Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S.-कोरबा। जिले में जैन पब्लिक स्कूल के स्कूली बस में भीषण आग लग गई. बस देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी. हादसे के वक्त बच्चे बस में सवार थे. हालांकि, आनन-फानन में बच्चों को बस से उतार लिया गया. जिससे किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है. बता दें कि, गोढ़ी स्थित जैन पब्लिक स्कूल से बच्चों को लेकर बस छुरी कटघोरा छोड़ने जा रही थी. उसी दौरान छुरी मुख्य मार्ग में वाहन में आग लग गई. आनन-फानन में सभी बच्चों को नीचे उतार कर जान बचाई गई. वहीं तत्काल घटना की जानकारी दमकल टीम को दी गई.

K.W.N.S.-बिलासपुर। पिछले 4 दिनों से बिलासपुर वन मंडल के सीपत परिक्षेत्र में डेरा जमाए हाथियों का दल कटघोरा वन मंडल की ओर बढ़ गया है। हाथियों ने सेल्फी ले रहे एक युवक को पटक कर घायल कर दिया, जबकि गेहूं और सब्जी की फसल को भी रौंद दिया। सीपत इलाके के ऊनी ग्राम के पास लीलाधर नदी के किनारे 12 हाथियों का दल जांजगीर के रास्ते से रविवार को पहुंचा था। यह दल 4 दिन तक सीपत परिक्षेत्र के निरतू में रुका था। बुधवार की रात हाथी जेवरा, फुटहामुड़ा और पटेलपारा होते हुए कटघोरा वन मंडल की ओर बढ़ गया।
बिलासपुर वन मंडल के कुछ गांवों में उसने गेहूं और सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग का ने क्षति करीब एक लाख रुपए की बताई है। प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए प्रकरण तैयार किया जा रहा है। कटघोरा वन मंडल के धौराभाठा में हाथियों के दल ने सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे संतोष पोर्ते को उठाकर पटक दिया। उसके सिर पर चोट आई है। उसे इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सालय में दाखिल कराया गया है। सक्ती में भी हाथियों के नजदीक जाने वाले एक ग्रामीण की मौत हुई तथा एक घायल हुआ है।

K.W.N.S.-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया के नेतृत्व में जिला गठन के उपलक्ष्य में 10 फरवरी को अरपा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अरपा महोत्सव के उपलक्ष्य में जिले भर में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता आज शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय मैदान पेन्ड्रा में आयोजित की गई है। यह प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 2 बजे तक होगी। आज जनपद स्तर पर कबड्डी, खोखो, वॉलबॉल, संखली, गेड़ी एवम रस्साकसी आयोजित की गई। विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किया गया। खेलकूद गतिविधियां ग्राम पंचायत स्तर पर 1 से 3 फरवरी तक और जनपद स्तर पर 6 से 8 फरवरी तक आयोजित की गई।
K.W.N.S.- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के जूनापारा चौकी क्षेत्र के भौंराकछार स्थित पेट्रोल पंप में बीती रात बदमाशों ने कट्टे की नोक पर लूट की कोशिश की। दहशत फैलाने हवाई फायरिंग की गई। वहीं बदमाशों ने पेट्रोलपंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षति पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस लुटरों की खोजबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार भौंराकछार में श्री गोपाल फ्यूल्स पेट्रोलपंप है, जहां बीती रात कार से पहुंचे बदमाशों ने कट्टे की नोक पर पेट्रोल पम्प कर्मी को डराते धमकाते हुए लूट की कोशिश की। इस दौरान लुटरों के साथी ने पिस्टल से हवाई फायरिंग किया। अपनी हरकत को सीसीटीवी कैमरा में कैद होते देख बदमाशों ने कैमरे को पत्थर मारकर तोड़ने का प्रयास किया। इस घटना से भौंराकछार में दहशत का माहौल। पेट्रोल पम्प संचालक गोपाल साहू ने इस घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। हाल ही में कोटा पेट्रोल पम्प में भी बाइक सवार बदमाशों ने कट्टे से फायरिंग कर लूट का प्रयास किया था।

