Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र-रायपुर । राजधानी रायपुर में रक्षाबंधन के त्योहार को ध्यान में रखते हुए 3 अगस्त को विशेष छूट दी गई है. सुबह 6 से 10 बजे तक राखी और मिठाई की दुकानें खुली रहेंगी. कलेक्टर ने इसका आदेश जारी किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि फेस मॉस्क के उपयोग तथा फिजिकल डिस्टेंसिंग रखने के संबंध में समय-समय पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की शर्त पर 3 अगस्त को सुबह 6 से 10 बजे तक (1 दिन ) तक राखी एवं मिठाई के विक्रय की अनुमति प्रदान की जाती है. पूर्व में प्रसारित आदेश की शेष कंडिकाएं यथावत रहेंगी. यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
पढ़िए आदेश की कॉपी-

पंचायत तंत्र-रायपुर । अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के नेतृत्व में ‘कॉरपोरेट्स कृषि छोड़ो’ के पं. सुन्दर लाल शर्मा चौक, राजिम में 9 अगस्त को 12 बजे किसान मुक्ति सत्याग्रह करने का निर्णय लिया है. यह आयोजन कोरोना संक्रमण से बचाव के आवश्यक निर्देशों का पालन करते हुए किया जाएगा ।
अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के राज्य सचिव तेजराम विद्रोही ने बताया कि 9 अगस्त एक ऐतिहासिक दिन है. इस दिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने ‘ब्रिटिश भारत छोड़ो’ का युद्धघोष किया था. समिति ने 9 अगस्त को ‘देशी और विदेशी कॉरपोरेट्स भारतीय कृषि छोड़ो’ का आह्वान किया है ।
उन्होंने कहा कि हमारा देश कोविड 19 के कारण बहुत गंभीर संकट के बीच है. विड प्रभावितों की संख्या 16 लाख को पार कर रही है, तब मोदी सरकार जीडीपी को प्राथमिकता देते हुए जीवन को प्राथमिकता देने के बजाय कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दे रही है. इस कदम के विरोध में 9 अगस्त को हमने किसान मुक्ति सत्याग्रह का आह्वान किया है. चर्चा में किसान सभा के उपाध्यक्ष मदन लाल साहू, जहुर राम, ललित कुमार, उत्तम कुमार, भोजलाल नेताम सम्मिलित हुए ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । बेरोजगारी से बड़ा कोई अभिशाप नहीं है. एक अदद नौकरी के लिए दर-दर की ठोकर खाने वाले बेरोजगार नौजवान ऑनलाइऩ के इस दौर में अनेक बार फर्जी वेबसाइट के झांसे में आकर ठगी के शिकार बन जाते हैं. ऐसी ही एक फर्जी वेबसाइट taxdepartment.in को लेकर आयकर विभाग ने बेरोजगारों को आगाह किया है।
आयकर विभाग की ओर से बताया गया कि taxdepartment.in के नाम से बनाई गई फर्जी वेबसाइट में रायपुर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के नाम और निशान का इस्तेमाल करते हुए विभाग में चपरासी, ड्राइवर, स्टेनोग्राफर, टैक्स असिस्टेंट और टैक्स इंस्पेक्टर की नौकरी का झांसा दिया जा रहा है. छत्तीसगढ़ आयकर विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस वेबसाइट से किसी भी तरह से उसका कोई वास्ता नहीं है. लोग जागरूक रहें और इस तरह की फर्जी वेबसाइट के झांसे में न आएं. विभाग के अनुसार इस संबंध में रायपुर पुलिस को जानकारी देने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है।

