Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर। केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आज छत्तीसगढ़ के जशपुर नगर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में माटी के वीर पदयात्रा का भव्य आयोजन हुआ। पदयात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री डॉ. मंडाविया ने देश की आजादी और कोरोना काल में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से हमें प्रेरणा लेना चाहिए, जिन्होंने 25 वर्ष की आयु में मातृ भूमि को आजाद कराने के लिए लड़ाई लड़ी और अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में 6 लाख युवाओं ने अपना बलिदान दिया। उन्हांेने युवाओं से विकसित भारत के सपने को पूरा करने का संकल्प लेने तथा सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देने के लिए आगे आने का आव्हान किया। डॉ. मंडाविया ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आग्रह पर जशपुर नगर में सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कराए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माटी के वीर पदयात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ और जशपुर के लिए सौभाग्य की बात है कि भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने इस मौके पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातियों को गौरव करने का एक और बड़ा अवसर प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब-जब संस्कृति पर हमला हुआ है, जनजातीय समाज ने इसका तीव्र प्रतिकार किया है। जनजातीय संस्कृति प्रकृति से प्रेम करने की संस्कृति है। यह संस्कृति सौहार्द्र, शांति और सद्भाव की संस्कृति है। कलाओं से प्रेम करने वाली यह संस्कृति हमारी जनजातीय सनातन संस्कृति का उद्गम है। जनजातीय संस्कृति को बचाने की चिंता सनातन संस्कृति को बचाने की चिंता ही है। जनजातीय संस्कृति का गौरवगान सनातन संस्कृति का गौरवगान ही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन अभियान जनजातीय समुदायों के कल्याण के लिए संचालित की जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने जनजातीय समुदायों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए एकलव्य विद्यालयों तथा आय में बढ़ोतरी के लिए वन-धन योजना प्रारंभ किया। आयुष्मान भारत योजना में जनजातीय समुदायों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार है। हमने जनजातीय क्षेत्रों के विकास की रणनीति तय की है। हमारी सरकार जनजातीय समाज के प्राचीन गौरव और वैभव को वापस पाने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। लोकतंत्र की जड़ें दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। अंदरूनी गांवों में भी नियद नेल्ला नार योजना के तहत सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार जैसी मूलभूत अधोसंरचनाएं पहुंच रही हैं। हमने विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़़ निर्माण का संकल्प लिया है। सभी की सहभागिता से इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। जनजातीय समुदायों की अधिक से अधिक सहभागिता इस कार्य में सुनिश्चित की जाएगी। माटी के वीर पदयात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में धरती के आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन वृत्त पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में खेलकूद सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले जनजातीय युवाओं तथा माई भारत से जुड़े वॉलेंटियर को सम्मानित किया गया। मुंडा समाज के अध्यक्ष श्री शंकर राम बारला ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। माटी के वीर पदयात्रा कार्यक्रम के शुभारंभ स्थल पुरना नगर मैदान में जनजातीय नायको के जीवन गाथा, जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित भव्य प्रदर्शनी लगाई गई।

