Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.-रायपुर । अयोध्या धाम में पवित्र राम जन्मभूमि में श्री रामलला के दर्शन के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके कैबिनेट के सहयोगी पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में नारा गूंज उठा। छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय श्री राम, जय श्री राम। इस तरह पूरा परिसर राम भक्ति के माहौल में, ननिहाल से आए भक्तों की स्नेह सिक्त वाणी से गुंजायमान हो गया। जिस तरह माता शबरी की शिवरीनारायण में भगवान श्री राम के पुण्य दर्शन की इच्छा पूरी हुई थी। 
 वही साध ननिहाल के हर राम भक्त को होती है। उसी तरह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उनकी कैबिनेट की भी रामलला के दर्शन की इच्छा आज पूरी हो गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित उनके कैबिनेट के सदस्यों ने आज अयोध्या धाम पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर भाँचा राम के ननिहाल का उपहार भी प्रभु के चरणों में अर्पित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ से शबरी माता की भूमि शिवरीनारायण से बेर तथा पवित्र जल, विष्णु भोग का चावल, अनारसा, करी लड्डू तथा कोसे के वस्त्र प्रभु को अर्पित किए। 
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर प्रभु श्री राम से छत्तीसगढ़ के लोगों की सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग पूरी कैबिनेट के साथ श्री रामलला के दर्शन के लिए आज अयोध्या धाम आए। भगवान श्रीराम हमारे छत्तीसगढ़ के भांजे हैं। भांचा राम के दर्शन के लिए हम लोग बहुत उत्सुक थे। भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से वो शुभ घड़ी आ गई है जब हम लोगों को अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर । अब शहरों में नहीं , ग्रामीण इलाकों में भी चोरों की धमक बढ़ गयी है। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में तीर्थ यात्रा पर गये एक फौजी परिवार के सूने मकान का ताला तोड़ पुलिसिया मुल्याकन के अनुसार करीबन एक लाख रुपए कीमत के सोने – चांदी के गहने पार कर दिया गया है । यात्रा से लौटने के बाद चोरी की जानकारी मिलने व पतासाजी के असफल प्रयास के बाद मृत फौजी के पत्नी ने बीते 12 जुलाई को प्रथम सूचना पत्र दर्ज करायी है । 
 स्वर्गवासी किशन वर्मा की पत्नी विक्टोरिया द्वारा दर्ज करायी गयी प्रथम सूचना पत्र के अनुसार वह अपने अविवाहित पुत्र के साथ ग्राम टेकारी ( कुंडा ) में निवास करती है । बीते 2 जुलाई की शाम लगभग 4 बजे वह परिवार के साथ उज्जैन तीर्थ यात्रा करने निकली व 10 जुलाई को दोपहर जब अपने पुत्र पवन के साथ टेकारी वापस लौटी तब चोरी का पता चला । चारदीवारी के गेट का ताला तो यथावत लगा था पर कोई अज्ञात व्यक्ति दीवार फांद मुख्य द्वार का ताला तोड़ घुस अंदर के कमरों सहित आलमारी का ताला तोड़ आलमारी में रखे सोना – चांदी के विभिन्न गहनों सहित साड़ियां चोरी कर ले गया था। 
 दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सोने के गहनों में 3 तोला का एक जोड़ी कंगन , एक तोला का कान की खुटी, डेढ़ तोले का गले का चैन , एक फुली , 4 गोल ‌दाना , व 2 अंगूठी तथा चांदी के 35 तोले का 3 पैरी , साढ़े सत्रह तोले का 20 सिक्का व 2 बिछिया सहित 10 नग साड़ी की चोरी हुयी है । प्रथम सूचना पत्र दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है । इधर ग्राम में छुटपुट चोरी की घटनाये ‌बढ गयी है जिसकी रिपोर्ट थाने में नहीं हो रही है । बीते 3 जुलाई को ही शाम 4 से 5 बजे के बीच अपने घर में अकेले निवास करने वाली भानुमती पुरैना पड़ोसी ग्राम कुंडा गयी थी तभी घर का ताला तोड़ 15 सौ रुपये व गैस का कार्ड कोई चोरी कर ले गया , दो आलमारियों का ताला भी तोड़ा गया है पर इसकी रिपोर्ट थाने में नहीं की गयी है। ग्राम में चर्चा होने पर जब ग्राम के निवासी किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेन्द्र शर्मा ने ग्रामीणों के साथ जा संपर्क साधा तो इसकी पुष्टि हुयी । इधर बीते 2-3 साल के भीतर हुयी चोरी के घटनाओं में से कुछ का रिपोर्ट होने के बाद भी आरोपियों को धर दबोचने में पुलिस प्रशासन को मिली असफलता से चोरियों को अंजाम देने वाले तत्वों के हौसले बुलंद है व ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना है । ग्रामीण अपने स्तर पर भी पतासाजी में जुटे हैं व पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि हर हाल में आरोपियों को धर दबोचने गंभीर प्रयास करें।