Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
रायपुर । इस वक्त रायपुर से बड़ी खबर आ रही हैं जहां पूर्व सीएम रमन सिंह के दामाद पुनीत गुप्ता को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पहुंची है। पुलिस ने रिंग रोड स्थित जीबी गुप्ता नर्सिंग होम में छापा मारा है।पुलिस फिलहाल दस्तावेजों की जांच कर रही है और जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। पुनीत गुप्ता नर्सिंग होम में मौजूद नहीं हैं। बता दें कि डीकेएस घोटाला मामले में पुलिस के सामने गुप्ता को पेश होना था, लेकिन बुधवार को वे पेश नहीं हुए। जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बता दें कि डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में मशीनों की खरीदी में 50 करोड़ की धांधली और भर्ती में अनियमितता की जांच के दौरान अब तक 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें परचेस कमेटी में शामिल डॉक्टर, वेंडर व पूर्व अधीक्षक के करीबी भी शामिल हैं।
जांजगीर-चाम्पा।. आँखों में मिर्ची पाउडर छिड़क कर व्यापारी से दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया है. घटना में 4 युवकों के शामिल होने की बात सामने आ रही है. डभरा थाना पुलिस बल आरोपी की तलाश में जुट चुकी है. व्यापारी का नाम कमल अग्रवाल बताया जा रहा है. व्यापारी खरसिया का रहने वाला है. कमल अग्रवाल डभरा क्षेत्र में पैसा कलेक्शन के लिए आया हुआ था
4 युवकों ने व्यापारी कमल अग्रवाल को डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरा के पास रास्ते में रोक लिया. आँखों में मिर्ची पाउडर छिड़क कर पैसों से भरे बैग को लेकर फरार हो गए. लुटेरों ने व्यापारी से मोटी रकम लूटने की फ़िराक में दिनदहाड़े इस घटना को अंजाम दिया है. हालाँकि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैग में सिर्फ 73 हजार रुपए थे. डभरा थाना पुलिस मामले की विस्तृत तस्दीक में जुट चुकी है
रायपुर। ज्यां द्रेज को झारखंड पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर हमला बोला है। सीएम ने कहा है कि “प्रसिद्ध खाद्य सुरक्षा कार्यकर्ता, जनहित के मुद्दों पर मुखर रहने वाले ज्यां द्रेज की झारखंड पुलिस द्वारा गिरफ्तारी निंदनीय है। आखिर BJP की सरकारों को गरीब एवं आदिवासियों के हित के लिए काम करने वालों से इतनी नफरत क्यों है? ये लोग सच में सिर्फ़ सूट बट वालों के लिए ही काम करते हैं”
बता दें लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हर जगह आचार संहिता लागू है। ऐसे में प्रशासन की अनुमति के बिना कोई कार्यक्रम नहीं कर सकते. जानकारी के मुताबिक ज्यां द्रेज के कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे में जैसे ही पुलिस को कार्यक्रम की जानकारी मिली, पुलिस मौके पर पहुंची और ज्यां द्रेज को हिरासत में ले लिया।
राजनांदगांव । अर्बन नक्सली एन मूर्ति को बरी कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस को 90 दिन में न्यायालय में चार्जशीट पेश करना था, लेकिन पुलिस चार्जशीट पेश नहीं कर पाई। जिसके बाद उसे बरी कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक राजनांदगाँव पुलिस ने विगत 24 दिसंबर को बागनदी के चाबुकनाला मोड़ से उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस ने यह दावा किया था कि वह नक्सली है। उसके पास से और उसके पास से नक्सली साहित्य, वायरलेस सेट डेटोनेटरसमेत बडी मात्रा में आपत्तिजनक सामान पकड़ाया था।
इस मामले में पुलिस ने गिरफ़्तार आरोपी पर UAPA के तहत अपराध दर्ज किया था। बता दें कि मूलतः हैदराबाद का रहने वाला एन मूर्ति, एरिया एन वेंकटेश राव आदि बहुत से नामों से जाना जाता है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एन मूर्ति को बाघ नदी थाना के अंतर्गत पकड़ा था और उससे कड़ी पूछताछ भी की थी।
