Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S.-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर के पलटने से मजदूर की इंजन में दबकर मौत हो गई। ड्राइवर धर्मेंद्र विश्वकर्मा ट्रैक्टर लेकर झगड़ाखांड से धनौली की ओर आ रहा था। फिलहाल फरार ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर में 2 मजदूर बैठे हुए थे। ट्रैक्टर की गति काफी तेज थी। जैसे ही वो धनौली के पास पहुंचा कि ड्राइवर ट्रैक्टर को नियंत्रित नहीं कर सका और वो पलट गया। दोनों मजदूरों में से एक घासीराम इंजन के नीचे दब गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे मजदूर की हालत गंभीर है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल मजदूर के बयान पर आरोपी ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खेत में जाकर पलट गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को सीधा करवाया। पुलिस ने मृत मजदूर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

K.W.N.S.- कोरबा। कोरबा जिले में अपने 3 बच्चों के साथ खुदकुशी करने कोतवाली थाना पहुंची महिला और उसके बच्चों को पुलिस ने सकुशल बचा लिया। महिला ने अपने बच्चों और खुद के ऊपर पेट्रोल डाल लिया था और आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। महिला राजश्री प्रजापति वार्ड क्रमांक- 11 नई बस्ती के अंतर्गत संजय नगर में रहती है। वो यहां अपने पिता के मकान में बच्चों के साथ रहती है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके भाई उसे पिता की संपत्ति से बेदखल करना चाहते हैं और आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं। इसके कारण वो परेशान हो गई है। उसने कहा कि आए दिन मोहल्ले में तमाशा बनता रहता है। इसलिए वो अपने 3 बच्चों के साथ जान देना चाहती है। महिला राजश्री प्रजापति ने बताया कि जिस जमीन पर वो रहती है, उस पर उसका भी हक है।
लेकिन भाई और उसका बेटा करम प्रजापति उसे परेशान करते हैं। इसकी शिकायत वो पिछले एक साल से पुलिस को करती आ रही है, लेकिन अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इधर पुलिस ने महिला को बच्चों समेत खुदकुशी करने से रोका। उसकी समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया। महिला ने बताया कि उसका पति बाहर मजदूरी करने के लिए गया हुआ है। वो यहां अपने बच्चों के साथ अकेली रहती है। पुलिस टीम उसके साथ संजय नगर स्थित उसके घर गई। कोतवाली टीआई रूपक शर्मा ने बताया कि पारिवारिक कारणों से महिला गलत कदम उठाने जा रही थी। पुलिस ने मौके पर बचाव कार्य करने के साथ महिला को समझाया-बुझाया है। पुलिस ने बताया कि संपत्ति विवाद पर कोर्ट में केस चल रहा है।

K.W.N.S.-मगरलोड। मगरलोड निराई माता दर्शन करने गए ललित बारले पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बदमाशों के जानलेवा हमले से घायल ललित बारले की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. मगरलोड पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही थी. बदमाशों की पहचान करने के बाद मोहेरा के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आपको बता दें 17 अप्रैल 2022 को मोहेरा के निरई माता दर्शन करने गए गोबरा नवापारा के दर्शनार्थी ललित बारले पर गांव के कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर मारपीट किया था. ललित बारले का मारपीट के दौरान अतड़ी फटने से 6 माह पूर्व इलाज के दौरान मौत हो गई थी. मृतक ललित के पिता बलिराम बारले ने थाने में मामले दर्ज कराया था. रिपोर्ट दर्ज करने के 6 माह बाद मोहेरा के तीन आरोपियों की पहचान कर हत्या के आरोप में मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार किया है. धारा 302 दर्ज करने के बाद मोहेरा के देवनारायण चंद्रवंशी, ठाकुर राम कश्यप, जितेंद्र कश्यप तीनों आरोपियों को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