K.W.N.S.-कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में इन दिनों हाथियों का आतंक जारी है. कोरबा शहर के नजदीक जंगली हाथी पहुंच गए हैं. हरदीबाजार के रेकी के पास विचरण करते एक दर्जन हाथियों का झुंड और 6 नन्हे शावक नजर आए. इलाके में खौफ का माहौल है. बिलासपुर सीपत के जंगल से होते बीती रात हरदी के समीप ग्राम रेकी के लाल मठिया पारा के पास लगभग एक दर्जन जंगली हाथी पहुंचे हैं. हाथियों के आने की खबर से ग्रामवासी भयभीत हो गए हैं. एक ग्रामीण हाथियों के झुंड को देख भाग रहा था और वो गड्ढे में जा गिरा, जिससे गम्भीर रूप से घायल हो गया. 108 के माध्यम से अस्पताल रवाना किया गया है. ग्रामीणों ने इसकी खबर वन विभाग को दे दी. जहां वन कर्मी और अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को हिदायत दे रहे हैं कि वह हाथियों से दूर रहें।

K.W.N.S.-जांजगीर-चांपा। जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र के चंदनिया पारा में करीब 2 लाख रुपए की चोरी हो गई। मकान मालिक अशोक बजाज के सूने मकान से 1 लाख 15 हजार रुपए के सोने-चांदी के गहने और 85 हजार रुपए कैश समेत करीब 2 लाख की चोरी हो गई।
जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के चंदनिया पारा निवासी अशोक बजाज के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नगद की चोरी कर ली। घटना की जानकारी हाउल मेड (कामवाली) ने फोन से मकान मालिक अशोक बजाज को दी। जानकारी मिलने के बाद पूरा परिवार बिलासपुर से जांजगीर पहुंचा। मकान मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके।
मकान मालिक अशोक बजाज ने बताया कि 3 फरवरी से पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने बिलासपुर गया हुआ था। यह चोरी 5-6 फरवरी की मध्य रात्रि को हुई। घटना का पता बाद में चला। अशोक बजाज शहर में संचालित मेट्रो सिनेमा के संचालक हैं, जो अपने बेटे की शादी के लिए 3 फरवरी को बिलासपुर गए थे। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार शादी के जश्न में डूबा था और सोमवार को दुल्हन को अपने घर लाने की तैयारी थी, तभी सुबह काम करने वही बाई ने घटना की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

K.W.N.S.-बिलासपुर। रेप पीड़िता आदिवासी युवती ने पुलिस पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल को बचाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि राजनीतिक प्रभाव के चलते इस गंभीर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। मंगलवार की रात आईजी ऑफिस पहुंची युवती ने फरार आरोपी पलाश को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। दरअसल, जांजगीर-चांपा जिले की आदिवासी युवती ने रायपुर के महिला थाने में नेता प्रतिपक्ष और विधायक नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल पर रेप का आरोप लगाया है। रायपुर के महिला थाने में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने केस को जांजगीर-चांपा जिले का मामला बताकर ट्रांसफर कर दिया गया है। लेकिन, अब तक इस मामले में आरोपी पलाश चंदेल की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
युवती ने बताया था कि 2018 के बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी। इस दौरान पलाश ने उसके साथ शादी करने का वादा किया और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद से वह लगातार संबंध बनाता रहा, जिसके काण 2021 में वह गर्भवती हो गई, तब पलाश ने गर्भपात की दवाई खिलाकर उसका बच्चा गिरा दिया। इस बात को लेकर पलाश के साथ उसका विवाद भी हुआ था। युवती मंगलवार की रात आईजी ऑफिस पहुंची। इस दौरान उसने शिकायत करते हुए फरार आरोपी पलाश चंदेल को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। युवती ने कहा कि आरोपी और उसके परिजन राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर इस गंभीर केस को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है और उसे जमानत का मौका दे रही है।

