Browsing: बिलासपुर

 K.W.N.S.-बिलासपुर। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आज सवेरे पुलिस परेड ग्राउंड में किया गया। एडीएम आर.ए. कुरूवंशी ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि का दायित्व निभाते हुए ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारूल माथुर भी मौजूद थी। फाइनल रिहर्सल में मुख्य अतिथि का आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सालामी, मार्च पास्ट, मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमाण्डों से परिचय, पुरस्कार वितरण आदि का रिहर्सल किया गया। उल्लेखनीय है कि छ.ग. शासन के लोक निर्माण, गृह, जेल एवं पर्यटन विभाग के संसदीय सचिव विकास उपाध्याय जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी और विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं से संबंधित झांकी का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
एडीएम एवं पुलिस अधीक्षक ने अंतिम रिहर्सल का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीएम ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह के परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर प्रशिक्षु डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर एसडीएम बिलासपुर श्रीकांत वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
 

K.W.N.S.-कोरबा। शहर के दीपका इलाका बीती रात गोलीकांड की एक घटना से दहल गया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मां के उपर छींटाकाशी से आक्रोशित दीपका निवासी दीपक केरकेट्टा ने अजीत यादव के उपर रिवाॅल्वार से फायर कर दिया. फायर की गूंज सुनकर पूरा बस्ती एकत्रित हो गया, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वो सामने आ सके. इसकी सूचना 112 और दीपका थाना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. युवक के हाथ से आरक्षक अभिषेक पांडे ने रिवाल्वर छीनने की कोशिश की. इस दौरान धक्का-मुक्की में आरक्षक को चोट आई है।
गोलीकांड की इस घटना में अजीत यादव तो बच गया, लेकिन दीपक ने पत्थर मारकर उसे घायल कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी मां अक्सर बीमार रहती है. उसके खिलाफ किसी भी तरह की बदतमीजी उसे पसंद नहीं है. यही वजह है कि उसने इस घटना को अंजाम दिया है. गोली मारा, लेकिन बच गया. गुस्से में उसने पत्थर उठाकर मारा, जिससे अजीत यादव घायल हो गया।
इस घटना के दौरान बीच बचाव करने आए युवक मनहरण को भी चोट लगी है. दीपका थाना प्रभारी अभिनव कांत सिह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल रवाना हो गई थी. मौके पर युवक उत्पात मचा रहा था. इस मामले में अपराधी को गिरफ्तार कर पुलिस जरुरी कार्रवाई कर रही है।
 

K.W.N.S.-कोरबा। कोरबा जिले के बंग समाज के लोगों ने आक्रोश जताया। लोग उस वक्त आक्रोशित हो उठे जब देश के महान नेता सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई जा रही थी। इस मौके पर वे निहारिका स्थित सुभाष चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे,लेकिन गंदगी के आलम को देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद फोन कर महापौर को जमकर खरी-खोटी सुनाई। आनन-फानन में निगम कर्मियों द्वारा प्रतिमा की सफाई करवाई गई तब जाकर वे शांत हुए।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा का निगम प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों की प्रति किस कदर लापरवाह बना हुआ है। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है, कि जयंती के दिन भी उनके द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की सफाई नहीं करवाई गई। गंदगी से पड़े प्रतिमा पर माल्यार्पण करने बंग समाज के लोग जब मौके पर पहुंचे तो उनके गुस्से का ठिकाना नहीं रहा और फोन पर ही उन्होंने महापौर को जमकर खरी खोटी सुनाई। इसके बाद निगम का अमला हरकत में आए और प्रतिमा की साफ-सफाई को लेकर गंभीरता दिखाई। बंग समाज के लोगों का आरोप है,कि शहर के चौक चैराहों पर नेताओं और महापुरुषों की प्रतिमाएं तो लगा दी गई लेकिन उनकी सफाई और सुध लेने की फुर्सत उन्हें नहीं है।
शहर के लगभग सभी चौक चैराहों पर किसी न किसी नेता और महापुरुष की प्रतिमा मौजूद है,जो देखरेख व रखरखाव के अभाव में धूल खा रही है। विशेष मौकों पर देर सबेर उनकी सुध ली जाती है और बाकी समय उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है। बहरहाल बंग समाज की फटकार के बाद नेताजी की प्रतिमा की सफाई की गई फिर माल्यार्पण कर उनकी जयंती मनाई गई।
 

