Browsing: रायपुर

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह ने एक बयान जारी करते हुए यह आरोप लगाया है कि शराब के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाली शराब चोर भाजपा का असली चेहरा पाटन के जामगांव में बेनकाब हो गया है. आरपी सिंह ने बताया कि 4 अगस्त को जामगांव की शराब दुकान का विरोध करने के लिए पाटन भाजपा के तीनों मंडल स्थानीय सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में धरना देने का कार्यक्रम आयोजित किए थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने देखा कि शराब दुकान में चार पहिया वाहन से शराब उतारकर रखी जा रही है. भाजपाइयों का पुराना और मुफ्त शराब प्रेम जाग उठा. जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराबबंदी के नाम पर किए जा रहे धरने को छोड़कर भाजपाई भूखे भेड़ियों की तरह शराब की दुकान और चार पहिया वाहन पर टूट पड़े ।
उन्होंने कहा कि देखते ही देखते कई पेटी शराब भाजपाइयों ने वहां से लूट ली और भाग खड़े हुए. संबंधित दुकान के कर्मचारियों और आबकारी विभाग की शिकायत पर पाटन पुलिस ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य समेत 20 से अधिक लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है. यह घटना कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि साबित करती है कि 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ में जंगल राज स्थापित करने वाले लोग अब बिना सत्ता के बिना कमीशन के बिना दलाली के और बिना मुफ्त की शराब के कैसे छटपटा रहे हैं. लूट खसोट की आदत अभी तक इनका पीछा नहीं छोड़ रही है. शराब से भाजपा को कितना प्रेम है इस वारदात से स्पष्ट हो गया है ।
शांति, समृद्धि और भाईचारे के छत्तीसगढ़ को रमन सिंह ने किस तरह शराबगढ़ में परिवर्तित कर दिया और खुद दारू वाले बाबा बन बैठे हैं यह घटना साफ-साफ दर्शाती है. आरपी सिंह ने यह मांग की है कि शराबबंदी के नाम पर ढोंग करने वाली भाजपा अब अपने असली चेहरे के साथ सामने आए और प्रदेश की जनता से माफी मांगे. साथ ही साथ उन्होंने पाटन पुलिस प्रशासन से भी आग्रह किया है कि शराब चोर भाजपाइयों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो सके ।
 
 
 

