Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

panchayattantra24.-बिलासपुर। थाना तारबाहर द्वारा रजक भवन डीपूपारा में पुलिस चौपाल लगाई गई. जिसमे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. साथ ही क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं का मौके पर चौपाल के माध्यम से समाधान किया गया। सीएसपी सिविल लाइन संदीप कुमार पटेल IPS एवं थाना प्रभारी तारबाहर मनोज नायक की उपस्थिति में डीपूपारा निवासियों के समस्याओं का निराकरण चौपाल के माध्यम से मौके पर किया।

panchayattantra24.-बिलासपुर। सरकंडा के बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में मोटिवेशनल स्पीच देने आईं शिवानी दीदी के कार्यक्रम में चोर गिरोह पहुंच गया। गिरोह के लोगों ने सेल्फी लेते समय महिला के गले से सोने की चेन पार कर दिया। वहीं, तीन अन्य महिलाओं के गले से भी मंगलसूत्र चोरी हो गई। इस घटना में बाहरी महिला गैंग के शामिल होने का शक है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई इनडोर स्टेडियम में ‘खुशियों का पासवर्ड’ विषय पर आध्यात्मिक आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आयोजन में शिवानी दीदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान मोटिवेशनल स्पीच को सुनने के लिए लोगों की काफी भीड़ जुटी थी। इसी भीड़ में चोर गिरोह भी पहुंच गया था, जिन्होंने कई महिलाओं के गले से सोने के जेवर चोरी कर लिए। अशोक नगर हैवेंस पार्क कॉलोनी के सामने रहने वाली जानकी पटेल रविवार को वे बहतराई इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में गई थीं। सत्संग के बाद वे ब्रम्हकुमारी शिवानी दीदी के साथ सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान उन्हें पता चला कि गले से सोने की 35 हजार रुपए कीमती चेन गायब है।

panchayattantra24.-पेंड्रा। सरकार अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को बच्चों की पढ़ाई और उनके रहने के लिए लाखों रुपए का फंड देती है। बावजूद इसके छात्रावास द्वारा बच्चों से काम कराया जाता है। ऐसा ही एक मामला पेंड्रा जिले से सामने आया है। जहां कुछ छात्राओं से काम कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मामला मरवाही ब्लॉक के सेमरदर्री छात्रवास का है। जहां कुछ छात्राओं को छात्रावास के बाहर पानी लाने को कहा जा रहा है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। जिसमें आप देख सकते हैं कि कुद छात्राएं बाहर से पानी भरकर ले जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद छात्राओं के परिजनों में नाराजगी देखने को मिल रही है। छात्रावास में बच्चों के साथ हो रहे शोषण पर सवाल उठता है कि बच्चें अपनी पढ़ाई करें या छात्रावास का काम!आपको बता दें कि छात्रावास में सफाई, बर्तन साफ करने, कपड़े धोने के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। लेकिन छात्रावास में स्टाफ के नहीं रहने के कारण बच्चों को काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

panchayattantra24.-कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बांकीमोंगरा के नागिनभंटा मुहल्ले में 3 वर्षीय मासूम बच्चे के मुंह में छिपकली के घुस जाने से उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. यह घटना उस वक्त हुई जब मासूम की मां कुछ सामान लेने पास के दुकान गई थी और बच्चा सो रहा था. घटना की सूचना पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा थानांतर्गत नागिनभांठा में उस वक्त वक्त शोक की लहर दौड़ गई, जब एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत की खबर सामने आई. जहरीले छिपकली के मासूम के मुंह में घुस जाने के कारण उसका अंत हो गया. इस हृदय विदारक घटना के बाद मुहल्ले में मातम का माहौल पसर गया है।

