Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

K.W.N.S,- बिलासपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जिले में शुक्रवार से 18 वर्ष से अधिक आयु वालों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी खुराक यानी बूस्टर डोज नि:शुल्क लगने लगी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 120 से अधिक वैक्सीन केन्द्रों के माध्यम से जिले के करीब 9.36 लाख लोगों को इसका लाभ दिया जाएगा। इसी क्रम में जिला अस्पताल में नगर विधायक शैलेश पांडेय एवं ब्लॉक स्तर पर क्षेत्रीय विधायकों की उपस्थिति में टीकाकरण बूस्टर डोज महाभियान की शुरूआत हुई। आगामी 30 सितंबर तक जिले के उप स्वास्थ्य केंद्र , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ,मोहल्ला क्लीनिक , सिम्स व जिला अस्पताल में बूस्टर डोज का टीकाकरण किया जाएगा। इस बारे में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ मनोज सेमुअल ने बताया “जिले में 18 वर्ष व उससे अधिक के 13.32 लाख लाभार्थी हैं, वर्तमान में 9.36 लाख से अधिक ऐसे लाभार्थी हैं जिनका 6 माह या 26 सप्ताह पूर्ण हो गया है, जिनको सरकार द्वारा निःशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था अमृत महोत्सव के तहत तीसरी डोज 30 सितंबर तक विशेष अभियान के तहत नि:शुल्क लगाई जाएगी। इससे पहले ऐसे हितग्राहियों के लिए प्रीकॉशन डोज की निःशुल्क व्यवस्था नहीं थी। कोविड-19 टीकाकरण सभी अस्पतालों स्वास्थ्य केन्द्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्र, स्कूल एवं कॉलेजों आदि में कुल 120 जगहों पर किया जाएगा। जिन लोगों ने अभी तक प्रीकाशन डोज नहीं लगवाया है वह अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निशुल्क कोविड टीके का प्रीकाशन डोज लगवा सकते हैं।” तखतपुर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील हंसराज ने बतायाः “विशेष अभियान की शुरुआत संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह एवं नगरपालिका अध्यक्ष मुन्ना श्रीवास की उपस्थिति में हुई। कोवि़ड संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण की अपील की जा रही है।” लोगों का मानना कोविड-19 संक्रमण के खतरे से बचाव का उपाय है टीका- वैक्सीन लगवाने आए 48 वर्षीय राकेश कुमार ने बतायाः¬ “मैंने छह माह पूर्व ही कोविड-19 बचाव का टीका लगवाया था। विशेष अभियान चलाकर प्रीकॉशन डोज लगवाने की जानकारी मिलने पर मैंने टीका लगवाया। कोविड-19 संक्रमण से बचाव का एकमात्र उपाय टीकाकरण ही है। इसलिए लोगों को प्रीकॉशन डोज भी अवश्य लगाना चाहिए।” वहीं तखतपुर स्वास्थ्य केन्द्र में प्रीकॉशन डोज लगवाने आए 52 वर्षीय रमेश कुमार ने बतायाः “कोविड संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। मुझे भी कोरोना हुआ था, लक्षण काफी हल्के थे इसलिए परेशानी नहीं हुई। इसकी मुख्य वजह टीकाकरण करवाना था। मेरे परिवार के अन्य सदस्यों का भी अगले माह 26 सप्ताह पूरा होगा, उन्हें भी प्रीकॉशन डोज जरूर लगवाऊंगा।”

