Browsing: बिलासपुर

कवर्धा। जिले के बाजार चारभाठा चौकी क्षेत्र में प्रेमी द्वारा प्रेमिका के घर के सामने खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक घायल युवक रूपेश ससोदिया गांव की एक युवती से एकतरफा प्यार करता था। रविवार को वह अपने प्यार का इजहार करने के लिए उसके घर तक पहुंच गया।
उसने युवती को आवाज लगाई, तो परिवार के लोग बाहर आ गया। इजहार करने पर इनकार हो गया, जिससे युवक काफी क्षुब्ध हुआ। जेब से ब्लेड निकाली और युवती व उसके परिवार वालों के सामने ही अपनी कलाई की नस काट ली। खून बहने के कारण युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। इससे परिवार डर गया। तुरंत डॉयल 112 को कॉल कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक अस्पताल पहुंचाया। इस पूरी घटना के बाद परिवार काफी दहशत में है। वहीं घायल युवक का इलाज जारी है।

K.W.N.S.-मुंगेली। कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह ने विगत दिनों लोरमी विकासखण्ड के ग्राम बंधवा में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां प्राचार्य कक्ष, स्टाॅफ कक्ष, लाईबे्ररी कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पेयजल, विद्युत, शिक्षकों और विद्यार्थियों की संख्या, भर्ती प्रक्रिया आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की सराहना की और बेहतर संचालन हेतु एकलव्य आवासीय विद्यालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, एसडीएम लोरमी श्रीमती मेनका प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सतीष पाण्डेय, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुश्री शिल्पा साय भी उपस्थित थी।
 

K.W.N.S.- बिलासपुर। पुलिसकर्मियों से मारपीट व गाड़ी में तोड़फोड़ करने वाले 3 युवक को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों में फिल कोल वाशरी के मैनेजर विकास शर्मा और उसके साथी शामिल हैं. घटना रतनपुर के महामाया मंदिर के मेलापरा में हुई थी. रतनपुर पुलिस को सूचना मिली थी, कि कुछ लोग महामाया मंदिर मेला स्थल पर धारदार हथियारों से लैस हैं. इनमें से एक होटल में घुसकर मारपीट का आरोपी राकी सिंह उर्फ राकी भाई भी है, जो फील कोल वाशरी में बाउंसर है. वह कोयला कंपनी के वाहनों से कोयला चोरी को रोकने पेट्रोलिंग का काम करता है. इसी के चलते उसकी बीते दिनों एक होटल में मारपीट हुई थी, मामले को लेकर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. आरोपी भागकर सेंदरी तक पहुंच गए थे, पुलिस के जवानों ने वहां पर घेराबंदी कर मौके से राकी सिंह, संदीप शर्मा और वीरभानू सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनकी कार से तीन तलवार, पांच लोहे का राड और आठ लाठियां जब्त की है. युवकों के खिलाफ जवानों पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट की धारा 186, 353, 332, 147, 148 व 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। 
 

 K.W.N.S.-बिलासपुर। पैतृक गांव को छोड़कर युवक अपने ससुराल में रहकर महुआ शराब का कारोबार करने लगा। गांव वालों के विरोध करने के बावजूद खुलेआम शराब बेच रहा था। पुलिस ने युवक को शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो लीटर महुआ शराब जब्त की गई है। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गुरुवार को चकरभाठा पुलिस की टीम गश्त में निकली थी। इसी दौरान चकरभाठा थाना क्षेत्र की नगर पंचायत बोदरी के डडहा में रहने वाला विजय कुमार लोनिया(32) खुलेआम शराब बेच रहा था। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो लीटर महुआ शराब जब्त की गई है। 
 पूछताछ में आरोपित विजय ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से कोनी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरपाली का रहने वाला है। शादी के बाद ससुराल डडहा में बस गया। तब से यहां शराब का कारोबार चला रहा है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी आरोपित विजय के खिलाफ कई बार कार्रवाई हो चुकी है। इसके बाद भी उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। वो कार्रवाई के बाद फिर शराब के अवैध कारोबार को शुरू कर देता है।
 

 
 K.W.N.S.-कोरबा। गाेढ़ी की ओर से पिकअप में अवैध रूप से 100 बाेरी कोयला लेकर आ रही पिकअप को पुलिस ने पकड़ा। मामले में वाहन चालक समेत महिला को  गिरफ्तार कर लिया गया। रामपुर चाैकी प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मुखबिर से गाेढ़ी की ओर से एक महिला के पिकअप सीजी-12-एबी-2085 में अवैध रूप से कोयला लेकर आने की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर घेराबंदी कर बताए गए पिकअप को पकड़ा गया। जिसमें 100 बाेरी कोयला लदा था जिसका दस्तावेज नहीं था। पिकअप चालक कांशी नगर निवासी अनवर हुसैन से पूछताछ करने पर उसने साथ माैजूद कांशीनगर निवासी महिला रिकी रजक द्वारा कोयला परिवहन कराना बताया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोयला लदा पिकअप जब्त करके चालक समेत महिला को  गिरफ्तार कर लिया।
 