 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । भगवान राम के एक पड़ाव से दूसरे पड़ाव तक ले जाने वाले मार्ग के दोनों किनारों पर नाना प्रकार के फूलों और फलों के वृक्ष रोपित किए जा रहे हैं. इस मार्ग पर पर्यटकों को अनेक तरह की वनौषधियों के भी दर्शन होंगे. पूरे राम वन गमन पथ पर ऐसा वातावरण निर्मित किया जा रहा है. जिससे राम के वनवास काल का मनोरम छत्तीसगढ़ सजीव हो उठे. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर इसी महीने काम शुरु हो जाएगा ।
राम के वनवास काल से संबंधित 75 स्थानों को चिन्हित कर उन्हें नये पर्यटन सर्किट के रुप में आपस में जोड़ा जा रहा है. पहले चरण में उत्तर छत्तीसगढ़ में स्थित कोरिया जिले से लेकर दक्षिण के सुकमा जिले तक 9 स्थानों का सौंदर्यीकरण और विकास किया जा रहा है. इस पर 137 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च होंगे. ये सभी स्थान पहले ही प्राकृतिक दृश्यों से भरपूर हैं. अब इन्हें और भी हराभरा किया जाएगा. सभी चयनित पर्यटन-तीर्थों पर सुगंधित फूलों वाली सुंदर वाटिकाएं तैयार की जाएंगी. राम वन गमन के 528 किलोमीटर मार्ग के दोनों किनारों पर डेढ़ लाख से अधिक पौधे रोपित करने की जिम्मेदारी वन विभाग को दी गई है. मूल परियोजना पर काम शुरु होने से पहले ही विभाग ने अपना 90 प्रतिशत काम पूरा भी कर लिया है ।
पूरे मार्ग पर पीपल, बरगद, आम, हर्रा, बेहड़ा, जामुन, अर्जुन, खम्हार, आंवला, शिशु, करंज, नीम आदि के पौधों का रोपण किया जा रहा है. इन पौधों की सुरक्षा के लिए बांस से बने विशेष तरह के ट्री-गार्डों का उपयोग किया जा रहा है, जो पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल हैं. इनका निर्माण महिला स्व सहायता समूहों द्वारा किया गया है. राम वन गमन पथ के माध्यम से दुनियाभर के सामने राज्य जैव विविधता का प्रदर्शन भी किया जाएगा. यह परिपथ कोरिया स्थित गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान, सूरजपुर स्थित तमोर पिंगला अभयारण्य, बलरामपुर के सेमरसोत अभयारण्य, जशपुर के बादलखोल अभयारण्य, रायगढ़ के गोमर्डा अभयारण्य, मुंगेली के अचानकमार अभयारण्य, कवर्धा के भोरमदेव अभयारण्य, बलौदाबाजार स्थित बारनवापारा अभयारण्य, धमतरी स्थित सीतानदी अभयारण्य, गरियाबंद के उदंती अभयारण्य, बस्तर जिले में स्थित कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बीजापुर के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान, पामेड़ और भैरमगढ़ अभयारण्यों को भी एक-दूसरे के करीब लाएगा. इनमें से उदंती तथा सीतानदी अभयारण्यों को 2009 से टाइगर रिजर्व घोषित किया जा चुका है. (शासन द्वारा जारी विज्ञाप्ति के आधार पर खबर लिखी गई है ।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर नया कोरोना हॉट स्पॉट बनकर उभरा है. यहां प्रदेश भर में सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज है. इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने कम संक्रमण वाले जिले से मेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की टीम को रायपुर लाने का फैसला लिया है. इसके अलावा आयुर्वेदिक डॉक्टरों को भी कोरोना के जंग में शामिल किया गया है. कोविड हॉस्पिटल में आयुष के मेडिकल टीम की ड्यूटी भी लगाई गई है ।
जिला चिकित्सा अधिकारी मीरा बघेल ने बताया कि राजधानी में लगातार कोरोना हॉस्पिटल बनाए जा रहे हैं. इन अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ डॉक्टरों की पूर्ति के लिए विभाग ने फैसला लिया है कि जिन जिलों में कोरोना संक्रमण कम है, वहां के मेडिकल स्टॉफ और डॉक्टरों की ड्यूटी रायपुर में लगाई जाएगी ।
उन्होंने आगे बताया कि आयुर्वेदिक डॉक्टरों का लिस्ट जारी कर दिया गया है कि कौन से हॉस्पिटल में किस डॉक्टर को ड्यूटी करना है. साथ ही आयुष की मेडिकल स्टाफ को भी कोरोना जंग में शामिल किया गया है. उनकी भी ड्यूटी लगाई जा रही है ।
बता दें कि अकेले रायपुर में 3480 कोरोना के मरीज मिले है, जिसमें से 2215 मरीज ठीक हो चुके हैं. जबकि 1238 मरीज एक्टिव है, जिनका इलाज जारी है. वहीं 26 लोगों की मौत हो चुकी है ।
इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बढ़ 10497 हो गया है, जिनमें अब तक कुल 7871 मरीज स्वस्थ्य होने के उपरांत डिस्चार्ज किए गए और 2555 मरीज सक्रिय हैं. कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है ।
 

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन वाले क्षेत्रों की नई सूची
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के रेड और ऑरेंज जोन की नई सूची जारी की है. इसमें पूर्व की स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं आया है. पहले की ही तरह प्रदेश के सभी जिलों के व्यापारिक और प्रशासनिक केंद्र रेड जोन में हैं, वहीं गिनती के ही क्षेत्र ऑरेंज जोन में शामिल हैं ।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा–निर्देशों के मुताबिक प्रदेश के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या, इनके दोगुने होने की दर तथा प्रति एक लाख जनसंख्या पर सैंपल जांच की ताजा स्थिति के आधार पर उन्हें रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में पुनः वर्गीकृत किया गया है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा 2 अगस्त की स्थिति के आधार पर यह वर्गीकरण किया गया है ।
 
 
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि लॉकडाउन के संबंध में निर्णय लेने के लिए जिला कलेक्टरों को अधिकृत किया गया है. कलेक्टर जिले की परिस्थितियों और जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति को ध्यान में रखते हुए और इस संबंध में वे स्थानीय व्यापारियों और लोगों से चर्चा कर निर्णय लेंगे ।
बघेल ने कहा कि कोरोना से बचाव में ही सुरक्षा है. सभी लोगों को इस संकट से बचने के लिए फिजिकल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाना, समय-समय पर हाथ धोने जैसे उपायों का कड़ाई से पालन करना चाहिए. साथ ही अति आवश्यक होने पर ही भीड़ भाड़ वाले स्थान पर जाना चाहिए ।
 

