Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र-रायपुर। एक महिला अपने प्रेमी के साथ मिलकर 5 वर्षीय बच्चे की अपहरण करने की कोशिश की. दोनों बच्चे का अपहरण कर ले जा रहे थे. मोहल्ले वालों को इसकी जानकारी हुई तो दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है ।
घटना राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है. इस बारे में थाना प्रभारी रमाकांत साहू ने बताया कि शनिवार लगभग शाम 7 बजे तेलीबांधा के देवार पारा में खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे को मोना प्रजापति नाम की महिला और उसका प्रेमी चॉकलेट देने के बहाने अपहरण कर ले जा रहे थे. वहीं पास में खेल रहे अन्य बच्चों ने छुड़ाने की कोशिश की, इतने में मोहल्ले के अन्य लोग वहां आ पहुंचे, उसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी ।
सूचना के बाद वहीं आसपास मौजूद पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंच दोनों को पकड़ कर थाने लाई. आरोपी मोना प्रजापति और उसके प्रेमी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है. आरोपी मोना का मायके छुरा है. वह अभी तेलीबांधा इलाके में अपनी बहन के साथ रह रही थी. मोहल्ले वालों ने यह जानकारी दी है कि यह महिला पहले भी इस तरह के वारदात की कोशिश कर चुकी है ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को सर्तक रहने के निर्देश दिए है साथ ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ आदि पर नजर रखते हुए आपदा प्रबंधन संबंधी सभी आवश्यक उपाएं सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने बारिश को देखते हुए प्रभावित इलाकों में यदि कहीं कोई क्षति हुई है तो उसका शीघ्र आंकलन करने और प्रभावितों को तत्काल आवश्यक सहायता मुहैया कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है बारिश को देखते हुए सभी नियंत्रण कक्ष पूरी तरह मुस्तैद रहे, नदी-नालों के पानी पर निरंतर नजर रखी जाए, बारिश के दौरान जल जनित रोगों को देखते हुए सभी आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य केन्द्रों में जल जनित रोगों, गैस्ट्रोएंटेराइटिस और सर्पदंश आदि की दवाएं और एंटीडोट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रहे। आपदा प्रबंधन दल मुस्तैद रहे और समय पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।

पंचायत तंत्र-रायपुर । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत की बैठक शुरू हो गई है. प्रदेश कार्यालय जागृति मंडल में छत्तीसगढ़ ( महाकोशल प्रांत) के चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं ।
संघ प्रमुख की आज दिनभर अलग-अलग बैठक होगी. दोपहर 3 से 6 बजे तक कुछ चुनिंदा लोगों से मुलाकात और चर्चा करेंगे. भागवत शाम 7 से रात 9 बजे तक बौद्धिक चर्चा करेंगे. 17 अगस्त को भागवत रायपुर से रवाना हो जाएंगे ।
कांग्रेस ने पूछे तीन सवाल
इधर, कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने वीडियो जारी कर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से तीन सवाल पूछे हैं, जो इस प्रकार है-
क्या गोधन न्याय योजना को केंद्रीय स्तर पर कराएंगे लागू?
क्या कौशल्या मंदिर का दर्शन करने जाएंगे मोहन भागवत?
क्या राम पथ गमन को केन्द्रीय योजना में शामिल करवाएंगे?
बता दें कि मोहन भागवत दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर है. भागवत दो साल बाद शनिवार शाम को रायपुर पहुंचे. जानकारों के मुताबिक, संघ प्रमुख के इस दौरे से बडे बदलाव के संकेत हैं. वहीं संघ और भाजपा संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने पर भी चर्चा की संभावना है. बैठक में विभिन्न सामयिक मसलों पर संघ की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की जा रही. संगठन के लोगों से चर्चा के बाद आगे की रूपरेखा तय की जाएगी ।

