Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S.-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत टी.बी. एवं कुष्ठ रोग के लक्षण वाले मरीजों की सघन खोज अभियान आज से जिले में शुरू हो गई है। यह अभियान दो चरणों में 21 दिसंबर तक चलेगा। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट से अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के तहत जिले में टीबी एवं कुष्ठ रोग के उन्मूलन हेतु समुदाय में लक्षण वाले प्रत्येक मरीजों की पहचान कर जांच एवं उपचार किया जाना है। प्रथम चरण में 1 से 15 दिसंबर तक मितानिनों के द्वारा उनके कार्यक्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर टीवी एवं कुष्ठ रोग के लक्षण के आधार पर संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। दूसरे चरण में 16 से 21 दिसंबर तक मितानिनों के द्वारा खोजे गए टीवी एवं कुष्ठ रोग के मरीजों का पुनः परीक्षण संबंधित क्षेत्र के एमपीडब्ल्यू एवं एएनएम के द्वारा किया जाएगा।
अभियान की सफलता के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभात चंद्र प्रभाकर ने जिला नोडल अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, खंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला समन्वयक मितानिन की बैठक लेकर अभियान के दौरान घर-घर भ्रमण कर टीबी एवं कुष्ठ के संभावित मरीजों की पहचान एवं जांच तथा सघनात्मक मरीजों के उपचार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए है। अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों से भी सहयोग की अपील की गई है।

K.W.N.S.-कोरबा। कोयले के दहकते अंगार से भरे गड्ढे में गिरने के कारण ठेका कर्मी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि खदान में कोयले के दहकते अंगार से भरे गड्ढे में ठेका कर्मी झुलस गया, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि दर्दनाक हादसे के बाद घायल को बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई. कार्यपालिक दंडाधिकारी ने रेफर से पहले बयान दर्ज कर लिया था. ये हादसा एसईसीएल दीपका खदान में हुआ था।
पाइप खींचते समय ठेका कर्मी गड्ढे में जा गिरा था. मजदूर जिस गड्ढे में गिरा था, वहां कोयले का अंगार दहक रहा था. मजदूर चैतमा निवासी 38 वर्षीय परसराम है. बताया जा रहा है कि एसईसीएल प्रबंधन ने दीपका खदान में कोयले के स्टाक में लगने वाली आग को बुझाने का ठेका किसी अरविंद कुमार नामक ठेकेदार को दिया है. ठेकेदार के पास चैतमा निवासी परसराम 38 वर्ष बतौर मजदूर काम करता था. मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जिला अस्पताल चौकी पुलिस को मेमो दी है।

K.W.N.S.-कोरबा। जिले के ऊर्जा संयंत्रों से निकलने वाले राखड़ के परिवहन और डंपिंग में लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। संयंत्रों से निकलने वाले राखड़ के सुरक्षित निष्पादन और राखड़ परिवहन वाले सड़कों की देखभाल करने की जिम्मेदारी ऊर्जा संयंत्र प्रबंधनों की होगी। कलेक्टर संजीव झा ने इस संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित फ्लाई ऐश उपयोगिता समिति की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर झा ने तिरपाल ढांक कर ही राखड़ परिवहन करने तथा धूल उड़ने पर पानी का छिड़काव लगातार करते रहने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राखड़ परिवहन के लिए अनुमति प्राप्त वाहनों पर अनुमति आदेश और इनवॉइस की कॉपी भी गाड़ी में रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नियम विरुद्ध और गैर जिम्मेदाराना तरीके से राखड़ परिवहन करने पर कार्यवाही करने के निर्देश परिवहन और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में जिले में स्थापित ऊर्जा संयंत्र बाल्को, एनटीपीसी, सीएसईबी, लैंको प्रबंधनों के अधिकारीगण शामिल हुए। साथ ही जिला प्रशासन से अपर कलेक्टर श्री विजेंद्र पाटले, डीएफओ कोरबा पी अरविंद, डीएफओ कटघोरा प्रेमलता यादव, सभी एसडीएम और पर्यावरण अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
कलेक्टर झा ने बैठक में ऊर्जा संयंत्र से उत्पादित राखड़ और उसके निष्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। पावर प्लांट प्रबंधनों के अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र में उत्सर्जित राखड़ का निष्पादन सीमेंट उद्योग में, फ्लाई ऐश ब्रिक निर्माण में तथा अनुमति प्राप्त भूमि में डंपिंग करके किया किया जाता है। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि नागरिकों को बिना परेशानी हुए फ्लाईऐश का निष्पादन किया जाए। फ्लाई ऐश का डंपिंग अनुमति प्राप्त जमीन में ही किया जाए। साथ ही राखड़ को जिला तथा संभाग के आसपास जिलों के ब्रिक निर्माता कंपनियों को देने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि राखड़ का सुरक्षित निष्पादन की जाए जिससे नागरिकों को राखड़ से स्वास्थ्यगत परेशानी नहीं हो। साथ ही किसानों के खेतों में भी राखड़ डंपिंग नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने ऊर्जा संयंत्र प्रबंधन के अधिकारियों को राखड़ के वेस्ट लैंड एरिया में मेलिया दुबिया प्लांटेशन करने के निर्देश पूर्व में दिए थे। इस पर प्रगति नहीं आने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने पर्यावरण सुरक्षा की दृष्टि से मेलिया दुबिया के प्लांटेशन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए इस पर गंभीरता पूर्वक कार्य करने के निर्देश सभी संस्थानों को दिए।

