Browsing: बिलासपुर

 
K.W.N.S.-कोरबा। कोरबा जिले के VIP रोड स्थित इंदिरा चौक के पास मंगलवार रात साढ़े 11 बजे के आसपास तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक 3 बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों बाइक पर सवार युवक सड़क पर नीचे जा गिरे। एक्सीडेंट में 7 लोग घायल हैं, जिनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है। मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र का है। घायल युवक मनीष राठिया ने बताया कि वो और उसका साथी हरीश शादी समारोह में काम करके वापस लौट रहे थे। उसने बताया कि वे CSEB की ओर से रामपुर की ओर जा रहे थे, वहीं कार रामपुर आईटीआई की ओर से आ रही थी। इस दौरान इंदिरा चौक पथर्रीपारा से पहले तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। साथ ही 2 और बाइक जो रास्ते में थीं, उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे उन दोनों के साथ ही 2 अन्य बाइक पर सवार युवक भी सड़क पर जा गिरे।
राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि हादसे में 7 लोग घायल हैं। इनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल मनीष राठिया रामपुर सिंचाई कॉलोनी का रहने वाला है। हरीश सारथी पथरीपारा निवासी है। इन दोनों की हालत गंभीर है। वहीं भदरापारा निवासी किशन पटेल और छोटू भी गंभीर रूप से घायल हैं। इन चारों के अलावा 3 अन्य युवक भी घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पूरी घटना CCTV कैमरे में घटना कैद हो गई है। आरोपी कार ड्राइवर तीनों बाइक को टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में जुट गई है। सफेद रंग की कार की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। कार के नंबर से उसके मालिक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
 

 
K.W.N.S.-जांजगीर। BJP प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन आज जांजगीर जिले के दौरे में है। प्रदेश में कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाले है। ऐसे में BJP प्रदेश सहप्रभारी का दौरा बेहद मायने रखता है। इस मौके पर अलकतरा विधानसभा क्षेत्र के 113 लोग BJP में शामिल हुए है। इस दौरान SC मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला देवी पाटले, सांसद गुहाराम अजगल्ले और विधायक सौरभ सिंह भी वहां मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरु हो गई है। ऐसे में 113 लोगों का बीजेपी में शामिल होना काफी मायने रखता है। सहप्रभारी नितिन नबीन ने इस दौरान कहा प्रदेश के जनता ने साढ़े चार साल तक बहुत कुछ खोया है। प्रदेश सरकार ने जनता का बुरा हाल कर दिया है। हम जनता के साथ मिलकर राज्य सरकार को सबक सिखाएंगे।
 

 

K.W.N.S.-बिलासपुर। भाजपा के तीन बड़े केंद्रीय नेताओं का जून में दौरा प्रस्तावित है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लोकसभा क्षेत्र के दौरे को लेकर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अमित शाह के दौरे पर कहा कि पिछले बार भी खूब दौरा किए। 65 पार का नारा दिया। ये नारा कांग्रेस के लिए था। भाजपा राहुल गांधी से डरती है। संगठन का कार्यक्रम चल रहा है। पहले जगदलपुर में था। आज बिलासपुर में है। आगे दुर्ग में रहेगा।
आपको बता दें कि वहीं प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी भी लगातार प्रदेश के दौरे पर हैं। बता दें कि अमित शाह दुर्ग में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। अमित शाह पिछले छह-आठ महीने से छत्तीसगढ़ में लगातार आ रहे हैं। पहले कोरबा, रायपुर और बस्तर आ चुके हैं। बस्तर में तो वह सीआरपीएफ का राष्ट्रीय कार्यक्रम कर चुके हैं। वहीं आठ और नौ जून को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सिरसा लोकसभा की सांसद सुनीता दुग्गल का बस्तर और कोरबा प्रवास कार्यक्रम निर्धारित है। 
 

 
K.W.N.S.-बिलासपुर। लोक सेवा आयोग (PSC) 2014 के लिए जारी मेरिट लिस्ट को चुनौती देते हुए लगाई गई याचिका पर हाईकोर्ट ने महिलाओं के आरक्षण के संबंध में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. एक महिला अभ्यर्थी की ओर से दाखिल याचिका की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट के जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की बेंच ने कहा है, कि महिलाओं के लिए 30 फीसदी से अधिक आरक्षण की अनुमति नहीं है, कोर्ट ने फैसले में वर्टिकल, होरिजेंटल आरक्षण को नए सिरे से स्पष्ट किया है. दरअसल, पीएससी ने वर्ष 2014 में राज्य प्रशासनिक सेवा के विभिन्न पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था, इसमें डिप्टी कलेक्टर के 21 पद शामिल थे. 21 पदों में से 9 पद अनारक्षित, 2 पद एससी, 7 पद एसटी और 3 पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित थे. इसमें से महिला आरक्षण के तहत 2 पद अनारक्षित महिला और 2 पद एसटी वर्ग की महिला प्रतिभागी के लिए आरक्षित थे. विज्ञापन के अनुसार ओबीसी महिला के पद आरक्षित नहीं थे. चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरिट में 10वें नंबर पर ओबीसी वर्ग के प्रतिभागी ओंकार यादव का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ. इसे पीएससी की मुख्य परीक्षा में शामिल रही हिमशिखा साहू ने हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए कहा कि ओबीसी महिला के लिए पद आरक्षित होने पर उनका चयन ओंकार यादव की जगह होना था. प्रारंभिक सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता महिला के पक्ष में अंतरिम आदेश दिया था. इस बीच यादव ने जीएसटी डिपार्टमेंट में ज्वाइन कर लिया. वे वर्तमान में असिस्टेंट कमिश्नर हैं।
मामले पर सुनवाई के दौरान बताया गया कि महिला 29वें नंबर पर थी, मेरिट लिस्ट में उनका नाम नहीं था, ऐसे में उन्हें याचिका दाखिल करने का भी अधिकार नहीं था. वहीं पीएससी की तरफ से जानकारी दी गई कि नियमों का पालन करते हुए मेरिट लिस्ट जारी की गई थी. सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने महिला की याचिका खारिज करते हुए उनके पक्ष में जारी अंतरिम आदेश निरस्त कर दिया है. कोर्ट ने प्रतिवादी अधिकारी की कोई गलती नहीं होने के कारण सीनियॉरिटी समेत अन्य लाभ देने के आदेश दिए हैं. हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट और अन्य हाईकोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए वर्टिकल, होरिजेंटल आरक्षण को स्पष्ट किया है. कोर्ट ने कहा है कि वर्टिकल आरक्षण 50 फीसदी अनारक्षित और 50 फीसदी एससी, एसटी और ओबीसी के लिए है. एससी, एसटी और ओबीसी को वर्टिकल आरक्षण का लाभ दिया जाता है और शारीरिक रूप से दिव्यांगों को होरिजेंटल आरक्षण का लाभ दिया जाता है।
 

 
 
K.W.N.S.- बिलासपुर। कांग्रेस संभागीय सम्मेलन के जरिए बस्तर के बाद अब बिलासपुर में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चुनावी आगाज करने की तैयारी में हैं। इस सम्मेलन में संभाग के सभी जिलों के साथ ही ब्लॉक पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों समेत एक हजार लोगों को बुलाया गया है। वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ समेत सभी दिग्गज नेता चुनाव जीतने की रणनीति बनाएंगे और पदाधिकारियों को रिचार्ज करेंगे।
कांग्रेस बस्तर के सभी सीटों पर अपने विधायकों को जीताने की रणनीति बना रही है। वहीं, पिछली विधानसभा में कमजोर प्रदर्शन के चलते कांग्रेस का ध्यान बिलासपुर संभाग पर भी है। यही वजह है कि बस्तर के बाद बिलासपुर में संभागीय सम्मलेन किया जा रहा है।
 

 

K.W.N.S.-पेंड्रा। दमदम ग्राम के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ड्राइवर केबिन में फंस गया जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। दरअसल पूरा मामला पेंड्रा कोरबा मुख्य मार्ग का है, जहां मंगलवार सुबह कोटमी चौकी क्षेत्र के दमदम पुलिया के पास तेज रफ्तार पिकअप सीजी 10 c 5326 पेंड्रा से सामान लोड कर कोरबा की ओर जा रहा था तभी दमदम ग्राम के पुलिया के पास पिकअप अनियंत्रित हो गया और मुख्य मार्ग में पलट गया।
इस हादसे में ड्राइवर लाला यादव केबिन में फस गया जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया तो वही हादसे में घायल ड्राइवर को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो वही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी गई है। 
 

