Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

रायपुर । बहुचर्चित पीडीएस घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज किये गए एफआईआर को लेकर सीएम भूपेश बघेल का महत्वपूर्ण बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि इसमें बड़ा रैकेट काम कर रहा था।
भूपेश बघेल ने कहा कि हम लोग शुरू से कह रहे थे कि जब छत्तीसगढ़ में 56 लाख परिवार 2011 के जनसंख्या अनुसार निवास करते हैं तो फिर 72 लाख राशन कार्ड कैसे बन गया. यह सवाल विधानसभा में भी उठाते रहे हैं. आधार कार्ड के हिसाब से भी राशनकार्ड बनाए हैं तब भी 72 लाख नहीं पहुँचता. इसका मतलब घोटाला हुआ है. नान के गोडाउन से राशन निकला है. यह किसको गया है. यह जांच का विषय है. इसमें बड़ा रैकेट काम कर रहा था. परतें खुलेगी. इसमे बड़े लोग ही शामिल हो सकते है. बिना उसके सरंक्षण के कैसे संभव हो सकता है।

रायपुर । आबकारी विभाग ने नई गाइड लाइन जारी की है. बार खोलने के लिए सरकार ने आधे घंटे की राहत देते हुए 10.30 बजे की बजाए अब 11 बजे तक खोलने की अनुमति प्रदान की है. वहीं थ्री स्टार से ऊपर के रेस्टोरेंट बार रात 12 बजे तक खुले रहेंगे. इसके अलावा हाइवे के किनारे के बार पर लगी रोक भी हटाई गई है ।
नई गाइड लाइन में समय पर पाबंदी कम किए जाने के बाद बार और क्लब के लिए लाइसेंस फीस बढ़ाई गई है. क्लब के लिए फीस को 11 लाख रुपए से बढ़ाकर 20 लाख रुपए किया गया है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बार खोले जाने की समय सीमा को बढ़ाए जाने पर कहा कि आबकारी विभाग ने गाइड लाइन कुछ सोच-समझ कर जारी किया होगा. नियम के विपरित अगर किसी भी अधिकारी ने काम किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।

रायपुर। देश भर में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस की महामारी के चलते राज्य सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी देवी दर्शन पर प्रतिबंध और मेला को स्थगित कर दिया गया है. यहां डोंगरगढ़ स्टेशन पर ट्रेनें भी नहीं रूकेंगी. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में 60 बिस्तर का नया अस्पताल भी तैयार किया है. प्रदेश में कोरोना से निपटने के लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में हर साल लगने वाला मेला को स्थगित कर दिया गया है. मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है. रोप-वे संचालन भी बंद कर दिया गया है. इसके साथ ही स्पेशल ट्रेनों के संचालन और ट्रेनों के स्टॉपेज नहीं करने का निर्णय लिया गया है. यह निर्णय से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन कोरोना वायरस से निपटने के लिए यह निर्णय जरूरी है।
वहीं कोरोना वायरस के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल में 60 बिस्तर का एक नया अस्पताल बनाकर तैयार किया है. हालांकि छत्तीसगढ़ में अभी तक कोरोना से एक भी व्यक्ति पीड़िता नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 450 मरीजों की इलाज करने की व्यवस्था है. साथ ही 1500 संदिग्ध मरीजों को रखने की व्यवस्था भी है और क्षमता के अनुसार इस पर बढ़ोत्तरी भी की जा रही है. इसलिए प्रदेशवासियों को सतर्कता बरतने की जरुरत है. यदि कोरोना एक भी व्यक्ति में फैला, तो स्थिति को संभालना मुश्किल हो जाएगा।