K.W.N.S.-बिलासपुर। राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को वंचित रखने के मुद्दे पर भाजपा पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालयों तक आंदोलन करेगी। 20 जनवरी को दुर्ग में प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की उपस्थिति में इसकी तैयारी पर बैठक हुई। उन्होंने कहा कि मोर आवास-मोर अधिकार बहुत बड़ा मुद्दा है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने गरीब, मजदूर, किसानों का हक मार कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित कर रखा है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा विपक्षी दल के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए ग्राम पंचायत स्तर से विरोध प्रकट करते हुए विधानसभा, जिला स्तर और प्रदेश स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन करेगी और 20 जनवरी को दुर्ग में राज्य स्तरीय धरना प्रदर्शन किया जायेगा।
प्रदेश के पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने आज यहॉ भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उक्त उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आव्हान किया कि 20 जनवरी को 2023 को दुर्ग में आयोजित आंदोलन में अधिक अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल होना है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में आयोजित महतारी हुंकार रैली की भीड़ मैने आज तक बिलासपुर के इतिहास में कभी नही देखा। महिलाओं का ऐसा ऐतिहासिक जमावड़ा शहर के लोगों ने भी पहली बार देखा और अब यह रिकार्ड दुर्ग में टूटना चाहिए।
K.W.N.S.-जांजगीर चाम्पा। लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती… कोशिश करने वालों की हार नहीं होती.. नन्हीं चींटी जब दाना लेकर चलती है… चढ़ती दीवारों पर, सौ बार फिसलती है.. मन का विश्वास रगों में साहस भरता है.. चढ़कर गिरना, गिरकर चढ़ना न अखरता है.. आख़िर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती.. कोशिश करने वालों की हार नहीं होती… डुबकियां सिंधु में गोताखोर लगाता है, जा जा कर खाली हाथ लौटकर आता है.. मिलते नहीं सहज ही मोती गहरे पानी में
बढ़ता दुगना उत्साह इसी हैरानी में मुट्ठी उसकी खाली हर बार नहीं होती… कोशिश करने वालों की हार नहीं होती… असफलता एक चुनौती है, स्वीकार करो क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो जब तक न सफल हो, नींद चैन को त्यागो तुम संघर्ष का मैदान छोड़ मत भागो तुम, कुछ किये बिना ही जय जय कार नहीं होती… कोशिश करने वालों की हार नहीं होती…इस प्रेरणादायी कविता को बिना देखे जब पांचवीं की एक बालिका ने सुनाई तो कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने उनकी स्मृति और साहस की सराहना करते हुए न सिर्फ तालिया बजाई, उनकी कोशिशों और सफलता को स्वीकार करते हुए बालिका को पुरस्कार देकर कक्षा के अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी सफलता के लिए जीवन में ऐसे ही कोशिश जारी रखते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
जिले के संवेदनशील कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा को जिले में पाँच माह होने वाले हैं..वे जिले के इस कोने से लेकर उस कोने तक गाँव के अंतिम छोर में विकास कार्यों का जायजा ही नहीं ले रहे हैं.. ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं को बताते हुए आगे बढ़ने की बात कह रहे हैं… आंगनबाड़ी केंद्र में जा-जाकर बच्चों को स्वस्थ और सुपोषित बनाने उन्हें आंगनबाड़ी में नियमित रूप से खाना देने,अंडा, केला देने के निर्देश देते हुए जाँच भी कर रहे हैं..। अस्पताल से लेकर स्कूल और सरकारी दफ्तरों से लेकर गौठान के साथ योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी खेतों में धान के बदले अन्य फसल लेने वाले हितग्राहियों की खेतों में भी वे कीचड़ व मिट्टी की परवाह किये बिना पैदल पहुँच रहे हैं..। इसी निरीक्षण की कड़ी में वे जब पामगढ़ के बारगांव के प्राथमिक शाला पहुँचे तो पांचवीं क्लास में शिक्षक विद्यार्थियों को “हार नहीं होती” कविता पढ़ा रहे थे। यहाँ पहुँचते ही कलेक्टर ने एक छात्रा को जब बिना देखे यह कविता सुनाने कहा तो छात्रा प्रक्षा ने पूरी कविता सुना दी। छात्रा की इस कोशिश और हार नहीं मानते हुए कविता वाचन की कलेक्टर श्री सिन्हा ने खूब प्रशंसा करते हुए तालियां बजवाई और उपहार दिए। कलेक्टर ने क्लास में 19 का पहाड़ा सुनाने कहा तो एक छात्र ने बिना किताब देखे पहाड़ा भी सुनाया। कलेक्टर ने पहाड़ा सुनाने वाले छात्र को पेन और सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट देते हुए यहाँ क्लास ले रहे शिक्षक भोजराम गुप्ता के अध्यापन के तौर तरीकों से प्रभावित होकर शिक्षक को अपनी कलम भेंट कर दी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अच्छे से पढ़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए शिक्षकों को भी अपना कर्तव्य सही ढंग से निभाने की बात कही।

