Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

panchayattantra24.-तखतपुर: बिलासपुर जिला के तखतपुर में लक्ष्मी फर्नीचर दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना में दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है. आग की तेज लपटों ने देखते ही देखते प्लाई, पलंग और अन्य लकड़ी के सामानों को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना के बाद पुलिस और दमकल की वाहन मौके पर पहुंची हुई है. आगे बुझाने का प्रयास लगातार जारी है. तखतपुर नगर पालिका में दमकल व्यवस्था न होने के कारण आग बुझाने के लिए अब तक दमकल वाहन नहीं पहुंच सका है. वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस हालात पर काबू पाने और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी हुई है. फिलहाल दुकान में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन घटना की जांच में जुटा हुआ है. दुकान मालिक को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025- तृतीय चरण अंतर्गत 23 फरवरी को पथरिया जनपद क्षेत्र में होगा मतदान
22 फरवरी को मंगल भवन पथरिया में मतदान दलों को होगा सामग्री वितरण
01 लाख 38 हजार 709 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

panchayattantra24.com-मुंगेली। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तृतीय चरण में जनपद पंचायत पथरिया क्षेत्र अंतर्गत 297 मतदान केन्द्रों में 23 फरवरी को मतदान संपन्न होगा। मतदान प्रक्रिया प्रातः 07 बजे से प्रारंभ होगी और दोपहर 03 बजे तक चलेगी। जिसके बाद सभी मतदान केन्द्रों में ही मतगणना की प्रकिया प्रारंभ की जाएगी। मतदान दलों को मंगल भवन पथरिया में 22 फरवरी को प्रातः 07 बजे से मतदान सामग्री वितरण किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव के निर्देशानुसार पथरिया जनपद क्षेत्र अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन हेतु सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। सभी मतदान केन्द्रों में निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने बताया कि पथरिया जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत 96 ग्राम पंचायत के लिए 297 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 16 सेक्टर अधिकारियों तथा रिजर्व सहित 356 मतदान दलों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान केन्द्रों तक पहुंचने के लिए 82 रूट बनाए गए हैं। तृतीय चरण के चुनाव में 70 हजार 162 पुरूष मतदाता, 68 हजार 542 महिला मतदाता और 05 तृतीय लिंग सहित कुल 01 लाख 38 हजार 709 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जनपद पंचायत पथरिया क्षेत्र अंतर्गत जिला पंचायत के 03 सीटों के लिए 20 प्रत्याशी, जनपद सदस्य के 25 सीटों के लिए 129 प्रत्याशी, सरपंच के 92 सीटों के लिए 443 प्रत्याशी और पंच के 881 सीटों के लिए 2107 प्रत्याशी चुनाव के मैदान में है। मतदान केन्द्र में मतदाता अपनी पहचान सिद्ध करने के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेज जैसे मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर एसईसीईआर द्वारा आनलाईन जेनरेटेड मतदाता पहचान पर्ची में से किसी भी एक को प्रस्तुत कर संबंधित मतदान केन्द्र में मतदान कर सकते हैं।

panchayattantra24.com-बिलासपुर। बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। यहां अनजान कॉलर ने शेयर मार्केट में निवेश कर पैसा दोगुना करने और परमानेंट जॉब देने का लालच दिया। विश्वास में लेकर आरोपियों ने उनसे अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपये ऐंठ लिए।
शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने और स्थायी नौकरी का झांसा देकर जालसाजों ने बिलासपुर निवासी राकेश शर्मा को लाखों रुपये की चपत लगा दी। आरोपियों ने फोन पर भरोसा जीतकर अलग-अलग किश्तों में 7 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। जब लंबे समय तक न तो पैसा दोगुना हुआ और न ही नौकरी मिली, तब राकेश को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

