Browsing: रायपुर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव – 2025 के लिए मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तृतीय व अंतिम चरण के अंतर्गत प्रदेश के 50 विकासखंडों में कल वोट डाले जाएंगे। जिस तरह हम मोदी जी की गारंटी के सभी वादों को पूरा कर रहे हैं, ठीक उसी तरह हम ग्रामीण क्षेत्रों के समुचित विकास के लिए जारी कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेंगे। इसलिए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।

सीएम साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत हमने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जरूरतमंदों के पक्के घर के सपने को साकार किया है। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल धान की कीमत देने का वादा पूरा किया है और धान की अंतर की राशि बारह हजार करोड़ रुपए भी जारी कर दी है। महतारी का सम्मान करते हुए हमने महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को अब तक बारह क़िस्त जारी कर दी है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता दे रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत गाँवों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य जोरों पर है। उन्होंने कहा कि हम किसानों, महिलाओं, गरीबों, आदिवासियों, जरूरतमंदों सभी वर्ग की सेवा कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें, उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।

गौरतलब है कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के अंतर्गत कल प्रदेश के 50 विकासखंडों में मतदान संपन्न होना है। जिसके परिणाम 24 फरवरी को घोषित होंगे।

रायपुर। आज छत्तीसगढ़ सरकार की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि बैठक में राज्य की कृषि, वन और वित्तीय योजनाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। सरकार ने राज्य के विकास और किसानों के हित में कई बड़े निर्णय किए हैं, जिनका राज्य पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ेगा। आइए, जानते हैं इन फैसलों के बारे में विस्तार से:

वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए विनियोग विधेयक का अनुमोदन

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक 2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया है, जो राज्य विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट अनुमान के लिए भी विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी गई। यह विधेयक राज्य के आर्थिक विकास के लिए सरकार के खर्च और निवेश की रूपरेखा तैयार करेगा।

कृषि और बीज उत्पादन पर विशेष ध्यान

सरकार ने राज्य के किसानों को उन्नत किस्मों के बीज उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य भंडार क्रय नियम-2002 के नियम 4 में विस्तार किया है। इसके तहत, बीज निगम पंजीकृत बीज उत्पादक किसानों से सीधे बीज का क्रय करेगा। इसके बाद, सहकारी समितियों, नाफेड, और केंद्र-राज्य सरकारों की अन्य बीज उत्पादक एजेंसियों के माध्यम से न्यूनतम मूल्य पर बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की सुलभता सुनिश्चित करना है।

धान की शेष राशि का भुगतान

किसानों के हित में एक और बड़ा कदम उठाते हुए, कैबिनेट ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की शेष राशि का भुगतान करने के लिए 3300 करोड़ रुपये की सरकारी अनुमति को मंजूरी दी। इससे राज्य के किसानों को समय पर उनकी बकाया राशि का भुगतान हो सकेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

वन अधिकारियों के पदों पर पदोन्नति

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ के वन अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 1992 से 1994 बैच तक के भारतीय वन सेवा के अधिकारियों को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (Principal Chief Conservator of Forests) के समकक्ष स्केल प्रदान करने के लिए गैर-कार्यात्मक आधार पर पद सृजन का निर्णय लिया गया। यह निर्णय वन अधिकारियों के करियर विकास और राज्य की वन सेवा के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण है।

लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक-2025 के प्रारूप को भी मंजूरी दी, जो राज्य में लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान और आर्थिक सहयोग प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह विधेयक उन व्यक्तियों के लिए है जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना योगदान दिया है।

स्टांप शुल्क में संशोधन

सरकार ने भारतीय स्टांप अधिनियम-1899 (छत्तीसगढ़ संशोधन) विधेयक-2025 के तहत, बैंक गारंटी से संबंधित विलेखों पर स्टांप शुल्क की दरों को संशोधित करने का निर्णय लिया है। यह संशोधन राज्य की वित्तीय नीतियों को और अधिक पारदर्शी और संगठित बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन

छत्तीसगढ़ विधानसभा के पंचम सत्र, जो फरवरी-मार्च 2025 में आयोजित होगा, के लिए कैबिनेट ने राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन किया। इस अभिभाषण में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों और आगामी योजनाओं का उल्लेख होगा।

सरकार के ये फैसले कृषि, वन और वित्तीय प्रबंधन को और सशक्त बनाएंगे।

किसानों को उनकी फसल के लिए समय पर भुगतान और बीज उपलब्धता में सुधार से कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, वन अधिकारियों के पदोन्नति के साथ वन संसाधनों के प्रबंधन में भी सुधार होगा।