K.W.N.S.-बिलासपुर। गुरू घासीदास विश्वविद्यालय (केन्द्रीय विश्वविद्यालय) के माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा जी से भेंट की। कुलपति प्रो. चक्रवाल ने माननीय अर्जुन मुंडा जी का पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मान किया। कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने कहा कि गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ का एकमात्र केन्द्रीय विश्वविद्यालय है जो छत्तीसगढ़ राज्य के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों एवं वनवासियों के उत्थान के लिए सक्रिय एवं सकारात्मक प्रयास कर रहा है। कुलपति महोदय ने माननीय मंत्री जी को अवगत कराया कि गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय वनांचल में निवासरत वनवासियों की भाषा, संस्कृति, ज्ञान परंपरा एवं लोक कलाओं को संरक्षित एवं संधारित करने के लिए क्लस्टर मोड में आईजीएनटीयू अमरकंटक, केन्द्रीय विश्वविद्यालय ओडिशा एवं केन्द्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के साथ मुख्य भूमिका में नेतृत्व कर रहा है। विश्वविद्यालय के मानव विज्ञान एवं जनजातीय विकास विभाग तथा ग्रामीण प्रौद्योगिकी तथा सामाजिक विकास विभाग जनजातीयों के समेकित सामाजिक-आर्थिक विकास पर अधिक ध्यान केन्द्रित कर कार्य योजना पर विभिन्न प्रकल्पों के माध्यमों से कार्य कर रहे हैं।
कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम के जनजातीय गौरव भगवान बिरसा मुंडा जी पर संपादित पुस्तक पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 147वीं जयंती के अवसर पर दूसरे जनजातीय गौरव सप्ताह का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन पराक्रम और उच्च आदर्श नैतिक मूल्यों का संदेश देता है जिसे युवाओं तक पहुंचाने का उत्तरदायित्व हमारा है। विश्वविद्यालयों के प्रयासों की माननीय मंत्री मुंडा ने सराहना की। विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के जनजातीय नायकों पर तैयार की जा रही पुस्तक के विषय में कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि ऐसे स्वंत्रता संग्राम सेनानी जिनके योगदान को भुला दिया या दर्ज ही नहीं किया गया है, को विश्वविद्यालय शोध अध्ययन एवं विश्लेषण करने के उपरांत पुस्तक के माध्यम से समुचित प्रतिष्ठाता एवं सम्मान दिलाने का प्रयास कर रहा है।