panchayattantra24.-बिलासपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए ऐतिहासिक बजट आवंटन देने पर आभार व्यक्त किया। इस बार छत्तीसगढ़ को रेलवे क्षेत्र में 6,925 रुपये करोड़ का बजट मिला है, जो 2009-14 के औसत वार्षिक बजट रुपये 311 करोड़ से 22 गुना अधिक है। इस अवसर पर तोखन साहू ने बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। छत्तीसगढ़
उन्होंने भनवारटंक रेलवे स्टेशन के पहले मरही माता मंदिर के पास अंडरब्रिज के निर्माण, सल्का-मजगांव पहुंच मार्ग पर अंडरब्रिज निर्माण, नवागांव (सल्का) से ढेलुवापुर पहुंच मार्ग पर अंडरब्रिज निर्माण और जयराम नगर (आजाद मोहल्ले) में अंडरब्रिज निर्माण की मांग की। इसके अलावा, कोटा रेलवे स्टेशन के आगे मां महामाया की नगरी रतनपुर के लिए ओवरब्रिज निर्माण और लंबे समय से अधूरे पड़े जयराम नगर ओवरब्रिज को शीघ्र पूरा करने की मांग रखी।

panchayattantra24.-बिलासपुर: नागरिक आपूर्ति निगम घोटाले में आरोपी पूर्व महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा को हाईकोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। रायपुर की एसीबी कोर्ट के बाद अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की सिंगल बेंच ने सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुनाया। इससे पहले रायपुर की एसीबी कोर्ट में जिला सत्र न्यायाधीश निधि शर्मा ने मामले को गंभीरता को देखते हुए उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। वर्मा ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें वहां भी राहत नहीं मिली।
ईडी की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2019 में नागरिक आपूर्ति निगम में हुए पीडीएस घोटाले के आरोपी आईएएस अनिल कुमार टुटेजा और आलोक शुक्ला जमानत देने वाले न्यायाधीश के संपर्क में थे। जांच में यह भी सामने आया कि तत्कालीन महाधिवक्ता वर्मा इन तीनों के बीच मध्यस्थ की भूमिका में थे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दावे के आधार पर ईओडब्ल्यू/एसीबी ने वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अदालत ने इसे गंभीर मामला मानते हुए अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि आरोपी की भूमिका आपराधिक षड्यंत्र में महत्वपूर्ण रही है और उनके बिना इसे अंजाम देना संभव नहीं था।

panchayattantra24.- बिलासपुर: नगरीय निकाय चुनाव के दौरान कुछ तस्वीरें ऐसी भी आ रही है, जो नेताओं की कार्यशैली और सोच को जाहिर करती है. ऐसा ही नजारा बिलासपुर में देखने को मिला, जहां उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपरिवार आम लोगों के बीच कतार में खड़े होकर मतदान किया. उप मुख्यमंत्री अरुण साव सुबह-सुबह अपने परिवार के साथ सेंट फ्रांसिस हायर सेकेंडरी स्कूल मतदान केंद्र पहुंचे. बाकायदा आम लोगों के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया, और बिना किसी ताम-झाम के अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

panchayattantra24.-बिलासपुर। नगरीय निकाय चुनाव से पहले अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कोनी, कोटा और मस्तूरी क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त किया है. अलग-अलग मामलों में 230 लीटर अवैध महुआ शराब और 250 किलो महुआ लहान जब्त किया गया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के 14 मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया. अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई जारी रहेगी.
बिलासपुर पुलिस ने पिछले दो दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 43 आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है. जिनके कब्जे से कुल 4805 लीटर शराब जब्त किया गया है. अभियान चलकर सिविल लाईन अनुभाग में 3 प्रकरण में 3 आरोपियों से कुल 108 लीटर, सिटी कोतवाली अनुभाग में 7 प्रकरणों में 8 आरोपियों से कुल 162 लीटर, सरकण्डा अनुभाग से 15 प्रकरणों में 15 आरोपियों से कुल 1768 लीटर, चकरभाठा अनुभाग से 6 प्रकरणों में 6 आरोपियों से कुल 250 लीटर, इसी प्रकार कोटा अनुभाग से 11 प्रकरणों में 11 आरोपियों से 2517 लीटर जब्त किया गया है.

