Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
रायपुर । पहले चरण के मतदान के साथ ही दूसरे चरण के मतदान के लिए भी चुनाव प्रचार अपने पूरे शबाब पर है. देश भर में सभी दलों के नेता तूफानी दौरा कर प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कवायद कर रहे हैं. केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज चुनाव प्रचार में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला पहुंचे जहां उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित किया. राजनाथ सिंह ने इस दौरान नक्सल ब्लास्ट में शहीद दिवंगत भाजपा विधायक भीमा मंडावी सहित 5 जवानों को श्रद्धांजलि दी. शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि बस्तर में हुए हमले में विधायक भीमा मंडावी और जवानों की शहादत से क्या गुजरा बता नहीं सकता. मैं उन लोगों को नहीं छोडूंगा. लोकतांत्रिक से परिवर्तन लाया जाता है, बंदूक से परिवर्तन नहीं होता. उन्होंने कहा कि नक्सलियों की कमर टूट चुकी है. मैंने मौजूदा सीएम को कहा है कि केंद्र सरकार साथ खड़ी है. हर पल हर समय हम तैयार हैं ।
सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने इस दौरान कांग्रेस के ऊपर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है घोषणा पत्र में राजद्रोह का कानून भंग करेगी, राष्ट्रद्रोह को क्या माफ करना चाहिए. हमारी सरकार आएगी तो कानून खत्म नहीं होगा. वहीं राफेल मामले पर उन्होंने कहा कि फ्रांस की सरकार से राफेल खरीदा गया जिसे लेकर कांग्रेस हल्ला कर रही है. यही काम कांग्रेस कर लेती तो हमें पाकिस्तान नहीं जाना पड़ता. देश की धरती से ही हम उनका विनाश कर देते. पीएम मोदी पर राफेल विमान सौदे में घोटाले के आरोप पर राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले को कड़ी सजा मिले. आखिर पीएम मोदी किसे कमा कर देंगे, किसके लिए घोटाला करेंगे. मोदी जी देश के लिए जीते हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पनडुब्बी घोटाला, 2जी घोटाला जैसे कई घोटाला कांग्रेस ने किया. कांग्रेस के नेता जेल की हवा तक खा रहे हैं, ये आरोप लगाते हैं. देश में आतंकी हमले का हमने सावधानी से जवाब दिया. अटल जी कहते थे- दोस्त बदल जाना चाहिए, पड़ोसी न बदलने देंगे. हमने हमला किया तो पाकिस्तान पर आंच नहीं आने दिया ।
हमने आतंकी ठिकानों को ही फोकस किया. कांग्रेस इसका सबूत मांगती है. मारे नहीं जाते तो पाकिस्तान परेशान क्यों नहीं होता. राजनाथ ने कहा इंदिरा जी ने जब पाकिस्तान को धूल चटाया तो अटल जी ने संसद में प्रशंसा की उस समय जवाब देने के लिए इंदिरा जी की प्रशंसा हो सकती है तो मोदी जी की क्यों नहीं. हम देश की जनता में भय लाकर सरकार नहीं बनाएंगे. हम देश की जनता का विश्वास जीतकर सरकार बनाएंगे ।
राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि पाकिस्तान से ज्यादा भारत में मुस्लमान सुरक्षित हैं. हर देश के ऊपर चलता है सेटेलाइट, अभी तक दुनिया में 3 देश थे रूस, अमेरिका और चीन. जो अपना सेटेलाइट दूसरे देश मे भेजकर वहां की सिग्नल ढप कर देते थे. लेकिन अब भारत के वैज्ञानिकों ने भी वो कर दिखाया. भारत ने भी एंटी सेटेलाइट मिसाइल तैयार किया है. मोदी जी ने वैज्ञानिकों को आगे बढ़ाया. भारत अब किसी देश की तुलना में पीछे नहीं है. मौजूदा सरकार पर राजनाथ सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि कर्ज, बिजली बिल, बेरोजगारी भत्ता, रोजगार पर जनता से सवाल पूछा और शराब की बिक्री पर सरकार पर तंज कसा. उन्होंने कहा मौजूदा मुख्यमंत्री को हमने साथ देने का वादा किया है. अभी सरकार का ये रवैय्या है. आगे-आगे देखो होता है क्या? राज्य सरकार 6 हजार नहीं देगी तो केंद्र में सरकार आने के बाद हम देंगे 6 हजार. 2 हेक्टेयर से नीचे और पूरे देश का डाटा तैयार कर हम उनके खातों में रूपये डालेंगे. भाजपा ने जो कहा सो किया. एक बार फिर भाजपा वादा निभाएगी।