जशपुरनगर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 61 वाँ जन्मदिवस मना रहे हैं। जन्मदिन के इस पावन अवसर पर बगिया में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ। इसमें मुख्यमंत्री, उनकी माता जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ परिवारजनों, स्वजनों एवं बंधु-बांधव भी शामिल हुए और पूरे भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने पूरे विधि विधान से भगवान श्री सत्यनारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश वासियों की सुख- समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

    इस दौरान सांसद राधेश्याम राठिया सहित बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देने आए लोगों ने श्री सत्यनारायण व्रत कथा में बह रही भक्तिरस का आनंद लिया। सत्यनारायण व्रत कथा के उपरांत मुख्यमंत्री ने प्रियजनों के द्वारा लाए गए केक को सबसे पहले अपनी माता को अपने हाथों से खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान यहां पर आए सभी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और जन्मदिन पर बगिया में उनके निज निवास पर आकर बधाई देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित शासकीय बालिका गृह पहुंचकर अपना जन्मदिन नन्ही मुस्कानों के साथ सादगीपूर्वक मनाया। मुख्यमंत्री साय ने अपने विशेष दिन को इन नन्हीं मुस्कानों के साथ साझा कर यह संदेश दिया कि समाज के हर वर्ग की खुशियों में भागीदार बनना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है।

मुख्यमंत्री साय ने बालिका गृह में बच्चियों के संग केक काटा, उनके साथ समय बिताया और उनकी मासूम हँसी और बातों को आत्मीयता से सुना। इस दौरान बच्चियों ने अपनी छोटी-छोटी इच्छाएँ उनके सामने रखीं, जिनमें एक साउंड बॉक्स की माँग भी थी। मुख्यमंत्री ने इसे तत्काल पूरा करते हुए बालिका गृह को यह उपहार भेंट किया।इसके अलावा, उन्होंने बालिका गृह में कंप्यूटर, वॉटर कूलर एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए 10 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की, जिससे यहाँ रह रही बच्चियों की शिक्षा में कोई असुविधा न हो।

*मुख्यमंत्री साय ने स्कूली जीवन की यादें की साझा*

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर अपने स्कूली जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके गाँव का प्राथमिक स्कूल खपरेल वाला था, और बारिश के दिनों में पानी टपकता था। उन्होंने बच्चियों को बताया कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें एक बेहतर छात्रावास और पढ़ाई के लिए अच्छा वातावरण मिला है। उन्होंने बच्चियों को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और समझाया कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने देश-दुनिया के महान व्यक्तित्वों के जीवन संघर्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि संघर्षों से घबराने के बजाय, उन्हें अपनी ताकत बनाना चाहिए। उन्होंने बच्चियों को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहायता देगी।

उल्लेखनीय है कि बालिका गृह में फिलहाल 57 बच्चियाँ रह रही हैं, जहाँ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उन्हें निशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। 

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास देर रात तक उल्लास और स्नेह के वातावरण से भरा रहा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री साय ने सभी आगंतुकों से आत्मीयता से मुलाकात की और स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आप सभी के प्रेम और सहयोग से मैं अभिभूत हूँ। छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है। आपका निरंतर समर्थन और आशीर्वाद इसी तरह बना रहे, यही मेरी कामना है। 

*प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं*

मुख्यमंत्री निवास में मंत्रीगण, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री साय को बधाई दी। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही विधायकगण धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, गजेन्द्र यादव, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, दीपेश साहू और ललित चन्द्राकर ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी।

*प्रदेशभर से उमड़ा शुभकामनाओं का सैलाब*

मुख्यमंत्री साय को प्रदेश के उद्योगपतियों, व्यापारी संगठनों, खेल जगत के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और मीडिया जगत के वरिष्ठ जनों ने भी शुभकामनाएँ दीं। सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाओं का तांता लगा रहा, जहां हजारों लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास और समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश बनाने के लिए सरकार प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य कर रही है, और यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 61वाँ जन्मदिन मना रहे हैं। बता दें कि, सीएम साय आज निजी निवास बगिया में परिवार और क्षेत्रवासियों के साथ जन्मदिन मनाएंगे। साथ ही सीएम विष्णुदेव साय बगिया के आदिवासी जनजाति बालक आश्रम में बच्चों के साथ जन्मदिन मनाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेताओं ने जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें बधाई दी है। सीएम साय 10.30 बजे रायपुर से निज निवास बगिया जाएंगे। मुख्यमंत्री निज निवास में 61वें जन्मदिवस पर सत्यनारायण व्रत कथा का कार्यक्रम करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री साय रायपुर लौटेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया ट्वीट कर बधाई देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ के ओजस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे छत्तीसगढ़ की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। गरीबों और वंचित समुदायों के प्रति उनकी चिंता भी उल्लेखनीय है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।