 
K.W.N.S.-बिलासपुर। तेज रफ्तार कार की खिड़की से निकलकर दो युवकों ने स्टंट किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालक की पतासाजी कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119/177 यातायात नियमो का उल्लघन करना,112/183(01) तेज रफ़्तार से वाहन चलाना,184 के अंतर्गत वाहन चालक को नोटिस भेजकर तलब किया गया है. साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के अधीन 3,300/- का चालान काटा गया एवं लाइसेंस को सस्पेंड किया गया है. 
 *संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग*
 उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारूल माथुर के निर्देशानुसार, अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु बिलासपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र यातायात एवम थाना की टीम द्वारा विभिन्न जगहों पर चेकिंग पॉइंट लगाया गया था। जिसमें सिविल लाइन थाना अंतर्गत राजेंद्र नगर तिराहा, तारबाहर अंतर्गत महिमा तिराहा, तोरवा अंतर्गत गुरुनानक चौक, सिटी कोतवाली अंतर्गत रिवर व्यू के पास, सरकंडा मोपका तिराहा, कोनी तुर्का डीह, सकरी थाना में कोटा मुंगेली तिराहा, सिरगिट्टी बन्नाक चौक, चकरभाटा नयापारा चौक और ग्रामीण थाना सीपत, पचपेड़ी, बिल्हा, तखतपुर, हिर्री, कोटा में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट के वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के अंतर्गत कार्यवाही की गई है। जिसमें कुल 124 प्रकरण में 40700 रुपए समन शुल्क लिया गया है। इस प्रकार की चेकिंग लगातार जारी रहेगी।
 

  K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर में पांच साल की बच्ची से रेप करने वाले 14 साल के लड़के को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बच्ची के मोहल्ले में रहने वाले आठवीं क्लास का लड़का उसे खेलने के बहाने ले गया और उसके साथ गंदा काम किया। मामला सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली पांच साल की बच्ची प्राइवेट स्कूल में नर्सरी में पढ़ती है। मोहल्ले के के ही 14 साल का लड़का आठवीं क्लास में पढ़ता है। वह मोहल्ले के बच्चों के साथ खेलता रहता था। शुक्रवार को बच्ची मोहल्ले में खेल रही थी। तभी 14 साल का लड़का उसे अपने साथ खिलाने के बहाने ले गया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान लड़के ने उसे इस घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की बात भी कही।
शनिवार को बच्ची की मां उसे डॉक्टर के पास लेकर गई, जहां उसका इलाज किया गया। इस दौरान डॉक्टर ने बच्ची के साथ रेप होने की बात कही। इसके बाद मां को बच्ची की बातों पर भरोसा हुआ। शनिवार को ही महिला अपनी बच्ची को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने बयान के आधार पर केस दर्ज किया और 14 साल के लड़के को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी लड़के ने भी अपराध स्वीकार किया है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यवसायी को शुक्रवार को सोने की चेन और अंगूठी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी मिली है. पहले तो सराफा व्यवसायी ने इसे किसी की शरारत समझा लेकिन एक के बाद एक कई धमकी भरे काॅल आने पर इसकी शिकायत थाने में की है. व्यवसायी सचिन सोनी ने बताया कि “वह तेलीपारा में रहता है. नेहरू नगर के गणेश चौक में श्रीज्वेलर्स नाम से दुकान है. मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात नंबर से कॉल आया और उसने सोने की चेन और सोने की अंगूठी की मांग करते हुए पास में ही स्थित गणेश चौक के पास छोड़ने कहा. नहीं छोड़ने पर उसे जान से मार देने की धमकी दी.” पहले दिन तो सचिन ने इसे शरारत समझकर अनसुना कर दिया. इसके बाद दूसरे दिन भी उसे वही बात दोहराते हुए डिमांड करने लगा और नहीं देने पर जान से मारने की बात की. तीसरे दिन भी उसी बात को दोहराया. इस पर सचिन डरकर सिविल लाइन थाने में पहुंचा और इसकी शिकायत दर्ज कराई।
 

   K.W.N.S.-जांजगीर-चाम्पा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के हिर्री मोड़ के पास कैप्सूल वाहन और ट्रैक्टर में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इससे ट्रैक्टर कई टुकड़ों में बंट गया। ट्रैक्टर ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई और उसे मामूली चोटें आई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में ईंट से भरा हुआ था और ईंट को अनलोड करने ड्राइवर जा रहा था। इसी बीच वह हिर्री मोड़ के पास पहुंचा था, तभी सामने से आ रहा कैप्सूल वाहन से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे ट्रैक्टर का इंजन कई टुकड़ों में बंट गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटे आई है। मामले में पामगढ़ पुलिस, मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। पामगढ़ थाना प्रभारी सनत मांतरे ने बताया कि बड़ा हादसा टला है। ट्रैक्टर कई टुकड़ों में बंटा है। राहत की बात रही कि ड्राइवर को चोट नहीं आई है। ट्रैक्टर में ड्राइवर अकेला सवार था और ट्रक से टक्कर के पहले वह ट्रैक्टर से कूद गया था।
 