panchayattantra24.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। एक बार फिर जिले में तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई. पेंड्रा थाना क्षेत्र के घघरा गांव में रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई. इस हादसे में बाइक पर सवार की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. इस बीच पुलिस विभाग की भी लापरवाही देखने को मिली. जानकारी होने के बाद भी शव का न तो पंचनामा बनाया और न ही पोस्टमार्टम कराया. बाॅडी वैसे ही परिवार को सौंप दी गई. भूल की जानकारी होने पर पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए रखी बाॅडी को दोबारा अस्पताल मंगाया और कानूनी कार्रवाई पूरी की।
पूरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है. बिजली के खंभे से टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक पूरी तरह से टूट फूट गई. घटना बस्तीबगरा से पेण्ड्रा को जाने वाले मेन रोड पर घघरा गांव के पास हुआ. हादसे में बाइक के पीछे बैठे वीरदास निवासी बस्तीबगरा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल चालक सीताराम पनिका निवासी बेदरचुआ को आसपास के लोगों ने संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि इलाज के दौरान सीताराम की भी मौत हो गई।

panchayattantra24.-बिलासपुर। ट्रेनों में अब तस्कर कट्टे की नोंक पर गांजा तस्करी करने लगे हैं। गुरुवार को बिलासपुर जीआरपी की एंटी क्राइम टीम ने ओड़िशा के दो तस्करों को पकड़ा। उनके पास से गांजा के साथ दो देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद हुआ। जीआरपी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सकरी पुलिस ने दबिश देकर एक महिला के किचन से 35 किलो गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार किया है। एसआरपी रेल जेआर ठाकुर ने अफसरों व प्रभारी के साथ ही टीम को ट्रेनों में गांजा सहित नशे के सामानों की तस्करी रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने सघन जांच करने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्होंने ट्रेनों में अवैध तस्करी रोकने के लिए एंटी क्राइम टीम भी गठित की है, जो लगातार तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। टीम को जानकारी मिली कि दो युवक ट्रेन में गांजा लेकर चरौदा स्टेशन में उतरे हैं। खबर मिलते ही एंटी क्राइम व चरौदा जीआरपी की टीम घेराबंदी कर संदेहियों पर नजर रख रही थी।
इस दौरान टीम चरौदा स्टेशन पहुंचकर संदेहियों की निगरानी कर रही थी। वहीं टीम के सदस्य आउटर पर भी तैनात थे। इस बीच उन्होंने आउटर में दो संदेहियों को रोक लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि प्रशांत नंदा (24) पिता राजू नंदा, व संतोष क्षत्रिय (35) ओड़िशा बलांगीर के रहने वाले हैं। टीम ने उनकेक बैग की तलाशी ली, तब उसमें से चार किलो 60 ग्राम गांजा निकला। इसके साथ ही तस्करों के बैग से दो देशी कट्टा और तीन कारतूस भी बरामद किया गया।

panchayattantra24.-बिलासपुर। जिले में दो पक्षों में विवाद हो गया। एक युवक पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला किया गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, त्योहार में नाचने के दौरान लड़की को धक्का लगा था। जिसके बाद दो पक्षो के बीच विवाद बढ़ गया। आज फिर पुरानी उसी बात को लेकर विवाद हुआ और युवक पर बियर की फूटे बोतल को युवक के पेट के पास मार दिया। जिससे युवक बूरी तरह से जख्मी हो गया। घटना अचानकपुर देवारपारा में हुई। फिलहाल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है।