panchayattantra24.com-रायपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है। भाजपा की त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि अभी गांवों में लोकतंत्र का उत्सवी वातावरण देखते ही बन रहा है। गांवों में भी भाजपा समर्थित पंच, सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्यों के रूप में भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जीतकर आ रहे हैं। भाजपा के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में व्यक्त अगाध जन-विश्वास की आंधी में कांग्रेस तिनके की तरह उड़ रही है और हताश-निराश कांग्रेस नेता घरों में खामोश बैठ गए हैं। प्रदेश में जो विष्णु का सुशासन है, वह पूरे प्रदेश में दिखाई पड़ रहा है। भाजपा के पक्ष में यह ऐतिहासिक परिणाम जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को उनके जन्मदिन पर समर्पित किया है।
भाजपा त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सिंह ने शुक्रवार को एकात्म परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में पंचायत चुनावों के दो चरणों के अब तक घोषित परिणामों में भाजपा की प्रचण्ड जीत का दावा किया। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव 17 फरवरी को हुआ, दूसरा चरण का चुनाव 20 फरवरी को हुआ और देर रात से उसके परिणाम सुबह तक आ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य के लिए हुए चुनाव में प्रथम चरण में 160 सीटों में से भाजपा 125 सीटों में चुनाव जीती। दूसरे चरण में 124 सीटों के लिए हुए मतदान में 97 सीटों पर भाजपा या हमारे समर्थित लोग चुनाव जीत गए हैं। चार सीटों के परिणाम परिणाम अभी आने शेष हैं। इस तरह प्रथम चरण में जिला पंचायत में हमारा स्ट्राइक रेट 75 प्रतिशत था और द्वितीय चरण में हमारा स्ट्राइक रेट 80 प्रतिशत रहा है।
उन्होंने कहा, दूसर चरण के मतदान के बाद ही 11 जिलों में हमें स्पस्ट बहुमत प्राप्त हो गया है। दूसरे चरण के बाद 13-14 जिले ऐसे हैं, जिनमें बहुमत से मामूली अंतर से कुछ दूर है, जबकि कुछ में काउंटिंग बाकी है, उसमें हम आ जाएंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए ऐतिहासिक जीत की ओर भारतीय जनता पार्टी जा रही है। सिंह ने कहा कि प्रथम चरण में प्रदेश की कुल 140 जनपद पंचायतों में से 52 जनपद पंचायत में चुनाव हुए और उसमें 40 जनपद पंचायत में हमारा बहुमत है। बाकी जनपद पंचायत में भी हमारे सदस्य जीतकर आएंगे। दूसरे चरण में 40 जनपद पंचायत क्षेत्र में चुनाव हुआ उसमें भी अभी तक प्राप्त अंकों के अनुसार 26 जनपद पंचायत में हमारा बहुमत है और यह बहुमत का आंकड़ा 32-33 तक जा सकता है। इसी प्रकार प्रदेश में 11,600 ग्राम पंचायतों के दो चरण के मतदान के बाद भी 70 से 80 प्रतिशत सरपंच भाजपा के बने हैं। इन तीनों चरणों में 1।60 लाख पंच निर्वाचित होने हैं और उनमें भी दो तिहाई से भाजपा उम्मीदवार जीत कर आ रहे हैं।
भाजपा त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सिंह ने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर वर्तमान छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद किसी भी पार्टी ने इतनी बडी ऐतिहासिक जीत हासिल नहीं की है। प्रदेश की जनता में विष्णुदेव साय के सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों के पूरा होने से भाजपा के प्रति भरोसा बढा है और प्रदेश की जनता ने पांच साल तक धोखा देने वाली और भ्रष्टाचारी कांग्रेस को नकार दिया है। नगरीय निकाय के बाद कांग्रेस के नेता पंचायत चुनाव में कारारी हार देखकर बौखला गए है कांग्रेस के जीत के दावों पर पलटवार करते हुए श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचे वाली हो गई है।
सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो कांग्रेस दावा करती थी कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर हम नगरीय निकायों में बहुमत में आ जाते। लेकिन अब बैलेट पेपर से हो रहे पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपडा साफ हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेष बघेल के विधानसभा पाटन में सभी निकाय की सीटों पर कांग्रेस हार गई। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित सभी बडे कांग्रेस नेताओं के क्षेत्र में निकाय चुनाव में करारी हार हुई। अब पंचायत चुनाव में कांग्रेस की दयनीय हालत देखकर इनके नेता हार मानकर घर बैठ गए हैं। कांग्रेस के जितने नेता हैं, सभी न जाने कहां चले गए हैं? उनको कुछ समझ नहीं आ रहा है! हमारे जमीनी स्तर के कार्यकर्ता जीतकर आ रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस जमीनी स्तर से साफ हो जाएगी।
भाजपा त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सिंह ने मुख्यमंत्री श्री साय को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की सरकार को 13 महीने हुए हैं इस अवधि में छत्तीसगढ़ में जो अभूतपूर्व काम हुए हैं, उससे भाजपा के प्रति जन-विश्वास बढ़ा है। हमने जो कहा, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में उसे करके भी दिखाया है। हमने 2 साल का बोनस दिया। 3100 रु प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी कर रहे हैं। 25 लाख किसानों के खाते में पैसा जमा हो गए। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का वादा हमने किया, वह बनने की शुरुआत हो गई है। 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का पैसा दे रहे हैं। 5.62 लाख भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रु. प्रति वर्ष दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, जनपद पंचायतों को रुके हुए कामों को पूरा करने के लिए राशि भेज दी गई है। प्रधानमंत्री सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में भी पंचायत स्तर के काम रूके हुए थे वह सभी काम हो रहे हैं। रेडी टू इट कार्य भी शुरू हो गया है और यह काम भी 1 अप्रैल से स्व-सहायता समूह को दे दिया जाएगा। प्रेस ब्रीफ के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल और प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के उपस्थित थे।
 