 K.W.N.S.-बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत आज खपरी में अधिकारियों की समीक्षा बैठक के बाद क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इसके तहत् तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 40 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक राशि के 17 विकास कार्याेका लोकार्पण और 32 करोड़ 31 लाख रुपए से अधिक राशि के 24 विकास कार्याे का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री बघेल ने इस तरह कुल 73 करोड़ 1 लाख 78 हजार रूपए के 41 विकास कार्याे का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 
तखतपुर विधानसभा क्षेत्र आगमन पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने क्षेत्रवासियों को सौगात देते हुए नर्मदा नदी पर निर्मित टिहुलाडीह एनीकेट, सी.सी. सड़क सह नाली निर्माण, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल तखतपुर का उन्नयन कार्य, तहसीलदार कार्यालय सकरी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-3 सड़क निर्माण सकरी से एन.एच. 130 परसदा व्हाया चिचिरदा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-3 एन.एच. 130 सम्बलपुरी से लाखासार व्हाया बहतराई, भुंडा से मंगला, भैसाझार सड़क निर्माण व्हाया भौहाकांपा, सकरी से डलडलीहापारा सड़क नवीनीकरण कार्य, खपरी-करगीरोड से साल्हेकापा सड़क नवीनीकरण कार्य, टी-02 मुरू से खरकेना सड़क नवीनीकरण कार्य, जिले के मोछ से मेड़पार मुख्य जिला मार्ग का उन्न्यन एवं नवीनीकरण कार्य, बिलासपुर के घुटकू पहुंच मार्ग का उन्नयन एवं डामरीकरण कार्य, बिलासपुर के भरनी मेनरोड मेला स्थल से परसदा की ओर मार्ग का निर्माण, बिलासपुर के लिम्हा से फुलतराई मार्ग का निर्माण, बिलासपुर के कोटा मेन रोड से पेंडारी मेन रोड तखतपुर तक मार्ग का निर्माण, बिलासपुर के बराही से चुलहट मार्ग का निर्माण और बिलासपुर के चोरमा से पकरिया मार्ग के निर्माण कार्याे का लोकार्पण किया। 
इसी तरह मुख्यमंत्री बघेल ने घुईया जलाशय के पाथ वे एवं मंदिर प्लेटफार्म का निर्माण, स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय उच्चतर माध्यमिक शाला बेलपान में अधोसंरचना निर्माण व उन्नयन कार्य, जल जीवन मिशन अंतर्गत तहत ग्राम पंचायत टिहुलाडीह, कोपरा, खरकेना, सागर, सल्हैया, टांडा, विजयपुर, गमजू, खटोलिया, करनकापा, खम्हरिया, काठाकोनी, बुटेना एवं ग्राम पंचायत मेड़पार बाजार में जल प्रदाय योजना के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने नवापारा से कोटा लोरमी रोड व्हाया तांडा एवं तखतपुर से हरदी व्हाया पकरिया तक वृहद पुल निर्माण, जिले के सिंघनपुरी से सल्हैया मार्ग में स्थित फुलवारी नाला में मध्यम पुल का निर्माण, भाड़म से नरोतीकापा मार्ग के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण कार्य, पाली से बुटेना मार्ग निर्माण, जूनापारा से कठमुड़ा मार्ग निर्माण एवं सिलतरा में हाईस्कूल भवन के निर्माण कार्य एवं तखतपुर में 20 बिस्तर आईसोलेशन वार्ड का शिलान्यास किया।
 

 
 
