Browsing: रायपुर

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । केंद्रीय शिक्षा नीति को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन और सरकार में असमंजस और मतभेद की स्थिति बन रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां नई शिक्षा नीति का विरोध कर रहे हैं, वहीं प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव ने शिक्षा नीति का समर्थन कर दिया है। सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के वादों के अनुरूप बहुत सारे मुद्दों को केंध सरकार ने नई शिक्षा नीति में शामिल किया है। कांग्रेस संगठन भी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रही है। नेता अलग-अलग बयान जारी कर रहे है। सिंहदेव ने ट्वीट करके कहा कि जनता से चर्चा के बाद तैयार कांग्रेस के जनघोषणा पत्र का असर केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति में दिखाई दे रहा है। इसे देखकर वास्तव में प्रसन्नता हो रही है। राज्य सरकार ने भी पहले शिक्षा के अधिकार को 12वीं तक बढ़ाने है और आंगनबाड़ी में प्री स्कूल की वकालत की थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद कहा था कि शिक्षा को केंद्रीकृत किया जाना उचित नहीं है। संविधान के अनुसार शिक्षा समवर्ती सूची का विषय है, जो राज्य और केंद्र की अपनी-अपनी नीतियों से संचालित होता है। मूलभूत शिक्षा में राज्य का प्रमुख योगदान होता है। इस वजह से हर राज्य में अपनी अलग शिक्षा प्रणाली विकसित हुई है। शिक्षा के लिए नीति नियम बनाने की राज्यों को अभी स्वतंत्रता है, लेकिन नई नीति द्वारा पूरी व्यवस्था को केंद्रीकृत करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस संगठन ने भी नई शिक्षा नीति का विरोध किया है। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने एक बयान जारी करके कहा कि मोदी सरकार नई शिक्षा नीति द्वारा देश की भावी पीढ़ी को अपने रंग में रंगने की तैयारी में है। नई शिक्षा नीति के नाम पर अधिनायकवादी मोदी सरकार शिक्षा के बाजारीकरण, निजीकरण और पूंजीवादी व्यवस्था थोपने पर आमादा है। कोरोना आपदाकाल मोदी सरकार के लिए जनविरोधी संशोधन, अध्यादेश लादने का अवसर है। यह मोदी सरकार का संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ कदम है।

