Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर। प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए चयनित रायगढ़ घराने के कत्थक नर्तक रामलाल बरेठ जब केवल 4 साल के थे तभी महाराजा चक्रधर सिंह ने उनमें छिपी नृत्य की प्रतिभा पहचान ली थी। उन्होंने उनके पिता और इतने ही प्रतिभाशाली कत्थक कलाकार कीर्तनराम से कहा कि इसके कत्थक की प्रशिक्षण की व्यवस्था मैं अपनी देखरेख में करूंगा। उन्होंने देश भर के जाने-माने कलाकारों से बरेठ का प्रशिक्षण कराया।
महाराजा चक्रधर सिंह ने उन पर जो भरोसा दिखाया, उसे बरेठ ने पूरा किया। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से लेकर पद्मश्री तक का सफर तय कर उन्होंने रायगढ़ घराने को नई ऊंचाई दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें आज राज्य अतिथि गृह पहुना में आमंत्रित किया। श्री साय ने कहा कि आपने छत्तीसगढ़ का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है। मेरा सौभाग्य रहा है कि मैंने रायगढ़ की कला परंपराओं के बारे में काफी कहानियां सुनी हैं और महाराजा चक्रधर सिंह के बारे में भी काफी कुछ सुना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराजा चक्रधर सिंह के बारे में यह कहा जाता है कि जब वो तबला बजाते थे तो इसमें लीन हो जाते थे और बारिश होने लगती थी। ऐसे महान कलाकार के संरक्षण में आपने कत्थक सीखा है इस पर हम सब गौरव करते हैं।
बरेठ अभी 88 साल के हो चुके हैं। उनका आरंभिक जीवन आर्थिक कठिनाइयों से घिरा रहा। रायगढ़ रियासत में महाराजा चक्रधर सिंह के जाने के बाद उनके परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बरेठ बताते हैं कि कत्थक नृत्य अकेले का कर्म नहीं है। आपको इसके लिए कुशल संगतकार चाहिए। इसकी व्यवस्था करने और रायगढ़ घराने की प्रतिष्ठा को बनाये रखने मैंने कठिन परिश्रम किया।
बरेठ के देश के महान कत्थक कलाकारों के साथ बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंडित बिरजु महाराज के साथ उनके बहुत स्नेहिल संबंध रहे हैं। पंडित बिरजु महाराज उन्हें बहुत स्नेह पात्र मानते थे। बिरजु महाराज का जन्म भी रायगढ़ में हुआ। अच्छन महाराज जैसे प्रतिभाशाली लोगों से सीखने का अवसर मिला और कत्थक की शानदार यात्रा रायगढ़ घराने के प्रोत्साहन से शुरू हुई।

 
panchayattantra24.-रायपुर। प्रदेश का पहला आयुर्वेद विश्वविद्यालय राजधानी रायपुर में खुलेगा। राज्य के शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को श्री नारायण प्रसाद अवस्थी शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में 2 दिवसीय आयुर्वेद एलुमनी मीट ‘‘स्वर्ण कुंभ‘‘ का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कॉलेज से पढ़कर निकले और देश-विदेश में सेवाएं दे रहे, ऐसे पुराने डॉक्टर्स को सम्मानित भी किया।
शिक्षा मंत्री अग्रवाल ने कहा कि आयुर्वेद हमारे जीवन पद्धति का एक अंग है। हमारे घरों का रसोईघर अपने आप में एक आयुर्वेदिक औषधि केंद्र है। एक जानकर व्यक्ति इनका सही प्रयोग करके निरोगी काया पा सकता है। उन्होंने कहा कि, आयुर्वेद आदिकाल से है। जब लंका में श्री लक्ष्मण जी मूर्छित हुए थे तब भी वैद्यराज सुषेण ने आयुर्वेद के जरिए उनकी जान बचाई थी उस वक्त एलोपैथ का नामोनिशान नहीं था। लेकिन अंग्रेजों के समय से भारतीय चिकित्सा प्रणाली को हाशिए पर ला दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर आयुर्वेद और आयुष को बढ़ावा दिया जिसके बाद आज पूरी दुनिया में आयुर्वेद को अलग पहचान मिली। कोरोना काल में आयुर्वेदिक काढ़े और दवाईयों ने लाखों लोगों की जान बचाई। लोगों में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता लाने का भी सुझाव अग्रवाल ने दिया।
