Browsing: बिलासपुर

 
पंचायत तंत्र- बिलासपुर। कोरोना महामारी का असर कालेजों में भी दिख रहा है। सत्र 2020-21 में प्रवेश को लेकर स्थिति खराब है। संभाग के कालेज में 53.46 फीसद सीटें खाली हैं। बीएससी प्रथम वर्ष में 7100, बीए में 5776 तथा बीकॉम में 4039 सीटें खाली हैं। कालेज अब विद्यार्थियों की तलाश में जुट गए हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध संभाग में 190 कॉलेज हैं जिनमें 44 बीएड व छह विधि महाविद्यालय हैं। स्नातक और स्नातकोत्तर के शेष कालेज में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। शासन के आदेश पर दो बार प्रवेश तिथि में वृद्धि भी की गई है। बावजूद इसके सीट नहीं भरीं। आखिरकर तीसरी बार पुनः प्रवेश तिथि में वृद्धि करते हुए 15 अक्टूबर तक अब छात्र-छात्राओं को रिक्त सीटों में प्रवेश का मौका दिया गया है।
22 तक कुलपति के विशेष अनुमति से प्रवेश ले सकेंगे। सबसे अधिक विज्ञान संकाय में इस समय सीटें खाली हैं। जबकि हर साल सबसे पहले भर जाता था। बीएससी बायोलॉजी और गणित समूह में एक समान स्थिति है। विधि संकाय में भी स्थिति अच्छी नहीं है। खाली सीटों ने प्राचार्य और संचालकों की नींद उड़ा दी है।
 
सत्र 2020-21 में प्रथम वर्ष में प्रवेश की ताजा स्थिति
पाठ्यक्रम कुल सीट प्रवेश रिक्त
बीए 16580 10804 5776
बीकॉम 8390 4351 4039
बीबीए 565 112 453
बीसीए 2195 647 1548
बीएससी गणित 5906 1811 4095
बीएसी बायोलॉजी 9189 6184 3005
डीसीए 2500 395 2105
बीए एलएलबी 300 159 141
बीकॉम एलएलबी 60 31 29
बीएससी गृह विज्ञान 70 03 67
यूटीडी में भी स्थिति खराब
अकादमिक शिक्षण संस्था (यूटीडी) में भी खराब स्थिति है। 53.46 फीसद सीटें खाली हैं। बीकॉम ऑनर्स को छोड़कर सभी विभागों में सन्नाटा पसरा हुआ है। बीएससी ऑनर्स कंप्यूटर साइंस में भी आधे से अधिक सीटें खाली हैं। विभाग में 40 सीट है। फूड प्रोसेसिंग और होटल मेैनेजमेंट में स्थिति कमजोर है। प्राध्यापकों की मानें तो कोरोना महामारी के चलते यह स्थिति बनी है।
पांचवी बार पंजीयन शुरू
परीक्षा विभाग ने कालेज के रिक्त सीटों में प्रवेश के लिए पांचवी बार पंजीयन के लिए पोर्टल खोल दिया है। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं। 14 अक्टूबर तक पोर्टल खुला रहेगा। 15 को कॉलेज मेरिट सूची का प्रकाशन करेंगे। 22 को विधार्थियों की आइडी लाक हो जाएगी।
कोरोना महामारी के चलते प्रवेश पर असर दिख रहा है। शासन से प्रवेश तिथि में वृद्धि के बाद उम्मीद है कि रिक्त सीटों में विद्यार्थी आसानी से प्रवेश ले सकेंगे। ग्रामीण और शहरी कालेज की स्थिति को लेकर भी मंथन जारी है।
– प्रो.सुधीर शर्मा, कुलसचिव, अटल बिहारी वाजपेयी विवि