पंचायत तंत्र– रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित कफ सिरप के जखीरे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार हुआ है. वहीं दो आरोपी मौके से फरार हो गया. आरोपियों के कब्जे 47 सौ कफ सिरप की बोतल जब्त की गई है. इसके साथ ही पुलिस ने एक कार भी जब्त किया है. जब्त कफ सिरप की कीमत लगभग 4 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. प्रतिबंधित नशे के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने बताया कि इसी नेटर्वक से जुड़े तीन मुख्य आरोपियों को पहले भी गिरफ्तार किया गया है. अभी कुछ दिनों पूर्व ही थाना गंज, कोतवाली एवं मौदहापारा क्षेत्र में कफ सिरप एवं चरस का जखीरा जब्त किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कोतवाली थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका के देवी लक्ष्मी नर्सिग होम के पास तीन व्यक्ति नशीली सिरप की बिक्री करने ग्राहक खोज रहे हैं. जिस पर नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली डीसी पटेल के नेतृत्व में योजना बनाकर एक विशेष टीम का गठन किया गया. मुखबीर द्वारा बताये स्थान पर जाकर टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी व तस्दीकी प्रारंभ की गई।
देवी लक्ष्मी नर्सिग होम के पास तीन व्यक्ति को नशीली सिरप बिक्री करते पाये जाने पर रंगे हाथ पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश देवांगन, विष्णु सोनी एवं अजय चौहान बताया. आरोपियों ने बताया कि कार क्रमांक CG 04.WV.7537 में नशीली सीरप रखा हुआ है. कार तलाशी लेने पर उनके कब्जे में 33 कार्टून में लगभग 4752 नशीली सीरप रखा होना पाया गया।
पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ किया तो आरोपियों ने बताया कि नशीली सीरप रखने व बेचने के संबंध में कोई कानूनी दस्तावेज नहीं है तथा यह भी बताया कि उक्त नशीली सीरप का नेटवर्क दिल्ली से जुड़ा है. प्रेम झा और शैलेन्द्र ताम्बोली जो कि दिल्ली में रहते है वे ही दिल्ली से माल की सप्लाई करते हैं. उन्हीं का नेटवर्क यहां काम करता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 21(सी) नारकोटिक ड्रग्स एण्ड साईक्रोट्रोपिक सब्ससटानसिस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पंचायत तंत्र-रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कोरोना संक्रमण की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आयोजित कार्यक्रम बिना किसी तामझाम के सादगी के साथ संपन्न किया गया. मंत्रिमंडल के सदस्यों ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया ।
बलौदाबाजार जिले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संबोधन का वाचन किया. मुख्यमंत्री के संबोधन में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा 20 बोली भाषाओं का समावेश किए जाने का उल्लेख किया. इसके साथ बताया कि कोरोना काल मे शिक्षा का प्रचार-प्रसार जारी रहा. गांव-गांव में बच्चों को पुस्तकों का वितरण किया गया. कार्यक्रम के दौरान कलेकटर सुनील कुमार जैन और एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला मौजूद रहे।

महासमुंद जिले में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम स्थानीय मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया. गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने ध्वजारोहण करने के साथ शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया. सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए आयोजित कार्यक्रम में कोरोना वॉरियर्स का सम्मान किया गया।

राजनांदगांव शहर के म्यूनिस्पल स्कूल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में वन मंत्री एवं राजनांदगांव जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर कोरोना वॉरियर्स डॉक्टर, पुलिस, सेवा भावी संस्था व सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया।

अंबिकापुर में पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

जाँजगीर-चाँपा जिले में जांजगीर हाई स्कूल मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रुद्र कुमार ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. इसके बाद प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया. कार्यक्रम के दौरान कोरोना वॉरियर्स सम्मानित किए गए।

धमतरी में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह स्थानीय डाॅ.शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में वाणिज्यिक कर (आबकारी), वाणिज्य और उद्योग मंत्री और धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने ध्वजारोहण किया. कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया. इस अवसर पर जिले से सम्मानित होने वाले कोरोना वॉरियर्स के नामों की घोषणा की गई।

नवगठित जिले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय गुरुकुल में जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. इद दौरान जिले के कलेक्टर डोमन सिंह और एसपी शिवराज सिंह परिहार भी मौजूद रहे. स्वतंत्रता दिवस के 74वें वर्षगांठ पर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मरवाही में महंत बिसाहू दास के नाम से उद्यानिकी महाविद्यालय खोलने की घोषणा से जिले में हर्ष और खुशी का माहौल है।

सूरजपुर नगर के हाई स्कूल स्टेडियम में संसदीय सचिव अंबिका सिंह देव ने ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया. मंच में कलेक्टर एसपी भी मौजूद रहे ।

बेमेतरा जिले में जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक स्थल बेसिक स्कूल मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया. संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया. इस अवसर परस्थानीय विधायक आशीष छाबड़ा, कलेक्टर शिव अनंत तायल और एस पी दिव्यांग पटेल मंच में मौजूद रहे ।