K.W.N.S.- बिलासपुर। तेज रफ्तार मेटाडोर की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हुई। इसके बाद मेटाडोर चालक रुकने के बजाय और तेजी से भागने लगा। उसने एक और बाइक को रौंद डाला। इसमें भी सवार एक युवक की मौत हो गई। मस्तूरी से मल्हार जा रहे स्वराज माजदा मेटाडोर सीजी 10 सी 6264 ने ग्राम टिकारी के पास सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारी। बाइक सवार बुरी तरह घायल होकर वहीं तड़पता रहा। लोग उसे अस्पताल ले जाने के लिए उठा रहे थे इसी बीच उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मेटाडोर चालक रुका नहीं और वह तेजी से भागा। मल्हार की ओर बकरकुदा गांव में उसने एक दूसरे बाइक सवार को टक्कर मारी। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठे दूसरे युवक को गंभीर चोट आई। दूसरी बार दुर्घटना होने के बाद मेटाडोर का चालक उतरकर भाग निकला। इसमें दो महिलाएं भी सवार थीं। दुर्घटना के बाद वे भी तेजी से पैदल निकल गईं।
राहगीरों की सूचना पर 112 की टीम और एंबुलेस पहुंची। घायल को सिम्स चिकित्सालय बिलासपुर लाकर भर्ती कराया गया है, जबकि दोनों मृतकों का शव मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मरच्युरी में रखा गया। सुबह शवों का पोस्टमार्टम किया गया। दोनों ही मृतकों के पास पहचान का कोई दस्तावेज नहीं मिला। घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उससे पूछताछ नहीं हो पाई है। दोनों बाइक नंबर सीजी 10-ईडी 7423 और सीजी-10 एवाई 1025 के आधार पर उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

K.W.N.S.- बिलासपुर। न्यायधानी से ठगी का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है, जहां महिला के बंद हो चुके मोबाइल से एक एप एक्टिव कर उनके खाते से 9 लाख रुपए निकाले गए. खाते में बंद मोबाइल नंबर लिंक था. महिला का एसबीआई में अकाउंट है. इसमें उनकी पेंशन राशि जमा होती है. उन्होंने बेटे की फीस जमा करने अकाउंट चेक किया तो मामले का खुलासा हुआ. पीडिता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच में जुटी है।
K.W.N.S.-बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर द्वारा चलाया जा रहा किन्नर ड्राइव के विरोध में दोपहर 12 बजे महिला किन्नर रजिया साथ में पांच से छह की संख्या में किन्नरों ट्रेनों में चलने दिया जाए और गिरफ्तारी तथा अभियान ना किया जाए का प्रदर्शन करते हुए किन्नर ड्राइव के विरोध में जीआरपी/आरपीएफ कार्यालय के बाहर परिसर में विरोध करने लगे। इतना ही नहीं विरोध प्रर्दशन के दौरान गाली-गलौज तथा निर्वस्त्र होकर अश्लील हरकत करने लगी। उसकी इस हरकत से रेलवे स्टेशन के यात्रियों में के चेहरे में परेशानी नजर आने लगे वह इधर-उधर से स्टेशन में प्रवेश करने लगे जब इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर पोस्ट प्रभारी भास्कर सोनी को पता चला तो वे स्टाफ के साथ पहुंचे और किन्नरों काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके अलावा रेल परिसर में न्यूसेंस करने लगी। जिसे रोकने के लिए उपरोक्त किन्नर को उसके साथी के साथ पोस्ट लाया गया।
पोस्ट प्रभारी बिलासपुर द्वारा इस घटना बाबत शासकीय रेलवे पुलिस तथा स्थानीय पुलिस थाना तोरवा को भी सूचित किया गया। जिस पर दोनों की ओर से अपेक्षित सहयोग भी किया गया। उक्त के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बिलासपुर द्वारा गाली गलौज तथा अश्लील हरकत करने वाली महिला किन्नर रजिया के विरुद्ध अपराध संख्या- 3113/22 रेलवे अधिनियम की धारा 145, 146 तथा 147 के तहत कार्यवाही की गई। शेष किन्नरों का बयान दर्ज किया गया। किन्नर द्वारा रेल परिसर में न्यूसेंस तथा ड्यूटी स्टाफ के कर्तव्य में बाधा उत्पन्न या गया। जिसे शांति पूर्वक न्यायिक कार्रवाई करके नियंत्रित कर लिया गया। उपरोक्त किन्नर द्वारा अपनी गलती को स्वीकार भी किया गया। किन्नरों द्वारा लगातार यात्रियों को परेशान किया जाता है। अधिकांश ट्रेनों में यात्रियों के द्वारा इस तरह की शिकायतें भी आती है। इसे देखते हुए आरपीएफ के द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसके साथ ही यह प्रयास किया जा रहा है कि अब ट्रेन में किन्नर ना चढ़े। इसी के तहत अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।
रामचरितमानस का पाठन ही नहीं इसके मर्म को जीवन में उतारने की आवश्यकता है : कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा
K.W.N.S.-जांजगीर-चाम्पा। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ग्राम रसौटा में आयोजित मानस गायन प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार रामवनगमन पथ का विकास कर भगवान राम के बताये हुए मार्ग पर चल रही है। सरकार द्वारा प्रदेश में मानस मंडलियों का पंजीयन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है। कलेक्टर ने कहा कि रामचरितमानस की पंक्तियों को जीवन में उतारेंगे तो लक्ष्यों की पूर्ति के साथ आध्यात्मिक शांति मिलती है। भगवान राम ने 14 साल का वनवास का काटा था और अहंकार में पूर्ण रावण का वध किया था। उन्होंने कहा कि घमंड करने वाले का अंत जरूर होता है, इसलिए जीवन में विनम्र और शिष्टता रखना जरूरी है। रामायण हमें बहुत कुछ सिखाती है। हमें रामचरितमानस का पाठन ही नहीं इसके मर्म को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तरीय मानस गायन प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किये। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह एवं गांव के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

