Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.-रायपुर। प्रदेश में हो रहे विकास की झलक दिखाने घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के आदिवासी युवाओं को रायपुर भ्रमण कराया जा रहा है. इन आदिवासी युवाओं से विजय शर्मा ने प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान में मुलाकात कर साथ में भोजन किया. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक भी ग्रामीणों से मुलाकात की. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों के विकास कार्यों को बाधा पहुंचाते हुए आदिवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा हुआ है. प्रदेश में हो रहे विकास से अनजान नक्सली क्षेत्र के युवा नक्सलियों के बहकावे में आ जाते हैं. हाल ही में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद इस बात का अहसास होने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली कमांडर हिडमा के गांव पूवर्ती समेत नक्सल प्रभावित क्षेत्र टेकलगुड़ा सहित अन्य गांव के आदिवासियों के रायपुर भ्रमण का कार्यक्रम तय किया. इन आदिवासी युवाओं को मॉल, एग्रीकल्चर कॉलेज, मेकाहार जैसी जगहों पर घुमाया जाएगा.
 

  panchayattantra24.-रायपुर। राजभवन में आज राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के मुख्य आतिथ्य में मिजोरम और अरूणाचल प्रदेश का स्थापना दिवस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने इस अवसर पर कहा कि हमारे पूर्वजों के अथक मेहनत और दृढ़ संकल्प ने हमे गौरवशाली विरासत दी है जिस पर हमे गर्व करना चाहिए। केन्द्र सरकार के “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के तहत विविधता में एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए सभी राज्य एक दूसरे का स्थापना दिवस मनाते है। इसी कड़ी में राजभवन में मिजोरम और अरूणाचल प्रदेश का स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। राज्यपाल ने स्थापना दिवस के अवसर पर इन राज्यों के लोगों को बधाई दी। 
राज्यपाल हरिचंदन ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की एक पहल है जिसका उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रहने वाले विविध संस्कृतियों के लोगों के बीच आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा देना है। ऐसे कार्यक्रम विभिन्न राज्यों के लोगों को अपनी भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और प्रथाओं को साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे भारत की एकता और अखंडता मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों से लेकर मिजोरम की शांत घाटी तक, दोनों राज्यों में समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भाषाएं और जटिल परंपराएं हैं। अरुणाचल प्रदेश अपनी प्राचीन संस्कृति के लिए जाना जाता है। इस राज्य का उल्लेख भारत के प्रमुख धार्मिक ग्रंथों जैसे कालिका पुराण और महाभारत में किया गया है। ऋषि परशुराम ने यहीं पर अपने पापों का प्रायश्चित किया था, ऋषि व्यास ने इस क्षेत्र के जंगलों में तपस्या की थी और भगवान श्री कृष्ण ने भारत के इस पौराणिक स्थल पर रुक्मिणी से विवाह किया था। तिब्बत भूटान और म्यांमर देशों की सीमाओं को छूती हुई इस प्रदेश की संस्कृति अद्वितीय है।
राज्यपाल ने कहा कि जब वे मिजोरम राज्य के बारे में सोचते है, तो उन्हें पहाड़ी इलाके, घुमावदार नदियां, वनस्पतियां, अंतहीन विविध परिदृश्य और समृद्ध जीव-जंतुओं की कल्पना होती है। मिजोरम की जीवंत संस्कृति, अद्भुत कलाएँ और लोक कलाएँ इसकी समृद्ध विरासत का प्रतीक हैं। यह प्रदेश शिक्षा दर में देश में तीसरा स्थान रखता है। मिजो जनजाति की पारंपरिक रूप से पोषित मान्यताएं, विभिन्न सामाजिक-धार्मिक प्रथाएं उन्हें एक विशिष्ट पहचान देती हैं।