रायपुर । छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने पीएम मोदी पर तंज कसा है। सीएम ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर वार किया है। उन्होंने लिखा है “गरीब से न्याय गरीब को आय अब होना है सिर्फ ‘न्याय’ ‘फकीर जी’ हिमालय जाएं। बता दें कि राहुल गांधी ने हाल ही में घोषणा किया था कि अगर केंद्र में उनकी सरकार आती है तो वह गरीबों को प्रति महीने 6 हजार रुपए देंगे। इसे उन्होंने न्याय योजना का नाम दिया है।
बता दें कि प्रदेश में तीन चरणों में लोकसभा का चुनाव होना है। पिछले साल यहां पर 11 सीटों में से बीजेपी को 10 सीटें मिली थी। हालांकि इस बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं। कांग्रेस की पूरी कोशिश है कि इस बार रिकार्ड सुधारा जाए और प्रदेश की अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल किया जाए।
लोक-लुभावन राजनीति किस तरह आर्थिक नियम-कानूनों को ताक पर रखकर चलती है, इसका ही उदाहरण राहुल गांधी की यह घोषणा है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो वह देश के सबसे गरीब पांच करोड़ परिवारों को 72,000 रुपए सालाना देगी। इसका मतलब है छह हजार रुपए प्रतिमाह। लगता है कि राहुल गांधी गरीब किसानों को छह हजार रुपए सालाना देने की मोदी सरकार की योजना के जवाब में अपनी यह योजना लाए हैं। उन्होंने जिस तरह यह हिसाब दिया कि इससे करीब 25 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे, उससे यही पता चलता है कि वह यह मानकर चल रहे हैं कि गरीब परिवारों की औसतन सदस्य संख्या पांच है।
भले ही कांग्रेस अध्यक्ष ने न्यूनतम आय योजना को दुनिया की ऐतिहासिक योजना करार दिया हो, लेकिन देश्ा यह जानना चाहेगा कि आखिर वह इस आंकड़े तक कैसे पहुंचे कि देश्ा में सबसे गरीब परिवारों की संख्या पांच करोड़ है? एक सवाल यह भी है कि यह कैसे जाना जाएगा कि किसी गरीब परिवार के मुखिया की मौजूदा मासिक आय कितनी है, क्योंकि राहुल गांधी के अनुसार, गरीब परिवार की आय 12 हजार रुपए महीने से जितनी कम होगी, उतनी ही राशि उसे और दी जाएगी। समझना कठिन है कि कांग्रेस किस तरह एक ओर गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए भी देना चाहती है और दूसरी ओर ऐसे परिवारों की हर महीने की आय 12 हजार रुपए भी सुनिश्चित करना चाहती है? इससे भी बड़ा सवाल यह है कि आखिर पांच करोड़ गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए देने के लिए प्रति वर्ष तीन लाख साठ हजार करोड़ रुपए की भारीभरकम धनराशि कहां से जुटाई जाएगी? क्या कांग्रेस के सत्ता में आते ही पैसे पेड़ पर उगने लगेंगे या फिर शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा आदि के बजट में कटौती कर दी जाएगी ।
पता नहीं राहुल गांधी की न्यूनतम आय योजना की घोषणा सुनने वाले संवाददाता हैरान हुए या नहीं, लेकिन आर्थिक मामलों के जानकार अवश्य हैरान हुए होंगे। अगर इस योजना पर सचमुच तीन-चार महीने से काम चल रहा था और इसका आकलन कर लिया गया है कि देश के पास इतना पैसा है कि पांच करोड़ गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए आसानी से दिए जा सकते हैं, तो क्या यह अच्छा नहीं होता कि यह स्पष्ट कर दिया जाता कि राजकोषीय घाटे और मुद्रास्फीति को नियंत्रित रखते हुए सालाना तीन लाख साठ हजार करोड़ रुपए का प्रबंध कैसे कर लिया जाएगा? जब तक यह स्पष्टता सामने नहीं आती, तब तक कांग्रेस अध्यक्ष की नई-अनोखी घोषणा पर केवल परेशान ही हुआ जा सकता है।
गरीबी हटाने का वादा अच्छी बात है, लेकिन किसी भी दल को देश की अर्थव्यवस्था का बेड़ा गर्क करने की इजाजत नहीं मिल सकती। समाजवादी सोच के तहत नोट छापकर गरीबों को बांटने की योजना सुनने में आकर्षक लग सकती है, लेकिन इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती कि इस तरह की लोक-लुभावन योजनाओं से गरीबी दूर होने के बजाय और बढ़ती ही है। इतना ही नहीं, ऐसी योजनाओं पर अमल करने वाले देश आर्थिक रूप से बर्बाद भी हो जाते हैं।
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में थाना सरिया पुलिस ने मंगलवार को ग्राम सुखपाली के एक घर में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए विस्फोटक सामग्री 850 किलो अमोनियम नाइट्रेट, ब्लास्टिंग वायर और 45 डेटोनेटर बरामद किया है । इस मामले में पुलिस ने घर के मालिक भुनेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी सरिया निरीक्षक आशीष वासनिक के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम सुखपाली निवासी भुनेश्वर साहू के घर पर दबिश दी गई। घर की तलाशी के दौरान 17 बोरी अमोनियम नाइट्रेट (प्रति बोरा 50 किलो), 04 बंडल ब्लास्टिंग वायर, 45 डेटोनेटर बरामद हुआ।
आरोपित विस्फोटक सामग्री रखने का दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद विस्फोटक सामग्री जप्त कर आरोपित भुवनेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के विरूद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक सरिया में सैकड़ों पत्थर खदान, क्रेशर, डोलोमाइट है। यहां अक्सर विस्फोटक का अवैध भंडारण कर खदान में विस्फोटक करने के लिये प्रयोग किया जाता है। पुलिस इस इलाके में पहले भी कई बार विस्फोटक बरामद कर चुकी है।
धार/ धामनोद। मांडू घाट के पास बंधाव गांव के बाहर मंगलवार रात करीब एक बजे मां के पास सो रहे छह माह के बच्चे को तेंदुआ अपने जबड़े में भरकर ले जाने लगा।तभी पिता की नींद खुल गई और शोर मचाने पर मासूम को छोड़कर तेंदुआ भाग निकला।
रातभर परिजन ने बच्चे को पास में ही रखा। सुबह लोगों से मदद लेकर 108 एंबुलेंस को फोन किया। इसके बाद बच्चे को धामनोद अस्पताल में भर्ती करवाया। स्वास्थ्य केंद्र से इलाज करवाने के बाद परिजन बच्चे को इंदौर लेकर रवाना हो गए।
पिता राकेश ने बताया कि बड़वानी के रहने वाले हैं। परिवार के साथ गड्ढे की खुदाई के लिए आए हैं। सड़क किनारे परिवार के साथ जमीन पर सो रहे थे। छह माह का बेटा सुमित मां के साथ सो रहा था। तभी यह हमला हुआ।
गाल और गर्दन पर दांत के निशान
बच्चे के गाल और गर्दन पर दांत के निशान मिले हैं। तेंदुआ और अन्य जगंली जानवर भी हो सकता है, लेकिन परिजन का कहना था कि तेंदुए ने हमला किया। बच्चे को ज्यादा जख्म नहीं हैं। अंदर रक्तस्राव तो नहीं हैं, इसलिए सीटी स्कैन करवाने के लिए इंदौर भेजा है।
कोरबा ।पत्नी की जिद थी अलग रहेंगे और एक नई दुनिया बसाएंगे. लेकिन पति को ये सब पसंद नहीं था. वह अपने माता-पिता के पास रहना चाहता था, लेकिन जब बात नहीं बनी तो पत्नी मायके चली गई। युवक उसे मनाने अपनी बहन के साथ ससुराल पहुंचा, लेकिन उसकी सास ने मिलने नहीं दिया और भला बुरा कहकर बेइज्जत किया।इससे वह इतना आहत हो गया कि जहर खाकर जान दे दी।
मरने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। लिखा कि ‘मां पिता जी मैं आप के उम्मीदों पर नहीं खड़ा उतरा। मैं एक अच्छा बेटा नहीं बन सका।मेरी मौत का कारण पत्नी शिवांगी गुप्ता, उसकी मां अल्का गुप्ता और बहन स्वाति गुप्ता है।अब मैं इस दुनिया से हमेशा के लिए अलविदा हो रहा हूं।मुझे माफ करना। आप का हर्ष।’
ये सुसाइट नोट पर लिख अपनी जान देने वाला कलगी कोटा निवासी हर्ष गुप्ता है। हर्ष की शादी कोरबा सीएसईबी निवासी शिवांगी गुप्ता से कुछ महीने पहले हुई थी।शादी के पवित्र बंधन में बंधे साल भर भी नहीं हुए थे और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शिवांगी होली से कुछ दिन पहले कोटा से अपने मायके कोरबा आई।
उसके बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ता गया। दोनों के परिवार के बीच समझौता के लिए बात बनी।हर्ष अपने परिवार वालों को लेकर कोरबा पहुंचा। ससुराल जाने से पहले वो अपने मामा के घर एसईसीएल कॉलोनी में ठहरे हुए थे। हर्ष अपने मामा की बेटी को लेकर ससुराल सीएसईबी कालोनी बातचीत करने गया था। इस दौरान हर्ष अपने पत्नी से मिलना चाहता था, लेकिन उसे मिलने नहीं दिया गया।
बात बिगड़ी और उसने ससुराल वालों के सामने ही जहर सेवन कर लिया। उसे तत्काल परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टर ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हर्ष शादी के बाद से परेशान रहा करता था। उसकी पत्नी शिवांगी हमेशा दबाव बनाती की अलग रहेंगे और मैं जॉब करूंगी, बिलासपुर में रहकर एक अलग दुनिया बसायेंगे। ये भी धमकी देती की नहीं माने तो सास और ससुर को फंसा देगी। हर्ष ने ये बात सुसाइट नोट में लिखी है और उसने ये घातक कदम उठाने से पहले अपने मां को व्हाट्सएप मैसेज कर इसकी जानकारी दी।
रामपुर चौकी प्रभारी एके शर्मा ने बताया कि मृतक का विवाह सीएसबीई कालोनी निवासी शिवांगी से हुआ था।दोनों के मध्य पारिवारिक विवाद चल रहा था। युवक-युवती के घर आया हुआ था। जहर सेवन करने से युवक की मौत हुई है। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर जांच कार्यवाही की जा रही है।युवक के पास से सुसाइड नोट भी मिले हैं, जिस आधार पर कार्यवाही की जा रही है।
कोलकाता । कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच बुधवार को आईपीएल 2019 में संघर्षपूर्ण मुकाबला होने की उम्मीद है। दोनों टीमें अपने-अपने शुरुआती मैच जीत चुकी है और लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के लिए बेताब होंगी।
कोलकाता ने पहले मैच में मजबूत सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। इस मैच में आंद्रे रसेल ने अंतिम क्षणों में तूफानी पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई थी। दूसरी तरफ किंग्स इलेवन ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स को हराकर विजयी आगाज किया था। यह मैच रविचंद्रन अश्विन द्वारा जोस बटलर को मनकडिंग तरीके से आउट किए जाने के लिए सुर्खियों में रहा था लेकिन इस मैच में क्रिस गेल ने विस्फोटक अर्द्धशतक लगाया था। केकेआर और किंग्स इलेवन के मैच को दो कैरेबियाई खिलाड़ियों क्रिस गेल और आंद्रे रसेल की भिड़ंत के रूप में देखा जा रहा है।
किंग्स इलेवन का केकेआर के खिलाफ रिकॉर्ड खराब रहा है और अश्विन की टीम इस मैच को जीतकर अपने इस रिकॉर्ड को सुधारना चाहेगी। इन टीमों के बीच अभी तक हुए 23 मैचों में से केकेआर ने 15 मैचों में जीत दर्ज की जबकि किंग्स इलेवन 8 मैच ही जीत पाया है। केकेआर ने अपने इस घरेलू मैच में अधिकांश मैच लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हैं। उसकी ताकत उसकी स्पिन तिकड़ी (सुनील नरेन, कुलदीप यादव और पीयूष चावला) है। इसी तरह किंग्स को भी अपने स्पिनरों अश्विन और मुजीब से दमदार गेंदबाजी की उम्मीद रहेगी।
टीमें (संभावित) – कोलकाता नाइटराइडर्स : क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, नीतीश राणा, शुभमन गिल, दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, लोकी फर्ग्यूसन, प्रसिद्ध कृष्ण।
किंग्स इलेवन पंजाब : क्रिस गेल, केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, सरफराज खान, निकोलस पूरन/डेविड मिलर, मनदीप सिंह, एंड्रयू टाई/सैम कुरैन, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मुजीब उर रहमान, अंकित राजपूत।