 

panchayattantra24.com-रायपुर। बलौदाबाजार हिंसा और आगजनी मामले में फंसे विधायक देवेंद्र यादव को 7 महीने 4 दिन की लंबी जेल यात्रा के बाद रायपुर सेन्ट्रल जेल से रिहाई मिली। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में उन्हें जमानत दी थी, जिसके तहत उन्हें बुधवार को जेल से बाहर लाया गया। विधायक यादव की रिहाई के दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ जेल के बाहर उमड़ पड़ी, जिन्होंने उनका स्वागत फूल-मालाओं, मिठाइयों और जमकर आतिशबाजी के साथ किया।
हिंसा और आगजनी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
विधायक देवेंद्र यादव पर आरोप था कि बलौदाबाजार हिंसा के दौरान उन्होंने आगजनी और उपद्रव में भाग लिया था। इसके चलते उन्हें सात महीने पहले गिरफ्तार किया गया था और रायपुर के सेन्ट्रल जेल में रखा गया था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां से कल उन्हें जमानत मिली। कोर्ट ने यादव को 25-25 हजार के दो जमानतदार पर रिहा करने का आदेश दिया।
समर्थकों का भव्य स्वागत और सुरक्षा बंदोबस्त
जेल से रिहा होते ही जेल के बाहर यादव के समर्थकों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी। समर्थक फूल-मालाओं और मिठाई के साथ उनका इंतजार कर रहे थे, और जैसे ही वे बाहर आए, समर्थकों ने आतिशबाजी शुरू कर दी। इस दौरान जेल के बाहर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग की थी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। जेल के बाहर सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
विधायक देवेंद्र यादव के बड़े भाई, रोहित यादव ने जमानत की प्रक्रिया पूरी की और उन्हें जेल से बाहर लाने में मुख्य भूमिका निभाई। यादव के परिवार वाले भी इस दौरान मौजूद थे और उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह संघर्षपूर्ण दौर था, लेकिन अब वे फिर से जनता की सेवा के लिए तैयार हैं।
राजनीतिक हलचल और भविष्य की रणनीति
देवेंद्र यादव की रिहाई के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। आने वाले समय में उनकी राजनीतिक गतिविधियों पर सभी की निगाहें होंगी। उनके समर्थकों का मानना है कि जेल से बाहर आने के बाद यादव अपनी राजनीतिक रणनीति को और मजबूत करेंगे और अपने क्षेत्र की जनता के लिए नई योजनाएं लेकर आएंगे।
जेल से बाहर आए अन्य प्रमुख नेता
राजनीतिक मामलों में जेल जाना और जमानत पर रिहाई अक्सर नेताओं के करियर में निर्णायक मोड़ साबित होता है। इससे पहले भी कई प्रमुख नेता जेल से रिहा होकर जनता के बीच वापस लौटे हैं और उन्होंने अपनी राजनीति को नई दिशा दी है। देवेंद्र यादव के मामले में भी यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इस अनुभव से क्या सीखते हैं और कैसे अपनी राजनीतिक छवि को पुनः सुदृढ़ करते हैं।
 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज नई दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चेयरमैन वी. नारायणन ने भेंट कर छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के उपयोग से कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में नवाचारों को बढ़ावा देने पर गहन चर्चा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ में सैटेलाइट आधारित सर्वेक्षण, भू-मानचित्रण (geo-mapping), प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्मार्ट एग्रीकल्चर को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, जल संसाधन, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तकनीकी नवाचारों का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। इसरो के सहयोग से हम इन क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कार्य करेंगे, जिससे किसानों को अधिक सटीक जानकारी मिले और राज्य के विकास को गति मिले।