panchayattantra24.-कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर गुरुवार को हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की शुक्रवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। उसके पति व परिचित महिला की पहले ही मौत हो गई थी। एक्सीडेंट गुरुवार सुबह 9 बजे कटघोरा के चंदनपुर स्थित जेबीडी कॉलेज के पास हुई थी। जहां बाइक में मल्दा-बिंझरा निवासी अहमद हसन (35) अपनी पत्नी गुलशन बी (33) व परिचित महिला गणेशी बाई यादव (37) को बाइक में बिठाकर जा रहा था। गलत साइड में बाइक घुसा देने के चलते उनकी ट्रेलर से टक्कर हो गई थी। मौके पर अहमद हसन की मौत हो गई थी। दोनेां महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसमें गणेशी बाई की अस्पताल में मौत हो गई। घटना के दिन कटघोरा थाना में पदस्थ एएसआई रफीक मेमन ने बताया था कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। राहगीरों और वाहन को हटाकर आवाजाही भी शुरू की गई।
panchayattantra24.-जांजगीर चांपा। जिले की अकलतरा पुलिस ने अमरताल ग़ांव में नेशनल हाईवे-49 पर चक्काजाम करने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अभी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। दरअसल, मध्यप्रदेश बिजाताना चौरई छिंदवाड़ा निवासी बलवान बंजारा, नागपुर से धनबाद जाने के लिए अपने माल वाहक से निकला था और अकलतरा के नेशनल हाईवे 49 में अमरताल ग़ांव के पास पहुंचा हुआ था कि आरोपियों के द्वारा बलवान बंजारा को गाली-गलौज करते हुए ग़ांव के राजकुमार यादव का रोड में एक्सीडेंट होने की बात कहते हुए उसका रास्ता रोक दिया, जिससे आवागमन में राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस पर पुलिस ने आरोपी अहित डहरिया, राहुल सोनवानी, ज्ञान दास सूर्यवंशी, कमलकांत डहरिया, छोटे लाल यादव, चड्डी यादव और पुरन चंद लहरे को गिरफ्तार किया है। सातों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 147, 294 और 341के तहत जुर्म दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

panchayattantra24.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एडिशनल प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट, रायपुर द्वारा हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13 (1) (1-ए) के तहत प्राप्त तलाक की डिक्री को सुप्रीम कोर्ट के फैसले को आधार मानते हुए पलट दिया है। कोर्ट ने कहा कि तलाक की कोई भी डिक्री तब तक नहीं दी जा सकती, जब तक कि तलाक चाहने वाला व्यक्ति दलीलों और सबूतों के आधार पर क्रूरता साबित नहीं कर देता। इस दंपती की शादी 5 जून 2015 को हुआ था। इसके बाद उन्हें वैवाहिक समस्याओं का सामना करना पड़ा। पति ने दावा किया कि पत्नी उसके साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार करती थी और अपने माता-पिता से अलग रहने पर जोर देती थी। पत्नी मैरिज एनवर्सरी के दिन भी साथ नहीं आई। पत्नी ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि पति के परिवार ने उससे दहेज की मांग की और दुर्व्यवहार किया।
जस्टिस गौतम भादुड़ी और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल की डिवीजन बेंच में मामले की सुनवाई हुई। अपने फैसले में बेंच ने लिखा कि पति अपनी पत्नी के खिलाफ क्रूरता के आरोपों को साबित करने में विफल रहा। कुछ घटनाओं पर कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं दिया। यह तथ्य कि पति के खिलाफ दहेज से संबंधित एक आपराधिक मामला लंबित है, उसकी दलील पर संदेह पैदा होता है।
अदालत ने पत्नी की ससुराल में रहने की इच्छा और पति के पिता के धमतरी स्थित आवास के संबंध में पति के बयानों में विरोधाभास पाया। इसके अलावा, जजों ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पत्नी द्वारा कतिपय परिस्थितियों में रहने से इनकार करने को क्रूरता नहीं माना जा सकता। पति के दुर्व्यवहार ने भी स्थिति में भूमिका निभाई। हाईकोर्ट ने यह निष्कर्ष निकाला कि तलाक देने का फैमिली कोर्ट का फैसला टिकाऊ नहीं है और इसे रद्द कर दिया। इसके बदले कोर्ट ने पति को आदेश दिया कि भरण पोषण के रूप में वह पत्नी को प्रतिमाह 10 हजार रुपये दे। यह निर्धारण उसके मासिक वेतन और वर्तमान वित्तीय स्थिति को देखकर किया गया।