Browsing: बिलासपुर

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर से लगे गांव हरदीकला-टोना में बीती रात जमीनी विवाद को खूनी संघर्ष हो गया. गांव में रहने वाले साहू परिवार में पैतृक संपत्ति पर कब्जे को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद कल इतना बढ़ा कि दोनों के परिवारों के बीच लोगों में जमकर मारपीट हो गई. इस घटना के बाद घायल 2 लोगों में से 1 ने आज अस्पताल में दम तोड़ दिया. वहीं 1 की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज फिलहाल जारी है. जानकारी के मुताबिक, यह मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है. 
यहां के निवासी वेदराम साहू और सुनील साहू के परिवार में पैतृक जमीन को लेकर विवाद काफी समय से विवाद चल रहा है. लेकिन बीती रात यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों में हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया, और एक पक्ष ने लाठी-डंडा और सब्बल से दूसरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में गीता साहू और उसके छोटे भाई वेदराम साहू को गंभीर चोटें आई. उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स हॉस्पिटल लाया गया. अस्पताल में उपचार के दौरान गीता साहू की मौत हो गई. वहीं वेदराम साहू की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी सुनील साहू समेत 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है.
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। जिले से एक बड़ी ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर शहर की एक महिला से 60 लाख रुपये की ठगी की गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाली एक महिला को शेयर बाजार में निवेश के बदले मोटा मुनाफा देने का लालच दिया गया। शुरूआत में उसे मामूली मुनाफा भी भेजा गया जिससे महिला का भरोसा मजबूत हो गया। इसके बाद जालसाजों ने गारंटी का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में 60 लाख रुपये की भारी रकम निवेश करवा ली।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। हाईकोर्ट ने बिलासपुर जिले में जल संकट, शहर में जलभराव की समस्या और सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने मीडिया रिपोर्ट को जनहित याचिका माना है। जिसमें राजधानी रायपुर के डीकेएस और अंबेडकर अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर भी स्वत: संज्ञान लिया है। दोनों मामलों में डिवीजन बेंच ने नगर निगम आयुक्त और अस्पताल के डीन को शपथपत्र के साथ जवाब मांगा है। केस की अगली सुनवाई 22 मई को होगी। 
दरअसल, भीषण गर्मी में बिलासपुर जिले में पेयजल की समस्या हो रही है। स्थिति यह है कि पूरे जिले में पीने के पानी को लेकर लोग परेशान हैं। शहर में पाइपलाइन खराब है, जिसके चलते घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंच रहा है। शहर के कई मोहल्लों में टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है, जिसके चलते पीने के पानी के लिए मारामारी की स्थिति बन रही है। वहीं, गांवों में पानी की टंकी और पाइपलाइन तो बिछी है, लेकिन पानी नहीं आ रहा। पीएचई विभाग के पास उन गांवों की सूची तक नहीं है, जहां पानी की किल्लत है। वहीं, नगर निगम हर साल बारिश से पहले और बाद में नालों की सफाई करवाता है। दावा किया गया कि सभी 8 जोनों में रोस्टर बनाकर नालों की सफाई की जा रही है। निगम का कहना है कि इस बार जलभराव नहीं होगा। लेकिन, हकीकत यह है कि शहर के कई इलाकों में बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है। इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। बड़े नालों की सफाई अब तक शुरू नहीं हुई है। 
 मीडिया में जल संकट, जलभराव और सफाई की अव्यवस्था को लेकर आई खबरों को हाईकोर्ट ने जनहित याचिका मानकर सुनवाई शुरू की है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस एके प्रसाद की डिवीजन बेंच ने मामले में नगर निगम आयुक्त को शपथपत्र के साथ अगली सुनवाई से पहले जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा है। हाईकोर्ट ने राजधानी रायपुर के डीकेएस हॉस्पिटल और अंबेडकर अस्पताल की अव्यवस्था को भी संज्ञान में लिया है। अस्पताल में मरीजों के साथ आए परिजन खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, जैसी खबरों को हाईकोर्ट ने जनहित याचिका माना है। खबर के अनुसार भीषण गर्मी में अस्पताल के पार्किंग क्षेत्र, खुले स्थान और बरामदे में बिना पंखे-कूलर के रह रहे हैं। अस्पताल का यूटिलिटी एरिया कई सालों से बंद है। जिसकी वजह से मरीजों और परिजन को परेशानियां हो रही है। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है। यहां पंखा- कूलर के बगैर उन्हें दिन गुजारना पड़ रहा है। मामले में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की डिवीजन बेंच ने इस पर संज्ञान लेते हुए अंबेडकर अस्पताल के डीन और डीकेएस अस्पताल अधीक्षक से शपथ पत्र मांगा है। इस मामले की सुनवाई जुलाई में होगी।
 