K.W.N.S.-बिलासपुर। नशे के विरुद्ध अभियान चलाकर अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त आईपीएस संतोष सिंह ने बिलासपुर जिले में पदभार ग्रहण करते ही नशा मुक्ति कार्यक्रम के तहत निजात अभियान शुरू किया है। जिसका मूल मंत्र नशे को ना जिंदगी को हां है। आज अभियान की शुरुआत आईजी बद्रीनारायण मीणा,एसपी संतोष सिंह ने निजात अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर की। एसपी संतोष सिंह ने बिलासपुर जिले में ज्वाइन करने के साथ ही यह स्पष्ट संदेश दे दिया था की या तो नशा कारोबारी अपना कारोबार बदल देंगे या जिला छोड़ देंगे नहीं तो वे जेल में रहेंगे। उन्होंने नशे पर प्रभावी कार्यवाही रोकथाम व नशा एडिक्टेड लोगों के पुनर्वास के लिए निजात अभियान की आज औपचारिक शुरुआत की। एसपी संतोष सिंह के इस कार्यक्रम में आईजी बद्री नारायण मीणा आईएमए अध्यक्ष डॉ प्रशांत द्विवेदी पूर्व अध्यक्ष अविज़िद रायजादा, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रमुख प्रितपाल सिंह गुंबर, प्रजापति ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के बिलासपुर इकाई की प्रमुख मंजू दीदी, रोटरी क्लब से पायल लाठ उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर व छत्तीसगढ़ के राजकीय गाना अरपा पैरी के धार गाकर की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में एडिशनल एसपी ग्रामीण राहुल शर्मा ने निजात अभियान के बारे में जानकारी दी। उसके बाद एसपी संतोष सिंह ने अभियान के विभिन्न चरणों के बारे में अवगत कराया। जिसमें एसपी ने बताया कि नशे के अवैध सौदागरों के खिलाफ कार्यवाही व लोगों को नशा मुक्ति करवा के खुशहाल जीवन में वापसी के लिए जिला पुलिस ने यहां अभियान चलाया है, जिससे समाज में पुलिस की सकारात्मक भूमिका परिलक्षित हो। एसपी ने बताया कि अभियान तीन चरणों में चलेगा। पहले चरण में अवैध नशा का कारोबार करने वालों पर कार्यवाही, नशे की सामग्री जब्ती की जाएगी। दूसरे चरण में जन जागरूकता चलाकर लोगों को नशे से दूर रहने वह दूसरों को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस चरण में दवाई दुकान वालों को भी बिना डॉक्टर प्रिसक्रिप्शन के नशीली दवाई किसी को न बेचने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही नशा के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत करवाया जाएगा। कार्यक्रम के तीसरे चरण में डीएडिक्शन व नशा मुक्ति के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टरों का भी सहयोग लेगी। जिसमें डॉक्टर व मनोचिकित्सक लोगों को नशे की लत से उबारने में काउंसलिंग करवाकर मदद करेंगे। यह अभियान का अंतिम चरण होगा।
अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों को इसमें सहभागिता निभाने के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम मैं अपना उदबोधन देते हुए आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि बिलासपुर के वर्तमान एसपी संतोष सिंह ने अन्य जिलों में भी पदस्थ रहते हुए नशे के खिलाफ काफी प्रभावी कार्यवाही की है। और इसके लिए निजात अभियान चलाया है। जिसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं। उन्होंने एसपी संतोष सिंह और उनकी पूरी टीम को इस अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी है। आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान के प्रितपाल सिंह गुंबर ने बताया कि पूर्व में भी उनके संस्थान के माध्यम से नशा मुक्ति के कार्यक्रम होते रहे हैं। पर यह एकतरफा नहीं हो सकता इसके लिए समाज को आगे आना होगा। मेडिटेशन के माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया जा सकता है। प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज की मंजू दीदी ने कहा कि नशे को शुरुआत से ही से रोका जाना चाहिए, नहीं तो यह विकराल रूप ले लेता है। योगा व मेडिटेशन से इससे बचा जा सकता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रोटरी क्लब की पायल लाठ ने कहा कि एक स्वस्थ समाज के लिए नशा मुक्त होना समाज जरूरी है। एक नशा मुक्त व्यक्ति ही स्वस्थ रहकर अपनी पारिवारिक व सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन कर सकता है। इसके लिए हमें नशे से कोसों दूर रहना चाहिए व जो नशे के आदी हो गए हैं उनका पुनर्वास कर उन्हें भी नशे से दूर करना चाहिए। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान में समाज के सभी वर्गों को सामने आने की अपील की है
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ प्रशांत द्विवेदी व लगातार अध्यक्ष रह चुके पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर अविजिद रायजादा भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि यदि पूर्व से बीमार कोई व्यक्ति नशे का सेवन करता है तो उसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं ,और स्वास्थ्य के लिए गम्भीर परेशानियां हो सकती है। उन्होंने एसपी संतोष सिंह के अभियान को यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। सिरगिट्टी टीआई पौरुष पुर्रे ने निजात पाना है शीर्षक की कविता सुनाई व लोगों को नशा मुक्त रहने का संदेश देते हुए बिलासपुर को नशा मुक्त करने की अपील की। एसपी संतोष सिंह के मार्गदर्शन में बनी एक लघु नाट्य फ़िल्म दिखाई गई। जिसमें बताया गया कि एक युवा कैसे नशे की हालत में अपनी जिंदगी बर्बाद करता रहता है फिर मार्गदर्शन मिलने पर नशा मुक्त होकर पुलिस की नशे के खिलाफ अभियान में मदद करता है। उक्त कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल व सरकंडा के ड्रीमलैंड स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि नशे से किस तरह युवाओं की जिंदगी बर्बाद होती है इसलिए इससे दूर ही रहें। कार्यक्रम के अंत में आईजी बद्रीनारायण मीणा एसपी संतोष सिंह ने निजात रात को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