panchayattantra24.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में नर्स योगमाया साहू, उनके पति चेतन साहू और उनके दो बच्चों तन्मय साहू और कुणाल साहू की हत्या के मामले में पांच आरोपियों की सजा को बरकरार रखा है। हाईकोर्ट ने आरोपियों धर्मेंद्र बऱिहा, सुरेश खूंटे, गौरीशंकर कैवर्त, फूलसिंह यादव और अखंडल प्रधान की अपील खारिज कर दी है। मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की पीठ ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला पूरी तरह से साबित हो चुका है और ट्रायल कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा उचित है।
मालूम हो कि 31 मई 2018 को पिथौरा के सुब हेल्थ सेंटर किशनपुर में नर्स योगमाया साहू, उनके पति चेतन साहू और उनके दो बच्चों तन्मय साहू और कुणाल साहू की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने धर्मेंद्र बऱिहा को गिरफ्तार किया था। बाद में नार्को टेस्ट के दौरान धर्मेंद्र ने सुरेश खुंटे, गौरीशंकर कैवर्त, फुलसिंह यादव और अखंडल प्रधान के शामिल होने की बात कबूल की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या), 460 (रात में घर में घुसकर हत्या), 396 (डकैती के दौरान हत्या) और 201 (सबूत मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया था। ट्रायल कोर्ट ने सभी आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
हाईकोर्ट ने कहा कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सबूत पूरे हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद बरामद किए गए सामान और नार्को टेस्ट की रिपोर्ट ने उनके गुनाह को साबित कर दिया है। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक आरोपी का कबूलनामा दूसरे आरोपियों के खिलाफ तभी इस्तेमाल किया जा सकता है जब उनके खिलाफ अन्य सबूत भी मौजूद हों। याचिकाकर्ताओं ने इस आधार पर सजा में राहत की मांग की थी कि मुख्य आरोपी के इकबालिया बयान के आधार पर उन्हें दोषी ठहराया गया है। हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि आरोपियों ने रात में घर में घुसकर चोरी करने की नीयत से हत्या की थी और इसके बाद सबूत मिटाने की कोशिश की थी। अपराधी धर्मेंद्र बरिहा, सुरेश खूंटे, गौरीशंकर कैवर्त, फूलसिंह यादव और अखंडल प्रधान को आईपीसी की धारा 302 के तहत उम्रकैद और 1,000 रुपये का जुर्माना, धारा 460 के तहत 10 साल की सख्त कैद और 1,000 रुपये का जुर्माना, धारा 396 के तहत 10 साल की सख्त कैद और 1,000 रुपये का जुर्माना तथा धारा 201 के तहत 5 साल की सख्त कैद और 1,000 रुपये का जुर्माने की सजा सुनाई गई है। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। हाईकोर्ट ने आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का अधिकार भी दिया है।

panchayattantra24.-बिलासपुर। न्यायधानी से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। खबर है कि जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 4 अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल सूचना मिलने से मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतकों का शव पीएम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं, अन्य युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार मामला कोनी थाना क्षेत्र के लोफन्दी का है, जहां बुधवार को एक शख्स की मौत हो गई थी। वहीं, अगले दिन दो अन्य लोगों की मौत हो गई तो ग्रामीणों ने बीमारी से मौत होने की बात कहकर अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन शुक्रवार को चार और लोगों की मौत हुई तो हड़कंप मच गया।
वहीं, जब पूछताछ की गई तो ये बात सामने आई कि वो लोग पिछले कई दिनों से महुआ शराब पी रहे थे। जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों में सरपंच रामाधार सुनहले का भाई रामू सुनहले भी शामिल है। फिलहाल पुलिस ने सभी मृतकों का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का उपचार जारी है। जांच के बाद ही इस बात का खुलासा हो पाएगा की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है या किसी और कारण से। लेकिन मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

panchayattantra24.-बिलासपुर। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में पार्टी के खिलाफ करने वालों एक्शन शुरू हो गया है। भाजपा के बाद अब कांग्रेस भी अपने बागी नेताओं पर कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस ने बिलासपुर जिले के 47 बागी नेताओं पर बड़ा एक्शन लिया है। सभी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार जिन लोगों पर कार्रवाई की गई है, वे सभी निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पार्टी के खिलाफ काम कर रहे थे। कोई बागवत कर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं तो अंदर ही अंदर दूसरी पार्टी को समर्थन दे रहे हैं। स्थानीय नेताओं ने इसकी शिकायत पार्टी फोरम में की थी। पीसीसी को इसकी जानकारी दी गई थी। PCC के निर्देश के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने 47 बागी नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।