Browsing: बिलासपुर

 
 panchayattantra24.-कोरबा। गेवरा खदान में हॉल रोड पर ऑपरेटर ने डंपर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद डंपर अनियंत्रित होकर हॉल रोड के किनारे की बर्म को तोड़ते सम्प एरिया में जा घुसे। गेवरा माइंस में यह हादसा हुआ, जिसमें डंपर ऑपरेटर बाल-बाल गच गया। इससे बड़ा हादसा भी टल गया। गेवरा खदान में 150 टन वजनी डंपर 4079 से एसईसीएल कर्मी ऑपरेटर शुक्रवार को रात्रि पाली की ड्यूटी में मिट्‌टी परिवहन के कार्य में लगा था। गेवरा खदान के वेस्ट डंपिंग एरिया में मिट्‌टी अनलोड करने के बाद हॉल रोड से ओबी फेस लौट रहा था, तभी वेस्ट सेक्शन के पास डंपर अनियंत्रित हो गया। बर्म का तोड़कर डंपर नीचे सम्प एरिया में जा घुसा। 
 इस हादसे में ऑपरेटर बाल-बाल बच गया। इस हादसे के बाद हॉल रोड के किनारे बर्म की ऊंचाई को लेकर भी सवाल उठने लगा है। हालांकि जांच के बाद माइंस में दुर्घटना की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। हॉल रोड के किनारे दोनों ओर मिट्‌टी से घेरा जाता है, ताकि भारी भरकम मशीनों की आवाजाही के दौरान अनियंत्रित होने पर जानमाल के नुकसान को रोक सकें। बता दें कि एसईसीएल की खुली खदानों में ओवरबर्डन हटाने के साथ कोल फेस से कोयला निकालने का काम ठेके पर दिया जा रहा है। डंपिंग एरिया में ओबी फेस से निकाली गई मिट्‌टी के परिवहन का जिम्मा भी ठेका कंपनी संभाल रही है।
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर। कोरबा में 7 साल की बच्ची से रेप मामले में हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने कहा कि यौन उत्पीड़न के लिए पीड़िता का बयान अहम है। जिसके आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया जा सकता है। कोर्ट ने आरोपी की अपील को खारिज करते हुए उसके मरते दम तक जेल में रहने की सजा को बरकरार रखा है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की डिवीजन बेंच ने सुनवाई की है। दरअसल, कोरबा में सात साल की बच्ची की मां ने 16 मार्च 2022 को सिटी कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया था। 
उसने बताया कि उसकी मासूम बेटी को चॉकलेट खिलाने के बहाने अपने साथ लेकर गया। जिसके बाद मौका पाकर उसने बच्ची के साथ रेप किया। मामला कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। इस दौरान उसने बच्ची को डराया-धमकाया और इस बारे में किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह अपने घर पहुंची मासूम ने अपनी मां को आपबीती बताई। मामला सामने आने पर वो बच्ची को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी रितेश उर्फ पप्पू मामा को गिरफ्तार किया, जिसके बाद कोर्ट में चालान पेश किया। ट्रायल के दौरान कोर्ट ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया। साथ ही उसे मरते तक कैद की सजा सुनाई।
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री व पाटन विधायक भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी रहेगी। कोर्ट ने याचिका के तकनीकी बिंदुओं को लेकर इसे खारिज करने की मांग खारिज कर दी है। इस मामले की अगली सुनवाई 18 जून को होगी। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पाटन विधानसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता और चुनाव आयोग के निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में चुनाव याचिका लगाई गई है। याचिका में भूपेश बघेल के द्वारा भ्रष्ट आचरण किए जाने संबंधी कई दस्तावेज का उल्लेख करते हुए उनका निर्वाचन रद्द करने की मांग की गई थी। इधर भूपेश बघेल की ओर तकनीकी और अन्य आपत्तियों के आधार इस चुनाव याचिका को ख़ारिज करने की मांग की गई। हाईकोर्ट में जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल ने खारिज कर दिया। अब विजय बघेल की उस याचिका पर सुनवाई जारी रहेगी। कोर्ट ने अपने निर्णय में लिखा है -“चुनाव याचिका में पर्याप्त सामग्री मौजूद है और इसे इस स्तर पर खारिज नहीं किया जा सकता।”
 