उन्होंने कहा कि तेजी से आधुनिक होती दुनिया में, यह महत्वपूर्ण है कि हम अपनी परंपराओं को संजोएं और सतत विकास के लिए प्रयास करें और इन राज्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। कार्यक्रम को मिजोरम राज्य की प्रतिनिधि डाॅ. प्रीति मिश्रा और अरूणाचल प्रदेश की प्रतिनिधि सुश्री हेगे बी. यासीन ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने-अपने राज्यों की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी और लोगों से आग्रह किया कि पर्यटन की दृष्टि से इन राज्यों मंे अवश्य भ्रमण करें। कार्यक्रम के प्रारंभ में मिजोरम के राज्यपाल डाॅ. हरि बाबू कम्भापति और अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल क.े टी. परनाइक ने वीडियो संदेश के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर इन राज्यों से संबंधी लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर मिजोरम और अरूणाचल प्रदेश के लोक नृत्यों एवं जनजातीय संस्कृति से ओत-प्रोत नृत्यों का प्रदर्शन विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने किया। इन राज्यों के प्रतिनिधियों को राज्यपाल ने राजकीय गमछा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने भी राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किये।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज सवेरे लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के प्रशिक्षण में शामिल हुए। रायपुर के सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में सीएसआईआर-सीआरआरआई द्वारा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों और उप अभियंताओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। विभागीय अभियंताओं को रोड सेफ्टी ऑडिट और सड़क सुरक्षा से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि सड़कें गुणवत्तापूर्ण होने के साथ ही सुरक्षित भी होने चाहिए। सड़कों के निर्माण के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी उपायों और प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग के अभियंताओं के लिए यह प्रशिक्षण काफी उपयोगी होगा और वे रोड सेफ्टी ऑडिट तथा सड़क सुरक्षा की बारीकियों एवं व्यावहारिक व्यवस्थाओं को और ज्यादा बेहतर तरीके से जान-समझ पाएंगे। प्रमुख अभियंता श्री के.के. पिपरी और वरिष्ठ विभागीय अधिकारी भी प्रशिक्षण के शुभारंभ सत्र में मौजूद थे। 
उल्लेखनीय है कि देश में बढ़ती दुर्घटनाओं और उनमें मरने वालों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने रोड कमेटी ऑन रोड सेफ्टी का गठन किया है। सड़क दुर्घटनाओं के अन्य कारणों के साथ सड़क निर्माण में होने वाली त्रुटियां भी महत्वपूर्ण कारण हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने दुघर्टनाओं में कमी लाने के लिए सड़कों के निर्माण व संधारण के लिए जिम्मेदार एजेंसियों को उचित प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों एवं उप अभियंताओं के लिए सी.आर.आर.आई., नई दिल्ली के माध्यम से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। विभाग के 55 सहायक अभियंताओं/अनुविभागीय अधिकारियों और 95 उप अभियंताओं को इसमें प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षु अभियंताओं को फील्ड विजिट भी कराया जाएगा।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। गौ तस्करी में लिप्त आरोपियों को जेल भेजने की मांग करते हुए गौ सेवक ओमेश बिसेन दंडवत यात्रा कर रहे हैं. टिकरापारा के सिद्धार्थ चौक से यात्रा शुरू कर ओमेश बिसेन शंकर स्थित आईजी ऑफिस तक जा रहे हैं, जहां तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही को लेकर आईजी रायपुर रेंज को ज्ञापन सौंपेंगे. गौ सेवक ओमेश बिसेन ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में गौ तस्करी हो रही है. गौ तस्करी का पैसा आतंकवाद में लगता है. आमानाका में गौ तस्करी के मामले में शामिल आरोपी बाहर है. उस तस्करी में मनोज जंघेल और हरीश साहू शामिल थे. 10 ट्रक पार करवाते हैं. 1 ट्रक पकड़वाते हैं. 
इनका मोबाइल डाटा पूरा निकला जाए. उनके व्हाट्सएप का बैकअप लिया जाए. उनके अकाउंट की जानकारी ली जाए. आगे ओमेश बिसेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गौ तस्कर युवाओं की टीम बनाकर तस्करी करते हैं. हिंदू संगठन में घुसे हुए लोग अगर ऐसे तस्करी करते हैं, तो ऐसे लोगों का बैकग्राउंड चेक करके उन्हें जेल भेजें. इसी मांग को लेकर आज मैं दंडवत यात्रा कर रहा हूं, और आईजी से मिलकर आरोपियों को जेल भेजने की मांग करूंगा.
