Browsing: बिलासपुर

कोरबा। दर्री क्षेत्र के एक च्वाइस सेंटर में चल रहे फर्जी वोटर आइडी कार्ड बनाए जाने का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। किसी अन्य का एपिक नंबर का उपयोग कर वोटर आइडी में नाम, पता बदल अन्य राज्य से आए लोगों को 800 रूपये लेकर वोटर आइडी बना दिया करता था। पुलिस ने 74 फर्जी वोट आइडी कार्ड जब्त किए हैं।
दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर जेलगांव चौक के पास स्थित गज्जू डिजिटल नामक च्वाइस सेंटर का संचालक गजेंद्र साहू फर्जी वोटर आइडी कार्ड बनाने का काम लंबे समय से कर रहा था। इसका उपयोग विभिन्ना माइक्रो फाइनेंस कंपनी, बैंक व अन्य जगहों पर परिचय पत्र के रूप में किया जा रहा था। इसकी सूचना पर दर्री पुलिस की टीम ने च्वाइस सेंटर की निगरानी शुरू की। पुलिस को सेंटर में फर्जी वोटर आइडी कार्ड बनाने की पूरी रिपोर्ट मिलने पर छापा मारा। जहां संचालक गजेंद्र साहू ने पहले तो ऐसे किसी कार्य को करने से साफ इंकार कर दिया, लेकिन पुलिस ने उसके कृत्यों की जानकारी प्रस्तुत की, तो उसने स्वीकार किया की वो फर्जी वोटर आइडी बनाता है और अभी तक सैकड़ों कार्ड बना चुका है।
पुलिस ने उसके सेंटर से मोबाइल व कंप्यूटर से 74 फर्जी बनाए हुए वोटर आइडी कार्ड जप्त किए। पुलिस ने गजेंद्र के विरूद्ध धारा 420, 467,468,471 के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी के कब्जे से 74 नग फर्जी वोटर आइडी, मोबाइल, लैपटाप, डेस्कटाप, सीपीयू प्रिंटर- स्कैनर, लेमिनेटर जप्त करके गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि शासन ने च्वाइस सेंटर के माध्यम से वोटर आइडी कार्ड बनाने का कार्य एक वर्ष पहले बंद कर मतदाता पहचान पत्र सीधे मतदाता के पते पर भेजने के निर्देश जारी किया था। गजेंद्र अपने च्वाइस सेंटर की आइडी से किसी मतदाता परिचय पत्र का एपिक नंबर निकाल लेता था और उस कार्ड में फोटो व एड्रेस किसी और का डाल कर प्रिंट कर देता था। निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर वाले स्थान पर एसडीएम कटघोरा के स्कैन हस्ताक्षर को प्रिंट कर देता था। इससे वोटर आइडी कार्ड एकदम सही प्रतीत होते थे, जब तक एपिक नंबर को कोई चेक न करें।

K.W.N.S.-बिलासपुर। जिला पंचायत कार्यालय के मनरेगा शाखा में बीते शनिवार को आग लगने के पीछे की वजह की पड़ताल होगी. कलेक्टर सौरभ कुमार ने आगजनी की घटना के जांच के आदेश दिए हैं. बिलासपुर जिला पंचायत की मनरेगा शाखा में लगी आग से कक्ष में रखे कंप्यूटर दस्तावेज सहित फाइलें जलकर राख हो गई थी. इस मामले में कलेक्टर सौरभ कुमार ने एडिश्नल कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व भी जिला पंचायत में आगजनी की घटना हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हुए थे. एक बार फिर आगजनी की घटना ने कई संदेहों को जन्म दिया है, जिसकी पड़ताल के लिए प्रशासन ने कदम उठाया है।
 

 
 K.W.N.S.- बिलासपुर। तारबाहर थाने में एक 38 वर्षीय महिला ने रेप और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला खैरागढ़ राजनांदगांव की है। पंजाब के एक युवक से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। सन् 2019 में युवक ने उसे बिलासपुर आने की बात बताई और मिलने के लिए कहा। महिला ने यहां एक होटल में उससे मुलाकात की। इस दौरान युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे वीडियो बना लिया। महिला को जब वीडियो की जानकारी मिली तो उसने युवक से दूरी बना ली। पीड़िता अब विवाह करना चाहती है लेकिन युवक बार-बार उसे मिलने के लिए दबाव बना रहा है। साथ ही कह रहा है कि शादी के बाद भी वह उसके साथ संबंध बनाकर रखे वरना वह वीडियो वायरल कर देगा। महिला ने खैरागढ़ थाने में शून्य में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत तारबाहर, बिलासपुर पुलिस को भेजा गया है। तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। कार वाश संचालक के भाई पर नशेड़ी युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक उनके घर के सामने ठेला लगाता है और गांजा बेचता है। उसे मना करने पर गाली देते हुए धारदार चाकू से मार दिया, जिससे वे खून से लथपथ होकर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पुलिस ने हमलावर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। शिव टॉकीज चौक के पास रहने वाले जसपाल सिंह भोगल (47) महामाया कार वाश का संचालक हैं। उनके घर के पास कुमारी खटिक नाम की महिला ठेला लगाती है, जो हमेशा उनके घर के दरवाजे के सामने ठेला लाकर खड़ा कर देती है। आरोप है कि इसके चलते नशेड़ी युवक उनके घर के पास बैठे रहते हैं और उन्हें परेशानी होती है। महिला के ठेले में वीरेंद्र नाम का लड़का काम करता है और आदतन नशेड़ी है। रविवार रात घर के सामने ठेला लगाने से जसपाल के भाई रंजीत सिंह ने युवक को मना किया। इसी बात को लेकर गाली देते हुए वीरेंद्र ने धारदार चाकू निकाल हमला कर दिया। जसपाल सिंह ने बताया कि उनके घर के पास महिला गांजा बेचती है। इसकी वजह से ही वहां बदमाश युवकों की भीड़ लगी रहती है। उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस से की है।
 

 
 K.W.N.S.- बिलासपुर। शहरी क्षेत्र में अरपा नदी का पानी दूषित रहता है। ऐसे में ज्यादातर गणेश समितियां शहरी क्षेत्र के घाट में विसर्जन करने के पक्ष में नहीं रहती है। ऐसे में कई समितियां विसर्जन के लिए सेंदरी घाट जाती है, क्योंकि उस क्षेत्र का पानी साफ रहता है। वही इन बातों को ध्यान में रखते हुए महापौर रामशरण यादव ने इस बार गणेश व दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए सेंदरी घाट में भी व्यवस्था करने के निर्देश है। शहर अंतर्गत छठ घाट, जूना बिलासपुर स्थित घाट के साथ पुराना पुल के पास गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। लेकिन नदी अंतर्गत शहरी क्षेत्र का पानी की दूषित होने से कई समितियां यहां पर विसर्जन नहीं करते है और विसर्जन के लिए बेहतर विकल्प रूप के लिए सेंदरी क्षेत्र के अरपा नदी का चयन करते है, क्योंकि इस क्षेत्र में शहर का दूषित पानी नदी में नहीं मिलता है। ऐसे में बहकर आने वाला पानी साफ रहता है। ऐसे में साल दर साल सेंदरी क्षेत्र अंतर्गत अरपा नदी में विसर्जन का प्रथा बढ़ते ही जा रहा है। वहीं अब लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए महापौर रामशरण यादव ने सेंदरी नदी किनारे गणेश विसर्जन के लिए व्यवस्था करने के निर्देश जोन क्रमांक दो के जोन कमिश्नर हो दिए है। इसके तहत नदी तट पर सर्वे करने के बाद एक कुंड बनाने के निर्देश दिए गए है। साथ ही विसर्जन के लिए जस्र्री अन्य व्यवस्था करने ने निर्देश दिए है।
 

 
K.W.N,S.-जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में सड़क हादसे के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया। इस हादसे में युवक की मौत हुई है। वह पैदल सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान हाइवा ने उसे टक्कर मार दी थी। जिसके बाद मौके पर ही उसकी जान चले गई। हादसा बलौदा थाना क्षेत्र में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बुचीहरदी निवासी महेश कोल(45) सोमवार सुबह 10 बजे के आस-पास सड़क पार कर रहा था। इतने में सामने से तेज रफ्तार हाइवा आ गया और उसने युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाइवा छोड़कर ड्राइवर भाग निकला। वहीं युवक की जान जा चुकी थी। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने बलौदा-अकलतरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि आए दिन यहां सड़क हादसे होते हैंं, फिर भी कोई ध्यान नहीं देता है। लोग मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे। एक लाख के मुआवजे की मांग पर शांत हुए लोग इधर, घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों का शांत कराने काफी प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। वे मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए थे। ऐसे में पुलिस ने हाइवा मालिक से संपर्क किया और एक लाख रुपए का मुआवजा दिलवाया। जिसके बाद लोग शांत हुए और चक्काजाम खत्म किया। पुलिस ने उन्हें आरोपी ड्राइवर की जल्द गिरफ्तारी का भी आश्वासन दिया है।
 