 panchayattantra24.-मुंगेली। विष्णुदेव साय ने कहा है कि “शिक्षा ही जीवन की असली पूंजी है। इसके बिना जीवन अधूरा है। यह न केवल रोजगार का माध्यम है, बल्कि समग्र विकास का आधार भी है।” वे आज सवेरे मुंगेली जिला मुख्यालय में जिला ग्रंथालय में 29.90 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले तथा पूर्व सांसद लखन साहू भी उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए आदर्श विद्यार्थी के पाँच गुण “काक चेष्टा बको ध्यानं, श्वान निद्रा तथैव च। अल्पाहारी गृहत्यागी, विद्यार्थी पंच लक्षणं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासित, मेहनती और लक्ष्यनिष्ठ बनने की प्रेरणा दी। एक छात्र द्वारा सोशल मीडिया के प्रभाव पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, डिजिटल युग में अच्छाई को अपनाएं और बुराई से दूर रहें। श्री साय ने अपने छात्र जीवन के संघर्ष साझा करते हुए बताया कि अविभाजित रायगढ़ जिले में शिक्षा के अवसर सीमित थे। नटवर स्कूल ही एकमात्र विकल्प था। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, कभी निराश न होने और परिश्रम को अपना मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।
 मुख्यमंत्री ने ‘प्रयास’ और ‘नालंदा परिसर’ जैसे शैक्षणिक नवाचारों की सराहना की और कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में आधुनिक ग्रंथालय स्थापित किए जाएं। उन्होंने मुंगेली जिला ग्रंथालय की सराहना करते हुए बताया कि यह ग्रंथालय अब तक सैकड़ों युवाओं की सफलता की नींव बन चुका है। उन्होंने इसे केवल अध्ययन का स्थल न मानकर एक सफलता केंद्र बताया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री को तोप सिंह कुंभकार द्वारा उनके चित्र का हस्तनिर्मित छायाचित्र तथा भगवद् गीता और अन्य स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
 

panchayattantra24.- कोरबा। RPF रेलवे पुलिस के द्वारा कोरबा स्टेशन पर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया, टिकट काउंटर और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहनता से जांच की जा रही। यात्रियों के सामान की विशेष रूप से स्कैनिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए पूछताछ भी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए स्टेशन पर स्थानीय पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि, किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। विशेष रूप से चलती यात्री ट्रेनों में सुरक्षा बलों द्वारा निरंतर जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की संभावित आतंकी या आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। इस दौरान पुलिस द्वारा मादक, मनोत्तेजक, विस्फोटक, ज्वलनशील गैस या द्रव्य, अवैध परिवहन किये जाने वाले समान, जंगली या समुद्री जीव जंतु की जांच की गई। 
इस अभियान के तहत यात्रियों से भी सहयोग की अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें और स्टेशन या ट्रेन में कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। प्रतिदिन सभी यात्री ट्रेनों में रेलवे पुलिस की टीम सभी बोगी डिब्बा के अलावा स्टेशन परिसर के आसपास भी लोगों से पूछताछ और जांच करती है। विशेष रूप से ट्रेन में जो पार्सल यह है और मालगाड़ी जो बाहर से आते हैं उनकी भी विशेष रूप से जांच की जाती है। समय-समय पर कोरबा पुलिस के द्वारा डॉग एस्कॉर्ट के माध्यम से भी स्टेशन में पार्सल यह और अन्य जगहों पर भी जांच की जाती है।
 

