Browsing: बिलासपुर

   panchayattantra24.-बिलासपुर। मोबाइल दुकान की आड़ में हाईटेक सट्टा संचालित कर रहे धरमजयगढ़ के 30 वर्षीय आरोपी अमन अग्रवाल को एसईसीयू की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी सर्वमंगला पेट्रोल पंप उसलापुर के पास स्थित मोबाइल दुकान में ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। एसीसीयू की टीम ने छापा मारकर युवक को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू की। उसके मोबाइल फोन को चेक करने पर उसमें ऑनलाइन सट्टा से जुड़े ग्राहकों के तीन व्हाट्सएप गु्रप मिले। इसमें करीब एक करोड़ रुपए का हिसाब किताब भी पाया गया। कड़ी पूछताछ के बाद उसने विभिन्न बैंकों के 34 अकाउंट की जानकारी दी। इनमें जमा किए गए 42 लाख रुपए सीज कर लिए गए हैं। आरोपी युवक धर्मजयगढ़ से आकर यहां पॉश कॉलोनी रामा लाइफ सिटी में रहता है।
 

 

panchayattantra24.-कोरबा। कोरबा जिला यूं तो पूरे प्रदेश में ऊर्जा नगरी के नाम से जाना जाता है लेकिन इसी जिले में अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ती हमेशा बाधित रहती है. यहां के निवासी बिजली की समस्या से काफी परेशान रहते हैं. ताजा मामला पोंडी उपरोडा ब्लॉक के 25 गांवों की है. इन गांवों में पिछले 15 दिनों से बिजली गुल है. लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. जानकारी के अनुसार, पोंडी उपरोडा ब्लॉक के ग्राम पंचायत लैंगा, पत्थरफोड़, कोडगार, सेमरा, सारी सोनार, बहरी झोरखी, रामपुर, लोकड़हा, सैला, ढेलुआ इनके आश्रित ग्राम मिलाकर लगभग 25 गांव के ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. इनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं है. 25 गांवों के लोग पिछले 15 दिनों से अंधेरे के साय में अपना जीवन बसर पर रहे हैं. अपनी इस समस्या को लेकर युवा ग्रामीण पोंडी उपरोडा के SDM कार्यालय पहुंचे. इस दौरान सभी युवा ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
 

 
 panchayattantra24.- बिलासपुर। बिलासपुर में तीन मंजिला नव निर्मित भवन शनिवार की सुबह अचानक ढह गया है। इस हादसे में अभी तक किसी जन हानि की खबर नहीं है। जिस जगह पर भवन है, वहीं पर नगर निगम खुदाई करके नाली निर्माण करा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि, नगर निगम की इसी लापरवाही से बिल्डिंग गिरी है। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम 50 करोड़ रुपए की लागत से नालियों का निर्माण करा रहा है। लेकिन, इसकी प्लानिंग में मनमानी ऐसी कि मानसून शुरू होने के बाद भी काम अधूरा है। जगह-जगह सड़कों व गलियों को खोद दिया गया है, और बारिश के बीच काम चल रहा है। जबकि, यह पूरा काम मानसून से पहले हो जाना चाहिए था। मंगला चौक के रिंग रोड 2 में खुदाई करके नाली बनाने का काम चल रहा है। यहां रानी सती गेट के बाजू में भी नाली बनाने के लिए खुदाई की गई है। जिसके चलते वहां बना तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स शनिवार की सुबह भराभरा कर गिर गया।
 

 
 
  panchayattantra24.-बिलासपुर। करोड़ों के ठगी के दो आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए हैं। झारखंड से गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस आरोपियों को ट्रेन से महाराष्ट्र ले जा रही थी। आरोपियों के खिलाफ मुंबई के बोरीवली थाने में धारा 420, 66 के तहत केस दर्ज है। मुंबई पुलिस ने अब मामले की शिकायत जीआरपी में दर्ज कराई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बोरीवली मुम्बई थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय जाधव अपनी टीम के साथ धोखाधड़ी के प्रकरण में आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए झारखंड के बरदुवा पलाजोरी गए हुए थे। यहां झारखंड पुलिस टीम के सहयोग से मुम्बई पुलिस ने तीन आरोपी समसुद्धीन, कलाम और हुसैन अली को गिरफ्तार किया था। 
गिरफ्तार आरोपियों को मधुपुर न्यायालय से ट्रांजिस्ट रिमांड लेकर मुंबई पुलिस 12262 दुरंतो एक्सप्रेस से महाराष्ट्र जा रही थी। तड़के ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, इसी बीच ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म से रवाना होने लगी। आरोपी समसुद्धीन व कलाम अली ने वाशरूम जाने की बात कही। तभी वाशरूम ले जाने के लिए हथकड़ी खोलने के दौरान दोनों आरोपी पुलिस को झटका देकर ट्रेन की विपरित दिशा में कूद गए। ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी, लिहाजा दोनों आरोपी भागने में कामयाब हो गए। इधर मुंबई पुलिस के प्रधान आरक्षक ने मामले की शिकायत जीआरपी में दर्ज कराई है। रायपुर से डायरी आने पर जीआरपी बिलासपुर ने धारा 224 के तहत अपराध दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दिया है।
 