पंचायत तंत्र-रायपुर । विधायक व शासन में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि राम मंदिर के निर्माण का सही मायने में सपना कांग्रेस व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही देखा था. 1986 में इसका शिलान्यास कर शुरुआत भी कर दी थी. इसके बाद राजीव गाँधी के हत्या हो जाने का फायदा उठा कर भाजपा आज तक राम मंदिर निर्माण को अपना वोट बैंक का ही एक मात्र माध्यम बना कर राजनीति करते रही ।
विकास उपाध्याय ने कहा उच्चत्तम न्यायालय राम मंदिर निर्माण को लेकर निर्णय नहीं देती तो भाजपा आगे भी इस मुद्दे को अपने राजनीतिक फायदे के लिए ही उपयोग करते रहती. विकास ने कहा अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण यदि आज होने जा रहा है, तो कांग्रेस पार्टी इसके लिये पहला हकदार है. ये बात और है कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए राम मंदिर को कभी मुद्दा नहीं बनाया, जबकि भाजपा नेताओं की जुबानी से भी ये बात पूरे सोशल मीडिया में सुनी जा सकती है कि राम मंदिर निर्माण के पहले प्रणेता व असली हीरो राजीव गाँधी ही थे ।
विकास उपाध्याय ने कहा कि पहली बार 1986 में जब फ़ैज़ाबाद के ज़िला जज ने विवादित रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद को लेकर कोर्ट से फ़ैसला सुनाया तो राजीव गांधी ने ही इस विवादित स्थल का ताला खुलवाया था और इसके बाद राम मंदिर बनाये जाने शिलान्यास भी किया. आज अयोध्या में इसका निर्माण करने पुनः यदि शिलान्यास हो रहा है तो एक तरह से उच्चतम न्यायालय ने राम मंदिर को लेकर अब राजनीति न करने की सिख दी है. विकास उपाध्याय कहते हैं कांग्रेस पार्टी चूंकि अयोध्या में राम मंदिर बनाये जाने पहली बार राजीव गाँधी के हाथों आधारशिला रखी थी तो हम सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश का पालन किये जाने का जश्न मना रहे हैं. विकास उपाध्याय ने बताया कि राजीव गाँधी का राम मंदिर का निर्माण का सपना अब जाकर पूर्ण हुआ है तो पूरे शहर को उनके द्वारा बैनर पोस्टर से सजाया जा रहा है और 5 अगस्त को इसे लेकर विशेष तरह का कार्यक्रम भी किया जाएगा ।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने किया सदन का निरीक्षण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं करने अधिकारियों को दिए निर्देश

पंचायत तंत्र- रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत आज विधानसभा परिसर पहुंचे. डॉ. महंत ने विधानसभा परिसर में सदन का निरीक्षण किया. डॉ. महंत ने देश एवं प्रदेश में कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में सदन एवं विधानसभा परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग एवं केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा कोरोना काल के निर्धारित प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन करने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं करने अधिकारियों को निर्देश दिए ।
डॉ. महंत ने कहा कि वर्तमान समय में कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए जो भी आवश्यक सावधानी हो उसका भी पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए. उन्होंने निर्देश दिए कि सत्र अवधि में सदन एवं परिसर को प्रतिदिन सेनेटाइज किया जाए. इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव चन्द्र शेखर गंगराड़े एवं लोक निर्माण विभाग, सिविल तथा विद्युत/यांत्रिकी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे ।
बता दें कि प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 25 अगस्त से 28 अगस्त तक आहूत किया गया है.

पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी में लॉडाउन के बीच तय समय में आवश्यक वस्तुओं की दुकान व सब्जी बाजार खुलने के दौरान लोगों की भारी भीड़ आज भी देखने को मिली। जिला प्रशासन ने बकरीद के पूर्व 29 जुलाई से 1 अगस्त तक आवश्यक वस्तुओं के साथ किराना दुकान खोलने की अनुमति दी गई थी और आज से सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें व सब्जी व फल बाजार ही पूर्व की तरह खुलने थे, लेकिन 3 अगस्त को रक्षाबंधन होने के कारण लोग जरूरी वस्तुओं के साथ राखी व मिठाई के लिए भी घरों से निकल रहे हैं। मांग को देखते हुए कई जगह किराना, मिठाई दुकानें भी खुलीं, वहीं राखी के स्टाल भी खुले रहे। व्यापारिक संगठनों ने जिला प्रशासन से इन दुकानों को सोमवार तक खोलने की अनुमति मांगी है, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । भाजपा सरकार के केंद्रीय शिक्षा नीति में 34 साल बाद बदलाव पर तीखा हमला करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी वरिष्ठ प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने मोदी सरकार पर अनेक सवाल खड़े करते हुए कहा कि यह बदलाव देश के युवाओं के साथ छलावा है. देश की भावी पीढ़ी 21वी सदी के भारत को गुमराह करने वाला निर्णय है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने कहा कि मानव संसाधन मंत्रालय ( एचआरडी ) का नाम बदलकर शिक्षा मंत्रालय कर दिया गया है. मोदी सरकार योजनाओं के नाम बदल कर देश की जनता को दिग्भ्रमित करना चाहती है. 10 + 2 मैट्रिक की पात्रता होती थी जिसे खत्म कर दिया गया है जो किसी भी सरकारी नौकरी के लिए प्रथम प्राथमिकता होती थी. नए आदेश में इन तथ्यों का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है, मतलब स्पष्ट है कि देश मे अब शिक्षित, ना कहलाये बेरोजगार . यह है मोदी सरकार की नयी शिक्षा नीति का एजेंडा. जिस प्रकार बेरोजगारी के आंकड़े प्रस्तुत करने वाले विभागों पर पाबंदी लगा दी गई है उसका यह पार्ट 2 है.
तिवारी ने कहा कि एक ओर मोदी सरकार राष्ट्र पुनर्निर्माण और विश्व गुरु की बात करती है, वही दूसरी ओर अंग्रेजी जैसे विषय की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया है जबकि अंग्रेजी वैश्विक उच्चारण की भाषा है. भाजपा सरकार देश के भविष्य से जुड़े हुए निर्णयों पर संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन नहीं कर रही है, शिक्षा नीति के बदलाव पर भारत के ढाई लाख पंचायतों सात हज़ार ब्लॉक केंद्रों, सर्वदलीय सुझाव क्यों नहीं मांगा गया.
कांग्रेस प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि शिक्षा पद्धति, कौशल विकास, रोजगार मुल्क शिक्षा, वैज्ञानिकता को दरकिनार करते हुए यह निर्णय मोदी सरकार ने देश पर थोपा है, जिससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ को लेकर आने वाली पीढ़ी भाजपा और मोदी सरकार को कभी माफ नहीं करेगी.

पंचायत तंत्र- रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर को पत्र लिखकर उनके द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिए गए विभिन्न निर्णयों के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि मेरे द्वारा किये गए आग्रह पर आपके द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को अनुदान सहायता उपलब्ध कराने के लिए नवीन योजना, उनके बच्चों की लंबित छात्रवृत्ति दिये जाने और प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए जो त्वरित कार्यवाही की गई है, उसकी मैं सराहना करती हूं।
राज्यपाल ने पत्र के माध्यम से ईद-उल-जुहा, रक्षाबंधन एवं भुजलिया पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है- ईद के पावन पर्व पर तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति की राशि उपहार स्वरूप दी है, इसके लिए मैं वन मंत्री श्री अकबर को बधाई देती हूं।

उन्होंने कहा है- आपके द्वारा मुझे पत्र के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को शैक्षणिक वर्ष 2017-18 और वर्ष 2018-19 के लंबित छात्रवृत्ति की राशि जारी करने की, तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार के मुखिया के मृत्यु होने पर तथा विकलांगता की स्थिति में अनुदान सहायता देने के लिए नवीन विभागीय योजना प्रारंभ करने की जानकारी दी है। साथ ही पत्र में यह बताया है कि तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन वर्ष 2018 हेतु प्रोत्साहन पारिश्रमिक की राशि वितरण का निर्णय लिया जा चुका है, जिसका शीघ्र वितरण किया जाएगा। आपके एवं आपके विभाग द्वारा उठाया गया कदम प्रशंसनीय है। मुझे विश्वास है कि भविष्य में भी तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं उनके परिजनों को विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित गति से मिलता रहेगा।

