Browsing: रायपुर

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । कोरोना वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है. आज कोरोना संक्रमति एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व वकील की मौत हो गई. मृतक कांग्रेस नेता का नाम प्रदीप उपाध्याय है । 
जानकारी के मुताबिक, 13 जुलाई को प्रदीप में सर्दी, खांसी का लक्षण दिखा था. इसके बाद उन्हें एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था. कोरोना पॉजिटिव होने के कारण उनके दोनों फेफड़े निमोनिया से बुरी तरह संक्रमित हो गए थे. डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. आज सबुह 5 बजे उन्होंने अंतिम सांसे ली । 
मृतक कांग्रेस नेता प्रदीप उपाध्याय
बताया जा रहा है कि प्रदीप उपाध्याय के मित्र की रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी. जिससे वह डर गया था और 8-9 दिन तक अपना टेस्ट नहीं कराया था. वे घर में हो बंद हो गए थे. बीते शनिवार को जब लक्षण ज्यादा दिखा, तब अस्पताल में भर्ती हुए थे । 
दुखद खबर मिलने के बाद प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने शोक जताया है. संदेश जारी कर कहा कि परिजनों को इस कठिन दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करे । 
 

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । किसान ’पैडी ट्रांसप्लांटर’ से धान की रोपाई आसानी से कर सकते है। इसके उपयोग से न्यूनतम लागत और कम समय में अधिक उत्पादन ले सकते है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम मानिकपुर, रिसेवाड़ा और श्रीगुहान के किसानों के खेतों में कृषि अभियांत्रिकी व कृषि विज्ञान केन्द्र के मार्गदर्शन में लगभग 25 एकड़ में पैडी ट्रांसप्लांटर से धान रोपाई का कार्य बड़ी ही सरलता से किया गया। किसान बालमुकुन्द ने बताया कि पैडी ट्रांसप्लांटर से धान रोपाई बहुत ही आसान है। मैट टाइप नर्सरी तैयार करने में मात्र दो मजदूरों के साथ 18 दिन में ही नर्सरी तैयार हो गई। वहीं ग्राम अंजनी निवासी उजियार सिंह वट्टी द्वारा महज 5 घंटे में दो मजदूरों के साथ एक एकड़ में धान रोपाई का काम पूर्ण कर लिया गया। इस विधि से न्यूयतम लागत और कम समय में अधिक उत्पादन लिया जा सकता है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार के नवीन फसल प्रदर्शन योजना के तहत पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से किसानों के खेतों में नर्सरी तैयार व रोपाई कर प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके लिए सरकार द्वारा किसानों को प्रति एकड़ 3 हजार रूपए अनुदान का प्रावधान है। अधिकारियों ने बताया कि इस विधि द्वारा एक एकड़ में धान रोपाई का कार्य मात्र 2 से 3 घंटे में पूरा हो जाता है और साधारण खेती की अपेक्षा लागत भी कम आता है। साथ ही उत्पादन में 10-12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी भी होती है।
 
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार के मनाही के बावजूद निजी स्कूल संचालक पालकों से फीस की वसूली कर रहे हैं. मामले की शिकायत के बाद भी संचालकों पर कार्रवाई नहीं हो रही है. सरकार ने फीस वसूलने से मना तो किया है लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं कर पा रही हैं. ये बातें राजधानी के पालकों ने कही है. अब एक परेशान पालक ने स्कूल के खिलाफ बाल आयोग दिल्ली में शिकायत की है. उन्होंने अपने शिकायत में कहा कि भारतीय विद्या भवनस, आरके सारदा ग्रुप रायपुर ने फीस जमा करने पर मेरे बच्चे को प्रताड़ित कर रहे हैं. आनलाइन पढ़ाई से बाहर कर दिया है, क्योंकि मैंने स्कूल की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी।
पालकों ने कहा कि प्रदेश सरकार, शिक्षा विभाग के आदेश की खुलेआम उल्लघंन हो रही है. मामले की शिक्षा विभाग में दर्जनों बार शिकायत की गई,  घेराव व प्रदर्शऩ किया गया. जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है. इसके बाद भी शिक्षा विभाग निजी स्कूलों के सामने नतमस्तक है. आदेश उल्लघंन के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है. पालकों पर दबाव बनाकर फीस वसूला जा रहा है. अभी बच्चे घर में है, स्कूलों में ताला लटका है. इसके बाद भी स्कूल संचालक लायब्रेरी व वाहन का फीस वसूल रहे हैं।
पालक संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर,छतीसगढ़ और जिला शिक्षा अधिकारी, रायपुर,छतीसगढ़ का यह स्पष्ट निर्देश है कि लॉकडाउन अवधी में फीस जमा करने के लिए स्कूलों के द्वारा पालकों पर दबाव नही बनाया जाए और ऑनलाईन क्लासेस के फीस की भी मांग नहीं किया जाए, यदि कोई निजी विद्यालय इन निर्देशो का पालन नहीं करता है तो उस विद्यालय के खिलाफ विश्व आपदा प्रबंधन की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी, लेकिन आज तक ऐसे दर्जनों स्कूलों की शिकायत सबूत के साथ कई बार की गई है. लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. एनसीपीसीआर दिल्ली को सर्कुलर 21 अप्रैल 2020 की कंडिका दो में यह स्पष्ट लिखा है कि फीस जमा नहीं करने पर भी बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता है. शिक्षा बच्चों का मौलिक अधिकार है और फीस जमा नहीं कर पाने के कारण उन्हें शिक्षा से वंचित करना गंभीर अपराध है।
 