इससे पहले उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ मेरा दिली लगाव है. 2003 में मैं प्रदेश के चुनाव का प्रभारी था, लग रहा था प्रदेश में आतंक का साया है. पिछले 15 साल रमन सरकार ने विकास किया. मौजूदा सरकार का कार्य कुछ समय बाद पता चलेगा. जनता को लगा 15 साल बाद नई सरकार चाहिए. नई सरकार बनी लेकिन क्या हो रहा बताने की जरूरत नहीं ।
चुनाव का समय है चुनाव हो जाने दो. चुन्नीलाल और चंदूलाल दोनों है साथ-साथ. बाकी पार्टी की तरह भाजपा में लट्ठमलत्ता नहीं होता. भारत देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा. दुनिया में तेजी से भारत की अर्थव्यवस्था भी बढ़ रही है. दुनिया में ये धारणा थी कि भारत पिछड़ा हुआ देश है. लेकिन अब ये धारणा 2014 के बाद बदल चुकी है. यह मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद संभव हुआ है. दुनियां के टॉप 10 देश मे 2014 के पहले 9वां स्थान था अब 2014 के बाद है भारत 6वें स्थान पर है, कुछ समय बाद भारत 5वें स्थान पर होगा. आने वाले समय में भारत रूस, अमेरिका को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर होगा. कांग्रेस की सरकार थी तब 2008 से 2014 तक 25 लाख मकान बनवाये. 50 माह में मोदी की सरकार ने एक करोड़ 20 लाख मकान बनवाकर गरीबों को दिए. स्वच्छता में भारत 40 से 60 फीसदी तक बढ़ा ।
डोंगरगढ़ । चैत्र नवरात्र के अवसर पर डोंगरगढ़ के पवार धर्मशाला के प्रांगण मे पंचमी को विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया. जिसमें श्रद्धालुओं पहुंच कर भंडारे का लाभ लिया ।
बता दें कि पवार जनकल्याण सेवा समिति छत्तीसगढ़ के तत्ज्ञधान में हरसाल के पंचमी को विशाल भंडारा का आयोजन किया जाता है. धर्मनगरी डोंगरगढ़ के पवार धर्मशाला के प्रांगण मे राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी.मुरलीधर टेम्भरे राष्ट्रिय उपाध्यक्ष राजेंद्र पटले राष्ट्रीय सहसचिव जितेन्द्र बिसेन और समस्त पवार सामाजिक बंधु छत्तीसगढ़,महाराष्ट्र,मध्यप्रदेश के श्रद्धालु हजारो की संख्या मे उपस्थिति थे,सभी लोगों ने भरपूर सहयोग किया ।
दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बीजेपी विधायक भीमा मंडावी की हत्या मामले में नई जानकारी सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नक्सल कमांडर विनोद हुंगा ने ही विधायक भीमा मंडावी की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। 55 वर्षीय विनोद हुंगा नक्सलियों के कटेकल्याण एरिया कमांडर है। खबर के मुताबिक विनोद हुंगा बीते मंगलवार को हुए हमले के पीछे का मास्टर माइंड है।
रिपोर्ट के मुताबिक उसने करीब 60 नक्सलियों के साथ मिलकर ये प्लान बनाया। बताया जाता है कि इससे पहले अक्टूबर 2018 में विधानसभा चुनाव कवरेज के लिए गए दूरदर्शन के वीडियो जर्नलिस्ट अच्युतानंद साहू की हत्या के मामले में भी हुंगा मास्टर माइंड था। विनोद हुंगा पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित है। बता दें कि मंगलवार को हुए नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था जिसमें बीजेपी विधायक सहित पांच लोगों की जानें गई थी। जिसमें तीन सुरक्षाबल के जवान शहीद हो गए थे।
रायपुर । पूर्व ADG आरसी पटेल का शंकरनगर स्थित आवास में निधन हो गया है. छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेश रहे आरसी पटेल रात में खाना खाकर सोये हुए थे. सुबह जब देर तक वो नहीं उठे, तो परिजनों ने उन्हें नींद से जगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.मौत की वजह अज्ञात बताई जा रही है।