 K.W.N.S.-बिलासपुर। बिलासपुर जिले में पुरानी रंजिश के कारण एक कार चालक ने गुरुवार को ट्रक में आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। वहीं घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार कार चालक और ट्रक मालिक के बीच आपसी रंजिश चल रही है। इसे लेकर कोटा थाना क्षेत्र के आनंद धर्मकांटा के पास कार चालक ट्रक मालिक को फोन पर मौके पर बुलाने की धमकी दे रहा था। नहीं आने पर चालक ने ट्रक में आग लगा दी। वहीं घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। ट्रक मालिक संतोष गुप्ता ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कार चालक की तलाश में जुट गई है।
 

 
 K.W.N.S.-बिलासपुर। रिश्तेदार का जन्मदिन मनाने गई महिला के सूने मकान से चोरों ने जमीन के दस्तावेज समेत जेवर, नकद रकम पार कर दिया। सुबह चोरी के बारे में पता चला। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। मगरपारा मरीमई नासीर बाड़ा निवासी रसीदा बेगम टिफिन सेंटर का काम करती है। वे अपने भाई बरबत अली, भाभी आशामीना बेगम, पिता रहमान अली के साथ रहती हैं। सभी एक ही मकान में अलग-अलग कमरे में रहते हैं। बीते आठ मई को रसीदा अपने पिता के साथ मगरपारा पटेल भवन निवासी रिश्तेदार के घर आई थीं। यहां जन्मदिन कार्यक्रम था।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात 12 बजे रसीदा अपने पिता के साथ वापस घर आईं। सभी अपने-अपने कमरे में सो गए। मंगलवार को सुबह 11 बजे रसीदा अपने कमरे की आलमारी से कपड़े निकालने गईं। तब लाकर खुला मिला। आलमारी में रखे गाड़ी, मेडिकल, महिला समूह व भाई बरकत अली की जमीन के दस्तावेज समेत पर्स से नकद दो हजार स्र्पये सोने का लाकेट चोरी हो गए थे। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।
 

K.W.N.S.-बिलासपुर। सीपत एनटीपीसी पावर प्लांट में काम करने वाले श्रमिकों की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर मामले की जांच करने और चार सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। एनटीपीसी पावर प्लांट भू विस्थापित मजदूर शत्रुघ्न खांडेकर, विजय कुमार रत्नाकर, रामलाल पटेल, विनोद कुमार जांगडे, दुलार प्रसाद सुर्ववंशी सहित अन्य ने वकील लवकुश साहू के जरिए हाई कोर्ट में याचिका दायर कर कहा है कि एनटीपीसी सीपत में बीते 10 वर्षों से दैनिक मजदूरी पर काम कर रहे हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि ठेकेदार द्वारा जातिसूचक गाली गलौज करते हुए काम से बाहर कर दिया है। छत्तीसगढ के बाहर के ठेकेदारों का प्लांट में वर्चस्व है।
आए दिन ये गाली गलौज करते रहते हैं। इससे भय का वातावरण बना हुआ है। याचिकाकर्ताओं ने कहा है कि वे सभी भूविस्थापित हैं। काम से बाहर कर देने के कारण सभी बेकार हो गए हैं। इस बात की शिकायत पुलिस अधीक्षक व सीपत थाने में करने के बाद भी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। श्रमायुक्त कार्यालय में शिकायत की गई है। कहीं से भी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। काम से बाहर कर देने के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट खडा हो गया है। मामले की सुनवाई जस्टिस गौतम भादुड़ी के सिंगल बेंच में हुई । मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस भादुड़ी ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर मामले की जांच करने और चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
 

 
K.W.N.S.-तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के कोड़ापुरी बरदुला के बीच सड़क निर्माण कार्य में लगे कैप्सूल मशीन में 11 केवी सप्लाई तार के संपर्क के आने से आग लग गई. कैप्सूल की आग जब तक बुझती तब तक कैप्सूल जलकर राख हो चुका था. जानकारी के मुताबिक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 
तखतपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम मोच्छ से मेड़पार बाजार तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा है. इसी निर्माण में कार्य के लगे एक कैप्सूल के कोड़ापुरी बरदुलापारा स्कूल के पास 11 केवी तार के संपर्क में आ जाने के कारण आग लग गई. जिसके बाद कैप्सूल धू-धूकर जलने लगा। 
 

 
 K.W.N.S.-बिलासपुर। तेज रफ्तार पिकअप चालक ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की दो जुड़वा बेटियों को टक्कर मार दी थी। इसमें एक बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी। दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। 11 दिनों तक अपोलो अस्पताल में इलाज चला। इलाज के दौरान दूसरी बेटी की भी मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। टीआइ परिवेश तिवारी ने बताया कि तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित पंचायत भवन के पास रहने वाले मिथिलेश सिंह की शगुन और पलक जुड़वा बेटी थीं। शगुन सिंह (16) 10 वीं कक्षा में पढ़ती थी। बीते 23 अप्रैल को वह अपनी जुड़वा बहन पलक सिंह के साथ ट्यूशन पढ़कर सरकंडा से राजकिशोर नगर से एक्टिवा से घर लौट रही थी। दोनों बहनें राजकिशोर नगर के ऊर्जा पार्क मोड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। घटना के दिन घायल शगुन की मौत हो गई थी। पलक सिंह को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
 11 दिनों तक पलक सिंह जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रही थी। लेकिन सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दवा का असर नहीं किया। मंगलवार की शाम को अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इलाज करने वाले डाक्टर ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मेमो सरकंडा थाना भेज दिया गया। सरकंडा पुलिस की टीम पंचनामा कार्रवाई करने मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया गया है।