बिलासपुर में पुलिस परेड मैदान उच्चशिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का राज्य के नाम के संदेश का वाचन किया. इस अवसर पर कोरोना वॉरियर्स का सम्मान भी किया गया. कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, विधायक शैलेष पांडे ,पीसीसी उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव साहित आईजी दीपांशु काबरा, कलेक्टर सारांश मित्तर, एसपी प्रशान्त अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवा रायपुर में बनने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के नये भवन के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को न्योता भेजा है. भूपेश बघेल ने पत्र लिख कर सोनिया गांधी से इस समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में और राहुल गांधी को अति विशिष्ट अतिथि के रुप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने का आग्रह किया है. छत्तीसगढ़ विधानसभा के नये भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे आयोजित किया जा रहा है ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि इस समारोह में आपकी उपस्थिति हमें आनंदित करने के साथ प्रोत्साहन भी देगी. उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि 1 नवंबर 2000 को राज्य निर्माण के साथ ही सर्व सुविधायुक्त नये विधानसभा भवन की लगातार आवश्यकता महसूस की जा रही है, जो राज्य की प्रगति और आकांक्षाओं के अनुरूप हो. इस आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया है ।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि इस नये भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा की झलक दिखेगी. यह भवन स्टेट आफ दी आर्ट तकनीक से सुसज्जित होगा. इस भवन को विधानसभा और उसके सदस्यों की वर्तमान और भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए डिजाईन किया गया है ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । पालिटिशियन विद डिफरेंस, एमएलए ऑन स्कूटी जैसे खिताबों के साथ राजनीति करने वाले विधायक कुलदीप जुनेजा को हाऊसिंग बोर्ड की अहम जिम्मेदारी मिली है. कुलदीप जुनेजा को ये तमाम खिताब उनकी सरलता, सुलभता और साधारणता की वजह से देते हैं. दूसरी बार विधायक बनने के बाद कुलदीप को बड़ा बोर्ड मिला है. कुलदीप दोनों बार विधायक बने तो शपथ लेने विधानसभा स्कूटी से गए. हाऊसिंग बोर्ड के अध्यक्ष बने तब भी पदभार ग्रहण करने स्कूटी से गए ।
कुलदीप जुनेजा ने अपनी पहचान रायपुर के नेता की बनाई और इसे कायम रखी. वे अपने कार्यकर्ताओं को आर्थिक लाभ पहुंचाने की राजनीति करने की बजाय जनता की सेवा और उनके बीच रहने और घुलने-मिलने वाली राजनीति करते हैं. उनकी छवि ईमानदार और सक्रिय राजनेती की रही है. कोरोना काल में उन्होंने घुम-घुमकर लोगों की मदद की. मुख्यमंत्री राहत कोष में बड़ी संख्या में लोगों से दान कराया ।
छत्तीसगढ़ बनने के बाद से अलग-अलग दौर में कांग्रेस में शिखर पर कई नेता आए-गए-बने रहे. लेकिन कुलदीप जुनेजा पर किसी नेता की छाप नहीं रही. उनकी पहचान स्वतंत्र बनी रही. वीसी शुक्ला खेमे का उन्हें कहा गया लेकिन वे कभी वीसी के इर्द गिर्द नजर नहीं आए. पार्टी के प्रति उनकी वफादारी को देखते हुए भूपेश बघेल ने उन्हें हाउसिंग बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी है ।
जिस विभााग का ज़िम्मा कुलदीप को मिला है, उसकी माली हालत खराब है. कई शहरों में मकान बिक नहीं रहे हैं. विभाग गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में रहा है. भ्रष्टाचार के लिए विभाग के कई अधिकारी कुख्यात रहे हैं. ऐसे में बड़ा सवाल है कि ईमानदार और मितव्ययी छवि वाले कुलदीप कैसे काम करेंगे. इन्हीं सवालों को लेकर हमने उनसे हमने बात की ।