शहर लॉक, आउटर अनलॉक, बेखौफ आ जा रहे लोग
 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी के 40 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ बिरगांव और रायपुरा पूरी तरह क्वारेंटाइन क्षेत्र घोषित कर सोशल डिस्टेंस और आइसोलेशन का कड़ाई से पालन करवाया गया। वहीं पिछले चार दिनों में लोगों ने लॉकडाउन में मिली छूट का जमकर मखौल उड़ाया है। लोगों को परवाह ही नहीं मोटरसाइकिल में चार-चार सवारी लाद कर शहर से गांव और गांव से शहर आ गए, किसी ने भी उन्हें रास्ते में रोका भी नहीं, ये कैसा लॉकडाउन जो सड़कों पर सहपरिवार दुपहिया और कार में सफर करने निकल पड़े। पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और नगर निगम और नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवागमन करने वाली भीड़ से पूछने की जहमत तक नहीं उठाई कि लॉकडाउन में सहपरिवार तफरी करने कहां निकल रहे है। लोगों ने लॉकडाउन को अपने रसूख और सोर्स से फुल ओपन अनलॉक में बदल दिया। लोग बेखौफ होकर एक जगह से दूसरे जगह आते-जाते रहे और यहीं राजधानी में कोरोना फैलाव का सबसे बड़ा संवाहक बना है।
गांव के संक्रमित लोग शहर में आकर कोरोना छोड़ रहे है, वहीं शहर के लोग गांव जाकर कोरोना फैला रहे है। आखिर प्रशासन इलाज करें तो कहां करें। पढ़े-लिखे और समझदार लोग भी कानून कायदे की धज्जियां उड़ाने में पीछे नहीं रहे। गांव के दाऊ से लेकर साधन संपन्न किसान अपने-अपने वर्चस्व को बनाएं रखने शहर से गांव पहुंचे, वहीं गांव का कमिया मजदूर शहर में बहन और अन्य रिश्तेदारों से मिलने गांव के पटेल का संदेशा लेकर शहर पहुंच गया। कहीं भी किसी की कोरोना जांच नहीं हो पाई। जबकि कोरोना काल में भीड़-भाड़ के साथ कहीं आना-जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था। उसके बाद भी कारों में 8-10 और बाइक में तीन-तीन सवारी कर गांव से शहर और शहर से गांव बेखौफ आने जाने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
कांटेंक्ट हिस्ट्री नहीं : राजधानी में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को लेकर सरकार और जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य अमला परेशान है, सरकार जल्द से जल्द राजधानी को करोना मुक्त कराने के लिए प्रयासरत है, वहीं लोग कोरोना को गले की घंटी बनाकर शहर से गांव और गांव से शहर घूम रहे है। आने-जाने वालों की कहीं ही कोई इंट्री या जानकारी लिखित में नहीं है। टोल नाका से लेकर निगम क्षेत्र में जोन कार्यालयों में भी इस तरह आने-जाने वालों की कोई लिखित जानकारी नगर निगम या नगर पालिका, पंचायत में नहीं है। ऐसे में प्रशासन कोरोना पर कैसे अंकुश लगा सकेगी। जब कोई केस हिस्ट्री ही नहीं होगी तो कोरोना इफेक्टेड को कैसे पहचान पाएगी।
हर आने जाने वालों की होनी थी स्क्रीन जांच : त्योहारी सीजन में गांव से शहर और शहर से गांव आने जाने की भले ही मनाही नहीं रही हो, लेकिन परिवार के साथ जाने-आने वालों की जांच होनी थी जिसमें प्रशासन चूक गई। अब गांव और शहर को कोरोना युक्त करके चले आए है। ऐसे में कोरोना का बढऩा स्वभाविक है।
मृतकों की केस हिस्ट्री और रिपोर्ट नहीं : कोरोनाकाल में साधारण और कोरोना से होने वाली मौत की प्रशासन के पास उसके इलाज और पूर्व में रहे बीमारी की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में उनकी कोरोना जांच मौत के बाद हुई है, लेकिन रिपोर्ट आने से पहेल ही कफन-दफन कर दिया गया। बाद में कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आया तो उसके संपर्क में आने वालों की पहचान करना मुश्किल होगी। राजधानी में तो कोरोना से मौत का सिलसिला बढ़ते ही जा रहा है, रोकने की सारी कोशिशें फेल हो गई है। ऐसे में मरीजों के संपर्क में आने वालों की हिस्ट्री और मौत के रिपोर्ट पर संज्ञान लेना आवश्यक है जिससे कोरोना को फैलने से रोका जा सके।
 
 
 
 