 

panchayattantra24.-मुंगेली। CM साय ने मुंगेली में जिला ग्रंथालय का शुभारंभ किया। प्रदेश के राशन कार्डधारियों को राज्य शासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जून, जुलाई और अगस्त माह का एक साथ चावल का आवंटन जारी कर दिया है। राशन कार्डधारी को सुविधानुसार एक या तीन माह का चावल उठाव करने का विकल्प होगा। राशन कार्डधारियों को तीन माह का चावल एकमुश्त उठाव करने की बाध्यता नहीं होगी। अन्य राशन सामग्री (शक्कर, नमक, चना, गुड़) का वितरण: नागरिक आपूर्ति निगम में उपलब्ध स्टॉक के आधार पर प्रत्येक माह पृथक-पृथक आबंटन कर वितरण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा पत्र जारी कर चावल उत्सव के आयोजन की तिथि का निर्धारण कर उत्सव के दिन 03 महीने का चावल वितरित किया जाए। तीन माह के चावल एवं अन्य राशन सामग्री के परिवहन के लिए वाहन और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाए। 
 चावल उत्सव के आयोजन के लिए प्रत्येक उचित मूल्य के लिए नोडल अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए, जिनके द्वारा समय सीमा के भीतर राशन सामग्री का भंडारण और चावल वितरण के बाद सत्यापन की कार्रवाई की जाए। इसके अलावा चावल वितरण की सूचना का उचित मूल्य की दुकानों में पोस्टर-बैनर तथा अन्य माध्यमों से प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। माह जून में 03 माह का चावल एवं राशन सामग्री उठाव 31 मई तक कर लिया जाए। ई-पॉस प्रणाली का उपयोग हितग्राहियों द्वारा प्रत्येक माह पृथक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कर राशन सामग्री का उठाव किया जाएगा। साथ ही ई-पॉस मशीन से रसीद जनरेट कर हितग्राहियों को प्रदाय की जाएगी। चावल उत्सव का आयोजन माह जून में उचित मूल्य दुकानों में तीन माह की चावल वितरण हेतु “चावल उत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दुकान स्तर की निगरानी समिति की उपस्थिति में वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
 

 