रुपेश गुप्ता – आप अध्यक्ष बन गए हैं. आपको बधाई. क्या-क्या काम करेंगे हाउसिंह बोर्ड में ?
कुलदीप जुनेजा- अधिकारियों से चर्चा की है. सीएम भूपेश बघेल का धन्यवाद. उन्होंने एक कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है. मैं विश्वास दिलाता हूं कि कड़ी मेहनत करके काम करूंगा. गरीबों को मकान दिलाना है. बहुत सारे प्रोजेक्ट हैं. कई सालों से जगह-जगह मकान बने हैं. बिके नहीं है. आमतौर पर हाउसिंग बोर्ड की लोकेशन भी अच्छी रहती है तो क्यों नहीं बिकते. इसी को समझने की कोशिश कर रहे हैं. उस जगह पर जाएंगे. मुआयना करेंगे. इसे लेकर रणनीति बनाई जाएगी कि कैसे ये मकान बिकें. मेरी पहली प्राथमिकता है कि सालों से जो प्रापर्टी बची हुई है वो बिक जाए ।
रुपेश गुप्ता – नए प्रोजेक्ट भी आएंगे ?
कुलदीप जुनेजा- नए प्रोजेक्ट पर भी काम होगा लेकिन आप देख रहे हैं कि स्थिति कैसी है. थोड़ा हम कोरोना से उबर जाएं. कोरोना से जीत जाएं. तो इसमें कोई दो मत नहीं नए-नए प्रोजेक्ट्स लेकर आएंगे और लोगों को सुविधाएं भी देंगे ।
रुपेश गुप्ता – बड़ी शिकायत रहती है कि हाऊसिंग बोर्ड के मकान अच्छे नहीं होते. क्वालिटी भी खराब होती है. जिसकी वजह से हाऊसिंग बोर्ड की हालत खराब है ।
कुलदीप जुनेजा – 15 साल बीजेपी की सरकार थी. इन्होंने क्वालिटी पर ध्यान नहीं दिया. ये सिर्फ इसी में पड़े रहे कि नई जगह पर नए प्रोजेक्ट लाए जाएं और बेचकर निकला जाए. जो पुरानी पड़ी चीजें है, हमारी प्राथमिकता रहेगी कि उसे बेचे और पैसे उसी से लाएं. हाऊसिंग बोर्ड बड़ी संस्था है.प्रदेश में बड़ा अमला है. और सब मिलकर हाऊसिंग बोर्ड के माध्यम से बहुत सारा काम कर सकते हैं, और करेंगे ।
रुपेश गुप्ता – पिछली सरकार में इस विभाग के अधिकारी करप्शन को लेकर चर्चित रहे हैं. इससे कैसे निपटेंगे. आपकी छवि ईमानदार नेता की है तो कैसे काम करेंगे ?
कुलदीप जुनेजा – जो भाजापा सरकार में करप्शन किया है…जो किया है वो भुगतेगा.मैं कोशिश करूंगा कि इस कार्यकाल में कम से कम इस प्रकार का करप्शन करने की छूट नहीं दूंगा ।
रुपेश गुप्ता – आपकी छवि सबके लिए उपलब्धता वाली रही है. स्कूटर से घुमने वाले नेता की रही है. अब आप बड़े ओहदेदार हो गए हैं क्या बदलाव देखने को मिलेगा ।
कुलदीप जुनेजा – बड़ी जवाबदारी है. अच्छा लग रहा है और अच्छा तब लगेगा जब इस पर खरा उतरूंगा और कुछ करके दिखाऊंगा. कोई बदलाव नहीं है. यहां शपथ लेने आया तो अपनी पत्नी के साथ स्कूटर से आया था.मैं विधासभा भी स्कूटर से जाता रहा हूं. लेकिन यहां रोज़ स्कूटर से आना संभव नहीं होगा लेकिन शहर के अंदर स्कूटर से घुमूंगा ।
राजनीतिक करियर
कुलदीप जुनेजा राजनीतिक और समाजिक क्षेत्र में अपने बड़े भाई और रायपुर के पूर्व मेयर बलवीर जुनेजा के सानिध्य में सक्रिय हुए. पहला चुनाव हारने के बाद कुलदीप 2000 में रायपुर नगर-निगम में पार्षद बने. इसके बाद 2004 में फिर ये दूसरी बार पार्षद बने. इसी कार्यकाल में इन्हें पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष बना लिया. 2008 में कुलदीप को रायपुर उत्तर से टिकट मिली और वे चुनाव जीतकर विधायक बने. विधायक बनने के बाद रायपुर में प्रदूषण को लेकर बीजेपी के देवजी भाई पटेल के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. इन्होंने सीमेंट कंपनियों के घेरेबंदी करके रेट बढ़ाने के मसले को भी उठाया. लेकिन 2013 में ये विधानसभा चुनाव हार गए. 2018 में वे फिर से दूसरी बार विधायक बने ।
इस दौरान कुलदीप जुनेजा अपनी व्यवहार कुशलता और सेवा की प्रतिबद्धता के साथ सक्रिय रहे. कुलदीप जुनेजा इस दौरान खेलों से भी जुड़े रहे. वे टेबल टेनिस असोसिएशन के अध्यक्ष और ऑलंपिक संघ के उपाध्यक्ष बने रहे ।