K.W.N.S.-बिलासपुर। तखतपुर विधानसभा में सीएम भूपेश बघेल ने आज पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। समीक्षा बैठक के पश्चात पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सबको बताने में सफल रहे कि ये सरकार आमज़नो की, किसानो की, ग़रीबों की सबकी सरकार है। धान खरीदी में लगातार रिकॉर्ड बन और टूट रहे हैं। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना का लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रत्येक ब्लॉक में दो रीपा बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का अच्छा परिणाम मिल रहा है। तहसील और अनुविभागों के गठन से प्रशासनिक कसावट आई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत खपरी में अधिकारियों की समीक्षा बैठक के बाद क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने इसके तहत् तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 40 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक राशि के 17 विकास कार्याे का लोकार्पण और 32 करोड़ 31 लाख रुपए से अधिक राशि के 24 विकास कार्याे का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री  बघेल ने इस तरह कुल 73 करोड़ 1 लाख 78 हजार रूपए के 41 विकास कार्याे का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर । सीएम भूपेश बघेल ने तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के बेलपान में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बड़ा बयान दिया है। सीएम ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर पर तंज कसते हुए कहा कि डी. पुरंदेश्वरी लौट चुकी हैं,अजय जामवाल अप्रासंगिक हो गए हैं और अब ओम माथुर भी खाली हाथ लौटेंगे । विधायकों के टिकट कटने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं चाहता हूं कि पूरे 71 विधायकों को टिकट मिले। सीएम के इस बयान के कई राजनीतिक मायने है। सीएम चुनावी वर्ष में टिकट वितरण तक मौजूदा विधायक को संतुष्ट रखना चाहते हैं,ताकि पार्टी में अंसतोष और विखराव जैसी स्थिति ना हो। 
जानकारी के लिए बता दें कि आज शहर के सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद सीएम भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत तखतपुर विधानसभा क्षेत्र रवाना हुए। यहां बेलपान और खैरी में सीएम भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। बेलपान में एक कार्यक्रम के जरिए सीएम जनता से मुलाकात और उनसे संवाद कर रहे हैं। सीएम ने इस दौरान 100 लाख मिट्रिक टन धान खरीदी करने पर किसानों को बधाई भी दी। सीएम ने बताया कि, किसानों का कज़ऱ्ा बढ़ते जा रहा था,लोग किसानी छोड़ रहे थे, कुछ किसानों ने परेशान होके खेती से मुँह मोड़ लिया था, सरकार बनते ही हमने किसानो का कज़ऱ्ा माफ़ किया। सरकार ने अपना वादा पूरा किया। कल तक हमने 100 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर ली है। उत्पादन दो गुना हो गया है। किसानों की संख्या और जमीन का रकबा दोनों बढ़े हैं। सरकारी योजनाओं से किसानों को ताक़त मिल रही है, किसानों की ताक़त बढऩे से खेती लाभदायक हुई है। छत्तीसगढ़ में हमारे अन्नदाता अब खुश हैं, फसल भी बहुत अच्छी हो रही है। सीएम ने बताया कि, इस साल समर्थन मूल्य में मूंग दाल, उड़द भी खरीदा जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार से मोटे अनाज को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कोदो बोने वाले किसानों को योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। कई लाभार्थियों ने इस दौरान सीएम से सीधे संवाद करते हुए सरकार के योजनाओं के क्रियान्वयन और उससे होने वाले लाभ की भी जानकारी दी। 
योगी आदित्यनाथ का स्वागत है, हम उनके जैसे नहीं करेंगे : आने वाले समय में भाजपा के प्रचार के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छत्तीसगढ़ आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका स्वागत है। उन्हें आने दीजिए, मैं यूपी गया था, तब एयरपोर्ट में रोके थे। लेकिन, छत्तीसगढ़ कौशिल्या माता का मायका है, हम लोग उनके साथ ऐसा नहीं करेंगे, जैसे हमारे साथ दुव्र्यवहार किया गया था। दावा सभी करते हैं, लेकिन, जनता का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है : ओम माथुर के छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने के दावे पर उन्होंने कहा कि दावा सभी करते हैं लेकिन, हकीकत क्या है जनता देख और जान रही है। प्रदेश के किसानों को पता है कि वो कभी समर्थन मूल्य 25 सौ रुपए कभी नहीं मिलेगा, मजदूरों को मालूम है कि 35 किलो चांवल प्रति परिवार नहीं देंगे। 
भेंट मुलाकात के बाद पार्टी के कार्यक्रम पर होगा काम : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अब तक दो तिहाई विधानसभा में भेंट मुलाकात पूरा हो गया है। 60 से अधिक विधानसभा में उन्होंने दौरा किया है। इसके बाद आगे पार्टी की रूपरेखा तय कर कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। नामांतरण, फौती की शिकायतों पर होगी कार्रवाई : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नामांतरण, फौती उठाने सहित जमीन संबंधी मामलों में शिकायतें की है, जिसे गंभीरता से लिया गया है और अफसरों को कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ओम माथुर ने प्रदेश में सरकार बनाने किया था दावा : कुछ दिन पहले प्रदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोरबा प्रवास के दौरान बिलासपुर आए भाजपा के संगठन प्रभारी ओम माथुर ने मीडिया से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस सरकार से लोग परेशान हो गए हैं और अब छत्तीसगढ़ में आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उनके इसी बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा है।