Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली से छत्तीसगढ़ लौटेंगे. वे सुबह 11.55 दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 2.10 सीएम “पहुना” पहुंचेंगे. जिसके बाद वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. बता दें कि सीएम साय बीजेपी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे. 
बता दें कि छत्तीसगढ़ में आज से स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया “पीएम श्री योजना” का शुभारंभ होगा. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सीएम विष्णुदेव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे. स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे. शाम 5.30 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ये कार्यक्रम होगा. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत देशभर के स्कूल अपग्रेड होंगे. पीएम श्री योजना के तहत 14 हजार 500 स्कूलों को अपग्रेड किया जाना है. छत्तीसगढ़ के 211 स्कूल का प्रथम चरण में चयन किया गया है. प्रारंभिक स्तर पर 193 और सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी स्तर पर 18 स्कूल शामिल हैं. अपग्रेडेशन के बाद आईसीटी, डिजिटल क्लासरूम के माध्यम से बच्चे पढ़ सकेंगे. विद्यार्थियों को व्यवसायिक शिक्षा और स्थानीय उद्योगों के साथ इंटर्नशिप, उद्यमिता के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा.
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज 17 फरवरी, शनिवार रात में 2.30 बजे ब्रह्म में लीन हुए। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थे। पूरी जागृत अवस्था में 3 दिन के उपवास के बाद समाधि हुई। समग्र जैन समाज में शोक की लहर छा गई। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी तीर्थ पर उन्होंने अंतिम सांस ली, 18 फरवरी, रविवार दोपहर को डोला यहीं से निकाला जाएगा और पंचतत्व में विलीन किया जाएगा। 6 फरवरी को निर्यापक श्रमण मुनि योग सागर से चर्चा करते हुए उन्होंने संघ संबंधी सभी कार्यों से निवृत्ति ले ली और आचार्य पद का त्याग कर दिया था। उन्होंने आचार्य पद के योग्य प्रथम मुनि शिष्य निर्यापक श्रमण मुनि समय सागर महाराज को योग्य समझा और तभी उन्हें आचार्य पद दिया जावें ऐसी घोषणा कर दी थी, जिसकी विधिवत जानकारी आज दी जाएगी। समाधि के समय उनके पास पूज्य मुनि योग सागर, समता सागर, प्रसाद सागर महाराज संघ सहित उपस्थित थे। रात को सूचना मिलते ही आचार्य श्री के हजारों शिष्य डोंगरगढ़ के लिए रवाना हो गए थे।
आचार्य विद्यासागर महाराज का जन्म 10 अक्टूबर 1946 को कर्नाटक प्रांत के बेलगांव जिले के सदलगा गांव में हुआ था। उन्होंने 30 जून 1968 को राजस्थान के अजमेर नगर में आचार्य ज्ञान सागर महाराज से दीक्षा ली थी। आचार्य ज्ञान सागर महाराज ने उनकी कठोर तपस्या को देखते हुए उन्हें अपना आचार्य पद सौंपा था। आचार्य श्री का अधिकांश समय बुंदेलखंड में व्यतीत हुआ, वे वहां के जैन समाज की भक्ति और समर्पण से बहुत प्रभावित थे। आचार्य श्री ने लगभग 350 दीक्षाएं दी है, जिनमें शिक्षित युवाओं की संख्या अधिक है। संघस्त निर्यापक मुनि समता सागर महाराज ने कहा कि यह धर्म संकट की घड़ी है पूरे विश्व को अपूरणीय क्षति हुई है एक कालखंड थम गया है हर आंख में आंसू है, देह का वियोग हुआ है। गुरुवर आज भी हमारे बीच मौजूद हैं। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी एवं प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि इस सदी के महान संत देह से विदेह की यात्रा कर सिद्धत्व की ओर अग्रसर हुए, समग्र जैन समाज ने आचार्य श्री को अपनी विनयांजलि अर्पित की।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को संवारने के लिए तेजी से फैसले ले रही है। जनहित में लिये जा रहे इन फैसलों से राज्य के वनांचल क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। राज्य में सुशासन का नया दौर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने शपथ लेने के केवल दो माह के अंदर ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य की जनता को दी गई गारंटी को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर अनेक कदम उठाएं हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने अन्नदाता किसानों को दो साल के बकाया धान बोनस की राशि देने का निर्णय लेते हुए लगभग 13 लाख किसानों के बैंक खातों में सुशासन दिवस के दिन 3716 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की। किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तथा 3100 रूपए प्रति क्विंटल के मान से धान खरीदी की गई है। किसानों को वर्तमान में समर्थन मूल्य का भुगतान सहकारी बैंकों के माध्यम से किया गया है। किसानों को अंतर की राशि देने के लिए राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना प्रारंभ की जा रही है, जिसके अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में 10 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान तथा वित्तीय वर्ष 2023-24 के तृतीय अनुपूरक में 12 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के साढ़े 12 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को जल जीवन मिशन के तहत निःशुल्क नल कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। निःशुल्क नल कनेक्शन देने के लिए राज्य के बजट में 4,500 करोड़ रुपये प्रावधान रखा गया है। मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना के लिए 3 हजार 400 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। 
इसी प्रकार दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना में भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रुपये वार्षिक सहायता का निर्णय भी लिया गया है, इसके लिए वर्ष 2024-25 के बजट में 500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा शपथ ग्रहण के दूसरे दिन प्रथम कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 18 लाख घरों के निर्माण की स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया, इसके लिए वर्ष 2023-24 के अनुपूरक बजट में 3799 करोड़ और वर्ष 2024-25 के बजट में 8,369 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। महिलाओं के सशक्तिकरण सहित स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए महतारी वंदन योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपए की दर से वार्षिक 12 हजार रुपए आर्थिक सहायता दी जाएगी, इसके लिए बजट में 3000 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले लोग बख्शे नहीं जाएंगे। इस संबंध में पीएससी परीक्षा घोटाले की सीबीआई जांच का निर्णय लिया गया है। उन्होंने युवा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना लागू करने का निर्णय लिया है।
इसी प्रकार पुलिस विभाग सहित विभिन्न शासकीय भर्तियों में युवाओं को निर्धारित आयु सीमा में 5 वर्षों की छूट देने का निर्णय भी लिया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने तेंदूपत्ता संग्रहण दर को 4,000 रुपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा करने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए कटघोरा से डोंगरगढ़ रेल लाइन निर्माण के लिए राज्य के बजट में 300 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को 400 यूनिट तक आधे दाम पर बिजली प्रदाय करने के लिए 1274 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। भ्रष्टाचार निवारण के लिए शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए अटल मॉनिटरिंग पोर्टल शुरू किया गया है। कोल परिवहन की पारदर्शी प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन परमिट व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के शहर राजिम के वैभव को फिर से स्थापित करने के लिए राजिम कुंभ (कल्प) आयोजन का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ के लोगों को अयोध्या यात्रा के लिए निःशुल्क रामलला दर्शन योजना लागू की गई है, इसके लिए बजट में 35 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। लोकसभा चुनाव करीब है. इसी बीच खबर है कि जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ आने वाले हैं. लेकिन उनके आने से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ आने की चर्चा है. सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. उनकी मौजूदगी में क्लस्टर स्तरीय सभा, प्रबुद्धजनों की संगोष्ठी और बैठकें होगी. चर्चा इस बात की भी है कि 20 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आ सकते हैं, हालांकि प्रदेश भाजपा ने अभी कोई अधिकृत सूचना जारी नहीं की है. भाजपा सूत्रों का कहना हैं कि अमित शाह का 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरा लगभग तय हो गया है. आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा संभावित है. बताया जा रहा है कि आठ मार्च अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन भाजपा सरकार के महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित महिलाओं को एक हजार रुपए प्रतिमाह देने की शुरूआत कर सकते हैं।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े प्रेस क्लब के लिए शनिवार को मधुकर खेर स्मृति भवन में निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर बीसी साहू के नेतृत्व में मतदान शुरू हो गया है। बीसी साहू ने बताया कि सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गया है। जिसका परिणाम शाम 4 बजे के बाद आएगा। अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों में अनिल पुसदकर, दामु आंबेडारे, संदीप पुराणिक, प्रफुल्ल ठाकुर, सुकांत राजपूत सहित 29 प्रत्याशी मैदान में हैं जो प्रेसक्लब की नई पारी के लिए भाग्य आजमा रहे हैं। अब तक कोई खास रूझान देखने को नहीं मिला है। जानकारों को कहना है कि दोपहर तक भीड़ बढ़ सकती है। 900 सदस्यों वाली प्रेसक्लब में चुनाव के लिए पिछले एक सप्ताह से नामांकन के बाद से प्रत्याशी लगातार प्रेस के दफ्तरों में जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर समर्थन मांग रहे थे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने के साथ ही उसे विश्व स्तर पर पहचान दिलाना हमारा मकसद भी है और संकल्प भी है। यह बात संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। अग्रवाल ने विधानसभा में बताया कि बस्तर में आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए सरकार ने बस्तर दशहरा, चितेकोट महोत्सव, रामा राम महोत्सव और गोंचा महोत्सव आयोजन की राशि को बढ़ाने की घोषणा की। अग्रवाल ने कहा कि,आदिवासियों के हितों का संरक्षण और उनकी संस्कृति की रक्षा के लिए भाजपा सरकार वचनबद्ध है।
