Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
panchayattantra24.-रायपुर। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता भूपेश बघेल स्टार प्रचारक बनाए गए है। बता दें कि झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर जहां दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान है, वहीं महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 20 नवंबर को मतदान है। दोनों राज्यों का चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएगा। महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सदस्यों की संख्या है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होने वाला है। पिछले विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल किया, लेकिन आंतरिक विरोध के कारण शिवसेना ने गठबंधन छोड़ दिया।
शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के साथ एक नया गठबंधन महा विकास अघाड़ी बनाया। महा विकास अघाड़ी ने उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने के साथ राज्य में सरकार बनाई। हालांकि, कुछ दिनों बाद ही उद्वव ठाकरे की सरकार गिर गई और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी।

panchayattantra24.-रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर पारवानी, चेयरमेन मगेलाल मालू, अमर गिदवानी, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, परमानन्द जैन, वाशु माखीजा, महामंत्री सुरिन्द्रर सिंह, कार्यकारी महामंत्री भरत जैन, एवं कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और युवा एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में ’मेरा भारत मेरी दिवाली’ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आज शास्त्री बाजार में साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर पारवानी थे। नेहरू युवा केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अतुल जे निकम, राज्य निदेशक, एनवाईकेएस, छत्तीसगढ़ अर्पित तिवारी, सहायक निर्देषक एवं जिला युथ अधिकारी, एनवाईकेएस, एलएस गजापाल, रविशंकर विश्वविद्यालय समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, सुनीता चंसोरिया, दुर्गा कॉलेज कार्यक्रम अधिकारी, श्रीमती रात्रि लाहिड़ी, गुरुकुल कॉलेज, कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।
कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पारवानी एवं प्रदेष अध्यक्ष जितेन्द्र दोषी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मेरा भारत पोर्टल के 1 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य मे चलाया जा रहा है। नेहरू युवा केंद, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं कैट के सहयोग से मेरा स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान शास्त्री बाजार मे चलाया गया। इस अभियान का विषय “इस दिवाली मेरे भारत के साथ“ है और इसका उद्देश्य प्रदेष सहित देश भर में 500 स्थानों पर बाजारों की सफाई, अस्पतालों में सेवा, और यातायात स्वेच्छा जैसे सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से यह अभियान सुरक्षित और स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों का निर्माण करने की ओर अग्रसर है। इसी कड़ी में प्रदेष के रायपुर सहित बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, अम्बिकापुर, रायगढ़, मनेन्द्रगढ़, कवर्धा, कांकेर, महासंमुद, सराईपाली, बसना ईकाइयों में ’मेरा भारत मेरी दिवाली’ अभियान के तहत बाजारो में साफ -सफाई चलाया जा चुका है। उन्होनें आगे कहा कि “हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है कि हम एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाएं, विशेष रूप से दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान। व्यापारिक समुदाय इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए तैयार है।
पारवानी एवं दोषी ने कहा, “’मेरा भारत, मेरी दिवाली’ अभियान के माध्यम से सरकार और व्यापारी समुदाय मिलकर स्वच्छता और स्वास्थ्य के बारे में जन जागरूकता बढ़ाएंगे। सभी व्यापारियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने बाजारों और दुकानों के आसपास विशेष रूप से सफाई बनाए रखने का प्रयास करें। इस अभियान के तहत राष्ट्रव्यापी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें व्यापारी संगठन, युवा समूह और विभिन्न सामाजिक संस्थाएँ भाग लेंगी।

panchayattantra24.-रायपुर। मंत्री ओपी चौधरी को किसान ने धान का हार पहनाया और दीवाली की बधाई दी। जिस पर खुशी जाहिर करते मंत्री ओपी चौधरी ने x पर लिखा, छत्तीसगढ़ म देवारी ले धान के फसल पक के तइयार हो जथे। जम्मो डहर सोन कस धान के बाली लहलहाथे। ये मौउका म धान के पूजा करे के अऊ धान के बाली ल दुआरी म लगाए के परंपरा हे। रइपुर के किसान भाई पटेल जी ह धान के माला पहिना के तिहार के बधई दिस। जम्मो भाई-बहिनी मन ल देवारी के बधई।

panchayattantra24.-रायपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर वर्चुअल माध्यम से रायपुर में बनने वाले 100 बिस्तरों वाले केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (CRIYN) का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से रायपुर से जुड़े थे। श्री मोदी ने कहा कि देश के लोग जितना ज्यादा स्वस्थ रहेंगे, देश की प्रगति उतनी ही तेजी से होगी। पूरी दुनिया के लोग योग और पंचकर्म के लिए भारत आते हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में संवेदनशीलता के साथ काम रही है।
केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान रायपुर को केन्द्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद् (सीसीआरवायएन) के तहत स्थापित किया जा रहा है। 90 करोड़ रूपए की लागत से इस संस्थान का निर्माण 24 माह में पूरा होगा। राज्य सरकार ने इस संस्थान के लिए 10 एकड़ की भूमि विभाग को उपलब्ध करा दी है। यह छत्तीसगढ़ का पहला योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र और अस्पताल होगा जो गैर संचारी रोगों जैसे मोटापा, प्रीडायबिटीज, मेटाबोलिक सिंड्रोम, व गठिया आदि के उपचार की सुविधा प्रदान करेगा।
अनुसंधान केन्द्र में बाह्य रोगी और प्रशासनिक ब्लॉक, आंतरिक रोगी ब्लॉक, स्टाफ क्वार्टर, योग हॉल, आहार केन्द्र, मालिश और फिजियोथेरेपी अनुभाग के साथ ही अनुसंधान ब्लॉक भी स्थापित होंगे। यह केन्द्र स्पा और वेलनेस थेरेपी में प्रशिक्षण प्रमाणन पाठ्यक्रम और अनुसंधान में फेलोशिप पाठ्यक्रम संचालित करेगा। केंद्र में वेलनेस थिरेपी में प्रशिक्षण प्रमाणन पाठ्यक्रम और अनुसंधान में फेलोशिप पाठ्यक्रम का भी संचालन होगा। इस संस्थान के शुरू होने से योग और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रभावों के बारे में नए ज्ञान का विकास होगा।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत देश अपनी पुरानी पद्धतियों को संजोकर लगातार आगे बढ़ रहा है। जायसवाल ने कहा कि आज धनतेरस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के रूप में जो उपहार दिया है उसे हम और हमारी आने वाली पीढ़ियां भी याद करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अनुसंधान केंद्र के स्थापित हो जाने के बाद राज्य के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। युवा यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर सक्षम बनेंगे और स्वरोजगार को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि भारत देश योग और आयुर्वेद में सदैव अग्रणी रहा है और इस तरह के अनुसंधान केंद्रों के खुलने से इस परंपरा को और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के चतुर्मुखी विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार ,मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है।

