Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र- रायपुर । अंबिकापुर की बहुचर्चित पंकज बेक आत्महत्या मामले में एक साल पहले टीआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था. जिन्हें अब निलंबन से मुक्त करते हुए राजधानी रायपुर में नई पदस्थापना दी गई है. डीजीपी डीएम अवस्थी ने आदेश जारी किया है ।
बहाल किये गये पुलिसकर्मियों में टीआई विनीत दुबे, उप निरीक्षक मनीष यादव, उप निरीक्षक प्रियेश जॉन, आरक्षक दीनदयाल सिंह, लक्ष्मण राम कुजूर शामिल है. इससे पहले सभी पुलिसकर्मी सरगुजा में तैनात थे ।
बता दें कि चोरी के मामले में पंकज बेक को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई थी, पुलिस जहां से भागकर अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में युवक ने खुदकुशी कर ली थी. हालांकि साल भर बाद भी यह केस सुलझा नहीं है ।
देखें आदेश


पंचायत तंत्र- रायपुर । करोना संक्रमण से पुलिस जवानों, जेलों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों को कोरोना संक्रमण से बचाने तथा आवश्यक वस्तु मुहैया कराने के लिए गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपर मुख्य सचिव गृह सुब्रत साहू को निर्देश दिए हैं. मंत्री साहू ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के दौर में पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी फ्रंट लाइन वारियर्स हैं जो लोगों से सीधे संपर्क में आते हैं. ऐसे में संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है. इसी तरह जेलों में भी संक्रमण का ज्यादा खतरा रहता है. इसे ध्यान में रखते हुए कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय अपनाने को कहा गया है ।
गृहमंत्री साहू ने विभाग के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू को निर्देशित किया है कि कोरोना संक्रमण से पुलिस बल को बचाने के लिए सुरक्षा संबंधी आवश्यक वस्तुएं मुहैया कराई जाए. कार्यालयों में फेस मास्क के उपयोग के साथ ही नियमित रूप से कीटाणु नाशक स्प्रे किए जाएं और सोशल-फिजिकल डिस्टेंस का पालन कराया जाए. उन्होंने कहा है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के संबंध में समय-समय पर शासन द्वारा जार दिशा-निर्देशों का पालन कराया जाए ।
मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा है कि सभी इकाई प्रमुखों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन द्वारा जारी निर्देशों के पालन के लिए कर्मचारियों को निर्देशित करें. उन्होंने प्रदेश के जिलों में संभावित संक्रमण को रोकने के लिए बंदियों तथा वहां के अधिकारियों-कर्मचारियों को अंदर जाने से पहले जेलों में नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं संक्रमण रोकने के लिए पूर्व में जारी निर्देशानुसार सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा है. मंत्री साहू ने अपर मुख्य सचिव से कहा है कि वे कोरोना संक्रमण से पुलिस जवानों, जेल कर्मियों एवं उनके परिजनों को बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने पुलिस महानिदेशक एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जेल को निर्देशित करें ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़। बिलासपुर के तखतपुर में हुए 50 गायों की मौत मामले में प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने सरपंच, सचिव, जनपद सदस्य के खिलाफ FIR दर्ज करने की बात कही हैं। मंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है यहां पुराने पंचायत भवन में करीब 100 गायों को एक साथ रखा गया था। भवन में एक साथ इतने सारे गायों को रखने के कारण दमघुटने से 50 गायों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है गायों के लिए खाने-पीने के साथ हवा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते गायों की मौत होना बताई जा रही है। बहरहाल इस मामले में अब केस दर्ज कर आरोपी पाए जाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत तंत्र- रायपुर । भारत सरकार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी गाईडलाईन अनुसार जिला रायपुर मे नगर पालिक निगम,रायपुर अन्तर्गत कचना रेल्वे फाटक के पास,कविता नगर,गणेश नगर,ढेबर पिंक सिटी के पास गायत्री नगर,खम्हारडीह बस्ती,राठौर कॉलोनी भावना नगर और एटीएम चौक ग्लोबल टावर और खुशी वाटिका,एवेन्यु-144 मेड़ीशाइन हॉस्पिटल के सामने,वल्लभ नगर और मारुति रेजीडेंसी थाना न्यू राजेन्द्र नगर में नया कोरोना पॉजिटिव केस पाये जाने के फलस्वरुप उक्त क्षेत्रो को कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है।अपर कलेक्टर ने इन क्षेत्रो में परिसीमाये निर्धारित कर विभिन्न गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
कन्टेनमेंट जोन के अंतर्गत प्रवेश अथवा निकास हेतु केवल 01 द्वार होगा। जिसमें तैनात पुलिस अधिकारी, फिजिकल डिस्टेंसिग सुनिश्चित करते हुए मेडिकल इमरजेंसी या आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हेतु आवागमन करने वाले सभी व्यक्तियों का विवरण एक रजिस्टर में दर्ज लिया जाएगा। कन्टेनमेंट जोन अंतर्गत सभी दुकानें, ऑफिस एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान आगामी आदेश पर्यन्त पूर्णतः बंद रहेंगें। प्रभारी अधिकारी द्वारा कन्टेनमेंट जोन में होम डिलीवरी के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति उचित दरों पर सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी हेतु विधिवत परिवहन अनुमति इंसीडेंट कमांडर द्वारा दी जाएगी। कन्टेनमेंट जोन अंतर्गत सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर अन्य किन्हीं भी कारण से कन्टेनमेंट जोन या मकान के बाहर निकलना प्रतिबंधित रहेगा। केवल मेडिकल इमरजेंसी की दशा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर के द्वारा पास जारी कर इंसीडेंट कमांडर को सूचित किया जाएगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में संलग्न व्यक्ति फिजिकल डिस्टेंसिग तथा सेनिटाईजेशन सुनिश्चित करते हुये कन्टेनमेंट जोन में प्रवेश कर सकेंगें। अन्य किसी भी व्यक्ति को कन्टेनमेंट जोन से बाहर निकलना अथवा अन्दर आना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कन्टेनमेंट जोन में उपरोक्तानुसार लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने हेतु संबंधित थाना प्रभारी उत्तरदायी होगे। कन्टेनमेंट जोन में शासन की गाईडलाईन अनुसार व्यवस्था बनाये रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायपुर के द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा संबंधित क्षेत्र में शासन के निर्देशानुसार कान्टेक्ट ट्रेसिंग, स्वास्थ्य निगरानी तथा सैम्पल की जांच इत्यादि आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।

पंचायत तंत्र-रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सवेरे यहां सोनाखान भवन में छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के नव-नियुक्त अध्यक्ष गिरीश देवांगन के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देवांगन को नया दायित्व मिलने और आज उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक, राज्य खाद्य एवं आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार सर्वश्री विनोद वर्मा, प्रदीप शर्मा, राजेश तिवारी और रुचिर गर्ग तथा छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक समीर विश्नोई उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र- रायपुर । ‘गोधन न्याय योजना’ के विज्ञापन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के सवाल उठाए जाने पर प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे और वन मंत्री मो. अकबर ने घेरा है. मंत्री द्वय ने कहा कि रमन सिंह तो अपने कार्यकाल में विज्ञापन घोटाले के शहंशाह रहे हैं, और उन्होंने सारी लोक मर्यादाएं तथा संसदीय नियमों को बलाए-ताक रख के खर्च किया था ।