 
पंचायत तंत्र- बिलासपुर। आईपीएल क्रिकेट 2020 में सट्टा लगाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बिलासपुर जिले के सिविल लाइन पुलिस और साइबर टीम ने राजस्थान रायल और किग्स इलेवन पंजाब के बीच रहे मैच में सट्टा खिलाते 4 सटोरियों को गिरफ्तार किया है. इसके पास से एक नग LED-TV, एक नग TV, दो नग सेटप बाक्स, 15 नग मोबाइन फोन, 10 हजार नगद और करीब 50 लाख रुपए की सट्टा पट्टी जब्त किया है ।
पुलिस के मुताबिक IPL सट्टा खेलाने वालों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिस पर अकुंश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निर्देशानुसार सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक कलीम खान के मार्गदर्शन में अवैध रूप से आईपीएल सट्टा खेलाने वालों के खिलाफ थाना सिविल लाइन के थाना प्रभारी प्र.उप पुलिस अधीक्षक सृष्टि चंद्राकर के नेतृत्व में टीम और साइबर टीम ने विशेष अभियान चलाया ।
बीती रात सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार कालोनी में IPL मैच में सट्टा खिलाते आरोपी शैलेष कुमार कश्यप ( 44 वर्ष), रूपेश खोबरागडे (32 वर्ष), देव कुमार साहू (19 वर्ष), विनोद यादव ( 38 वर्ष) को गिरफ्तार किया है ।
 

भालू के हमले में घायल ग्रामीण को इलाज के लिए जिला अस्पताल में करवाया गया भर्ती
 
पंचायत तंत्र- बिलासपुर। मरवाही वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नरौर, देवराजटोला में बीती रात एक ग्रामीण के घर में घुसकर भालू ने हमला कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार बीती रात नरौर निवासी मानसिंह (45) के ऊपर भालू ने हमला कर दिया। घटना के समय मानसिंह अकेला था। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तब भालू जंगल की ओर भागा। ग्रामीणों ने गंभीर अवस्था में मानसिंह को गौरेला स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। भालू ने मानसिंह के सिर हाथ पैर को नोच लिया है। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर करने की बात कही है। पड़ोसी ने बताया घटना के समय मानसिंह घर में सो रहा था इतने में दरवाजे से भालू घर के अंदर आया और उसके ऊपर हमला कर दिया इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। गंभीर हालत में बाद में गांव वालों की मदद और 112 के माध्यम से जिला चिकित्सालय गौरेला पहुंचाया गया। 

पंचायत तंत्र- बिलासपुर । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिये आज जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. सारांश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने योजना के अंतर्गत अपूर्ण 8265 आवासों को पूर्ण कराने का निर्देश दिया एवं जो हितग्राही आवास योजना के राशि का दुरूपयोग कर निर्माण नहीं कर रहे है उनके विरुद्ध राशि वसूल करने की कार्रवाई करने कहा। ऐसे आवास जिनका निर्माण किसी अन्य व्यक्ति से कराया जा रहा है और कार्य रोक दिया गया है उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का निर्देश सभी एसडीएम को दिया गया है। उक्त आवासों को पूर्ण कराने का सख्त निर्देश कलेक्टर ने दिया।  
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले को वर्ष 2020-21 के लिये 6671 आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जनपद पंचायत बिल्हा में 1888, कोटा में 1842, मस्तूरी में 1891, तखतपुर में 1050 आवास के निर्माण का लक्ष्य दिया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 3781 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है।
बिलासपुर जिले में आवास योजना अंतर्गत स्थायी प्रतीक्षा सूची में अनुसूचित जाति प्रवर्ग में 1 कमरा कच्चा मकान की श्रेणी में 17311 हितग्राही एवं 2 कमरा कच्चा मकान की श्रेणी में 11 हजार 561 हितग्राहियों के नाम हैं। कुल स्थायी प्रतीक्षा सूची में 28 हजार 872 हितग्राहियों के नाम हैं। इनमें से अब तक 15हजार 593 (एक कमरा कच्चा मकान) की श्रेणी के हितग्राहियों की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। शेष बचे 1718 हितग्राहियों में 1271 हितग्राही अपात्र पाये गये हैं।
बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के दो कमरे वाले कच्चे मकानों को पात्रता के अनुसार अनुमोदन दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के अध्यक्ष अरूण सिंह चैहान, जिले के सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


