Browsing: रायपुर

 panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत अधिकारियों ने आज राजभवन में सौजन्य भेंट की। इन अधिकारियों में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उप-सचिव अश्वनी देवांगन( वर्ष 2018 बैच), नगरीय प्रशासन व विकास विभाग की उप-सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव (वर्ष 2019 बैच) एवं कोरबा नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय (वर्ष 2019 बैच) शामिल थे। इन सभी अधिकारियों को राज्यपाल ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव हिना अनिमेष नेताम (वर्ष 2016 बैच) भी उपस्थित थीं।
 राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन जैन समाज के सदस्य रायपुर तिलोकचंद बरडिया ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर अभय बंसल, अंकुश गोलचा, श्री नरेश नाहर, ललित पटवा भी उपस्थित थे। ईद की बधाई राज्यपाल रमेन डेका ने ईद-उल-फितर के अवसर पर प्रदेशवासियों सहित देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को बधाई व शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि यह पूरे देश में मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। यह पवित्र अवसर हमें एक-दूसरे के साथ एकता, समरसता और सहयोग का अनुभव कराता है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। रमजान के पाक महीने के बाद मनाई जाने वाली ईद-उल-फितर मुसलमानों के लिए एक खास दिन होता है। इस बार देश में ईद का चांद रविवार को दिखाई दिया, जिसके बाद सोमवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ यह त्योहार मनाया जा रहा है। इस मुबारक मौके पर सीजी टेनिस एसोसिएशन के महासचिव और ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने प्रदेशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं।
सद्भावना और प्रेम का प्रतीक है ईद
होरा ने अपने संदेश में कहा, “मैं छत्तीसगढ़ और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को ईद-उल-फितर की बधाई देता हूं। यह पर्व रमजान के पवित्र महीने के दौरान रोजे रखने और इबादत करने के बाद मनाया जाता है। ईद भाईचारे, सहयोग और करुणा की भावना को मजबूत करने वाला त्योहार है, जो सामाजिक बंधन को और अधिक सशक्त बनाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह त्योहार हमें एक शांतिपूर्ण और समृद्ध समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है। ईद सहानुभूति, करुणा और दान की भावना को प्रोत्साहित करने का अवसर भी है। मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, प्रगति और खुशियां लाए और हमें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करे।”
गुरुचरण सिंह होरा ने सद्भाव और एकता को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा,
“आइए, इस ईद के पर्व पर हम सद्भाव और एकता की भावना को अपनाकर अपने समाज को मजबूत करें। यह पर्व हमें उन मूल्यों की याद दिलाता है जो हमारे जीवन को दिशा देते हैं और हमें एक मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में जोड़कर रखते हैं।”
ईद की खुशियों में बसा नेकी और मोहब्बत का संदेश
ईद-उल-फितर न केवल एक धार्मिक त्योहार है, बल्कि यह इंसानियत, मोहब्बत और एक-दूसरे की मदद करने का भी संदेश देता है। रमजान के पूरे महीने रोजे रखने के बाद, यह दिन अल्लाह की नेमतों और रहमतों का जश्न मनाने का अवसर होता है। इस मौके पर गरीबों और जरूरतमंदों को फितरा और दान देने की परंपरा भी है, जिससे समाज में समरसता बनी रहे।
सद्भावना और प्रेम का प्रतीक है ईद
गुरुचरण सिंह होरा के संदेश में ईद का व्यापक सामाजिक और मानवीय महत्व झलकता है। यह त्योहार न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि हमें इस अवसर पर अपने आसपास के जरूरतमंदों का भी ख्याल रखना चाहिए और सहानुभूति, प्रेम और सहयोग की भावना को अपनाना चाहिए।
ईद का यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए – इसी शुभकामना के साथ ईद मुबारक!
 

 panchayattantra24.-रायपुर। बोर्ड परीक्षा खत्म हो गई है. लेकिन परीक्षा देने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों की चिंता खत्म नहीं हुई है. अब वे परिणाम को लेकर कश्मकश में है. ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के मनोदशा को भांप कर शातिर ठग कॉल कर परीक्षा में पास करने के नाम पर उनसे पैसों की मांग कर रहे हैं. माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों ने बताया कि उनकी जानकारी में आया है कि लोगों के पास फर्जी कॉल जा रहा है. परीक्षा परिणाम सुधारने या पास करने के नाम पर उनसे पैसे की माँग की जा रही है. इसके साथ ही अधिकारियों को छात्रों और उनके अभिभावकों को आगाह किया कि बोर्ड परीक्षा में पास कराने के फोन कॉल के झांसे में ना फंसे. ऐसा फोन कॉल आने पर तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करें. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के फोन कॉल से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का कोई संबंध नहीं है. पेरेंट्स और अभ्यार्थी इस तरह के फर्जी कॉल में न फंसे, सतर्क रहे.