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे और वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि 15 साल के मुख्यमंत्री को यह सामान्य समझ होनी चाहिए कि विज्ञापन का खर्च किसी जनहितकारी योजना की शुरूआत में आवश्यक होता है. यह खर्च शासकीय कार्यकलापों की पारदर्शिता तथा जनशिक्षा के रूप में भी उपयोगी होता है, ताकि जनता ऐसी योजनाओं का लाभ उठा सके. अभी तो योजना का आगाज हुआ है और जो संतुलित व्यय हुआ है, उसे योजना के पहले दिन गोबर खरीदी के आंकड़े से जोड़ना निहायत ही घटिया मानसिकता का प्रतीक है ।
कृषि मंत्री और वन मंत्री ने कहा कि रमन सिंह ने तो इस बात का आज तक जवाब नहीं दिया है कि चुनाव वर्ष में जनसम्पर्क विभाग का बजट डेढ़ गुना से अधिक करते हुए 250 करोड़ रुपए क्यों किया था, और भयंकर भर्राशाही करते हुए पारित बजट से भी लगभग दोगुना 400 करोड़ रुपए की राशि किस हिसाब से खर्च की थी. आज डेढ़ साल बाद भी ऐसे अनेक लेनदार निकलकर आ रहे हैं, जिन्हें न तो कोई कार्यादेश दिया गया था और न ही कोई प्रशासकीय स्वीकृति ली गई थी ।
मंत्री द्वय ने कहा कि रमन सिंह को इस बात का हिसाब देना चाहिए कि उन्होंने बाड़ी से तेल निकालने के नाम पर कितने करोड़ का विज्ञापन दिया था, और कितने रूपए का तेल निकाला. थोथी संचार क्रांति के नाम पर कितने करोड़ों का विज्ञापन दिया था. स्मार्ट फोन बांटने के नाम पर करोड़ों का विज्ञापन दिया, नया रायपुर, कमल विहार, स्वाई वाॅक, एक्सप्रेस-वे, मड़वा ताप बिजलीघर आदि अनेक जनविरोधी योजनाओं पर कितने करोड़ रूपए प्रचार-प्रसार में खर्च हुए ।
रविन्द्र चौबे और मोहम्मद अकबर ने कहा है कि रमन सिंह ने खुद की छवि चमकाने के लिए ब्रांडिंग के नाम पर करोड़ों रूपए फूंक दिए. विदेशी निवेश लाने के नाम पर आपने अरबो रूपए फूंक दिए, लेकिन निवेश कितना आया रमन सिंह जी? छत्तीसगढ़ की जनता पूछ रही है. गरीबों के हित की योजना पर सवाल उठाना तो आपकी और आपकी पार्टी की आदत है. आपका हर बयान यह बता रहा है कि आप गांव, गरीब, किसान विरोधी हैं. आप कितना भी दुष्प्रचार कीजिए नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का काम ग्रामीणों, किसानों के दम पर हम आगे बढ़ाते रहेंगे ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । राजधानी रायपुर के गुरूनानक स्थित नवोदिता गर्ल्स स्कूल को क्वारंटाइन सेंटर बनाए जाने का विरोध कई व्यापारी संघ एवं वहां के स्थानीय निवासियों ने किया है. जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर कहा कि क्षेत्र में लगभग निवेदिता स्कूल से आसपास रहवासी क्षेत्र केलकर पारा, गंज पारा, राठौर चौक, मौदहापारा आदि क्षेत्र से लगभग 500 मीटर में फैला हुआ है. साथ ही यहां पर छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन एवं फनीचर का कारोबार भी किया जाता है, जिसमें रायपुर के अलावा पूरे छत्तीसगढ़ के व्यवसाय यहां सामग्री खरीदने आते हैं तथा लगभग 500 परिवार निवासरत है तथा उन्हें उन्हें घर से आवश्यक वस्तु पूर्ति के लिए बाहर निकलना पड़ता है, जिससे तेजी से संक्रमण फैलने आशंका है ।