पंचायत तंत्र- बिलासपुर। आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में सट्टा खिलाए जाने के बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए बिलासपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पचास लाख की सट्टा-पट्टी के साथ 14,000 रुपए नगदी सात मोबाइल और एक एलईडी टीवी जब्त किया है ।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निर्देशन मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश कश्यप द्वारा लगातार आईपीएल क्रिकेट मैच पर सटटा खिलाने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए लगातार निर्देशित किया जा रहा था, जिस पर कोतवाली सीएसपी निमेष बरैया व कोतवाली थाना प्रभारी कलीम खान नजर बनाये हुए थे. 22 सितंबर को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच के दौरान गोड़पारा सिंधी मोहल्ला में रवि रमानी पिता मोहनलाल के घर मे उसके दो साथी अभिजीत दुबे पिता स्व. सतीष दुबे व लव वर्मा पिता सीता राम वर्मा के सट्टा लगाए जाे की जानकारी मिली ।
इस पर कार्रवाई करते हुए छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें आईपीएल में प्रयुक्त पचास लाख की सट्टा-पटटी व नगद 14000 रुपए के साथ सात मोबाइल और एलईडी टीवी को जब्त कर थाना लाया गया. आरोपियों को जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की गई. इस कार्यवाही में निरीक्षक कलीम खान, सहायक उप निरी. शिव चन्द्रा, प्रधान आरक्षक अमित टोप्पो, आरक्षक गोकुल जांगड़े, दीपक उपाध्याय, राजेश नारंग का विशेष योगदान रहा ।
रायगढ़ में भी पकड़ाए सटोरिए
आईपीएल में सट्टा खिलाते केवल बिलासपुर में ही नहीं रायगढ़ जिले में भी सटोरिए पकड़ाए हैं. बीती रात घरघोड़ा में हुई कार्रवाई में छह सटोरियों को पकड़ा गया है. जिनके पास से मोबाइल और नगद पैसा जब्त किया गया है. सटोरिए पुलिस थाना के पीछे ही रूम लेकर क्रिकेट का खाईवाली कर रहे थे. यह कार्रवाई रायगढ़ एसपी की टीम ने की है. जानकारी के अनुसार, रायगढ़ शहर में लगभग 11 बड़े खाईवाल हैं, जो अभी उड़ीसा से अपने क्रिकेट सट्टा को अंजाम दे रहे हैं ।

पंचायत तंत्र- बिलासपुर । अवैध मादक पदार्थ गांजा के तस्करों के विरुद्ध मस्तूरी पुलिस ने एक हफ्ते के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने साढ़े 10 किलो गांजा एक ऑटो से जब्त किया है. जब्त गांजा की कीमत 50 हजार रुपए आंकी गई है. आरोपी ऑटो के सीट के नीचे गुप्त चेंबर बना रखा था. जिसकी तलाशी लेने पर गांजा बरामद किया गया. मस्तूरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोई अज्ञात व्यक्ति ऑटो में गांजा भर कर बिलासपुर क्षेत्र में खपाने के प्रयास में है. इस सूचना के बाद गांजा तस्कर को पकड़ने के लिए दो पुलिस टीम का गठन किया गया. एक टीम कुटीघाट के पास तथा दूसरी टीम जयरामनगर मोड़ के पास सूचना में प्राप्त ऑटो का इंतजार करने लगी. कुछ समय बाद संदिग्ध ऑटो वाहन क्रमांक OD 15 P 1776 आती हुई दिखाई दी. पहले टीम ने दूसरी टीम को सचेत किया, दूसरी टीम के द्वारा उक्त ऑटो को रोका गया।
पुलिस टीम द्वारा रोके जाने पर ऑटो चालक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया. पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने अपना नाम बोनो बादी पिता नेपाल बादी (35 वर्ष) निवासी गोला बांध जिला संबलपुर ओडिशा बताया. उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अवैध रूप से गांजा का परिवहन करना बताया तथा अवैध मादक पदार्थ को ड्राइवर सीट के नीचे बने चेंबर में छुपा के रखना बताया, जिसे खुलवाने पर 10 पैकेट में 10 किलोग्राम तथा एक पैकेट में 500 ग्राम कुल 10 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ. जिसके परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज की मांग पुलिस टीम के द्वारा उक्त ऑटो चालक से की गई. बताया कि उसके पास परिवहन के कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं है तथा ओडिशा से वह गांजा की तस्करी करने के प्रयास में था।
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया एवं उसके कब्जे से 10 किलो 500 ग्राम गांजा जिसका बाजार मूल्य लगभग 85000 तथा एक ऑटो जिसका बाजार मूल्य लगभग 150000 रुपए की संपत्ति जब्त की गई. गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय रिमांड पेश किया गया।
 
 
 