12.50 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों उनके परिवारों को होगा फायदा 
 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । कांग्रेस ने तेंदूपत्ता संग्रहको के लिए शुरू की गई तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना शुरू किए जाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया है. प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार की आदिवासी विरोधी चरित्र की उपज है यह योजना. मोदी सरकार ने तेंदूपत्ता संग्रहको के लिए चलाई जाने वाले बीमा को बंद कर दिया था इस कारण राज्य सरकार को यह योजना लागू करना पड़ा, ताकि तेंदूपत्ता श्रमिको उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा दी जा सके ।
शहीद महेन्द्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना में तेंदूपत्ता संगहण कार्य में लगे पंजीकृत संग्राहक परिवार के मुखिया (50 वर्ष से अधिक आयु नहीं होने की स्थिति में) की सामान्य मृत्यु पर नामांकित व्यक्ति अथवा उत्तराधिकारी को 2 लाख रूपए की अनुदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी. दुर्घटना से मृत्यु होने पर दो लाख रूपए अतिरिक्त प्रदान किया जाएगा. दुर्घटना में पूर्ण विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रूपए और आंशिक विकलांगता की स्थिति में एक लाख रूपए की सहायता अनुदान राशि दी जाएगी ।
योजना के अंतर्गत यदि संग्राहक परिवार के मुखिया की 50 से 59 आयु वर्ष के बीच सामान्य मृत्यु होती है, तो 30 हजार रूपए, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 75 हजार रूपए, दुर्घटना में पूर्ण विकलांगता की स्थिति पर 75 हजार रूपए और आंशिक विकलांगता की स्थिति में 37 हजार 500 रूपए की सहायता अनुदान राशि परिवार के नामांकित व्यक्ति या उत्तराधिकारी को दी जाएगी ।
छत्तीसगढ़ राज्य में तेंदूपत्ता संग्रहण में लगे परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से वन विभाग एवं छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के समन्वय से यह योजना प्रारंभ की गयी है. इस योजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा किया जाएगा, जिसमें संबंधित जिला यूनियन द्वारा ही एक माह के अंदर प्रकरणों का निराकरण करते हुए सहायता अनुदान की राशि सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में प्रदाय की 
जाएगी ।
बृजमोहन मोदी सरकार से पूछे बीमा क्यों बन्द किया बीमा, 
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहको के बीमा के बारे में लगातार बयान बाजी करने वाले बृजमोहन अग्रवाल में साहस हो तो अब वे मोदी सरकार से पूछे उसने तेंदूपत्ता संग्रहको का बीमा करना क्यो बन्द किया था ? राज्य सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों के सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सुदृढ़ता सुनिश्चित करने के लिए वचनबद्ध है. राज्य में तेंदूपत्ता संग्रहण दर 2500 रूपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4000 रूपए प्रति मानक बोरा की गई है. यह कांग्रेस सरकार की अपने घोषणा पत्र के वायदों को पूरा करने की प्रतिबद्धता को बताता है ।
 
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी रायपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया है. बुधवार की शाम न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने हरीश तांडी नाम के युवक पर चाकू से तबाड़तोड़ वार कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
राजधानी में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटना से नाराज पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने सभी थानेदारों को निर्देशित किया था. जिसके बाद मंगलवार को थाने में सभी गुंडा, बदमाश और चाकूबाजों की परेड लेकर उन्हें चेतावनी दी गई थी. वहीं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी नाराजगी जता चुके हैं. इसके बाद भी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. बदमाश बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं ।
पुलिस के मुताबिक बुधवार देर शाम हरीश तांडी अपने साथी आतिश दीप के साथ ऑटो गैरेज न्यू राजेन्द्र नगर जाने के लिए निकला था. उसी समय पेट्रोल पम्प के दूसरे तरफ दुर्गा नगर के लड़के रितिक और अंटू का अन्य कुछ लड़कों के साथ विवाद हो रहा था. इसके बाद हरीश और आतिश आगे बढ़ गए. ये दोनों जब काली मंदिर के पास पहुंचे, तो उसी समय बाइक में सवार तीन चार अज्ञात बदमाश आकर हरीश तांडी पर चाकू से तीन-चार बार वार कर फरार हो गए. हरीश पर चाकू से हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है ।
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के शिलान्यास के अवसर पर प्रदेश के मंदिरों में आज विशेष पूजा-अर्चना की गई. इस मौके पर सांसद सुनील सोनी ने चंदखुरी में कौशल्या माता मन्दिर का दर्शन किए. खरोरा व कनकी में आतिशबाजी किए औऱ लड्डू वितरण किए. इसके बाद सांसद सोनी रायपुर के श्रीराम मन्दिर में पूजा किए. वहीं राज्यसभा सांसद व भाजपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने परिवार सहित टीवी पर राम जन्मभूमि शिलान्यास कार्यक्रम देखा ।
 