 

panchayattantra24.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा पुलिस ने 10 साल लूट के पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है.आरोपी को दस साल से पुलिस ढूंढ रही थी.इस दौरान उसने कई ठिकाने बदले.लेकिन आखिरकार अपने अंजाम तक पहुंच गया. जिले के एसपी योगेश पटेल ने थाने में सभी स्थायी वारंटियों की धरपकड़ करने के निर्देश दिए थे. जिसके बाद बाइक सवार से नकदी और मोबाइल लूटने वाले आरोपी को 10 साल बाद गिरफ्तार किया गया. घटना अप्रैल 2013 की है.जब लाटा गांव के पास सूरजपुर जिले के बृजमोहन गोंड़ की बाइक रुकवाकर उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया था.इस मामले में साइबर सेल की मदद से नाबालिग समेत 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था. पुलिस ने आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो, लूटी गई बाइक, देसी कट्टा समेत नकदी बरामद की थी.वहीं एक आरोपी अल्फात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था.लेकिन पुराने मामले को खोलने पर अल्फात की लोकेशन पुलिस को मिल गई। 
मामले में जानकारी देते हुए पेंड्रा थाना प्रभारी ने बताया कि ”मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले के कोतमा लहसुई निवासी अल्फात खान के ठिकाने में दबिश दी गई. जहां पर आरोपी अल्फाज खान कबाड़ खरीदने का काम करता था. पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया.लेकिन पेण्ड्रा थाना की टीम ने आरोपी को दबोचकर गिरफ्तार किया.पेंड्रा थाना लाकर आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करके कोर्ट में पेश किया गया.जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। 
 

 
panchayattantra24.-कोरबा। चिटफंड कंपनी बीएन गोल्ड रियल स्टेट एंड एलाइड लिमिटेड की कोरबा में स्थित एक जमीन को जिला प्रशासन ने 17.81 लाख रुपये में नीलाम किया है। कंपनी के डायरेक्टर प्रदेश के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गए थे, जिनमें से अधिकांश को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। कोरबा में 2400 निवेशकों का दो करोड़ रुपये से अधिक डूब गए हैं। इस राशि से निवेशकों को उनकी लगाई गई राशि का कुछ हिस्सा प्राप्त हो जाएगा। तहसीलों से प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त कंपनी में जिले के 2394 निवेशकों द्वारा राशि निवेशित की गई है, जिसके निवेशकों को भुगतान की कार्रवाई की जानी है। इसी तरह सर्वमंगला प्रॉपर्टी इंडिया लिमिटेड के निवेशकों को राशि बांटी जा चुकी है। अपर कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को बीएन गोल्ड रियल स्टेट एंड एलाइड व सर्वमंगला प्रापर्टीज इंडिया लिमिटेड के निवेशकों की जानकारी तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
 

panchayattantra24.-कोरबा। कोरबा जिले के सतरेंगा में एक शिक्षक शराब पीकर स्कूल पहुंच गया। जब प्राचार्य और ग्रामीणों ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह विधायक का नाम लेकर धमकी देने लगा। शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की गई है. जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर सतरेंगा पंचायत के सरकारी मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक रामायण सिंह पैकरा बीते 3 जुलाई को शराब के नशे में पहुंचकर हंगामा करने लगा।
इसे देखकर प्राचार्य, शिक्षकों और वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे शोर शराबा करने से मना किया तो वह उन्हें भी विधायक का नाम लेकर धमकाने लगा। पहले भी शिक्षक शराब के नशे में स्कूल आकर हंगामा करता रहा है। 2 जुलाई की घटना का वीडियो बनाकर लोगों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय अग्रवाल को भेजा है और शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है। 
 