आरसी पटेल रायगढ़ जिले के पटेल पाली गांव के रहने वाले थे. उनका 66 साल की उम्र में निधन हुआहै. पटेल 1979 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अफसर थे. उनकी पोस्टिंग DSP के पद पर हुई थी. बाद में वो ADG रैंक से रिटायर्ड हुए थे. उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक ग्राम पटेल पाली जिला रायगढ़ में किया जाएगा. आरसी पटेल का पार्थिव शरीर 18 गीतांजलि नगर रायपुर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है,जिसके बाद आज उनके गृह ग्राम में अंतिम संस्कार किया जायेगा….खबर मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी उनके घर पहुंच रहे है।
रायपुर । केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह रायपुर पहुंच गए है। लोकसभा चुनाव प्रचार को लेकर राजनाथ सिंह छत्तीसगढ़ के दौरे पर है। वे महासमुंद, दुर्ग और कांकेर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। बता दें कि आज छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान किया जा रहा है। दूसरे चरण में 18 अप्रैल और तीसरे और आखिरी चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कुल 11 सीटें हैं। पिछली बार बीजेपी ने 10 सीटों पर जीत हासिल किया था। लेकिन विधानसभा चुनाव में बंपर सफलता हासिल करने के बाद कांग्रेस का मनोबल हाई है। वहीं बीजेपी की कोशिश है कि वह इस बार भी पिछली बार की तरह अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करे। बीजेपी ने इस बार सभी मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया है।
नारायणपुर । पहले चरण में गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। भारी संख्या में लोग मतदान केंद्र पहुंच कर वोट डाल रहे हैं। जिला मुख्यालय से करीब 27 किमी दूर अबूझमाड़ के अति नक्सल प्रभावित कुंडला मतदान केंद्र में आजादी के बाद पहली बार लोगों ने मतदान किया। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव के दौरान कई बार वोट डालने के लिए वह मतदान केंद्रों में आते थे लेकिन मतदाताओं की सूची में उनके गांव का नाम नही होने से वे वोट नहीं डाल पाते थे। लेकिन इस बार इन लोगों को मतदान का अधिकार दिया गया है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के बस्तर लोकसभा सीट के सात विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है। कोण्डागांव, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट में सवेरे 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे।वहीं दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा और नारायणपुर विधानसभा में मतदान के लिए सवेरे 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
रायपुर । दहेज़ को हमारे देश में गैर कानूनी माना गया है। लेकिन आज भी लोग खुलेआम इसे लेते देते हैं और वे इसे दहेज़ नहीं, बल्कि अपनी बेटो को दिया गया प्यार बताते हैं। दहेज़ में लोग कई आभूषण और सामान देते हैं लेकिन एक ऐसी जाति के बारे में बताने जा रहे हैं जो दहेज़ में जहरीले सांप देते हैं और उनकी यह प्रथा पुराने समय से चली आ रही हैं।
शादी की ये अनोखी प्रथा छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तुमगांव की बस्ती में रहने वाले सपेरा जाति के लोगों की परंपरा है यहां पर शादी में लड़की के घरवाले उसको शादी के समय करीब इक्कीस जहरीलें सांप देते हैं। यदि कोई पिता अपनी बेटी को यह सब नहीं दे पाता है तो उस कुनबे की लड़किया कुंवारी ही रह जाती हैं।
सपेरा जाति के लोगों के लिये रोजगार से लेकर कुल जमापूंजी भी यही जहरीले सांप हैं। इन्हीं जहरीले सांपों को दिखाकर जो पैसा इन्हें मिलता है उससे इनके परिवार का भरण पोषण होता है।
सांप दहेज में देने को लेकर दूसरी मान्यता यह है कि पिता इसीलिए अपनी बेटी को दहेज में यह सांप देता है ताकि उसका दामाद इन सांपों के जरिए अपनी कमाई कर सके और अपने परिवार का पेट पाल सके।
दरअसल इस समुदाय के लोगों का मुख्य पेशा सांप पालन है और इस समुदाय के लोग, लोगों को सांप दिखाकर ही पैसा कमाते हैं। इसीलिए वो अपने दामाद को दहेज में सांप देते हैं
