Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र- रायपुर । सरकार ने तीन आईएएस अफसरों के प्रभार में बदलाव किये गए हैं. आईएएस अवनीश शरण को राज्य कौशल विकास अभिकरण के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. अवनीश अब संचालक तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण के साथ-साथ राज्य कौशल विकास अभिकरण की जिम्मेदारी दी गई है ।
2003 बैच के आईएएस नीलेश क्षीरसागर को छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. आईएएस नीलेश संचालक, कृषि के साथ-साथ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SLRM) के मिशन संचालक के साथ-साथ भंडार गृह निगम का काम देखेंगे ।
आईएएस एलेक्स पॉल मेनन को छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के प्रबंध संचालक के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है. आईएएस एलेक्स पॉल मेनन विशेष सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक का काम संभालेंगे ।


पंचायत तंत्र- रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और छत्तीसगढ़ में किसान सत्याग्रह के प्रणेता बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की 18 जुलाई को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के योगदान को याद करते हुए बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनमानस को जागृत करने में ‘बाबू साहब‘ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में शोषण और अन्याय के विरूद्ध किसानों ने ‘ कंडेल नहर सत्याग्रह’ किया। प्रदेश में स्वतंत्रता आंदोलन की अलख जगाने में उनकी अहम भूमिका रही है। बघेल ने कहा कि माटीपुत्र बाबू साहब के विचार हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

पंचायत तंत्र-रायपुर । राजधानी रायपुर में कोरोना संक्रमण विकाल रूप लेता जा रहा है. हर दिन नए संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं. जिसे देखते हुए राजभवन में 31 जुलाई तक सभी सौजन्य भेंट स्थगित कर दी गई है. आवश्यक होने पर नागरिक राजभवन सचिवालय में पत्र भेजकर या दूरभाष पर विषय से अवगत करा सकते हैं. साथ ही ईमेल भी किया जा सकता है. राज्यपाल अनुसुईया उईके ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है ।
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कहा है कि अभी पिछले कुछ दिनों से पूरे प्रदेश सहित राजधानी रायपुर में संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है, इसलिए नागरिक विशेष सावधानी बरतें जब भी घर से बाहर निकले तो मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें. भीड़-भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें. अनावश्यक घर से बाहर न निकले. अपने बुजुर्गों और बच्चों का विशेष रूप से ध्यान रखें ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी के मौदहापारा थाना क्षेत्र में एक व्यापारी ठगी का शिकार हुआ है. कैमरा रिपेयरिंग कराने के लिए व्यापारी ने इंटरनेट से कोरियर सेंटर का नंबर निकालकर कॉल किया. सेंटर में कॉल करने पर 5 रुपए का टोकन मनी लगाने की बीत कही गई और व्यापारी ने ऑनलाइन पेमेंट कर दिया. इतना ही नहीं फोन पर आए ओटीपी भी सर्विस सेंटर को दे दिया. जिसके बाद व्यापारी के बैंक खाते से 1 लाख 10 हजार रूपए पार हो गया ।
मौदहापारा पुलिस के मुताबिक आरडीए बिल्डिंग में इलेक्ट्रॉनिक दुकान का संचालन करने वाले राजेश खेमानी को कैमरे का एसेसिरिज बीटीएच कोरियर के माध्यम से महाराष्ट्र भेजना था. इसके लिए उसने कोरियर कंपनी का इंटरनेट के माध्यम से फोन नंबर निकालकर फोन किया था. अज्ञात मोबाइल धारक ने सर्विस उपलब्ध कराने की बात कहकर खेमानी को 5 रुपए का टोकन मनी लगने की बात कही. इसके लिए उसने व्यापारी को एक लिंक भेजा. उस लिंक पर क्लिक कर व्यापारी ने 5 रुपए का पेमेंट कर दिया ।
इसके कुछ देर बाद उसके मोबाइल फोन पर एक ओटीपी आया, जिसे उसने अज्ञात मोबाइल धारक को शेयर कर दिया. फिर पेटीएम के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में व्यापारी के खाते से 1 लाख 10 हजार पार हो गया. पुलिस का कहना है कि इसमें बाहरी गिरोह का ही हाथ है. व्यापारी की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । राजधानी के सबसे पुराने बाजारों में से एक गोलबाजार के दिन बहुरने वाले हैं। पूरी तरह से अव्यवस्थित इस बाजार को व्यवस्थित करने की कवायद निगम ने शुरु कर दी है। इस बाजार की सड़कों को चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे की लोगों को असुविधा न हो और जाम की स्थिति न बने। ड्रेनेज सिस्टम, लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि बारिश का पानी आसानी से ड्रेन हो सके। इसके साथ ही यहां वर्षों से जमे व्यापारियों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक भी दिया जाएगा ।
गोलबाजार के 968 व्यापारियों में से सभी की बैठक चरणों में 50 -50 व्यापारियों के समूह में महापौर, राजस्व विभाग अध्यक्ष, उपायुक्त बाजार, जोन 4 कमिश्नर, जोन सहायक राजस्व अधिकारी की उपस्थिति में लेंगे एवं व्यापारियो की सभी शंकाओं का समाधान करके अगले तीन -चार दिनों के भीतर बैठक लेकर उनकी सहमति के आधार पर राजधानी शहर के गोलबाजार को स्मार्ट बाजार बनाने एवं व्यापारियों को मालिकाना हक देने की दिशा में लोककल्याण की दृष्टि से नगर निगम के माध्यम से आगे कार्य किया जायेगा।

पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत गुरुवार को 13 जिलों में दूसरी ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई. इससे एक दिन पहले 14 जिलों में लॉटरी निकली थी. एक जिला पेंड्रा-गौरेला-मरवाही के पालकों को अभी इसका इंतजार करना पड़ेगा. यहां आज लॉटरी निकाली जाएगी. जिनका चयन नहीं हुआ है, वो दोबारा आवेदन कर सकते हैं । शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रदेश भर के 27 जिलों में 6 हजार 194 स्कूल है, जिनके लिए 77 हजार 832 आवेदन भरे गए हैं. इन स्कूलों में कुल 78 हजार 478 आरटीई सीट है. जिसमें से 52 हजार 639 सीटों पर लॉटरी निकाली जा चुकी है यानी आवेदन चयनित हो चुके है, जबकि 16 हजार 984 सीट अभी तक आंबटन नहीं हुआ है. भर्ती के लिए दिए गए आवेदनों में 3 हजार 920 आवेदन रद्द भी हुए है
लोक शिक्षण संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि अभी तक जिन अभिभावकों ने आवेदन नहीं किया है या जिनके आवेदन रद्द हो गए हैं, वो दूसरे स्कूलों के लिए आवेदन कर सकते हैं. पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिर से आवेदन लिया जाएगा. हमारी कोशिश है कि इस योजना का गरीब परिवारों को फायदा मिले ।
देखिए जिलेवार आंकड़ा, कहां कितने हुए चयनित

पंचायत तंत्र-रायपुर। कोरोना वायरस की चपेट में आने से समाज का कोई वर्ग नहीं बचा है. सबसे ज्यादा खतरा अग्रिम मोर्चा में तैनात स्वास्थ्य कर्मी और पुलिस वाले हैं. भनपुरी यातायात थाना में तैनात तिलक राम भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिनके स्वस्थ होकर काम में वापस लौटने पर यातायात पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर और अन्य स्टाफ ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
भनपुरी यातायात थाना में तैनात आरक्षक तिलकराम ने 24 जून को सर्दी-खांसी की शिकायत पर एम्स में कोरोना टेस्ट कराया था. 26 जून को कोरोना पॉजिटिव आने पर इलाज के लिए एम्स में भर्ती हुए. स्थिति सम्हलने के बाद 2 जुलाई को एम्स से डिस्चार्ज किया. इसके बाद 14 दिन होम क्वॉरेंटाइन में रहने के बाद आरक्षक तिलकराम गुरुवार को ड्यूटी ज्वाइन किया।
आरक्षक तिलक राम के साथ कोरोना के खिलाफ जंग में अग्रिम मोर्चा पर तैनात अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के यातायात पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर व अन्य स्टाफ ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया. इस अवसर पर ‘कोरोना से डरना नहीं, इसे हराना है’ की अपील की. साथ ही मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलने, सैनेटाइजर का प्रयोग करने, बार-बार साबुन या हैंडवाश से हाथ धोते रहने और सामाजिक एवं भौतिक दूरी बनाए रखने को लेकर अपील की गई।