 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी रायपुर और बिरगांव में लॉकडाउन के दौरान 3 बजे तक ही बैंक खुलेंगे। प्रशासन ने रायपुर और बिरगांव के लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
आपको बता दें कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दोनों जगहों पर एक सप्ताह का लॉकडाउन लगाया गया है। प्रदेश में लगातार कोरोना के संक्रमण बढ़ते जा रहे हैं।

 
 
 पंचायत तंत्र- रायपुर । घर के भीतर जन्म दिन मनाने के जुर्म में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें 4 युवतियां और 5 युवक शामिल हैं। मामले में पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई किया है।
मामला ख्महारडीह थाना इलाके का है,जहां स्टील सिटी के मुख्य् द्वार के बाहर एक फ्लैट में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि यहां रहने वाली एक युवती का आज जन्मदिन है। फ्लैट में युवकों को देखकर कॉलोनी के किसी व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 4 युवतियों और 5 युवकों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाना में बंद कर दिया। गिरफ्तार किये गए सभी युवाओं के ऊपर पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।
हालांकि खुद पुलिस का बयान है कि सभी युवा एक दूसरे के दोस्त हैं और एक युवती का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए सब इकट्ठा हुए थे। हम युवाओं की फोटो को धुंधला करके लगा रहे हैं, ताकि उनकी पहचान उजागर न हो।
सवालों के घेरे में पुलिसिया कार्रवाई
अब पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्या घर में जन्मदिन मनाना कोई अपराध है ? अगर लॉक डाउन का किसी ने उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ फिर महामारी एक्ट की जगह प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई क्यों की जा रही है ? ऐसा कौन सा संज्ञेय अपराध ये युवा करने जा रहे थे जिसे रोकने के लिए पुलिस ने धारा 151 का इस्तेमाल किया ? पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अगर वे गहरे अवसाद में चले जाते हैं तो फिर उसका जिम्मेदार कौन होगा ।
 
सारी रात काटनी पडे़गी हवालात में
गिरफ्तार किये गए किसी भी युवा का कोई भी अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वे सभी अच्छे घरों से ताल्लुक रखते हैं। 151 के तहत उन पर कार्रवाई की गई है। जिसकी वजह से अब उन्हें सारी रात थाना के हवालात में गुजारने पड़ेगा। शुक्रवार को उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जा सकते हैं गहरे अवसाद में
सब जानते हैं कि जन्मदिन मनाना कोई अपराध नहीं है। लेकिन लॉक डाउन के दौरान उन्होंने ऐसा किया है लिहाजा उनके खिलाफ महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती थी। जबकि पुलिस ने उन पर 151 की कार्रवाई की, और अब उन्हें रात भर हवालात में रखा जाएगा। जिससे उनके मन पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़ सकता है। जो कि मानसिक तौर पर उन्हें अस्थिर कर सकता है। सभ्य समाज में किसी की गिरफ्तारी अच्छी नहीं मानी जाती, वह भी किसी युवती के लिए… भारतीय समाज में इसे अच्छा नहीं माना जाता और ऐसे युवतियों को हिकारत की नजर से देखा जाता है। इसकी समाज में चर्चाएं और निंदा भी होती है। लिहाजा उऩ्हें डिप्रेशन के दौर से भी गुजरना पड़ सकता है।
जानिये क्या है धारा 151
दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 151, यह स्पष्ट करती है आखिर वो क्या शर्तें हैं जिनके तहत एक पुलिस अधिकारी, किसी व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के आदेश के बिना और बिना वारंट के गिरफ्तार कर सकता है। गौरतलब है कि वह इस धारा के अंतर्गत गिरफ्तारी केवल तभी कर सकता है जब उसे किसी संज्ञेय अपराध करने की परिकल्पना का पता चलता है। ऐसी शक्ति के प्रयोग के लिए एक और शर्त यह है कि गिरफ्तारी केवल तभी की जानी चाहिए जब संबंधित पुलिस अधिकारी को यह प्रतीत होता है कि अपराध का किया जाना (कमीशन) अन्यथा रोका नहीं जा सकता है अर्थात बिना व्यक्ति को गिरफ्तार किये, अपराध का कारित होना रोका नहीं जा सकेगा।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी रायपुर में कोरोना वायरस की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रहा है. आम लोगों के साथ ही पुलिसकर्मियों में भी संक्रमण तेजी से फैल रहा है. अब सीएसपी कोतवाली का चालक आरक्षक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. बड़ी बात ये है कि गुरुवार को चालक सीएसपी के साथ ड्यूटी में था ।
जानकारी के मुताबिक सीएसपी का चालक पुलिस लाइन में रहता है. किसी कारण से वह चार दिन के लिए छुट्टी पर घर गया था और कल ही वापस ड्यूटी पर लौटा था. जिसके बाद वो दिनभर सीएसपी के साथ ही था. चालक के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसके प्राइमरी कॉन्टेक्ट में आए सभी लोगों का टेस्ट होगा. सीएसपी कोतवाली भी कोरोना जांच कराएंगे ।
 

