Browsing: बिलासपुर

 
K.W.N.S.-बिलासपुर। कॉलेज की छात्रा ने फांसी लगा खुदकुशी कर ली। कालेज की वार्षिक परीक्षा के दौरान छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई थी। जिसके चलते वह शर्मिंदा होकर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। छात्रा की शिनाख्त होने के बाद शव पोस्टमार्टम करवा उसके परिजनों को सौप दिया गया है।
घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गंगद्वारी निवासी 20 वर्षीय कु.नेहा टण्डन पिता रामलाल टण्डन बिलासपुर के शासकीय जमुना प्रसाद वर्मा कालेज जरहाभाठा में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चंदेला नगर में अपने बड़े पापा के साथ रहती थी। उसके साथ ही उसकी बड़ी बहन नीतू टण्डन व आकाश टण्डन भी रहते थे। उसकी बड़ी बहन भी कॉलेज छात्रा है। बुधवार को कालेज में सुबह की शिफ्ट में नेहा टण्डन की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान नेहा नकल करते हुए पकड़ी गई थी जिससे वह शर्मसार थी।
कालेज से घर लौटने के बाद उसने किसी से कोई बात नही की और गुमसुम बैठी रही। उसके बाद दोपहर को बिना किसी को कुछ बताये घर से बाहर चली गई। देर शाम तक घर नही लौटने पर भाई-बहन उसे खोजने निकले पर उसका पता नही चल पाया। दो दिन बाद नेहा की सकरी थाना क्षेत्र के भरनी में पेड़ में चुनरी से फांसी से लटकी लाश मिली। आस- पास के लोगो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर पहुँची पुलिस ने शव की शिनाख्त करवाई। जिसमे शव की शिनाख्त नेहा टण्डन के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को नकल करते पकड़ाने पर उसी रात छात्रा से शर्मिंदगी के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव का पीएम करवा परिजनों को सौप दिया है।
 

 

K.W.N.S.-कोरबा। कटघोरा से अंबिकापुर हाईवे पर अक्सर लोग तेज रफ्तार से चलते हैं. कोरबा में सबसे ज्यादा सड़क हादसे भी इसी रोड पर होते हैं. ऐसे ही एक हादसे में शुक्रवार रात बांगो थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 पर दो ट्रेलर आगे पीछे टकरा गए. हादसे में पीछे चल रहे ट्रेलर के चालक की मौत हो गई. नेशनल हाईवे-130 में बंजारी गांव के पास ट्रेलर एमएच 46 बीएफ 9387 का ड्राइवर रामजीत यादव निवासी जौनपुर (यूपी) पाइप लोडकर नागपुर से पटना जा रहा था. शुक्रवार रात लगभग 11.30 बजे बंजारी के पास इसी ट्रेलर के आगे चल रहे एक अन्य ट्रेलर एमएच-40 बीजी 5377 के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इससे रामजीत का ट्रेलर अपने आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया. हादसे में पीछे चल रहे ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना में रामजीत अपनी सीट पर बैठे हुए बुरी तरह से फंस गया. उसके पैर और शरीर के निचले हिस्सों में गंभीर चोट आई. पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक कैलाश ने अपने सहयोगी और अन्य लोगों की मदद से रामजीत को काफी मशक्कत के बाद केबिन से बाहर निकाला. डायल 112 के जरिए घायल की पोड़ी उपरोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया को फिलहाल राहत नहीं मिली है। पिछले 3 तारीखों में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी नहीं हो पाई है। अब अगली सुनवाई 11 अप्रैल को होने वाली है।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने कोयला लेवी वसूली को लेकर कुछ कोयला व्यापारियों और अधिकारियों के घर छापा मारा था। छापामार कार्रवाई के बाद चौरसिया को भी गिरफ्तार किया गया जो उस समय मुख्यमंत्री कार्यालय में उपसचिव थीं। गिरफ्तारी के बाद से ही वे सेंट्रल जेल रायपुर में बंद हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और सिद्धार्थ अग्रवाल ने पिछली सुनवाई के दौरान तर्क दिया गया था कि सौम्या के ठिकानों पर ईडी ने तीन बार छापे मारे, बैंक लॉकर और बैंक खातों की जांच की गई लेकिन ईडी को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। ईडी के मामले में उन्हें जमानत दी जानी है जो महिला, वृद्ध या अवश्य वयस्क हैं। चौरसिया के पास से कोई रकम बरामद नहीं हुई है।
ईडी की ओर से गुरुवार को जमानत के विरोध में तर्क पूरे हो गए। उसकी ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू और अधिवक्ता डॉ सौरभ पांडे ने कहा कि डायरी में एंट्री की गई तारीख और निवेश की तारीख आपस में मिल रही है। स्वतंत्र जांच से यह स्थापित भी हुआ है। निवेश, विक्रय पत्र अनुबंध आदि का भी ईडी ने जिक्र किया है। अब मंगलवार को चौरसिया का पक्ष उनके वकील रखेंगे।
 