 panchayattantra24.-बिलासपुर। सुशासन तिहार के अंतर्गत आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उड़न खटोला बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम आमागोहन में उतरा। वनांचल के आदिवासी ग्राम में मुख्यमंत्री साय को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल था। वे चिलचिलाती धूप की परवाह किए बगैर अपने राज्य के मुखिया को एक झलक देखने और उन्हें सुनने के लिए घण्टो डटे रहे। मुख्यमंत्री साय ने समाधान शिविर में जहाँ ग्रामीणों से संवाद किया वहीं मुख्यमंत्री ने समाधान पेटी में डाले गए आवेदनों की निराकरण की स्थिति भी जानी। उन्होंने सुशासन तिहार की सार्थकता को बताते हुए कहा कि आज सुशासन तिहार के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सरकार आपके गाँव में आई है। हमने बीते डेढ़ वर्षों में राज्य के लोगों के हित में कार्य किया है। जो सरकार अच्छा काम करती है उनकी ही हिम्मत होती है जनता के बीच जाने की। सुशासन तिहार एक तरह से हमारा रिपोर्ट कार्ड भी है और हमारी सरकार के द्वारा किए गए कार्यों का आंकलन करने का अवसर भी। इसके माध्यम से सरकार योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति भी जान रही है। 
सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के अंतर्गत दूरस्थ आदिवासी ग्राम आमागोहन के समाधान शिविर में मुख्यमंत्री श्री साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री  साय ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से राज्य में हमारी सरकार बनी और डेढ़ वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवधि में लोकसभा,नगरीय निकाय,नगर पंचायत में हमारी सरकार बनी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शपथ लेते ही अगले दिन से 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री  शिवराज सिंह ने दुर्ग और अम्बिकापुर में भी राज्यवासियों को 3-3 लाख पीएम आवास दिये। इसके अलावा पीएम जनमन आवास और नक्सल क्षेत्रों में आत्म समर्पित परिवारों को आवास दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवास प्लस में जिनका नाम है उनको भी आवास दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसानों का वादा पूरा कर 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का निर्णय लिया। दो वर्ष से बकाया धान बोनस राशि भी दी। उन्होंने कहा कि 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वन्दन योजना की राशि उनके खाते में देकर आर्थिक समृद्धि और महिला सशक्तिकरण का द्वार खोला। जिनका नाम छूट गया है उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है,आने वाले दिनों में छूटे हुए हितग्राहियों का नाम भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले हितग्राहियों के हित में निर्णय लेते हुए प्रति मानक बोरा की राशि 4 हजार से 5500 रुपये किया गया। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही रामलला दर्शन योजना प्रारंभ कर हितग्राहियों को रामलला का दर्शन कराया है। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने बड़े-बुजुर्गों की इच्छाओं को पूरा करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ योजना को प्रारंभ किया है। इस योजना से तीर्थ यात्रा के इच्छुक परिवार अन्य तीर्थ स्थल का लाभ उठा पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 24 अप्रैल से ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र प्रारंभ की है। इस योजना से सभी ग्राम पंचायत जुड़ेंगे और ग्रामीणों को गाँव में ही बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र में किसी भी योजना के हितग्राहियों को राशि निकालने में सुविधा होगी। वही जाति, निवास सहित अन्य दस्तावेज भी मिल पाएंगे। अभी 1460 पंचायत में यह प्रारंभ की गई है। इससे ग्रामीणों को बैंक तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ कार्यवाही भी कर रही है। उन्होंने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री के साथ सरकार ने नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ की है। इससे कोई अधिकारी नामान्तरण के नाम पर किसी को घुमा नहीं पायेगा। एक घण्टे से कम समय में नामांतरण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी को पूरा करने वाली यह सरकार सुशासन की दिशा में कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी दयानन्द, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सुर्यवंशी,कलेक्टर, एसपी आदि उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री ने बेलगहना में कॉलेज,आमागोहन में विद्युत सब स्टेशन और सामुदायिक भवन की घोषणा की मुख्यमंत्री साय ने आमागोहन के समाधान शिविर में आई मांग को ध्यान रखकर बेलगहना में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने आमागोहन सहित आसपास के ग्रामों में लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 33 केव्ही का विद्युत सब स्टेशन और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। समाधान शिविर में पहुँचे बिलासपुर सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन लाल साहू ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेश के कोने-कोने में शिविर का आयोजन कर आवेदन लिए गए। मुख्यमंत्री जी हर छोटे छोटे गाँव में जा रहे हैं। गाँव की समस्याओं का निराकरण भी हो रहा है। यह सौभाग्य है कि सुशासन तिहार के अंतर्गत वे बिलासपुर जिले के अंतिम छोर के आदिवासी क्षेत्र के गाँव आमागोहन आये। इसके लिए मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार बनने के कुछ दिनों के भीतर ही मोदी की गारंटी को पूरा किया गया है। अब वे योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेने गाँव-गांव जा रहे हैं। उन्होंने बेलगहना में उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज,आमागोहन में विद्युत सब स्टेशन सहित अन्य मांग भी रखी।
 शासन की योजनाओं से जीवन में आया बदलाव समाधान शिविर में पीएम आवास, महतारी वंदन योजना, पीएम सम्मान निधि के किसानों ने योजना का लाभ उठाकर जीवन में आए बदलाव को बयां किया। पीएम आवास की हितग्राही छोटे लाल ने बताया कि पहले वे खपरैल वाले मिट्टी के घर में रहते थे। इससे साँप,बिच्छु का खतरा बना रहता था। अब पक्का मकान बनने से बारिश के दिनों में होने वाली समस्या दूर हो गई है। महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती विमला बाई पुरी ने बताया कि उन्हें मार्च 2024 से महतारी वन्दन योजना से हर महीने एक हजार रुपये मिलते हैं। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी नतनी वामिका पुरी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में किया है ताकि भविष्य में इस राशि का उपयोग पढ़ाई के लिए हो सके। पीएम जनमन अंतर्गत लाभान्वित हितग्राही दिलेशरी खुसरो ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका आयुषमान कार्ड बना है। इससे 5 लाख तक का उपचार हो पायेगा। दसवीं-बारहवीं के मेधावी बच्चों को सम्मानित कर किया प्रोत्साहित, दी शुभकामनाएं आमागोहन के समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने 10वी-12वी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 
मुख्यमंत्री ने दसवीं में 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली महिमा पटेल, स्नेहा सेन, बारहवीं की वर्षा पाण्डेय को सम्मानित कर उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम आवास के हितग्राही छतौनी लाल,नरबदिया बाई,समरीत बाई को आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने बिहान के महिला समूहों, सहकारिता, उद्यान,राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री और राशि का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री को छात्र दीपिका और देवी सिंह खुसरो ने हाथ से बनाई मुख्यमंत्री की पोट्रेट भी भेंट की। 2265 में 2212 आवेदन का किया गया निराकरण समाधान शिविर आमागोहन क्लस्टर में कुल 2265 आवेदन प्राप्त हुए,जिसमे से 2212 का निराकरण कर दिया गया है। इस क्लस्टर में 11 गाँव आमागोहन, सोनपुरी, तुलुप,नगोई, नवगांव सोनसाय,मोहली, खोंगसरा, डाँड़बछाली, टांटीधार, बिटकुली शामिल है।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। बलरामपुर जिले में कन्हर नदी में हो रहे अवैध रेत खनन को रोकने के दौरान सिपाही शिव बचन सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर की गई हत्या की घटना पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया है और राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। मुख्य न्यायाधीश ने इस मामले को अवकाशकालीन पीठ के समक्ष पेश किया, जहां सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की है कि बार-बार अवैध खनन पर रोक के निर्देशों के बावजूद ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि राज्य में हालात बेहद चिंताजनक हैं। अदालत ने राज्य के खनिज सचिव और वन विभाग को नोटिस जारी करते हुए विस्तृत जवाब मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई 9 जून को तय की गई है। 
मालूम हो कि झारखंड की सीमा से लगे बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में रविवार की रात वन विभाग की टीम पुलिस बल के साथ अवैध रेत खनन पर कार्रवाई कर रही थी। कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल शिव बचन सिंह ने एक रेत से लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, तो एक दूसरे चालक ने उन्हें कुचलते हुए वाहन भगाकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में प्रदेश की नदियों से हो रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ कई याचिकाओं पर पहले से ही सुनवाई चल रही है।
 

 

panchayattantra24.-बिलासपुर। सरकंडा थाने के तत्कालीन टीआई तोप सिंह नवरंग द्वारा नायब तहसीलदार पुष्पराज मिश्रा से दुर्व्यवहार के मामले में जांच प्रक्रिया पर ही सवाल उठाया गया है। तहसीलदार मिश्रा ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी अरुण देव गौतम से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका आरोप है कि तीन एएसपी द्वारा की गई जांच में तथ्यों को नजरअंदाज कर नवरंग को बचाने की कोशिश की गई है। दो दिन पहले ही नवरंग को एक थाने का प्रभार वापस सौंप दिया गया है। 
पुष्पराज मिश्रा ने कहा कि उन्होंने पुलिस अफसरों द्वारा की गई जांच की कई खामियों को उजागर किया है। उन्होंने ऑडियो रिकॉर्डिंग, थाने और सिम्स हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज समेत सारे साक्ष्य पेश किए, जिनमें साफ दिख रहा है कि उनके साथ और उनके परिवार के सदस्यों के साथ धक्कामुक्की और दुर्व्यवहार किया गया था। फिर भी, एएसपी उदयन बेहार ने रिपोर्ट में लिखा कि थाने के सीसीटीवी कैमरों में ऑडियो की सुविधा नहीं थी, जबकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश हैं कि सभी थानों में ऑडियो सहित सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। 
 मिश्रा ने बताया कि जब एएसपी राजेंद्र जायसवाल ने बयान के लिए पत्र भेजा, तब वह बयान की तारीख निकलने के बाद पोस्ट किया गया था। इसी को आधार बनाकर रिपोर्ट में यह कहा गया कि मिश्रा ने जांच में रुचि नहीं दिखाई। मिश्रा ने डाक विभाग से जानकारी निकालकर यह प्रमाणित किया कि पत्र जानबूझकर देर से भेजा गया। आईजी द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी एएसपी गरिमा द्विवेदी ने भी सीसीटीवी फुटेज की उस क्लिपिंग को नजरअंदाज कर दिया जिसमें साफ तौर पर दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही थी। डीजीपी अरुण देव गौतम ने पूरे मामले की बातचीत सुनने के बाद नई जांच की बात कही है। पुष्पराज मिश्रा ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, गृह सचिव और कलेक्टर को भी शिकायत की कॉपी भेजी है।
 

 

panchayattantra24.-जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में मोटरसाइकिल पार्ट्स और ऑयल चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 49,115 रुपए का चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है। 8 मई 2025 को एक ऑटोमोबाइल दुकान संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसके गोदाम से मोटरसाइकिल पार्ट्स और ऑयल चोरी हो गया था। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।
 थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने दो आरोपियों को पकड़ा। पहला आरोपी बोरसी निवासी राजकुमार जोगी (19) है। दूसरी आरोपी चण्डीपारा की रहने वाली सोनिया बेगम (30) है। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का माल सोनिया के घर और उसके पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा था। पुलिस ने वहां से मोटरसाइकिल के चैन स्पॉकेट, प्लग, ऑयल, क्लच सेट और बैटरी बरामद किए। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।