पूर्व में तैयार अरबों की संपत्ति को एक-एक कर नष्ट किया जा रहा है, तोड़ा जा रहा
 
 
पंचायत तंत्र -रायपुर । विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर के विकास के लिए कांग्रेस सरकार ने 18 महीनों में कुछ नहीं किया। शहर में विकास के लिए 1 ईंट नहीं रख पाए बल्कि पूर्व में तैयार अरबों की संपत्ति को एक-एक कर नष्ट किया जा रहा है, तोड़ा जा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि 18 माह से राजधानी का विकास अवरूद्ध हो गया है। पूर्व सरकार के समय से प्रारंभ योजनाओं को यह सरकार पूर्ण नहीं कर पा रही है। कुछ योजनाओं जिनका शिलान्यास व उदघाटन ये कर भी रहे हैं वे पूर्व के सरकार में स्वीकृत या प्रारंभ किए कार्य है। वहीं अधिकारियों की अदूरदर्शी सोच व मनमानियों के चलते अरबों की सम्पत्ति को एक-एक कर तोड़ा जा रहा है,जो आर्थिक अपराध की श्रेणी में है। पूर्व मंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के पैसे से सप्रे शाला मैदान में 1.16 करोड़ की लागत से बने हेल्दी हेल्थ ट्रेक को तोड़ा गया। दानी स्कूल परिसर में बने व्यवासियक शिक्षा की बिल्डिंग को तोड़ा गया। नए बनी चारदीवारी तोड़ी गई। हजारों लोग के उपयोग हो रही सप्रे स्कूल मैदान से लगे शुलभ शौचालय को तोड़ा गया। बूढ़ातालाब में सोलर पैनल हाउस व सोलर लाइटों को तोड़ा गया।
गौरव पथ पर निर्मित तीरथगढ़ जल प्रपात की प्रतिकृति व डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी गौरव वाटिका को तोड़ा गया। रायपुर शहर में बाहर से आकर नौकरी करने वाली महिलाओं के रहने के लिए, कलेक्ट्रेट के पास में बनाई गई 2 मंजिला भवन को तोड़ा गया। कलेक्टर परिसर स्थित जिला उद्योग भवन को तोड़ा गया। सांसद एवं विधायक निधि से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित छत्तीसगढ़ पेन्शनर समाज के भवन को तोड़ा गया। कलेेक्ट्रेट स्थित कर्मचारी संघ भवन तोड़ा गया। शांतिनगर आवासीय कॉलोनी में रह रहे शासकीय सेवकों को दबावपूर्वक, दमनपूर्वक घर खाली करवाकर दर्जनों बंगलों को तोड़ा गया। तेलीबांधा चौक स्थित कृषि अभियांत्रिकी परिसर को बलपूर्वक तोड़ा गया। उन्होंने कहा कि 18 माह के सिर्फ यही तोडऩे का क्रम चल रहा है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार जनता के पैसों से बनाये इन अरबों रूपयों के भवनों, स्थाई निर्माण कार्य को ढहाया गया है। रायपुर में विकास की एक भी योजना पर राज्य सरकार काम नहीं कर पा रही है।
 

 

पंचायत तंत्र–रायपुर। राजधानी में इस समय लॉकडाउन लगाया गया है। प्रशासन के सख्त निर्देश के बावजूद रायपुर के मंडी गेट के पास कपड़ा शो रूम से कारोबार जारी था। शिकायत मिलने पर निगम की टीम ने छापा मारकर दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की है। निगम की टीम ने कार्रवाई कर शोरूम को सील कर दिया है।

आरोपी व्यापारी लॉकडाउन में भी शो रूम से कपड़ा कारोबार संचालित कर रहा था, सुबह 7 बजे से ही व्यापार शुरू कर देता था। व्यापार संचालन का वीडियो भी सामने आया था। शिकायत मिलने पर निगम की टीम ने छापा मारा तो शिकायत सही पाई गई, जिस पर टीम ने शोरूम को सील कर दिया है।

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के शिलान्यास की तैयारी पूर्णता की ओर है. 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में होने वाले शिलान्यास का उत्सव रायपुर के श्रीराम मंदिर में भी मनाया जाएगा. कोरोना की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सीमित संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मंदिर 9 हजार दीपों से जगमग होगा ।
राम मंदिर के पुजारी अजय पांडेय ने बताया कि 5 अगस्त से एक नई परंपरा की शुरुआत की होने वाली है. पूरे भारत में भगवान राम के भक्तों के मन में एक नया उत्साह है, और तमाम संत और भक्त अपने-अपने स्थान पर अपने-अपने मन और उत्साह के अनुसार तैयारी कर रहे हैं. उसी क्रम में हमने भी तैयारियां की हैं ।
पुजारी ने कहा कि रामचरितमानस में कहा गया है कि जिस दिन भगवान राम का कोई काम होता है, तो वो पूरा समय मुहूर्त बन जाता है. 5 अगस्त को अयोध्या में प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 12 बजे के आसपास भूमि पूजन करेंगे. इस समय हम लोग मंदिर में भगवान की स्तुति करेंगे और प्रार्थना करेंगे. सायं काल हमारे द्वारा 9 हजार दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अत्यधिक भीड़ ना हो और लोग अपने घरों से ही उत्साह मनाए और इस ऐतिहासिक क्षण के साथ जिएं उसी क्रम में मंदिर समिति ने प्रबंध किया है ।
 