K.W.N,S.-बिलासपुर। आबकारी अमले ने मस्तूरी क्षेत्र के जयरामनगर और बिल्हा क्षेत्र के पिरैया में दबिश देकर दो लोगों के कब्जे से 90 लीटर महुआ शराब और दो हजार 710 किलो लहान जब्त किया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, दो आरोपित की तलाश की जा रही है। आबकारी उपायुक्त नीतू नोतानी ठाकुर ने बताया कि रविवार की सुबह जयरामनगर में महुआ शराब बिकने की सूचना मिली थी। इस पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी कल्पना राठौर और उनकी टीम ने गांव में दबिश देकर सुनील बंजारे को पकड़ लिया। उसके कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब और 210 किलो लहान जब्त हुआ। वहीं, बिल्हा क्षेत्र के पिरैया में 40 लीटर शराब और एक हजार 355 किलो महुआ लहान जब्त किया गया। वहीं, गांव में दबिश देकर आनंद दास के कब्जे से 200 किलो लहान बरामद हुआ है। टीम ने चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कनेरी में दबिश देकर 20 लीटर महुआ शराब और 945 किलो लहान जब्त किया गया।
 

सशक्त युवा सशक्त मुंगेली’ अभियान के तहत मिली नौकरी
K.W.N.S.-मुंगेली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप जिले के युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने जिला प्रशासन द्वारा सतत् प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘सशक्त युवा सशक्त मुंगेली’ अभियान के अंतर्गत आकांक्षा प्लेटफॉर्म के माध्यम से 85 युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में नौकरी दी गई। कलेक्टर राहुल देव ने इन चयनित युवाओं को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी है।
04.JPG
 उन्होंने कहा कि इन युवाओं का चयन उनकी दक्षता एवं योग्यता तथा साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। उन्होंने कहा कि विभिन्न कम्पनियों के लिए 85 युवाओं का चयन जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धी है और गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक युवा ‘सशक्त युवा सशक्त मुंगेली’ अभियान के अंतर्गत आकांक्षा प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजगार से जुड़ेंगे और वे अपने माता, पिता और समाज का नाम रोशन करेंगे तथा मान-सम्मान प्राप्त करेंगे।  
मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अमित कुमार ने बताया कि कलेक्टर राहुल देव के मार्गदर्शन में जिले के युवाओं को बैंकिंग एवं फायनेंस सेक्टर में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ‘सशक्त युवा सशक्त मुंगेली’ अभियान के अंतर्गत आनलाईन आकांक्षा प्लेटफॉर्म के तहत कल 25 अगस्त को जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित जनदर्शन कक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न कम्पनियों में नौकरी हेतु 315 युवा उपस्थित हुए थे। इनमें से 85 युवाओं का चयन उनकी दक्षता एवं योग्यता तथा साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। चयनित युवाओं को एनआईबीएफ के साथ पहुंची एचडीबी फायनेंस कम्पनी, इसाफ को आपरेटिव बैंक और उत्कर्ष फायनेंस बैंक में पदस्थ किया जाएगा।
 

K.W.N.S.-जांजगीर-चाम्पा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों मेें आये दिन हो रहे मोटर सायकिल चोरी की घटना को ध्यान में रखते हुए चोरी पर अंकुश लगाने एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु विशेष टीम का गठन किया गया है। 
गठित टीम को जानकारी मिली कि जैजेपुर क्षेत्र में अशीष जाटवर एवं अर्जुन नारंग बुलेट एवं स्पेार्टस बाईक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे है। जिनके संबंध में जानकारी एकत्र कर दोनों को पुलिस हिरासत में लेकर कडाई से पूछताछ करने पर दोनो आरेापियों के द्वारा जिला कोरबा क्षेत्र से बुलेट, टीव्हीएस अपाचे एवं जांजगीर क्षेत्र से स्पोर्टर्स पल्सर एवं डभरा क्षेत्र से हीेरो स्पलेन्डर आई स्मार्ट बाईक चोरी करना स्वीकार किया गया। 
आरोपियों द्वारा चोरी किये हुये मोटर सायकल स्पलेण्डर आई स्मार्ट को अनिल कर्ष निवासी हरदीडीह थाना जैजेपुर को बेचना बताया गया। आरोपियों के निशानदेही पर अनिल कर्ष के कब्जे से उक्त मोटर सायकल को एवं मोटर सायकल टीव्हीएस अपाचे, बजाज स्पोटर्स पल्सर को आशीष जाटवर निवासी हरदीडीह थाना जैजेपुर तथा रॉयल इन्फेल्ड बुलेट को अर्जुन नवरंग निवासी रीवाडीह के कब्जे से बरामद किया गया।
 इस प्रकार मोटर सायकल चोरी का पर्दाफाश करने एवं चोरी गये मोटर सायकल को बरामद करने में उप निरीक्षक सुरेश धुव, संतोष तिवारी, प्र.आर. मनोज तिग्गा, राजकुमार चंद्रा, लक्ष्मीकांत कश्यप, आरक्षक रोहित कहरा का विशेष योगदान रहा है।