K.W.N.S.-कोरबा। अपने पालतू डाॅगी की मौत का सदमा एक छात्रा को ऐसा लगा कि उसने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी. ये मामला सीविल लाइन थाना क्षेत्र का है. जहां सिंचाई काॅलोनी रामपुर में रहने वाली युवती ऋचा सोंधिया ने अपनी ईहलीला समाप्त कर ली. ऋचा अपने पालतू डाॅगी को बड़े लाड़ प्यार रखती थी, लेकिन सेहत खराब होने के करण पिछले कई दिन पहले उसकी मौत हो गई. इसके बाद से ही वह डिप्रेशन में चली गई थी. ऐसे में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया ।
बताया जा रहा है कि रायपुर में रहकर डीसीए की पढ़ई कर रही ऋचा सोंधिया ने अपने साथी अनिकेत मिश्रा के साथ मिलकर 40 हजार में महंगे नस्ल की डाॅगी खरीदी थी. ऋचा बड़े लाड़ प्यार से अपने प्यारे डाॅगी को रखती थी. हमेशा उसके साथ रहती थी. पिछले दिनों डाॅगी की तबियत बिगड़ी और कुछ दिनों के बाद उसकी मौत हो गई. अपने प्यारे डाॅगी की मौत से ऋचा पूरी तरह से टूट गई थी. हमेशा रोती रहती थी, जिसके बाद डिप्रेशन में आकर उसने मौत को गले लगा लिया. बेटी की मौत से आहत मां का रो रेाकर बुरा हाल है ।
K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर में दो अलग अलग मामलों में गांजा तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पहला मामला में अवैध रूप से गांजा ले जाते महिला को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तो वहीं दूसरे मामले में रेलवे जीआरपी ने 45 किलो से अधिक गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार है. दरअसल सिरगिट्टी थाना प्रभारी पौरूष पुर्रे ने बताया कि “पुलिस को सुचना मिली थी कf तिफरा हाई स्कूल गेट के पास तिफरा विष्णु चौक के रहने वाली महिला थैले मे गांजा रखी है. तलाशी लेने पर उसमें एक किलो 804 ग्राम गांजा मिला. जिसके बाद सिरगिट्टी पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
जीआरपी एसआरपी जेआर ठाकुर ने बताया कि “एंटी क्राइम टीम छत्तीसगढ़ में लगातार कार्रवाई कर रही है. कुछ दिनों पहले चेकिंग के दौरान टीम ने शराब की बोतल, पिस्टल, चांदी सहित 1 क्विंटल से अधिक गांजा पकड़ कर आरोपियों को थाने में सुपुर्द किया था. ऐसा ही मामले में एक बार फिर सामने आया है. उत्कल एक्सप्रेस बिलासपुर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंची थी. ट्रेन के पहुंचते ही मुखबिर की सूचना पर एंट्री क्राइम टीम ने पूरे कोच को चेक किया. इस दौरान बर्थ नंबर 05 पर एक संदेही व्यक्ति को पकड़ा।