 
 
 
 

 

पंचायत तंत्र-रायपुर। राम की नगरी अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है. जिन्हें आमंत्रण मिला है, वो अयोध्या के लिए रवाना हो रहे हैं. राम मंदिर भूमिपूजन समारोह के लिए छत्तीसगढ़ से एकमात्र संत युधिष्ठिर को न्यौता मिला है. इसके अलावा किसी को भी आमंत्रण नहीं मिला है. मंगलवार सुबह संत युधिष्ठिर रायपुर एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं ।

अयोध्या में राम जन्मभूमि के भूमिपूजन में शामिल होने शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश संत युदिष्टर लाल के अयोध्या रवाना होने पर डॉ. भीष्म शदाणी, ललित जैसिंघ, उदय शदाणी, सचिन मेघानी, विवेक जैन ने उन्हें बधाई दी ।
दरअसल अयोध्या में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कोरोना संकट के मद्देनजर सीमित लोगों को ही आमंत्रित किया गया है. देश भर से केवल 150 संतों को आमंत्रित किया गया है. जिसमें से छत्तीसगढ़ से अकेले संत युधिष्ठिर लाल को ही आमंत्रित किया गया है. इससे पहले संत युधिष्ठिर ने अपना कोरोना टेस्ट कराया था, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी ।
बता दें कि रायपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर मंदिर हसौद के समीप ग्राम चंद्रखुरी में रामजी की माता कौशल्या का जन्म स्थल है. छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है. इसीलिए बहुत वर्षों से विश्वहिंदू परिषद की उच्च अधिकार समिति से जुड़े हुए संत युधिष्ठिर लाल को न्योता मिला है ।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व बीजेपी नेता गौरीशंकर अग्रवाल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है. परिवार के बाकी चार सदस्यों का भी कोरोना टेस्ट हुआ है, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जानकारी के मुताबिक गौरीशंकर अग्रवाल को पिछले दो दिन से सांस लेने में दिक्कत और बुखार से पीड़ित थे. जिसके बाद उन्होंने कल लालपुर लैब में कोरोना टेस्ट कराया था. आज आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
उन्होंने खुद के पॉजिटिव होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मेरे संपर्क में आए लोग अपना चेकअप कराए और क्वारेंटाइन रहे. हालांकि उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से वो घर में ही थे ।
 

 
 