 

K.W.N.S.-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ प्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के तत्वाधान में गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के प्रबंधक, लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, चपरासी सहित समस्त सहकारी समिति संघ के कर्मचारी अपनी तीन सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं, जिससे जिले के विभिन्न सहकारी समितियों के कामकाज बंद हो गए हैं।
सहकारी समिति कर्मचारियों नें छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा घोषणा पत्र में किए गए वादे को पूरा ना होते देख कामकाज छोड़कर हड़ताल में बैठे हैं और सभी अनियमित कर्मचारियों की नियमितीकरण, समान काम-समान वेतन, सीधी भर्ती पर रोक लगाकर कर्मचारियों का संविलियन किए जाने की मांग को लेकर कर्मचारियों के द्वारा प्रदर्शन जारी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश के भूपेश बघेल सरकार के द्वारा जब तक यह मांगे पूरी नहीं की जाती तब तक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल चलता रहेगा अब देखने वाली बात यह होगा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार के द्वारा कब तक इनकी मांगे पूरी की जाएगी।
 

 
K.W.N.S.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा से पोस्टमार्टम के एवज में पैसे की वसूली का मामला सामने आया है. एक आदिवासी व्यक्ति पर बैल ने हमला कर दिया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल पहुंचते ही व्यक्ति ने दम तोड़ दिया. जिसके बाद पोस्टमॉर्टम को दौरान शासकीय कर्मचारियों ने हजार रुपए की वसूली परिजनों से की.
मामला जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के लटकोनी खुर्द गांव का है. गांव के बड़का टोला में रहने वाले पुरुषोत्तम सिंह अपने घर के सामने टहल रहे थे. तभी एक बैल ने पुरुषोत्तम के ऊपर हमला कर दिया. बैल ने पुरषोत्तम को उठाकर पटक दिया. बैल के हमले से पुरुषोत्तम को अंदरूनी चोटें आई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही पुरुषोत्तम ने दम तोड़ दिया.
अस्पताल से मिले मेमू के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव का पंचनामा किया. इसके बाद शव के पोस्टमार्टम किये जाने की बात कही. पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट में शराब के नशे का जिक्र न करने के एवज में शव वाहन के चालक ने परिजनों से 1500 सौ रुपए की मांग की. लेकिन गरीब आदिवासी के परिजनों के पास इतना पैसा नहीं होने के कारण वो अपने किसी परिचित से उधारी पैसा लेकर आए. मरचुरी के सामने ही डॉक्टर भगवान सिंह पैकरा के साथ पहुंचे. पैसा देने के बाद पुरुषोत्तम का पीएम किया गया.
 

 

K.W.N.S.-कोरबा। कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज के पचरा गांव में हाथियों को खदेड़ने के लिए किसानों ने अपने ही खेत में आग लगा दी. फसल लेने के बाद किसानों ने पलारी में आग लगाई. हाथियों से बचने के लिए ग्रामीणों ने ये कदम उठाया है. इलाके में 30 से ज्यादा हाथियों का दल विचरण कर रहा है. इस बीच हाथियों ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया है. अब हाथियों से बचने के लिये ग्रामीण रातजगा करने को मजबूर हैं।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। फेसबुक से दोस्ती कर पीड़िता को परेशान करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्त में लिया है. इस मामले में अधिकारी ने बताया कि मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से आरोपी को दबोचा गया है. आरोपी को पकड़ने कैंप लगाया गया था. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्णा राम यादव उर्फ सुदामा यादव बताया।
बता दें कि पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि फेसबुक के माध्यम से करीब 7 माह पूर्व कृष्ण राम यादव उर्फ सुदामा के साथ जान पहचान हुआ था, जिससे व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत होती थी इसी बीच वह प्रेम का इजहार किया। जिसे मना की तब वह व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम के माध्यम से गंदी गंदी गाली देते हुए अश्लील टिप्पणी किया और जान से मारने की धमकी देते हुए फोटो को छेड़छाड़ कर अश्लील फोटोग्राफ बनाकर वायरल कर दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आईपीएस संतोष सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।