K.W.N.S.-बिलासपुर। कमिश्नर डॉ. संजय अलंग की अध्यक्षता में आज यहां छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) की स्वशासी समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सिम्स अस्पताल में एनएमसी की मापदण्डों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने संबंधी अनेक प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के डायरेक्टर डॉ विष्णु दत्त, कलेक्टर सौरभकुमार, सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. सहारे सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अनुमोदित प्रस्ताव के अनुसार सिम्स के बालक छात्रावास में सीसीटीव्ही कैमरा लगाने, बायोकेमेस्ट्री लैब में फाल्स सिलिंग एवं एयर कूलर की व्यवस्था, माईक्रो बायोलाजी म्यूजियम एवं फार्माकोलॉजी लैब का रिनोवेशन, आडिटोरियम में एसी की स्थापना, ऑडिटर की नियुक्ति, यूटिलिटी ब्लॉक की दुकानों को किराये पर दिया जाना, कण्डम वाहनों का अपलेखन, बाह्य परीक्षकों की लॉजिंग एवं भोजन राशि में इजाफा, कार्यालयीन उपयोग के लिए कम्प्यूटर खरीदी, सांसद निधि से छोटी एम्बुलैंस खरीदी, एवं माड्यूलर ओटी एवं फायर सेफ्टी की व्यवस्था शामिल हैं। बैठक में वर्ष 2022-23 की अब तक की आय-व्यय की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।

K.W.N.S.-बिलासपुर। सेंदरी स्थित हाई स्कूल के पास बाइक सवार को बचाते हुए तेज रफ्तार ट्रेलर पलट गया। इससे ट्रेलर में भरा कोयला सड़क पर बिखर गया। वहीं, ट्रेलर में दबकर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना की सूचना ड्राइवर के स्वजन को दी है। स्वजन बिहार के रहने वाले हैं। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बिहार के जिला कैमूर अंतर्गत भगवतीपुर में रहने वाले शिवधनी राम(45) ड्राइवर हैं। बुधवार की शाम वे दीपका से कोयला लेकर बिलासपुर की ओर आ रहे थे। वे सेंदरी स्थित हाई स्कूल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार और मवेशी को बचाने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। ड्राइवर ट्रेलर को संभाल नहीं पाए। इससे तेज रफ्तार ट्रेलर हाईवे पर पलट गया। केबिन में फंसकर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने कोनी पुलिस को दी। इस पर कोनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया है। शव को सिम्स के चीरघर में रखवाया है। घटना की सूचना ड्राइवर के स्वजन को दी गई है। उनके आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा इलाके में 24 घंटे के दौरान फिर सोमवार एक हत्या हो गई। अब सोमवार रात युवक ने अपने फुफेरे भाई को मार दिया। दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर को पत्थर से कुचल दिया। वारदात के बाद आरोपी भाई भा गया। दो घंटे तक युवक की खून से लथपथ लाश वहीं पड़ी रही। जानकारी के अनुसार, चिंगरापारा निवासी प्रकाश ठाकुर (26) बोल और सुन नहीं सकता था। पड़ोस में ही उसके मामा का लड़का प्रदीप ठाकुर रहता था। दोनों एक साथ रहते थे और आदतन शराबी थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी दोनों शराब के नशे में थे। इस दौरान रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि प्रदीप ने घर में रखे पत्थर से प्रकाश का सिर कुचल दिया। इस घटना के बाद लाश को छोड़कर पुलिस कर्मी आरोपी प्रदीप की तलाश में जुट गए। वह घटना के बाद से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही CSP स्नेहिल साहू, TI उत्तम साहू मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हत्यारे युवक की जानकारी जुटाई और उसकी तलाश करने के निर्देश दिए। इसके कुछ देर बाद ही आरोपी प्रदीप ने सरेंडर कर दिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

K.W.N.S.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। शहरी क्षेत्रों में सुगम यातायात के लिए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार लोगों से यातायात नियमों का पालन कराया जा रहा है। इसके तहत परिवहन और ट्रेफिक पुलिस द्वारा सयुंक्त रूप से कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दुर्गा चौक पेण्ड्रा में नो पार्किंग में वाहन खड़ा पाए जाने पर 18 वाहनों पर 10 हजार 500 रुपये की चलानी कार्रवाई की गई। जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा के निर्देशन में विभागीय अधिकारियों और यातायात प्रभारी प्रवीण द्वेवेदी द्वारा संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार सहकारी समितियों में तहसीलदारों ने खाद- बीज का किया भौतिक सत्यापन जिले के किसानों को खेती किसानी के दौरान खाद- बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो यह सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार गौरेला, पेण्ड्रा, मरवाही और सकोला के तहसीलदारों ने आज सहकारी समितियों में खाद और बीज का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने समितियों में खाद, बीज उपलब्धता, अवक जावक पंजी, किसान क्रेडिट कार्ड आदि की जानकारी ली और समिति प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए।