 पंचायत तंत्र-रायपुर । रक्षाबंधन त्योहार के कारण आज राजधानी रायपुर में राखी और मिठाई दुकानों को 6 घंटे की छूट दी गई है. छूट के बावजूद बाजार में रौनक नहीं दिखी. ग्राहकों के इंतजार में व्यापारी बैठे रहे. जिला प्रशासन के निर्णय से व्यापारी नाराज है. व्यापारियों के मुताबिक ये छूट रविवार को मिलनी थी. लोगों को समय पर सूचना नहीं मिल पाई. बता दें कि रविवार को जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन के दिन आंशिक छूट का आदेश जारी किया था. सुबह 6 से 12 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दी थी ।
व्यापारियों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से आज छूट देने का निर्णय गलत है. हमें जो छूट आज मिली है, उसके जगह ये छूट कल मिलनी चाहिए थी. त्योहार के दिन कौन ग्राहक मार्केट आता है. उसके बावजूद प्रशासन की तरफ से देर शाम छूट का आदेश जारी किया गया. जिसके कारण हमें तैयारी करने का मौका भी नही मिला है ।
गोलबाजार में ग्राहक आउटर तरफ से आते हैं. जब देर शाम आदेश जारी होगा तो लोगों को कैसे पता चलेगा. प्रशासन की तरफ से बिना तैयारी के हर निर्णय लिया जा रहा है. पिछले वर्ष की तुलना केवल 10 प्रतिशत ग्राहक आ रहे हैं ।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से राजधानी रायपुर में पिछले दस दिनों से लॉक डाउन है। इस लॉक डाउन में राशन की दुकानें तक बंद कर दी गई। इस लॉक डाउन में लोगों को खाने के लिए अनाज भले ना मिले लेकिन प्रदेश में शराब आसानी से मुहैया हो रही है। यही वजह कि नशे में धुत्त दो बदमाशों ने एक मीडिया कर्मी के ऊपर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। मीडिया कर्मी का कसूर इतना था कि उन्होंने नशेड़ियों को पता नहीं बताया। हमले में घायल मीडिया कर्मी को मेकाहारा ले जाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।
कोतवाली सीएसपी देवचरण पटेल के मुताबिक अश्वनी मिश्रा कुछ देर पहले प्रेसक्लब से निकला था, इस दौरान बाइक सवार 2 युवक अश्वनी मिश्रा से कटोरातलाब का रास्ता पूछे, अश्वनी द्वारा नहीं पता कहने पर चाकू निकाल कर जांघ पर हमला कर दिए। हमला करने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए है। पुलिस टीम को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँचकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसपास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है, पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।

पंचायत तंत्र- रायपुर । एमएमआई हाॅस्पीटल प्रबंधन मामले में अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है. इस मामले में पूर्व चेयरमेन सुरेश गोयल ने मौजूदा प्रबंधन पर अवैध कब्जा और डकैती किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने यह बताया है कि इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. पुलिस के मुताबिक हाईकोर्ट के आदेश के बाद रजिस्ट्रार एंड फर्म्स सोसायटी ने संस्थापक सदस्यों के पक्ष में फैसला सुनाया था. जिला प्रशासन की मौजूदगी में कब्जे की पूरी कार्यवाही की गई थी.
पुलिस से मिली अधिकृत जानकारी के मुताबिक एमएमआई प्रबंधन के पूर्व चेयरमेन की ओर से यह शिकायत तीन-चार दिन पहले दी गई थी. शिकायत में जबरिया ताला तोड़ा अवैध कब्जा, डकैती, उपद्रव कर अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए संदर्भित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की गई थी. एमएमआई हाॅस्पीटल के नए प्रबंधन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उन पर लगाए जा रहे तमाम आरोप बेबुनियाद हैं. कानूनी पहलूओं को ध्यान में रखते हुए ही बागडोर अपने संस्थापक सदस्यों ने अपने हाथों ली है. असंवैधानिक ढंग से हाॅस्पीटल प्रबंधन पर कब्जा कर बैठे लोगों को कब्जा हटाने नोटिस भेजा गया था. कब्जे के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी थी. प्रबंधन का बागडोर संभालने वाले चेयरमेन महेंद्र चंद्र धाड़ीवाल ने कहा कि-
इस शिकायत के संबंध में हमे फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. हमने शासन के नियमों के तहत ही काम किया है. हमे किसी तरह का डर नहीं है. शिकायत करने का अधिकार सबको है ।
बता दें कि 13 सालों तक चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद ट्रिब्यूनल ने संस्थापक सदस्यों के पक्ष में फैसला सुनाया था. ट्रिब्यूनल ने 11 संस्थापक सदस्यों को मान्यता देते हुए 69 सदस्यों को अवैधानिक करार दिया था. साथ ही 21 दिनों के भीतर नए सिरे से प्रबंधन कार्यकारिणी का चुनाव कराने का निर्देश दिया था. ट्रिब्यूनल के फैसले के बाद संस्थापक सदस्यों के बीच हुए चुनाव में महेंद्र चंद्र धाड़ीवाल को चेयरमेन चुन लिया गया है ।