 
 
panchayattantra24.- बिलासपुर। नियमों की अवहेलना कर डिप्टी कमिश्नर को पदोन्नति से वंचित करने के मामले में हाईकोर्ट ने कमिश्नर को चार सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता के आवेदन पर निर्णय लेने का आदेश दिया है। छग गृह निर्माण मंडल दुर्ग में पदस्थ डिप्टी कमिश्नर आरके राठौर ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से याचिका दायर कर हाईकोर्ट में बताया कि हाउसिंग बोर्ड विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक 31 मार्च 2023 को हुई थी, जिसमें वरिष्ठता और अनुभव के बावजूद पदोन्नति के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया गया। इस पर उन्होंने कमिश्नर के समक्ष अभ्यावेदन दिया लेकिन उस पर भी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
शासन की ओर से जवाब दिया गया कि अभ्यावेदन पर कानून के मुताबिक विचार किया जाएगा। इस पर जस्टिस पीपी साहू की बेंच ने याचिकाकर्ता को निर्देश दिया कि वह विभाग में संपूर्ण दस्तावेजों के साथ अभ्यावेदन प्रस्तुत करे। साथ ही कमिश्नर को आदेश दिया कि वे इस पर चार सप्ताह के भीतर विचार करे। याचिका को निराकृत करते हुए कोर्ट ने याचिकाकर्ता को छूट दी है कि निराकरण न होने की स्थिति में वह कोर्ट में रिट याचिका दायर कर सकता है।
 

 
panchayattantra24.-जांजगीर। कलेक्ट्रेट रोड पर कार चालक ने सामने से बाइक सावर को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक चालक और पीछे बैठा व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। हादसा जिला न्यायालय जांजगीर परिसर बाहर गेट के मिडिल कट पास अध्यक्ष न्यायाधीश उपभोक्ता आयोग लिखी कार क्रमांक सीजी 13 डब्ल्यू 5105 से हुआ। कार की टक्कर से बाइक के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बाइक चला रहे रिगनी निवसी पिताम्बर भारद्वाज और उनके साथी गजानंद को काफी चोटें आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सवार घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद मौके पर उपस्थित लोग।
ट्रेलर की ठोकर दो घायल मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कुटीघाट में दोपहर 2 बजे के करीब बाइक सीजी 10 एआई 6435 पर दो व्यक्ति बिलासपुर से पामगढ़ की आेर जा रहे थे। कुटीघाट पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को ठोकर मार दी और वहां से फरार हो गया। बाइक चालक और पीछे बैठे व्यक्ति को गंभीर चोट लगी है। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
 

 
 
panchayattantra24.-बिलासपुर। सड़क पर बैठे एक पालतू कुत्ते को जानबूझकर कुचलने की घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को थाने में बुलाकर पूछताछ की लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया। सरकंडा थाने के अंतर्गत चांटीडीह के राहुल कछवाहा ने एक देसी कुत्ता पाल रखा है। 2 जुलाई को दोपहर कुत्ता घर के बाहर सड़क पर बैठा था। बाद में उसने देखा पिक्चर खून से लथपथ घायल बैठा है। उसे तुरंत पशु चिकित्सालय लेकर गया। उसके पीछे के दोनों पैर बुरी तरह कुचल दिए गए थे। राहुल ने वापस आकर घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा। इससे मालूम हुआ पड़ोस में रहने वाला ड्राइवर महेंद्र कुम्हार अपनी बोलेरो गाड़ी उस पर जानबूझकर चढ़ा रहा है। बाएं तरफ के चक्के में पैर दब जाने के बाद कुत्ता उठ नहीं पा रहा था।उसने अपनी गाड़ी को आगे पीछे कर कुत्ते को बार-बार कुचलने की कोशिश की। ड्राइवर से पूछताछ करने पर वह जानबूझकर गाड़ी नहीं चढ़ाने की बात कहने लगा लेकिन सीसीटीवी फुटेज से पता चल रहा है कि वह इरादतन कुत्ते को कुचल रहा है। कुत्ते के मालिक राहुल ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की। साथ में पुलिस को वीडियो फुटेज भी सौंपा। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर को थाने बुलाया लेकिन कुछ घंटे बिठाने के बाद उसे वापस भेज दिया। उसके खिलाफ कोई अपराध दर्ज नहीं किया गया। थाना प्रभारी राज सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।