Browsing: बिलासपुर

बिलासपुर । भारतीय जनता पार्टी के बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी अरुण साव आज नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, बेलतरा, कोटा, तखतपुर, लोरमी और मुंगेली इन सभी 8 विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ता विशेष रूप से शामिल होंगे। रैली की अगुवाई भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, लोकसभा संयोजक अमर अग्रवाल, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, सांसद लखनलाल साहू करेंगे। बीजेपी की पूरी कोशिश है कि नामांकन रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाई जाए। बीजेपी नामांकन के बहाने शक्ति प्रदर्शन की कोशिश करेगी। बता दें कि बीजेपी ने इस बार बिलासपुर से अरुण साव को अपना प्रत्याशी बनाया है। वर्तमान में लखन लाल साहू यहां से सांसद है। बिलासपुर में 23 अप्रैल को मतदान होना है।

कोरबा । चुनाव के दौरान बड़े बोल की अंधी दौड़ में नेता मर्यादा लांघने लगे हैं। भाजपा प्रत्याशी के नामांकन दाखिले के दौरान कोरबा पहुंचे पूर्व मंत्री व भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने एक जनसभा के दौरान कांग्रेसियों को नामर्द कह दिया। उन्होंने कहा कि मुम्बई में आतंकी हमला हुआ तो बदला नहीं लिया।
गुजरात मे अक्षर धाम मंदिर पर हुए हमले के बाद भी कांग्रेसी नामर्दों की तरह चुप बैठे रहे। अब जब पुलवामा हमले का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंह तोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान की ठुकाई कर दी तो कांग्रेसी पाकिस्तानी आतंकियों की ही वकालत करने लगे।
स्वच्छता के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में जो जागरूकता अभियान पूरे देश में चलाया गया, उसका सकारात्मक परिणाम हम सभी के सामने है। स्वयं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा मैं पान बहुत खाता था और कार का शीशा खोलकर सड़क में थूक देता था।
अब इस बात पर शर्म आती है, क्योकि साफ-सफाई के मामले में जो जागरूकता आई है वह मुझे ऐसा करने से रोकती है। महिलाओं को उज्वला जैसी योजना के माध्यम से भाजपा सरकार ने राहत दिलाई। आयुष्मान भारत और कृषक सम्मान निधी जैसी बड़ी योजनाएं सरकार ले कर आई। सभी के अपने खुद के घर के सपने को पूरा करने में भी भाजपा सरकार ने सहयोग दिया, इसलिए जजनता के पास भाजपा ही बेहतर विकल्प है।

जांजगीर-चाम्पा ।  तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है. मृतक युवक का नाम अविनाश खरे बताया जा रहा है. पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेउडीह में ये दुर्घटना हुई है. पामगढ़ पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत तस्दीक में जुट चुकी है ।

जांजगीर-चाम्पा।. आँखों में मिर्ची पाउडर छिड़क कर व्यापारी से दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया है. घटना में 4 युवकों के शामिल होने की बात सामने आ रही है. डभरा थाना पुलिस बल आरोपी की तलाश में जुट चुकी है. व्यापारी का नाम कमल अग्रवाल बताया जा रहा है. व्यापारी खरसिया का रहने वाला है. कमल अग्रवाल डभरा क्षेत्र में पैसा कलेक्शन के लिए आया हुआ था
4 युवकों ने व्यापारी कमल अग्रवाल को डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरा के पास रास्ते में रोक लिया. आँखों में मिर्ची पाउडर छिड़क कर पैसों से भरे बैग को लेकर फरार हो गए. लुटेरों ने व्यापारी से मोटी रकम लूटने की फ़िराक में दिनदहाड़े इस घटना को अंजाम दिया है. हालाँकि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैग में सिर्फ 73 हजार रुपए थे. डभरा थाना पुलिस मामले की विस्तृत तस्दीक में जुट चुकी है

बिलासपुर । बिलासपुर के एक परीक्षा केंद्र से नकल की खबर सामने आई है। मामला जिले के तखतपुर बालक उच्चतर माध्यमिक शाला का है। जहां जमकर नकल चल रहा है। परीक्षा केंद्र के बाहर चिट पहुंचाने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद है। लोग खिड़कियों के माध्यम से नकल पर्ची पहुंचा रहे हैं। बड़ी बात यह है कि अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन के निष्पक्ष परीक्षा कराने के दावे की पोल खुल गई है। बताया जा रहा है कि ओपन स्कूल परीक्षा में कक्षा 10वीं के सामाजिक विज्ञान का आज पेपर है। कुल 488 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हैं।

जगदलपुर । चिंतागुफा कैंप में एक आरक्षक ने शुक्रवार सुबह गोली मारकर आत्‍महत्‍या कर ली। इस घटना से कैंप में हड़कंम मच गया। आरक्षक द्वारा खुद को गोली मारने के बाद मौके पर मौजूद अन्‍य जवान उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। जवान ने आत्‍महत्‍या क्‍यों की इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है।
एडिशनल एसपी ने बताया कि आरक्षक 30 वर्षीय सोयम रमेश ने चिंतागुफा कैंप में शुक्रवार सुबह टॉयलेट के पास अपनी सर्विसगन से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद जवान व कर्मचारी घटनास्थल के पास पहुंचे। जहां जवान लहूलुहान हालत में था।
घायल को अस्पताल ले जा पाते, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। जवान ने आत्महत्या क्यों की इस बात की जानकारी अब तक किसी को मालूम नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि डीआरजी कि जिस टीम में सोयम रमेश काम कर रहा था वह टीम 2 दिन पहले ही छुट्टी से लौट कर आई थी।
जवान की आत्महत्या करने की जांच शुरू कर दी गई है। वही परिजनों से लेकर उनके साथियों को भी इस मामले को लेकर जानकारी लेने की बात कही जा रही है।