 
K.W.N.S.-बिलासपुर। पीएमजीएसवाई सड़कों की गुणवत्ता जांच एवं रिसर्च कार्य में अत्याधुनिक डिफ्लेक्टोमीटर मशीन के जरिए काफी मदद मिल रही है। बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ की सभी पांच संभागों में सरकार द्वारा इस तरह की पांच मशीनें मुहैया कराई गई है। प्रत्येक मशीन की कीमत 56 लाख 90 हजार रूपये की है। इस प्रकार 2 करोड़ 85 लाख की लागत से आई 5 मशीनों से प्रदेश में सड़क जांच का काम अब काफी सुगम हो गया है। मशीन खरीदने के लगभग दो वर्ष में अकेले बिलासपुर जिले में 12 सड़कों की जांच की गई। इन सड़कों की 109 किलोमीटर लम्बाई के कई स्थानों पर जांच कर सड़कों की लोड क्षमता एवं भविष्य में सुधार संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत किये गये हैं। पीएमजीएसवाई के अंतर्गत ग्रामीण सड़क नेटवर्क प्रबंधन इकाई की ईई अंजू सिंह चंदेल ने इन मशीनों की उपयोगिता को लेकर कतिपय मीडिया संस्थान द्वारा सवाल उठाये जाने पर स्पष्टीकरण जारी किये हैं।
कार्यपालन अभियंता अंजू सिंह ने बताया कि इण्डियन रोड कांग्रेस की गाईड लाईन एवं मानकों के अनुरूप इन अत्याधुनिक मशीनों की खरीदी नियमानुसार की गई है। ग्लोबल टेण्डर के जरिए इनकी खरीदी की गई है। प्रत्येक मशीन की लागत 56 लाख 90 हजार रूपये है। इस प्रकार प्रकार पांचों संभाग के लिए आई डिफ्लेक्टोमीटर मशीन की लागत 2 करोड़ 85 लाख रूपय की है। जबकि प्रकाशित खबर में 7 मशीनों की खरीदी साढ़े 7 करोड़ रूपये बताई गई है। बिलासपुर जिले को 7 जनवरी 2021 को मशीन प्राप्त हुई। इसके बाद 24 जनवरी को मशीन का पहला उपयोग शुरू किया गया। मशीन युक्त वाहन अब तक 2700 किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी है। इस दौरान 12 सड़कों में जांच का काम पूर्ण कर लिया गया है। एनआईटी रायपुर द्वारा भी तीन दफा इन मशीनों का इस्तेमाल सड़क परीक्षण के लिए किया गया है। मशीन के माध्यम से सड़कों में अलग अलग क्षमता के लोड देकर उनके डिफ्लेक्शन को रिकार्ड किया जाता है। मशीन से 2,4,6,8 टन अथवा इससे ज्यादा क्षमता का लोड दिया जा सकता है। पीएमजीएसवाई सड़कों सहित सभी तरह की सड़कों की लोड क्षमता की जांच के लिए यह मशीन सक्षम है। मशीन के संचालन के लिए विभाग के सब इंजीनियर प्रशांत सिंह चौहान को प्रशिक्षित किया गया है। जरूरत के अनुसार वाहन चालक का इंतजाम विभाग द्वारा किया जाता है।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। कलेक्टर बिलासपुर सौरभ कुमार ने मंगलवार को बेलतरा तहसील क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अकलतरी और धौरामुड़ा स्थित गोठान और महात्मा गाँधी रूरल औद्योगिक पार्क का निरीक्षण किया । जहां उन्होंने विभिन्न महिला समूहों द्वारा किये जा रहे कार्यों का परीक्षण कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी आर वर्मा को निर्माण संबंधी कार्यों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम अकलतरी और बेलतरा में शासन द्वारा घोषित सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कार्य मे संलग्न कर्मचारियों से चर्चा कर समायसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस वासु जैन, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिल्हा बीआर वर्मा, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित थे।
 