रायपुर। कांग्रेस नेता रमेश वर्ल्यानी को स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेशन पर भेज दिया है. वर्ल्यानी 70 लोगों के साथ दुबई से लौटे हैं. वर्ल्यानी के अलावा दुबई से लौटे दर्जनों लोगों को भी आइसोलेशन पर रखा गया है ।
दुबई से लौटने की बात भी वर्ल्यानी ने रायपुर एयरपोर्ट पर छिपाई थी. उनके दुबई से लौटने की खबर लल्लूराम डॉट कॉम पर आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था. आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी वर्ल्यानी समेत दुबई से लौटे लोगों से संपर्क किये और उनका चेकअप करने के बाद उन्हें होम आइसोलेशन पर भेज दिया ।
अब खबर यह भी है कि वर्ल्यानी ने एयरपोर्ट पर दुबई से लौटने की बात न सिर्फ छिपाई थी बल्कि वहां से लौटने के बाद वे कई मंत्रियों के बंगले भी गए थे. अब इस पूरे मामले में जब हम स्वास्थ्य अधिकारियों से बात करने के लिए उन्हें फोन किया तो किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया ।
आपको बता दें देश में कोरोना के मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एडवायजरी जारी की थी, जिसमें विदेश से लौटे लोगों को स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने के लिए साफ तौर पर कहा गया था. इसके साथ ही सीएम भूपेश बघेल ने भी कहा है कि 1 जनवरी के बाद विदेश से वापस लौटे लोग विदेश दौरे की जानकारी न छिपाएं और स्वास्थ्य विभाग को इसके बारे में बताएं ।

रायपुर । तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने बुधवार को प्रदेश के सभी 28 जिलों में कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर बकाया महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने की मांग की है ।
कर्मचारी नेता विजय झा ने बताया कि जहां केंद्रीय कर्मचारियों को 21 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को मात्र 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है. यही नहीं पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में 17 प्रतिशत महंगाई भत्ता है. कमर्चारियों का कहना है कि उनका जुलाई 19 और जनवरी 20 का बकाया 9 प्रतिशत भत्ता देने की मांग करेंगे ।

रायपुर । भूपेश कैबिनेट की बैठक 19 मार्च को आयोजित की गई है।जानकारी के मुताबिक बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री निवास में रखी गई है। मिली जानकारी के अनुसार बैठक में विधेयकों पर चर्चा होगी। साथ ही विभागीय कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे।

रायपुर । बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के मकसद से पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा छात्राओं के लिए सरस्वती साइकिल योजना की शुरुआत की गई थी। इसके सुपरिणाम भी सामने आ रहे थे।बेटियों की शिक्षा का प्रतिशत तो बढ़ ही रहा था,परीक्षा परिणामों में भी वे अग्रणी हो रही थी। परंतु कांग्रेस सरकार बनने के बाद यह योजना खटाई में पड़ गई है। विधानसभा में वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल द्वारा इस संबंध में उठाए गए सवाल के जवाब पर शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने जो लिखित जवाब दिया है वह बेहद चौंकाने वाला है। उन्होंने बताया कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना सत्र 2019-20 में 28 जिलों की किसी भी पात्र छात्रा को साइकिल नही दी जा सकी है। इस जानकारी पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बेटियों के भविष्य से खिलवाड़ कर यह सरकार कैसा छत्तीसगढ़ गढऩा चाहती है समझ से परे है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बृजमोहन अग्रवाल ने शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम से जानना चाहा कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में प्रदेश की कितनी स्कूली छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल का वितरण किया जाना है? इसकी उन्होंने जिलावार जानकारी चाही तथा 18 फरवरी 2020 तक प्रदेश की कितनी छात्राओं को शासन द्वारा साइकिल प्रदान कर दिया गया है? अगर नहीं किया गया तो उसे कारण क्या है?
इस सवाल के लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षा सत्र के दौरान ही साइकिलों का वितरण कराया जाना होता है। 28 जिलों की कुल 1 लाख 74 हज़ार 652 छात्राएं साइकिल लेने के लिए पात्र है। पर 18 फरवरी सत्र 2019-20 तक किसी भी जिले में साइकिल का वितरण नही हो सका है। कब तक साइकिल का वितरण होगा इसके जवाब में श्री टेकाम ने कहा कि क्रय प्रक्रिया में समय लगने के कारण निश्चित अवधि बता पाना संभव नहीं है।