पंचायत तंत्र-रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. आए दिन यहां अपराधिक घटनाएं घट रही है. बीती देर रात उरला के कन्हेरा रोड पर एक ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी गई है. मृतक के माथे और नाक के बीच में चोट के निशान मिले है. ऐसा लग रहा है कि किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है. उरला पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर मृतक ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
एडिशनल एसपी तारकेश्वर पाटेल के मुताबिक उरला थाना क्षेत्र के कन्हेरा रोड पर ट्रक में ड्राइवर की लाश बरामद हुई है. पहले हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन मृतक के शव से उसका मोबाइल और पैसा सब मिला है. इसीलिए अब मामला संदिग्ध होते जा रहा है. ड्राइवर की मौत संदिग्ध लग रही है, इसीलिए हर पहलू से जांच की जा रही है ।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच में पता चला मृतक ट्रक ड्राइवर 14 तारीख को गोंदद्वारा से उरला स्थित घड़ी पाउडर के फैक्ट्री में ट्रक लोड करने निकला था. शव का शिनाख्त धमतरी निवासी 45 वर्षीय उदल सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी के आमानाका थाना इलाके से कुछ दिन पहले चोरी हुई ट्रक को पुलिस ने बरामद करने के साथ ही एक अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है. रायपुर से चोरी हुआ ट्रक जगदलपुर में मिला है. आरोपी वहां अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था और ट्रक की पहचान उजागर न हो सके, इसलिए ट्रक को दूसरे रंग से पेंट करा दिया था ।
आमानाका पुलिस के मुताबिक तीन दिन पहले टाटीबंध चौक के पास ड्राइवर खाली ट्रक खड़ा कर अपने घर चला गया था. दूसरे दिन वापस आकर देखा, तो ट्रक गायब मिला. पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने बारीकी से मामले की जांच की, तो पता चला कि पीड़ित का दोस्त जयदीप सिंह घटना के बाद से फरार है. संदेह होने पर उसकी तलाश की गई, तो कोण्डागांव में पाया गया. जयदीप से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने ट्रक चोरी करना काबूल कर लिया ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वो अपने दोस्त को उसके घर छोड़ने गया था. इसी दौरान मौका पाकर ट्रक का चाबी चोरी कर लिया और ट्रक लेकर रायपुर से जगदलपुर चला गया. जगदलपुर में ट्रक को दूसरे रंग से पेंट कराकर ट्रक को गैरेज के बाहर खड़ा कर वह कोण्डागांव स्थित अपने किराए के मकान में आ गया, जहां वह अपनी पत्नी को रखा है. आरोपी की निशानदेही पर ट्रक को बरामद कर लिया गया है ।
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय आरोपी जयदीप सिंह मूलत: पंजाब का रहने वाला है. हाल में टाटीबंध के आमानाका में रहता है. फिलहाल पुलिस ने आमानाक थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 379 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । निगम-मंडलों की सूची को लेकर पहले ही कहा था कि पार्टी के लिए जिन्होंने 15 सालों से संघर्ष किया है, हम उन बड़े चेहरों को मौका देंगे, और उन्ही चेहरों को भी हाईकमान ने स्वीकृति दी है. दूसरी सूची के जरिए हम क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन बनाने का प्रयास करेंगे. यह बात निगम-मंडल की सूची को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कही ।
पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा कि दूसरी सूची के लिए भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की जाएगी. वहीं पार्टी में असंतुष्ट लोगों को मनाने को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी व निगम-मंडलों में सीमित पद है. हमारे पास लाखों कार्यकर्ता हैं, जो बड़े चेहरे हैं, उनको हमने मौका दिया है. लेकिन कोई असंतुष्ट होता हैं कि उसे जगह नहीं मिल पाई है, हम उनके लिए भी कोशिश करेंगे कि वे सत्ता में या संगठन में हो. आने वाले दिनों में विस्तार होना तय है. हमारी कोशिश रहेगी कि कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले ।
प्रदेश कार्यकारिणी की गुरुवार को होने वाली बैठक को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों की मुख्य बैठक राजीव भवन में होगी, जिसमें जिला कार्यकारिणी का गठन, ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के अलावा अगस्त में 22 जिलों में जिला कांग्रेस कमेटी का कार्यालय बनाए जाने हैं, उसके बारे में समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही सरकार की योजनाओं को संगठन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचाया जा सके, इसे लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संगठन को निर्देश देंगे ।
विधायक जुनेजा ने जताया आभार
निगम-मंडल की सूची में नाम शामिल किए जाने पर विधायक कुलदीप जुनेजा ने आभार जताया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने छोटे से कार्यकर्ताओं को बहुत बड़ी जवाबदारी दी है, मैं पूरी कोशिश करूंगा कि इस जवाबदारी को ईमानदारी से निभाऊं. मुख्यमंत्री की मंशा है कि हमारे प्रदेश में गरीब एवं मध्यम वर्गीय उनकी समस्याओं का निराकरण सबसे पहले करना चाहिए. हाउसिंग बोर्ड के अधूरे प्रोजेक्ट और अधूरे कार्य को पूरा करने की कोशिश करेंगे. मध्यमवर्गीय परिवार को कहां मकान मिल सकता है, उसका भरपूर प्रयास करेंगे.