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को पूरे प्रदेश में राज्योत्सव मनाया जाएगा। जिसको लेकर अभी से ही तैयारियां शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ के बने 24 साल हो चुके हैं। राज्य अब 25वें साल में प्रवेश करने को तैयार है। सीएम साय ने बताया कि उद्घाटन समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे। वहीं अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर को अपने -अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव उत्सव मनाने की अपील की है। राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर, अटलनगर में 10 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी शहरों और गांव में नागरिकों से 1 नवंबर की शाम को अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की है। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को धनतेरस की शुभकामनाएं हैं। इसके साथ दीपावली, अन्नकूट और छठ महापर्व की अग्रिम बधाई दी है।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बिलासपुर कोनी में सिम्स के नव निर्मित 200 बिस्तरों वाले मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में आज दो बड़े सौगात मिलेंगे। धनतेरस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली छत्तीसगढ़ को दो बड़े उपहार देंगे। बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ‘सिम्स’ का लोकार्पण होगा। 200 करोड़ की लागत से बनकर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ‘सिम्स’ तैयार हुआ है।
इसके अलावा रायपुर में केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (CRIYN) का शिलान्यास होगा। 90 करोड़ की लागत से 24 माह में बनकर 100 बिस्तरों का प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र तैयार होगा।

panchayattantra24.-रायपुर: राज्यपाल रमेन डेका ने कल तिरुमला तिरुपति देवस्थानम में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ सहित समस्त देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल को मंदिर प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी सहित राज्यपाल के परिजन उपस्थित रहे।

panchayattantra24.-रायपुर: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा केस में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव बीते 2 महीने से रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद हैं। इसी बीच सोमवार को राहुल गांधी की टीम सीक्रेट तरीके से देवेंद्र से मिलने रायपुर जेल पहुंची। इस बात की छत्तीसगढ़ कांग्रेस को भी कानों कान खबर नहीं है। जेल सूत्रों के अनुसार रजिस्टर से उनके नाम की एंट्री मिली है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के करीबी केबी बायजू और डॉ. प्रतिष्ठा सिंह को लेने भी देवेंद्र की ही टीम एयरपोर्ट पहुंची थी।
वह सुबह 10 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचे थे। जेल में देवेंद्र से उनकी पत्नी, केबी बायजू और प्रतिष्ठा सिंह की काफी देर तक मुलाकात हुई। इस मुलाकात के कारण यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी मुलाकात के लिए डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। राहुल गांधी के चीफ ऑफ स्टाफ केबी बायजू और प्रतिष्ठा सिंह के इस मुलाकात की जानकारी प्रदेश के किसी नेता को नहीं दी गई है। ये मुलाकात और इन दोनों का दौरा बेहद गोपनीय रखा गया है। इस पूरे दौरे की किसी को कानों कान खबर नहीं है। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस को भी इसकी जानकारी नहीं मिली।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब में राजधानी वासियों के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता के लिए दौड़ लगाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित रन फॉर यूनिटी हम सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का पुण्य स्मरण करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान सरदार पटेल ने अंग्रेजों के खिलाफ कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया। स्वतंत्रता के बाद उन्हीं के प्रयासों से रियासतों को एक करके उन्हें स्वतंत्र भारत में शामिल किया गया। साय ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी सभी लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस संकल्प और साहस के साथ राष्ट्र को एकजुट किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। रन फॉर यूनिटी के आयोजन का उद्देश्य फिटनेस के मंत्र को भी देशभर में फैलाना है। सभी स्वस्थ रहेंगे तो देश अपनी पूरी ऊर्जा के साथ विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ पाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को धनतेरस, दीपावली, राज्य स्थापना, अन्नकूट और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी।
मंत्री राम विचार नेताम ने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पावन दिन हमें अपने देश की एकता अखंडता को बनाये रखने की प्रेरणा देता है। सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को हम भारतवासी कभी नहीं भूल सकते। खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि रन फॉर यूनिटी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संदेश देता है। सरदार पटेल ने देश की अखंडता के लिए 500 से अधिक रियासतों को एक बनाया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो लक्ष्य रखा है, इसे पूरा करने के लिए हम सभी मिलकर आगे बढ़े। गौरतलब है कि इस वर्ष दीपावली के उत्सव को देखते हुए 29 अक्टूबर को ही राष्ट्रीय एकता दिवस और रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के निरोगी एवं सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को धनतेरस पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी । इस मौके पर साय ने कहा कि समृद्धि व ऐश्वर्य के लिए धन के देवता कुबेर और आरोग्य के लिए भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के लिए सुख-समृद्धि लेकर आए और भगवान धन्वंतरि सभी को आरोग्य प्रदान करें।