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने तिफरा सिरगिट्टी के भगवान श्रीराम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेशवासियों को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ होने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियों से श्रीराम भगवान की भव्य मंदिर अयोध्या में बने ऐसी कामना हमारे पुरखे और हम सब कर रहे थे. अब वह सपना पुरा होने को है. भगवान श्रीराम हमारे आस्था के प्रतीक है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरिमामय में उपस्थिति में भगवान श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ. उन्होंने कहा कि भव्य श्रीराम मंदिर की निर्माण प्रक्रिया शुरू हो गई है ।
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि भगवान श्रीराम का मंदिर भव्य भारत का राष्ट्रीय निधि होगा. भगवान श्रीराम की जन्मस्थली में ऐतिहासिक मंदिर के निर्माण होने से सबके मन में उत्सव का भाव है. समूचे विश्व को जल्द ही विशाल श्रीराम मंदिर में श्रीराम भगवान के दर्शन का मंगल अवसर प्राप्त होगा ।
 
 
 

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अलग-अलग जिले के हितग्राहियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लाइव बातचीत कर योजनाओं के लाभ के बारे में पूछ रहे हैं. सीएम ने शहीद महेंद्र कर्मा तेंदूपत्ता सामाजिक सुरक्षा योजना और गोधन न्याय योजना की राशि का हितग्राहियों के खाते में भुगतान कर दिया है. एक करोड़ 65 लाख 42 हजार रूपए का भुगतान गोबर विक्रेताओं के खाते में ऑनलाइन किया गया. इस अवसर पर राम वनगमन पथ प्रस्तुतिकरण का अवलोकन भी करेंगे ।
 
 

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। इस वर्ष कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतते हुए आयोजन किए जाएंगे। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए है। जिसके तहत भारत सरकार गृह मंत्रालय एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कोविड-19 से बचाव हेतु जारी सभी निर्देशों का पालन एवं उपाय सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी निर्देश के तहत स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह राजधानी रायपुर में स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा जहां पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहरण उपरांत पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियों द्वारा सलामी दी जायेगी। मुख्यमंत्री के द्वारा जनता के नाम संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में कोरोना वारियर्स डॉक्टरों, पुलिस कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वछता कर्मियों को विशेष रूप से आमंत्रित करते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को मास्क पहनना और सामाजिक दूरी आदि का पालन करना अनिवार्य होगा।
इसी तरह जिला स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के द्वारा ध्वजारोहरण किया जाएगा। इसके उपरांत पुलिस एवं नगर सैनिकों की टुकड़ियों द्वारा सलामी दी जाएगी। मुख्य अतिथि के द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी कोरोना वारियर्स डॉक्टरों, पुलिस कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वछता कर्मियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को मास्क पहनना और सामाजिक दूरी आदि का पालन करना अनिवार्य होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तहसील एवं जनपद स्तर पर सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं होंगे। जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्ष एवं नगरीय निकायों में नगरीय निकाय के महापौर या अध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहरण किया जाएगा। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा एवं बड़े गांवों में गांव के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य, जिला, ब्लाक एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में किसी भी स्थिति में स्कूली छात्र-छात्राओं को एकत्र नहीं किया जाएगा। आयोजित कार्यक्रमों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जाएगा। गणमान्य अतिथियों को भी सीमित संख्या में आमंत्रित किया जाएगा। बैठक व्यवस्था में सामाजिक एवं व्यक्तिगत दूरी का विशेष रूप से पालन किया जाएगा।
प्रदेश की राजधानी रायपुर एवं अन्य जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से शुरू होंगे। इसे देखते हुए रायपुर एवं अन्य जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय कार्यालयों को ध्वजारोहण प्रातः 8 बजे के पूर्व सम्पन्न कर लिए जाएंगे ताकि उन कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी जिले के मुख्य समारोह में शामिल हो सके। सभी विभाग के कार्यालय प्रमुखों द्वारा उनके कार्यालय में ध्वजारोहरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात् राष्ट्रीय गान जन-गण-मन गाया जाएगा। सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी।