panchayattantra24.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन साल की मासूम बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का विरोध करना दादी को महंगा पड़ गया। आरोपी ने बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानिए पूरा मामला
यह पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा का है। बताया जा रहा है कि राजकुमारी यादव शनिवार देर रात अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोसी प्रशांत शुक्ला वहां पहुंचा। रात करीब 10 बजे तीन साल की बच्ची को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की।
बच्ची को ले जाने से रोकने पर मारा चाकू
बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने इसका विरोध करते हुए उसे रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस बात से नाराज युवक ने पहले गाली-गलौज की और फिर अपने पास रखे धारदार चाकू से महिला पर हमला कर दिया। हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजन घायल राजकुमारी यादव को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। तीन साल की मासूम को जबरन ले जाने की कोशिश और उसका विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की मौत से इलाके में चिंता का माहौल है। अब पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
