Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी को पूर्ण राज्य के दर्जे को लेकर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के रूख की आलोचना की और कहा कि वोट मांगने के लिए आने पर लोगों को उन्हें अपने घरों से बाहर निकाल देना चाहिए।
यहां जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि तिवारी लोगों को बता रहे हैं कि राष्ट्रीय राजधानी को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं दिया जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘जब वह वोट मांगने के लिए आएं तो उन्हें अपने घरों से बाहर निकाल दीजिए क्योंकि अब वह कह रहे हैं कि राष्ट्रीय राजधानी को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं दिया जा सकता।’
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सबसे खराब चीज जो उन्होंने की, वह हिंदुओं को मुसलमानों के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘उन्होंने देश का सांप्रदायिक सद्भाव खराब कर दिया। सदियों से हम सुनते आ रहे हैं कि हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई (आपस में) भाई-भाई हैं लेकिन मोदी ने हिंदुओं को मुस्लिमों के खिलाफ करके, सब बिगाड़ दिया ।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से प्रदेश की जनता से सीधा संवाद करते हुए लोकसभा चुनाव में भारत को सशक्त, समृद्ध, सुदृढ़ राष्ट्र बनाने लोकतंत्र की मजबूती के लिए आह्वान किया।
डॉ. सिंह से इस दौरान 1300 लोगों ने सवाल किए, जिनमें से वे कुछ के ही जवाब दे पाए। अपने शासनकाल की उपलब्धियों को गिनाने के साथ नई सरकार पर जमकर बरसे भी।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष शक्ति के रूप में उभरने संबंधी चंदना नामक युवती के सवाल का जवाब देते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा, यह देश के लिए गर्व की बात है कि हम अंतरिक्ष में विश्व की चौथी शक्ति के रूप में उभरे हैं।
अपनी 15 साल की सरकार के बारे में शोभित नामक युवक द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि वर्ष 2003 से 2018 तक छत्तीसगढ़ को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा किया। उन्होंने कहा, हमने एक विजन के साथ 15 सालों तक जो काम किया, वह जमीन पर दिखता है।
उन्होंने कहा, नई सरकार के कामकाज पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी, लेकिन 100 दिन को पलट कर देखेंगे, तो जैसे पूत के पांव पालने में दिखने लगते हैं, वैसे ही इस सरकार का कामकाज दिख रहा है। इनके पास कोई नीति नहीं है, हर दिन तबादले पर तबादले किए जा रहे हैं। तबादला उद्योग चल रहा है। सरकार विकास के काम छोड़कर बदले की भावना से काम कर रही है।
कांग्रेसी नक्सलियों को क्रांतिकारी कहते हैं…
कालेज छात्रा स्वाति द्वारा नक्सलवाद पर किए गए सवाल के जवाब में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने नक्सलवाद को खत्म करने के लिए कई कदम उठाए और नक्ललियों पर नकेल कसने में काफी हद तक कामयाब हुए, लेकिन अब नई सरकार है, वो तो नक्सलियों को क्रांतिकारी कहती है।
कानून व्यवस्था पर विशाल द्वारा पूछे गए सवाल पर डॉ. रमन सिंह ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, छत्तीसगढ़ जैसा शांत प्रदेश अपराध गढ़ बनता जा रहा है। खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। लड़कियों से बलात्कार की खबरें सामने आ रही हैं।
रायपुर । दाल-भात के बारे में बात करते हुए पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि योजना से गरीब लोगों को भोजन मिलता था, लेकिन राज्य सरकार ने इसे बंद कर दिया है। यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि रमन सरकार की बड़ी उपलब्धि रही है। हमारी मांग है कि भूपेश सरकार इस योजना को निर्वाचन आयोग से अनुमति लेकर जारी रखे। भाजपा योजना को दोबारा शुरू करने का विरोध नहीं करेगी। पत्रकार वार्ता में धरमलाल कौशिक ने दाल-भात योजना के बंद होने के लिए भूपेश बघेल की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा इस योजना के लिए सहायता दी, लेकिन राज्य सरकार इस बार केंद्र के सामने योजना को ठीक से रख ही नहीं पाई।
इसके कारण राज्य सरकार विफल हो रही है और अपनी विफलता का ठिकरा राज्य सरकार केंद्र पर फोड़ रही है। कौशिक ने कहा कि कांग्रेस जनकल्याण की योजनाओं को इस तरह बंद करने पर आतुर है। इससे समझ आता है कि उसकी नीयत ठीक नहीं है। उनका कहना है कि हो सकता है आगे आगे नमक और चना देने की योजना भी बंद कर दी जाए। उधर, धरमलाल कौशिक ने यह भी कहा कि रमन सरकार ने प्रदेश की खुशहाली के लिए इतने काम किए कि गिनाए नहीं जा सकते लेकिन अगर कांग्रेस सरकार यह सोचकर योजना को बंद कर रही है कि रमन सरकार और मोदी सरकार में योजना शुरू की गई थी, तो यह बहुत ही गलत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आने वाले समय आर्थिक संकट की स्थिति दिखाई दे रही है, क्योंकि सरकार पूरी तरह से कर्ज में डूब गई है। कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़ जाएंगे।