 
पंचायत तंत्र- बिलासपुर। नाबालिग लड़की को फोन कर गाली गलौच व जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है. आरोपी एक साल 8 माह से फरार था. पुलिस लगातार तलाश कर रही थी. अब जाकर आरोपी गिरफ्तार हुआ है।
पुलिस ने बताया कि सरकंडा थाना में 5 दिसंबर 2018 को नाबालिग के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोबाइल पर कॉल कर बेटी को परेशान किया जा रहा है. नाम पूछने पर नहीं बताया तथा बेटी के बारे में अश्लील बातें कही. ऐसा करने से मना करने पर जान से मारने एवं किडनैप करने की धमकी दी गई. इस शिकायत के बाद धारा 507,354 घ के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तेजी से आरोपी की तलाश की गई. जांच के दौरान जानकारी मिली कि कॉल दिनेश उर्फ साई मुदलियार पिता के मुदलियार (28) निवासी तोरवा रेलवे पम्प हाउस के पास से किया था. उसका वर्तमान पता छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन के पीछे रेलवे क्वार्टर 444/36A थाना कंडिबरा जिला छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश का है।
पुलिस पूछताछ में पीड़ित नाबालिग ने बताया कि आरोपी साई मुदलियार द्वारा ही कॉल कर स्मृति वन के पास बुलाकर छेड़छाड़ किया. जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया जो जुर्म करना स्वीकार किया. आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 507, 354 घ , 354 भादवि 7,8 पॉक्सो एक्ट की कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
 
 
 

 
 
हमले में मारे गए उदय मुदलियार के पुत्र जितेंद्र मुदलियार ने दर्ज कराया है एफआईआर
पंचायत तंत्र- बिलासपुर। बहुचर्चित झीरम कांड को लेकर दरभा थाने में दर्ज एफआईआर के खिलाफ एनआईए की क्रिमिनल अपील पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने एफआईआर की कार्रवाई पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी है. मामले में जस्टिस प्रशांत मिश्रा के डिवीजन बेंच में मंगलवार को सु्नवाई हुई ।
बता दें कि 25 मई 2013 को बस्तर के दरभा में झीरम घाटी में कांग्रेस नेताओं की परिवर्तन यात्रा पर नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था, जिसमें कांग्रेस के आला नेताओं की जान चली गई थी. इस मामले में पूर्व में दर्ज एफआईआर के बाद एनआईए ने अपनी कार्यवाई शुरू की थी. इसके बाद घटना में मारे गए कांग्रेस नेता उदय मुदलियार के पुत्र जितेंद्र मुदलियार ने मई 2020 को दरभा थाने में झीरम कांड के षड़यंत्र की जांच की मांग को लेकर एक और एफआईआर दर्ज कराया है ।
एफआईआर में झीरम मामले की जांच राज्य की जांच एजेंसी से कराए जाने की मांग पर एनआईए कोर्ट में एनआईए ने याचिका दायर की थी, जिसे एनआईए कोर्ट ने खारिज कर दिया था. इसके खिलाफ एनआईए ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल अपील प्रस्तुत की. मंगलवार को हाईकोर्ट जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा के डिवीजन बेंच में एनआईए की ओर से उनके एडवोकेट ने तर्क प्रस्तुत किया. सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने दरभा थाने में दर्ज जितेंद्र मुदलियार के एफआईआर के कार्यवाई पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी है. मामले पर चार हफ्ते बाद दोबारा सुनवाई होगी ।
 

 
पंचायत तंत्र-बिलासपुर । राजधानी रायपुर में कृषि उपज मंडी की जमीन जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए आबंटित किए जाने के विरोध में लगी याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने अपने अंतरिम व्यवस्था में कहा है कि जब तक की कोर्ट की सामान्य कार्यवाही शुरू नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य शुरू न किया जाए. हाईकोर्ट ने इस मामले की सुनवाई को रेगुलर हियरिंग के लिए नियत करते हुए याचिका पक्ष को अंतरिम राहत प्रदान की है ।
महाधिवक्ता कार्यालय ने आज हुई सुनवाई के बाद जारी अपने बयान में कहा है कि- कोर्ट ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से इस प्रकरण की समुचित सुनवाई संभव नहीं होने की वजह से पूछा कि- कोर्ट का कामकाज सामान्य होने तक क्या पूरी प्रक्रिया को स्थिर रखा जा सकता है? इस पर जवाब देते हुए यह बताया गया कि किसी भी तरह का निर्माण कार्य प्रारंभ होने में कम से कम छह महीने से अधिक का समय लगना है. महाधिवक्ता ने कोर्ट को यह आश्वस्त किया कि आगामी छह महीनों तक किसी भी तरह का निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा. उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जब तक कोर्ट का कामकाज सामान्य नहीं हो जाता, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के निर्माण के संदर्भ में राज्य शासन की ओर से अन्य गतिविधियां शुरू की जा सकती है? इसके जवाब में कोर्ट ने कहा कि- कोई भी कार्यवाही हाईकोर्ट के आदेश में ही अंतिम मानी जायेगी ।
बता दें कि बीजेपी के पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने कृषि उपज मंडी की जमीन जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना के लिए राज्य शासन की ओर से आंबिटत किए जाने के विरोध में हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी. अपनी याचिका में उन्होंने दलील दी थी कि आबंटित जमीन 1975 में किसानों द्वारा खरीदी गई थी. इस जमीन का भूमि स्वामी हक कृषि उपज मंडी के पास है. कृषि उपज मंडी अधिनियम की धारा 1972 के तहत मंडी समिति की जमीन सिर्फ मंडी के प्रायोजन हेतु ही उपयोग में लायी जा सकती है न कि किसी अन्य प्रायोजन में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है ।
याचिका में यह भी सवाल उठाया गया था कि राज्य शासन ने 11 जून 2020 को एक ही दिन में पांच से छह एजेंसियों को निर्देशित करते हुए प्रावधानों के विपरीत जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि आबंटन की कार्यवाही की. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शाम छह बजे विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाकर मंडी समिति की जमीन लेने का निर्णय लिया गया. उसी दिन रात आठ बजे के बाद मंडी बोर्ड, सीएसआईडीसी, मंडी समिति रायपुर, राजस्व सचिव, उद्योग संचालक और रायपुर कलेक्टर को जमीन अधिग्रहण हेतु निर्देश जारी किए गए. रात में उद्योग विभाग को भूमि अधिग्रहण के बाद कब्जा दे दिया गया. याचिका पक्ष की ओर से सीनियर अधिवक्ता किशोर श्रीवास्तव, आशुतोष पांडेय, हिमांशु सिन्हा, शशांक ठाकुर और वी श्रीधर ने पैरवी की. वहीं शासन की ओर से सतीश चंद्र वर्मा ने समस्त कार्यवाही विधि अनुरूप होने की बात कही. मंडी समिति की ओर से अमृतो दास और सीएसआईडीसी की ओर से सीनियर अधिवक्ता निर्मल शुक्ला तथा सुयश धर ने पैरवी की ।
 
 

 
पंचायत तंत्र-बिलासपुर । कोरोना से संक्रमित किसी भी व्यक्ति की मौत होने पर उनका ससम्मान कफन-दफन करने में मदद की मुस्लिम समाज ने जिला प्रशासन से पेशकश की है. इस संबंध में मुस्लिम समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर एसडीएम देवेंद्र पटेल के जरिए जिला प्रशासन ज्ञापन सौंपा है ।
मुस्लिम समाज के लोगों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि कोरोना से संक्रमित व्यक्ति की मौत होने पर अगर उन्हें सूचना दी जाती है, तो वे उनका मगरपारा के खामोश कब्रिस्तान में समाज के रीति-रिवाज के अनुसार बिना किसी शुल्क के ससम्मान कफन-दफन करने में प्रशासन की मदद करने को तैयार हैं, बशर्ते उन्हें इसकी सूचना दी जाए. इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से अंतिम संस्कार के लिए पीपीई किट प्रदान किए जाने का आग्रह किया है ।
प्रशासन से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों में शहजादी कुरैशी, शेख मकसूद अंसारी, सलीम भाई तारबहार, अब्दुल मन्नान, युसूफ अली, जाकिर अली की ईरानी, हाफिज भारमल, अब्दुल मतीन नगर वाला, मोहम्मद वसीम बाबा, तथा चुचैहापारा मस्जिद के सैयद मोहम्मद शाह शामिल थे. इन सभी से समाज के किसी भी व्यक्ति की कोरोना से मौत होने पर ससम्मान निशुल्क अंतिम संस्कार के लिए संपर्क किया जा सकता है ।