K.W.N.S.-बिलासपुर। बिल्हा ब्लॉक के सेलर की महिलाएं सुराजी योजना से आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्हें आजीविका का नया जरिया मिल गया है। इन्हीं महिलाओं में जय माता सराई श्रृंगार महिला स्व-सहायता समूह की दीदियां भी शामिल है। बाड़ी विकास का कार्य कर सफलता की नयी सीढ़ियां चढ़ रही है। बाड़ियो में सब्जी लगाकर अपनी आर्थिक गतिविधियों को सुदृढ़ कर अपना जीवन संवारने के साथ ही अपने गांवों की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बन गई है। स्व सहायता समूह से जुड़ी दीदी रामिन केंवट और रानी बाई धुरी ने बताया कि वे ग्राम पंचायत सेलर की निवासी है। उनके पास जमीन नहीं है, किन्तु सुराजी योजना प्रारम्भ होने से उन्हें खेती-बाड़ी करने के लिए गोठान में जमीन दी गई है। दीदियों ने गोठान की मिली जमीन पर सब्जी लगाना शुरू किया।
दीदियों ने अपनी कड़ी मेहनत से 46 हजार से अधिक राशि का मुनाफा कमाया है। उनको कुल 96 हजार की आमदनी हुई जिसमें सब्जी उत्पादन में जुताई, बीज, दवा-खाद, पानी, बिजली इत्यादि के लिए 50 हजार रुपए व्यय किया। समूह की दीदियों ने बताया कि सब्जी विक्रय से प्राप्त मुनाफा राशि से वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिला रही है। इसके साथ ही पारिवारिक खर्चों में भी अपनी भागीदारी निभा रही है। बाड़ी विकास से प्राप्त सफलता से प्रोत्साहित होकर अब वे अच्छे फल वाले पौधे लगाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में अग्रसर हो रही हैं। उन्होंने ऐसी फायदेमंद योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार जताया है।

K.W.N.S.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। पुरुष नसबंदी जागरूकता रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रभातचंद्र प्रभाकर ने आज हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के उददेश्य से इस वर्ष “अब पुरुष निभायेगे जिम्मेदारी-परिवार नियोजन अपनाकर दिखायेगें अपनी भागीदारी” थीम पर 4 दिसम्बर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन दो चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण मोबिलाइजेशन एवं जागरुकता और द्वितिय चरण सेवा प्रदायगी के रूप में मनाया जाएगा। सेवा प्रदायगी 28 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक के दौरान पुरुष नसबंदी सेवा को शासकीय अस्पतालों में निशुल्क दी जाएगी। समुदाय स्तर पर मितानीनों एवम स्वास्थ्य कार्यकर्ताओ द्वारा लक्ष्य दंपत्तियों से संपर्क कर व्यक्तिगत चर्चा एवं समुदाय आधारित सास-बहु सम्मेलन आयोजित करके पुरुष नसबंदी के फायदे बतायेंगें और समुदाय में फैले हुये पुरुष नसबंदी से संबंधित मिथकों और भ्रांतियों के दूर करने के लिए परामर्श देंगे। जागरुकता रथ रवानगी के अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी पेंड्रा डॉ ए आई मिंज, श्री अरविंद सोनी विकास खंड कार्यक्रम प्रबंधक, श्री इमरान खान कसल्टैंट, श्री राजेन्द्र सिंह सहित स्टाफनर्स एवम स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

K.W.N.S.-बिलासपुर। दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में बागवानी लगाने से नाराज स्व सहायता समूह की महिलाएं लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर जमकर हंगामा मचाया। उन्होंने युवती और महिला पर हमला भी कर दिया। महिलाओं की दबंगई का एक VIDEO भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं मिलकर एक युवती की डंडे से पिटाई करती नजर आ रही हैं। पुलिस ने मामले में समूह की महिलाओं पर बलवा का केस दर्ज कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार हेमीन वस्त्रकार मंगला के दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में रहती हैं। वे गृहणी हैं। उन्होंने अपने घर के सामने बागवानी बनाकर उसमें पौंधे लगाया है। आवासीय कॉलोनी से लगे ग्राम लोखंडी में महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय हैं, जो आवासीय कॉलोनी में शासकीय जमीन पर कब्जा करने का विरोध कर रही हैं। रविवार दोपहर समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंच गईं। उनके हाथ में लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी रखा था।
नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने वाले, आरोपी पति, सास, ससुर और देवर को पहुंचाई सलाखों के पीछे

K.W.N.S.-जांजगीर। नवविवाहिता को दहेज में नई बाइक और 10 लाख रुपए लाने के लिए प्रताड़ित करने वाले आरोपी पति और उसके सास, ससुर, देवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है। सकर्रा में रहने वाले युवक दिलीप कुमार साहू की शादी 2 जुलाई 2021 में थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ माह गुजर जाने के बाद दिलीप और उसके परिजन विवाहिता को दहेज में 10 लाख रुपए नकद लेकर आने और नई बाइक मांगकर आए दिन प्रताड़ित करते थे। तंग आकर विवाहिता ने प्रताड़ना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। आरोपी पति दिलीप साहू (33 वर्ष), ससुर रामप्रसाद साहू (58 वर्ष), देवर बुद्धेश्वर साहू (28 वर्ष) सहित 4 पर केस दर्ज कर गिरफ्तार किया।