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। सीएम विष्णु देव साय ने बीजापुर जिले में एक साथ 50 नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर सुरक्षाबलों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की नई आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति – 2025 के सकारात्मक परिणाम अब ज़मीन पर स्पष्ट दिखने लगे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद के कुचक्र में फंसे लोग अब बंदूक छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं, यह परिवर्तन स्वागतयोग्य है। हमारी सरकार हर उस व्यक्ति के पुनरुत्थान के लिए तत्पर है, जो लाल आतंक छोड़ शांति का रास्ता चुनता है। 
 मुख्यमंत्री साय ने यह भी दोहराया कि यह सफलता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के 2026 तक वामपंथी उग्रवाद के समूल उन्मूलन के संकल्प का ही परिणाम है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना के तहत सुदूर अंचलों में सड़कों का निर्माण, स्कूलों और अस्पतालों की स्थापना ने बस्तर क्षेत्र में सरकार के प्रति विश्वास और उम्मीद की लौ जगाई है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह केवल आत्मसमर्पण नहीं, यह भरोसे की वापसी है। जो कल भय का प्रतीक थे, वे आज भविष्य की उम्मीद बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और नवचेतना के पथ पर आगे बढ़ रहा है। 
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप मार्च 2026 तक वामपंथी उग्रवाद का खात्मा तय है। इसके तहत डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में अब तक 2200 से ज्यादा नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है और आत्मसमर्पण किया है, साथ ही अब तक 350 से अधिक नक्सली मारे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर संभाग के सुदूर अंचलों में हमारी सरकार द्वारा लगातार नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने, नियद नेल्ला नार योजना से सड़क निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से लोगों का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। हमारी सरकार, लाल आतंक का दामन छोड़ शांति के रास्ते पर लौटने वाले इन लोगों के पुनरुत्थान के लिए तत्पर है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर जिले के ग्राम मोहभट्ठा में आयोजित आमसभा और विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में कोसा सिल्क से निर्मित एक विशेष हस्तनिर्मित शॉल भेंट किया, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध बुनाई परंपरा और जनजातीय सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह शॉल न केवल कपड़े का एक सुंदर नमूना है, बल्कि छत्तीसगढ़ की कला, संगीत और जनजातीय अस्मिता का जीवंत दस्तावेज भी है। यह शॉल पूरी तरह हस्तनिर्मित है और इसमें राज्य की स्थानीय बुनकर परंपरा की गहराई को दर्शाया गया है। 
इस शॉल पर बांस से निर्मित पारंपरिक वाद्ययंत्र ‘टोड़ी’ और बस्तर के प्रसिद्ध ‘बाइसन हॉर्न माड़िया नृत्य’ को कढ़ाई के माध्यम से दर्शाया गया है। टोड़ी वाद्ययंत्र छत्तीसगढ़ की जनजातीय जीवनशैली में संगीत का अभिन्न हिस्सा है। वहीं माड़िया जनजाति का यह नृत्य शौर्य, ऊर्जा और सामूहिक एकता की अभिव्यक्ति है। यह शॉल केवल वस्त्र नहीं, बल्कि जनजातीय गर्व, सांस्कृतिक विविधता और शिल्प कौशल की अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किया गया यह कोसा शॉल छत्तीसगढ़ की हुनरमंद बुनकर महिलाओं, जनजातीय समुदायों, और लोक परंपराओं की महत्ता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक भावनात्मक और सशक्त प्रयास है। यह भेंट भारत की विविधता में एकता, और लोककला के माध्यम से जुड़ाव का प्रतीक है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। छग पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन से किए हर वादे को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। नवरात्रि के पहले दिन बिलासपुर में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण मेरे लिए सौभाग्य की बात है। पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मोहभट्‌टा मैदान से 33,799 करोड़ रुपए की परियोजना का शुभारंभ किया। इसमें 540KM की पेट्रोल-डीजल पाइप लाइन प्रोजेक्ट समेत 22 प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। भारत माता की जय, मां महामाया और जय जोहार से सभा की शुरुआत की। 
 सभा में केंद्रीय मंत्री मनोहर खट्टर ने कहा कि ये छत्तीसगढ़ के इतिहास में सबसे बड़ी जनसभा है। 2047 तक देश विकसित राष्ट्र के रूप में जाना जाएगा। वहीं CM विष्णुदेव साय ने कहा कि ऊर्जा, रेलवे, सड़क, आवास और शिक्षा के सेक्टर में 33 हजार 700 करोड़ के प्रोजेक्ट से छत्तीसगढ़ को गति मिलेगी। मंच पर केंद्रीय मंत्री मोहनलाल खट्टर, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, CM विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। माना एयरपोर्ट में पीएम मोदी, अजय चंद्राकर और राजेश मूणत गदगद होते दिखे। यह तस्वीर खूब वायरल हो रहा है। जिसके बाद बिलासपुर में पीएम मोदी ने 33 हजार 700 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा, इसमें गरीबों के घर, स्कूल, रोड, रेल, बिजली, गैस की पाइपलाइन… ये सारे प्रोजेक्ट्स छत्तीसगढ़ के लोगों को सुविधाएं देने वाली है। आप सभी को इस विकास कार्य के लिए बहुत-बहुत बधाई। आप सभी ने अनुभव किया है कि हमारी सरकार कितनी तेजी अपनी गारंटियां पूरी कर रही है। छत्तीसगढ़ की बहनों से जो हमने वादा किया था, वो पूरा करके दिखाया है। धान किसानों से दो साल का बकाया बोनस मिला है। बढ़े हुए एमएसपी पर धान की खरीदी की गई है। इसे लाखों किसान परिवारों को हजारों करोड़ रुपए मिले हैं। कांग्रेस की सरकार में यहां भर्ती परीक्षाओं में भी खूब घोटाले हुए, भाजपा सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में हुए घोटालों को लेकर जांच बैठाई है। हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवा रही है।  