नकारात्मक पहलू- कुलदीप जुनेता की छवि एक ईमानदार और पोटेंशियल लीडर है लेकिन उन्होंने खुद को हमेशा अपने शहर और विधानसभा की राजनीति तक सीमित रखा. पैसे खर्च करने के मामले में वे बेहद मितव्ययी हैं. राजनीति के इस दौर में ये आदत नुकसानदेह साबित होती है. 2013 में उनके हार की एक वजह यही बताई गई. कुलदीप जुनेजा की राजनीति को लेकर एक सोच है जिसके दायरे से वो बाहर नहीं निकलते दिखते हैं ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रायपुर प्रवास पर आ रहे हैं. 15 अगस्त को सायंकाल रायपुर पहुंचने से लेकर 17 अगस्त को सुबह रायपुर से प्रस्थान करने के बीच होने वाले तमाम कार्यक्रमों में सियासतदानों को जगह नहीं दी गई है, बावजूद इसके इन आयोजनों को लेकर तमाम सियासतदानों के साथ आम लोगों की भी निगाहें लगी हुई है ।
संघ के प्रान्त प्रचार प्रमुख सुरेन्द्र कुमार ने सरसंघचालक के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि मोहन भागवत 16 अगस्त को आयोजित एक दिन की बैठक में संघ की दृष्टि से महाकोशल और छत्तीसगढ़ प्रान्त के प्रमुख अधिकारियों से संवाद करेंगे. कोरोना से उपजी परिस्थितियों के कारण सरकार के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए इस बैठक में कुल 20 अधिकारियों को बुलाया गया है, जो संघ की प्रान्त टोली में दायित्व पर हैं. इसमें 5- 5 के ग्रुप बनाकर उपस्थित अधिकारियों से संवाद करेंगे ।
उन्होंने बताया कि संघ द्वारा समाज के सहयोग से पर्यावरण के क्षेत्र में व्यापक काम किया जा रहा है. वर्ष में आने वाले भिन्न-भिन्न त्योहारों को अवसर बनाकर बड़े स्तर पर भी वृक्षारोपण किया गया है. पर्यावरण की रक्षा के लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में अनेक प्रकल्पों को प्रारम्भ किया गया है. कोरोना से उपजी परिस्थितियों में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों को अपने मूल स्थान पर वापस आना पड़ा है, उसकी पूरी जानकारी संघ ने एकत्रित की है. प्रवासी श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं के निराकरण के लिए संघ ने अनेक कार्य शुरू किए हैं, इनके लिए सरकार के द्वारा किये जा रहे कार्य और उनको दी जा रही सहायता से श्रमिकों को अवगत कराने का कार्य भी संघ कर रहा है ।
प्रान्त प्रचार प्रमुख ने बताया कि स्वावलंबी भारत की दिशा में हो रहे प्रयत्नों के द्वारा श्रमिकों के स्वरोजगार स्थापित करने में परस्पर सबकी सहभागिता के लिए जो आवश्यक कार्य है, वह संघ कर रहा है. इस अवसर पर सरसंघचालक उपस्थित अधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक में विविध क्षेत्र सहित कोई भी राजनीतिक पदाधिकारी अपेक्षित नहीं है ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में तेज़ी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण और उससे हो रहीं मौतों के आँकड़ों के मद्देनज़र प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है. साय ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम की दिशा में पूरी ईमानदारी के साथ ठोस और सार्थक काम करने के लिए प्रदेश सरकार और कितनी मौतों का इंतज़ार कर रही है, रायपुर अब कोरोना कैपिटल बन चुका है, जहाँ रोज़ लगभग दो सौ कोरोना संक्रमितों की पहचान हो रही है, लेकिन उससे भी ज़्यादा चिंताजनक तो इस संक्रमण से हो रहीं मौतों के बढ़ते आँकड़े हैं. गुरुवार को ही राजधानी में आठ कोरोना मरीजों की मौत हुई है, बावज़ूद सरकार हालात को संज़ीदगी से नहीं ले रही है. राजधानी सहित पूरे प्रदेश में इन दिनों मौतों का मातम पसरा