panchayattantra24.- रायपुर। रायपुर से नवा रायपुर होते हुए अभनपुर के बीच ट्रेन चलने का आज ट्रायल होगा। यात्रियों लंबे इंतजार के बाद यह सुविधा मिलने जा रही है। रेल्वे के अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को पहली ट्रेन चलेगी। ट्रेन में रेलवे के सभी विभागों के सुपरवाइजर की मौजूद रहेंगे। मंगलवार सुबह 10:00 बजे आठ कोच का ट्रेन अभनपुर तक चलेगी। यह ट्रेन रायपुर रेलवे स्टेशन से 10:00 बजे ट्रायल पर रवाना होगी। रेलवे के अफसरों के अनुसार ट्रेन रायपुर से छूटकर मंदिर हसौद पहुंचकर वहां से सीबीडी होते हुए अभनपुर तक जाएगी।
\अभनपुर से थोड़ी देर बाद ट्रेन रायपुर वापस लौटेगी। ट्रायल के दौरान अफसरों की टीम ट्रैक की खामियों के आकलन करेगी। ट्रायल सफल होने पर जल्दी रायपुर नया रायपुर से अभनपुर के बीच मेमू ट्रेन चलने की घोषणा की जाएगी। रेलवे के अधिकारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। रायपुर से अभनपुर तक मेमू ट्रेन चलाने की योजना है। इसमें एक ट्रेन एक सुबह और एक शाम को चलेगी। छह जगहों पर स्टेशन स्थापित किया गया है। इसमें रायपुर , मंदिर हसौद नवा रायपुर में उद्योग नगर सीबीडी स्टेशन, केंदी, अभनपुर स्टेशन शामिल है।
panchayattantra24.-रायपुर। बूढ़ापारा निवासी वरिष्ठ पत्रकार गोपाल वोरा (81 वर्ष) का बुधवार 13 नवंबर को सुबह 9 बजे निधन हो गया। वे राजेश वोरा और मनीष वोरा के पिता थे। अंतिम यात्रा आज दोपहर 1 बजे डीडी नगर, एमआईजी-27, सेक्टर 3 से निकाली जायेगी। अंतिम संस्कार मारवाड़ी शमशान घाट में होगा। वोरा ने राजधानी से प्रकाशित विभिन्न समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी थीं। वे रायपुर प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में से थे और कई बार पदाधिकारी भी रहे। सीएम का ट्वीट – वरिष्ठ पत्रकार श्री गोपाल वोरा जी के निधन का समाचार दुःखद एवं पत्रकारिता जगत की क्षति है। उन्होंने नवभारत, देशबंधु, लोकमत सहित कई प्रतिष्ठित अखबारों के लिए अपनी सेवाएं दी। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे से हो रही है। जो शाम 6 बजे तक चलेगी। सुबह 9 बजे तक 8.23% मतदान हुआ है। पोलिंग बूथों में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंच रही हैं। भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी शुभ मुहूर्त में मतदान किया। इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने पंडित सुंदरलाल शर्मा स्कूल में वोट डाला। अश्विनी नगर से रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने भी वोटिंग की। छत्तीसगढ़ी फिल्मों की एक्ट्रेस मोना सेन ने भी वोट डाला है। मठपुरेना पोलिंग बूथ में लंबी कतार लगी है।
इधर, चंगोरा भाटा मतदान केंद्र में कांग्रेस ने वोटर्स के लिए पोहा की व्यवस्था की है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टी पोलिंग बूथ तक अपने वाहनों से वोटर्स को छोड़ रहे हैं। दक्षिण सीट से 30 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 2 लाख 71 हजार से ज्यादा वोटर शामिल होंगे। सुबह से लोग मतदान केंद्र पहुंचने लगे हैं। इस सीट से मुख्य मुकाबला बीजेपी से सुनील सोनी और कांग्रेस से आकाश शर्मा के बीच है। 23 नवंबर को इसके नतीजे आएंगे। सुरक्षा के लिहाज से करीब लगभग पांच सौ जवानों के साथ पांच सीआरपीएफ कंपनियां तैनात हैं।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 14 एवं 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस पर राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित 17 राज्यों के आदिवासी नर्तक दल मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। जनजातीय गौरव दिवस पर अपने नृत्य की प्रस्तुति देने नर्तक दलों छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। आज अरूणाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, तेलंगाना, राजस्थान और सिक्किम के आदिवासी नर्तक दल रायपुर पहुंच चुके हैं।