रायपुर । ऑटो डीलरों की मनमानी का खामियाजा जनता भुगत रही है। ऑटो डीलरों द्वारा रायपुर आरटीओ कार्यालय में आठ हजार बीएस-4 वाहनों का पेपर जमा नहीं किया जा रहा है। आरटीओ पेपर जमा करने को लेकर तीन बार तारीख बढ़ा चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी डीलरों द्वारा पेपर जमा नहीं किया जा रहा है ।
सोमवार को रायपुर आरटीओ कार्यालय में आरटीओ ने ऑटो डीलरों की बैठक लेकर पुराने पेपर को जल्द से जल्द पेपर जमा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आरटीओ ने पुराने पेपर जमा करने की तारीख को बढ़ाकर 23 मार्च कर दिया है। उसके बाद आरटीओ कार्यालय में पुराना पेपर जमा नहीं हो पाएगा। राजधानी में छोटे-बड़े ऑटो डीलर मिलाकर तकरीबन सौ के करीब हैं। ऑटो डीलरों द्वारा एक माह में करीब छह से सात हजार वाहन प्रति माह बेचे जा रहे हैं। ऑटो डीलरों द्वारा गाड़ी तो बेच दी जा रही है, लेकिन उसका पेपर आरटीओ कार्यालय नहीं भेजा जा रहा है। इसका उदाहरण है कि करीब आठ हजार ऐसी गाडिय़ां हैं, जिनका पेपर अभी तक आरटीओ कार्यालय नहीं पहुंचा है। इस कारण इन वाहनों का आरसी बुक नहीं बन पा रहा है। देश भर में बीएस 4 वाहन 31 मार्च तक ही बिकेंगे। उसके बाद इन गाडिय़ों की बिक्री पर रोक लग जाएगी। इससे वाहन लेने वाले को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
एक माह के अंदर मिलनी है आरसी बुक : वर्तमान में वाहन खरीदने के साथ ही वाहन का नंबर तत्काल देना है। उसके एक माह के भीतर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन करवाकर ग्राहक को आरसी बुक देना है। ऑटो डीलर ग्राहक को गाड़ी बेचने के बाद नंबर तो दे देते हैं। ऐसे में वाहन क्रेता नंबर मिलने पर समझता है कि उसको गाड़ी का पेपर भी मिल गया है, जबकि उनके पास गाड़ी की आरसी बुक नहीं रहती है।
31 के बाद नहीं होगा रजिस्ट्रेशन : एक अप्रैल से बीएस 04 वाहनों का पंजीयन बंद हो रहा है। ऐसे में नए बिक्री किए हुए वाहनों का पेपर 31 मार्च तक आरटीओ कार्यालय में पंजीयन हो पाएगा। यदि जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा उन्हें गाड़ी का कागजात नहीं मिल पाएगा। वर्तमान में जिन वाहन स्वामी के गाड़ी का रजिस्ट्रेशन किसी कारण बस नहीं हो पाया है वह आरटीओ कार्यालय में जाकर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराकर आरसी बुक प्राप्त कर सकते हैं।
पुराने पेपर को जमा करने की तारीख को 23 मार्च कर दिया गया है। उसके बाद पुराने पेपर नहीं जमा किए जाएंगे। पेपर जमा करने के लिए हिदायत दे दी गई है।
-शैलाभ साहू, आरटीओ, रायपुर

रायपुर । छत्तीसगढ़ सूबे के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यसभा चुनाव के लिए उन्हें राजस्थान राज्यसभा चुनाव के लिए ऑब्जर्वर बनाया गया है।
बता दें 26 मार्च को राज्यसभा चुनाव होने हैं। देशभर में राज्यसभा की 51 सीटें खाली हो रही हैं। चुनाव में भाजपा-कांग्रेस की सीटें बढ़-घट सकती हैं। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के साथ चुनाव में जुट चुकी हैं। नामांकन भी शुरू हो चुके हैं।

रायपुर । राज्य तकनीकी प्री परीक्षाओं के लिए आज (17 मार्च) से आवेदन की प्रक्रिया शुरु होगी. PET, PPHT, PPT में प्रवेश के लिए मंगलवार से लेकर 12 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे. PET (प्री इंजीनियरिंग टेस्ट) और PPHT (प्री फार्मेसी टेस्ट) की परीक्षा 8 मई और PPT (प्री पॉलिटेक्निक टेस्ट) की परीक्षा 21 मई को आयोजित की जाएगी ।
इसके लिए आप नजदीकी ऑनलाइन कैफे में जाकर ऑनलाइन आवेदन व्यापमं की अधिकृत वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in खोलकर फार्म भर सकते हैं. इन तीनों परीक्षाओं के लिए 12 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन भरे जा सकेंगे ।