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। भारतीय थल सेना में ‘अग्निवीर भर्ती’ हेतु आवेदन 13 फरवरी से 22 मार्च 2024 तक आमंत्रित किए जा रहे हैं। जिसकी अधिसूचना भारतीय सेना की वेबसाइटhttp://joinindianarmy.nic.in परउपलब्ध है। किसी भी अन्य जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के नंबर +91-0771-2965213 पर संपर्क कर सकते हैं। वही गरियाबंद कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकाय सीएमओ को पत्र प्रेषित कर निर्देशित किया है कि सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के मुताबिक अग्निवीरों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है जो भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है। उन्होंने थलसेना में ऑनलाईन पंजीयन कराने के लिए जनपद पंचायतों को 70-70, नगर पालिका एवं नगर पंचायत को 20-20 एवं अन्य सभी विभाग प्रमुखों को 10-10 पात्र युवाओं का थल सेना भर्ती हेतु पंजीयन कराने को कहा गया है। संबंधित अधिकारी अग्निवीर भर्ती थलसेना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कराना सुनिश्चित करें।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मंत्री रामविचार नेताम ने आदित्य राजे सिंह से मुलाकात की। X पोस्ट में उन्होंने बताया कि नई दिल्ली से रायपुर आने के क्रम में हवाई यात्रा के दौरान सबसे कम उम्र के पर्यावरण मित्र, प्रमाणित आईओएस और एंड्रॉइड ऐप डेवलपर, स्वामी प्रज्ञानंद राष्ट्रीय पुरस्कार, लिटिल चैम्प आइकॉन-2023,यंग अचीवर्स, छत्तीसगढ़ अचीवर्स अवार्ड सहित अनेकों पुरस्कार से सम्मानित आदित्य राजे सिंह से मुलाकात हुई। आपने अपनी प्रतिभा से देश के साथ-साथ प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। आपकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा का पर्याय है।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं के संदर्भ में हेल्पलाईन 2024 का 22 फरवरी से 22 मार्च तक संचालन किया जा रहा है। हेल्पलाईन में कल रसायन शास्त्र विषय की विशेषज्ञ कादम्बिनी पटले ने रसायन शास्त्र विषय की परीक्षा की तैयारी के संबंध में विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया। मनोवैज्ञानिक के रूप में उपस्थित डॉ. वर्षा वरवंडकर द्वारा तनाव संबंधी समस्याआंे का निराकरण किया गया।
हेल्पलाईन में छत्तीसगढ़ राज्य के दूरस्थ अंचलों जैसे- रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, महासमुन्द, सक्ती, रायगढ़, धमतरी, गरियाबन्द, राजनांदगांव, सरगुजा, बलरामपुर, दुर्ग एवं अन्य जिलों से विद्यार्थियों द्वारा सवाल किया कि मॉडल पेपर से कितना प्रतिशत प्रश्न आयेगा ? अंग्रेजी में कौन-कौन से निबंध आएंगे, पढ़ाई करते-करते नींद आ जाती है, याद नही रहता है भूल जाता हूं, अकार्बनिक रसायन की तैयारी किस प्रकार करना चाहिए ? केमिस्ट्री में अभिक्रिया को भूल जाता हूॅ, कौन-कौन से इंक वाले पेन का उपयोग कर सकते है। सर बहुत टेंशन हो रहा है, परीक्षा नजदीक आ रही है तो अच्छे नंबर कैसे आएंगे ? त्रिकोणमिती का सवाल नहीं बन रहा है, जैसे प्रश्न पूछे गए। हेल्पलाईन का संचालन उपसचिव जे.के. अग्रवाल, हेल्पलाईन नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार साहू एवं सहायक प्राध्यापक प्रीति शुक्ला, राजेन्द्र दुबे द्वारा विषय संबंधी समस्याओं का समाधान किया। मंगलावार 27 फरवरी को विज्ञान, जीव विज्ञान विषय की विशेषज्ञ डॉ. माधुरी बोरेकर तथा मनोवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक की समस्याओं के निराकरण हेतु हेल्पलाईन में उपस्थित रहेंगी।
 

panchayattantra24.-रायपुर। लोक निर्माण विभाग ने सड़क उन्नयन और नवीनीकरण कार्य‌‌‌ में गुणवत्ताहीन निर्माण और अमानक कार्य के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। कार्यस्थल के निरीक्षण और जांच के बाद उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने चार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। लोक निर्माण विभाग द्वारा गुणवत्ताहीन और अमानक कार्य के लिए कटघोरा उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। वहीं कोरबा संभाग के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता और उप संभागीय अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 
 उप मुख्यमंत्री अरुण साव लोक निर्माण विभाग का प्रभार संभालने के बाद से ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने पर लगातार जोर दे रहे हैं। उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को इसके लिए कड़े निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने को कहा है। कोरबा जिले के चोटिया-चिरमिरी मार्ग के दस किलोमीटर लंबाई के उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्य (वास्तविक लंबाई 23.3 कि.मी.) में कार्यस्थल के निरीक्षण के दौरान जाँच में डामरीकरण की मोटाई औसतन कम एवं किए गए कार्य का घनत्व कम पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। मामले में उप संभाग क्रमांक-2 कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी श्री एस.पी. साहू और उप अभियंता श्री राकेश वर्मा को निलंबित किया गया है। मंत्रालय द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही अमानक कार्य और मार्ग का डामरीकरण कराकर अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंता द्वारा अपने अधिकार का दुरूपयोग कर अपने पदीय कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। इसलिए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत श्री एस.पी. साहू, अनुविभागीय अधिकारी एवं श्री राकेश वर्मा, उप अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उप संभाग क्रमांक-2 कटघोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय, कार्यालय प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण भवन, नवा रायपुर अटल नगर में निर्धारित किया जाता है। दोनों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वहन भत्ते की पात्रता होगी। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को 15 दिनों में दोनों अधिकारियों के विरुद्ध आरोप पत्रादि तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
लोक निर्माण विभाग ने चोटिया-चिरमिरी मार्ग के उन्नयन और नवीनीकरण में अमानक स्तर का कार्य एवं गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही डामरीकरण कराए जाने पर कोरबा संभाग के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता ए.के. वर्मा और कोरबा उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी आर.एन. दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शासन द्वारा दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा गया है कि कार्यस्थल के निरीक्षण के दौरान जाँच में डामरीकरण की मोटाई औसतन कम एवं किए गए कार्य का घनत्व भी कम पाया गया है। दोनों अधिकारियों द्वारा कार्य अमानक स्तर का एवं गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही डामरीकरण कराकर अपने अधिकार का दुरूपयोग कर अपने पदीय कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। दोनों अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों में लापरवाही बरती गई है जो उनके कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करता है। शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के अंतर्गत गंभीर कदाचार मानते हुए दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें नोटिस प्राप्ति के सात दिनों की समयावधि में अपना प्रत्युत्तर प्रस्तुत करने को कहा गया है। निर्धारित समयावधि में प्रत्युत्तर प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। विश्व वंदनीय प.पु.राष्ट्रीय संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज का सलेखना समाधि विगत दिनों छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी तीर्थ स्थल की पावन भूमि पर हुई उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हेतु सर्व समाज की ओर से विनयांजलि का कार्यक्रम आज रायपुर राजधानी के शहीद स्मारक भवन में सकल जैन समाज के बैनर तले आयोजित किया गया बड़े मंदिर के अध्यक्ष संजय नायक जैन ने बताया की सर्वप्रथम आज के कार्यक्रम की शुरुवात पूज्य गुरुदेव के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रजवल्लन कर के हुई उसके बाद दीपक व्यास द्वारा मगलाचरण गीत प्रस्तुत किया गया राजधानी के सभी धर्मो गुरुओ द्वारा अपने अपने धर्म के मुख्य धार्मिक वेद मंत्र,अरदास,प्रार्थना,एवं आयात का वाचन कर सर्व धर्म प्रार्थना की गई जिसमे प्रमुख रूप से सिक्ख समाज से दलेर सिंह जी, गायत्री मंदिर से प्रेम चंद जी, ईसाई धर्म से फादर सेबेस्टियन, मुस्लिम समाज से मोबिन खान व फैजल रिजवी