 
 
panchayattantra24.-जांजगीर। सुशासन तिहार के तहत ‘संवाद से समाधान’ की भावना के साथ आकस्मिक दौरे पर जांजगीर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को 142 वर्षों बाद एक ऐतिहासिक सौगात दी। उन्होंने नव-निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। अंग्रेजी शासन काल में वर्ष 1883 में बना पुराना तहसील भवन अब इतिहास बन गया है, और उसकी जगह 4 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन जनता को समर्पित किया गया है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन तक सेवाओं की सरल, सहज और सुगम पहुँच सुनिश्चित हो, और यह नवीन तहसील कार्यालय उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस भवन से क्षेत्र के 54 गांवों और 24 पटवारी हल्कों के नागरिकों को राजस्व से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। नवीन तहसील भवन में प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों के कुशल संचालन के लिए आवश्यक समस्त सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसमें लोक सेवा केंद्र के माध्यम से जाति, निवास, आय प्रमाण-पत्र जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी, वहीं आवक-जावक शाखा में दस्तावेजों का नियमानुसार प्रेषण और आवाज सुनिश्चित किया जाएगा। न्यायालयीन दस्तावेजों के संधारण के लिए नजीर शाखा, निर्वाचन से संबंधित कार्यों के लिए निर्वाचन शाखा, भूमि व राजस्व अभिलेखों के लिए कानूनगो शाखा तथा राजस्व वसूली और आर्थिक प्रबंधन के लिए मालजमादार कक्ष की स्थापना की गई है। साथ ही, कार्यालय भवन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार के प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों के लिए सर्वसुविधायुक्त कक्ष बनाए गए हैं।
 

panchayattantra24.com-बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत चलाए जा रहे ‘मोर द्वार, साय सरकार’ अभियान में बिलासपुर जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। अब तक जिले में 1,52,624 परिवारों का सर्वे पूरा किया जा चुका है, जो राज्य के सभी 33 जिलों में सबसे अधिक है। यह विशेष सर्वेक्षण अभियान 30 अप्रैल 2025 तक जारी रहेगा। राज्य सरकार द्वारा ‘मोर द्वार, साय सरकार’ महाअभियान के तहत पात्र, लेकिन छूटे हुए परिवारों का घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है। बिलासपुर जिले के सभी ग्राम पंचायतों में यह कार्य जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा जनपद पंचायतों की निगरानी में किया जा रहा है। 
जिले में अब तक 1,52,624 परिवारों का सर्वे पूरा किया गया है, जिसमें स्वयंसेवी प्रक्रिया से 15,875 परिवारों तथा सर्वेक्षकों के माध्यम से 1,36,749 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया। सर्वे के अंतिम चार दिनों में भी अभियान को और तेज कर सभी पात्र परिवारों को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे, व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार लोगों को सर्वे में नाम जोड़वाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर आतंकी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई। इनमें रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया भी शामिल हैं। आतंकी हमले पर CM विष्णु देव साय ने कहा कि आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमारे देश ने आतंकियों को हमेशा मुंहतोड़ जवाब दिया है। वहीं पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, आपके बड़े-बड़े घोषणाओं के बावजूद आतंकवाद क्यों नहीं रुका। एजेंसियां हमलों को रोकने में क्यों विफल हो रही हैं। देश जवाब मांगता है, खोखले भाषण नहीं। वहीं पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि कायराना हमले का हमारे जवान करारा जवाब देंगे। आतंकी हमले को लेकर छत्तीसगढ़ में आक्रोश का माहौल है। अलग-अलग जिलों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वहीं बिलासपुर में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर शहरवासियों ने पुतला दहन किया। सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। भीषण गर्मी में छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस के एक कोच का AC बंद हो गया। जिसके कारण यात्री गर्मी से बेहाल हो गए। ट्रेन जैसे ही बिलासपुर स्टेशन पहुंची, तब यहां यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान बार-बार चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। करीब एक घंटे तक हंगामे के बाद AC में सुधार हो सका। जिसके बाद ट्रेन आगे रवाना हुई। पुरी से ऋषिकेश जा रही कलिंग उत्कल एक्सप्रेस मंगलवार को 2.30 घंटे देरी से शाम 4.20 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही बी-1 कोच के यात्री ट्रेन से नीचे उतरे और प्लेटफार्म पर हंगामा करने लगे। 
 पहले तो यह समझ में नहीं आया कि यात्री क्यों हंगामा मचा रहे हैं। दरअसल, इस कोच में रायगढ़ से पहले ही परेशानी शुरू हो गई थी। कोच में AC काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण भीषण गर्मी में यात्री बेहाल हो गए। वहीं, अंदर कोच में हवा नहीं पहुंचने और खिड़कियां बंद होने के कारण यात्री पसीने से तर-बतर हो गए थे। बिलासपुर स्टेशन पहुंचने के बाद भी AC नहीं सुधारा गया तो नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा मचाया।
 