शिक्षा मंत्री अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम में पुराने दोस्तों से मिलकर सभी लोगों को अपने छात्र जीवन के दिन की यादें ताजा करने का अवसर मिला होगा। ऐसे लोगों से भी मुलाकात हुई होगी, जिन्होंने आयुर्वेद को एलोपैथी के बराबर का दर्जा दिलाने के लिए बहुत संघर्ष किया था। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ भूषणलाल जांगड़े, कवि डॉ सुरेंद्र दुबे, प्राचार्य डॉ जी. आर चतुर्वेदी, संयुक्त संचालक, आयुष डॉ सुनील कुमार दास, आयोजन समिति के अध्यक्ष, डॉ पतंजलि दीवान, डॉ शिव नारायण द्विवेदी, डॉ हरेंद्र शुक्ला समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित हुए।
 

 
 
 panchayattantra24.- रायपुर। आयुर्वेद में एक कहानी बताई जाती है। तक्षशिला विश्वविद्यालय में जब चरक और साथियों की गुरुकुल में शिक्षा पूरी हुई तो उनके गुरु ने अंतिम परीक्षा के लिए उन सभी को बुलाया। उनसे कहा कि ऐसे पौधे लाकर दें जिसमें औषधीय गुण हों और जिसके बारे में अब तक बताया न गया हो। सभी विद्यार्थी कुछ पौधे लेकर आये, केवल चरक कुछ नहीं लाये। जब चरक से गुरू ने पूछा कि पौधे क्यों नहीं लाए। चरक ने कहा कि मुझे सभी पौधों में कुछ न कुछ औषधीय गुण मिले, चूंकि सभी को लाना संभव नहीं था, इसलिए मैं खाली हाथ आया। गुरु जी ने कहा कि परीक्षा में केवल चरक उत्तीर्ण हुए। संसार में हर पौधे में कुछ न कुछ औषधीय गुण मौजूद हैं। यह कहानी बताती है कि जड़ी-बूटी के क्षेत्र में अनुसंधान की बड़ी गुंजाइश होती है।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में रहने वाले वैद्य श्री हेमराज मांझी ने अपना पूरा जीवन इन्हीं जड़ी-बूटियों की खोज की और लगभग पांच दशकों से हजारों लोगों को ठीक किया है। आम जनता की इस अहर्निश सेवा के चलते केंद्र सरकार ने इन्हें पद्मश्री से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य अतिथि गृह पहुना में श्री मांझी का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने छत्तीसगढ़ का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है। आपने परंपरागत जड़ी-बूटियों के माध्यम से अनेक बीमारियों में लोगों का उपचार किया है। अमेरिका जैसे देशों से भी पेशेंट आपके पास आये हैं। यह ऐसी विद्या है जिसे अगली पीढ़ी तक पहुँचाना है।
उल्लेखनीय है कि मांझी ने छोटे डोंगर में ऐसे समय में लोगों का जड़ी बूटियों से इलाज करने का निर्णय लिया जब यहां स्वास्थ्य सुविधाएं बिल्कुल नहीं थी। परिवार में किसी के वैद्य के पेशे में नहीं होने के बावजूद उन्होंने सेवाभाव के चलते यह निर्णय लिया। उनके अनुभव के चलते उनका ज्ञान बढ़ता गया और नारायणपुर के अलावा दूसरे जिलों के मरीज भी उनके पास आने लगे।
वैद्य मांझी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम तो सेवा का कार्य कर रहे थे। लोगों का उपचार कर रहे थे और खुश थे। जब पता चला कि मोदी जी ने पद्मश्री के लिए चुनने का निर्णय लिया है तो पहले तो आश्चर्य हुआ। हमें लगा कि दिल्ली में भी बैठकर मोदी जी की सरकार पूरे देश में हो रहे अच्छे कामों पर नजर बनाये हुए हैं और सेवा का काम करने वालों को सम्मानित करते जा रही है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। सड़क सुरक्षा माह 2024 के चौदहवें दिन यातायात पुलिस रायपुर द्वारा व्यवसायिक वाहन चालक बस चालक/परिचालक एवं आटो, ई-रिक्शा चालकों का नेत्र/ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 241 बस, आटो, ई-रिक्शा चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। व्यवसायिक वाहन चालकों के अतिरिक्त 53 पुलिस स्टाफ, बस स्टैंड में कार्यरत नगर निगम स्टाफ का भी नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच की गई। नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच के लिए ए.एस.जी. आई हास्पिटल शंकर नगर की टीम, जिला हास्पिटल की जांच टीम एवं श्रेयांश मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल की टीम के द्वारा की गयी। वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गयी एवं शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भागीदारी देते हुए यातायात नियमों का पालन कर वाहन चलाने के लिए प्रशिक्षक टीके लाल भोई द्वारा बताया गया। स्वास्थ्य जांच में चालकों के बी.पी. एवं सुगर की जांच की गई। उक्त जांच शिविर में सचिन्द्र कुमार चौबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर, सुशान्तो बनर्जी उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर एवं भाठागांव बस स्टैंड के प्रभारी उप निरीक्षक श्याम सिंह नेताम के साथ साथ यातायात की टीम भी उपस्थित थे।
यातायात जनजागरूकता की कड़ी में ग्राम सारागांव में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रोचक तरीके से शराब पीकर गाड़ी चलाने से कैसे चालक, गाड़ी से अपना नियंत्रण खो देता है और दुर्घटना का शिकार होता है। दुर्घटना में जान चली जाती है और उस व्यक्ति पर आश्रित परिवार के लोग टूट जाते है। घर की परिस्थितयां बदल जाती है, परिवार आर्थिक तंगी से गुजरने लगती है पर सहयोग के लिए कोई आगे नही आता है। यह कड़वा सच है, जिसको सब जानते है परंतु सड़क पर अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी कोई निभाना नही चाहता। अपने जीवन का परिवार, समाज के लिए आवश्यकता को हमें समझना होगा।
सड़क पर चलते समय अपने परिवार जनों के लिए हमें यातायात नियमों का पालन करना होगा, समझाया गया। यह भी बताया गया कि आज भी ग्रामीण अंचलों में बारात, चौथिया, छट्टी इत्यादि कार्यक्रमों को मालवाहक वाहनों में काफी संख्या में लोगों को बिठाकर ले जाया जाता है। वापसी में अक्सर खुशी के कार्यक्रमों के कारण वाहन चालक भी अन्य लोगों के साथ मदिरापान कर वाहन चलाता है। वाहन से नियंत्रण खोने पर एक ही बार में कई सवार लोगों की मौत हो जाती है। इन सबसे सीख लेने की जरूरत है। इसलिए मालवाहक वाहनों का उपयोग सवारी ढोने के लिए न किया जावे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहां राज्य अतिथि गृह पहुना में वाटरपोलो स्पोर्ट्स के खिलाड़ी अभिजीत राज सोनी ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय को अभिजीत ने बताया कि उनका चयन अंडर-19 राष्ट्रीय वाटर पोलो प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
विगत वर्ष सितंबर माह में कोरबा में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत अंडर-19 वाटरपोलो स्पर्धा में उनके नेतृत्व में सरगुजा की टीम ने काँस्य पदक हासिल किया था। मुख्यमंत्री ने अभिजीत की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए शाल पहना कर उनका अभिनन्दन किया और आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संजीव सेठ सोनी, अम्बिकेश स्वर्णकार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। लोकसभा चुनाव नजदीक है. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां सियासी जाल बुन रही हैं. आए दिन बैठकों का दौर जारी है. इस बीच कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कांग्रेस की बैठक को लेकर तंज कसा है. राम विचार नेताम ने कहा, कांग्रेस की जो स्थिति हैं, कदम ताल कर रहे हैं. चुनावी मैदान में पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद को उतरेंगे ये इनका निजी मामला है. कांग्रेस एक तरह से निराश है, हताश है, टूट चुकी है। 
आगे रामविचार नेताम ने कहा, छत्तीसगढ़ में ये वातावरण बना कर चल रहें थे कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बन रही है, लेकिन जनता ने जो जनादेश दिया, इससे कांग्रेस पूरी तरह से हिल चुकी है.
समझ नहीं आ रहा है कि, आखिर हुआ क्या. बैठक है तो चलते रहेगी, इससे कुछ होना नहीं है, उन्हें यह भी लगने लगा है कि छत्तीसगढ़ में एक भी सीट पाना अब उनके लिए बहुत मुश्किल का काम है. जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी का बूथ से लेकर जिला तक वह राष्ट्रीय स्तर तक कार्यक्रम जो चल रहा है उसे निश्चित ही यह हताशा की ओर है.
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर। नवनिर्वाचित महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा कल छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अलका का प्रथम आगमन है। 28 , 29 जनवरी को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेगी।
प्रदेश प्रवक्ता वंदना राजपूत ने बताया कि कल सुबह 9 बजे एयरपोर्ट में महिला कांग्रेस के द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा जिसे लेकर के महिला कांग्रेस के पदाधिकारी काफी उत्साहित है। 11:00 बजे राजीव भवन में भी स्वागत वंदन अभिनंदन किया जाएगा उसके बाद 12:00 बजे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगा। दोपहर 1:00 बजे प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक होगी। जिसमें महिला कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।
29 जनवरी को धमतरी में महिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मुख्य रूप से महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका ,महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद फूलों देवी नेताम उपस्थित रहेंगे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री दयालदास बघेल बेमेतरा जिले के नवागढ़ शंकर नगर में आयोजित रामायण मानस गायन कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में रामायण मानस मण्डली महत्वपूर्ण स्थान रखती है। यह हमारी संस्कृति की धरोहर है। रामायण मानस मंडलियां प्रदेश में प्रभु श्री राम के आदर्शो और उनके जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने आज गायत्री परिवार महिला प्रकोष्ठ द्वारा गायत्री शक्तिपीठ बलौदाबाज़ार में आयोजित पाँच दिवसीय “आवासीय नारी सशक्तिकरण प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर” के प्रथम दिवस पर उपस्थित होकर माता गायत्री की वंदना की।इस अवसर पर उन्होंने गायत्री परिवार की माताओं-बहनों से संवाद भी किया।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड से पूर्व 24 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विभिन्न प्रदेशों से झांकी के प्रदर्शन के लिए राजधानी आए लोक-कलाकारों को आमंत्रित कर उनसे मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। इसी दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की झांकी ‘‘बस्तर की आदिम जनसंसद: मुरिया दरबार‘‘ में शामिल लोक-कलाकारों से भी मुलाकात की। इन कलाकारों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी शुभकामनाओं के साथ छत्तीसगढ़ से नई दिल्ली रवाना किया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राज्यों से आयीं महिला कलाकारों को अच्छे एवं जीवंत प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों से नई दिल्ली पहुंचे एनसीसी और एनएसएस के बच्चों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना एंव प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, तथा अन्य मंत्रिगण मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार गणतंत्र दिवस की परेड देश की नारी शक्ति को समर्पित है। मैं आज यहां इतनी बड़ी संख्या में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई बेटियों को देख रहा हूं। आप यहां अकेले नहीं आए हैं बल्कि आप सभी अपने साथ अपने राज्यों के रीति रिवाज और अपने समाज की समृद्ध सोच भी लेकर आए हैं। आज आप सब से मिलना भी एक विशेष अवसर बन गया है। कड़ाके की ठंड में आप सभी ने घने कोहरे के बीच दिन-रात रिहर्सल किया और गजब की परफॉर्मेंस दे रहे हैं। मुझे पक्का विश्वास है कि जब आप यहां से अपने घर जाएंगे तो आपके पास गणतंत्र दिवस के अनुभवों के बारे में बताने के लिए काफी कुछ होगा और यही तो इस देश की विशेषता है। विविधताओं से भरे हमारे देश में सिर्फ एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने से ही जीवन में नए अनुभव जुड़ने लग जाते हैं।