बिलासपुर । प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और जकांछ नेता अजीत जोगी ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में सांप्रदायिक ताकतों को रोकना एकमात्र लक्ष्य है। मोदी और शाह को रोकने किसी भी हद तक जा सकते हैं, जो भी समझौता करना पड़े तो वो करेंगे। अब तक राज्य सरकार पर कोई टिप्पणी नही की, उन्हें काम करने का समय दे रहे थे। ये कहना है, जनता कांग्रेस छत्तसीगढ़ के सुप्रीमो अजीत जोगी का।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का जनघोषणा पत्र हमारे शपथ पत्र की कॉपी थी। उसमे लुभावने वादे थे, हमारा शपथ पत्र पुराना था, इसलिए लोगों ने कांग्रेस की घोषणा पर विश्वास किया। किसानों के कर्जे को पूरी तरह माफ नही किया गया। बड़े बैंकों, बड़ी कंपनियों से लिया गया कर्ज माफ नही हुआ।
सरकार का खजाना खाली हो गया है, कर्ज लेकर काम किया जा रहा है। शराबबंदी बहुत ज़रूरी है, जो सरकार को प्राथमिकता से करना चाहिए, इस मामले में प्रदेश की भूपेश सरकार फेल है। बिहार की तरह यहां भी करना चाहिए। शराबबंदी का वादा पूरा करना ज़रूरी था।
अजीत जोगी ने कहा कि हमारी पार्टी अधिकतर लोग नही चाहते कि बसपा से गठबंधन हो, लेकिन हमने गठबंघन का निर्णय विधानसभा चुनाव के पहले किया था, उस पर कायम हैं। कार्यकर्ताओं में कोरबा से अजीत जोगी और बिलासपुर से धर्मजीत सिंह के चुनाव लड़ने की मांग की है, पर अभी तय कुछ नही हुआ। चुनाव के पहले आना जाना प्रक्रिया बन गया है, कुछ लोगों ने हमारी पार्टी छोड़ी है, उन्हें शुभकामनाएं। सत्ता सुख पाने के लिए, मलाई खाने सत्ताधारी पार्टी में जाते हैं। इससे पार्टी को कोई फर्क नही पड़ेगा।

बिलासपुर । करोड़ों के नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाला मामले में गुरुवार को राज्य शासन के एसआईटी गठन के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष की याचिका को खारिज करने की मांग कांग्रेस नेता व अधिवक्ता पी. चिदंबरम ने हाई कोर्ट से की। इसके लिए तर्क दिया गया कि नेता प्रतिपक्ष मामले से प्रभावित नहीं हो रहे हैं।
इस पर याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने कहा कि किसी मामले में अन्याय होने पर नेताप्रतिपक्ष जनहित याचिका दाखिल कर सकते हैं। चिदंबरम ने लोकसभा चुनाव में व्यस्त होने के कारण जवाब के लिए कोर्ट से समय देने की मांग की।
इस पर कोर्ट ने मामले को चुनाव के बाद 29 अप्रैल को सुनवाई रखने का आदेश दिया है। नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की ओर से पेश याचिका में कहा गया कि जिस आईएएस अधिकारी के आवेदन पर सरकार मामले की पुन: जांच कर रही है।
उसके खिलाफ एसीबी ने अपराध दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश किया है। बुधवार को मामले की चीफ जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी व जस्टिस पीपी साहू की डबल बेंच में सुनवाई हुई।
पी. चिदंबरम ने कहा कि मामले में कौशिक का हित किसी भी तरह से जुड़ा नहीं है। इस कारण से मामला जनहित का नहीं है। इस पर याचिकाकर्ता के अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने न्यायदृष्टांत प्रस्तुत कर रहा कि यदि कहीं अन्याय हो रहा हो व इससे कानून प्रभावित होगा तो नेताप्रतिपक्ष याचिका प्रस्तुत कर सकते हैं।

कोरबा । अमित जोगी आज कोरबा दौरे पर पहुंचे हुए हैं. अमित जोगी ने मंच से ऐलान किया है कि अजीत जोगी कोरबा लोकसभा से मैदान पर उतरेंगे. कार्यकर्ताओं को चार्ज करने कोरबा पहुंचे अमित जोगी ने कार्यकर्ताओं में जमकर जोश भर दिया।
अमित जोगी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने शराब ठेकेदारों से 500 करोड़ रुपए की रिश्वत ली है. साथ ही बेरोजगारी भत्ता को लेकर कहा कि सरकार बताये कि अब तक किसी भी बेरोजगार को बेरोजगारी भत्ता क्यों नहीं मिला है ।
27 जनवरी को हसदेव अरण्य में 30 नए कोयला खदान खोलने की अनुमति दे दी गई है. कोरबा के सांसद ने सिर्फ अपने पुत्र का विकास किया है. अमित जोगी ने आगे सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भी विकास का ही विकास हुआ है ।

बिलासपुर । अंतागढ़ टेप मामले में पूर्व मंत्री राजेश मूणत की जमानत याचिका पर अब एक सप्ताह के बाद सुनवाई होगी। बताया जा रहा है कि याचिका में त्रुटि होने पर त्रुटि सुधार करने के लिए एक सप्ताह का समय कोर्ट ने दिया है।
बता दें कि अंतागढ़ टेप मामले में राजेश मूणत सहित चार लोगों के खिलाफ रायपुर के पंडरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में राजेश मूणत और पुनित गुप्ता की याचिका पहले ही जिला अदालत में खारिज हो चुकी है।जिसके बाद राजेश मूणत और पुनित गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी।अब इस मामले में एक सप्ताह के बाद सुनवाई होगी।