Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.-रायपुर। सीएम विष्णुदेव ने आज बड़ी घोषणा की है। सीएम साय ने ऐलान करते हुए कहा है कि अब गो अभ्यारण्य को गो धाम के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही सीएम साय ने गो अभ्यारण्य को प्रति गाय मिलने वाले अनुदान में बढ़ोतरी करने का भी ऐलान किया है। अब गोधाम को प्रति गाय 35 रुपए की दर से अनुदान दिया जाएगा। बता दें कि इससे पहले प्रति गाय 25 रुपए की दर से अनुदान दिया जाता था। सीएम साय ने आगे कहा कि गाय अनमोल प्राणी, मल मूत्र से लेकर हर चीज उपयोगी है, विश्व में मनुष्य के लिए इतना उपयोगी कोई प्राणी नहीं है। वहीं, उन्होंने अमूल की तर्ज पर देवभोग को भी मजबूत करने की बात कही है। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक जारी है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। GST परिषद की बैठक में आज वस्तु एवं सेवा कर (GST) के तहत क्षतिपूर्ति उपकर के भविष्य पर गहन चर्चा हुई। यह बैठक नई दिल्ली के मध्य प्रदेश भवन में आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री की अध्यक्षता में विभिन्न राज्यों के वित्त मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और वित्त सचिव मुकेश बंसल की उपस्थिति भी महत्वपूर्ण रही। मंत्री समूह में असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के सदस्य शामिल हैं। यह समूह GST प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए सुझाव देगा। GST परिषद, जो देश में अप्रत्यक्ष कराधान के समन्वय और एकरूपता के लिए जिम्मेदार संवैधानिक निकाय है, इस विषय पर अंतिम निर्णय लेगी।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय, महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। आज की बैठक में नक्सलवाद पुनर्वास नीति संशोधन पर भी फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराने पर भी मंत्रिमंडल में चर्चा के बाद मुहर लग सकती है। अभी हाल में मोदी सरकार की तरफ से नक्सल पीड़ितों और सरेंडर कर चुके नक्सलियों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है।
 बस्तर क्षेत्र के इन दो वर्गों के लिए केंद्र सरकार ने 15 हजार PMAY घरों की मंजूरी दी है। इसको लागू करने के लिए सरकार रणनीति बना सकती है। वहीं मंत्रालय जाने से पहले मुख्यमंत्री प्रदेश के राज्यपाल रामेन डेका से मिलने पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई। 14 दिन बाद प्रदेश की विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी शुरू होने को है। इसमें सरकार अहम प्रस्ताव पास कर सकती है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। रविवार तड़के सरगुजा में हुई सड़क दुर्घटना में मृत चंगोराभाठा के चारों युवकों का आज महादेव घाट मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया ।इस दौरान पूरा इलाका गमगीन रहा। मृतकों को परिजनों को ढांढस बंधाने पूरे मोहल्ले वासी और कांग्रेस के नेता भी पहुंचे। बता दें कि सरगुजा जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने NH-130 पर कार सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में 4 दोस्तों की मौत हो गई। इनमें से एक रायपुर में जिम संचालक भी था। वहीं एक युवक गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती है। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र के गुमगा का है। मिली जानकारी के मुताबिक सभी युवक रायपुर के रहने वाले थे। वह शनिवार शाम को घर से जगदलपुर घूमने जाना बताकर निकले थे, लेकिन अचानक मैनपाट जाने का प्लान बना लिए। अंबिकापुर पहुंचने से करीब 60 किलोमीटर पहले सुबह 5 बजे हादसे का शिकार हो गए। कार को कटर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया था।
 

 

 panchayattantra24.-राजनांदगांव। खुज्जी क्षेत्र के पूर्व विधायक छन्नी साहू ने गैंदाटोला पुलिस पर दो युवकों से अवैध वसूली व मारपीट करने का आरोप लगाते कार्रवाई की मांग की। रविवार को पूर्व विधायक साहू ने प्रेस कान्फ्रेंस लेते कहा कि दो युवकों से अवैध वसूली को लेकर उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक से इसकी शिकायत की है। उन्होंने कहा कि छुरिया ब्लॉक के ग्राम दीवानटोला निवासी राजेन्द्र बांधे और नितेश थ्रेसर चलाने का काम करते हैं। 
दो नवंबर को दोनों थ्रेसर काम की वसूली रकम लेकर लौट रहे थे। रात लगभग साढ़े 9 बजे धरमूटोला के पास गैंदाटोला पुलिस के स्टॉफ ने उन्हें रोका और मारपीट की। साथ ही उनके पास रखे लगभग 50 हजार रुपए को लूट लिया। इसके बाद युवकों को थाना ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की। देर रात लगभग 2.30 बजे उन्हें थाना से छोड़ा गया। ठंड से बचते दोनों किसी प्रकार अपने घर पहुंचे। दूसरे दिन छुरिया अस्पताल में इलाज कराया।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय से कल रात निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल ने सौजन्य मुलाकात हुई. सीएम ने उन्हें नव दायित्व के लिए बधाई एवं सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं दी. बता दें कि साय सरकार ने विशेषर सिंह पटेल को राज्य गौसेवा आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. इसका आदेश पशुधन विकास विभाग की संयुक्त सचिव विमला नावरिया ने जारी किया है. बता दें कि विशेषर पटेल कबीरधाम जिले से हैं. यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के पशुपालन और गौसेवा के क्षेत्र में नए बदलाव और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
 

panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास कार्यों के लिए वित्त विभाग ने 23.64 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इससे एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा से संबंधित कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन कार्यों की स्वीकृति से राज्य के एयरपोर्टों का उन्नयन और विकास प्रभावी व सुव्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। इससे विमानन सेवाएं बेहतर होंगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
वित्त विभाग ने बिलासपुर एयरपोर्ट में एप्रन विस्तार और लाइटिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 96 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है। एप्रन विस्तार कार्य के तहत एयरपोर्ट के उड़ान पट्टी के आसपास के क्षेत्र को बढ़ाया जाएगा, जिससे विमानों की पार्किंग और संचालन में सहूलियत होगी। इसके साथ ही, एयरपोर्ट के लाइटिंग सिस्टम का उन्नयन किया जाएगा, ताकि रात के समय विमान संचालन को सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सके।
जगदलपुर एयरपोर्ट के लिए एयरस्ट्रिप सुधार के लिए 20.40 करोड़ की राशि मंजूर की गई है। इससे एयरपोर्ट की सुरक्षा और संचालन क्षमता में वृद्धि होगी। आइसोलेशन बे का निर्माण विमान को आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित खड़ा रखने के लिए किया जाता है, जबकि सड़क का चौड़ीकरण यातायात में सुगमता लाएगा। वायर फेंसिंग से एयरपोर्ट के चारों ओर सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
इसी तरह अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास कार्यों के लिए 27.92 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे और संचालन क्षमता में सुधार लाने के लिए उपयोग की जाएगी।
 

panchayattantra24.com-रायपुर। खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। भाजपा की दो दिवसीय संगठन बैठक में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए चर्चा हुई।इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी को नगरीय निकाय और पूर्व विधायक सौरभ सिंह को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए संयोजक नियुक्त किया गया है।इस बात की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने दी।
भाजपा की दो दिवसीय संभागवार बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मीडिया से चर्चा में बताया कि लगातार 2 दिनों से संगठन का महापर्व प्रारंभ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिए गए सदस्यता अभियान लक्ष्य को पार कर लिए हैं। संगठन से जुड़े सभी विषयों को लेकर बैठक में चर्चा हुई है। कल से लेकर आज तक सभी संभागों की चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन मिला है। सदयस्ता अभियान में अच्छे परफॉर्मेंस पर किरण सिंह देव ने कहा कि बीजेपी के समस्त कार्यकर्ता अपना सम्पूर्ण समय दे रहे हैं। सभी के लिए सम्मान के कार्यक्रम किए जाएंगे। जिलों में मंडलों में सम्मान किया जाएगा।
 