रायपुर । लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में न्याय यात्रा शुरू कर रही है। शनिवार को यह न्याय यात्रा रथ पार्टी मुख्यालय से बस्तर के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा राज्य के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और कांग्रेस की नीतियों का प्रचार-प्रसार करेगी।
यात्रा की जिम्मेदारी युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई को दी गई है। पार्टी मुख्यालय में मोर्चा संगठन के प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर में पूजा कर रथ को किरन्दुल रवाना जाएगा। वहां सीएम भूपेश बघेल झंडी दिखाकर रथ को अगले पड़ाव के लिए रवाना करेंगे।
यात्रा के दौरान भूपेश सरकार ने किसानों का कर्जमाफी, 25 सौ धान का मूल्य, तेंदूपत्ता का समर्थन मूल्य 25 हजार से 4 हजार करने, आदिवासी विकास प्राधिकरण का मुखिया आदिवासी को बनाने, बिजली बिल आधा करने, वनाधिकार पट्टा की समीक्षा करने, लोहंडीगुड़ा की अधिग्रहित जमीन किसानों व आदिवासियों को वापस कर जो न्याय किया, उसकी ब्रांडिंग की जाएगी। इससे पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने विकास खोजो यात्रा निकाली थी।
रायपुर । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी छह चुनावी सभा और दो रोड कर सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को राहुल की सभा और रोड शो का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। प्रदेश कमेटी जांजगीर, कोरबा, सरगुजा, रायगढ़, कांकेर और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में सभा करना चाहती है, जबकि रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर व राजनांदगांव में से किसी दो लोकसभा सीट में रोड करने का प्रस्ताव दिया है।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि दो-चार दिन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से कार्यक्रम जारी हो सकता है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। प्रदेश में पहले चरण में 11 अप्रैल को एक सीट बस्तर में मतदान होना है।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि राहुल की बस्तर में पहले ही 16 फरवरी को सभा चुकी है, इसलिए बस्तर में सभा का प्रस्ताव नहीं भेजा है। दूसरे चरण में कांकेर और महासमुंद में 18 अप्रैल को मतदान होना है। कांकेर और महासमुंद में राहुल की सभा का प्रस्ताव भेजा है। यह हो सकता है कि प्रथम चरण के मतदान के पहले बस्तर की सीमा से लगे कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत किसी गांव में राहुल की सभा हो जाए, ताकि दोनों सीटों पर सभा का प्रभाव हो सके।
तीसरे चरण में सात सीटों पर मतदान होना है, लेकिन पीसीसी ने कोरबा, रायगढ़, सरगुजा और जांजगीर सीटों में सभा का प्रस्ताव दिया है। दूसरे चरण की बची हुई एक सीट राजनांदगांव और तीसरे चरण की बची हुई तीन सीट रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग को सभा से बाहर रखा है। पीसीसी का मानना है कि रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग बड़े शहर हैं, जहां राहुल का रोड शो ज्यादा प्रभावी होगा।
रायपुर में तो अभी 15 मार्च को यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम पर चर्चा के लिए राहुल आए भी थे। राजनांदगांव में इसलिए रोड शो कराना चाह रही है, क्योंकि यह पूर्वतर्वी भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उनके पुत्र सांसद अभिषेक सिंह के प्रभाव वाली सीट है। यहां राहुल की सभा कराकर राजनीतिक हवा को बदलने की कोशिश होगी।
सभा के लिए छह सीट क्यों
सरगुजा- राज्य बनने के पहले यह सीट कांग्रेस के पास थी, लेकिन राज्य बनने के बाद 2004 से 2014 के बीच हुए तीनों लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हर बार यहां हार का सामना करना पड़ा है।
रायगढ़- यह सीट भाजपा का गढ़ है, क्योंकि 1999 से लेकर लगातार 2004, 2009, 2014 तक चार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को हराया है। भाजपा के गढ़ को कांग्रेस ढहाना चाहती है।
जांजगीर- राज्य बनने के पहले यह सीट कांग्रेस के कब्जे वाली थी, लेकिन बनते ही इस सीट पर भाजपा का कब्जा हो गया। पिछले तीनों लोकसभा चुनाव से लगातार भाजपा ही यहां से जीत रही है।
कोरबा- परिसीमन के बाद यहां दो लोकसभा चुनाव हुए। 2009 में कांग्रेस और 2014 में भाजपा का यहां कब्जा हुआ। अब दोनों दल यहां तीसरा चुनाव जीतकर बढ़त बनाना चाहते हैं।
महासमुंद- राज्य बनने के बाद पहला लोकसभा चुनाव 2004 में कांग्रेस जीती थी, उसके बाद से लगातार दो चुनाव 2009 व 2014 में कांग्रेस हारी है। भाजपा से कांग्रेस यह सीट छीनना चाहती है।
कांकेर- यह भाजपा का अभेद किला है, क्योंकि पांच लोकसभा चुनाव 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 में लगातार भाजपा ही जीतती रही है। कांग्रेस, भाजपा के किले को भेदना चाह रही है।
रोड शो के लिए चार शहर क्यों?