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । आरटीआई कार्यकर्ता और काँग्रेस नेता संजीव अग्रवाल ने बयान जारी कर कहा कि रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर राजनीति करना बहन सरोज पांडे को शोभा नहीं देता. अव्वल तो छत्तीसगढ़ में राजनीतिक स्थिरता के लिए जूझ रही भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के पास कहने को कुछ नहीं है, लेकिन मौजूदा हालात में कुछ प्रयत्नशील नेता और नेत्री मीडिया की सुर्खियाँ बने रहने के लिए कुछ न कुछ करते रहते हैं. भले ही उन्हें किसी का आईडिया चुराना पड़े. जी हाँ! मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि छत्तीसगढ़ की भाजपा नेत्री और राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे, मनेंद्रगढ़ की महिलाओं का आईडिया चोरी करते हुए मुख्यमंत्री को राखी भेजी है और बदले में शराबबंदी की मांग की है ।
ज्ञात हो कि मनेंद्रगढ़ में एक मुहिम के तहत कुछ महिलाओं ने मेडिकल कॉलेज (जो कि काफी समय से लंबित है) की मांग के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राखी भेजी थी और बदले में मेडिकल कॉलेज जल्द से जल्द बनवाने की मांग की थी ।
संजीव अग्रवाल ने कहा कि शराबबंदी की मांग जायज़ है और शराब बंदी केवल एक राज्य में ही नहीं अपितु संपूर्ण देश में होनी चाहिए. जिसके लिए सांसद को चाहिए कि अपने भाई, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके चाणक्य देश के गृहमंत्री अमित शाह को यह प्रस्ताव देते हुए कहें कि शराबबंदी से संबंधित एक विधेयक संसद में पास करवा कर इसे कानून की संज्ञा दें, ताकी देश में न शराब बने ना, शराब बिके. क्योंकि शराबबंदी तो गुजरात में भी लागू है, लेकिन क्या वहाँ शराब नहीं मिलती? यह एक बड़ा प्रश्न है ।
जहां एक तरफ अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, तो उन्हें चाहिए कि लोकसभा और राज्यसभा से शराबबंदी पर एक बिल पास करवा कर इसे कानून की शक्ल दें ताकि संपूर्ण देश में शराब बंदी लागू की जाए. बहन सरोज पांडे को अपने भाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी राखी के बदले इस बड़े उपहार को मांग कर पूरे देश की जनता का कल्याण करना चाहिए. यकीन मानिए बहन आप आगामी समय में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री कैंडिडेट का नया चेहरा हो सकती हैं अगर आपने यह कार्य कर लिया तो ।
 

 
 