बिटिया को बना रहीं आईटी इंजीनियर
panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जो हाथ कुशलता से चूल्हा-चौका का काम करते हैं वे तकनीक के क्षेत्र में भी उतनी ही कुशलता का परिचय दे सकते हैं। डबल इंजन की सरकार में महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रूप से अपितु तकनीकी रूप से भी सक्षम हो रही हैं।छत्तीसगढ़ की ड्रोन दीदियों ने इस सोच को साकार कर दिया है।
रायपुर जिले की ग्राम नगपुरा की ड्रोन दीदी चंद्रकली की सफलता की उड़ान ड्रोन की तरह है।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम से वे भी ड्रोन दीदी बनीं। उन्होंने ड्रोन चलाना सीखा और बहुत थोड़े समय में इसमें कुशल हो गईं। चंद्रकली बताती हैं कि हुनरमंद होने से उनके काम का मूल्य भी कई गुना बढ़ गया। वे केवल 10 मिनटों में एक एकड़ खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर देती हैं और इससे 300 रुपए कमा लेती हैं। गांव में खेतों में छिड़काव के बाद उनके ड्रोन चालन की कुशलता की जानकारी पड़ोसी गांवों में भी फैल गई। उन्हें खूब काम मिला और पूरी लगन के साथ चंद्रकली ने लगभग 700 एकड़ खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव कर दिया।
सबसे बड़ी खूबी यह है कि तकनीक ने उन्हें समय की बाधा से पूरी तरह से मुक्त कर दिया। वे बच्चों को तैयार करती हैं। घर में चूल्हा-चौका कर लेती हैं फिर खेतों के लिए निकल पड़ती हैं। उनके हाथ में ड्रोन का रिमोट होता है। जैसे ही चंद्रकली ड्रोन कंट्रोल रिमोट ऑन करती हैं, धीरे-धीरे ड्रोन गति लेते हुए आसमान की ओर उड़ता है और खेत का चक्कर काटने लगता है। अब चंद्रकली अपने गांव सहित आसपास के क्षेत्र में ड्रोन दीदी के नाम से जानी जाती है।
रायपुर जिले की आरंग विकासखंड की निवासी श्रीमती वर्मा कुछ महीनों पहले महिला समूह से जुडकर बहुत ही कम आमदनी प्राप्त कर रही थीं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नवंबर 2023 को नमो ड्रोन दीदी योजना की शुरूआत की थी, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त करते हुए आत्मनिर्भर बनाते हुए आधुनिकता से जोड़ना है। इसी योजना के तहत छत्तीसगढ़ की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों को चयन किया गया जिसमें रायपुर जिले की चन्द्रकली वर्मा भी शामिल थी।
श्रीमती चन्द्रकली बताती हैं कि उनके समूह में अच्छे कार्य को देखते हुए इस योजना के लिए चयनित किया गया और ऑनलाइन इन्टरव्यू हुआ। जिसके लिए उन्हें ग्वालियर में 15 दिन की ट्रेनिंग दी गई और दिसंबर 2023 में इन्हें ड्रोन निःशुल्क दिया गया, साथ ही परिवहन के लिए ड्रोन वाहन दिया गया। वे बताती हैं कि मुझे अन्य दीदियों के साथ उत्तर प्रदेश के फूलपुर में आमंत्रित किया गया, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें नमो ड्रोन दीदी की उपाधि दी। इसके बाद श्रीमती चन्द्रकला के आने बाद किसानों को इसकी बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मैनुवल तरीके से कीटनाशक का छिड़काव करने की अपेक्षा अब यह काम तकनीक की सहायता से ड्रोन से मिनटों में ही हो जाता है। धीरे-धीरे उन्हें काम मिलने लगा। चंद्रकला दो लाख रूपये से अधिक की आय अर्जित कर चुकी है जिससे वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे रहीं है उनकी बेटी आईटी में इंजीनियरिंग कर रही हैं। तकनीक का महत्व जब चंद्रकला ने समझा तो अपनी बिटिया को भी तकनीक की ओर मोड़ दिया, यह चमत्कार नमो ड्रोन दीदी योजना का है।
श्रीमती चन्द्रकला कहती हैं कि मुझे गर्व है कि मै ड्रोन दीदी हूं। मै आज नई तकनीक का उपयोग कर रही हूं। अपने गांव के खेती किसानी में मदद कर रही हूं, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी और लागत भी कम आएगी। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देती हूं और अन्य महिलाओं से आग्रह करती हूं कि इस तकनीक से जुड़ें और छत्तीसगढ़ को और आगे बढ़ाएं।
 

सिकल सेल एनिमिया और ब्रेस्ट कैंसर के लिए जन जागरूकता अभियान चलाएं- राज्यपाल
panchayattantra24.com-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज यहां राजभवन में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. के. राउत एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुलाकात कर उन्हें विगत माह दुर्ग में आयोजित जूनियर रेडक्रॉस जम्बूरी का एलबम भेंट किया। आज एड्स दिवस के अवसर पर राज्यपाल को रेडक्रॉस की टीम द्वारा बैज लगाकर सम्मानित भी किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी शाखा दुर्ग की अध्यक्ष एवं कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने राज्यपाल को जम्बूरी में आयोजित विविध गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी।
राज्यपाल डेका ने छत्तीसगढ़ में सिकल सेल एनिमिया और ब्रेस्ट कैंसर बीमारी की पहचान और उसके उपचार के लिए किये जा रहे कार्याें के संबंध में जानकारी ली। इन बीमारियों के संबंध में जनजागरूकता लाने के लिए रेडक्रॉस को अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होेंने कहा कि किसी एक जिले का चिन्हांकन कर वहां सिकल सेल एनिमिया से ग्रस्त रोगियों का सर्वे किया जाये। इसी तरह ब्रेस्ट कैंसर के रोगियों की पहचान के लिए किसी एक जिले का चिन्हांकन कर वहां सर्वे किया जाये, जिससे समय पर लोगों को चिकित्सा सुविधा मिले और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके।
इसी अवसर पर रेडक्रॉस के पदाधिकारी, जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर एवं जूनियर रेडक्रॉस के सदस्य उपस्थित थे।