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर । छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में EOW ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रिज्म होलोग्राफी कंपनी के स्टेट हेड दिलीप पांडे की गिरफ्तारी के बाद EOW की टीम ने आबकारी विभाग में पदस्थ दो अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाया था। इन अफसरों से तीन घंटे तक पूछताछ हुई और पांच पेज का बयान लिखित में लिया गया। इसमें आबकारी अधिकारियों ने सिंडिकेट की मदद करने वाले और सिंडिकेट के हर काम में शामिल कुछ अफसरों के खिलाफ सबूत दिए हैं। EOW की पूछताछ में पांच पेज का बयान देने वाले अफसर कोर्ट में बयान के दौरान पलट ना जाएं, इसलिए EOW की टीम जज के सामने कलमबद्ध बयान कराने की तैयारी कर रही है। 
 EOW के अधिकारी अब तक शराब घोटाले में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के बयान कलमबद्ध कर चुकी है। इनमें से कई ऐसे लोग हैं जिनके खिलाफ इस घोटाले में शामिल होने का आरोप भी है। दो आबकारी अफसरों का बयान कलमबद्ध कराने के बाद EOW के अधिकारी दो और अफसरों को पूछताछ के लिए बुलाएंगे। ये वह अफसर हैं, जो सिंडिकेट के कोर ग्रुप में शामिल एपी त्रिपाठी के बेहद करीबी रहे। इस साल इन अफसरों ने सिंडिकेट की मदद करने के लिए ट्रांसफर लिस्ट अपने हिसाब से निकलवाई थी।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर/अयोध्या । CM विष्णुदेव साय आज अयोध्या  पहुंचकर श्री राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा- अयोध्या पहुंचकर बहुत ही आनंदित हूं, प्रभु श्रीराम के चरणों को कोटि-कोटि प्रणाम करता हूं। बता दें कि साय सरकार का ये अयोध्या दर्शन कार्यक्रम एक दिन का ही है। शाम तक सभी मंत्री लौट आएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री इस मौके पर माता शबरी की धरती कहे जाने वाले शिवरीनारायण से बेर फल से भरी टोकरी भी उपहार के रूप में रामलला को भेंट किया। 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही चर्चा थी कि मुख्यमंत्री साय और सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे।
 
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर में कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रह्लाद राय अग्रवाल पर गोली चलाई गई है। बताया जा रहा है कि 2 बार फायरिंग  की गई, जिसमें एक हवा में और दूसरी गोली कार पर की गई है, जो शीशे पर लगी। आशंका जताई जा रही है कि लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग ने अटैक किया है। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि वारदात को कारोबारी को डराने के लिए किया गया है, जिससे वह लेवी की रकम दे सकें। वारदात किन लोगों ने और क्यों की है फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वारदात सुबह 11 बजे हुई है। 
अग्रवाल का ऑफिस तेलीबांधा क्षेत्र के उद्योग भवन के पास है। जानकारी के मुताबिक दो बाइक सवारों ने गोली चलाई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मुंह पर मास्क लगाकर आए थे। वारदात के बाद भागते हुए CCTV कैमरे में तस्वीरें कैद हुई हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारी प्रह्लाद अग्रवाल सूरजपुर जिले के रहने वाले हैं। उनकी और उनके बेटे राजेश अग्रवाल की कंपनी छत्तीसगढ़ की बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी है, जो सड़क निर्माण से जुड़े काम करती है। इस कंपनी को झारखंड में भी सड़क निर्माण का काम मिला है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर/अयोध्या । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या में हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बता दें कि आज स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सीएम समेत सभी मंत्री अयोध्या रवाना हुए थे। वे महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पहुंचे। यहां शाम 5 बजे तक श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन और मंदिर का भ्रमण करेंगे। 