इस ईमानदार प्रयासों का ही नतीजा है कि भाजपा पर जनता का भरोसा बढ़ता जा रहा है।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। माना एयरपोर्ट में MP बृजमोहन अग्रवाल ने पीएम मोदी का स्वागत किया। X में सांसद ने कहा , माता कौशल्या की पुण्यभूमि एवं भांचा श्रीराम के ननिहाल में स्वागत, वंदन, अभिनंदन…हिंदु नववर्ष के शुभारंभ और चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन छत्तीसगढ़ में 33,700 करोड़ रुपये की लागत की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण करने पहुंचे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी का रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर स्वागत किया। 
 जिसके बाद रायपुर से बिलासपुर पहुंचे PM मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में माता कौशल्या का मायका है। मेरा सौभाग्य है कि नवरात्र के पहले दिन मैं यहां पहुंचा हूं। छत्तीसगढ़ की राम भक्ति भी अद्भुत है। यहां रामनामियों ने पूरा शरीर भगवान राम को समर्पित किया है। मोदी ने कहा कि मोहभट्टा स्वयंभू महादेव के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ के विकास को गति देने का अवसर मिला है। थोड़ी देर पहले 33 हजार 700 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें गरीबों का घर है, स्कूल है, रोड है, बिजली है, पाइप लाइन है। मोदी ने कहा कि ये सारे प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ के नागरिकों को सुविधा देने वाले हैं। नौजवानों के लिए नए रोजगार बनाने वाले हैं। भारत माता की जय, मां महामाया और जय जोहार से सभा की शुरुआत की।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में मन की बात का श्रवण किया गया। सीएम साय ने कहा, आज मुख्यमंत्री निवास में माननीय केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर , विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह , प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव , कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप जी एवं शक्ति स्वरूपा बेटियों के साथ “मन की बात” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रेरणादायी एवं ओजस्वी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री ने चैत्र नवरात्र एवं हिंदू नववर्ष की बधाई देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने देशवासियों को जल संवर्धन के विभिन्न उपायों को अपनाने, स्कूली बच्चों को समर कैंप के माध्यम से रचनात्मक बनाने, वनोपज महुआ को प्रसंस्करित कर वैश्विक उत्पाद बनाने हेतु प्रेरित किया।
आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिलासपुर की धरती से प्रदेशवासियों को 33,700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में नवगुरुकुल और नेतृत्व साधना केंद्र की बालिकाओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 120वीं कड़ी का श्रवण किया। मुख्यमंत्री साय ने चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर बालिकाओं के साथ आत्मीय संवाद किया और उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम आज देश की जनता को जागरूक बनाने का सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से विशेष रूप से छात्रों और युवाओं को कड़ी मेहनत, नवाचार और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं। यदि हम सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ें, तो समाज और जीवन में बड़ा परिवर्तन संभव है। 
भारतीय संस्कृति, नवाचार और सामाजिक समरसता का संवाहक मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाला मंच है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जनता से सीधे जुड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसमें देश के नवाचार, जन भागीदारी, प्रेरक कहानियाँ, जल संरक्षण, योग, आयुर्वेद और वीर सैनिकों सहित खिलाड़ियों और वैज्ञानिकों के योगदान को उजागर किया जाता है। मुख्यमंत्री साय ने बच्चियों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर अपने सपनों को आकार देने के लिए संकल्पबद्ध होकर आगे बढ़ें। 
नवगुरुकुल और नेतृत्व साधना केंद्र की बालिकाओं से आत्मीय भेंट मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालिकाओं से संवाद करते हुए उनके मेहनत और संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि आप सभी तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी बेटियाँ जीवन में अवश्य सफल होंगी। आप सबकी उपलब्धियों में सहभागी बनना मेरे लिए गर्व का विषय है। बालिकाओं ने भी मुख्यमंत्री साय से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए और मुख्यमंत्री निवास में बिताए गए इन खास पलों को यादगार बताया। 
तकनीकी प्रशिक्षण और प्रशासनिक तैयारी की नई उड़ान  नवगुरुकुल संस्था की छात्रावास अधीक्षिका रेणुका चंदन ने जानकारी दी कि नवगुरुकुल से निकले कई छात्र-छात्राएं आज बैंगलोर और हैदराबाद की प्रमुख आईटी कंपनियों में कार्यरत हैं। इसी तरह नेतृत्व साधना केंद्र में सीजीपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। यहाँ रहने वाले बच्चों को निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा दी गई है। इस वर्ष केंद्र के 11 बच्चों ने पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है और वे अब मुख्य परीक्षा में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि रायपुर जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित नवगुरुकुल संस्थान में बच्चों को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कोडिंग एवं डिकोडिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।