K.W.N.S.-जांजगीर-चाम्पा। अंधविश्वास और लालच की जड़ें हमारे समाज में इतनी गहराई तक पहुंच गई हैं कि इनसे उबरना बहुत कठिन जान पड़ने लगा है। ऐसे ही एक मामले में पंद लालची लोगों ने अंधविश्वास के वशीभूत होकर एक बुजुर्ग पुजारी यानी बैगा की जान ले ली। बदमाशों को कहीं से पता चला था कि बैगा बाबूलाल यादव के पास पारस पत्थर है, जिसे वह घर में ही कहीं गाड़कर रखा है। इसी के चलते पारस पत्थर की चाह में बदमाशों ने 8 जुलाई को बैगा का अपहरण कर लिया था। पहले तो बदमाशों ने बैग के घर में घुसकर पारस पत्थर को तलाशा, नहीं मिलने पर बैगा के घर को खोदकर देखा। उसके बाद भी पारस पत्थर नहीं मिला तो बैगा बाबूलाल यादव को उठाकर ले गए और उसकी जान ले ली। जांजगीर थाना क्षेत्र के मुनूंद गांव के बैगा की लाश आज बलौदा थाना क्षेत्र के कटरा के जंगलों में मिली है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने हत्या कर जंगल में दफन कर दी थी बैगा की लाश। जांजगीर कोतवाली पुलिस अब कुछ संदेहियों को पकड़कर पूछताछ कर रही पुलिस।

K.W.N.S.- जाजंगीर-चांपा। पति के जीवित रहते सुख बाई की जिंदगी में कभी कोई कमी न थी। परिवार में खुशियां ही खुशियां थी। एक दिन कोरोना ने पति को हमेशा के लिए उससे छीन लिया। पति के मौत के बाद तो जैसे सुख बाई के जीवन में दुःखों का पहाड़ ही टूट पड़ा। पति ने अपनी मौत के एक साल पहले ही बिटिया की शादी के लिए खेत भी गिरवी रखे थे। घर में बेटे के पास भी कोई रोजगार न था। जब तक पति जीवित थे, सबको उम्मीद थी कि जीवन की हर कठिनाई दूर हो जाएगी। पति के कोरोना बीमारी में चल बसने के बाद सुखबाई के जीवन में जैसे अंधियारा ही छा गया था। आज जब सुख बाई कलेक्टर जनदर्शन में आई तो वह अपनी समस्या को भी ठीक से बता नहीं पा रही थी। ऐसे में कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने उनकी समस्या को विस्तार से जाना। समस्या का पता लगते ही कलेक्टर ने उसे सुलझाने देर नहीं की। अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सुखबाई को तत्काल ही कोविड-19 अंतर्गत दी जाने वाली 50 हजार की राशि हाथों में दिलवाई। जनदर्शन में कलेक्टर की इस पहल से मानों सुख बाई के जीवन में छाया अंधियारा, उजियारे में तब्दील हो गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज से कलेक्टोरेट में जनदर्शन के माध्यम से आमनागरिकों से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उनकी समस्याओं को निराकृत करने की पहल की है। राज्य शासन के मंशानुरूप लोगों के परेशानियों को सुनकर उनकी समस्याओं को सुलझाया जा रहा है। पहले दिन आज जनदर्शन में 86 आवेदन आए। इसी जनदर्शन में ग्राम मुरलीडीह,अकलतरा की सुख बाई गोयल भी अपनी फरियाद लेकर पहुँची। उसने बताया कि गत वर्ष कोरोना बीमारी से उनके पति मनोहर लाल का आकस्मिक निधन हो गया। वह हाजिरी मजदूरी कर घर परिवार का खर्च उठाते थे। उनके मौत के बाद जैसे-तैसे उनका बेटा घर का खर्च चला रहा है। सुखबाई ने बताया कि उन्हें पति के मौत के बाद कोरोना से मृत आश्रित परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 50 हजार भी प्राप्त नहीं हुई है। सुखबाई की यह व्यथा सुनते ही कलेक्टर श्री सिन्हा अधिकारियों पर नाराज हो गए और अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कहा कि इस वृद्ध महिला को यहां तक आने की जरूरत नहीं थी। शासन द्वारा जब राशि स्वीकृत कर भेज दी गई है तो पीडित और पात्र हितग्राही को देने में विलंब कैसे हो गया ? कलेक्टर ने तत्काल ही अधिकारियों को निर्देशित कर सुख बाई के हाथों में राशि दिलाने में बड़ी पहल की। बेवा सुखबाई ने बताया कि उनके पति ने बेटी की शादी के समय अपनी एक एकड़ खेत 35 हजार में गिरवी रखी थी। अब अनुग्रह राशि 50 हजार की राशि मिलने पर वह कर्ज चुकाकर खेत वापस ले पाएगी। खेत वापस मिलने से फसल बोएगी और परिवार का पालन पोषण ठीक से कर पाएगी। अनुग्रह राशि के लिए भटक रही सुखबाई ने जनदर्शन में अपनी फरियाद पूरी होने पर शासन और कलेक्टर सिन्हा के प्रति आभार भी जताया।