बच्चों में कुपोषण दूर करने के साथ-साथ अन्य संभावित बीमारियों का भी करें जांच- कलेक्टर
मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत जिले में कुपोषण दूर करने किए जा रहे कारगर कार्य
K.W.N.S.-जांजगीर-चाम्पा। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत प्रदेश और जिला में कुपोषण और एनीमिया दूर करने लगातार कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के दिशा-निर्देशन में महिलाओं और बच्चों के विकास, पोषण स्तर में सुधार और उनके स्वास्थ्य को बेहतर रखने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किये जा रहें है। जिसके तहत कलेक्टर द्वारा समय-समय पर आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यक निर्देश दिए जा रहें है।
 कलेक्टर ने जिले में कुपोषण दूर करने स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय से बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए है। उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्रों में बेहतर उपचार कराए जाने कहा है। कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने व सुपोषण के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के फलस्वरूप विगत तीन वर्षों में जिले में कुपोषण के दर में लगभग 8 प्रतिशत की कमी आयी है। कलेक्टर ने बच्चों में कुपोषण दूर करने के साथ-साथ अन्य संभावित बीमारियों का भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।
 जिले में गंभीर कुपोषित बच्चों और एनीमिक महिलाओं का स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से नियमित किया जा रहा जांच और उपचार –
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के गंभीर कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य जांच तथा महिलाओं के हीमोग्लोबिन के स्तर का परीक्षण कर एनीमिक महिलाओं की पहचान की जा रही है। जिले के सभी ग्राम पंचायतों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप स्वास्थ्य केन्द्रों में शिविर लगाकर चिकित्सक के परामर्श से निःशुल्क दवाइंया तथा मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर सिन्हा के निर्देशन में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निरंतर स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
 मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान –
 जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 31 मार्च 2022 तक की स्थिति में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निर्धारित 15703 भौतिक लक्ष्य के विरूद्ध 6859 बच्चें कुपोषण से मुक्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि फरवरी 2019 में कुपोषण दर 17.08 प्रतिशत, मध्यम कुपोषित बच्चें 13.37 प्रतिशत और गंभीर कुपोषित बच्चें 3.71 प्रतिशत थे तथा विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के पश्चात वर्तमान में मासिक प्रगति प्रतिवेदन जुलाई 2022 के अनुसार कुपोषण दर 9.11 प्रतिशत, मध्यम कुपोषित बच्चें 8.09 प्रतिशत और गंभीर कुपोषित बच्चें 1.02 प्रतिशत हैं। इस प्रकार कुपोषण दर में 7.97 प्रतिशत की कमी आयी है।
 जिले में आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से एक हजार एनीमिक महिलाओं और 14,500 कुपोषित बच्चों को दिया जा रहा गर्म भोजन –
कलेक्टर के दिशा-निर्देशन में जिला खनिज संस्थान न्यास मद के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से एक हजार एनीमिक महिलाओं और 6 माह से 3 वर्ष के 14 हजार 500 कुपोषित बच्चों को सप्ताह में 6 दिन गर्म भोजन प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही कुपोषित बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए प्रत्येक सोमवार और गुरूवार को 1 अंडा या 2 केला भी दिया जा रहा है।
 जिले में 11 पोषण पुनर्वास केन्द्रों में 72 गंभीर कुपोषित बच्चों का किया जा रहा समुचित उपचार-
जिले के विभिन्न विकासखण्डों में 11 पोषण पुनर्वास केन्द्र संचालित हैं। जिसके माध्यम से पोषण पुनर्वास केन्द्र बम्हनीडीह में 9, पोषण पुनर्वास केन्द्र चांपा में 10, पोषण पुनर्वास केन्द्र अकलतरा में 9, पोषण पुनर्वास केन्द्र बलौदा में 4, पोषण पुनर्वास केन्द्र पामगढ़ में 5, पोषण पुनर्वास केन्द्र खरौद में 5, पोषण पुनर्वास केन्द्र नवागढ़ में 9, पोषण पुनर्वास केन्द्र मालखरौदा में 3, पोषण पुनर्वास केन्द्र डभरा में 8 और पोषण पुनर्वास केन्द्र जांजगीर में 10 गंभीर कुपोषित बच्चों का समुचित उपचार किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशन में जिले के   सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों और पोषण पुनर्वास केन्द्रों में पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा स्वास्थ्य विभाग से समन्वय करते हुए चिन्हाकित गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भेजा जा रहा हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को सुरूचि पूर्ण पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। उनके स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण किया जा रहा है तथा समय पर टीका लगाने के साथ ही उनके सुपोषण के लिए अभिभावकों को उचित परामर्श भी दिए जा रहें है।