इसके बाद शाम 5.15 बजे अयोध्या धाम एयरपोर्ट से रायपुर के लिए वापसी होगी। शाम 6.45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर लौट आएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने रामलला दर्शन योजना भी शुरू की है। इसके तहत प्रदेशभर के श्रद्धालु आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या धाम के साथ काशी के भी दर्शन करने जाते हैं। इस योजना से हजारों श्रद्धालु अब तक रामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना की शुरुआत के समय ही मुख्यमंत्री ने कहा था कि जल्द ही कैबिनेट के साथ अयोध्या धाम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने जाएंगे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर । छत्तीसगढ़ का पूरा मंत्रिमंडल आज (13 जुलाई) अयोध्या जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, भांचा राम के दर्शन करने हम जा रहे हैं। मुख्यमंत्री इस मौके पर माता शबरी की धरती कहे जाने वाले शिवरीनारायण से बेर फल से भरी टोकरी भी उपहार के रूप में रामलला को भेंट करेंगे।
 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही चर्चा थी कि मुख्यमंत्री साय और सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे। CM साय ने भी कहा था कि जल्द ही पूरे मंत्रिमंडल के साथ हम अयोध्या जाएंगे। साय सरकार का ये अयोध्या दर्शन कार्यक्रम एक दिन का ही होगा। शाम तक सभी मंत्री लौट आएंगे।
 

panchayattantra24.-रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में वित्तीय समितियों की संयुक्त बैठक विधानसभा सचिवालय में हुई. बैठक में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संसदीय समितियों का दायरा अत्यंत विस्तृत और व्यापक स्वरूप का होता है, इनकी इसी महत्ता के कारण संसदीय समितियों को लघु सदन की संज्ञा दी जाती है. अन्तः सत्र काल में विधायिका समितियों के माध्यम से ही कार्यपालिका पर नियंत्रण बनाए रखती है और इस सत्र में सभी वित्तीय समितियों के सभापति अनुभवी और संसदीय ज्ञान से परिपूर्ण हैं, जिससे कि उनके सुदीर्घ संसदीय ज्ञान और अनुभवों से हमारे सदन की वित्तीय समितियां लाभान्वित होंगी साथ ही परिणाम मूलक सिद्ध होंगी। डॉ. रमन सिंह ने सभी वित्तीय समितियों के सभापतियों एवं सदस्यों को वर्ष 2024-25 के लिए सभापति एवं सदस्य चुने जाने पर बधाई दी. बैठक में लोक लेखा समिति के सभापति डॉ. चरणदास महंत, प्राक्कलन समिति के सभापति अजय चन्द्राकर, सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति के सभापति अमर अग्रवाल, स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज लेखा समिति के सभापति धरमलाल कौशिक, प्रधान महालेखाकार यशवंत कुमार, वित्त विभाग के सचिव, संचालक, राज्य संपरीक्षा विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा और वित्त सचिव शारदा वर्मा एवं इन वित्तीय समितियों से संबंद्ध अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 
panchayattantra24.-रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के अटल नगर स्थित जैव विविधता पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान-2024 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री साय ने पूर्ण विधि विधान से पूजन कर पीपल के पौधे का रोपण कर महावृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री द्वारा अभियान का बैनर जारी किया गया। इस अभियान के तहत वन विभाग द्वारा प्रदेशभर में 4 करोड़ वृक्ष लगाये जाएंगे। इसी के अंतर्गत में आज प्रदेश के 33 जिलों में कुल 4 लाख पेड़ लगाए गए। आज महावृक्षारोपण अभियान के शुभारंभ के मौके पर जैव विविधता पार्क में मुख्यमंत्री साय के साथ सभी कैबिनेट मंत्रीगणों, स्कूली बच्चों, सीआरपीएफ के जवानों, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने 20 हजार पेड़ लगाए। मुख्यमंत्री साय ने ओपन जिप्सी में वृक्षारोपण क्षेत्र का भ्रमण कर अभियान में हिस्सा ले रहे लोगों का उत्साह वर्धन किया। 