K.W.N.S.-बिलासपुर। रेलवे ने 11 जुलाई से 19 जुलाई तक टाटानगर से इतवारी और इतवारी से टाटानगर के बीच चलने वाली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है। इसका कारण चक्रधरपुर रेल मंडल में तीसरी लाइन कनेक्टिविटी का कार्य चलना बताया गया है। प्रथम तिमाही में बीडीयू टीम ने 10 करोड से अधिक का रेल राजस्व अर्जित किया व्यवसाय विकास इकाई (बीडीयू) की स्थापना पमरे मुख्यालय और तीनों मंडलों में की गई है। पश्चिम मध्य रेल द्वारा मिशन मोड़ के तहत माल ढुलाई को बेहद आकर्षक बनाने के लिए मालभाड़ा व्यापारियों को कई तरह की रियायतें/छूट एवं सुविधाएं भी दी जा रही हैं। जिससे व्यापारी अधिक से अधिक रेलवे की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। पमरे अपने परंपरागत माल ढुलाई के अलावा अन्य नए माल उत्पादकों को भी प्रोत्साहित कर रही है। परिणाम स्वरूप पमरे ने इस वित्तीय वर्ष के अप्रैल एवं जून 2022 तक यानी प्रथम तिमाही में बीडीयू के तहत नई स्ट्रीम फ्रेट लोडिंग से 10 करोड 40 लाख का रेल राजस्व अर्जित किया। जिसमें बीडीयू फ्रेट लोडिंग से अप्रैल में 2 करोड 30 लाख एवं मई में 1करोड 50 लाख और जून में 6 करोड़ 60 लाख रुपए का रेल राजस्व अर्जित किया। पमरे के तीनों मण्डलों में स्थापित बीडीयू मार्केटिंग के तहत जून माह में निम्नानुसार नया बिजनेस हासिल किया हैः- एनएमजी रैक लोडिंग:- भोपाल मण्डल में मण्डीदीप स्टेशन से इस माह में 12 एनएमजी रैकों की उच्चतम लोडिंग की गई, जिससे रेलवे को रुपये 1 करोड़ 9 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। राखड़ लोडिंग:- भोपाल मण्डल के साइडिंग श्री सिंगाजी थर्मल पॉवर प्लांट से बिड़ला सीमेंट वर्क्स साइडिंग चंदेरिया (रतलाम मण्डल) के लिए 2 रैक राखड (फ्लाई ऐश) की लोडिंग की गई। इससे रेलवे को रुपये 41 लाख 32 हजार की आय प्राप्त हुई । धान लोडिंग:- इसी प्रकार जबलपुर मण्डल के पिपरिया, भेड़ाघाट, गोसलपुर, सतना एवं रीवा रेलवे स्टेशनों से फ्रेट लोडिंग की शुरुआत करते हुए माल गोदाम से 13 रैक धान की लोडिंग की गई। इससे रेलवे को रुपये 508 लाख की आय प्राप्त हुई । उल्लेखनीय है कि रेकों की ट्रैकिंग कर व्यापारियों को उनके कंसाइनमेंट की समय पर सटीक जानकारी दी जा रही है। मौजूदा नेटवर्क में मालगाड़ियों की गति में वृद्धि की गई है। मालगाड़ियों में गति में वृद्धि होने से हितधारकों की लागत में आश्चर्यजनक बचत हो रही है।