अरूणाचल प्रदेश के नर्तक दल आदिलोक नृत्य नाटिका, उत्तराखंड के नर्तक दल झींझी, होली, हन्ना और दिया नृत्य, तेलंगाना के नर्तक दल माथुरी जनजाति नृत्य, राजस्थान के नर्तक दल वालर गरासिया गैर नृत्य और सिक्किम के नृतक दल सुब्बा लोक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगे। उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर एवं 15 नवंबर को साइंस कॉलेज मैदान में संध्या 3 बजे से अंतर्राज्यीय लोक नर्तक दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ-साथ जनजातीय गौरव से संबंधित विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन तथा जनजातीय जीवन शैली पर चित्रकला का प्रदर्शन भी होगा।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार गजानन माधव मुक्तिबोध की 13 नवम्बर को जयंती पर उन्हें नमन किया है। साय ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व की बात है कि हिन्दी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर और इस युग के महान कवि गजानन माधव मुक्तिबोध जी की कर्मभूमि छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव रही है। कवि, आलोचक, निबंधकार, कहानीकार तथा उपन्यासकार के रूप में उन्होंने अमूल्य साहित्य की रचना की है। उन्हें आधुनिक हिंदी कविता के अग्रदूतों में से एक माना जाता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गजानन माधव मुक्तिबोध को स्मरण करते हुए कहा है कि मुक्तिबोध ने साहित्य की अनेक विधाओं में अपनी लेखनी से अमिट छाप छोड़ी है।
panchayattantra24.-रायपुर। साहू समाज के पदाधिकारियों ने डिप्टी सीएम अरुण साव से मुलाकात की। जानकारी साझा करते हुए डिप्टी सीएम ने लिखा, जय मां कर्मा रायपुर निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू समाज के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य जनों से स्नेहिल भेंट हुई और इस दौरान उनसे आत्मीय चर्चा हुई। साहू समाज के सम्मानित जनों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका अपने असम प्रवास के दौरान आज तेरापंथ धर्मस्थल, गुवाहाटी में युगप्रधान आचार्य महाश्रमणजी के विद्वान मुनि प्रशांत कुमारजी एवं मुनि कुमुद कुमारजी के पावन सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अध्यात्म का महत्त्व” रहा।

panchayattantra24.-रायपुर. विशाखापट्नम से दुर्ग आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ओडिशा के नुआपाड़ा रोड में हादसे का शिकार होते-होते बची. जानकारी के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस कल रात करीब 10 बजे विशाखापट्टनम से दुर्ग जा रही थी. इस बीच ट्रेन के लोको पायलट की सतर्कता से रेलवे ट्रैक पर एक बड़ा पत्थर देखा और ट्रेन को रेलवे लेवल क्रॉसिंग गेट से लगभग 100 मीटर पहले ही रोक दिया. ट्रेन रोकने के बाद लोको पायलट ने इस बारे में स्टेशन मास्टर को सूचित किया.
जल्द ही रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक से पत्थर को हटा दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद ट्रेन की आवाजाही सामान्य हो सकी. नुआपाड़ा पुलिस स्टेशन से एक टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी कि ट्रैक पर पत्थर किसने और क्यों रखा था. वहीं, लोगों ने लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की, जिसकी वजह से एक संभावित दुखद दुर्घटना टल गई.

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए हो रहे उप चुनाव में 13 नवंबर को मतदान डाला जाएगा. इसके लिए आज सेजबहार स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से मतदान सामग्री के साथ मतदान दलों को रवाना किया. इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. संतोष सिंह मौजूद रहे.
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि मतदान दलों में मतदाता और कर्मचारियों के लिए तैयारियां पूरी है. कलेक्टर ने बताया कि मतदान केंद्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती रहेगी. मतदाताओं को बड़ी संख्या में मतदान केंद्र आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अभियान चलाया गया है.
बता दें कि 13 नवंबर को होने वाले रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में 2 लाख 71 हजार 169 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें से 1 लाख 33 हजार 800 पुरुष और 1 लाख 37 हजार 317 महिला मतदाता हैं. वहीं 52 तृतीय लिंग मतदाता हैं. इन सभी के लिए क्षेत्र को 42 सेक्टरों में विभाजित कर 266 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.