 
K.W.N.S.-  बिलासपुर। जिले में स्थित एनटीपीसी सीपत के राखड़ डेम के पास हाइड्रा क्रेन पलटने से 5 मजदूर घायल हो गए हैं। इसमें एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका इलाज चला रहा है। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रांक स्थित एनटीपीसी के दो नंबर राखड़ डेम में ठेका कंपनी के चार मजदूरों को लेकर हाइड्रा चालक डेम के ऊपर राखड़ पाइप की रिपेयरिंग करने के लिए जा रहा था। इस दौरान अचानक हाइड्रा का बैलेंस बिगड़ गया और हाइड्रा लुढ़कते हुए करीब 50 फीट नीचे गिर गया। इस हादसे में 2 मजदूर हाइड्रा से छिटककर बाहर गिर गए। वहीं चालक और अन्य दो मजदूर हाइड्रा में फंस गए। कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल मजदूरों को उपचार के लिए सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
 

K.W.N.S.-जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय की बेतरतीब बसाहट को ठीक करने के लिए यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार की सुबह 6 बजे नैला नगर पालिका क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की टीम बेजा कब्जा हटाने के लिए पहुंच गई। राजस्व, नगरपालिका और पुलिस विभाग के कर्मचारी कचहरी चौक पर सड़क किनारे बने दुकानों पर कार्रवाई कर रहे हैं।
कचहरी चौक से विवेकानंद मार्ग पर कई बड़े दुकानों के शटर और छज्जे भी गिरा दिए गए हैं। मौके पर कोई अप्रिय हालात न बनें, इसलिए यहां भारी पुलिस बल तैनात है। स्थानीय रहवासियों ने जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को सही बताया है कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाएं।
नगर पालिका सीएमओ ने बताया कि नैला नगर पालिका क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। सड़क किनारे बनी दुकान के साथ-साथ पार्किंग की जमीन को भी कई व्यवसायियों ने अपने कब्जे में ले रखा है, जिसके कारण शहर की सड़क, नालियां और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए पालिका को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कई बार मांग उठती रही है और अब कलेक्टर ने सभी सड़कों के निरीक्षण के बाद रोडमैप तैयार कर लिया है।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर जिले में पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 81 बुलेट गाड़ियों को ज़ब्त कर लिया है। दरअसल, युवाओं में बुलेट का साइलेंसर मॉडिफाइ करके चलाने का ट्रेंड चल रहा है। सोमवार की शाम पुलिस ने अभियान चलाकर 138 संदिग्ध बुलेट वाहनों की चेकिंग की, जिसके बाद वाहनों को ज़ब्त किया गया।
खुद को स्टाइलिस दिखाने के लिए युवा रॉयल एनफिल्ड कंपनी की बुलेट बाइक चलाना पसंद करते हैं, इसके अलावा अब युवा कंपनी की ओरिजनल साइलेंसर को बदलकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने का भी शौंक रखते हैं। बता दें कि, बुलेट के साइलेंसर मॉडिफाइड करने पर गोली चलने जैसी या फिर तेज और कर्कश आवाज आती है। इस तरह के साइलेंसर से राहगीर और आसपास के लोग डर जाते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कार्रवाई करते हुए सोमवार को बिलासपुर पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 138 संदिग्ध बुलेट वाहनों की जांच की गई, इनमें से 81 ऐसे बुलेट मिले जिनके ओरिजिनल साइलेंसर को बदलकर मॉडिफाइड सैलेंसर लगाया गया था। फिलहाल सभी जब्त वाहनों को पुलिस ने थाने में रखा है और व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
 

 
 
