शराब, चरस के सौदागरों ने जाल बिछा रखा है। राजधानी में बेखौफ ब्राउन शुगर सहित अन्य नशीले पदार्थ खुलेआम बिक रहे हैं। युवा पीढ़ी ब्राउन शुगर के नशे में मदहोश है। नशे की हालत में उन्हें ये पता नहीं चलता की वो क्या कर रहे है, किसको क्या बोल रहे हैं और किससे क्या बात कर रहे हैं। राजधानी में युवाओं को नासूर रोग लग चुका है। जिसका समय रहते इलाज करना बहुत ही जरूरी हो गया है, नहीं तो यह रोग युवाओं को पूरी तरह तवाह कर देगी। प्रदेश सहित राजधानी में नशे की लत ने युवा पीढ़ी को बर्बादी के कगार मे ंलाकर खड़े कर दिया है, जो घर-परिवार के साथ समाज के लिए हानिकारक साबित होते जा रहा हैं।
कौन कर रहा है युवाओं को बिगाडऩे की साजिश
राजधानी में चल रहे ब्राउन शुगर, गांजा, चरस, मारिजुआना, अल्फा, गोली टेन, कफ सिरप, लोशन, मात्र 50 रुपए में बिकने वाली कोमियो नाम की दवा जो हर किराना दुकान और स्टेशनी दुकान में आसानी से उपलब्ध है जिसे जानबूझ कर बेचा जाता है। नशे के अवैध कारोबार युवाओं को अपनी चपेट में लेने लगा हैं। कमजोर क़ानूनी कार्यवाही और जमानती अपराधों की वजह से ऐसे ब्राउन शुगर बाज़ारों में खुलेआम बिकते जा रहे हैं। शहर के कुछ नामी नशे के कारोबारी और तस्कर जिसको पुलिस को तहकीकात के बाद गिरफ्तार करना चाहिए। जैसे कि सोनू, लाला, नदीम, मुश्ताक, आदिल, कविनाथ, सुरजीत, मोइनुद्दीन, जब्बार आदि अनेक जांच के दायरे में लेकर पुलिस को ड्रग्स माफियाओंं की जड़ तक जाना होगा और इसके पीछे छिपे सफेदपोश को बेनकाब करना होगा।
पुलिस की बड़ी कार्यवाही
रायपुर पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध रूप से नशीला पदार्थ ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने युवक के कब्जे से करीब 13 हजार रूपये का नशीला पदार्थ ब्राउन शुगर जप्त कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत व्हाइटहाऊस के सामने नगर निगम गार्डन सहित शहर के कई स्थानों में घुमकर ब्राउन शुगर बेचा करता था। आरोपी मो. फरीद खान अपने पुरानी बस्ती स्थित मकान में ब्रॉउन शुगर जैसा नशीला पावडर छुपाकर रखता था। नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली डी.सी. पटेल के नेतृत्व में योजना बनाकर एक विशेष टीम का गठन किया गया एवं मुखबिर द्वारा बताये स्थान पर जाकर टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी व तस्दीकी प्रारंभ की गई तथा आरोपी को चिन्हांकित किया गया। टीम द्वारा दबिश देकर ब्राउन शुकर बिक्री करते युवक को रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मो. फरीद खान होना बताया तथा उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे में अलग-अलग प्लास्टिक झिल्ली की पुडिय़ों में नशीला पदार्थ ब्राउन शुगर रखा होना पाया गया। शहर के प्रमुख वार्ड और मोहल्लों में छुटभैया नेताओं की दलाली से पुलिस भी परेशान है और असहाय है। अपराधी को बड़ी मुस्किल से पकड़ कर लाते है और थाने पहुंचते ही छुटभैया नेता लोग अपराधियों को छुड़ाने के लिए नए-नए कहानी किस्से लेकर पहुंच जाते है। और अनेतिक दबाव बनाकर अपराधियों को छुड़ाने का प्रयोजन करते है। शहर के प्रमुख क्षेत्र जहां पर नशीली ड्रग का का जमकर खरीदी -बिक्री होती है। संजय नगर, टिकरापारा, रामसागरपारा, नयापारा, सत्ती बाजार, तेलीबांधा, काली नगर, मोमिन पारा, नेताजी सुभाष स्टेडियम, ऑक्सीजोन का गार्डन,समता कालोनी, चौबे कालोनी,काशीराम नगर, छोटापारा,रामकुंड, अर्जुन नगर, भरत नगर शहर के चारों कोनों के आउटरों में ड्रग, नशीली दवाई आसानी से उपलब्ध हो जाते है।
पुलिस ने दिखाई सूझबूझ और किया गिरफ्तार