नज़र आ रहा है और प्रदेश सरकार अपने सियासी पाखंड रचने में ही तल्लीन है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा कि इस अगस्त माह में ही प्रदेश में औसतन 372 मरीज प्रतिदिन के हिसाब से कुल 4,466 मरीज मिले और अगर यही रफ़्तार रही तो माह के ख़त्म होते तक इस आँकड़े में 6,324 नए मरीजों की संख्या और जुड़ जाएगी. इस तरह अगस्त तक कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 हज़ार तक पहुँचने की आशंका घनीभूत होती दिख रही है. स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर पलटवार कर साय ने कहा कि जो सरकार कभी छत्तीसगढ़ की तुलना न्यूज़ीलैंड से करके कोरोना संक्रमण में अपनी बेहतरी के दंभपूर्ण दावे करती फिर रही थी, उस सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अब भी केंद्र सरकार के विरुद्ध सियासी प्रलाप कर इस बात पर खुश हो रहे हैं कि प्रदेश में केंद्र के अगस्त महीने में 63 हज़ार के अनुमान से कम मरीज मिलेंगे।
साय ने तंज कसते हुए पूछा कि कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या और मौतें क्या प्रदेश सरकार को झकझोरने के लिए पर्याप्त नहीं हैं? न्यूज़ीलैंड से तुलना करके छत्तीसगढ़ को बेहतर स्थिति में बताते हुए पूरी बेशर्मी के साथ श्रेय लूटने के लिए टूट पड़े प्रदेश कांग्रेस के नेता और सरकार के ‘स्वनामधन्य व स्वयंभू कोरोना प्लेयर्स’ अब कहाँ मुँह छिपाए बैठ गए हैं? हालात इतने बदतर हो चले हैं नारकीय यंत्रणा के प्रतीक बन चुके क्वारेंटाइन सेंटर्स के बाद अब कोविड-19 अस्पताल में भी लोग आत्महत्याएँ कर रहे हैं, इलाज के अभाव में मरीज तड़प-तड़कर मरने के ले विवश हो रहे है, लेकिन नाकारा प्रदेश सरकार इसकी ज़िम्मेदारी तक लेने में अब कतरा रही है।
कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विपक्ष की चिंताओं व सुझावों की खिल्ली उड़ाते हुए और ‘परिवार’ की चाटुकारिता करते हुए प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिए टिप्स की माला जपते घूम रहे थे, वे टिप्स अब प्रदेश में कारग़र सिद्ध क्यों नहीं हो रहे हैं? साय ने सवाल किया कि केंद्र सरकार को इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने की सलाह देने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ज़रा छत्तीसगढ़ में इन्फ्रास्ट्रक्चर की दुर्गति पर भी कुछ ज्ञान बाँटें जहाँ गुरुवार को ही राजधानी में एक गर्भवती महिला की एंबुलेंस में ही मौत हो जाने की घटना सामने आई है।
राजधानी के पंडरी सिथित ज़िला अस्पताल में शिफ्ट किए गए अंबेडकर अस्पताल के गायनिक डिपार्टमेंट के डॉक्टर्स की तरफ से बरती गई लापरवाही प्रदेश सरकार की संवेदनशून्य कार्यप्रणाली का एक और कलंकपूर्ण नमूना है. एम्बुलेंस में गर्भवती महिला का शव डेढ़ घंटे तक पड़ा रहा, लेकिन डॉक्टर्स ने गर्भ में पल रहे शिशु को बचाने की कोई कोशिश ही नहीं की. मृत महिला के शव तक को डॉक्टर्स ने हाथ भी नहीं लगाया और आपात चिकित्सा के बजाय ओपीडी में ही मशगूल रहे. साय ने कहा कि प्रदेस में स्वास्थ्य सेवाएँ बदहाली और बदइंतज़ामी के चलते ध्वस्त हो चली हैं. आयुष्मान भारत और स्मार्ट कार्ड से इलाज की सुविधा छीन लेने वाली सरकार अपने वादे और दावे के बावज़ूद अब ग़रीबी रेखा वाले परिवारों को राशन कार्ड से भी इलाज की सुविधा नहीं दे रही है।
पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ । राजधानी रायपुर में 4 दिन बंद मांस मटन की दुकानें बंद रहेंगी। 15 अगस्त, 22,23 और 29 अगस्त को मांस- मटन का खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंधित लगाया गया है। प्रतिबंध के दिनों में दुकानें खोलने पर होगी कार्रवाई की जाएगी।