*इसरो का विशेषज्ञ दल करेगा छत्तीसगढ़ का दौरा*

बैठक में बताया गया कि इसरो का एक विशेषज्ञ दल जल्द ही छत्तीसगढ़ का दौरा करेगा और राज्य में सैटेलाइट इमेजरी, जीआईएस (GIS) तकनीक और डेटा विश्लेषण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत अध्ययन करेगा। इसके तहत राज्य में मृदा स्वास्थ्य विश्लेषण, जल स्रोतों का सटीक आकलन, बाढ़ और सूखे की भविष्यवाणी, और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए डेटा-संचालित निर्णय लेने की प्रणाली विकसित की जाएगी।

*छत्तीसगढ़ को मिलेगा अत्याधुनिक स्पेस टेक्नोलॉजी का लाभ*

इसरो की विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से छत्तीसगढ़ को कृषि, आपदा प्रबंधन, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग, पर्यावरण एवं वन संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों मे व्यापक लाभ होगा। कृषि क्षेत्र में सैटेलाइट डेटा के उपयोग से बेहतर फसल पूर्वानुमान, मिट्टी की गुणवत्ता सुधार, और जल संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन, बाढ़, सूखा और वनाग्नि जैसी प्राकृतिक आपदाओं की पूर्व-चेतावनी प्रणाली को सशक्त बनाना, नगर नियोजन, परिवहन व्यवस्था, और पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्याधुनिक स्पेस डेटा के उपयोग सहित वन क्षेत्रों की निगरानी और अवैध कटाई की रोकथाम के लिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग में सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इसरो और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच साझेदारी से राज्य में तकनीकी प्रगति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। इस पहल के तहत छत्तीसगढ़ अनुसंधान संस्थानों को भी जोड़ा जाएगा, जिससे युवा वैज्ञानिकों को नवाचारों में योगदान देने का अवसर मिलेगा।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के नए युग में इसरो का सहयोग राज्य को भविष्य की तकनीकों से सशक्त बनाएगा, जिससे कृषि, पर्यावरण, जल प्रबंधन और आपदा न्यूनीकरण जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद पी. टी. उषा ने सौजन्य भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात में छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास, युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए राज्य की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है।

*आईओए का विशेषज्ञ दल देगा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण*

बैठक के दौरान पी. टी. उषा ने छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) द्वारा एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस दल में विभिन्न खेलों के अनुभवी कोच और विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो स्थानीय खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षित करेंगे और उनकी खेल तकनीकों को निखारने में सहायता करेंगे।उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। श्रीमती उषा ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना की और इसे भारत के खेल प्रोत्साहन मॉडल के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।

*बस्तर ओलंपिक और अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन जैसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को देंगे नई उड़ान*

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए विशेष खेल आयोजनों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ‘बस्तर ओलंपिक’ का आयोजन किया गया, जिसमें 1.65 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना था। उन्होंने बताया कि 2 मार्च 2025 को ‘अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5000 से अधिक युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठित मैराथन को तीन श्रेणियों – 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर में आयोजित किया जाएगा। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से सरकार युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित कर रही है और राज्य को एक मजबूत खेल हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ के बीच यह साझेदारी राज्य में खेलों के विकास को नया आयाम देगी।