रायपुर- इस सीट से कांग्रेस लगातार छह चुनाव हार चुकी है। अभी इस लोकसभा क्षेत्र की आठ में से छह विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है।
बिलासपुर-इस सीट पर लगातार पांच चुनाव से भाजपा का कब्जा है। इस लोकसभा क्षेत्र की आठ में से केवल दो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस है।
दुर्ग- लगातार पांच बार से चुनाव जीत रही भाजपा को पिछले चुनाव में कांग्रेस ने हराया। इसी लोकसभा क्षेत्र से सीएम भूपेश बघेल और तीन मंत्री हैं।
राजनांदगांव-पिछले दो चुनाव से भाजपा जीत रही। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव विधानसभा सीट के विधायक है।
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखा है। सीएम ने पत्र लिखकर राज्य के केरोसिन आवंटन कोटे को कम किए जाने के मामले में पत्र लिखा है। सीएम ने लिखा है कि पहले यह आवंटन 1.72 लाख लीटर था जो अब 1.15 लाख लीटर कर दिया गया है। इसके साथ ही सीएम ने उज्जवला योजना के तहत दूसरी बार सिलेंडर नहीं रीफिल कराए जाने की समस्या का भी चिट्ठी में उल्लेख किया है। इसके साथ ही सीएम ने लिखा है कि “हमारा राज्य 1.35 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला है,वितरकों की संख्या कम है,ग्रामीण अंचल में निवासरत नागरिक कई किलोमीटर की यात्रा कर के रिफिल सिलिण्डर हासिल करे, यह बेहद जटिल है,घर पहुँच सेवा भी विश्वसनीय नही है”.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया है कि यही वे वजह हैं जिनकी वजह से ग़रीबी रेखा के नीचे रहने वाले परिवारों के लिए सिलेण्डर के बजाय खाना पकाने के लिए ईंधन के रुप में कैरोसिन के उपयोग की जरुरत पड़ती है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में केरोसिन की कटौती से गरीब परिवारों को वितरण ना होने और परेशानियों का हवाला देते हुए माँग की है कि राज्य को केरोसिन का कोटा 1.58 लाख लीटर किया जाए।
दंतेवाड़ा । लोकसभा चुनाव से पहले नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस ने उनके मनसूबे पर पानी फेर दिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए चार आईईडी को बरामद किया है। नक्सलियों ने भांसी नरेली मुख्य मार्ग पर आईईडी लगाया था। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। बचेली थाना क्षेत्र की घटना बताई जा रही है। एसपी अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है।
रायपुर । तीन साल पुराने मामले में जिला उपभोक्ता फोरम ने शनिवार को फैसला सुनाते हुए एक होटल संचालक को उपभोक्ता को करीब साढ़े सात हजार रुपए हर्जाना देने का आदेश दिया। उपभोक्ता ने एक किलो मिठाई खरीदी थी जो खराब निकली। इसके बाद होटल संचालक के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में शिकायत की गई थी।
तीन साल पुराने केस की सुनवाई करते हुए अदालत ने नैवेद्य फूड प्रोडक्ट के खिलाफ यह आदेश दिया है। आरटीआई कार्यकर्ता संजीव अग्रवाल ने तीन साल पहले नैवेद्य फूड प्रोडक्ट से मिठाई खरीदी थी, लेकिन वो मिठाई खराब निकली। मिठाई के सेंपल को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया था। प्रयोगशाला से मिली जांच रिपोर्ट के मुताबिक मिठाई खाने योग्य नहीं पाई गई थी। इसके बाद मामले की शिकायत फोरम में की गई।