राजधानी के मौदहापारा थाना पुलिस को जांच के दौरान एक युवक के पास ब्राउन शुगर मिला। आरोपी के पास से 80 हजार का 20 पुडिय़ा पावडर जब्त किया गया है। आरोपी ने नागपुर से पावडर लाना बताया है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक अवधियापारा का पंकज माखीजा शाम को मौदहापारा में घूम रहा था। पुलिस की टीम इलाके में जांच कर रही थी। उन्हें सूचना मिली कि पंकज के पास भारी मात्रा में ब्राउनशुगर है। पुलिस ने उसे ट्रेस किया और कब्रिस्तान के पीछे पकड़ लिया। आरोपी के तलाशी के दौरान जेब मेें 20 पुडिय़ा मिली, जिसमें 800 मिलीग्राम पावडर था। पुलिस ने पावडर को जांच के लिए भेज दिया है। उसके सैंपल की जांच की जा रही है। आरोपी के पास से साढ़े 5 हजार भी मिले है। पुलिस के अनुसार आरोपी बेचने निकला था। उसके एक साथी पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने उसके परिजनों को भी तलब किया था। परिजनों के अनुसार युवक खुद भी पावडर का नशा करता है।
स्कूली बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़
रेस्टोरेंट के संचालक भी आज के समय में ब्राउन शुगर का धंधा धडल्ले से अपना व्यापार कर रहे है और स्कूली बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। राजधानी में ऐसा कोई इलाका नही होगा जहां ये ब्राउन शुगर अवैध रूप से संचालित न हो रहे हों। पुलिस समय-समय पर छापेमार कार्रवाई जरूर करती है लेकिन कोई कठोर नियम नही होने की वजह से मामूली जुर्माने के बाद संचालक आसानी से छूट जाते हैं और अब तो पुलिस भी ऐसे संचालकों से त्रस्त हो गई हैं। रेस्टोरेंट ही नही इन दिनों शहर के कई बडे नामी-गिरामी होटलों में भी ब्राउन शुगर परोसा जा रहा है। इन हुक्का बार या रेस्ट्रोरेंट में नाबालिगों की इंट्री पर रोक का बाहर बोर्ड जरूर लगा रहता है लेकिन ज्यादात्तर नाबालिग ही ब्राउन शुगर का नशा करते हैं।
गांजा बेचने वाले गिरफ्तार
आमानाका थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ, गांजा का अवैध कारोबार जोरों से चल रहा है। सरोना ब्रिज के आसपास गांजे की बिक्री जोरों पर है। एक गांजा बेचने वाला व्यक्ति गांजा तस्कर का पिता है। रायपुर में बढ़ते मादक पदार्थ की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रही है, अलग-अलग जगह से लाखों रुपए के गांजा के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद भी इनके नाक नीचे गांजा बेचने वाले बेधड़क होकर गांजा बेच रहे हैं।

पंचायत तंत्र- रायपुर। संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने आज एक प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि मोदी की केंद्र सरकार को इस बात की भी जानकारी नहीं है कि कोरोना महामारी के कारण देश भर में लगाए गए लॉकडाउन के दौरान कितने प्रवासी मजदूरों की मौत हुई थी। जबकि लॉकडाउन के बीच आये दिन मजदूरों की मौत को लेकर पूरे देश में मोदी सरकार की असंवेदनशीलता सबके सामने जगजाहिर था। विकास उपाध्याय ने दावे के साथ कहा कि 24 मार्च से 4 जुलाई के बीच 971 मजदूरों की जानें गई और उनके पास प्रतिदिन के मौत के आँकड़े मौजूद है। मोदी सरकार घोषणा करे कि मृत मजदूरों को समुचित मुआवजा दिया जाएगा तो वे 971 की पूरी सूची विस्तृत विवरण के साथ जारी कर देंगे।
विकास उपाध्याय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा सोमवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हुआ है जिसमें विपक्ष ने लिखित रूप में श्रम मंत्रालय से पाँच सवाल पूछे थे। उसी में एक सवाल था, लॉकडाउन के दौरान क्या हजारों मजदूरों की मौत हुई थी। अगर ऐसा है तो इसकी विस्तृत जानकारी दी जाए।ष् इस सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने संसद में अपने जवाब में कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई डेटा मौजूद नहीं है। ऐसा जवाब मोदी सरकार का बहुत ही गैर जिम्मेदराना और मजदूरों को कीड़ा मकौड़ा समझने वाली मानसिकता को दर्शाता है, जिस सरकार को अपने ही देश में अपनी स्वयं की गलती की वजह से बगैर पूर्व तैयारी के लगाई गई लॉकडाउन के चलते निर्मित हुई परिस्थितियों में मजदूरों की मौत हुई उसी का ही आँकड़ा नहीं है।विकास उपाध्याय ने आगे बताया सरकार से जब ये पूछा गया कि कितने मजदूरों को मुआवजा दिया गया हैएतो मंत्री का कहना था कि जब लॉकडाउन के दौरान मरने वाले मज़दूरों के बारे में कोई डेटा ही मौजूद नहीं है तो फिर मुआवजा देने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता।
विकास ने कहा इस जवाब से साफ जाहिर है कि मजदूरों से मोदी सरकार पूरी तरह से पल्ला झाडऩा चाहती है। इतना ही नहीं मोदी सरकार के पास लॉकडाउन के कारण जाने वाली नौकरियों के बारे में भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। विकास उपाध्याय ने कहा जिन नव जवानों ने रोजगार के उम्मीद में मोदी सरकार को कुर्सी में बिठाता आज वही मोदी सरकार इन नव जवानों से आँखे चुरा रही है।

पंचायत तंत्र-रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 70वें जन्मदिन पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. छत्तीसगढ़ से भी प्रधानमंत्री को बधाई देने का क्रम जारी है. इस कड़ी में राज्यपाल अनुसुईया उइके के अलावा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए दीर्घायु होने की कामना की है ।
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर चिट्ठी भेजी है, जिसमें कोरोना विषाणु की वजह से फैली महामारी की वजह से प्रत्यक्ष भेंट नहीं कर पाने पर अफसोस जताते हुए ईश्वर से उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करने की कामना की है. उन्होंने पत्र में लिखा कि नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और भारतीय मूल्यों को ध्यान में रखते हुए लिए जाने वाले निर्णयों की वजह से स्वतंत्रता के उपरांत पहली बार भारत के विश्व में अपना स्थान बनाया, वहीं विश्वव्यापी समस्याओं के उत्पन्न होने पर दुनिया के तमाम विकासशील देशों के भारत की ओर देखने की बात कही ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट के जरिए प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है ।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि मजबूत राष्ट्र के निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित, करोड़ों देशवासियों के विश्वास प्रधानमंत्री @narendramodi को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई. मोदी जी ने कड़े और बड़े फैसले लेकर देश को मजबूती प्रदान की है, उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत सपना जल्द पूरा होगा ।

पंचायत तंत्र- रायपुर। मध्यप्रदेश के बालाघाट में आदिवासी झाम सिंह की पुलिस एनकाउंटर में हत्या के मामले शिवराज सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मामले में आगे की जांच के लिए केस सीआईडी को सौंप दिया है. इस संबंध में छत्तीसगढ़ के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दो बार चिट्ठी लिखकर कार्रवाई करने की बात कही थी. इसके अलावा राज्यपाल उइके ने मुख्यमंत्री शिवराज को पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की कही बात थी ।
दरअसल 6 सितंबर को कबीरधाम के बोड़ला ब्लॉक में दो आदिवासी झाम सिंह और नेम सिंह मछली मारने जंगल गए थे. मध्यप्रदेश पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, जब वो भागे तो उन्हें गोली मार दी. झाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेम सिंह किसी तरह जान बचाकर आ गया. मध्यप्रदेश पुलिस ने इस निर्दोष आदिवासी को नक्सली बता दिया था. इस बीच नेम सिंह ने स्थानीय थाने में इसकी शिकायत की थी. जिसके बाद मामले की हकीकत सामने आई ।
इस घटना के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के वनमंत्री और स्थानीय विधायक मोहम्मद अकबर ने कलेक्टर से मामले की रिपोर्ट तलब की. कलेक्टर ने जांच में कई ऐसे सबूत पाए जिससे पता चलता है कि मामला निर्दोष आदिवासी की हत्या का है ।