जगदलपुर । लोकसभा चुनाव में बस्तर के आदिवासियों का मूड साफ नजर आ रहा है। अशिक्षा के बावजूद वे मताधिकार की ताकत से परिचित हैं। मतदान के दो दिन पहले ही नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी में आइईडी ब्लास्ट किया था, जिसमें विधायक भीमा मंडावी समेत पांच जवानों की मौत हो गई थी। नक्सलियों का मकसद चुनाव रुकवाना था। बावजूद इसके मतदान केंद्र क्रमांक 220 श्यामगिरी में सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया था।
दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा ब्लॉक मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर है श्यामगिरी मतदान केंद्र। यहां मतदान के आधे घंटे पहले से ही ग्रामीण दलों में मतदान के लिए पहुंचने लगे थे। उनके चेहरों पर दहशत कम आक्रोश ज्यादा नजर आ रहा है। यूं लग रहा है जैसे वे जानते हों कि उनका वोट ही नक्सलियों को चुनौती दे सकता है। लोकतंत्र को मजबूत करके ही वे इस समस्या से मुक्ति पा सकते हैं।
चप्पे-चप्पे पर जवानों की नजर
नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम न दे सकें, इसके मद्देनजर यहां बड़ी संख्या में फोर्स को तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर जवानों की नजर है। ग्रामीण वोटर्स को किसी तरह की परेशानी वोट डालने में न हो, इसका खास ख्याल रखा जा रहा है। बता दें कि ये मतदान केंद्र नक्सली क्षेत्र होने की वजह से अति संवेदनशील है। बताया जाता है कि श्यामगिरी के आसपास कुछ दिन पहले सही नक्सली गतिविधियां बढ़ गई थीं। भीमा पर हमले की सुगबुगाहट पुलिस तंत्र को भी मिल गई थी। यही वजह है कि उन्हें श्यामगिरी जाने से रोका गया था।
जगलदलपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा। बस्तर लोकसभा बस्तर लोकसभा चुनाव के लिए 1879 पोलिंग बूथ पर मतदान जारी है, यहां 13,72,127 मतदाता वोटिंग करेंगे। वोट देने के लिए क्षेत्र के नेता और अधिकारी भी सुबह ही मतदान केंद्र पहुंच गए। सुकमा में छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने अपने गृहग्राम नागारास में पत्नी और परिवार के साथ मतदान किया। तकनीकी दिक्कतों की वजह से आबकारी मंत्री के गृहग्राम में मतदान करीब आधे घंटे देरी से शुरू हो पाया। लखमा बाहर लगी मतदाताओं की लाइन के पास से होते हुए सीधे अंदर पहुंचे और मतदान किया
मतदान कर दंतेवाडा कलेक्टर ने ली सेल्फी
दंतेवाड़ा कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा अपने परिवार के साथ मतदान करने के लिए चितालंका मतदान केंद्र पहुंचे। लाइन में लगकर उन्होंने मतदान किया। क्षेत्र के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली।
नारायणपुर कलेक्टर ने लाइन में लगकर किया दिया वोट
नारायणपुर कलेक्टर पीएस एल्मा ने नयापारा मतदान क्रमांक 48 में लाईन में लगकर मतदान किया। मतदान के बाद सेल्फी जोन में सेल्फी ली। कलेक्टर एल्मा ने महका, पालकी, सुगड्डितराई, बिंजली, गुरिया, करलखा आदि मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डौंडी । तेज रफ्तार मोटर साइकिल नर्राटोला के पास रोड किनारे लोहे के एंगल से टकरा गई. इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गौरीशंकर कुमार (28 वर्ष) ग्राम टेकाढ़ोड़ा एवं संपत यादव (32 वर्ष) ग्राम साल्हे चौक कच्चे निवासी दल्लीराजहरा बैंक खाता खुलवाने गए थे. खाता खुलने के बाद एटीएम एक्टिवेट कराया, फिर अपने घर कच्चे आते वक्त डौंडी थाना क्षेत्र के खैरवाही के पास रोड किनारे लोहे के एंगल से बाइक टकरा गई ।
हादसे में बाइक चला रहे संपत यादव की घटना स्थल पर मौत हो गई. वहीं गौरीशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी बहुत तेज थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ है ।
डौंडी पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया. शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ।