Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
जगदलपुर। आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने ऐतिहासिक लालबाग परेड ग्राउंड पर तिरंगा फहराने के बाद परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री का संदेश वाचन करने के दौरान मंत्री कवासी के सामने उनके ना पढ़ पाने की समस्या एक फिर आ खड़ी हुई।
प्रोटोकॉल के तहत जिला मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री अतिथि को मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाना होता है। लेकिन कवासी लखमा के ना पढ़ पाने की समस्या के चलते जिला कलेक्टर अय्याज तम्बोली ने सीएम का संदेश पढ़कर जनता तक पहुंचाया।
बता दें कि, उद्योग और आबकारी मंत्री कवासी लखमा कोंटा विधानसभा से 5 बार के विधायक हैं और उनकी गिनती प्रदेश के कुछ सबसे अधिक लोकप्रिय नेताओं में की जाती है। लेकिन अति पिछड़े बैकग्राउंड से आने वाले लखमा को कभी पढ़ाई का मौका नहीं मिल पाया था।
रायपुर | देश दीपक गुप्ता, सरगुजा. गणतंत्र दिवस के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने संविदा डॉक्टरों को एक बड़ी सौगात दी है. सिंहदेव ने कहा कि संविदा डॉक्टरों की वेतन बढ़ाई जाएगी. संविदा डॉक्टरों को नियमित करने पर भी विचार किया जाएगा |
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने संविदा डॉक्टरों को रेगुलर करने के लिए भी आश्वस्त किया है. सरगुजा चिरायु टीम की मेहनत को देखकर हेल्थ मिनिस्टर सिंहदेव भाव-विभोर गए. कई महिलाएं सिंहदेव को अपने बीच पाकर रो पड़ीं. सिंहदेव ने कहा कि आप लोग भगवान तो नहीं हैं पर भगवान से कम भी नहीं हैं |
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आज राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के आयोजन में शामिल होने पहुंचे थे. संभागीय चिरायु अधिवेशन में लाभान्वित बच्चों से टीएस सिंहदेव ने मुलाकात भी की. मंत्री सिंहदेव ने संविदा डॉक्टरों के लिए ये सौगात भरी बातें हरिभूमि डॉट कॉम से खास बातचीत में कही है |
रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने बीते 15 सालों को सिंचाई कर माफ करने की घोषणा की।
गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुझे पता है कि 15 साल प्रदेश के लाखों किसानों का सिंचाई कर लंबित है, लेकिन ये सरकार किसानों की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार 15 साल से लंबित किसानों का 207 करोड़ का सिंचाई टैक्स माफ कर रहे हैं।
बघेल ने कहा किसानों को कर्ज के कुचक्र से मुक्ति दिलाए बिना उनकी और गांवों की स्थिति सुधारी नहीं जा सकती। इसलिए हमने मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में 16 लाख 65 हजार किसानों का लगभग 6 हजार 230 करोड़ रूपए का अल्पकालिक कृषि ऋण माफ कर दिया।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद पुलिस मैदान में भूपेश बघेल ने परेड की सलामी ली। भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत अपनी मातृभाषा छत्तीसगढ़ी में की।उन्होंने सबसे पहले प्रदेश के उन विभूतियों को नमन किया जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी महती भूमिका निभाई है ।
बघेल ने इस दौरान सरकार की अब तक उपलब्धियों का बखान किया। साथ ही उन्होंने सरकार की प्राथमिकताएं बताई। बघेल ने कहा कि सरकार सबसे पहली प्राथमिकता है गांव-गरीब और किसान है। हमने जो नारा दिया है, छत्तीसगढ़ के 4 चिन्हारी, नरवा-गरुआ, घुरवा-बारी…येला बचाना हे संगवानी। को सूत्र वाक्य मानकर हमने ग्रामीण विकास को प्राथमिकता में रखा है। ग्राम स्वराज से छत्तीसगढ़ और भारत को हम समृद्ध करने के लिए प्रतिबद्ध है ।
सरकार ने बीते एक महीने में किसानों की कर्जा माफी, रबी फसल के लिए सिंचाई की व्यवस्था, 25 सौ रुपये समर्थन मूल्य का सहित कई फैसले लिए हैं। इसके साथ ही हमने तय किया है कि सरकार लोगों को न्याय दिलाने का काम करेगी। यही वजह है कि हमने झीरमघाटी नक्सल हमला, नान घोटाला मामले के लिए एसआईटी का गठन किया है। इसी तरह से चिटफंड पीड़ितों को भी राहत देने के लिए दर्ज एफआईआर वापस लेने की घोषणा की है। साथ ही तय किया है कि एजेंटों को नहीं बल्कि संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी ।
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने 15 साल बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में ध्वजारोहण किया। इससे पहले बतौर मुख्यमंत्री रमन सिंह ने रायपुर और जगदलपुर में तिरंगा फहराते रहे हैं। रमन सिंह के साथ इस मौके पर भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि छत्तीसगढ़ 15 साल के विकास के साथ और तेजी से आगे बढ़ेगा।
इस मौके पर उन्होंने प्रणब मुखर्जी, नानजी देशमुख, भूपेन हजारिका को भारत रत्न मिलने पर खुशी जाहिर की। वहीं उन्होंने छत्तीसगढ़ के दो विभूति तीजन बाई को पद्म विभूषण और अनुप रंजन पाण्डेय को पद्मश्री सम्मान मिलने उन्हेंं बधाई दी।
रायपुर- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राज्य अतिथि गृह पहुना में राज्य वीरता पुरस्कार के लिए चयनित बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से बात-चीत की और उनका मुंह मीठा कर स्वागत किया। बघेल ने बच्चों के साहस और सूझबूझ की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकानाएं दी। इन बच्चों को कल राजधानी रायपुर में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बच्चों से हाथ मिलाकर उनसे परिचय प्राप्त किया और साहस और वीरता भरे कार्यों की जानकारी ली। सरगुजा की कांति कंवर ने बताया कि उनके घर की बाड़ी में हाथियों के झुंड ने मक्के की फसल बर्बाद कर दी। हाथियों के डर से घर के सभी सदस्य बाहर निकल आए लेकिन छोटी बहन सोनिया घर के अंदर रह गयी थी। घर का कोई भी सदस्य घर के अंदर जाकर उसे बाहर निकालने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। ऐसी स्थिति में भी कांति कंवर ने निर्भयतापूर्वक हाथियों के बीच से होते हुए छोटी बहन को घर से बाहर निकाल लिया। मुख्यमंत्री ने हेलीकाप्टर की सैर कैसी रही पूछने पर बच्चों ने बताया कि हेलीकाप्टर की सैर में बहुत आनंद आया। भिलाई से गुजरते वक्त मुख्यमंत्री का आवास और नया रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मंत्रालय सहित अनेक स्थान भी देखा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ बाल कल्याण परिषद द्वारा चार बच्चों का राज्य वीरता पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। इनमें महासमुंद जिले के ग्राम खल्लारी के सोमनाथ वैष्णव और पूनम यादव, सरगुजा जिले के ग्राम मोहनपुर की कांति कंवर, रायगढ़ जिले के ग्राम सरिया के प्रशांत बारीक शामिल है। इस अवसर पर वीरता पुरस्कार के लिए चयनित बच्चों के पालकगण और अध्यापक, छत्तीसगढ़ बाल कल्याण परिषद की संयुक्त सचिव और राज्य वीरता पुरस्कार कार्यक्रम की संयोजिका इंदिरा जैन, सह संयोजक राजेन्द्र निगम, सदस्यगण सुनील चंदसोरिया, कृष्ण कुमार निगम और सुभाष बुंदेलेे भी उपस्थित थे।
नई दिल्ली। देश आज 70वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। भारत में इस बार गणतंत्र दिवस पर दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा मुख्य अतिथि होंगे। रामफोसा परिवार सहित दिल्ली पहुंच चुके हैं।
बता दें कि ये दूसरी बार है जब गणतंत्र दिवस में किसी अफ्रीकी नेता को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया जा रहा है।इससे पहले साल 1995 के गणतंत्र दिवस समाहोर में अफ्रीकी नेता नेल्सन मंडेला ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया था।
राजपथ पर सुबह 9.50 से परेड की शुरुआत हुई। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनके पीछे तीनों सेनाओं के प्रमुख खड़े हैं।
कैप्टन देवांश भूटानी के नेतृत्व में के-9 वज्र टैंक का दस्ता
लांस नायक शहीद नजीर अहमद वानी को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी मां और पत्नी मंच पर पहुंचीं
आकाश से लेकर जमीन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐंटी एयरक्राफ्ट गन, स्वाट महिला कमांडो सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, एनएसजी और आर्मी के 50 हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है।
महासमुंद । कौन कहता है कि लड़कियां कमजोर होती हैं। अगर कोई ऐसा सोच भी रहा हो तो वो छत्तीसगढ़ के महासमुंद आकर इन दोनों लड़कियों से आ कर मिल ले। ये वो लड़कियां हैं जो अपनी आत्मरक्षा करने में इस कदर माहिर हैं कि इनसे पंगा लेने में लोग घबराते हैं। इनकी ताकत इससे नहीं कि ये खुद की सुरक्षा कर सकती हैं। इससे भी बड़ी बात यह है कि इन्होंने अपने जैसी कई लड़कियों को आत्मरक्षा की तकनीक सिखा कर उनके अंदर आत्म विश्वास भरा है। यह लड़कियां आज निर्भिक हो कर समाज में आत्म सम्मान के साथ रह रही हैं।
अन्नू भोई और रोशना डेविड उन लड़कियों के लिए मिसाल हैं जो खुद को समाज में डरा और असुरक्षित महसूस करती हैं। ये दोनों खुद तो आत्मरक्षा में दक्ष हैं ही दूसरी लड़कियों में भी आत्मविश्वास जगा रही हैं। दोनों ने दो- चार या दस-बीस नहीं 41170 लड़कियों को अब तक आत्मरक्षा में दक्ष बनाया है। अन्नू महासमुंद में पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ हैं और रोशना एक समाज सेवी संस्था और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हैं।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर स्थानीय डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी सभागार टाउन हॉल में आयोजित समारोह में इन्हें गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नामित होने का सर्टीफिकेट प्रदान किया गया। इन्होंने डीआईजी नेहा चंपावत व एसपी संतोष सिंह के मार्गदर्शन में हमर पुलिस हमर संग के तहत प्रदेश के 10 जिलों की 41170 बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है। महासमुंद चाइल्ड फ्रेंडली जिला है और दिसंबर 2018 में एसपी को चैम्पियन ऑफ चेंज अवार्ड से नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने पुरस्कृत किया गया था।
लिहाजा देश में जिले के उत्कृष्ट सम्मान में पुलिस अधिकारियों की मदद से बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने में दोनों बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की कमेटी प्रभावित हुई। इनके दस्तावेज देखे और इनका नाम यूएसए बेस्ड अंतराष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया। इस उपलब्धि से महासमुंद जिला गौरवान्वित हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एशिया हेड डॉ. मनीष विश्नोई ने कहा कि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड ऐसे लोगों का सम्मान करते हैं जो समाज हित में कुछ हटके काम करते हैं।
बैतूल। बैतूल के व्यस्तम नेहरू पार्क क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती स्कॉर्पियो में आग की लपटें उठती दिखाई दी। चालक ने सावधानी से गाड़ी सड़क किनारे रोकी और भाग खड़ा हुआ। इसके बाद स्कॉर्पियो में आग बढ़ती गई और पूरी गाड़ी आग की बड़ी लपटों में घिर गई। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचती तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक बैतूल के नेहरू पार्क के समीप व्यस्ततम मार्ग पर दोपहर करीब 12 बजे चलती स्कॉर्पियो में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से गाड़ी जलकर खाक हो गई है। स्कॉर्पियो नंबर MH-04 CT 2658 में जिला अस्पताल के पास आग लग गई। चालक को जैसे ही गाड़ी में धुआं निकलते दिखा, वैसे ही उसने गाड़ी सड़क किनारे लगाई तो जैसे-तैसे गाड़ी से कूदकर जान बचाई। गाड़ी से आग की ऊंची लपटे उठते देख वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने यातायात रोक दिया। वहीं सूचना मिलते ही दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में लगी आग को बुझाया। कार में संभवतः शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी।
जानकारी के मुताबिक स्कार्पियो गाड़ी कोलगांव निवासी अनिल साहू के नाम से रजिस्टर्ड है। वहीं इस गाड़ी को अनिल का साला विनोद साहू चला रहा था। वह गाड़ी से बैतूल में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवारी नहीं थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।
रायपुर। अगर इंसान के इरादे बुलंद हों तो मंजिल उसके कदम चूमती है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की रहने वाली 19 साल की टिकेश्वरी साहू ने यह बात साबित की। अक्सर लोग इस बात की शिकायत करते हैं कि पारिवारिक में आर्थिक कमजोरी की वजह से वे किसी मुकाम को हासिल नहीं कर पाए, लेकिन टिकेश्वरी ने अभावों से लड़ना सीखा और अब देश में खेल के खेल के क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर रही हैं। 1 से 3 फरवरी तक गोवा में आयोजित होने जा रही वर्ल्ड कप थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 44 किलोग्राम वजन वर्ग में टिकेश्वरी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रायपुर के दुर्गा कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में अध्ययनरत टिकेश्वरी यहां श्री गुजराती स्कूल देवेंद्र नगर रायपुर में खेल प्रशिक्षक के तौर पर भी काम करती हैं। 4 बहनों में सबसे बड़ी टिकेश्वरी की मां नीरा साहू आरा मिल में मजदूर करती हैं। टिकेश्वरी के पिता सुरेश साहू का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। थाई बॉक्सिंग के साथ ही टिकेश्वरी मार्शल आर्ट और किक्रेटर भी हैं। टिकेश्वरी ने कोच अनिस मेमन के मार्गदर्शन में कराते, म्यू थाई, योग व थाई बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लिया है। वे राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता सहित मार्शल आर्ट की विभिन्न ओपन प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं।
मनचलों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था
टिकेश्वरी आत्मरक्षा में भी दक्ष हैं। 2 वर्ष पूर्व 3-4 शरारती लड़कों ने स्कूल से साईकिल से लौटते वक्त छेड़छाड़ का प्रयास किया था। तब टिकेश्वरी ने सभी को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। जिसके गवाह स्वयं श्री गुजराती शाला के सचिव जयंती भाई थे। तब से जयंती भाई इस बालिका के साहस से अत्यंत प्रभावित थे।