पंचायत तंत्र- रायपुर । एक लोहा चोर को पुलिस ने पकड़ा. इसके बाद 4 पुलिसकर्मी उसे गाड़ी में बिठाकर थाने लाए, फिर उसे कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी थी. लेकिन इसी बीच उस आरोपी में कोरोना के कुछ लक्ष्ण दिखे जिसके बाद उसका कोरोना टेस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव मिला. इसके बाद हड़कंप मचा हुआ है ।
पूरा मामला मनेंद्रगढ़ के आरपीएफ थाने का है. जहां अब हड़कंप मचा हुआ है. लेकिन मामला यही खत्म नहीं होता है. मनेंद्रगढ़ आरपीएफ थाने में मरीज मिलने के बाद पोस्ट सील कर दिया गया है ।
लेकिन अब तक वहां के केवल 4 स्टॉफ का ही कोरोना टेस्ट हुआ है. बाकी स्टॉफ क्वारेंटाइन पर है. लेकिन कोरोना टेस्ट के लिए मनेंद्रगढ़ जिला प्रशासन और वहां का स्वास्थ्य विभाग टेस्ट के लिए चक्कर लगवा रहा है ।
शुक्रवार और शनिवार को आरपीएफ के कुछ स्टॉफ अपना कोरोना टेस्ट करवाने के लिए भटकते रहे. अच्छी बात ये है कि जिन 4 स्टॉफ का कोरोना टेस्ट कराया गया है उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है ।
लेकिन अभी भी वे क्वारेंटाइन है. इसी बीच खबर ये है कि आरपीएफ स्टॉफ को रेलवे प्रशासन की तरफ से भी किसी भी प्रकार की मदद नहीं मिल रही है ।
इसके अलावा आरपीएफ थाने भी अच्छे तरीके से सैनेटाइज न किए जाने की बाते सामने आ रही है. यही कारण है कि आरपीएफ स्टॉफ काफी डरे हुए है ।
आरोपी को बिलासपुर के रेलवे कोर्ट में भी पेश किया जाना था, लेकिन रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आरोपी से जुड़े दस्तावेज बिलासपुर रेलवे मजिस्ट्रेट सर्व विजय अग्रवाल की कोर्ट में पेश किए गए, जहां से मजिस्ट्रेट ने आरोपी को जमानत दे दी और अभी आरोपी का इलाज जारी है ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । भगवान राम के ननिहाल चंदखुरी का सौंदर्य अब पौराणिक कथाओं के नगरों जैसा ही आकर्षक होगा। राजधानी रायपुर के निकट स्थित इस गांव के प्राचीन कौशल्या मंदिर के मूल स्वरूप को यथावत रखते हुए, पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी राम वन गमन पथ विकास परियोजना में शामिल चंदखुरी में यह पूरा कार्य 15 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा ।
योजना के मुताबिक चंदखुरी में मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा परिसर विकास का कार्य दो चरणों में कार्य पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 6 करोड़ 70 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 9 करोड़ 8 लाख रुपए खर्च होंगे। योजना के मुताबिक चंदखुरी को पर्यटन-तीर्थ के रूप में विकसित किया जाना है, इसलिए वहां स्थित प्राचीन कौशल्या माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विकास भी किया जाएगा। तालाब का सौंदर्यीकरण करते हुए के मध्य में स्थित मंदिर-टापू को और भी आकर्षक तथा सुव्यवस्थित किया जाएगा ।
पौराणिक कथाओं से चंदखुरी के संबंध के अनुरूप पूरे परिसर के वास्तु को डिजाइन किया गया है। तालाब मंदिर तक पहुंचने के लिए तालाब में नये डिजाइन का पुल तैयार किया जाएगा। तालाब में घाटों और चारों और परिक्रमा-पथ का निर्माण किया जाएगा। दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है। इस पूरे परिसर में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी ।
बीते 22 दिसंबर को चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए भूमि-पूजन किया गया था। इसके साथ ही राम वन गमन पथ पर पड़ने वाले महत्वपूर्ण स्थलों के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की परियोजना की भी शुरुआत कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 29 जुलाई को अपनी धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और परिवार के सदस्यों के साथ चंदखुरी पहुंचकर प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इस दौरान उन्होंने मंदिर के विस्तार और परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए तैयार परियोजना की जानकारी ली थी। बघेल ने निर्देशित किया था कि मंदिर के मूल स्वरूप को यथावत रखते हुए यहां आनेवाले श्रद्धालुओं का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर मंदिर के पास से बायपास सड़क निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही ग्रामीणों की सहुलियत को देखते हुए चंदखुरी में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने के निर्देश जिला अधिकारियों को दिए हैं।