panchayattantra24.- कोरबा. परीक्षा में कम प्रतिशत आने से दुखी 9वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्रा की लाश घर के कमरे में लटकी मिली. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुराहाल हो गया है. पूरा मामला कोरबा जिले के बालको नगर क्षेत्र का है. 14 वर्षीय छात्रा जानवी राजपूत ने 9वीं में 78 प्रतिशत लाई है. उन्होंने इससे अधिक परसेंट आने की अपेक्षा रखी थी. कम प्रतिशत आने पर जानवी ने सुसाइड कर ली. बताया जा रहा कि पिता ने बेटी को हौसला देने नए कपड़े और मिठाई भी बांटे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच कर रही.
 

 

panchayattantra24.- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. छत्तीसगढ़ के रेलवे स्टेशन पेंड्रारोड के पास पुलिस ने युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी युवक के खिलाफ गौरेला थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस द्वारा युवक से नेटवर्क से जुड़ी जानकारियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन क्षेत्र पहुंची। जहां बताए गए हुलिए से मिलते युवक घेराबंदी कर दबोचा गया. इस दौरान जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद किया गया. आरोपी हरजितेन्द्र सिंह (22 साल) यूपी के गोरखपुर का रहने वाला है, जो यहां पिस्टल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था. आरोपी के खिलाफ गौरेला थाना में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. पूछताछ के दौरान आरोपी से पिस्टल की खरीद-बिक्री और नेटवर्क से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है.
 

panchayattantra24.com-बिलासपुर। अपोलो अस्पताल में 2006 में इलाज के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पं. राजेन्द्र शुक्ल की मौत हो गई थी। अब मामले में फर्जी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेंद्र विक्रमादित्य यादव उर्फ नरेंद्र जान केम के खिलाफ सरकण्डा थाने में धारा 420, 465, 466, 468, 471, 304, 34 के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है।
बता दें कि दमोह के मिशन अस्पताल में हार्ट सर्जरी के बाद सात मरीजों की मौत के मामले में खुद को कार्डियोलॉजिस्ट बताने वाले फर्जी डॉक्टर नरेंद्र विक्रमादित्य यादव उर्फ नरेंद्र जॉन केम के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया है। कथित डॉक्टर की वजह से अपोलो अस्पताल में भी 7–8 मरीजों की जान गई थी, जिनमें दिग्गज कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रसाद शुक्ल भी शामिल थे।
करीब 32 साल तक विधायक छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ल ka 20 अगस्त 2006 को तबीयत बिगड़ने पर अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई। उनका ऑपरेशन भी कथित डॉक्टर नरेंद्र ने किया था।
दमोह की घटना सामने आने के बाद राजेंद्र प्रसाद शुक्ल के परिजनों ने मामले की जांच की मांग की थी। आईएमए के तत्कालीन अध्यक्ष और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वायएस दुबे ने इसकी जांच करवाई। जांच में पाया गया कि नरेंद्र के दस्तावेज फर्जी थे। उसके पास केवल एमबीबीएस की डिग्री थी, वह कार्डियोलॉजिस्ट नहीं था। वहीं अपोलो हॉस्पिटल प्रबन्धन ने अपने मुख्यालय से डॉक्टर से जुड़े दस्तावेज मंगाए थे। जांच में फर्जी डॉक्टर का नाम, जन्मतिथि और पिता का नाम का अलग-अलग पाया गया था।