तीन साल बाद फोरम ने शिकायत पर सुनवाई करते हुए संस्थान को दोषी पाया और उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए मिठाई की कीमत 390 रुपये और उस पर 9 फीसद की दर से तीन साल का ब्याज व 5000 रुपए मानसिक कष्ट के लिए और साथ ही 2000 रुपये वाद व्यय उपभोक्ता को अदा करने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर । पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के दामाद एवं डीकेएस सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के पूर्व अधीक्षक डॉ. पुनीत गुप्ता की तलाश में गुरुवार शाम को आजाद चौक सीएसपी नसर सिद्दिकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यू राजेंद्र नगर स्थित उनके पिता डॉ.जीबी गुप्ता के जीबीजी किडनी सेंटर में छापा मारा। इस दौरान वहां पर पिता-पुत्र नहीं थे।
फोन पर सीएसपी ने डॉ. जीबी गुप्ता से बात कर जांच में सहयोग करने को कहा तो उन्होंने सर्च वारंट को लेकर सवाल उठाया। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों की मौजूदगी में पुलिस ने करीब दो घंटे तक अस्पताल के तीन कक्षों में रखे दस्तावेजों को खंगाला। ऊपरी तल पर ही निवास स्थान है। वहां भी एक-एक कमरे को खुलवाकर पुलिस ने जांच की। जांच में डीकेएस अस्पताल से जुड़े कई अहम दस्तावेज पुलिस को मिले, जिसे जब्त कर लिया गया। कर्मचारियों से पूछने पर पता चला कि दो महीने से डॉ. पुनीत गुप्ता अस्पताल व घर नहीं आए हैं, जबकि उनके पिता रोज अस्पताल आते हैं।
सीएसपी नसर सिद्दिकी ने बताया कि 50 करोड़ रुपये की आर्थिक गड़बड़ी के मामले में फरार चल रहे डॉ. गुप्ता की तलाश में गोलबाजार और मौदहापारा टीआइ संजय पुढ़ीर, राहुल तिवारी के साथ पुलिस बल ने गुरुवार को शाम 4 बजे जीबीजी किडनी सेंटर में छापा मारा। देर शाम तक तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने ढेरों दस्तावेज जब्त किए।
गौरतलब है कि डॉ. पुनीत गुप्ता को 27 मार्च को गोलबाजार पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। उन्होंने वकील के माध्यम से अस्वस्थ होने का हवाला देकर 20 दिन का समय मांगा था, लेकिन पुलिस ने नहीं दिया। अब उनकी तलाश तेज कर दी गई है। शुक्रवार को पुलिस डीकेएस जाकर जब्त दस्तावेजों का मिलान करेगी। इसके अलावा डॉ. पुनीत के सीएम हाउस के पास स्थित मकान की भी तलाशी लेने की तैयारी की गई है।
कोर्ट में दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा- डॉ. रमन सिंह
समधी डॉ. जीबी गुप्ता की क्लीनिक व घर में पुलिस की छापेमारी पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए कहा-मुझे लगता है एक प्रकार की राजनीतिक दृष्टि से बदनाम करने की साजिश है। कोई तथ्य, प्रमाण नहीं है। मामला न्यायालय में जाएगा, सब प्रमाणित हो जाएगा। दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। कांग्रेस सरकार के कहने पर एफआइआर दर्ज की गई है।
रायगढ़ । कांग्रेस प्रत्याशी लालजीत सिंह राठिया आज नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही सारंगढ़ विधायक उतरी जांगड़े, रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक, लैलूंगा विधायक चक्रधर सिंह सिदार, उच्च शिक्षा मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल भी लालजीत सिंह राठिया के नामांकन में शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक सीएम दोपहर 12:00 बजे हेलीकॉप्टर से रायगढ़ के मिनी स्टेडियम पहुंचेंगे। उसके बाद नामांकन रैली में शामिल होंगे। नामांकन के बाद लैलूंगा मैं सभा को संबोधित करेंगे
बता दें कि प्रदेश में तीन चरणों में चुनाव होना है। रायगढ़ में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है। बीजेपी ने रायगढ़ से इस बार गोमती साय उम्मीदवार हैं। पिछली बार बीजेपी की सीट से यहां पर विष्णुदेव साय ने जीत दर्ज की थी।