 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने सरोज पांडे से पूछा है कि 15 लाख सबके खातों में, दो करोड़ रोजगार, हर साल किसानों की आय दुगुनी करने और स्वामिनाथन कमेटी की सिफारिशें लागू करने को लेकर बहन सरोज पांडे ने अपने भाई नरेन्द्र मोदी और भाई अमित शाह को राखी क्यों नहीं भेजती ? बहन सरोज पांडे ने भाई रमन सिंह को राखी क्यों नहीं भेजी  ।
जब छत्तीसगढ़ में रमन सिंह ने सारी महिलाओं का भाई बनकर चुनाव के पहले राशन कार्ड बांटे और चुनाव खत्म होने के बाद राशन कार्ड की जांच के नाम पर माताओं-बहनों को रमन सिंह सरकार ने अपमानित किया, तब सरोज पांडे कहां थी ? तब बहन सरोज पांडे ने रमन सिंह को राखी क्यों नहीं भेजी प्रदेश की जनता जानना चाहती है ।
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि बहन सरोज पांडे से छत्तीसगढ़ की जनता पूछना चाहती है कि 15 साल तक अपने भाई रमन सिंह को कितने वादे याद दिलाये? 15 मौके थे बहन सरोज पांडे के पास रमन सिंह को राखी भेजने के. 300 रूपये बोनस 5 साल तक, 2100 रूपये धान का समर्थन मूल्य, हर आदिवासी परिवार से एक व्यक्ति को नौकरी, हर आदिवासी परिवार को 10 लीटर दूध देने वाली जर्सी गाय, 5 हार्स पॉवर पंपों को मुफ्त बिजली की याद दिलाने बहन सरोज पांडे ने रमन सिंह को राखी क्यों नहीं भेजी ? यह छत्तीसगढ़ के लोग जानना चाहते हैं ।
राखी के अवसर पर बहन सरोज पांडे यह भी बता दें कि उन्होंने मोदी और शाह को कब राखी बांधा, कब याद दिलाया 15 लाख देने का वादा. इनमें से कुछ भी तो नहीं किया नरेन्द्र मोदी ने. सरोज पांडे दिल्ली में सांसद हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आवास भी दिल्ली में है. राखी के अवसर पर सरोज पांडे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास में जाकर इन बातों को पूरे करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कहना चाहिए ।
 
 

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । गोधन न्याय योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डाॅक्टर रमन सिंह ने एक बार फिर सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट कर सरकार के आर्थिक प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं. अपने ट्वीट में रमन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- इस योजना का नाम ‘प्रचार-प्रसार न्याय योजना ज्यादा उचित लग रहा है ।
डाॅक्टर रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि- सरकार का अविश्वसनीय, अकल्पनीय आर्थिक प्रबंधन देखिए कि एक दिन में दो हजार क्विंटल मतलब 4 लाख रूपए का गोबर खरीदा और विज्ञापन व प्रचार-प्रसार में करोड़ों रूपए खर्च कर दिए ।
यह पहला मौका नहीं है जब रमन सिंह ने गोधन न्याय योजना पर सवाल उठाए हो. दो दिन पहले किए गए अपने एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि- ‘कालीन के नीचे की सच्चाई बस यही है, हकीकत में तो कागजों में ही तरक्की है. भूपेश जी आत्ममुग्धता से बाहर निकलिये और खुली आंखों से योजनाओं की सच्चाई देखिए. नरवा-घुरवा से लेकर रोका-छेका तक सारी योजनाएं सिर्फ सफेद हाथी ही हैं जो ‘जमीन’ की जगह सिर्फ ‘विज्ञापन’ तक पहुंची हैं ।
रमन ही नहीं, बल्कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल सरीखे वरिष्ठ नेता भी गोबर खरीदी की योजना पर सरकार पर सवाल उठा चुके हैं. हालांकि बीजेपी के इन तमाम बयानों से कांग्रेस इत्तेफाक नहीं रखती. कांग्रेस का कहना है कि यह बीजेपी की सियासत है ।
 
 
 

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । कोरोना लॉकडाउन के दौरान राजधानी रायपुर के दूसरे नंबर पर सबसे अधिक कोरोना प्रभावित भांठागांव इलाके में पुलिस ड्रोन कैमरे से लोगों पर नजर बनाई हुई है. बेवजह घर से बाहर निकलने वाले पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है. भांठागांव गांव वही इलाका है, जहां अब तक 47 कोरोना मरीज मिल चुके हैं. रायपुर में सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या मंगलबाजार इलाके में हैं, यहां बड़ी संख्या में करोना पॉजिटिव मरीज निकले है ।
दरअसल 22 जुलाई से 28 जुलाई तक रायपुर में लॉकडाउन लगाया गया है. यही वजह है कि कंटेन्मेंट इलाकों में पुलिस कल से ज्यादा आज सख्ती दिखा रही है. ड्रोन कैमरे की नजर से निगरानी रखी जा रही है. साथ ही पुलिस की एक बंद गाड़ी गलियों में जाकर साउंड सिस्टम के सहारे लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दे रही है ।
सीएसपी मनोज ध्रुव ने बताया कि कंटेनमेंट इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही है. घर से बेवजह बाहर निकलने वालों को बार-बार समझाइस दी जा रही है. यदि फिर भी नहीं समझते है, तो सीधे एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है ।