 जैन समाज की ओर से ब्रमाहचारिणी सुषमा दीदी, एवं प. सौरभ शास्त्री, उपस्थित रहे आज के कार्यक्रम में आचार्य के जीवन पर आधारित एक चल चित्र वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया विनोद बड़जात्या जी द्वारा आचार्य के जीवन एवम उनकी चर्याओ का परिचय प्रस्तुत किया गया विनयांजलि सभा में आज रायपुर सांसद सुनील सोनी, जी रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल ,रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ,रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा जी, भा.ज.पा. महासचिव संजय श्रीवास्तव, राजेश्री महत राम सुदर दास,विश्वहिंदु परिषद प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख ,सद्दानी दरबार के युधिस्ठिर लाल जी सुंदरदास, ऋषभ देव मंदिर ट्रस्ट से विजय काकरिया जी ,श्रमण संघ से ललित पटवा जी ,महाराष्ट्र मंडल से अजय काले जी ,सहज मार्ग से देवनारायण शर्मा, साहित्यकार गिरीश पंकज जी, प्रदीप जैन जी दैनिक विश्व परिवार ,प्रकाश मोदी जी निर्देशक पारस चैनल, आर्किटेक्ट मनीष जैन जी, खंडेलवाल समाज की ओर से कैलाश रारा ,भूपेंद्र कोठडिया छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के पधाधिकारी, कैट रायपुर चेप्टर के सदस्य ,विभिन्न व्यापारिक संगठन, साथ ही सभी दिगम्बर जैन मंदिर के पदाधिकारीगण, सकल जैन समाज के सदस्य रायपुर शहर की समाजसेवी संस्था के पधाधिकारी गण ,महिला मंडल, उपस्थित थे वर्धमान मित्र मंडल देवेंद्र नगर का विशेष सहयोग रहा कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश रज्जन जैन ने किया तथा समापन प्रियंक जैन यशवंत जैन द्वारा किया गया आज विशेष रूप से नरेंद्र जैन गुरुकृपा मैनेजिग ट्रस्टी ,संजय नायक जैन अध्यक्ष ,अरविंद बड़जात्या, श्रेयश जैन उपाध्यक्ष ,सनत जैन ट्रस्टी,भरत जैन ट्रस्टी ,विजय जैन उपाध्यक्ष, प्रणीत जैन, सुजीत जैन, राजीव जैन कोटा,पुष्पेंद्र जैन महेंद्र धड़ीवाल, जितेंद्र गोलछा ,नवीन मोदी, अजीत जैन, प्रवीण जैन, राकेश सरावगी ,छगन मुंदड़ा, विजय नायक, अनिल जैन, सतीश जैन , राजेंद्र परख ,नरेंद्र पारख, ,इंद्रकुमार जैन ,मनोज जैन ,सौरभ जैन, संजुनारायण सिंह ठाकुर, शैलेंद्र जैन प्रियेश जैन ,प्रसंग जैन, मुकेश जैन , राजीव जैन ,आनंद जैन, उपस्थित थे
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पैरादन और पैरा के परिवहन का मामला सदन में प्रश्नकाल के दौरान उठाया. उन्होंने पूछा कि गोधन न्याय योजना के तहत पैरा परिवहन किया जा सकता है क्या? जिस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गोधन न्याय योजना से अनुदान दिया जाता है. इसके लिए 14वें-15वें वित्त से भी पैरा परिवहन के लिए राशि दी जाती है. अजय चंद्राकर ने आगे प्रश्न किया कि पैरा ढुलाई के लिए सेस से भी राशि दी गई है. इसकी जांच करवाएंगे क्या? जिस पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पूर्व मंत्री इसमें भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं. इसलिए इस मामले की वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराएंगे.
अजय चंद्राकर ने आगे कहा कि 53 करोड़ रुपये कागज में खर्च हुए हैं. जबकि पैरादान हुआ ही नहीं है. विधानसभा की समिति से इस मामले की जांच होनी चाहिए. जिस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा की प्रश्न संदर्भ समिति से जांच कराने की घोषणा की.
अजय चंद्राकर ने कहा, कांग्रेस सरकार का अब पैरा परिवहन घोटाला!! आज मैंने प्रश्नकाल में मुद्दा उठाया कि पैरादान हुआ ही नहीं और पैरा परिवहन में 53 करोड़ रुपए खर्च हो गए। मंत्री श्री@brijmohan_ag ने जांच की बात कही है। मैं इसका स्वागत करता हूं और जल्द कड़ी कार्रवाई का इंतजार रहेगा।