K.W.N.S.-जांजगीर-चांपा। जिले में अपनी पत्नी की हत्या करने वाले शख्स को कोर्ट ने मरते दम तक जेल में रहने की सजा सुनाई है। उसने विवाद के बाद अपनी पत्नी की टंगिया मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद से मामला कोर्ट में चल रहा था। अब 2 साल बाद कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है। यह पूरी घटना 20 नवंबर 2020 की है। उस दिन रात के वक्त राहौद निवासी रितिका जमुना बाई यादव(37) अपने घर में सो रही थी। उसी वक्त उसका पति लखन लाल यादव घर पहुंच गया और रितिका से विवाद करने लगा। बताया गया कि विवाद इतना बढ़ गया कि लखन यादव ने रितिका टंगिया मारकर हत्या कर दी थी। घटना के वक्त उनके दोनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। मगर मारपीट की आवाज सुनकर वे बाहर आए, तब उन्होंने अपनी मां की लाश देखी थी। जिसके बाद बच्चों ने ही परिजनों को इस बारे में जानकारी दी थी। परिजन भी मौके पर पहुंचे थे और पुलिस को भी इस बारे में सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और गांव से लखन लाल को गिरफ्तार किया था। तब से यह मामला कोर्ट मे चल रहा था। अब जिला एवं सत्र न्यायालय ने लखनलाल को आजीवन कारावास की सजा दी है। इसके अलावा उस पर 25 हजार का जुर्माना भी लगाया है।

K.W.N.S.-कोरबा। कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में 44 हाथियों के झुंड ने पनगवां में दो मकानों को तोड़ कर 2 मवेशियों को मार डाला। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। एक पखवाड़े के भीतर हाथी 12 मवेशियों को कुचलकर मार चुके हैं। लगातार घटना के बाद भी वन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय हाथी गांव के आस-पास ही घूम रहे थे। हाथियों ने मोहर सिंह और प्रीतपाल के मकान को तोड़ दिया। उसके बाद रमेश के खलिहान में बंधे मवेशियों को मार डाला। इस दौरान वन अमला नहीं पहुंचा। घटना के बाद कोई वन अधिकारी भी नहीं आया। अब ग्रामीण अपनी सुरक्षा खुद कर रहे हैं। हाथियों का झुंड अभी भी इसी क्षेत्र में घूम रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पसान में अभी तक प्रभारी रेंजर के भरोसे ही वन विभाग का काम चल रहा है।

K.W.N.S.-कोरबा। जिले के पाली तानाखार विधायक मोहितराम केरकेटा ने ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर SECL के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। SECL चिरमिरी क्षेत्र में रानी अटारी विजय वेस्ट भूमिगत खदान संचालित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके भारी वाहनों के कारण भारी प्रदूषण होने के साथ ही सड़कें भी जर्जर हो गई हैं, जिसके कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भूमिगत रानी अटारी विजय वेस्ट खदान से कोयला लोडिंग कर बीजाडांड, तनेरा, सरमा, कोरबी होते हुए इसका परिवहन किया जाता है। रानी अटारी गांव से गुजरने वाली सड़क से कोल साइडिंग का काम दिन-रात किया जा रहा है। जिसके कारण यहां की सड़क पूरी तरह से खराब होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर डामर का नामोनिशान तक खत्म हो चुका है। पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके इस सड़क मार्ग को बनाए लगभग 20 वर्ष हो चुके हैं। विधायक मोहितराम केरकेटा ने कहा कि SECL प्रबंधन ने केवल खानापूर्ति करते हुए अभी तक बड़े-बड़े बोल्डर डालकर मिट्टी भर दिया है। भारी वाहन चलने से सड़क पर इतनी धूल उड़ रही है कि ग्रामीण परेशान हैं। यहां तक कि उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।