K.W.N.S.-कोरबा। सालभर में 1 लाख का 1 करोड़ देने का लालच देकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक प्रार्थी ज्योति कुमार सोनी पिता हजारीलाल सोनी निवासी बुधवारी बाजार कोरबा तथा नागेश्वर दास महंत पिताश्री को दादास महंत निवासी रवि शंकर शुक्ला नगर ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराया की वर्ष 2016-17 से मेवा लाल साहू निवासी चांपा राजेंद्र दिव्य मनीष दिव्य निवासी बाल्को भोला निवासी बंजारी ने आरती ग्रुप में ₹100000 जमा करने पर 1 वर्ष के अंदर 10000000 रुपए मिलेगा कह कर लोगों से छप्पन लाख 35000 रुपए जमा कराएं और आज तक किसी प्रकार का रकम नहीं मिला मांगने पर रकम वापस नहीं करने की बात बोल कर मारपीट करने की धमकी देते हैं उन लोगों के द्वारा आर पी ग्रुप का फर्जी लेटर पैड व आईडी कार्ड भी दिए हैं।
जिस रिपोर्ट पर उपरोक्त धाराओं के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया विवेचना दौरान पुलिस अधीक्षक उदय किरण सर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा व नगर पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शिव धारी चौकी प्रभारी सीएसईबी के नेतृत्व में आरोपी राजेंद्र को उसके निवास स्थान रायपुर से पकड़ उसके कब्जे से फर्जी तैयार किए गए दस्तावेज तथा लोगों के रकम से खरीदे एक बलेनो कार को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
 

 
K.W.N.S.-कोरबा। आप लोग समय पर सर्वे करने आ रहे हैं न…। घर के सभी सदस्यों की जानकारी सही-सही भर रहे हैं न… और सर्वेक्षण में कोई परेशानी तो नहीं आ रही है.. प्रगणकों से यह पूछते हुए कलेक्टर संजीव कुमार झा ने सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य का न सिर्फ निरीक्षण किया, अपितु उन्होंने प्रगणकों द्वारा भरे जा रहे सर्वेक्षण फॉर्म को हाथ में लेकर फॉर्म में दर्ज जानकारियों का मिलान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सर्वे से पहले गांव में अनिवार्य रूप से मुनादी करा ली जाए ताकि ग्रामीण अपने घर में उपस्थित रहे और सर्वेक्षण में शामिल हो सकें। कलेक्टर झा ने बिना किसी त्रुटि के सभी अनिवार्य जानकारी मोबाइल एप और फॉर्म में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगणकों से भी चर्चा की और किसी प्रकार की समस्या आने पर सम्बंधित अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर झा और जिला पंचायत सीईओ नूतन कुमार कंवर ने शासन की विभिन्न योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित करने के लिए 1 अप्रैल से प्रारंभ हुए छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने करतला विकासखंड के अंतर्गत दूरस्थ ग्राम घिनारा, पीड़िया और नवापारा में ग्रामीणों के घर जाकर सर्वेक्षण कार्य को देखा और सर्वे कर रहे प्रगणकों को निर्देशित किया कि सर्वे से कोई भी परिवार वंचित न रहे और सर्वे में सभी शामिल हो। कलेक्टर ने सर्वे के दौरान राशन कार्ड, आधार में दर्ज जानकारी के आधार पर प्रपत्र में परिवार की जानकारी दर्ज करने, मकानों का नम्बर ऑयल पेंट से मोटे अक्षरों में लिखने, परिवार के मुखिया का फोटो मकान नम्बर के साथ लेते हुए 18 वर्ष या अधिक के सदस्यों का प्रपत्र में हस्ताक्षर लेने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सर्वे में ग्रामीणों की सहभागिता कहा कि ग्रामीण अपना सर्वे कराकर घर से बाहर महुआ बीनने या दूसरे काम से जाए, इसके लिए मुनादी कराना जरूरी है। उन्हें सामाजिक,आर्थिक सर्वेक्षण के फायदे कोे भी बताया जाना चाहिए। कलेक्टर ने प्रगणक दलों को पूरी गंभीरता से त्रुटि रहित सर्वेक्षण करने के निर्देश देते हुए मोबाइल एप में ऑनलाइन एंट्री एवं मैनुअल एंट्री के बारे में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों, पंच और मितानिनों से सहयोग लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सीमा पात्रे, जनपद सीईओ एमएस नागेश आदि उपस्थित थे। कलेक्टर झा ने ग्रामीण क्षेत्रों में दौरा कर न सिर्फ सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया, अपितु उन्होंने घिनारा, पीड़िया और नवापारा में गाँव की पैदल चलते हुए सरपंच तथा ग्रामीणों से पेयजल की उपलब्धता, हैण्डपंप, वन अधिकार पत्र, जाति प्रमाण पत्र, फौती, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन न्याय योजना, फसल उत्पादन आदि के संबंध में चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान पटवारी से भी राजस्व संबंधी प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को भी आवश्यक निर्देश दिए।