वन मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू एवं गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित थे। सभी ने एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश के 140 करोड़ लोगों से आह्वान किया है कि सभी अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगाएं। उनके आह्वान पर यह एक आंदोलन बन गया है, हम लोग छत्तीसगढ़ में भी इसको अभियान के रूप में ले रहे हैं और अकेले वन विभाग का 4 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के 33 जिलों में वन विभाग द्वारा 6 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। बहुत सी प्रजातियों के पेड़ लगाएं जा रहे हैं। पीपल का पेड़ जो 24 घंटा ऑक्सीजन देता है, नीम का पेड़, हर्रा बहेड़ा आंवला जैसे गुणकारी पौधे लगाए जा रहे हैं हर किसी को पेड़ लगाना बहुत आवश्यक है आप सब लोग देख रहे हैं कि पेड़ कम होने से गर्मी के दिनों में गर्मी बहुत बढ़ रही है इस साल तो रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पूरे देश में पड़ी है। पारा 50 डिग्री पहुंच गया। पूरे विश्व में गर्मी से मरने वालों की संख्या बहुत बढ़ गई है, ऐसे समय में बहुत आवश्यक हो जाता है कि हम सभी पेड़ लगाएं। आज वृक्षारोपण अभियान में हमारे स्कूली बच्चे शामिल हुए, हमारे सीआरपीएफ के जवान शामिल हुए, हमारे वन और पुलिस विभाग का अमला भी शामिल हुआ। इन सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद। मुख्यमंत्री ने सभी स्कूलों से भी आह्वान किया है कि बच्चे अपने स्कूल परिसर में अपनी मां के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाएं।
महतारी वंदन योजना की बहनों से भी करेंगे पेड़ लगाने की अपील मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना की बहनों को राशि वितरण के लिए अगस्त माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वे माता-बहनों से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील करेंगे। यदि 70 लाख महिलाएं पेड़ लगाएंगी तो लक्ष्य आसानी से पूरा होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर एक वृक्ष अपने मां के सम्मान में लगाकर उसकी देखभाल करें, उसकी रक्षा करें। यह गौरव का विषय है कि आज हमारे राज्य के सभी वन रेंज में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहां मंत्रालय महानदी भवन स्थित उनके कक्ष में 16 वें वित्त आयोग के चेयरमैन डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आयोग के सभी सदस्यों के छत्तीसगढ़ आगमन पर खुशी जाहिर की और उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का वित्त आयोग के सदस्यों के साथ परिचय हुआ और विभिन्न विषयों पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई। साय ने छत्तीसगढ़ से जुड़ी कुछ खास बातें उनके साथ साझा की। आयोग के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ आगमन के उद्देश्य और प्रवास की पूरी जानकारी दी।
गौरतलब है कि बीते कल देर शाम 16 वें वित्त आयोग का दल छत्तीसगढ़ राज्य प्रवास पर पहुंचा है। इसी कड़ी में आज वित्त आयोग के चेयरमैन डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। अपने प्रवास के दौरान वित्त आयोग के सदस्य राज्य के मंत्रीगणों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न बैठकों में भाग लेंगे। आयोग के सदस्य नवा रायपुर तथा जगदलपुर का भी भ्रमण करेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, आयोग के सदस्य अजय नारायण झा, श्रीमती एन्नी जार्ज मैथ्यू, डॉ. मनोज पांडा, डॉ. सौम्यकांति घोष, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, वित्त आयोग के सचिव रित्विक पांडे, सयुंक्त सचिव कमल कुमार मिश्रा, संयुक्त संचालक राघवेंद्र सिंह सहित दल के सदस्य भी उपस्थित रहे I