K.W.N.S.-बिलासपुर। रेलवे बोर्ड के चेयरमेन व सीईओ वीके त्रिपाठी ने झारसुगुड़ा और बिलासपुर के बीच चल रहे चौथी लाइन के विद्युतीकरण के कार्य का विशेष सैलून की खिड़की से निरीक्षण किया। उन्होंने बिलासपुर में अधिकारियों की बैठक ली। यहीं उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल के साइबर सेल और सेंट्रल हॉस्पिटल के ब्लड बैंक का उद्घाटन किया। त्रिपाठी शनिवार की रात स्पेशल ट्रेन से रायपुर से सीधे झारसुगुड़ा निकल गए थे। उन्होंने वहां झारसुगुड़ा स्टेशन, ब्रजराजनगर स्थित कोल साइडिंग व ईब कोल वैली का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे जोन के महाप्रबंधक आलोक कुमार, अनेक विभागाध्यक्ष तथा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों से उन्होंने कोयला लदान के बारे में चर्चा की। वे दोपहर में इसी स्पेशल ट्रेन से बिलासपुर पहुंचे। रास्ते में उन्होंने बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच चल रहे चौथी लाइन के निर्माण कार्य का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने इसके बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। बिलासपुर पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें महाप्रबंधक, सभी विभागाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

K.W.N.S.-बिलासपुर। सिम्स में पैंक्रियाज की दुर्लभ बीमारी पीड़ित जांजगीर-चांपा के मरीज का सफल आपरेशन किया गया है। इस बेहद जटिल आपरेशन के बाद मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। उसे जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। जांजगीर-चांपा निवासी 64 वर्षीय रथ लाल को पेट दर्द, डायबिटीज और हाइपरटेंशन की शिकायत थी। शुरुआती ती जांच और सीटी स्केन में उसके पैंक्रियाज के टैल में दुर्लभ नियोप्लास्टिक ट्यूमर स्प्लीन की पहचान की गई। बीमारी पकड़ में आने पर जांजगीर-चांपा के चिकित्सकों ने मरीज को सिम्स में सर्जन डा. मृणाल शर्मा के पास भेजा। डा. मृणाल ने मरीज को भर्ती कर आपरेशन के लिए तैयारी किया। सर्जरी में पहले डायग्नोस्टिक लेप्रोस्कोपी कर परखा गया कि बीमारी ज्यादा फैली तो नहीं है। इसके बाद मरीज का डिस्टल पैन्क्रियाएक्टोमी और स्प्लेनेक्टोमी आपरेशन किया गया। टीम में सर्जन डा. मृणाल के अलावा डा. विनोद तामकनंद और सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. नीरज शेंदे शामिल रहे। अब मरीज को देखदेख में रखा गया है।