बस्तर की संस्कृति बहुत पुरातन और आदिवासी संस्कृति है जो आज भी अपने मूल स्वरूप में है।बस्तर में 75 दिनों तक चलने वाला दशहरा विश्व प्रसिद्ध है जहां रावण दहन नहीं होता बल्कि आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। इस धरोहर को सहेज कर रखने के लिए विभाग ने बस्तर दशहरा के आयोजन के लिए प्रत्येक वर्ष 50 लाख रुपए देने का निर्णय लिए है। अभी तक यह राशि मात्र 25 लाख रुपए थी। इसी प्रकार से चित्रकोट महोत्सव के लिए राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए और रामाराम महोत्सव के लिए 15 लाख रुपए, गोंचा महोत्सव के लिए धनराशि 5 लाख रुपए किए जाने की घोषणा की।
 अग्रवाल ने बताया कि, इससे बस्तर की संस्कृति को जीवंत रखा जा सकेगा। आदिवासी समाज अपनी जीवन शैली और पहचान को बनाए रखे। आने वाले समय में बस्तर में नक्सलवाद सुनाई नहीं देगी। बल्कि वहां की संस्कृति, मांदर, ढोल की थाप गूंजेगी। उन्होंने कहा कि, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार केवल आदिवासियों के नाम पर उनका वोट लेने का काम करती रखी। इतना ही नही नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए जरूरी काम भी नही किया। अगर हम आदिवासियों की मूल संस्कृति को जीवित रखेंगे तो कोई उनको भटकाकर नक्सलवाद के गलत रास्ते पर नही ले जाएगा।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम के तहत रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह आज धरमपुरा स्थित प्राथमिक स्कूल पहुंचे. कलेक्टर ने यहां बच्चों को खाना खिलाया. इसके बाद खुद बच्चों के साथ खाना खाए. इस दौरान कलेक्टर गौरव सिंह के साथ उनका परिवार, रायपुर एसपी संतोष कुमार यादव और नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा मौजूद रहे.
बता दें कि प्रदेशभर के स्कूलों में ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है. इसमें मध्यान भोजन की जगह अब छात्रों को विशेष पकवान परोसे जा सकेंगे. इसके अंतर्गत आम व्यक्ति सामान्य स्कूलों में छात्रों को खाना खिला सकेंगे. छात्रों से पूछकर मेन्यू तैयार किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बच्चों की पौष्टिक खुराक बढ़ाने के लिए ये पहल की जा रही है।
 

 panchayattantra24.-रायपुर/दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली में आज से बीजेपी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। इस अधिवेशन में शामिल होने के लिए CM विष्णुदेव साय दिल्ली पहुंच चुके है। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय बीजेपी नेताओं से मुलाकात करेंगे। मंत्री OP चौधरी, धरम लाल कौशिक भी कल देर शाम दिल्ली रवाना हुए। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस दो दिवसीय अधिवेशन में लोकसभा चुनाव के लेकर चर्चा होगी। 
बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आज 17 और 18 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। छग से मंत्री, सांसद, MLA, समेत 300 पदाधिकारी भी शामिल होंगे। मिली जानकारी के अनुसार पिछले अधिवेशन में तय किए दिशा निर्देशों की समीक्षा की जाएगी।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा आयोजित इजीनियरिंग सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 2024 कल 18 फरवरी रविवार को दो पालियों में होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगी। गौरतलब है कि प्रथम पाली में 9.30 बजे एवं द्वितीय पाली में 1.30 बजे प्रवेश बंद हो जाएगा, परिसर में मोबाईल फोन या अन्य कोई इलेक्टॉनिक क्मअपबम प्रतिबंधित होगा । 
परीक्षा 5 परीक्षा केन्द्रो में होगी। पी. जी. उमाठे, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला शांति नगर रायपुर, जे. आर. दानी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, कालीबाड़ी चौक, रायपुर, शहीद संजय यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संजय नगर, रायपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मठपुरेना रिंग रोड नं. 1, रायपुर, शासकीय हाई स्कूल लालपुर (एम. एम. आई हास्पिटल के पास) रायपुर में आयोजित की जाएगी।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में संस्कृत विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा आज सदन में शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने की. इसे लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने विधानसभा में अशासकीय संकल्प लाया था, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. विधायक चंद्राकर ने कहा, छत्तीसगढ़ में संस्कृति, संस्कृत के वेद साहित्य और भी जो तुलनात्मक धर्म दर्शन के विषय हैं उनको समाहित करते हुए छत्तीसगढ़ का पहला संस्कृत विश्वविद्यालय बनाने की आज सदन में घोषणा की गई. इस विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने से सनातन धर्म की जानकारी लोगों तक पहुंचेगी. 
 विधायक अजय चंद्राकर ने कहा, प्रदेश में संस्कृत विश्वविद्यालय खुलने से सनातन के अध्ययन को एक नई दिशा मिलेगी. सनातन को आगे बढ़ाने की दिशा के लिए मेरे द्वारा लाया गया अशासकीय संकल्प सर्वसम्मति से पारित करने के इस निर्णय के लिए सदन के सभी सदस्यों, शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और विष्णुदेव साय सरकार को बधाई देता हूं.