विगत दिनों मांगड़ा पारा में एवं अभी कल केलकर पारा में करोना पॉजिटिव पाया गया, जिससे वह गली लॉकडाउन कर दी गई. ऐसी परिस्थिति में निवेदिता स्कूल को क्वारंटाइन सेन्टर बनाया जाना स्थानीय निवासियों व्यापारियों की जान से खेलने के बराबर है. स्थानीय निवासियों, व्यापारी संगठन रायपुर, मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन गंज नगरी, स्टेशन रोड व्यापारी संघ, गुरू नानक चौक व्यापारी संघ स्कूल को क्वारंटाइन सेंटर बनाए जाने का पुरजोर विरोध किया है. सभी व्यापारी संघ ने प्रशासन से अपील की है कि क्वारंटाइन सेंटर रायपुर के बाहर किसी मैरिज पैलेस एवं स्कूल के आजू-बाजू कोई बस्तियां नहीं है ऐसे खुले स्थल में बनाया जाए, ताकि स्थानीय निवासरत एवं अन्य स्वस्थ्य लोग इससे प्रभावित न हो सके ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मेड़पार में स्थानीय व्यक्तियों द्वारा एक बंद कमरे में रखे जाने से करीब 47 गायों की मृत्यु की घटना की जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. इस घटना में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा जाएगी ।
राज्य सरकार द्वारा सुराजी गांव योजना के तहत बनाए जा रहे गौठान, रोका-छेका अभियान और गोधन न्याय योजना का उद्देश्य पशुधन की सुरक्षा है न कि पशुओं को किसी भी तरह की हानि पहुंचाना. इस संबंध में सभी ग्राम पंचायतों को पूर्व में ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए है ।
तखतपुर के मेड़पार गांव में पशुओं की मौत की खबर का रोका छेका अभियान से कोई संबंध नहीं है. राज्य में रोका छेका अभियान विगत 30 जून को समाप्त हो गया है और रोका छेका अभियान के तहत जानवरों से फसलों को बचाने के लिये उन्हें खुले वातावरण में गौठान में रखे जाने के निर्देश दिए गए थे ।
इस घटना में स्थानीय व्यक्तियों ने पशुओं को एक भवन में बंद कर के रख दिया. यह ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित गोठान नहीं था. यह व्यवस्था गोठान की मूल परिकल्पना के ही विपरीत है और ऐसी घटनाओं से बचने के लिये ही सुराजी ग्राम योजना के तहत हर ग्राम पंचायत में तीन एकड़ शासकीय भूमि में खुले वातावरण में गोठान बनाये जा रहे हैं ।
यह दुर्घटना इस बात की आवश्यकता को और प्रतिपादित करती है कि पशुओं की सुरक्षा के लिये गौठान कितने जरूरी है. कुछ समाचार माध्यमों में गलत तथ्य प्रचारित किये जा रहे है इससे बचना चाहिए ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । ट्रांसपोर्ट नगर से ट्रेलर वाहन सहित सरिया चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चार में तीन आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं. आरोपियों के पास से चोरी के बाद सरिया बिक्री से मिली आठ लाख रुपए नगदी जब्त किया गया है. मामले में अभी भी एक आरोपी फरार है ।
प्रार्थी ट्रेलर मालिक और चालक भूरा कुमार किरार ने थाना कबीर नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जून को रायगढ से आगे डब्बू कंपनी से 34 टन सरिया ट्रेलर में लोड कर लेकर सोलापुर (महाराष्ट्र) के लिए निकला था, और रात को टाटीबंध स्थित अपने घर में रूका था. 28 जून की सुबह देखा कि उसकी ट्रेलर खड़े किए गए स्थान पर नहीं थी. आसपास पता करने पर कोई जानकारी नहीं मिली. इस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना कबीर नगर में अपराध पंजीबद्ध किया गया ।
ट्रेलर वाहन एवं उसमें लोड़ सरिया चोरी के प्रकरण की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सायबर सेल एवं थाना कबीर नगर की संयुक्त टीम का गठन किया गया. टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से लेकर अम्बाला, पंजाब तक लगभग 1400 किमी तक के सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों एवं टोल के कैमरों का अवलोकन करते हुये जांच आगे बढ़ाई. इसी दौरान तकनीकी विश्लेषण में आरोपियों की उपस्थिति तरनतारन, पंजाब में मिली. अम्बला गई पुलिस टीम तरनतारन जाकर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरू की. आरोपियों को इस बात की भनक लगते ही पंजाब से भागकर राजनांदगांव जिले के चिचोला में अपने एक परिचित के घर छिप गये ।
आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी दूसरी टीम को आरोपियों के चिचोला राजनांदगांव में छिपने की जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर टीम ने राजनांदगांव में एक कबाड़ी के घर से आरोपी जयवीर सिंह उर्फ वीर, लखबीर सिंह उर्फ लक्खा, राजकुमार सिंग एवं सोनू राजपूत उर्फ भूपेन्द्र सिंग को पकड़कर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने घटना को कारित करना स्वीकार किया. आरोपियों ने बताया कि ट्रेलर वाहन एवं उसमें लोड़ सरिया को चोरी कर पंजाब ले जाते समय रास्ते में चिचोला राजनांदगांव में सोनू राजपूत उर्फ भूपेन्द्र सिंह के पास 2 मीट्रिक टन सरिया बेच दिया था, और ट्रेलर वाहन एवं लोड़ शेष सरिया को अमृतसर, पंजाब में राजकुमार सिंह के पास बेचने के लिए दे दिया था ।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से सरिया बिक्री की नगदी 8,00,000 रुपए, 2 मीट्रिक टन सरिया और 3 मोबाइल फोन कुल कीमत 9,20,000 रुपए जब्त किया है. आरोपी जयवीर सिंह उर्फ वीर एवं लखबीर सिंह उर्फ लक्खा दोनों नशे के आदि हैं. जयवीर सिंह उर्फ वीर थाना मेहता जिला अमृतसर पंजाब से धारा 302 भादवि. के प्रकरण में वर्तमान में फरार चल रहा है. दोनों आरोपी पूर्व में रायपुर में ट्रक चलाने का कार्य कर चुके हैं. आरोपी राजकुमार सिंह एवं सोनू राजपूत उर्फ भूपेन्द्र सिंह को चोरी का माल खरीदने पर धारा 411 भादवि के तहत् गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है ।
आरोपियों को गिरफ्तार करने व माल बरामद करने में निरीक्षक एलपी जायसवाल थाना प्रभारी कबीर नगर, सउनि नरेश देवांगन, सउनि किशोर सेठ, प्रआर. मोह कय्यूम, मार्तण्ड सिंह, आर प्रमोद बेहरा, आशीष राजपूत एवं वीरेन्द्र बहादुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामले पर सीएम भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है. भूपेश ने कहा कि फिलहाल छत्तीसगढ़ की स्थिति दिल्ली, मुंबई जैसी नहीं है. यहां जरूर मामले बढ़े हैं लेकिन बेड और उपचार की पूरी व्यवस्था है. सरकारी अस्पतालों के साथ प्राइवेट हॉस्पिटल्स में भी इंतजाम किए जा रहे हैं. इसके बाद भी अगर जरूरत पड़ती है तो होम आइसोलेशन पर विचार किया जाएगा. दो जिलों में ऐसा किया भी गया है. रायपुर और दुर्ग में अनुमति दी गई है ।
छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर भूपेश बघेल बोले कि जो मामले सामने आए हैं वह लॉकडाउन के पहले के हैं. फिलहाल कुछ जिलों में 14 दिन और कुछ जिलों में 7 दिन लॉकडाउन किया गया है. रायपुर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. यहां 6 दिन लॉकडाउन के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी. उसके बाद ही आगे लॉकडाउन को लेकर निर्णय लिया जाएगा ।
रमन सिंह की नियत ठीक नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के लगातार चिट्ठियों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि डॉ रमन सिंह सुझाव भी देते हैं तो हम उसे गंभीरता से लेते हैं. वे आलोचना भी करते हैं तो उसे गंभीरता से लेते हैं. लेकिन उनकी नियत वैसी होती नहीं है ।
सांसद सरोज पर कसा तंज, भाई से मोलभार की परंपरा नहीं
सरोज पांडे के दूसरे पत्र पर सीएम ने कसा तंज है. छत्तीसगढ़ में बहनें राखी बांधने के बाद उपहार नहीं मांगती. यह प्रदेश की परंपरा नहीं है कि राखी बांधने के बाद भाई से मोलभाव करें ।
सीएम शिवराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं. इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सावधानी ही कोरोना से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है. मैं शिवराज सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं ।